Stock Market Outlook: ‘शेयर बाजार में निवेश का सही मौका’, राजेश कोठारी ने कहा- 3 साल में मिल सकता है तगड़ा रिटर्न

Stock Market Outlook: AlfAccurate Advisors के मैनेजिंग डायरेक्टर राजेश कोठारी का मानना है कि भारतीय शेयर बाजार अगले 3 से 5 साल में अच्छा रिटर्न दे सकता है। इसके पीछे कंपनियों की कमाई में सुधार, अर्थव्यवस्था की मजबूती और शेयरों की वाजिब वैल्यूएशन जैसे कारण हैं।

CNBC-TV18 को दिए इंटरव्यू में कोठारी ने कहा कि अब इक्विटी में निवेश बढ़ाने का समय है। निवेशकों को लार्जकैप, मिडकैप और स्मॉलकैप, तीनों तरह के शेयरों में मौके तलाशने चाहिए। पिछले दो साल में बाजार से खास रिटर्न नहीं मिला है। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों का प्रदर्शन भी कमजोर रहा है।

अर्थव्यवस्था की मजबूती पर भरोसा

कोठारी के मुताबिक, महंगे कच्चे तेल और ऊंची ब्याज दरों की चिंताओं के बावजूद भारत की आर्थिक बुनियाद मजबूत है। नॉन-फूड क्रेडिट ग्रोथ 17-18%, इंडस्ट्रियल क्रेडिट ग्रोथ 20% और पर्सनल लोन में 16% की बढ़ोतरी इसका संकेत है। उनके मुताबिक, इंडस्ट्रियल क्रेडिट ग्रोथ 2011 के बाद सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंची है।

खपत, सरकार का कैपिटल एक्सपेंडिचर और निर्यात में सुधार भी अर्थव्यवस्था को सहारा दे रहे हैं। कंपनियों की कमाई में भी सुधार दिख रहा है। साथ ही, बाजार की वैल्यूएशन अपने 10 साल के औसत P/E रेशियो से नीचे है।

FII की बिकवाली हर कंपनी के लिए खतरे का संकेत नहीं

कोठारी ने कहा कि विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की बिकवाली को सिर्फ भारत से उनकी नाराजगी के तौर पर नहीं देखना चाहिए। निवेशकों को नेट खरीद-बिक्री के बजाय कुल खरीद और बिक्री पर भी नजर डालनी चाहिए।

उनके मुताबिक, विदेशी निवेशक उन कंपनियों से पैसा निकाल रहे हैं, जो उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाईं। इसलिए बिकवाली का कारण कई बार देश के बजाय किसी खास कंपनी का कमजोर प्रदर्शन होता है।

इन सेक्टरों में दिख रहे हैं मौके

कोठारी को इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग सर्विसेज (EMS), एयरोस्पेस, कॉन्ट्रैक्ट डेवलपमेंट एंड मैन्युफैक्चरिंग (CDMO) और ऑटो एंसिलरी कंपनियों में संभावनाएं दिख रही हैं। EMS सेक्टर को सरकार की PLI स्कीम और भारतीय कंपनियों की बढ़ती उत्पादन क्षमता से मदद मिल रही है।

बैंकिंग और फाइनेंशियल सर्विसेज भी उनकी पसंद में शामिल हैं। मजबूत क्रेडिट ग्रोथ, बेहतर एसेट क्वालिटी और नियंत्रित क्रेडिट लागत से इस सेक्टर को फायदा मिल सकता है। उन्हें स्पेशियलिटी केमिकल्स, कंज्यूमर डिस्क्रेशनरी और ट्रैवल, मीडिया व डिजिटल एडवर्टाइजिंग प्लेटफॉर्म कारोबार में भी अवसर दिखते हैं।

हर शेयर में तेजी की उम्मीद न करें

कोठारी ने स्टॉक चुनते समय सावधानी बरतने की सलाह दी। उनके मुताबिक, पिछले पांच साल में कोई भी लार्जकैप कंपनी हर साल 20% की ग्रोथ दर्ज नहीं कर पाई। मिडकैप और स्मॉलकैप कंपनियों में भी करीब 8% ही लगातार इतनी ग्रोथ हासिल कर पाईं।

उन्होंने कहा कि कई प्लेटफॉर्म कंपनियां अब कर्ज-मुक्त हो चुकी हैं। इससे कारोबार को लंबे समय तक आगे बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

Reliance Jio Origin Story: ईशा अंबानी ने सुनाया जियो की शुरुआत का दिलचस्प किस्सा, वो घटना जिसने भारत में ला दी डिजिटल क्रांति

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

शेयर बाजारों को बड़े बूस्टर डोज की जरूरत, इन उपायों से मार्केट को लग सकते हैं पंख

भारत की इकोनॉमी मजबूत है, लेकिन शेयर बाजारों पर इसका असर नहीं दिख रहा है। कम्प्लीट सर्किल के मैनेजिंग पार्टनर एवं चीफ इनवेस्टमेंट अफसर गुरमीत चड्ढ़ा का कहना है कि सरकार को शेयर बाजारों के सेंटीमेंट में सुधार के लिए टैक्स घटाने के साथ ही रिफॉर्म्स करना चाहिए। उन्होंने इस बारे में कुछ कदम उठाने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि कई डेटा भारतीय अर्थव्यवस्था में मजूबती का संकेत देते हैं। इस वित्त वर्ष की पहली तिमाही (जून तिमाही) में निफ्टी 50 की रेवेन्यू ग्रोथ 20 फीसदी से ज्यादा रही है। टैक्स बाद प्रॉफिट (PAT) 21 फीसदी बढ़ा है। सितंबर में ऑटो सेल्स रिकॉर्ड 25.4 लाख यूनिट्स पर पहुंच गई। कमर्शियसल व्हीकल्स की रिटेल बिक्री पहली बार एक लाख यूनिट्स पहुंच गई। इससे इकोनॉमी में आर्थिक गतिविधियां मजबूत रहने का पता चलता है।

इकोनॉमी की मजबूत स्थिति के बावजूद विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) की बिकवाली ने शेयर बाजारों पर दबाव बढ़ाया है। डेरिवेटिव्स ट्रेड का एक बड़ा हिस्सा आर्बिट्रॉज ट्रेड पर निर्भर है, जिसमें तेजी से कमी आ रही है। आज निफ्टी खरीदने और फ्यूचर में बेचने पुर 15-16 रुपये का लॉस हो रहा है। उधर, अमेरिका में बॉन्ड यील्ड में उछाल है। जियोपॉलिटिकल टेंशन हाई लेवल पर है।

चड्ढ़ा के मुताबिक, हिस्टोरिकल ट्रेंड से पता चलता है कि टैक्स घटाने का शेयर बाजारों पर पॉजिटिव असर पड़ता है। जीएसटी, कॉर्पोरेट टैक्स और इनकम टैक्स में कमी के बाद ऐसा देखने को मिला है। ऐसे में शेयर बाजारों के सेटीमेंट को बेहतर बनाने के लिए सिक्योरिटीज ट्रांजेक्शन टैक्स (STT) को घटाकर पिछले साल के बजट के लेवल पर लाया जा सकता है। लॉन्ग टर्म कैपिटल गेंस (LTCG) में भी कमी की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि डिविडेंड और बायबैक पर टैक्स के नियम अभी काफी जटिल हैं। मौजूदा नियम की वजह से प्रमोटर्स को शेयर ऑफलोड करने को मजबूर होना पड़ता है। इससे मार्केट में शेयरों की सप्लाई जरूरत से ज्यादा हो जाती है। अगर डिविडेंड और बायबैक के टैक्स के नियमों में बदलाव किया जाता है तो शेयरों के सप्लाई का दबाव घटेगा। उन्होंने रेगुलेटरी चेंजेज को भी चरणबद्ध तरीके से लागू करने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि अगस्त में कैश मार्केट में एडजस्टमेंट के लिए 3:15 से 3:30 का समय तय किया गया। इसका खराब असर प्राइस डिस्कवरी पर पड़ा है। इश्योरेंस में रिफॉर्म्स जरूरी है, लेकिन इसे चरणबद्ध तरीके से लागू करने की जरूरत है। इससे सिस्टम को अचानक झटका नहीं लगेगा।

Stock Market: ‘जीडीपी मजबूत, फिर भी क्यों टूट रहा शेयर बाजार?’ हर्ष गोयनका ने बताईं ये 7 बड़ी वजहें!

Indian Stock Market Crash Reasons: भारतीय अर्थव्यवस्था जहां एक तरफ मजबूत जीडीपी ग्रोथ और बेहतरीन फंडामेंटल्स के साथ दुनिया में चमक रही है, वहीं दूसरी ओर घरेलू शेयर बाजार में लगातार बिकवाली और गिरावट का दौर जारी है। निवेशक इस बात से हैरान हैं कि जब देश की इकोनॉमी मजबूत है, तो शेयर बाजार लाल निशान में क्यों कारोबार कर रहा है?

इस बड़े विरोधाभास पर मशहूर उद्योगपति और आरपीजी एंटरप्राइजेज के चेयरमैन हर्ष गोयनका ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि भले ही हमारी अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है, लेकिन अफसोस की बात यह है कि ग्लोबल लिक्विडिटी भारत से निकलकर दूसरे बाजारों की ओर बह रही है। गोयनका ने भारतीय शेयर बाजार में आ रही इस गिरावट के पीछे ये 7 प्रमुख कारण गिनाए हैं।

1. विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) की ताबड़तोड़ बिकवाली

भारतीय शेयर बाजार से विदेशी निवेशक लगातार अपना पैसा बाहर निकाल रहे हैं। एशियाई और वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव और अन्य उभरते बाजारों में बेहतर अवसरों के कारण FIIs भारतीय इक्विटी से लगातार बिकवाली कर रहे हैं, जिससे बाजार पर भारी दबाव बन रहा है।

2. अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी

अमेरिका में 10-वर्षीय सरकारी बॉन्ड यील्ड में लगातार इजाफा हो रहा है। जब अमेरिकी बॉन्ड यील्ड बढ़ता है, तो विदेशी निवेशकों के लिए बिना जोखिम के अमेरिका में ही बेहतर रिटर्न मिलने लगता है। इसी वजह से वे भारत जैसे उभरते जोखिम भरे बाजारों से पैसा निकालकर सुरक्षित अमेरिकी बॉन्ड में निवेश करने लगते हैं।

3. क्रूड ऑयल की कीमतें $100 के पार

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के स्तर को पार कर चुकी हैं। भारत अपनी जरूरत का 80% से ज्यादा क्रूड ऑयल इंपोर्ट करता है। महंगे तेल से भारत का ट्रेड डेफिसिट बढ़ता है और कॉर्पोरेट मार्जिन पर सीधा असर पड़ता है।

