गर्मियों की जगह ठंड में IPL कराने को फ्रैंचाइजियां हुई लामबंद, चावला के विचार को वाडिया का समर्थन

भारतीय अभिनेत्री और कोलकाता नाईट राइडर्स की सह मालकिन ने हाल ही में इंडियन प्रीमियर लीग के बेहतर विंडो की मांग की थी। उन्होंने ललित मोदी के एक्स पर ट्वीट कर उत्तर में लिखा था कि “अब IPL को क्रिकेट कैलेंडर में अपनी जगह खोजने की ज़रूरत नहीं है। इसने कैलेंडर को प्रभावित करने का अधिकार हासिल कर लिया है।

 

तो फिर दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट को भीषण गर्मी में क्यों खेला जाए? और अगर कैलेंडर पर फिर से विचार किया जा रहा है, तो अप्रैल-मई की जगह जनवरी का समय क्यों न चुना जाए?

 

बेहतर हालात। बेहतर क्रिकेट। कुल मिलाकर सभी के लिए एक बेहतर अनुभव! IPL में बदलाव आया है। शायद अब इसके कैलेंडर में भी बदलाव आना चाहिए!”

जूही चावला के इस उत्तर का पंजाब किंग्स के सह-मालिक नेस वाडिया ने समर्थन करते हुए जवाब दिया है। उनके भी विचार जूही चावला से मिल रहे हैं। वाडिया ने कहा  ‘‘अगर इसके लिए विंडो (जब घरेलू या अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट नहीं खेले जा रहे हों) मिलती है तो ऐसा करना अच्छा होगा। मार्च-मई में थोड़ी गर्मी भी पड़ती है। कभी-कभी बारिश भी हो जाती है। लेकिन यह ‘विंडो’ मिलने पर निर्भर है। आईपीएल सबसे बड़ी लीग है और अगर समय इजाजत देता है तो ऐसा करने में किसी तरह की परहेज नहीं होनी चाहिए।’’

 

उन्होंने कहा ‘‘इससे हम आईपीएल का सत्र भी बढ़ा सकते हैं लेकिन कई अन्य चीज भी हैं जिन पर ध्यान देना होगा। जैसे कि एसएमएटी (सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी), रणजी ट्रॉफी, अन्य टूर्नामेंट, घरेलू क्रिकेट। हमें अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर (ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के घरेलू सत्र) को भी ध्यान में रखना होगा।’’

ललित मोदी ने की पहल

 

हालांकि जूही चावला और नेस वाडिया से पहले इसका सुझाव इंडियन प्रीमियर लीग के संस्थापक ललित मोदी ने दिया था। उन्होंने एक्स पर ट्वीट किया था कि “IPL को अपना आयोजन करने के लिए ICC से किसी ‘विंडो’ (समय-सीमा) की जरूरत नहीं है।

 

IPL एक घरेलू टूर्नामेंट है, जिसका मालिकाना हक BCCI के पास है और वही इसे संचालित करता है। BCCI तय कर सकता है कि इसे कब आयोजित करना है। बेशक, अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं और खिलाड़ियों की उपलब्धता का प्रबंधन करना जरूरी है, लेकिन यह कैलेंडर के किसी खास हिस्से में जगह पाने के लिए ‘अनुमति मांगने’ से बिल्कुल अलग बात है।

 

मेरा सुझाव है कि IPL को अप्रैल-मई की भीषण गर्मी से हटाने पर गंभीरता से विचार किया जाए। इसके लिए दो विकल्प हो सकते हैं: या तो इसे जनवरी में शुरू किया जाए, या फिर अक्टूबर से अप्रैल के बीच एक बेहतर तरीके से तैयार किया गया क्रिकेट कैलेंडर बनाया जाए।

 

इसका मकसद व्यावसायिक रूप से टिकाऊ विस्तार, खेलने के लिए बेहतर स्थितियां, ब्रॉडकास्टिंग के लिए अधिक मूल्यवान अवसर और भारतीय क्रिकेट के लिए एक मजबूत दीर्घकालिक आर्थिक आधार तैयार करना होना चाहिए।”

पीएम मोदी ने जेलेंस्की से फोन पर की बात, रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म करने पर हुई चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की से फोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं ने रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के हालात पर चर्चा की। पीएम मोदी ने कहा कि, भारत इस विवाद को बातचीत के जरिए शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने के प्रयासों में सहयोग करने के लिए तैयार है। इसके साथ ही भारत और यूक्रेन के बीच आपसी संबंधों और सहयोग को और मजबूत बनाने के तरीकों पर भी विचार किया। जानें भारत और यूक्रेन के शीर्ष नेताओं के बीच किन-किन मुद्दों पर बात हुई है।

पीएम ने क्या कहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर भारत का रुख साफ करते हुए कहा कि इस विवाद का हल बातचीत और कूटनीति के जरिए ही निकाला जाना चाहिए। पीएम मोदी ने दोहराया कि भारत शांति स्थापित करने की हर कोशिश में सहयोग करने के लिए तैयार है। वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने युद्ध से जुड़े ताजा हालात पर अपनी बात रखी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ट्वीट में कहा, “राष्ट्रपति जेलेंस्की से फोन पर अच्छी बातचीत करके खुशी हुई। इस दौरान हमने दोनों देशों के बीच चल रहे सहयोग की समीक्षा की और भारत-यूक्रेन के रिश्तों को और मजबूत करने पर सहमति जताई। मैंने राष्ट्रपति जेलेंस्की को युद्ध के मौजूदा हालात, उससे जुड़ी मानवीय समस्याओं और शांति बहाल करने के प्रयासों पर अपनी बात रखने के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही, शांतिपूर्ण समाधान के लिए हर संभव मदद करने के भारत के संकल्प को भी दोहराया।”

 

जेलेंस्की ने ब्लैक सी पर रूस की रोक को लेकर बात की

यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने बताया कि, उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के साथ ब्लैक सी के रास्ते अनाज के निर्यात पर रूस की ओर से लगाई गई रोक को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने कहा, “भारत के लिए यह समझना जरूरी है कि वह युद्ध खत्म कराने में किस तरह मदद कर सकता है और दूसरे देशों के नेताओं के साथ क्या कदम उठा सकता है। खाद्य सुरक्षा भी ऐसा ही एक अहम मुद्दा है। हमने ब्लैक सी के रास्ते अनाज भेजने पर रूस की रोक को लेकर बात की।”

उन्होंने आगे कहा, “भारत खाद्य आपूर्ति के लिए रास्ता तैयार करने में मध्यस्थता करने को तैयार है। हमें उम्मीद है कि इस दिशा में प्रयास जारी रहेंगे। रूस को समझना चाहिए कि समुद्री रास्ते बंद होने से दुनिया की अर्थव्यवस्था और करोड़ों लोग प्रभावित हो रहे हैं। हम इस बात पर सहमत हुए हैं कि दोनों देशों की टीमें इन मुद्दों और आपसी संबंधों से जुड़े दूसरे मामलों पर बातचीत जारी रखेंगी।”

 

2024 में कीव गए थे मोदी

बता दें अगस्त 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूक्रेन की राजधानी कीव पहुंचे थे। यह भारत और यूक्रेन के बीच राजनयिक संबंध स्थापित होने के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का पहला यूक्रेन दौरा था। वहीं, युद्ध शुरू होने के बाद से पीएम मोदी और राष्ट्रपति जेलेंस्की के बीच कई बार फोन पर बातचीत हो चुकी है।

अहमदाबाद को मिली ट्रैफिक जाम से मुक्ति की बड़ी सौगात, अमित शाह ने किया 464 करोड़ रुपए के इस्कॉन-सानंद एलिवेटेड कॉरिडोर का उद्घाटन

अहमदाबाद को मिली ट्रैफिक जाम से मुक्ति की बड़ी सौगात, अमित शाह ने किया 464 करोड़ रुपए के इस्कॉन-सानंद एलिवेटेड कॉरिडोर का उद्घाटन

Union Home Minister Amit Shah inaugurated ISKCON-Sanand elevated corridor

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोमवार को अहमदाबाद में 4.03 किलोमीटर लंबे इस्कॉन-सानंद एलिवेटेड कॉरिडोर का उद्घाटन किया। 464 करोड़ रुपए की लागत से तैयार यह 6-लेन प्रोजेक्ट सरखेज-गांधीनगर (SG) हाईवे पर ट्रैफिक का दबाव घटाने और अहमदाबाद तथा सानंद के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

 

