Waaree Energies Share: सोलर पैनल बनाने वाली कंपनी Waaree Energies ने अमेरिका के सामने एक बड़ी गलती स्वीकार की है। कंपनी ने माना है कि उसने 2021 से 2026 के बीच वियतनाम और मलेशिया से आयात किए गए सोलर सेल और मॉड्यूल को गलती से भारत से आया हुआ बता दिया था।
Moneycontrol को मिली जानकारी के मुताबिक, कंपनी ने अमेरिकी अंतरराष्ट्रीय व्यापार आयोग (USITC) के सवालों के जवाब में यह बात स्वीकार की है। यह मामला भारत, इंडोनेशिया और लाओस से होने वाले सोलर इंपोर्ट पर अमेरिका की जांच से जुड़ा है।
अमेरिका में ड्यूटी बचाने का मामला
अमेरिकी कस्टम विभाग (CBP) ने पिछले साल Waaree के खिलाफ जांच शुरू की थी। आरोप था कि कंपनी ने सोलर सामान के मूल देश की गलत जानकारी देकर ड्यूटी से बचने की कोशिश की। 23 जून को CBP ने कुछ आयात पर ड्यूटी चोरी का मामला पाया। 29 अक्टूबर को अपने अंतिम फैसले में भी इस निष्कर्ष को बरकरार रखा।
कंपनी ने शेयर बाजार को दी जानकारी में कहा कि यह फैसला पुराने आयात की कुछ सीमित खेपों से जुड़ा है। Waaree इस फैसले के खिलाफ अमेरिकी कोर्ट में अपील के विकल्प पर विचार कर रही है।
भारत पर जांच जारी, ऑर्डर बुक में भी बदलाव
Waaree और Mundra Solar का तर्क था कि गलत तरीके से भारत के नाम पर दर्ज आयात हटाने के बाद अमेरिका के कुल सोलर आयात में भारत की हिस्सेदारी 3% से नीचे आ जाएगी। अमेरिकी व्यापार कानून के तहत इस स्तर से कम हिस्सेदारी को आमतौर पर मामूली माना जाता है और जांच खत्म हो सकती है।
हालांकि, USITC ने संशोधित आंकड़ों की जांच के बाद पाया कि भारत की हिस्सेदारी 3% से ऊपर है। आयोग ने 14 अक्टूबर को कहा कि भारत, इंडोनेशिया और लाओस से सोलर आयात ने अमेरिकी सोलर उद्योग को नुकसान पहुंचाया है।
3 GW से ज्यादा के एक्सपोर्ट ऑर्डर हटाए
इस कारोबारी दबाव का असर Waaree की ऑर्डर बुक पर भी दिखा है। कंपनी ने 30 सितंबर तक 3 GW से ज्यादा के एक्सपोर्ट ऑर्डर हटा दिए। भारत से सीधे होने वाले एक्सपोर्ट की हिस्सेदारी कुल ऑर्डर बुक में 24% से घटकर 7.8% रह गई। कंपनी की कुल ऑर्डर बुक करीब ₹59,200 करोड़ यानी 25.6 GW की है।
Waaree Energies के शेयरों का हाल
वारी एनर्जीज का शेयर बुधवार को 2.29% की तेजी के साथ 2500 रुपये पर बंद हुआ। पिछले 6 महीने में स्टॉक 22.09% टूटा है। कंपनी का मार्केट कैप 72.16 हजार करोड़ रुपये है।
Fertiliser Stocks: खाद कंपनियों के शेयर 9% तक उछले, सरकार ने ₹62370 करोड़ की सब्सिडी को दी मंजूरी
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

