महंगाई का झटका! HUL ने सर्फ एक्सेल, रिन और व्हील के दाम बढ़ाए; साबुन भी हुआ महंगा

दिग्गज FMCG कंपनी Hindustan Unilever (HUL) ने अपने कई रोजमर्रा के इस्तेमाल वाले प्रोडक्ट महंगे कर दिए हैं। कंपनी ने Surf Excel, Rin और Wheel जैसे डिटर्जेंट ब्रांड के दाम बढ़ाए हैं। कुछ प्रोडक्ट की कीमतों में 11% तक की बढ़ोतरी हुई है। पैक के हिसाब से दाम ₹1 से ₹10 तक बढ़े हैं। इसके अलावा Moti Gulab साबुन भी महंगा हो गया है।

कच्चे माल की महंगाई का असर

HUL ने यह कदम बढ़ती लागत के बीच उठाया है। कंपनी के सामने कच्चे माल की महंगाई से मार्जिन पर दबाव है। ऐसे में वह कीमतें बढ़ाकर लागत का कुछ बोझ ग्राहकों पर डाल रही है।

पिछले महीने कंपनी की MD और CEO प्रिया नायर ने भी कहा था कि इनपुट कॉस्ट में बदलाव के हिसाब से कीमतों में सोच-समझकर बढ़ोतरी की जाएगी। उनका कहना था कि कमोडिटी की महंगाई अब भी चुनौती बनी हुई है।

Surf Excel के नए रेट

Surf Excel Quick Wash के 1 किलो पैक की कीमत ₹235 से बढ़कर ₹245 हो गई है। वहीं, 500 ग्राम का पैक ₹123 से महंगा होकर ₹128 का हो गया है।

Surf Excel Easy Wash के 1 किलो पैक के दाम ₹167 से बढ़कर ₹172 हो गए हैं। इसके 500 ग्राम पैक की कीमत भी ₹85 से बढ़कर ₹87 हो गई है। Surf Excel के 250 ग्राम बार का दाम ₹42 से बढ़कर ₹45 हो गया है।

Rin और Wheel भी महंगे

Rin Ala के 500 ml पैक की कीमत ₹90 से बढ़कर ₹95 हो गई है। Rin डिटर्जेंट पाउडर का 1 किलो पैक अब ₹123 में मिलेगा। पहले इसकी कीमत ₹120 थी। वहीं, 500 ग्राम पैक ₹61 से बढ़कर ₹63 का हो गया है।

Wheel डिटर्जेंट पाउडर के 1 किलो पैक का दाम ₹90 से बढ़कर ₹93 हो गया है। इसका 500 ग्राम पैक अब ₹47 में मिलेगा।

Moti साबुन के दाम भी बढ़े

HUL ने Moti Gulab साबुन की कीमत भी बढ़ाई है। 150 ग्राम का पैक अब ₹74 के बजाय ₹82 में मिलेगा। यानी इसकी कीमत में ₹8 की बढ़ोतरी हुई है। यह 10% से ज्यादा का इजाफा है।

कंपनी का यह फैसला ऐसे समय आया है, जब FMCG कंपनियां बढ़ती लागत के बीच अपने मार्जिन बचाने की कोशिश कर रही हैं। साथ ही उनकी कोशिश है कि कीमतें बढ़ने के बावजूद प्रोडक्ट की बिक्री पर ज्यादा असर न पड़े।

Jefferies Buy Rating: इन 5 शेयरों में 51% तक तेजी की गुंजाइश, जेफरीज ने खरीदने की सलाह दी