IND vs WI 5th T20: चिन्नास्वामी स्टेडियम जाने से पहले जानें ये जरूरी नियम, कई जगहों पर रूट डायवर्जन

IND vs WI: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का पांचवां मुकाबला आज खेला जाएगा। भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज 2-2 की बराबरी पर है। अब दोनों टीमों के बीच आखिरी मुकाबला बेंगवुरू के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम खेला जाएगा, ये मुकाबला जीतने वाली टीम सीरीज अपने नाम कर लेगी। ऐसे में दोनों टीमों के लिए यह मैच काफी अहम है। वहीं अगर आप इस मुकाबले को देखने का प्लान कर रहे हैं तो स्टेडियम जाने से पहले पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी जरूरी पढ़ लें।

किए गए हैं खास इंतजाम

भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले आखिरी टी20 मैच को देखते हुए बेंगलुरु में यातायात और सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं। चिन्नास्वामी स्टेडियम के आसपास की कई सड़कों पर गाड़ियों की पार्किंग पर रोक रहेगी। दर्शकों की सुविधा के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं और स्टेडियम में आने-जाने के लिए खास गेट तय किए गए हैं। मैच खत्म होने के बाद घर लौटने वाले क्रिकेट प्रेमियों की मदद के लिए नम्मा मेट्रो की सेवाएं देर रात तक जारी रहेंगी। वहीं मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, बेंगलुरु में आसमान में बादल छाए रहने के साथ बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

देर रात चलेगी मेट्रो

भारत और वेस्टइंडीज के बीच मैच देखने जाने वाले दर्शकों की सुविधा के लिए बेंगलुरु मेट्रो ने आखिरी ट्रेनों के समय की जानकारी दी है। टी20 मैच के बाद दर्शकों को घर लौटने में परेशानी न हो, इसके लिए बेंगलुरु मेट्रो ने खास व्यवस्था की है। मैच देखने जाने वाले दर्शकों की सुविधा के लिए नम्मा मेट्रो ने आखिरी ट्रेनों का समय जारी किया है। व्हाइटफ़ील्ड और बोम्मासांद्रा से आखिरी ट्रेन रात 12 बजे चलेगी, जबकि सिल्क इंस्टीट्यूट और मदावरा से रात 12:15 बजे रवाना होगी। वहीं, आर.वी. रोड से आखिरी मेट्रो रात 1:30 बजे और मैजेस्टिक स्टेशन से रात 1 बजे मिलेगी। इसके अलावा, मैजेस्टिक के नादप्रभु केम्पेगौड़ा मेट्रो स्टेशन से पर्पल लाइन की आखिरी ट्रेन भी रात 1 बजे तक चलेगी।

यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे सफर से पहले नम्मा मेट्रो की आधिकारिक वेबसाइट पर आखिरी ट्रेन का समय जांच लें, क्योंकि हर स्टेशन और रूट का समय अलग हो सकता है। इससे मैच के बाद घर लौटने में आसानी होगी।

इन जगहों पर यातायात रहेगा प्रतिबंध

भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले टी20 मैच के दौरान बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई सड़कों पर पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी। इनमें क्वींस रोड, एमजी रोड, लिंक रोड, राजभवन रोड, टी. चौडैया रोड, रेस कोर्स रोड, सेंट्रल स्क्वायर रोड और कब्बन रोड के कुछ हिस्से शामिल हैं। इसके अलावा, कामराजा रोड, सेंट मार्क रोड, म्यूजियम क्रॉस रोड, कस्तूरबा रोड, लैवेल रोड और विट्ठल माल्या रोड पर भी गाड़ियां खड़ी करने की अनुमति नहीं होगी। कब्बन पार्क के आसपास के कुछ इलाकों और फाउंटेन रोड पर भी पार्किंग पर रोक लगाई गई है।

वहीं, सिद्दलिंगैया सर्कल से बिशप कॉटन गर्ल्स स्कूल की ओर जाने वाले रास्ते और सिद्दलिंगैया सर्कल से RRMR सर्कल के बीच भी यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे। ऐसे में वाहन चालकों को इन सड़कों पर गाड़ी खड़ी करने से बचना चाहिए और परेशानी से बचने के लिए प्रशासन की ओर से तय किए गए पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करना चाहिए।

बारिश डालेगी मुकाबले में खलल?

भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले सीरीज़ के आखिरी टी20 मुकाबले से पहले बेंगलुरु के मौसम ने चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 17 अक्टूबर को शहर में बादल छाए रह सकते हैं और दिन में एक-दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। शाम के समय बारिश होने से स्टेडियम पहुंचने वाले दर्शकों को गीली सड़कों और ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ सकता है। बारिश के कारण मैच में रुकावट आने की आशंका भी है, लेकिन इससे यह तय नहीं होता कि मुकाबला देर से शुरू होगा या रद्द हो जाएगा। ऐसे में दर्शकों को सलाह दी जाती है कि वे स्टेडियम के लिए निकलने से पहले मौसम का ताजा हाल और मैच से जुड़ी आधिकारिक जानकारी जरूर देख लें।

Delhi Weather: बारिश के बाद राजधानी ने ली राहत की सांस, AQI सुधरकर 149 पर पहुंचा; तापमान में भी आई गिरावट

Delhi Weather: दिल्ली में बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत देने के साथ-साथ हवा की सेहत में भी सुधार किया है। गुरुवार को हुई बारिश के बाद राजधानी का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) घटकर 149 पर पहुंच गया। इससे पहले यानी बुधवार को यह 181 दर्ज किया गया था। बारिश के कारण दिन के तापमान में भी गिरावट आई। हालांकि, कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी।

सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के अनुसार, सोमवार को दिल्ली का AQI कुछ समय के लिए सुधरकर 83 पर आ गया था, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। हालांकि, बाद में यह फिर से मध्यम श्रेणी में आ गया और गुरुवार को गिरकर 149 पर पहुंच गया।

AQI के अलग-अलग स्तरों को इस तरह समझा जा सकता है:

0-50 के AQI को ‘अच्छा’, 51-100 को ‘संतोषजनक’, 101-200 को ‘मॉडरेट’ (मध्यम), 201-300 को ‘खराब’, 301-400 को ‘बहुत खराब’ और 401-500 को ‘गंभीर’ श्रेणी में रखा जाता है।

बारिश से मिली राहत, दिल्ली के AQI में सुधार

गुरुवार को दिल्ली के कई हिस्सों में बारिश होने से हवा की गुणवत्ता (एयर क्वालिटी) में सुधार आया है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट भी आई है। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 28.3°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग पांच डिग्री कम है और बुधवार के तापमान के मुकाबले छह डिग्री कम है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच सफदरजंग में 15.9 मिमी बारिश दर्ज की गई। लोधी रोड पर 20 मिमी, रिज में 25.2 मिमी, पालम में 11.2 मिमी और आयानगर में 7.2 मिमी बारिश हुई।

दिल्ली के अन्य मौसम केंद्रों पर भी अधिकतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया। पालम में अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि लोधी रोड में यह 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, रिज में अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री और आया नगर में 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

दिन के तापमान में गिरावट के बावजूद, सभी पांचों मौसम केंद्रों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर बना रहा। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 23.3°C, लोधी रोड पर 22°C और अयानगर में 23.4°C दर्ज किया गया।

दिल्ली भर में जलभराव और ट्रैफिक जाम की खबरें

बारिश से जहां गर्मी से राहत मिली और हवा की गुणवत्ता में भी सुधार हुआ, वहीं कई जगहों पर जलभराव के कारण लोगों परेशानी उठानी पड़ी। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था बाधित भी हुई।

जलभराव की शिकायत जखीरा अंडरपास, आश्रम अंडरपास, इंद्रलोक और आजाद मार्केट को जोड़ने वाले अंडरपास, लाजपत नगर फ्लाईओवर और मुनिरका से मिली। वहीं, ITO, आश्रम, कालकाजी मंदिर, ग्रेटर कैलाश, मुनिरका, भैरों मार्ग अंडरपास और मथुरा रोड पर भी ट्रैफिक प्रभावित रहा।

यह भी पढ़ें: Southwest monsoon: 12% कम बारिश के साथ पूरी तरह वापस लौटा दक्षिण पश्चिम मॉनसून, 21 अक्टूबर तक उत्तर पूर्व मॉनसून फिर लाएगा बारिश

IMD Heavy Rain Alert: दिल्ली-NCR में मौसम विभाग का ‘रेड अलर्ट’! गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश की चेतावनी; घर से निकलने से पहले जान लें अपडेट

IMD Heavy Rain Alert: दिल्ली-NCR में सोमवार, 12 अक्टूबर की सुबह मौसम को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की जिला-स्तरीय तात्कालिक चेतावनी (Nowcast Warning) के मुताबिक, दिल्ली के सभी 11 जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने, करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और भारी बारिश की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है।

IMD की ओर से जारी यह चेतावनी 12 अक्टूबर 2026 को सुबह 6 बजे जारी की गई थी। यह अलर्ट सुबह 9 बजे तक के लिए वैध थी। इसके अलावा हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी आंधी, बिजली गिरने और मध्यम से तेज बारिश की संभावना को देखते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के कुछ हिस्सों में सोमवार तड़के भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण मौसम बेहद ठंडा हो गया।