4. भारतीय रुपये में रिकॉर्ड कमजोरी

कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और विदेशी निवेशकों की फंड निकासी के कारण अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया लगातार कमजोर हो रहा है। रुपये में गिरावट के कारण विदेशी निवेशकों को अपने निवेश पर करेंसी लॉस का डर रहता है, जिससे वे बिकवाली तेज कर देते हैं।

5. इंफ्लेशन और रेट-हाइक का डर

महंगे क्रूड ऑयल और सप्लाई चेन में रुकावटों की वजह से वैश्विक और घरेलू स्तर पर महंगाई दोबारा बढ़ने की आशंका गहरा गई है। इससे केंद्रीय बैंकों (जैसे- अमेरिकी फेडरल रिजर्व और RBI) द्वारा ब्याज दरों में कटौती टलने या दोबारा दरें बढ़ाने का डर बाजार में बैठ गया है।

6. भारतीय शेयरों का वैल्यूएशन अभी भी ऊंचा

दुनिया के अन्य बाजारों की तुलना में भारतीय शेयर बाजार का वैल्यूएशन (P/E रेशियो) अब भी काफी प्रीमियम या महंगा बना हुआ है। जब बाजारों में अनिश्चितता होती है, तो निवेशक महंगे वैल्यूएशन वाले शेयरों से मुनाफा वसूलकर सस्ते बाजारों (जैसे- चीन या ब्राजील) की ओर रुख करते हैं।

7. वैश्विक स्तर पर रिस्क-ऑफ सेंटीमेंट

वैश्विक स्तर पर युद्ध के हालात, भू-राजनीतिक तनाव और बड़े आर्थिक संकटों के चलते ग्लोबल इन्वेस्टर्स जोखिम भरे संपत्तियों से दूर भाग रहे हैं। वे इक्विटी के बजाय सोना, कैश और अमेरिकी बॉन्ड जैसी सुरक्षित जगह पर अपनी पूंजी ट्रांसफर कर रहे हैं।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

Sensex और Nifty में गिरावट की ये हैं तीन बड़ी वजहें, अक्तूबर 2024 के बाद पहली बार लगातार दो महीने गिरा बाजार

शेयर बाजारों में बीते 25 साल में इतनी लंबी गिरावट का सिलसिला दिखा है। यह 8वां हफ्ता है जब बाजार में गिरावट देखने को मिली। इस गिरावट से इनवेस्टर्स में घबराहट है। म्यूचुअल फंड्स की स्कीम में सिप के जरिए निवेश करने वाले लोगों को भी अपना पैसा डूबने की चिंता सता रही है।

दुनिया के दूसरे देशों में ज्यादा गिरावट नहीं आई

एक्सपर्ट्स का कहना है कि विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) की बिकवाली, अमेरिका में बढ़ती बॉन्ड यील्ड और क्रूड ऑयल की ऊंची कीमतों ने बाजार पर दबाव बनाए रखा है। दुनिया के दूसरे शेयर बाजारों में इतनी गिरावट देखने को नहीं मिली है। अमेरिकी बाजारों का प्रदर्शन इस साल शानदार रहा है, जबकि अमेरिका की अर्थव्यवस्था दबाव में है। उस पर कर्ज का बोझ बढ़ रहा है।

विदेशी संस्थागत निवेशकों की बिकवाली का असर

बजाज ब्रोकिंग और मोतीलाल ओसवाल ने भारतीय बाजार में लगातार गिरावट की कई वजहें बताई हैं। इनमें FIIs की सेलिंग और खराब ग्लोबल इनवायरमेंट सबसे ऊपर हैं। बजाज ब्रोकिंग के डिप्टी वाइस प्रेसिडेंट (रिसर्च) पबित्रो मुखर्जी ने कहा, “बीते एक हफ्ते में विदेश संस्थागत निवेशकों ने भारतीय बाजार में शुद्ध रूप से बिकवाली की है। एक्सचेंज के प्रोविजनल डेटा के मुताबिक, उन्होंने इस दौरान 34970 करोड़ रुपये के शेयर बेचे हैं।”

घरेलू संस्थागत निवेशकों ने दिया बाजार को सहारा

उन्होंने कहा कि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने लगातार खरीदारी कर बाजार को बड़ी गिरावट से बचाया है। सितंबर में FIIs ने भारतीय बाजार में 44010 करोड़ रुपये के शेयर बेचे हैं। इस दौरान DIIs ने 76030 करोड़ रुपये की खरीदारी की है। डीआईआई की खरीदारी से बाजार को सहारा मिला है।

अमेरिका-ईरान में समझौते पर अनिश्चतिता ने बढ़ाया दबाव

मुखर्जी ने कहा कि अमेरिका में बढ़ती बॉन्ड यील्ड, ब्रेंट क्रूड की ऊंची कीमतें और FIIs की बिकवाली का लगातार बाजार के सेंटिमेंट पर असर पड़ रहा है। उधर, अमेरिका और ईरान के बीच समझौते को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। डॉलर के मुकाबले रुपये में कमजोरी दिख रही है। इसका खराब असर बाजार पर पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें: ₹2254 का शेयर ₹984 पर आया, सिर्फ 6 सत्रों में गंवाई 5 साल की तेजी 

अक्टूबर 2024 के बाद पहली बार दिखी ऐसी गिरावट 

मोतीलाल ओसवाल ने कहा है कि सितंबर में निफ्टी 6.1 फीसदी गिरा है। यह निफ्टी में गिरावट का लगातार दूसरा महीना था। अक्तूबर 2024 के बाद पहली बार इस तरह की गिरावट दिखी है। 2026 में निफ्टी अब तक 13.4 फीसदी गिर चुका है। टेक्नोलॉजी, ऑटो, पीएसयू बैंक और कैपिटल गुड्स शेयरों में सितंबर में ज्यादा गिरावट आई। मार्केट की नजरें अब अगले हफ्ते पर लगी हैं।

FII Selling: विदेशी निवेशकों ने चार दिन में ₹35000 करोड़ के शेयर बेचे, चारों दिन गिरा बाजार

FII Selling: फॉरेन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (FII) की भारतीय शेयर बाजार में बिकवाली जारी है। गुरुवार को भी FII ने करीब ₹9,484 करोड़ के शेयर बेच दिए। दूसरी ओर, डोमेस्टिक इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (DII) ने ₹10,041.84 करोड़ की खरीदारी की।

बाजार में लगातार गिरावट के बीच विदेशी निवेशकों की बिकवाली चिंता बढ़ा रही है। इस हफ्ते सेंसेक्स और निफ्टी लगातार चौथे कारोबारी सत्र में गिरकर बंद हुए।

चार दिन में ₹35,000 करोड़ की बिकवाली

FIIs ने पिछले चारों कारोबारी सत्र में लगातार बिकवाली की है। हर दिन उनकी बिकवाली ₹5,000 करोड़ से ज्यादा रही।

28 सितंबर को FIIs ने ₹5,353.22 करोड़ के शेयर बेचे। 29 सितंबर को यह आंकड़ा ₹9,980.22 करोड़ रहा। 30 सितंबर को उन्होंने ₹10,148.41 करोड़ की बिकवाली की। 1 अक्टूबर को भी ₹9,484.22 करोड़ के शेयर बेचे गए। इस तरह चार कारोबारी सत्र में FIIs की कुल बिकवाली करीब ₹34,966 करोड़ पहुंच गई है।

DII ने संभाला बाजार

विदेशी निवेशकों की बिकवाली के बीच घरेलू संस्थागत निवेशक लगातार खरीदारी कर रहे हैं। 28 सितंबर को DIIs ने ₹5,189.02 करोड़ के शेयर खरीदे थे। 29 सितंबर को खरीदारी ₹6,952.71 करोड़ रही। 30 सितंबर को DIIs ने ₹11,271.73 करोड़ और 1 अक्टूबर को ₹10,041.84 करोड़ की खरीदारी की।

चार दिनों में DIIs की कुल खरीदारी करीब ₹33,455 करोड़ हो गई है। यानी विदेशी निवेशकों की बिकवाली का बड़ा हिस्सा घरेलू निवेशकों ने सोख लिया।

लगातार चार दिन बाजार गिरा

FIIs की बिकवाली ऐसे समय बढ़ी है, जब शेयर बाजार पहले से दबाव में है। इस हफ्ते अब तक चारों कारोबारी सत्र में बाजार गिरकर बंद हुआ है। निफ्टी इस हफ्ते 3% से ज्यादा टूट चुका है। सेंसेक्स में भी करीब 3% की गिरावट आई है। निफ्टी बैंक करीब 2% नीचे है।

ब्रॉडर मार्केट में भी दबाव है। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स इस हफ्ते करीब 4% गिर चुका है। BSE पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप करीब ₹20 लाख करोड़ घट गया है।

रुपया 96 के पार

डॉलर के मुकाबले रुपया भी कमजोर हुआ है। गुरुवार को रुपया 48 पैसे गिरकर फिर 96 प्रति डॉलर के पार चला गया। दो महीने में यह रुपये की एक दिन की सबसे बड़ी गिरावट है। विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली के बीच रुपये पर भी दबाव बना हुआ है।

Stocks to Buy: तीन सरकारी कंपनियों के स्टॉक्स में 48% तक तेजी की उम्मीद, जेफरीज ने खरीदने की सलाह

लंबी और मध्यम अवधि के लिहाज से यह शेयरों में निवेश का शानदार मौका, एक्सपर्ट ने बताई इसकी खास वजह

शेयर बाजारों पर दबाव घटने का नाम नहीं ले रहा है। क्रूड की बढ़ती कीमतों, अमेरिकी में बॉन्ड यील्ड में उछाल और आईटी शेयरों में बिकवाली ने बाजार के सेंटिमेंट को खराब किया है। इनवेस्टर्स बाजार से दूरी बना रहे हैं। उन्हें बाजार में हालात बदलते नहीं दिख रहे। सवाल है कि आगे बाजार की चाल कैसी रहने वाली है। इस सवाल का जवाब बंधन एएमसी के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट कार्तिक कुमार ने दिया। उन्होंने शेयर बाजार को लेकर कई अहम बातें बताईं।

बाजार एक साल तक सीमित दायरे में रह सकते हैं

कुमार ने कहा कि शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक एक साल तक सीमित दायरे में बने रह सकते हैं। हालांकि, शेयरों की वैल्यूएशंस अट्रैक्टिव लेवल पर आ गई है, जिससे उन इनवेस्टर्स के लिए खरीदारी का अच्छा मौका बना है, जो मध्यम और लंबी अवधि के लिए निवेश करना चाहते हैं। कई क्वालिटी स्टॉक्स की कीमत पीक से काफी नीचे आ चुकी है।

यह शेयर बाजार में एंट्री के लिए शानदार मौका 

उन्होंने कहा कि अगर कोई मार्केट में एंट्री करना चाहता है तो यह उसके लिए खराब समय नहीं है। बाजार पर दबाव बढ़ाने में तीन चीजों का हाथ है। इनमें क्रूड ऑयल की कीमतों में उछाल, अमेरिकी में बढ़ती बॉन्ड यील्ड और डॉलर में मजबूती शामिल हैं। पिछले कुछ हफ्तों में क्रूड ने मार्केट पर काफी दबाव बनाया है। यह काफी समय से 100 डॉलर के पार टिका हुआ है।