व्यस्त जंक्शनों पर ट्रैफिक से राहत

राष्ट्रीय राजमार्ग-147 पर स्थित यह कॉरिडोर इस्कॉन जंक्शन को सानंद फ्लाईओवर से जोड़ता है। इससे शहर के बेहद व्यस्त माने जाने वाले कर्णावती क्लब, प्रह्लाद नगर और YMCA जैसे जंक्शनों पर वाहन चालकों को ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी, जिससे यात्रा के समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।


उद्घाटन समारोह में प्रमुख नेताओं की उपस्थिति

इस महत्वपूर्ण परियोजना के उद्घाटन समारोह में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, शहरी विकास राज्य मंत्री दर्शना वाघेला, अहमदाबाद के मेयर हितेश बारोट, विधायक अमित ठाकर और बाबूभाई पटेल सहित कई वरिष्ठ राजनीतिक नेता और उच्च अधिकारी मौजूद रहे।

26.8 मीटर चौड़ा कॉरिडोर और सुरक्षा व्यवस्था

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा निर्मित इस 26.8 मीटर चौड़े कॉरिडोर में 2,940 मीटर लंबा बायडक्ट और 1,090 मीटर लंबा एप्रोच रोड शामिल है। यह प्रोजेक्ट वाहन संचालन लागत को कम करने के साथ-साथ विशेष सुरक्षा उपायों के माध्यम से सड़क सुरक्षा को भी मजबूत करेगा।

ALSO READ: नए साल में कब-कब बंद रहेंगे सरकारी दफ्तर और बैंक? गुजरात सरकार ने जारी किया 2027 की छुट्टियों का पूरा कैलेंडर

पर्यावरण और आधुनिक तकनीक का संगम

आसपास के क्षेत्र में ध्वनि प्रदूषण कम करने के लिए 5,880 मीटर के हिस्से में विशेष ‘नॉइज़ बैरियर्स’ (ध्वनि रोधक) लगाए गए हैं। इसके अलावा कॉरिडोर पर 297 स्ट्रीट लाइट्स, उन्नत ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, साइनबोर्ड, कैट्स-आई रिफ्लेक्टर और रात में सामने से आने वाली रोशनी से बचाने वाली एंटी-ग्लेयर सिस्टम जैसी सुविधाएं दी गई हैं।

ALSO READ: गृहमंत्री अमित शाह ने की CM भूपेंद्र पटेल के साथ हाईलेवल मीटिंग, समीक्षा बैठक में लिए कई अहम फैसले

सर्विस रोड और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत

एलिवेटेड कॉरिडोर के नीचे यातायात की सुगमता के लिए 7 से 14 मीटर चौड़ी व्हाइट-टॉप (White-topped) सर्विस रोड भी बनाई गई है। नए साल से पहले जनता के लिए खोला गया यह कॉरिडोर सरखेज और गांधीनगर के बीच की दूरी और यात्रा के समय को काफी कम करता है, जिससे गुजरात की प्रशासनिक राजधानी (गांधीनगर) और आर्थिक केंद्र (अहमदाबाद) के बीच कनेक्टिविटी बेहद मजबूत हुई है।

AQI After Diwali: ‘एक और धुंध की चादर तो दूसरी ओर साफ नीला आसमान’, दिवाली के बाद इन दो शहरों का हाल देख चौंक जाएंगे

दिवाली के बाद देश के कई शहरों में पटाखों की वजह से प्रदूषण बढ़ गया। बढ़ते प्रदुषण की वजह से लोगों को खराब हवा में सांस लेनी पड़ रहा है। जहां देश के कई शहरों में लोग बढ़ते AQI से परेशान है वहीं मिजोरम की राजधानी आइजोल में दिवाली के अगले दिन भी आसमान पूरी तरह साफ नजर आया। देश के कई बड़े शहरों में जहां दिवाली के बाद प्रदूषण और धुंध देखने को मिली, वहीं आइजोल में ऐसा कुछ नहीं था। मिजोरम की राजधानी आइजोल का AQI सिर्फ 56 दर्ज किया गया। कनाडा के एक व्यक्ति ने आइजोल की साफ हवा की तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की है।

