छठ पूजा के दौरान घर जाने वाले यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है। उत्तर रेलवे ने बिहार और आसपास के राज्यों के लिए त्योहार विशेष आरक्षित ट्रेनों का विस्तृत कार्यक्रम जारी किया है। वहीं पूर्व रेलवे और दक्षिण रेलवे ने भी विशेष सेवाओं की घोषणा की है। दक्षिण पूर्व रेलवे ने पहले से चल रही कुछ स्पेशल ट्रेनों के संचालन की अवधि बढ़ाई है। इन ट्रेनों के जरिए नई दिल्ली, आनंद विहार टर्मिनल, पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, गोरखपुर, रक्सौल, सहरसा, सीतामढ़ी, रांची और आसनसोल समेत कई शहरों के बीच यात्रियों को अतिरिक्त रेल सेवाएं मिलेंगी।
साल 2026 में छठ पर्व 13 नवंबर से शुरू होकर 16 नवंबर तक चलेगा। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होगी और समापन 16 नवंबर को उषा अर्घ्य के साथ होगा। 15 नवंबर को डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग बिहार, उत्तर प्रदेश और आसपास के राज्यों में अपने घरों की ओर यात्रा करते हैं। ऐसे में अतिरिक्त ट्रेन सेवाओं से यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
उत्तर रेलवे ने दिल्ली से बिहार के लिए घोषित कीं कई स्पेशल ट्रेनें
उत्तर रेलवे ने छठ पूजा के दौरान यात्रियों की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए त्योहार विशेष ट्रेनों का विस्तृत कार्यक्रम जारी किया है। इन ट्रेनों के जरिए नई दिल्ली और आनंद विहार टर्मिनल को बिहार के कई प्रमुख शहरों के साथ-साथ दूसरे राज्यों के गंतव्यों से जोड़ा गया है।
छठ पूजा त्यौहार के दौरान रेलयात्रियों के सुविधाजनक आवागमन हेतु उत्तर रेलवे द्वारा अन्य क्षेत्राीय रेलों के सहयोग से निम्नलिखित त्यौहार विशेष रेलगाड़ियाँ चलाई जायेंगी, जिनका विवरण निम्नानुसार हैः- https://t.co/t1Xr8GrGKx
— Northern Railway (@RailwayNorthern) November 10, 2026
उत्तर रेलवे की घोषित सेवाओं में नई दिल्ली और पटना के बीच कई स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं। इनके ट्रेन नंबर 02251, 02252, 02253, 02254, 02257, 02258, 02435, 02436 और 02437 हैं। इसके अलावा आनंद विहार टर्मिनल-मुजफ्फरपुर, नई दिल्ली-सीतामढ़ी, आनंद विहार टर्मिनल-लोकमान्य तिलक टर्मिनस, योग नगरी ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर, नई दिल्ली-सहरसा और सहरसा-आनंद विहार टर्मिनल के बीच भी विशेष सेवाएं शामिल हैं।
रेलवे की सूची में गोरखपुर-नई दिल्ली, छपरा-आनंद विहार टर्मिनल और पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार टर्मिनल के बीच चलने वाली ट्रेनें भी शामिल हैं। इसके साथ ही बिहार को वाराणसी, अयोध्या, कानपुर और चंडीगढ़ जैसे शहरों से जोड़ने वाले रूट पर भी स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी।
इन ट्रेनों का संचालन अलग-अलग दिनों और समय-सारिणी के अनुसार होगा। कुछ ट्रेनें रोजाना, कुछ साप्ताहिक और कुछ चुनिंदा तारीखों पर चलाई जाएंगी। उपलब्ध कार्यक्रम के अनुसार, इन विशेष सेवाओं का संचालन 11 नवंबर 2026 से शुरू हो रहा है। कुछ ट्रेनें नवंबर के आखिर तक चलेंगी, जबकि कुछ सेवाओं का संचालन 1 दिसंबर 2026 तक जारी रहेगा।
नई दिल्ली-पटना स्पेशल ट्रेन: जानिए प्रस्थान और पहुंचने का समय
उत्तर रेलवे की ओर से घोषित ट्रेनों में नई दिल्ली और पटना के बीच आरक्षित त्योहार विशेष ट्रेन भी शामिल है। ट्रेन नंबर 04060 नई दिल्ली से पटना के लिए 11 नवंबर को चलेगी।
यह ट्रेन नई दिल्ली से रात 10:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 7 बजे पटना पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन नंबर 04059 पटना से नई दिल्ली के लिए 12 नवंबर को चलेगी। यह ट्रेन पटना से शाम 7 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 10:45 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
इस रूट पर ट्रेन के ठहराव में गाजियाबाद, टूंडला, गोविंदपुरी, प्रयागराज जंक्शन, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा और दानापुर समेत अन्य स्टेशन शामिल हैं।
पूर्व रेलवे की भागलपुर से आनंद विहार के लिए अनारक्षित स्पेशल ट्रेन
पूर्व रेलवे ने भी त्योहार के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए भागलपुर से आनंद विहार टर्मिनल के लिए एक तरफा अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। ट्रेन नंबर 04455 भागलपुर से 11 नवंबर 2026 को रात 9:30 बजे रवाना होगी और आनंद विहार टर्मिनल तक जाएगी। यह ट्रेन उसी रूट और ठहराव वाले स्टेशनों से होकर चलेगी, जिनसे 12367 भागलपुर-आनंद विहार टर्मिनल विक्रमशिला एक्सप्रेस गुजरती है।