इंश्योरेंस कंपनियों की अर्निंग्स को लेकर तस्वीर साफ नहीं 

उन्होंने कहा कि बंधन एएमसी ने लार्जकैप और मिडकैप बैंकों में निवेश बढ़ाया है। हालांकि, हमने इंश्योरेंस कंपनियों से दूरी बनाई है। इसकी वजह यह है कि इन कंपनियों की अर्निंग्स को लेकर तस्वीर साफ नहीं है। ऐसे में कुछ समय तक इस सेक्टर से दूर रहना ठीक रहेगा। कैपिटल मार्केट्स की थीम अट्रैक्टिव लगती है। मार्केट में लोगों का पार्टिसिपेशन बढ़ने से इस सेक्टर को फायदा होगा।

आईपीओ में बोली लगाने में सावधानी बरतने की सलाह

कुमार ने आईपीओ मार्केट को लेकर मिलीजुली प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बंधन एएमसी आईपीओ में बोली लगाने में काफी सावधानी बरतती है। फंड हाउस का अपना एनालिसिस सिस्टम है। हर आईपीओ के एनालिसिस के बाद ही एएमसी बोली लगाने का फैसला लेती है।

यह भी पढ़ें: सरकार की इस कंपनी के शेयर में आ सकती है तूफानी तेजी, जेफरीज ने दी निवेश की सलाह

यूपीआई एमडीआर चार्ज का असर कंपनियों पर दिखेगा

उन्होंने कहा कि बंधन बैंक का निवेश कुछ ऐसी कंपनियों में है, जो यूपीआई से जुड़ी हैं। सरकार ने 2000 रुपये से ज्यादा के यूपीआई के पेमेंट पर एमडीआर चार्ज लगाने का फैसला किया है। यह देखना होगा कि इन कंपनियों पर इसका असर किस तरह से पड़ता है।

Stocks to Watch: 24 सितंबर को इन 11 शेयरों पर रहेगी नजर, डिफेंस से लेकर पावर स्टॉक्स तक शामिल

Stocks to Watch: गुरुवार 24 सितंबर को बाजार में कई शेयरों में हलचल देखने को मिल सकती है। कंपनियों से जुड़े बड़े अपडेट सामने आए हैं। इनमें ऑर्डर, प्रोजेक्ट, बोनस शेयर और हिस्सेदारी बिक्री जैसी खबरें शामिल हैं।

IRCON International

सरकारी रेल कंपनी IRCON International के खिलाफ Afcons Infrastructure के ₹359.72 करोड़ के दावे पर माइनॉरिटी ट्रिब्यूनल ने ₹23.64 करोड़ देने का फैसला दिया है। यह विवाद T-74R-A वर्क पैकेज से जुड़ा है। इससे पहले मेजॉरिटी ट्रिब्यूनल ने इसी दावे पर ₹147.14 करोड़ देने का फैसला दिया था। इरकॉन का कहना है कि वो फैसले को आगे चुनौती देगी।

Max Estates

रियल एस्टेट कंपनी Max Estates गाजियाबाद के इंदिरापुरम में 9.76 एकड़ जमीन के लिए जॉइंट डेवलपमेंट एग्रीमेंट (JDA) करेगी। इस प्रोजेक्ट से करीब ₹2,500-3,000 करोड़ का ग्रॉस डेवलपमेंट वैल्यू (GDV) मिलने की उम्मीद है। यहां करीब 15 लाख वर्ग फुट का डेवलपमेंट किया जा सकता है। कंपनी इसे कैपिटल-लाइट मॉडल पर डेवलप करेगी।

GHCL

केमिकल कंपनी GHCL को गुजरात सरकार के कमिश्नर ऑफ जियोलॉजी एंड माइनिंग की ओर से कराई गई ई-नीलामी में कंपोजिट लाइसेंस के लिए प्रिफर्ड बिडर घोषित किया गया है। GHCL भारत की दूसरी सबसे बड़ी सोडा ऐश बनाने वाली कंपनी है।

Exide Industries

बैटरी कंपनी Exide Industries ने अपनी सब्सिडियरी Exide Energy Solutions के 6 GWh लिथियम-आयन सेल मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के फेज-1 की कमीशनिंग पूरी कर ली है। यह प्लांट कंपनी की लिथियम-आयन सेल मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाने की योजना का हिस्सा है।

Bharat Dynamics

सरकारी डिफेंस कंपनी Bharat Dynamics (BDL) को रक्षा मंत्रालय से ₹810.79 करोड़ का कॉन्ट्रैक्ट मिला है। इसके तहत भारतीय वायुसेना के लिए 160 Satellite Smart Anti-Airfield Weapons (SAT-SAAW) और उनसे जुड़े उपकरणों की सप्लाई होगी।

NTPC

सरकारी पावर कंपनी NTPC ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए कुल ₹3,393.83 करोड़ का फाइनल डिविडेंड बांटा है। यह कंपनी के पेड-अप इक्विटी शेयर कैपिटल का 35% है। इससे पहले कंपनी ₹2,666.58 करोड़ के दो अंतरिम डिविडेंड भी दे चुकी है।

