सुबह की सैर के दौरान बेहोश होकर गिरे पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, दिल्ली AIIMS में भर्ती, कार्डियो-न्यूरो सेंटर में चल रहा इलाज

सुबह की सैर के दौरान बेहोश होकर गिरे पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, दिल्ली AIIMS में भर्ती, कार्डियो-न्यूरो सेंटर में चल रहा इलाज

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बुधवार सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान वह बेहोश होकर गिर पड़े। इसके बाद उन्हें दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया है। 75 वर्षीय धनखड़ फिलहाल एम्स के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में भर्ती हैं और कार्डियोलॉजी विभाग के डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।

ALSO READ: Nvidia केस में मेगास्पीड की एंट्री से हड़कंप, क्‍या चीन से लेकर सिंगापुर और अमेरिका तक फैला है नेटवर्क?

प्राप्त जानकारी के मुताबिक सुबह की सैर के दौरान धनखड़ अचानक बेहोश हो गए थे और कुछ मिनट तक उन्हें होश नहीं आया। उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मी उन्हें पीसीआर वाहन से घर लेकर पहुंचे। वहां ILBS की मेडिकल टीम और एम्स के डॉक्टर संदीप सेठ ने उनकी जांच कर चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई।

 

हालांकि स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उन्हें एंबुलेंस से दिल्ली एम्स ले जाया गया। सूत्रों के मुताबिक, अस्पताल के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में उन्हें भर्ती किया गया है, जहां कार्डियोलॉजी विभाग के डॉक्टर उनकी जांच और उपचार कर रहे हैं। 

ALSO READ: Electric Scooter : Bajaj Chetak, TVS, Hero, Honda और Suzuki, Ather और River की उड़ी नींद, Vespa का सस्ता इलेक्ट्रिक स्कूटर मचाने आया तहलका

एम्स ने जारी नहीं किया हेल्थ बुलेटिन

जगदीप धनखड़ की मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। एम्स प्रशासन की ओर से भी फिलहाल कोई आधिकारिक हेल्थ बुलेटिन जारी नहीं किया गया है। ऐसे में उनकी तबीयत को लेकर आधिकारिक मेडिकल अपडेट का इंतजार किया जा रहा है। 

पहले भी बिगड़ चुकी है धनखड़ की तबीयत

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को इससे पहले भी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। मार्च 2025 में सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें एम्स के क्रिटिकल केयर यूनिट में भर्ती कराया गया था। उस दौरान उनकी एंजियोप्लास्टी भी की गई थी। जून 2025 में उत्तराखंड के नैनीताल में कुमाऊं विश्वविद्यालय के एक कार्यक्रम के दौरान भी वह बेहोश हो गए थे। जनवरी 2026 में भी उन्हें बेहोशी के दो दौरे पड़ने के बाद एम्स में भर्ती कराया गया था। 

ALSO READ: Samsung Galaxy S27 सीरीज को लेकर बड़ा खुलासा, S27 और S27 Plus को लेकर सामने आई यह खबर

जुलाई 2025 में दिया था उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा

जगदीप धनखड़ ने अगस्त 2022 में देश के 14वें उपराष्ट्रपति के रूप में पदभार संभाला था। उन्होंने 21 जुलाई 2025 को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।