Nvidia Share Price: एनवीडिया के शेयर धड़ाम, CEO जेन्सेन हुआंग की जासूसी के आरोपों से निवेशकों की चिंता बढ़ी

Nvidia Share Price: अमेरिका की दिग्गज चिप मेकर Nvidia के शेयरों में सोमवार को भारी गिरावट देखने को मिली। कंपनी के CEO जेन्सेन हुआंग (Jensen Huang) को लेकर चल रही एक आंतरिक जांच ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। जांच इस बात को लेकर है कि क्या हुआंग को किसी विदेशी खुफिया एजेंसी ने निशाना बनाया था।

मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि हुआंग का चीन की एक कारोबारी महिला एलिस हुआंग (Alice Huang) से करीबी संबंध था। आरोप है कि महिला ने बीजिंग को जानकारी पहुंचाई थी। हालांकि, चीन के विदेश मंत्रालय ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है।

जेन्सेन हुआंग के भविष्य पर चर्चा

इस मामले के सामने आने के बाद Nvidia में हुआंग की भूमिका को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। Nvidia दुनिया की सबसे मूल्यवान चिप कंपनी है। AI बूम में हुआंग की भूमिका काफी अहम रही है।

हुआंग ने कंपनी के कर्मचारियों से कहा कि वह अपनी पत्नी के प्रति वफादार नहीं रहे। हालांकि, उन्होंने रिश्ते से जुड़ी ज्यादा जानकारी नहीं दी।

Nvidia के बोर्ड ने हुआंग पर भरोसा जताया है। कुछ विश्लेषकों का मानना है कि कंपनी में उनका कोई मजबूत विकल्प नहीं है। हुआंग के पास Nvidia की करीब 3.6% हिस्सेदारी है। वह कंपनी के पांचवें सबसे बड़े शेयरधारक हैं।

शेयर में 5% तक गिरावट

Nvidia के शेयर अमेरिकी बाजार खुलने से पहले करीब 5% तक गिर गए। पिछले सप्ताह भी शेयर में बिकवाली देखने को मिली थी। मौजूदा भाव पर कंपनी की मार्केट वैल्यू में करीब 250 अरब डॉलर की कमी आ सकती है।

ब्रोकरेज Pepperstone के रिसर्च हेड Chris Weston ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि इस खबर से शेयर को झटका लग सकता है। हालांकि, उन्हें नहीं लगता कि हुआंग पद छोड़ेंगे।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी हुआंग को अच्छा व्यक्ति बताया। उन्होंने कहा कि Huang ने शानदार काम किया है। ट्रंप के मुताबिक, उन्होंने इस मामले पर हुआंग से बात नहीं की है।

Nvidia की बेटी का दक्षिण कोरिया दौरा रद्द

हुआंग की बेटी मेडिसन हुआंग ने दक्षिण कोरिया का दौरा रद्द कर दिया। वो Nvidia में एग्जीक्यूटिव हैं। उन्हें वहां एक AI कॉन्फ्रेंस में शामिल होना था। हालांकि, Nvidia AI Day Seoul का आयोजन तय कार्यक्रम के मुताबिक होगा।

एशियाई चिप कंपनियों के शेयरों में तेजी

Nvidia की खबर के बीच एशियाई चिप कंपनियों के शेयरों में सुधार दिखा। TSMC के शेयर 4.7% चढ़े। Samsung Electronics में 0.6% और SK Hynix में 0.4% की तेजी रही।

विश्लेषकों का मानना है कि जांच लंबी खिंचने पर Nvidia के निवेश और प्रोडक्ट लॉन्च पर असर पड़ सकता है। इससे AMD जैसी प्रतिद्वंद्वी कंपनियों को फायदा मिल सकता है। हालांकि, Nvidia के चिप्स को बदलना आसान नहीं है।

Stock Market Holiday: मंगलवार 10 नवंबर को बंद रहेंगे NSE और BSE, जानें अब कब खुलेगा बाजार

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

Jensen Huang: व्हिस्की डेट्स से लेकर अरबों के डील तक… ऐसे Nvidia CEO जेनसन हुआंग के करीब पहुंचीं चीनी महिला एलिस, जासूसी से अमेरिका में मचा हड़कंप!

