Chhath Puja Special Trains: भारतीय रेलवे ने छठ पर्व के लिए चलाईं स्पेशल ट्रेनें, रूट और शेड्यूल देखें

छठ पूजा के दौरान घर जाने वाले यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है। उत्तर रेलवे ने बिहार और आसपास के राज्यों के लिए त्योहार विशेष आरक्षित ट्रेनों का विस्तृत कार्यक्रम जारी किया है। वहीं पूर्व रेलवे और दक्षिण रेलवे ने भी विशेष सेवाओं की घोषणा की है। दक्षिण पूर्व रेलवे ने पहले से चल रही कुछ स्पेशल ट्रेनों के संचालन की अवधि बढ़ाई है। इन ट्रेनों के जरिए नई दिल्ली, आनंद विहार टर्मिनल, पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, गोरखपुर, रक्सौल, सहरसा, सीतामढ़ी, रांची और आसनसोल समेत कई शहरों के बीच यात्रियों को अतिरिक्त रेल सेवाएं मिलेंगी।

साल 2026 में छठ पर्व 13 नवंबर से शुरू होकर 16 नवंबर तक चलेगा। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होगी और समापन 16 नवंबर को उषा अर्घ्य के साथ होगा। 15 नवंबर को डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग बिहार, उत्तर प्रदेश और आसपास के राज्यों में अपने घरों की ओर यात्रा करते हैं। ऐसे में अतिरिक्त ट्रेन सेवाओं से यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

उत्तर रेलवे ने दिल्ली से बिहार के लिए घोषित कीं कई स्पेशल ट्रेनें

उत्तर रेलवे ने छठ पूजा के दौरान यात्रियों की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए त्योहार विशेष ट्रेनों का विस्तृत कार्यक्रम जारी किया है। इन ट्रेनों के जरिए नई दिल्ली और आनंद विहार टर्मिनल को बिहार के कई प्रमुख शहरों के साथ-साथ दूसरे राज्यों के गंतव्यों से जोड़ा गया है।

उत्तर रेलवे की घोषित सेवाओं में नई दिल्ली और पटना के बीच कई स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं। इनके ट्रेन नंबर 02251, 02252, 02253, 02254, 02257, 02258, 02435, 02436 और 02437 हैं। इसके अलावा आनंद विहार टर्मिनल-मुजफ्फरपुर, नई दिल्ली-सीतामढ़ी, आनंद विहार टर्मिनल-लोकमान्य तिलक टर्मिनस, योग नगरी ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर, नई दिल्ली-सहरसा और सहरसा-आनंद विहार टर्मिनल के बीच भी विशेष सेवाएं शामिल हैं।

रेलवे की सूची में गोरखपुर-नई दिल्ली, छपरा-आनंद विहार टर्मिनल और पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार टर्मिनल के बीच चलने वाली ट्रेनें भी शामिल हैं। इसके साथ ही बिहार को वाराणसी, अयोध्या, कानपुर और चंडीगढ़ जैसे शहरों से जोड़ने वाले रूट पर भी स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी।

इन ट्रेनों का संचालन अलग-अलग दिनों और समय-सारिणी के अनुसार होगा। कुछ ट्रेनें रोजाना, कुछ साप्ताहिक और कुछ चुनिंदा तारीखों पर चलाई जाएंगी। उपलब्ध कार्यक्रम के अनुसार, इन विशेष सेवाओं का संचालन 11 नवंबर 2026 से शुरू हो रहा है। कुछ ट्रेनें नवंबर के आखिर तक चलेंगी, जबकि कुछ सेवाओं का संचालन 1 दिसंबर 2026 तक जारी रहेगा।

नई दिल्ली-पटना स्पेशल ट्रेन: जानिए प्रस्थान और पहुंचने का समय

उत्तर रेलवे की ओर से घोषित ट्रेनों में नई दिल्ली और पटना के बीच आरक्षित त्योहार विशेष ट्रेन भी शामिल है। ट्रेन नंबर 04060 नई दिल्ली से पटना के लिए 11 नवंबर को चलेगी।