दिल्ली के सभी 11 जिलों में रेड अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली के सभी 11 जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और भारी बारिश होने की प्रबल आशंका है। इन इलाकों में हवा की रफ्तार करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। जबकि बारिश की तीव्रता 15 मिलीमीटर प्रति घंटे से अधिक रहने की आशंका जताई गई है। दिल्ली से सटे नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष रूप से सतर्क रहने की जरूरत है। तेज बारिश के दौरान सड़कों पर पानी भरने और ट्रैपिक की रफ्तार स्लो होने की आशंका को देखते हुए यात्रा से पहले स्थानीय परिस्थितियों की जानकारी लेना उपयोगी रहेगा।

दिल्ली में ‘रेड अलर्ट’ वाले जिलों की लिस्ट

– सेंट्रल दिल्ली

– ईस्ट दिल्ली

– नई दिल्ली

– नॉर्थ दिल्ली

– नॉर्थ ईस्ट दिल्ली

– नॉर्थ वेस्ट दिल्ली

– शाहदरा

– साउथ दिल्ली

– साउथ ईस्ट दिल्ली

– साउथ वेस्ट दिल्ली

– वेस्ट दिल्ली

‘रेड अलर्ट’ का मतलब क्या है?

‘रेड अलर्ट’ का मतलब है कि मौसम की स्थिति गंभीर हो सकती है। इसलिए लोगों को तत्काल सावधानी बरतने की जरूरत है। तेज हवाओं और भारी बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव, ट्रैपिक प्रभावित होने और पेड़ों या कमजोर ढांचों को नुकसान पहुंचने जैसी परिस्थितियां बन सकती हैं। बारिश से राजधानी में मौसम ठंडा हो गया है। लेकिन कई इलाकों में जलभराव हो गया। IMD के आंकड़ों के अनुसार, सफदरजंग वेधशाला में सुबह साढ़े पांच बजे तक 40 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। जबकि दिल्ली एयरपोर्ट पर 30 मिलीमीटर बारिश हुई।

हरियाणा के इन जिलों में ‘ऑरेंज अलर्ट’

दिल्ली से सटे हरियाणा के कई जिलों में भी मौसम विभाग ने ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। यहां गरज-चमक के साथ बिजली गिरने, 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और मध्यम से तेज बारिश होने की आशंका है। इन जिलों में बारिश की तीव्रता 5 से 15 मिलीमीटर प्रति घंटे के बीच रहने की संभावना जताई गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और मौसम विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

‘ऑरेंज अलर्ट’ वाले जिले

– फरीदाबाद

– गुरुग्राम

– रोहतक

– सोनीपत

UP के 9 जिलों में बारिश और आंधी की चेतावनी

दिल्ली और हरियाणा के अलावा उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्से के कई जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है। IMD के मुताबिक, इन इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इन इलाकों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है।

‘ऑरेंज अलर्ट’ वाले जिलों की लिस्ट

– अमरोहा

– बागपत

– बिजनौर

– बुलंदशहर

– गौतम बुद्ध नगर

– गाजियाबाद

– हापुड़

– मेरठ

– संभल

रेड और ऑरेंज अलर्ट में क्या अंतर है?

मौसम विभाग की चेतावनियां संभावित मौसम के खतरे और जरूरी कार्रवाई के स्तर को बताती हैं:-

  • रेड अलर्ट: गंभीर मौसम की आशंका होने पर जारी किया जाता है। इसमें लोगों को तत्काल सावधानी बरतने और जरूरी सुरक्षा उपाय करने की सलाह दी जाती है।
  • ऑरेंज अलर्ट: खराब मौसम के लिए तैयार रहने और सतर्कता बरतने का संकेत है। इस दौरान तेज हवाओं, बिजली गिरने और भारी बारिश जैसी परिस्थितियां बन सकती हैं।

मौसम खराब होने पर क्या सावधानी बरतें?

IMD ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां अपनाने की सलाह दी है:-

  • बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदानों में रहने से बचें।
  • पेड़ों के नीचे या कमजोर ढांचों के पास शरण न लें।
  • तेज हवाओं के दौरान ढीली वस्तुओं, होर्डिंग और असुरक्षित संरचनाओं से दूर रहें।
  • जलभराव वाले रास्तों से गुजरने से बचें और सड़क तथा ट्रैफिक की स्थिति की जानकारी लेते रहें।
  • मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक निर्देशों का पालन करें।