पीएम मोदी ने जेलेंस्की से फोन पर की बात, रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म करने पर हुई चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की से फोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं ने रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के हालात पर चर्चा की। पीएम मोदी ने कहा कि, भारत इस विवाद को बातचीत के जरिए शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने के प्रयासों में सहयोग करने के लिए तैयार है। इसके साथ ही भारत और यूक्रेन के बीच आपसी संबंधों और सहयोग को और मजबूत बनाने के तरीकों पर भी विचार किया। जानें भारत और यूक्रेन के शीर्ष नेताओं के बीच किन-किन मुद्दों पर बात हुई है।

पीएम ने क्या कहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर भारत का रुख साफ करते हुए कहा कि इस विवाद का हल बातचीत और कूटनीति के जरिए ही निकाला जाना चाहिए। पीएम मोदी ने दोहराया कि भारत शांति स्थापित करने की हर कोशिश में सहयोग करने के लिए तैयार है। वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने युद्ध से जुड़े ताजा हालात पर अपनी बात रखी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ट्वीट में कहा, “राष्ट्रपति जेलेंस्की से फोन पर अच्छी बातचीत करके खुशी हुई। इस दौरान हमने दोनों देशों के बीच चल रहे सहयोग की समीक्षा की और भारत-यूक्रेन के रिश्तों को और मजबूत करने पर सहमति जताई। मैंने राष्ट्रपति जेलेंस्की को युद्ध के मौजूदा हालात, उससे जुड़ी मानवीय समस्याओं और शांति बहाल करने के प्रयासों पर अपनी बात रखने के लिए धन्यवाद दिया। साथ ही, शांतिपूर्ण समाधान के लिए हर संभव मदद करने के भारत के संकल्प को भी दोहराया।”

 

जेलेंस्की ने ब्लैक सी पर रूस की रोक को लेकर बात की

यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने बताया कि, उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के साथ ब्लैक सी के रास्ते अनाज के निर्यात पर रूस की ओर से लगाई गई रोक को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने कहा, “भारत के लिए यह समझना जरूरी है कि वह युद्ध खत्म कराने में किस तरह मदद कर सकता है और दूसरे देशों के नेताओं के साथ क्या कदम उठा सकता है। खाद्य सुरक्षा भी ऐसा ही एक अहम मुद्दा है। हमने ब्लैक सी के रास्ते अनाज भेजने पर रूस की रोक को लेकर बात की।”

उन्होंने आगे कहा, “भारत खाद्य आपूर्ति के लिए रास्ता तैयार करने में मध्यस्थता करने को तैयार है। हमें उम्मीद है कि इस दिशा में प्रयास जारी रहेंगे। रूस को समझना चाहिए कि समुद्री रास्ते बंद होने से दुनिया की अर्थव्यवस्था और करोड़ों लोग प्रभावित हो रहे हैं। हम इस बात पर सहमत हुए हैं कि दोनों देशों की टीमें इन मुद्दों और आपसी संबंधों से जुड़े दूसरे मामलों पर बातचीत जारी रखेंगी।”

 

2024 में कीव गए थे मोदी

बता दें अगस्त 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूक्रेन की राजधानी कीव पहुंचे थे। यह भारत और यूक्रेन के बीच राजनयिक संबंध स्थापित होने के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का पहला यूक्रेन दौरा था। वहीं, युद्ध शुरू होने के बाद से पीएम मोदी और राष्ट्रपति जेलेंस्की के बीच कई बार फोन पर बातचीत हो चुकी है।