यह ट्रेन नई दिल्ली से रात 10:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 7 बजे पटना पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन नंबर 04059 पटना से नई दिल्ली के लिए 12 नवंबर को चलेगी। यह ट्रेन पटना से शाम 7 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 10:45 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

इस रूट पर ट्रेन के ठहराव में गाजियाबाद, टूंडला, गोविंदपुरी, प्रयागराज जंक्शन, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा और दानापुर समेत अन्य स्टेशन शामिल हैं।

पूर्व रेलवे की भागलपुर से आनंद विहार के लिए अनारक्षित स्पेशल ट्रेन

पूर्व रेलवे ने भी त्योहार के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए भागलपुर से आनंद विहार टर्मिनल के लिए एक तरफा अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। ट्रेन नंबर 04455 भागलपुर से 11 नवंबर 2026 को रात 9:30 बजे रवाना होगी और आनंद विहार टर्मिनल तक जाएगी। यह ट्रेन उसी रूट और ठहराव वाले स्टेशनों से होकर चलेगी, जिनसे 12367 भागलपुर-आनंद विहार टर्मिनल विक्रमशिला एक्सप्रेस गुजरती है।

पूर्व रेलवे ने इससे पहले दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ के त्योहारों को देखते हुए 10 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों की भी घोषणा की थी। इन ट्रेनों के जरिए हावड़ा और कोलकाता को रक्सौल, पटना, सीतामढ़ी, गोरखपुर और मधुबनी जैसे शहरों से जोड़ा गया है। इस सूची में आसनसोल-पटना, आसनसोल-गोरखपुर और मालदा टाउन-दीघा के बीच चलने वाली ट्रेनें भी शामिल हैं।

इन ट्रेनों का संचालन सप्ताह के निर्धारित दिनों में किया जाना है। कुछ ट्रेनों के ठहराव में नैहाटी, बंदेल, बर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह स्टेशन शामिल हैं।

इन स्पेशल ट्रेनों में जनरल सेकंड क्लास, स्लीपर क्लास और एसी श्रेणी की यात्रा सुविधा उपलब्ध है। पूर्व रेलवे ने इन सेवाओं की घोषणा त्योहार के दौरान यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को संभालने के लिए पहले से की गई व्यवस्था के तहत की है।

दक्षिण रेलवे ने तमिलनाडु से बिहार के लिए घोषित कीं स्पेशल ट्रेनें

छठ पूजा के दौरान दक्षिण भारत से बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए दक्षिण रेलवे ने भी अतिरिक्त विशेष ट्रेनों की घोषणा की है। इन सेवाओं के जरिए तमिलनाडु को बिहार के शहरों से जोड़ा जाएगा। दक्षिण रेलवे की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा की गई जानकारी के मुताबिक, ट्रेन नंबर 06135 पोदानूर-रक्सौल वन-वे एक्सप्रेस स्पेशल पोदानूर से रक्सौल के बीच चलेगी।

इसके अलावा ट्रेन नंबर 06133 डॉ. एमजीआर चेन्नई सेंट्रल-बरौनी वन-वे एक्सप्रेस स्पेशल चेन्नई को बरौनी से जोड़ेगी। इन दोनों ट्रेनों को एक तरफा एक्सप्रेस स्पेशल सेवा के तौर पर घोषित किया गया है।

दक्षिण पूर्व रेलवे ने इन स्पेशल ट्रेनों का बढ़ाया संचालन

दक्षिण पूर्व रेलवे ने त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पहले से चल रही कुछ स्पेशल ट्रेनों के संचालन की अवधि भी बढ़ाई है। इनमें रांची-आनंद विहार टर्मिनल, शालीमार-चार्लापल्ली और संतरागाछी-अजमेर के बीच चलने वाली ट्रेनें शामिल हैं।