Eastern Railway will run a one-way unreserved special train from Bhagalpur to Anand Vihar Terminal to facilitate passenger travel during the festive rush. 🚆
#EasternRailway #SpecialTrain #UnreservedSpecial #Bhagalpur #AnandViharTerminal https://t.co/Sxz6c3Flc6
— Eastern Railway (@EasternRailway) November 10, 2026
पूर्व रेलवे ने इससे पहले दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ के त्योहारों को देखते हुए 10 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों की भी घोषणा की थी। इन ट्रेनों के जरिए हावड़ा और कोलकाता को रक्सौल, पटना, सीतामढ़ी, गोरखपुर और मधुबनी जैसे शहरों से जोड़ा गया है। इस सूची में आसनसोल-पटना, आसनसोल-गोरखपुर और मालदा टाउन-दीघा के बीच चलने वाली ट्रेनें भी शामिल हैं।
इन ट्रेनों का संचालन सप्ताह के निर्धारित दिनों में किया जाना है। कुछ ट्रेनों के ठहराव में नैहाटी, बंदेल, बर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह स्टेशन शामिल हैं।
इन स्पेशल ट्रेनों में जनरल सेकंड क्लास, स्लीपर क्लास और एसी श्रेणी की यात्रा सुविधा उपलब्ध है। पूर्व रेलवे ने इन सेवाओं की घोषणा त्योहार के दौरान यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को संभालने के लिए पहले से की गई व्यवस्था के तहत की है।
दक्षिण रेलवे ने तमिलनाडु से बिहार के लिए घोषित कीं स्पेशल ट्रेनें
छठ पूजा के दौरान दक्षिण भारत से बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए दक्षिण रेलवे ने भी अतिरिक्त विशेष ट्रेनों की घोषणा की है। इन सेवाओं के जरिए तमिलनाडु को बिहार के शहरों से जोड़ा जाएगा। दक्षिण रेलवे की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा की गई जानकारी के मुताबिक, ट्रेन नंबर 06135 पोदानूर-रक्सौल वन-वे एक्सप्रेस स्पेशल पोदानूर से रक्सौल के बीच चलेगी।
Chhath Festival Special Train
To clear the extra rush of passengers during Chhath Festival, Train No. 06135 Podanur–Raxaul One-Way Express Special will be operated from Podanur to Raxaul (Bihar).
#ChhathFestival #SpecialTrains #SouthernRailway #IndianRailways #biharspecialtrain https://t.co/4vlJNZI5UY
— Southern Railway (@GMSRailway) November 10, 2026
इसके अलावा ट्रेन नंबर 06133 डॉ. एमजीआर चेन्नई सेंट्रल-बरौनी वन-वे एक्सप्रेस स्पेशल चेन्नई को बरौनी से जोड़ेगी। इन दोनों ट्रेनों को एक तरफा एक्सप्रेस स्पेशल सेवा के तौर पर घोषित किया गया है।
दक्षिण पूर्व रेलवे ने इन स्पेशल ट्रेनों का बढ़ाया संचालन
दक्षिण पूर्व रेलवे ने त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पहले से चल रही कुछ स्पेशल ट्रेनों के संचालन की अवधि भी बढ़ाई है। इनमें रांची-आनंद विहार टर्मिनल, शालीमार-चार्लापल्ली और संतरागाछी-अजमेर के बीच चलने वाली ट्रेनें शामिल हैं।
Chhath Festival Special Train
To clear the extra rush of passengers during Chhath Festival, Train No. 06133 Chennai Central–Barauni One-Way Express Special will be operated from Dr MGR Chennai Central to Barauni (Bihar).
#ChhathFestival #SpecialTrains #SouthernRailway #IndianRailways #biharspecialtrain
— Southern Railway (@GMSRailway) November 10, 2026
रांची-आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल (02877/02878): इस ट्रेन का संचालन 3 अक्टूबर से 29 नवंबर 2026 तक निर्धारित किया गया है। रांची से आनंद विहार टर्मिनल जाने वाली ट्रेन शनिवार को चलती है, जबकि वापसी सेवा रविवार को संचालित होती है।
शालीमार-चार्लापल्ली स्पेशल (08045/08046): इस ट्रेन के संचालन की अवधि 2 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 तक बढ़ाई गई है। शालीमार से चार्लापल्ली जाने वाली सेवा शुक्रवार को और वापसी ट्रेन शनिवार को चलती है।
संतरागाछी-अजमेर स्पेशल (08611/08612): इस ट्रेन का संचालन भी बढ़ाया गया है। संतरागाछी से अजमेर जाने वाली ट्रेन 12 अक्टूबर से 28 दिसंबर 2026 तक सोमवार को चलेगी। वहीं, अजमेर से वापसी सेवा 15 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक गुरुवार को संचालित होगी।
टिकट बुक करने से पहले कहां देखें ट्रेनों का पूरा शेड्यूल?
रेलवे की ओर से घोषित स्पेशल ट्रेनों के संचालन के दिन, समय और ठहराव अलग-अलग हैं। कुछ ट्रेनें रोजाना, कुछ सप्ताह में एक दिन और कुछ चुनिंदा तारीखों पर चलाई जा रही हैं। इसलिए यात्रा की योजना बनाने से पहले संबंधित ट्रेन का पूरा शेड्यूल देखना जरूरी है। यात्री टिकट बुक करने से पहले भारतीय रेलवे की आधिकारिक ट्रेन पूछताछ वेबसाइट या NTES ऐप पर ट्रेन की उपलब्धता, संचालन की तारीख और ठहराव से जुड़ी ताजा जानकारी जांच सकते हैं।