मिजोरम का AQI 56 रहा

कनाडा के रहने वाले एक व्यक्ति ने वहां के नीले आसमान की तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की। कैलेब फ्राइसन पिछले 10 साल से भी ज्यादा समय से भारत में रह रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मिजोरम के आइजोल में दिवाली के बाद साफ आसमान की एक तस्वीर शेयर की। इसके साथ उन्होंने लिखा, “आइजोल, मिजोरम में दिवाली के बाद AQI 56 दर्ज किया गया है। बीती रात न तो पटाखों की आवाज सुनाई दी और न ही आतिशबाजी हुई। मेरी पत्नी, दो बच्चे और दो कुत्ते शांति से सोए। हमारे फेफड़े भी खुश हैं।”

शेयर की आइजोल की फोटो

कैलेब फ्राइसन ने सोशल मीडिया पर अपनी एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वह साफ नीले आसमान के सामने अंगूठा दिखाते नजर आ रहे हैं। उनकी यह तस्वीर दिवाली के बाद देश के दूसरे शहरों से बिल्कुल अलग थी। जहां कई शहरों में पटाखों की वजह से प्रदूषण बढ़ गया, वहीं आइजोल में आसमान साफ रहा और हवा भी काफी अच्छी थी।

 

उठाते रहते है परेशानी

बता दें कैलेब फ्राइसन पहले भी सोशल मीडिया के जरिए शहरों से जुड़ी समस्याओं को सामने उठाते रहे हैं। इससे पहले उन्होंने बेंगलुरु में पैदल चलने वाले लोगों को होने वाली परेशानियों पर एक वीडियो शेयर किया था। इस वीडियो में उन्होंने एक माता-पिता के तौर पर बताया कि शहर में बच्चों के साथ सड़क पर पैदल चलना कितना मुश्किल है। यह वीडियो बेंगलुरु के मशहूर इलाके इंदिरानगर की डबल रोड पर बनाया गया था, जहां उन्होंने पैदल चलने वालों के लिए बेहतर सुविधाओं की कमी पर सवाल उठाए थे।

कितना है दिल्ली का AQI

दिवाली के बाद दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति काफी खराब देखने को मिली। AQI.in के आंकड़ों के अनुसार, सुबह 8:01 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 663 दर्ज किया गया। इससे पहले दोपहर 1:31 बजे यह बढ़कर 1,331 तक पहुंच गया था। रात 10 बजे के बाद भी कई जगह पटाखे जलाए जाने की खबरें सामने आईं।

‘आधार कार्ड को वोटिंग से जोड़ा जाए’; अखिलेश यादव ने चुनाव में धांधली रोकने के लिए दिए ये सुझाव

Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले वोटर लिस्ट और चुनावी प्रक्रिया को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनाव में फर्जी मतदान और कथित धांधली रोकने के लिए तीन बड़े सुझाव दिए हैं। उन्होंने मांग की है कि वोटिंग को आधार कार्ड से जोड़ा जाए, मतदाताओं के पहचान पत्र कागज या प्लास्टिक के बजाय मेटल यानी धातु से बनाए जाएं और मतदान के दौरान बायोमेट्रिक पहचान अनिवार्य की जाए। उन्होंने दावा किया कि बायोमेट्रिक पहचान से चुनाव में होने वाली गड़बड़ियों को रोका जा सकेगा।

अखिलेश यादव का कहना है कि फिंगरप्रिंट और आंखों की पुतली (आइरिस) के जरिए मतदाताओं की पहचान की जानी चाहिए, ताकि कोई दूसरा व्यक्ति किसी और के नाम पर वोट न डाल सके। उन्होंने दावा किया कि ऐसी व्यवस्था लागू होने से चुनाव में फर्जीवाड़े की गुंजाइश कम होगी और बीजेपी भी फर्जी वोटिंग नहीं करा पाएगी। सपा प्रमुख ने सोमवार (9 नवंबर) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी ये मांगें रखीं। उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं और विपक्षी दल चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली तथा वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं।

अखिलेश यादव की चुनाव आयोग से 3 बड़ी मांगें क्या हैं?