Jensen Huang: दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में शामिल Nvidia के CEO जेनसन हुआंग एक बड़े विवाद में घिर गए हैं। चीनी कारोबारी एलिस हुआंग (Alice Huang) के साथ उनके कथित अफेयर और चीन के लिए जासूसी किए जाने के आरोपों ने अमेरिकी टेक और खुफिया जगत में हलचल मचा दी है। आरोप है कि एलिस हुआंग को चीन की खुफिया एजेंसियों ने जेनसन हुआंग के करीब पहुंचने और उनके जरिए ग्लोबल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इंडस्ट्री से जुड़ी संवेदनशील जानकारी हासिल करने के लिए इस्तेमाल किया हो सकता है। इस मामले ने Nvidia के 63 वर्षीय CEO की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, व्हिस्की पार्टियों, टेक इवेंट्स और अरबों डॉलर के कारोबारी सौदों के बीच एलिस ने जेनसन से नजदीकियां बढ़ाई। अमेरिकी एजेंसियों को शक है कि एलिस चीन की खुफिया एजेंसियों के लिए काम कर रही थीं। उनका मकसद Nvidia प्रमुख तक पहुंच बनाकर AI इंडस्ट्री से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां हासिल करना हो सकता था। इस बीच, जेनसन ने अपनी पत्नी से बेवफाई की बात स्वीकार करते हुए माफी मांगी है।

कंपनी ने शुरू की मामले की जांच

Nvidia के बोर्ड ने भी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को इस कथित ऑपरेशन की जानकारी पहले ही मिल गई थी। यहां तक कि अमेरिकी अधिकारियों ने दोनों के कथित अंतरंग संबंधों को लेकर एक गोपनीय रिपोर्ट भी तैयार किया था। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है।

कैसे बढ़ीं जेनसन हुआंग और एलिस की नजदीकियां?

अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों के बीच संबंध कम से कम जून 2024 से बताए जा रहे हैं। उस दौरान ताइपे में एक टेक्नोलॉजी ट्रेड शो के बाद दोनों को एक बार में साथ देखा गया था। टेक्नोलॉजी कंपनी NetThunder की ओर से LinkedIn पर शेयर की गई तस्वीरों में जेनसन हुआंग काली लेदर जैकेट पहने एलिस हुआंग के साथ बैठे नजर आए थे। उस शाम दोनों ने टेक इंडस्ट्री से जुड़े अन्य अधिकारियों के साथ समय बिताया और व्हिस्की पी।

इसके बाद मई 2025 में Computex टेक्नोलॉजी प्रदर्शनी के दौरान Nvidia CEO की ओर से ताइपे के एक चीनी रेस्तरां में डिनर आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में भी एलिस हुआंग मौजूद थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, तस्वीरों और लाइवस्ट्रीम फुटेज में एलिस को जेनसन के करीब बैठे, उनके गाल पर किस करते और उनकी पीठ पर हाथ रखते हुए देखा गया। जब जेनसन पत्रकारों से बात करने के लिए बाहर गए तो एलिस भी उनके पीछे जाती नजर आईं। बाद में दोनों कथित तौर पर एक ही कार से वहां से रवाना हुए।

कौन हैं एलिस हुआंग, जिनसे जुड़ा है पूरा विवाद?