रांची-आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल (02877/02878): इस ट्रेन का संचालन 3 अक्टूबर से 29 नवंबर 2026 तक निर्धारित किया गया है। रांची से आनंद विहार टर्मिनल जाने वाली ट्रेन शनिवार को चलती है, जबकि वापसी सेवा रविवार को संचालित होती है।

शालीमार-चार्लापल्ली स्पेशल (08045/08046): इस ट्रेन के संचालन की अवधि 2 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 तक बढ़ाई गई है। शालीमार से चार्लापल्ली जाने वाली सेवा शुक्रवार को और वापसी ट्रेन शनिवार को चलती है।

संतरागाछी-अजमेर स्पेशल (08611/08612): इस ट्रेन का संचालन भी बढ़ाया गया है। संतरागाछी से अजमेर जाने वाली ट्रेन 12 अक्टूबर से 28 दिसंबर 2026 तक सोमवार को चलेगी। वहीं, अजमेर से वापसी सेवा 15 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक गुरुवार को संचालित होगी।

टिकट बुक करने से पहले कहां देखें ट्रेनों का पूरा शेड्यूल?

रेलवे की ओर से घोषित स्पेशल ट्रेनों के संचालन के दिन, समय और ठहराव अलग-अलग हैं। कुछ ट्रेनें रोजाना, कुछ सप्ताह में एक दिन और कुछ चुनिंदा तारीखों पर चलाई जा रही हैं। इसलिए यात्रा की योजना बनाने से पहले संबंधित ट्रेन का पूरा शेड्यूल देखना जरूरी है। यात्री टिकट बुक करने से पहले भारतीय रेलवे की आधिकारिक ट्रेन पूछताछ वेबसाइट या NTES ऐप पर ट्रेन की उपलब्धता, संचालन की तारीख और ठहराव से जुड़ी ताजा जानकारी जांच सकते हैं।

कल का मौसम पूर्वानुमान 9 नवंबर: IMD ने इन राज्यों में जोरदार बारिश का अलर्ट दिया, दिल्ली-NCR, यूपी में कोहरे पर ये अपडेट

Weather forecast for November 9: देश के अलग-अलग हिस्सों में 9 नवंबर को मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिल सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं आंध्र प्रदेश, केरल, माहे, लक्षद्वीप और तमिलनाडु के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। दूसरी ओर उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में कोहरे की स्थिति भी देखने को मिल रही है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-NCR, हरियाणा, चंडीगढ़ और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर सुबह के समय हल्का कोहरा दर्ज किया गया। मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्से और पूर्वोत्तर के कुछ इलाकों में भी कोहरे की स्थिति रही।

हालांकि IMD के 9 नवंबर के पूर्वानुमान में दिल्ली-NCR और उत्तर प्रदेश के लिए भारी बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। मौसम विभाग ने पूर्वी भारत में अगले कुछ दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट का अनुमान जताया है। देश के बाकी हिस्सों में अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

9 नवंबर को कहां होगी भारी बारिश?

IMD के मुताबिक 9 नवंबर को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में पिछले 24 घंटे के दौरान भी कई स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार उत्तर और मध्य अंडमान जिले के मायाबंदर और लॉन्ग आइलैंड में 2-2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं निकोबार जिले के लाफा कार्निकोबार में 1 सेंटीमीटर बारिश हुई। तमिलनाडु और आसपास के क्षेत्रों में भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने यहां 9 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है।

आंध्र प्रदेश से तमिलनाडु तक आंधी और बिजली गिरने की आशंका

बारिश के साथ दक्षिण भारत के कई इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की गतिविधियां भी देखने को मिल सकती हैं। IMD ने 9 नवंबर को आंध्र प्रदेश, केरल और माहे, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ जगहों पर आंधी-तूफान की संभावना जताई है। इन इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा आंध्र प्रदेश में कुछ स्थानों पर तेज सतही हवाएं चलने का भी अनुमान है। मौसम विभाग ने 9 नवंबर के लिए मछुआरों को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की है।