अखिलेश यादव ने चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए तीन सुझाव दिए हैं। उनके मुताबिक, आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से फर्जी मतदान और वोटर की पहचान से जुड़ी गड़बड़ियों को रोका जा सकता है। अखिलेश का दावा है कि बायोमेट्रिक पहचान हर व्यक्ति के लिए अलग होती है, इसलिए इस तकनीक से किसी दूसरे व्यक्ति के नाम पर मतदान करने की संभावना कम की जा सकती है।

1. आधार कार्ड से लिंक हो वोटिंग: अखिलेश यादव ने मांग की है कि मतदाताओं के आधार कार्ड को वोटिंग प्रक्रिया से जोड़ा जाए। इससे मतदाता की पहचान सुनिश्चित करने और एक ही व्यक्ति के नाम पर अलग-अलग जगहों पर होने वाली कथित फर्जी एंट्री को रोकने में मदद मिल सकती है।

2. कागज और प्लास्टिक की जगह बनें मेटल कार्ड: सपा प्रमुख ने सुझाव दिया कि मतदाताओं के पहचान पत्र कागज या प्लास्टिक के बजाय धातु से बनाए जाने चाहिए। उनका तर्क है कि मेटल कार्ड की नकल करना और फर्जी कार्ड तैयार करना मुश्किल होगा।

3. फिंगरप्रिंट और आइरिस से हो पहचान: अखिलेश यादव ने मतदान केंद्रों पर बायोमेट्रिक पहचान प्रणाली लागू करने की मांग की है। इसके तहत वोट डालने से पहले मतदाता की उंगलियों के निशान या आंखों की पुतली को स्कैन करके उसकी पहचान की जा सकेगी।

अखिलेश यादव ने X पर क्या लिखा?

सपा प्रमुख ने अपनी पोस्ट में लिखा कि चुनाव को लेकर उनकी मांगें बिल्कुल सीधी और सरल हैं। उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “चुनाव को लेकर सीधी-सरल मांग। आधार कार्ड को वोटिंग से जोड़ा जाए। ⁠कागज या प्लास्टिक की जगह ‘मेटल कार्ड’ बनाए जाएं जिससे नकली न बन सकें। उंगलियों के निशान या आंख से होनेवाली बायोमेट्रिक्स पहचान को अपनाया जाए क्योंकि ये किसी दो व्यक्ति के समान नहीं होते हैं, इसीलिए भाजपा नकली वोटिंग नहीं करा पाएगी।”

SIR को लेकर पहले से ही आमने-सामने हैं विपक्ष और चुनाव आयोग

अखिलेश यादव की यह मांग ऐसे समय आई है, जब देश में SIR यानी Special Intensive Revision को लेकर विपक्षी दलों और चुनाव आयोग के बीच विवाद चल रहा है। विपक्षी दलों का आरोप है कि वोटर लिस्ट के वेरिफिकेशन के दौरान वास्तविक मतदाताओं के नाम हटाए जाने और फर्जी नाम जोड़े जाने की आशंका है। वहीं, विपक्षी गठबंधन INDIA के नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ भी मोर्चा खोल रखा है। विपक्षी दलों ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और SIR प्रक्रिया को वापस लेने की मांग उठाई है। इस मुद्दे पर संसद से लेकर राजनीतिक मंचों तक लगातार बयानबाजी हो रही है।

2027 के यूपी चुनाव से पहले क्यों अहम है यह पूरा विवाद?

उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। समाजवादी पार्टी की नजर सत्ता में वापसी पर है। पार्टी को 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में लगातार हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में अखिलेश यादव लगातार वोटर लिस्ट, चुनाव आयोग और चुनावी पारदर्शिता के मुद्दे उठा रहे हैं। सपा का आरोप है कि वोटर लिस्ट में गड़बड़ियों के जरिए चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित किया जा सकता है।

ये भी पढ़ें- Mallikarjun Kharge: दिवाली को ‘खुशियों की ईद’ कहने पर घिरे खड़गे, BJP ने कांग्रेस को ‘हिंदू विरोधी’ पार्टी बताया

दूसरी तरफ, बीजेपी और विपक्ष के बीच चुनावी निष्पक्षता को लेकर आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं। आधार लिंक वोटिंग, मेटल कार्ड और बायोमेट्रिक पहचान की मांग ने इस राजनीतिक बहस को नया मुद्दा दे दिया है। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या चुनाव आयोग अखिलेश यादव के इन सुझावों पर कोई कदम उठाएगा?

Jensen Huang: व्हिस्की डेट्स से लेकर अरबों के डील तक… ऐसे Nvidia CEO जेनसन हुआंग के करीब पहुंचीं चीनी महिला एलिस, जासूसी से अमेरिका में मचा हड़कंप!

