गर्मियों की जगह ठंड में IPL कराने को फ्रैंचाइजियां हुई लामबंद, चावला के विचार को वाडिया का समर्थन

भारतीय अभिनेत्री और कोलकाता नाईट राइडर्स की सह मालकिन ने हाल ही में इंडियन प्रीमियर लीग के बेहतर विंडो की मांग की थी। उन्होंने ललित मोदी के एक्स पर ट्वीट कर उत्तर में लिखा था कि “अब IPL को क्रिकेट कैलेंडर में अपनी जगह खोजने की ज़रूरत नहीं है। इसने कैलेंडर को प्रभावित करने का अधिकार हासिल कर लिया है।

 

तो फिर दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट को भीषण गर्मी में क्यों खेला जाए? और अगर कैलेंडर पर फिर से विचार किया जा रहा है, तो अप्रैल-मई की जगह जनवरी का समय क्यों न चुना जाए?

 

बेहतर हालात। बेहतर क्रिकेट। कुल मिलाकर सभी के लिए एक बेहतर अनुभव! IPL में बदलाव आया है। शायद अब इसके कैलेंडर में भी बदलाव आना चाहिए!”

जूही चावला के इस उत्तर का पंजाब किंग्स के सह-मालिक नेस वाडिया ने समर्थन करते हुए जवाब दिया है। उनके भी विचार जूही चावला से मिल रहे हैं। वाडिया ने कहा  ‘‘अगर इसके लिए विंडो (जब घरेलू या अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट नहीं खेले जा रहे हों) मिलती है तो ऐसा करना अच्छा होगा। मार्च-मई में थोड़ी गर्मी भी पड़ती है। कभी-कभी बारिश भी हो जाती है। लेकिन यह ‘विंडो’ मिलने पर निर्भर है। आईपीएल सबसे बड़ी लीग है और अगर समय इजाजत देता है तो ऐसा करने में किसी तरह की परहेज नहीं होनी चाहिए।’’

 

उन्होंने कहा ‘‘इससे हम आईपीएल का सत्र भी बढ़ा सकते हैं लेकिन कई अन्य चीज भी हैं जिन पर ध्यान देना होगा। जैसे कि एसएमएटी (सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी), रणजी ट्रॉफी, अन्य टूर्नामेंट, घरेलू क्रिकेट। हमें अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर (ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के घरेलू सत्र) को भी ध्यान में रखना होगा।’’

ललित मोदी ने की पहल

 

हालांकि जूही चावला और नेस वाडिया से पहले इसका सुझाव इंडियन प्रीमियर लीग के संस्थापक ललित मोदी ने दिया था। उन्होंने एक्स पर ट्वीट किया था कि “IPL को अपना आयोजन करने के लिए ICC से किसी ‘विंडो’ (समय-सीमा) की जरूरत नहीं है।

 

IPL एक घरेलू टूर्नामेंट है, जिसका मालिकाना हक BCCI के पास है और वही इसे संचालित करता है। BCCI तय कर सकता है कि इसे कब आयोजित करना है। बेशक, अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं और खिलाड़ियों की उपलब्धता का प्रबंधन करना जरूरी है, लेकिन यह कैलेंडर के किसी खास हिस्से में जगह पाने के लिए ‘अनुमति मांगने’ से बिल्कुल अलग बात है।

 

मेरा सुझाव है कि IPL को अप्रैल-मई की भीषण गर्मी से हटाने पर गंभीरता से विचार किया जाए। इसके लिए दो विकल्प हो सकते हैं: या तो इसे जनवरी में शुरू किया जाए, या फिर अक्टूबर से अप्रैल के बीच एक बेहतर तरीके से तैयार किया गया क्रिकेट कैलेंडर बनाया जाए।

 

इसका मकसद व्यावसायिक रूप से टिकाऊ विस्तार, खेलने के लिए बेहतर स्थितियां, ब्रॉडकास्टिंग के लिए अधिक मूल्यवान अवसर और भारतीय क्रिकेट के लिए एक मजबूत दीर्घकालिक आर्थिक आधार तैयार करना होना चाहिए।”

मुश्किल में दिल्ली कैपिटल्स, अक्षर पटेल छोड़ना चाहते हैं कप्तानी

दिल्ली कैपिटल्स के लिए इंडियन प्रीमियर लीग मिनी नीलामी शुरु होने से पहले एक नई समस्या आन पड़ी है। सूत्रों के मुताबिक कप्तान अक्षर पटेल ने कप्तानी करने से इंकार कर दिया है। ऐसे में दिल्ली के लिए नया अगुआ ढूंढने में फ्रैंचाइजी को खासी माथापच्ची करनी पड़ सकती है। 

 

मीडिया सूत्रों के मुताबिक 2 साल पहले कप्तान बने अक्षर पटेल ने दिल्ली के लिए कुछ खास योगदान नहीं दिया। दोनों बार दिल्ली कैपिटल्स प्लेऑफ में नहीं जा पाई। इस कारण वह चाहते हैं कि उनसे कम ही उम्मीदें लगाई जाए और वह बतौर खिलाड़ी ही दिल्ली में अपनी सेवाएं देना चाहते हैं। 