ESAF Small Finance Bank

प्राइवेट बैंकिंग कंपनी ESAF Small Finance Bank के बोर्ड ने ₹500 करोड़ तक जुटाने को मंजूरी दी है। यह रकम प्राइवेट प्लेसमेंट के जरिए नॉन-कन्वर्टिबल डिबेंचर (NCD) जारी करके जुटाई जाएगी। बैंक इस रकम का इस्तेमाल अपने Tier-II Capital को बढ़ाने के लिए करेगा।

Sedemac Mechatronics

ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजी कंपनी Sedemac Mechatronics में निवेशक A91 Emerging Fund, Xponentia Opportunities Fund और HDFC Life Insurance 44.3 लाख शेयर बेच सकते हैं। यह कंपनी की करीब 10% हिस्सेदारी के बराबर है। ब्लॉक डील के लिए फ्लोर प्राइस ₹3,000 प्रति शेयर रखा गया है। इससे करीब ₹1,329 करोड़ जुटाने की योजना है।

Avantel

सैटेलाइट कम्युनिकेशन कंपनी Avantel को Zetwerk Manufacturing Businesses से ₹177.35 करोड़ का ऑर्डर मिला है। कंपनी इस ऑर्डर के तहत सैटेलाइट इक्विपमेंट की सप्लाई करेगी। यह ऑर्डर कंपनी के सैटेलाइट और डिफेंस कम्युनिकेशन बिजनेस के लिए अहम है।

Concord Biotech

फार्मा कंपनी Concord Biotech के बोर्ड ने 1:1 बोनस शेयर जारी करने को मंजूरी दी है। रिकॉर्ड डेट पर हर एक शेयर पर निवेशकों को एक अतिरिक्त शेयर मिलेगा। इसके लिए शेयरधारकों की मंजूरी जरूरी होगी।

Jagsonpal Pharmaceuticals

फार्मा कंपनी Jagsonpal Pharmaceuticals ने Group Pharmaceuticals का वेलनेस पोर्टफोलियो खरीदने का फैसला किया है। यह सौदा स्लंप सेल के जरिए अधिकतम ₹46.7 करोड़ में होगा। इससे Jagsonpal के वेलनेस बिजनेस पोर्टफोलियो का विस्तार होगा।

Stock in News: लगातार तीन दिन अमेरिकी कंपनी ने की बिकवाली, आज शेयर अपर सर्किट पर

Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सिर्फ सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी निवेश, लोन, टैक्स, बीमा या दूसरे वित्तीय फैसले लेने से पहले संबंधित एक्सपर्ट्स से सलाह जरूर लें। मनीकंट्रोल किसी भी फाइनेंशियल प्रोडक्ट या सर्विस की सिफारिश नहीं करता।

Nifty Outlook: 21 सितंबर को निफ्टी की चाल कैसी रहेगी, कौन से लेवल अहम रहेंगे? एक्सपर्ट्स से जानिए

Nifty Outlook: शेयर बाजार ने पिछले हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन रिकवरी की। हालांकि, कारोबार में उतार-चढ़ाव काफी रहा। इसके बावजूद निफ्टी 75 अंक चढ़कर बंद हुआ। हफ्ते की शुरुआत बाजार ने अच्छी तेजी के साथ की थी। लेकिन ऊपर जाते ही बिकवाली शुरू हो गई। इससे निफ्टी फिर नीचे आ गया।

इसके बाद निचले स्तरों पर खरीदारी लौटी। इससे निफ्टी 23,000 के अहम स्तर के ऊपर बना रहा। हालांकि, पूरे हफ्ते की तस्वीर अभी भी कमजोर रही। निफ्टी लगातार छठे हफ्ते गिरावट में बंद हुआ। इस हफ्ते इंडेक्स 0.22% नीचे रहा।

HDFC Bank और UltraTech में तेजी

निफ्टी के शेयरों में HDFC Bank और UltraTech Cement सबसे ज्यादा चढ़े। दूसरी ओर TCS और TMPV सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयर रहे।

सेक्टरों की बात करें तो Cement और Metal शेयरों में खरीदारी दिखी। IT शेयरों पर दबाव बना रहा। बड़े शेयरों के मुकाबले मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों ने बेहतर प्रदर्शन किया। Nifty Midcap 100 में 1.24% और Nifty Smallcap 100 में 1.74% की तेजी रही।

कच्चे तेल से बाजार को मिली राहत

पिछले तीन कारोबारी सत्रों में बाजार को कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से राहत मिली है। ब्रेंट क्रूड अपने ऊपरी स्तरों से नीचे आया है। सऊदी अरब की पाइपलाइनों की मरम्मत का काम आगे बढ़ा है। इसके अलावा तेल निर्यात के दूसरे रास्ते भी मिले हैं। इससे सप्लाई लंबे समय तक बाधित रहने की चिंता कुछ कम हुई है।

अमेरिकी फेड के ब्याज दर के फैसले के बाद अब बाजार का ध्यान दूसरी चीजों पर है। अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में नरमी आई है। कच्चा तेल भी ऊपरी स्तरों से नीचे आया है। घरेलू बाजार में लिक्विडिटी भी मजबूत है। ऐसे में बाजार को थोड़ी राहत मिल सकती है। हालांकि, अभी इसे पूरी तरह तेजी का संकेत नहीं माना जा सकता।

अभी भी कई बड़े जोखिम

बाजार के सामने चुनौतियां खत्म नहीं हुई हैं। ब्रेंट क्रूड अभी भी 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर है। रुपया भी करीब 96 रुपये प्रति डॉलर के आसपास है। इसके अलावा भू-राजनीतिक तनाव भी बड़ा जोखिम है। अमेरिकी बॉन्ड यील्ड और विदेशी निवेशकों की खरीद-बिक्री पर भी बाजार की नजर रहेगी।