Jensen Huang: दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में शामिल Nvidia के CEO जेनसन हुआंग एक बड़े विवाद में घिर गए हैं। चीनी कारोबारी एलिस हुआंग (Alice Huang) के साथ उनके कथित अफेयर और चीन के लिए जासूसी किए जाने के आरोपों ने अमेरिकी टेक और खुफिया जगत में हलचल मचा दी है। आरोप है कि एलिस हुआंग को चीन की खुफिया एजेंसियों ने जेनसन हुआंग के करीब पहुंचने और उनके जरिए ग्लोबल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इंडस्ट्री से जुड़ी संवेदनशील जानकारी हासिल करने के लिए इस्तेमाल किया हो सकता है। इस मामले ने Nvidia के 63 वर्षीय CEO की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, व्हिस्की पार्टियों, टेक इवेंट्स और अरबों डॉलर के कारोबारी सौदों के बीच एलिस ने जेनसन से नजदीकियां बढ़ाई। अमेरिकी एजेंसियों को शक है कि एलिस चीन की खुफिया एजेंसियों के लिए काम कर रही थीं। उनका मकसद Nvidia प्रमुख तक पहुंच बनाकर AI इंडस्ट्री से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां हासिल करना हो सकता था। इस बीच, जेनसन ने अपनी पत्नी से बेवफाई की बात स्वीकार करते हुए माफी मांगी है।

कंपनी ने शुरू की मामले की जांच

Nvidia के बोर्ड ने भी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को इस कथित ऑपरेशन की जानकारी पहले ही मिल गई थी। यहां तक कि अमेरिकी अधिकारियों ने दोनों के कथित अंतरंग संबंधों को लेकर एक गोपनीय रिपोर्ट भी तैयार किया था। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है।

कैसे बढ़ीं जेनसन हुआंग और एलिस की नजदीकियां?

अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों के बीच संबंध कम से कम जून 2024 से बताए जा रहे हैं। उस दौरान ताइपे में एक टेक्नोलॉजी ट्रेड शो के बाद दोनों को एक बार में साथ देखा गया था। टेक्नोलॉजी कंपनी NetThunder की ओर से LinkedIn पर शेयर की गई तस्वीरों में जेनसन हुआंग काली लेदर जैकेट पहने एलिस हुआंग के साथ बैठे नजर आए थे। उस शाम दोनों ने टेक इंडस्ट्री से जुड़े अन्य अधिकारियों के साथ समय बिताया और व्हिस्की पी।

इसके बाद मई 2025 में Computex टेक्नोलॉजी प्रदर्शनी के दौरान Nvidia CEO की ओर से ताइपे के एक चीनी रेस्तरां में डिनर आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में भी एलिस हुआंग मौजूद थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, तस्वीरों और लाइवस्ट्रीम फुटेज में एलिस को जेनसन के करीब बैठे, उनके गाल पर किस करते और उनकी पीठ पर हाथ रखते हुए देखा गया। जब जेनसन पत्रकारों से बात करने के लिए बाहर गए तो एलिस भी उनके पीछे जाती नजर आईं। बाद में दोनों कथित तौर पर एक ही कार से वहां से रवाना हुए।

कौन हैं एलिस हुआंग, जिनसे जुड़ा है पूरा विवाद?

एलिस हुआंग को हुआंग ले (Huang Le) के नाम से भी जाना जाता है। वह चीनी नागरिक हैं। बताया जाता है कि उनके ग्लोबल AI चिप कारोबार से जुड़े कई लोगों और कंपनियों के साथ संपर्क हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने अपने करियर की शुरुआत चीन में टीवी पत्रकार के रूप में की थी। एक चीनी फंड डेटाबेस की ऑनलाइन प्रोफाइल में HSBC, चीन के सरकारी टीवी CCTV और हुनान टीवी में उनके काम करने का जिक्र है।

बाद में वह टेक्नोलॉजी सेक्टर में आ गईं और सिंगापुर की कंपनी Megaspeed International में वरिष्ठ पद पर काम करने लगीं। यह कंपनी कारोबारियों को AI सिस्टम की ट्रेनिंग और संचालन के लिए कंप्यूटिंग पावर उपलब्ध कराती है। कंपनी की वेबसाइट के मुताबिक, Megaspeed एशिया-प्रशांत क्षेत्र में Nvidia के कंप्यूटिंग पावर क्लाउड कारोबार की प्रमुख साझेदार है।

Megaspeed कंपनी पर क्यों है अमेरिकी एजेंसियों की नजर?