 

ऐसे में दिल्ली के सामने समस्या यह आती है कि अगर अक्षर पटेल कप्तानी नहीं करते हैं तो यह भार कौन उठाएगा। दिल्ली कैपिटल्स की टीम में शामिल केएल राहुल पहले ही कप्तानी के जले हुए हैं और लखनऊ से दिल्ली आए थे। वहीं इस बार बतौर खिलाड़ी लखनऊ से दिल्ली  आए ऋषभ पंत का भी यही हाल रहा और वह कप्तानी करने में दिलचस्पी नहीं रखते।

 

टीम के अन्य खिलाड़ी जैसे अभिषेक पोरेल और आशुतोष शर्मा नए हैं। नितीश राणा ने कोलकाता के लिए कभी कभार कप्तानी की है लेकिन उनको टीम शायद ही पूरे सत्र के लिए यह जिम्मेदारी सौंपे। पृथ्वी शॉ का प्रदर्शन खुद ऐसा नहीं रहा है कि वह अंतिम ग्यारह में खेलेंगे या नहीं। 

विदेशी नामों की ओर देखा जाए तो डेविड मिलर और ट्रिस्टन स्टब्स को भी कप्तानी का बिल्कुल अनुभव नहीं है। हालांकि वरिष्ठता के हिसाब से डेविड मिलर को एक मौका दिया जा सकता है। इसके अलावा यह बात मिचेल स्टार्क के लिए कही जा सकती है। लेकिन सुनने में यह भी आ रहा है कि वह अगला सत्र विश्वकप को ध्यान में रखते हुए छोड़ सकते हैं। 

 

ऐसे में अक्षर पटेल ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए नई दुविधा खोज ली है। हो सकता है कि इंडियन प्रीमियर लीग की  मिनी नीलामी के लिए दिल्ली को अपने पर्स का एक बड़ा हिस्सा सिर्फ कप्तान खरीदने के लिए रखना पड़े। अगर ऐसा हुआ तो दिल्ली कैपिटल्स भी इंडीज के खिलाड़ी शाई होप को खरीदने की कोशिश करेगी। 

IPL 2027: हार्दिक पांड्या को अलविदा कहते हुए भावुक हुए आकाश अंबानी, अर्शदीप सिंह का मुंबई इंडियंस में किया स्वागत

Hardik Pandya: मुंबई इंडियंस (MI) के सह-मालिक आकाश अंबानी ने फ्रेंचाइजी से विदा हो रहे स्टार भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि मुंबई इंडियंस और हार्दिक ने साथ में कुछ बेहद खास पल साझा किए हैं। टीम की सफलता में हार्दिक का योगदान, उनकी ऊर्जा और मैदान पर उनका प्रतिस्पर्धी रवैया काफी अहम रहा है। इसके साथ ही आकाश अंबानी ने पंजाब किंग्स से मुंबई इंडियंस में शामिल हुए बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह का स्वागत किया और कहा कि उनके आने से टीम की गेंदबाजी को एक नया आयाम मिलेगा।

एक बयान में आकाश अंबानी ने कहा, “हार्दिक ने मुंबई इंडियंस के साथ कुछ बेहद खास पल शेयर किए हैं। हमने उन्हें एक क्रिकेटर के रूप में आगे बढ़ते, विश्व मंच पर अपनी पहचान बनाते और फिर टीम की कप्तानी करने के लिए वापस लौटते देखा है। मुंबई इंडियंस के लिए उनका योगदान, उनकी ऊर्जा और मैदान पर उनका प्रतिस्पर्धी रवैया बेहद महत्वपूर्ण रहा है। एक क्रिकेटर और एक इंसान के तौर पर मेरे मन में उनके लिए बहुत सम्मान है। मैं उनके आने वाले भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।”

भारतीय टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में शामिल अर्शदीप सिंह का स्वागत करते हुए आकाश अंबानी ने कहा कि उनके आने से मुंबई की गेंदबाजी में एक नया आयाम जुड़ेगा। उन्होंने कहा, “अर्शदीप के आने से हमारी गेंदबाजी को एक रोमांचक नया आयाम मिलेगा। हम हमेशा अनुभव, कौशल और जीत के लिए जुनून रखने वाले खिलाड़ियों के सही संतुलन के साथ टीम बनाने की कोशिश करते हैं। अर्शदीप में ये सभी खूबियां हैं। हम मुंबई इंडियंस परिवार में उनका स्वागत करते हैं। अब वह नीली और सुनहरी जर्सी में मैदान पर उतरेंगे।”

हार्दिक का मुंबई इंडियंस के साथ दूसरा सफर खत्म

हार्दिक पांड्या के ट्रेड के साथ ही मुंबई इंडियंस के साथ उनका दूसरा कार्यकाल समाप्त हो गया है। IPL की बहु प्रतीक्षित अदला बदली (ट्रेडिंग) में ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या 18 करोड़ रुपये की बढ़ी हुई कीमत पर पंजाब किंग्स से जुड़ गए हैं। जबकि मुंबई इंडियंस ने उनकी जगह तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को अपनी टीम में लिया है। आईपीएल ने बयान में कहा की हार्दिक अपनी मौजूदा फीस 16.35 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि में मुंबई इंडियंस से पंजाब किंग्स चले गए हैं। जबकि अर्शदीप 18 करोड़ रुपये की मौजूदा कीमत पर मुंबई से जुड़ गए हैं।

इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने इस साल राजस्थान रॉयल्स से संजू सैमसन को 18 करोड़ रुपये में खरीदा था। इसके बदले में राजस्थान रॉयल्स ने सीएसके से रविंद्र जडेजा को 14 करोड़ और सैम कुरेन को 2.4 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था। ट्रांसफर फीस दोनों फ्रेंचाइजी के बीच आपसी समझौता है और यह टीम में बनाए रखने की फीस (रिटेंशन फीस यानि फ्रेंचाइजी का खिलाड़ी को भुगतान किया जाने वाला वेतन) से अलग है।

दोनों टीमों ने आपसी सहमति से तय किया कि हार्दिक की फीस में 1.65 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी होगी। मौजूदा नियमों के अनुसार उन्हें इस बढ़ोतरी का 50 प्रतिशत हिस्सा मिलेगा। बाकी रकम मुंबई इंडियंस को मिलेगी। हार्दिक का इस तरह से मुंबई इंडियंस के साथ दूसरा कार्यकाल भी समाप्त हो गया है। वह पहली बार 2015 में मुंबई इंडियंस से जुड़े थे। तब उन्होंने इस फ्रेंचाइजी के साथ चार खिताब जीते थे। इस 33 वर्षीय खिलाड़ी ने टीम को 2015, 2017, 2019 और 2020 में खिताब दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

मुंबई की टीम के साथ सात सत्र बिताने के बाद हार्दिक 2022 में 15 करोड़ रुपये की फीस पर गुजरात टाइटन्स में शामिल हो गए। उन्होंने फ्रेंचाइजी को अपने पहले ही सत्र में खिताब दिलाया। गुजरात की टीम 2023 में फाइनल तक भी पहुंची थी। हार्दिक ने 2024 में मुंबई इंडियंस में वापसी की थी और रोहित शर्मा की जगह कप्तानी संभाली थी। लेकिन इस बीच उनकी टीम का प्रदर्शन बेहद खराब रहा। चोटों से परेशान रहे हार्दिक हालांकि परिस्थितियों से परेशान रहे।

मुंबई इंडियंस की कप्तानी संभालने के बाद उन्हें लगातार दर्शकों की हूटिंग का सामना करना पड़ा। दूसरे सत्र में स्थिति थोड़ी बेहतर रही लेकिन तीसरे सत्र में हालात बिगड़ते चले गए। इस बीच ड्रेसिंग रूम में मतभेद की खबरें भी सामने आई और यह स्पष्ट हो गया कि सीनियर खिलाड़ियों के बीच सब कुछ अच्छा नहीं चल रहा है। इन खिलाड़ियों ने भारत की टी20 टीम के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी शामिल थे, जिन्हें कप्तानी के लिए नजरअंदाज कर दिया गया था।

ये भी पढ़ें- IPL 2027: आईपीएल में अब तक का सबसे बड़ा डील! मुंबई ने हार्दिक पांड्या को पंजाब के हाथों 18 करोड़ में बेचा, बदले में MI को मिला तूफानी गेंदबाज अर्शदीप सिंह

रोहित को अचानक टीम से बाहर किए जाने का मुद्दा भी विवाद का विषय बना रहा और अब कयास लगाए जा रहे हैं के फ्रेंचाइजी की तरफ से उनके संभवत: आखिरी सत्र में उन्हें फिर से कप्तानी सौंपी जा सकती है। तिलक वर्मा को उप कप्तान बनाए जाने की संभावना है। मुंबई की टीम पिछले सत्र में 14 मैच में केवल चार में ही जीत हासिल कर पाई थी। चोटिल होने के कारण हार्दिक अंतिम चरण के मैचों में नहीं खेल पाए थे।

अर्शदीप का अनूठा रिकॉर्ड

इन तमाम घटनाओं के बावजूद हार्दिक ने आईपीएल में खुद को मैच विजेता साबित किया है। उन्होंने आईपीएल में अभी तक 162 मैचों में 146.28 के स्ट्राइक रेट से 2,955 रन बनाए हैं और 82 विकेट लिए हैं। अर्शदीप आठ सत्र तक पंजाब की टीम से खेलने के बाद अब मुंबई की टीम में शामिल हो रहे हैं। इस तेज गेंदबाज ने 2019 में पंजाब की टीम से आईपीएल में डेब्यू किया था। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज के रूप में अपनी छाप छोड़ी थी। उन्होंने आईपीएल के 96 मैच में 111 विकेट लिए हैं जो पंजाब किंग्स की तरफ से रिकॉर्ड है। उन्होंने 2025 के सत्र में 21 और 2026 में 14 विकेट लिए। यह 27 वर्षीय खिलाड़ी टी20 प्रारूप में भारत का सबसे अधिक विकेट लेने वाला गेंदबाज भी है। उन्होंने 104 मैचों में 151 विकेट लिए हैं।