एलिस हुआंग को हुआंग ले (Huang Le) के नाम से भी जाना जाता है। वह चीनी नागरिक हैं। बताया जाता है कि उनके ग्लोबल AI चिप कारोबार से जुड़े कई लोगों और कंपनियों के साथ संपर्क हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने अपने करियर की शुरुआत चीन में टीवी पत्रकार के रूप में की थी। एक चीनी फंड डेटाबेस की ऑनलाइन प्रोफाइल में HSBC, चीन के सरकारी टीवी CCTV और हुनान टीवी में उनके काम करने का जिक्र है।

बाद में वह टेक्नोलॉजी सेक्टर में आ गईं और सिंगापुर की कंपनी Megaspeed International में वरिष्ठ पद पर काम करने लगीं। यह कंपनी कारोबारियों को AI सिस्टम की ट्रेनिंग और संचालन के लिए कंप्यूटिंग पावर उपलब्ध कराती है। कंपनी की वेबसाइट के मुताबिक, Megaspeed एशिया-प्रशांत क्षेत्र में Nvidia के कंप्यूटिंग पावर क्लाउड कारोबार की प्रमुख साझेदार है।

Megaspeed कंपनी पर क्यों है अमेरिकी एजेंसियों की नजर?

इस पूरे मामले में Megaspeed International की भूमिका भी जांच के दायरे में बताई जा रही है। ‘The New York Times’ की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी सरकार 2024 से ही इस कंपनी की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। संदेह था कि कंपनी प्रतिबंधित Nvidia, AI प्रोसेसर को चीन तक पहुंचाने में मदद कर रही है। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया कि Megaspeed ने दो साल के भीतर 4.8 अरब डॉलर से अधिक के Nvidia चिप खरीदे थे। वहीं, सिंगापुर के अधिकारियों ने भी 2025 में कंपनी से जुड़ी जांच के दौरान एलिस हुआंग से पूछताछ की थी।

अमेरिका अपने सबसे हाईटेक AI प्रोसेसर चीन को निर्यात करने पर प्रतिबंध लगाया है। वाशिंगटन को आशंका है कि इन चिप्स का इस्तेमाल चीन अपनी सैन्य और तकनीकी क्षमताओं को मजबूत करने के लिए कर सकता है। हालांकि, Megaspeed ने दिसंबर 2025 में अवैध तरीके से चिप ट्रांसफर करने के आरोपों को खारिज किया था। कंपनी ने Bloomberg की रिपोर्टिंग को भ्रामक बताया था। Nvidia भी पहले कह चुकी है कि उसकी जांच में किसी तरह की गड़बड़ी का सबूत नहीं मिला।

जेनसन हुआंग ने पत्नी से मांगी माफी 

इस विवाद के बीच जेनसन हुआंग का एक कथित निजी बयान भी सामने आया है, जिसमें उन्होंने अपनी पत्नी और बच्चों से माफी मांगी है। उन्होंने स्वीकार किया कि वह अपनी पत्नी के प्रति वफादार नहीं रहे। उनके इस फैसले से परिवार को दुख पहुंचा। अपने कर्मचारियों को लिखे संदेश में उन्होंने कहा कि उनके व्यवहार का कोई बहाना नहीं है। वह अपनी गलतियों की पूरी जिम्मेदारी लेते हैं। उन्होंने अपनी पत्नी और परिवार से कहा कि वह उनसे प्यार करते हैं। हुआंग ने कहा कि वह जानते हैं कि सिर्फ माफी मांगने से हुए नुकसान की भरपाई नहीं हो सकती। उन्हें उम्मीद है कि समय के साथ उनका परिवार इस मुश्किल दौर से उबर सकेगा और वह दोबारा उनका भरोसा जीत पाएंगे।

Nvidia बोर्ड ने शुरू की स्वतंत्र जांच

जेनसन हुआंग ने अपने बयान में यह भी कहा कि Nvidia के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सवालों और मीडिया रिपोर्ट्स में लगाए गए आरोपों की जांच के लिए स्वतंत्र जांच शुरू की है। उन्होंने कहा कि वह इस जांच का समर्थन करते हैं। वह इसमें पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने अमेरिका और Nvidia के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि कंपनी की सुरक्षा और अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने अपने बयान के अंत में मीडिया से अपने परिवार की निजता का सम्मान करने की अपील भी की।

ये भी पढ़ें- Alice Huang: जेनसेन हुआंग और चीनी महिला जासूस की रहस्यमय तस्वीरें लीक! अमेरिका में मचा तहलका, मुश्किल में फंसे Nvidia CEO