इस पूरे मामले में Megaspeed International की भूमिका भी जांच के दायरे में बताई जा रही है। ‘The New York Times’ की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी सरकार 2024 से ही इस कंपनी की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। संदेह था कि कंपनी प्रतिबंधित Nvidia, AI प्रोसेसर को चीन तक पहुंचाने में मदद कर रही है। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया कि Megaspeed ने दो साल के भीतर 4.8 अरब डॉलर से अधिक के Nvidia चिप खरीदे थे। वहीं, सिंगापुर के अधिकारियों ने भी 2025 में कंपनी से जुड़ी जांच के दौरान एलिस हुआंग से पूछताछ की थी।

अमेरिका अपने सबसे हाईटेक AI प्रोसेसर चीन को निर्यात करने पर प्रतिबंध लगाया है। वाशिंगटन को आशंका है कि इन चिप्स का इस्तेमाल चीन अपनी सैन्य और तकनीकी क्षमताओं को मजबूत करने के लिए कर सकता है। हालांकि, Megaspeed ने दिसंबर 2025 में अवैध तरीके से चिप ट्रांसफर करने के आरोपों को खारिज किया था। कंपनी ने Bloomberg की रिपोर्टिंग को भ्रामक बताया था। Nvidia भी पहले कह चुकी है कि उसकी जांच में किसी तरह की गड़बड़ी का सबूत नहीं मिला।

जेनसन हुआंग ने पत्नी से मांगी माफी 

इस विवाद के बीच जेनसन हुआंग का एक कथित निजी बयान भी सामने आया है, जिसमें उन्होंने अपनी पत्नी और बच्चों से माफी मांगी है। उन्होंने स्वीकार किया कि वह अपनी पत्नी के प्रति वफादार नहीं रहे। उनके इस फैसले से परिवार को दुख पहुंचा। अपने कर्मचारियों को लिखे संदेश में उन्होंने कहा कि उनके व्यवहार का कोई बहाना नहीं है। वह अपनी गलतियों की पूरी जिम्मेदारी लेते हैं। उन्होंने अपनी पत्नी और परिवार से कहा कि वह उनसे प्यार करते हैं। हुआंग ने कहा कि वह जानते हैं कि सिर्फ माफी मांगने से हुए नुकसान की भरपाई नहीं हो सकती। उन्हें उम्मीद है कि समय के साथ उनका परिवार इस मुश्किल दौर से उबर सकेगा और वह दोबारा उनका भरोसा जीत पाएंगे।

Nvidia बोर्ड ने शुरू की स्वतंत्र जांच

जेनसन हुआंग ने अपने बयान में यह भी कहा कि Nvidia के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सवालों और मीडिया रिपोर्ट्स में लगाए गए आरोपों की जांच के लिए स्वतंत्र जांच शुरू की है। उन्होंने कहा कि वह इस जांच का समर्थन करते हैं। वह इसमें पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने अमेरिका और Nvidia के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि कंपनी की सुरक्षा और अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने अपने बयान के अंत में मीडिया से अपने परिवार की निजता का सम्मान करने की अपील भी की।

ये भी पढ़ें- Alice Huang: जेनसेन हुआंग और चीनी महिला जासूस की रहस्यमय तस्वीरें लीक! अमेरिका में मचा तहलका, मुश्किल में फंसे Nvidia CEO

कल का मौसम पूर्वानुमान 9 नवंबर: IMD ने इन राज्यों में जोरदार बारिश का अलर्ट दिया, दिल्ली-NCR, यूपी में कोहरे पर ये अपडेट

Weather forecast for November 9: देश के अलग-अलग हिस्सों में 9 नवंबर को मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिल सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं आंध्र प्रदेश, केरल, माहे, लक्षद्वीप और तमिलनाडु के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। दूसरी ओर उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में कोहरे की स्थिति भी देखने को मिल रही है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-NCR, हरियाणा, चंडीगढ़ और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर सुबह के समय हल्का कोहरा दर्ज किया गया। मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्से और पूर्वोत्तर के कुछ इलाकों में भी कोहरे की स्थिति रही।

हालांकि IMD के 9 नवंबर के पूर्वानुमान में दिल्ली-NCR और उत्तर प्रदेश के लिए भारी बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। मौसम विभाग ने पूर्वी भारत में अगले कुछ दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट का अनुमान जताया है। देश के बाकी हिस्सों में अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

9 नवंबर को कहां होगी भारी बारिश?

IMD के मुताबिक 9 नवंबर को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में पिछले 24 घंटे के दौरान भी कई स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार उत्तर और मध्य अंडमान जिले के मायाबंदर और लॉन्ग आइलैंड में 2-2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं निकोबार जिले के लाफा कार्निकोबार में 1 सेंटीमीटर बारिश हुई। तमिलनाडु और आसपास के क्षेत्रों में भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने यहां 9 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है।

आंध्र प्रदेश से तमिलनाडु तक आंधी और बिजली गिरने की आशंका

बारिश के साथ दक्षिण भारत के कई इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की गतिविधियां भी देखने को मिल सकती हैं। IMD ने 9 नवंबर को आंध्र प्रदेश, केरल और माहे, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ जगहों पर आंधी-तूफान की संभावना जताई है। इन इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा आंध्र प्रदेश में कुछ स्थानों पर तेज सतही हवाएं चलने का भी अनुमान है। मौसम विभाग ने 9 नवंबर के लिए मछुआरों को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की है।

दिल्ली-NCR में कोहरे का असर, सफदरजंग और पालम में भी दर्ज हुई स्थिति

दिल्ली-NCR में सुबह के समय कोहरे की स्थिति दर्ज की गई। IMD के मुताबिक हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ स्थानों पर हल्का कोहरा देखा जा रहा है। उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी सुबह कोहरे का असर देखने को मिल रहा। IMD के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्का कोहरा दर्ज किया जा रहा है। पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अधिकतम तापमान अधिकांश स्थानों पर सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस से अधिक नीचे रहा।

मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी मौसम का हाल

मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में भी सुबह कोहरे की स्थिति दर्ज की गई। IMD के मुताबिक, पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्का कोहरा देखा जा रहा है। पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश में अधिकतम तापमान अधिकांश स्थानों पर सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस से अधिक नीचे रहा। पश्चिमी राजस्थान में भी अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।

देश के मैदानी इलाकों में सबसे कम तापमान 10 डिग्री

तापमान के मोर्चे पर भी मौसम विभाग ने अहम आंकड़े साझा किए हैं। 8 नवंबर को दर्ज किए गए न्यूनतम तापमान के मुताबिक भारत के मैदानी इलाकों में सबसे कम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस हिमाचल प्रदेश के मंडी में रिकॉर्ड किया गया। पूर्वी भारत में अगले 2 से 3 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है। इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने एक अन्य पूर्वानुमान में पूर्वी भारत में अगले 4 से 5 दिनों के दौरान भी अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट का उल्लेख किया है। देश के बाकी हिस्सों में अधिकतम तापमान में किसी महत्वपूर्ण बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।

9 नवंबर को देशभर में मौसम का कुल हाल

IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक 9 नवंबर को बारिश और आंधी-तूफान की गतिविधियां मुख्य रूप से दक्षिण भारत और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह तक सीमित रहेंगी। अंडमान-निकोबार और तमिलनाडु के कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि आंध्र प्रदेश, केरल, माहे, लक्षद्वीप और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। उत्तर भारत में दिल्ली-NCR और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर सुबह के समय कोहरा दर्ज किया गया है। पश्चिमी मध्य प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, ओडिशा तथा असम-मेघालय में भी कोहरे की स्थिति रही। ऐसे में 9 नवंबर को मौसम का सबसे प्रमुख बदलाव दक्षिण भारत में बारिश और उत्तर भारत के कुछ इलाकों में सुबह के कोहरे के रूप में देखने को मिल सकता है।

ये भी पढ़ें- Special Train: दिवाली-छठ के बाद मुंबई लौटने वालों को रेलवे की बड़ी सौगात! गोरखपुर से चलेगी स्पेशल ट्रेन, जानें तारीख और टाइमिंग समेत पूरी डिटेल्स