दिल्ली-NCR में कोहरे का असर, सफदरजंग और पालम में भी दर्ज हुई स्थिति

दिल्ली-NCR में सुबह के समय कोहरे की स्थिति दर्ज की गई। IMD के मुताबिक हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ स्थानों पर हल्का कोहरा देखा जा रहा है। उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी सुबह कोहरे का असर देखने को मिल रहा। IMD के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्का कोहरा दर्ज किया जा रहा है। पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अधिकतम तापमान अधिकांश स्थानों पर सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस से अधिक नीचे रहा।

मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी मौसम का हाल

मध्य प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में भी सुबह कोहरे की स्थिति दर्ज की गई। IMD के मुताबिक, पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्का कोहरा देखा जा रहा है। पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश में अधिकतम तापमान अधिकांश स्थानों पर सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस से अधिक नीचे रहा। पश्चिमी राजस्थान में भी अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।

देश के मैदानी इलाकों में सबसे कम तापमान 10 डिग्री

तापमान के मोर्चे पर भी मौसम विभाग ने अहम आंकड़े साझा किए हैं। 8 नवंबर को दर्ज किए गए न्यूनतम तापमान के मुताबिक भारत के मैदानी इलाकों में सबसे कम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस हिमाचल प्रदेश के मंडी में रिकॉर्ड किया गया। पूर्वी भारत में अगले 2 से 3 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है। इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने एक अन्य पूर्वानुमान में पूर्वी भारत में अगले 4 से 5 दिनों के दौरान भी अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट का उल्लेख किया है। देश के बाकी हिस्सों में अधिकतम तापमान में किसी महत्वपूर्ण बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।

9 नवंबर को देशभर में मौसम का कुल हाल

IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक 9 नवंबर को बारिश और आंधी-तूफान की गतिविधियां मुख्य रूप से दक्षिण भारत और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह तक सीमित रहेंगी। अंडमान-निकोबार और तमिलनाडु के कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि आंध्र प्रदेश, केरल, माहे, लक्षद्वीप और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। उत्तर भारत में दिल्ली-NCR और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर सुबह के समय कोहरा दर्ज किया गया है। पश्चिमी मध्य प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, ओडिशा तथा असम-मेघालय में भी कोहरे की स्थिति रही। ऐसे में 9 नवंबर को मौसम का सबसे प्रमुख बदलाव दक्षिण भारत में बारिश और उत्तर भारत के कुछ इलाकों में सुबह के कोहरे के रूप में देखने को मिल सकता है।

ये भी पढ़ें- Special Train: दिवाली-छठ के बाद मुंबई लौटने वालों को रेलवे की बड़ी सौगात! गोरखपुर से चलेगी स्पेशल ट्रेन, जानें तारीख और टाइमिंग समेत पूरी डिटेल्स

Special Train: दिवाली-छठ के बाद मुंबई लौटने वालों को रेलवे की बड़ी सौगात! गोरखपुर से चलेगी स्पेशल ट्रेन, जानें तारीख और टाइमिंग समेत पूरी डिटेल्स

Special Train: दीपावली और छठ पूजा का त्योहार समाप्त होने के बाद देश की आर्थिक राजधानी मुंबई और आसपास के शहरों में वापस लौटने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। त्योहारों के बाद ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और कंफर्म टिकट की परेशानी को देखते हुए इंडियन रेलवे ने उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। इस ट्रेन के संचालन से उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

रेलवे की ओर से ट्रेन नंबर 05097/05098 के तहत इस फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में दो-दो फेरे लगाएगी। गोरखपुर से मुंबई जाने वाली ट्रेन 11 और 18 नवंबर को रवाना होगी। जबकि मुंबई से गोरखपुर के लिए वापसी 13 और 20 नवंबर को होगी।