अगले हफ्ते घरेलू स्तर पर सितंबर का फ्लैश PMI डेटा आएगा। अगस्त के इंफ्रास्ट्रक्चर आउटपुट के आंकड़े भी आएंगे। इसके अलावा विदेशी मुद्रा भंडार और बैंक क्रेडिट ग्रोथ के आंकड़े भी बाजार को दिशा दे सकते हैं। अमेरिका से इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन और कंज्यूमर सेंटीमेंट के आंकड़े आएंगे। चीन के लोन प्राइम रेट पर भी बाजार की नजर रहेगी।

ईरान युद्ध से बढ़ी चिंता

मिडिल ईस्ट में बढ़ता तनाव बाजार के लिए बड़ी चिंता बना हुआ है। अमेरिकी विदेश विभाग ने अपने नागरिकों को मिडिल ईस्ट की यात्रा पर फिर से विचार करने को कहा है।

अमेरिका ने चेतावनी दी है कि ईरान युद्ध तेजी से बढ़ सकता है। वहीं, ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर अपना सख्त रुख कायम रखा है। यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने भी सऊदी अरब की राजधानी रियाद में मिसाइल और ड्रोन हमले का दावा किया है।

हूती विद्रोहियों के मुताबिक, उन्होंने रियाद में कुछ अहम ठिकानों को निशाना बनाया। इससे कुछ घंटे पहले शहर के मुख्य एयरपोर्ट के पास आग और धुएं का गुबार देखा गया था। हालांकि, स्थानीय अधिकारियों ने इसकी वजह की पुष्टि नहीं की है।

23,500 के ऊपर जाना आसान नहीं

HDFC Securities के नागराज शेट्टी के मुताबिक, निफ्टी में आगे तेजी आती है तो 23,500 से 23,600 का स्तर बड़ी चुनौती होगा। वहीं, गिरावट आने पर 23,100 से 23,000 के बीच सपोर्ट मिल सकता है।

SBI Securities के सुदीप शाह भी 23,150 के आसपास के स्तर को अहम मानते हैं। उनके मुताबिक, निफ्टी अगर लगातार 23,150 के नीचे जाता है तो बिकवाली बढ़ सकती है। ऐसी स्थिति में इंडेक्स 23,000 तक जा सकता है। ऊपर की तरफ 23,500 से 23,520 का स्तर बड़ी रुकावट है। अगर निफ्टी 23,520 के ऊपर टिक गया तो शॉर्ट कवरिंग हो सकती है। इससे इंडेक्स 23,650 तक जा सकता है।

23,550 तक जा सकता है निफ्टी

LKP Securities के रुपक डे का कहना है कि कच्चा तेल अगर 96 डॉलर प्रति बैरल के नीचे रहता है तो बाजार में तेजी टिक सकती है। उनके मुताबिक, निफ्टी के लिए 23,000 से 23,100 का स्तर अहम सपोर्ट है। मौजूदा रिकवरी जारी रहती है तो इंडेक्स 23,550 तक जा सकता है।

Angel One के हितेश राठी के मुताबिक, 23,100 से 23,000 का जोन अहम सपोर्ट है। वहीं, 23,250 से 23,200 के आसपास भी सहारा मिल सकता है। ऊपर की तरफ 23,450 से 23,500 का स्तर रेजिस्टेंस है। इसके बाद 23,600 अहम रहेगा। खास बात यह है कि 23,600 पहले सपोर्ट था। अब यह रेजिस्टेंस की तरह काम कर सकता है।

Dividends Stocks: इस हफ्ते डिविडेंड की बहार! जानिए IRCTC, Dixon और BEML जैसी कंपनियों की रिकॉर्ड डेट

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

FII Selling: FII की बिकवाली नहीं रुक रही! बाजार चढ़ा, फिर भी ₹3209 करोड़ के शेयर बेचे

FII Selling: विदेशी संस्थागत निवेशकों यानी FIIs ने गुरुवार को भारतीय शेयर बाजार में ₹3,208.76 करोड़ की नेट बिकवाली की। खास बात यह है कि बिकवाली तब बढ़ी, जब निफ्टी लगातार दूसरे दिन बढ़त में बंद हुआ।

एक्सचेंज के प्रोविजनल आंकड़ों के मुताबिक, FIIs ने ₹8,761.71 करोड़ के शेयर खरीदे। वहीं, ₹11,970.47 करोड़ के शेयर बेचे। बुधवार को FIIs की नेट बिकवाली ₹2,032.61 करोड़ थी। यानी एक दिन में बिकवाली काफी बढ़ गई।

इसके उलट घरेलू संस्थागत निवेशक यानी DIIs नेट खरीदार रहे। उन्होंने ₹14,105.01 करोड़ के शेयर खरीदे और ₹10,487.26 करोड़ के शेयर बेचे। इस तरह उनकी नेट खरीदारी ₹3,617.75 करोड़ रही। हालांकि, यह बुधवार के ₹3,908.23 करोड़ से कम है।

निफ्टी चढ़ा, सेंसेक्स गिरा

गुरुवार को शेयर बाजार में मिला-जुला कारोबार रहा। Nifty 53 अंक बढ़कर 23,271 पर बंद हुआ। यह निफ्टी की लगातार दूसरी बढ़त है। वहीं, Sensex 22 अंक गिरकर 74,315 पर बंद हुआ।

