कल का मौसम पूर्वानुमान 12 नवंबर: इन राज्यों में भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट, रात से पहले समंदर से लौटने की चेतावनी

Weather forecast for November 12: देश के कई हिस्सों में 12 नवंबर को मौसम का मिजाज बदल सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में कुछ जगहों पर भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि की आशंका जताई है। वहीं अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश, बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश, केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी कुछ जगहों पर बिजली गिरने के साथ गरज-चमक हो सकती है।

इस बीच बंगाल की खाड़ी में 13 नवंबर को कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना को देखते हुए तमिलनाडु के मत्स्य पालन एवं मछुआरा कल्याण विभाग ने समुद्र में मछली पकड़ रहे सभी मछुआरों के लिए सुरक्षा अलर्ट जारी किया है। विभाग ने पूर्वी तटीय इलाकों में मछली पकड़ने गए मछुआरों को 12 नवंबर की रात तक किनारे पर लौटने की सख्त सलाह दी है। 13 नवंबर से अगले आदेश तक मछली पकड़ने वाली नौकाओं को टोकन भी जारी नहीं किए जाएंगे।

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि की आशंका

IMD के 12 नवंबर के मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की बहुत अधिक संभावना है। इन क्षेत्रों में केवल बारिश ही नहीं बल्कि गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि का भी अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक इन इलाकों में कुछ स्थानों पर बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ आंधी-तूफान जैसी स्थिति बन सकती है। ऐसे में पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों और वहां यात्रा करने वालों को मौसम की चेतावनियों पर ध्यान देने की जरूरत है।

अंडमान-निकोबार में भारी बारिश और 50 किमी की रफ्तार से हवाओं का अनुमान

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी 12 नवंबर को मौसम खराब रहने की आशंका है। IMD ने यहां कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है। इसके अलावा बिजली चमकने और गरज के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अंडमान सागर में मौसम और अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकता है। यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है जिनकी रफ्तार बढ़कर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। समुद्र में इस तरह की स्थिति को देखते हुए मछुआरों और समुद्री गतिविधियों से जुड़े लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी।

हिमाचल, केरल और तमिलनाडु में बिजली गिरने का अलर्ट

मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर और अंडमान-निकोबार के अलावा कुछ अन्य राज्यों और केंद्र शासित क्षेत्रों में भी गरज-चमक की चेतावनी दी है। 12 नवंबर को हिमाचल प्रदेश, केरल और माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल में कुछ जगहो पर बिजली चमकने के साथ गरज-चमक होने की बहुत अधिक संभावना है। इन क्षेत्रों के लिए जारी चेतावनी में भारी बारिश या ओलावृष्टि का उल्लेख नहीं है। इसलिए इन इलाकों के लिए मुख्य रूप से बिजली गिरने और गरज-चमक से जुड़ी सावधानी जरूरी है।

बंगाल की खाड़ी में 13 नवंबर को बन सकता है कम दबाव का क्षेत्र

बंगाल की खाड़ी में एक नया मौसमी सिस्टम विकसित होने की संभावना है। चेन्नई स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (RMC) के पूर्वानुमान के मुताबिक 13 नवंबर को बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बन सकता है। इसके आगे और मजबूत होने की भी संभावना जताई गई है। इसी संभावित मौसमी बदलाव को देखते हुए तमिलनाडु के मत्स्य पालन एवं मछुआरा कल्याण विभाग ने बुधवार 11 नवंबर को पूर्वी तटीय इलाकों के मछुआरों के लिए तत्काल सुरक्षा परामर्श जारी किया। विभाग ने समुद्र में मछली पकड़ने गई सभी तरह की नौकाओं को 12 नवंबर की रात तक तट पर लौटने की सख्त सलाह दी है।

इस निर्देश में पारंपरिक देशी नावों से मछली पकड़ने वाले मछुआरे भी शामिल हैं। विभाग ने नाव मालिकों और संचालकों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि उनकी नौकाएं सुरक्षित तरीके से वापस लाई जाएं और निर्धारित मछली पकड़ने वाले बंदरगाहों पर सुरक्षित रूप से खड़ी की जाएं।

13 नवंबर से मछली पकड़ने वाली नौकाओं को नहीं मिलेगा टोकन

तमिलनाडु के मत्स्य पालन एवं मछुआरा कल्याण विभाग ने समुद्र में जाने पर रोक से जुड़ा एक और अहम फैसला लिया है। विभाग के मुताबिक 13 नवंबर से अगले आदेश तक किसी भी मछली पकड़ने वाली नाव को फिशिंग टोकन जारी नहीं किया जाएगा। इसका मतलब है कि मछुआरों को समुद्र में जाने से पहले विभाग की ओर से जारी होने वाले टोकन नहीं मिलेंगे। विभाग ने सभी मछुआरों से IMD की ओर से जारी मौसम चेतावनियों और विभाग के सुरक्षा परामर्श का सख्ती से पालन करने की अपील की है।

दिल्ली-NCR में सुबह धुंध, दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे

दिल्ली और आसपास के इलाकों में 12 नवंबर को बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। IMD के दिल्ली मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक राजधानी में आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा। सुबह के समय ज्यादातर स्थानों पर धुंध या हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी के ज्यादातर स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है। वहीं अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहने की संभावना है।

हवा की दिशा सुबह के समय उत्तर-पश्चिमी रहेगी और इसकी रफ्तार 10 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। दोपहर में हवा की रफ्तार बढ़कर 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। शाम और रात के समय हवा पश्चिम दिशा से चलेगी और इसकी रफ्तार घटकर 10 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है।

12 नवंबर को कहां-कैसा रहेगा मौसम?

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख: कुछ स्थानों पर भारी बारिश, ओलावृष्टि, बिजली चमकने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं की संभावना।

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह: कुछ स्थानों पर भारी बारिश, बिजली और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं।

अंडमान सागर: 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं, जिनकी गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

हिमाचल प्रदेश: कुछ स्थानों पर बिजली चमकने के साथ गरज-चमक।

केरल और माहे: कुछ स्थानों पर बिजली चमकने के साथ गरज-चमक।

तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल: कुछ स्थानों पर बिजली चमकने के साथ गरज-चमक।

ये भी पढ़ें- यूपी चुनाव 2027 के लिए बना तीसरा मोर्चा! ओवैसी और चंद्रशेखर की पार्टी मे हुआ गठबंधन, जानें- कितने सीटों पर लड़ेंगे

दिल्ली-NCR: आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा। सुबह धुंध या हल्का कोहरा, अधिकतम तापमान 27-29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15-17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान।