Crude Oil Price: ट्रंप के बयान से कच्चे तेल में बड़ी गिरावट, ईरान पर हमले की आशंका घटी

Crude Oil Price: कच्चे तेल की कीमतों में सोमवार को तेज गिरावट आई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान पर नए हमले की संभावना को कम बताने के बाद तेल के दाम नीचे आ गए। हालांकि, होर्मुज स्ट्रेट के पास जहाजों पर हमलों से सप्लाई को लेकर चिंता बनी हुई है।

सोमवार को ब्रेंट क्रूड 3.6% गिरकर 94.83 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। वहीं, अमेरिकी WTI क्रूड 2.9% टूटकर 88.17 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

पिछले सप्ताह ब्रेंट क्रूड में करीब 16% की गिरावट आई थी। यह दो महीने के निचले स्तर 93.22 डॉलर तक पहुंच गया था। कोरोना महामारी की शुरुआत के बाद यह इसकी सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट थी।

ट्रंप के बयान से कीमतों पर दबाव

ट्रंप ने रविवार को कहा कि अगर ईरान के साथ संघर्ष खत्म करने की बातचीत आगे बढ़ती है, तो नए हमले की संभावना काफी कम है। इससे बाजार को राहत मिली। हालांकि, दोनों देशों ने होर्मुज स्ट्रेट के आसपास जहाजों पर हमलों की खबर दी है।

Saxo Bank के एनालिस्ट Ole Hansen ने रॉयटर्स को बताया कि तेल की कीमतें किसी ठोस समझौते के बजाय अमेरिका और ईरान के बीच शांति की उम्मीद में गिर रही हैं। ट्रंप के ताजा बयान से भी कीमतों पर दबाव बढ़ा है।

तेल की सप्लाई बढ़ने से भी चिंता

JPMorgan की रिपोर्ट के मुताबिक, मिडिल ईस्ट से तेल की सप्लाई सुधर रही है। दूसरे देशों में उत्पादन बढ़ा है, जबकि मांग कमजोर बनी हुई है। ऐसे में बाजार में तेल की सप्लाई खपत से ज्यादा हो गई है।

बैंक का अनुमान है कि सितंबर में रोजाना 11 लाख बैरल और अक्टूबर में 14 लाख बैरल का अतिरिक्त उत्पादन रहा।

सऊदी अरब और रूस में हमलों की खबर

ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने रविवार को रियाद में सऊदी अरामको के कार्यालयों पर हमले की जिम्मेदारी ली। वहीं, सोमवार को यूक्रेन के ड्रोन हमले के बाद रूस की किरिशी ऑयल रिफाइनरी में आग लग गई।

इन घटनाओं के बावजूद फिलहाल बाजार की नजर अमेरिका-ईरान बातचीत और तेल की सप्लाई पर बनी हुई है।

Nvidia Share Price: एनवीडिया के शेयर धड़ाम, CEO जेन्सेन हुआंग की जासूसी के आरोपों से निवेशकों की चिंता बढ़ी