गोरखपुर से मुंबई जाने वाली ट्रेन का शेड्यूल

‘दैनिक भास्कर’ की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रेन नंबर 05097 (गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस फेस्टिवल स्पेशल) गोरखपुर से 11 और 18 नवंबर को रात 8:55 बजे रवाना होगी। रेलवे के शेड्यूल के मुताबिक, यह ट्रेन तीसरे दिन सुबह 8:30 बजे मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी। गोरखपुर से मुंबई तक का सफर करीब 36 घंटे में पूरा होगा। यह ट्रेन रास्ते में कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकते हुए मुंबई पहुंचेगी।

इसका रूट इस प्रकार रहेगा:-

– गोरखपुर

– खलीलाबाद

– बस्ती

– गोंडा

– लखनऊ

– कानपुर सेंट्रल

– उरई

– वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी

– बीना

– भोपाल

– इटारसी

– खंडवा

– भुसावल

– नासिक

– इगतपुरी

– कल्याण

– ठाणे

– लोकमान्य तिलक टर्मिनस (मुंबई)

मुंबई से गोरखपुर लौटने वाली ट्रेन की टाइमिंग

मुंबई से उत्तर प्रदेश लौटने वाले यात्रियों के लिए ट्रेन नंबर 05098 (लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर फेस्टिवल स्पेशल) चलाई जाएगी। यह ट्रेन 13 और 20 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस से रवाना होगी। वापसी के दौरान ट्रेन ठाणे, कल्याण, इगतपुरी, नासिक और भुसावल होते हुए मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी। इसके बाद खंडवा, इटारसी, भोपाल, बीना और झांसी से गुजरते हुए कानपुर सेंट्रल और लखनऊ पहुंचेगी। यह ट्रेन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दूसरे दिन रात 11:50 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।

वापसी का प्रमुख टाइमटेबल इस प्रकार है:-

स्टेशन पहुंचने का समय: गोंडा रात 9:30 बजे। बस्ती रात 10:37 बजे। खलीलाबाद रात 11:07 बजे। गोरखपुर रात 11:50 बजे

20 कोच के साथ चलेगी स्पेशल ट्रेन

रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस स्पेशल ट्रेन में कुल 20 कोच लगाने का फैसला किया है। इनमें अलग-अलग कैटेगरी के कोच शामिल होंगे। इस ट्रेन में जनरल, स्लीपर और एसी थ्री टियर इकोनॉमी कैटेगरी के कोच होने से अलग-अलग बजट के यात्रियों को यात्रा का विकल्प मिलेगा।

कोच का प्रकार                                                                                                     संख्या

जनरेटर सह लगेज एवं LSLRD                                                                           कोच 2

जनरल सेकेंड                                                                                                      क्लास 4

स्लीपर                                                                                                                  क्लास 7

एसी थ्री टियर                                                                                                       इकोनॉमी 7

कुल कोच                                                                                                              20

इन शहरों के यात्रियों को मिलेगी राहत

दिवाली और छठ के बाद बड़ी संख्या में लोग अपने काम और रोजगार के सिलसिले में मुंबई लौटते हैं। ऐसे में नियमित ट्रेनों में सीटों की उपलब्धता कम हो जाती है और यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने में परेशानी होती है। रेलवे की इस विशेष व्यवस्था से गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, लखनऊ, कानपुर, झांसी, भोपाल, इटारसी, भुसावल और नासिक समेत कई शहरों के यात्रियों को फायदा मिलेगा। दिवाली और छठ के बाद मुंबई लौटने वाले यात्रियों के लिए यह स्पेशल ट्रेन एक अतिरिक्त यात्रा विकल्प उपलब्ध कराएगी।

ये भी पढ़ें- Babri Demolition Row: ‘बाबर अब भी कांग्रेस के दिल में है’; बाबरी विध्वंस पर सोनिया गांधी की टिप्पणी पर BJP का तीखा पलटवार