Gold Silver Prices Today: दिल्ली में सोना लगातार तीसरे दिन फिसला, 2200 रुपये गिरकर 1.43 लाख पर आया

सोने की कीमतों में गिरावट का सिलसिला लगातार तीसरे सत्र जारी रहा। 12 नवंबर को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 2,200 रुपये टूटकर 1,43,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। घरेलू बाजार में कमजोर मांग और अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने में गिरावट का असर इसकी घरेलू कीमतों पर पड़ा।

चांदी में दिल्ली सर्राफा बाजार में स्थिरता

दिल्ली में गुरुवार को 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 2,200 रुपये गिरकर 1,43,400 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) पर आ गया। बुधवार को इसका भाव 1,45,600 रुपये प्रति 10 ग्राम था। हालांकि, चांदी की कीमत 1,87,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने-चांदी के दाम गिरे

HDFC Securities के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटीज) सौमिल गांधी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोने का भाव 1 फीसदी यानी 39.93 डॉलर गिरकर 3,950 डॉलर प्रति औंस के नीचे आ गया। मजबूत अमेरिकी डॉलर के कारण सोने की कीमतों पर दबाव बढ़ा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी की कीमत 1.17 फीसदी गिरकर 51.06 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।

डॉलर में मजबूती से बढ़ सकता है सोने पर दबाव

Mirae Asset Sharekhan के हेड ऑफ कमोडिटीज प्रवीण सिंह के मुताबिक, अगर डॉलर इंडेक्स 103 के आसपास मौजूद मजबूत रेजिस्टेंस को निर्णायक रूप से पार कर जाता है, तो यह 104.50 तक जा सकता है। ऐसा होने पर सोने की कीमतों पर और दबाव बढ़ सकता है। गुरुवार को अमेरिकी डॉलर इंडेक्स 102.88 पर था।

यह भी पढ़ें: Gold Price Today: गोल्ड फ्यूचर्स लगातार तीसरे दिन गिरा, MCX पर ₹1.38 लाख के करीब पहुंचा

ब्रेंट क्रूड फिर से 92 डॉलर के पार पहुंचा

ब्रेंट क्रूड 90 डॉलर प्रति बैरल के नीचे जाने के बाद फिर से तेजी दिखा रहा है। 12 नवंबर को यह 92 डॉलर प्रति बैरल के पार हो गया। पहले से ही महंगे क्रूड की वजह से दुनियाभर में महंगाई बढ़ रही है। अमेरिका में अक्तूबर में रिटेल इनफ्लेशन का डेटा उम्मीद से ज्यादा रहा। इससे दिसंबर में फेडरल रिजर्व के इंटरेस्ट रेट बढ़ाने की उम्मीद बढ़ी है। अगर ऐसा होता है तो सोने की कीमतों पर दबाव बढ़ सकता है।