Nifty Bank में कमजोरी रही। इंडेक्स 237 अंक गिरकर 56,056 पर आ गया। दूसरी ओर, Nifty Midcap में अच्छी तेजी रही। यह 558 अंक बढ़कर 61,432 पर बंद हुआ।

Tata Group के शेयर चढ़े

Nifty के 35 शेयर बढ़त में बंद हुए। इंश्योरेंस कंपनियों के शेयरों में खास तौर पर खरीदारी दिखी। Tata Group के शेयर भी चढ़े। N Chandrasekaran के Tata Sons के चेयरमैन पद पर दोबारा नियुक्त होने की खबर से इन शेयरों में तेजी आई। Tata Motors Passenger Vehicles भी टॉप गेनर्स में रहा।

त्योहारी सीजन से पहले ऑटो शेयरों में भी खरीदारी रही। Maruti Suzuki और TVS Motor करीब 2% चढ़े।

ONGC समेत इन शेयरों में गिरावट

कच्चे तेल की कीमतों में कमजोरी का असर ऑयल कंपनियों पर दिखा। ONGC करीब 2% गिरा और Nifty का सबसे बड़ा लूजर रहा।

PB Fintech में 4% की गिरावट आई। इससे बुधवार की तेजी का करीब आधा हिस्सा वापस चला गया। Federal Bank भी 2% गिरा। वहीं, कॉरपोरेट अनाउंसमेंट की उम्मीद में Jana Small Finance Bank 2% चढ़ा।

सेमीकंडक्टर शेयरों में खरीदारी

सेमीकंडक्टर से जुड़े शेयरों में अच्छी खरीदारी दिखी। Kaynes Technology, Hitachi Energy India और CG Power में 3% से ज्यादा की तेजी रही।

रुपया थोड़ा मजबूत हुआ

भारतीय रुपया गुरुवार को डॉलर के मुकाबले थोड़ा मजबूत हुआ। यह ₹95.93 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। बुधवार को रुपया ₹95.96 प्रति डॉलर पर था।

NSE और हीरो मोटर्स IPO के GMP में बड़ी गिरावट, निवेशकों को किस बात का है डर?

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

Stock Market Holiday: सोमवार 14 सितंबर को बंद रहेगा शेयर बाजार, अब मंगलवार से होगी ट्रेडिंग

Stock Market Holiday: शेयर बाजार में सोमवार को कारोबार नहीं होगा। 14 सितंबर 2026 को गणेश चतुर्थी के कारण NSE और BSE बंद रहेंगे। इक्विटी और इक्विटी डेरिवेटिव्स में ट्रेडिंग नहीं होगी। करेंसी डेरिवेटिव्स मार्केट भी बंद रहेगा। इस छुट्टी के चलते शेयर बाजार में अगला कारोबारी सत्र मंगलवार, 15 सितंबर को होगा।

NSE और BSE में क्या बंद रहेगा?

BSE की 2026 की छुट्टियों की सूची के मुताबिक, सोमवार को इक्विटी सेगमेंट बंद रहेगा। इक्विटी डेरिवेटिव्स में भी कारोबार नहीं होगा।

इसके अलावा करेंसी डेरिवेटिव्स सेगमेंट में ट्रेडिंग नहीं होगी। NDS-RST और ट्राई-पार्टी रेपो सेगमेंट भी बंद रहेंगे। यानी शेयर बाजार से जुड़े ज्यादातर प्रमुख सेगमेंट में सोमवार को कारोबार नहीं होगा।

कमोडिटी मार्केट में शाम को ट्रेडिंग

कमोडिटी डेरिवेटिव्स और इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीट्स यानी EGR सेगमेंट में स्थिति थोड़ी अलग रहेगी।

इनमें सुबह का सत्र बंद रहेगा। ट्रेडिंग शाम 5 बजे से दोबारा शुरू होगी। यानी कमोडिटी मार्केट में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक कारोबार नहीं होगा। इसके बाद शाम के सत्र में ट्रेडिंग की जा सकेगी।

सितंबर में सिर्फ एक बाजार छुट्टी

  • 2026 की छुट्टियों की सूची के मुताबिक, सितंबर में शेयर बाजार के लिए सिर्फ एक छुट्टी है। यह 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के मौके पर है।
  • इसके बाद बाजार 2 अक्टूबर को बंद रहेगा। उस दिन महात्मा गांधी जयंती है। अक्टूबर में 20 तारीख को दशहरा के कारण भी बाजार में कारोबार नहीं होगा।
  • नवंबर में 10 नवंबर को दिवाली-बलिप्रतिपदा और 24 नवंबर को प्रकाश गुरुपर्व के कारण बाजार बंद रहेगा। 25 दिसंबर को क्रिसमस की छुट्टी होगी।

बाजार पहले से दबाव में

इस बीच भारतीय शेयर बाजार लगातार पांचवें हफ्ते गिरावट के साथ बंद हुआ है। वैश्विक चिंताओं ने निवेशकों का सेंटीमेंट कमजोर किया है।

ब्लूमबर्ग के मुताबिक, निफ्टी 50 इस हफ्ते 2% से ज्यादा गिरकर 23,398 पर बंद हुआ। सेंसेक्स में भी करीब 2.27% की गिरावट रही। यह 74,781 पर बंद हुआ। कच्चे तेल की कीमत और अमेरिकी 10 साल की बॉन्ड यील्ड बाजार के लिए बड़ी चिंता बनी हुई है।

चिप स्टॉक्स क्रैश होंगे? अल्टमैन और मस्क की बात से निवेशकों की चिंता बढ़ी