बाबा खाटू श्यामजी जा रही बस नाले में गिरी, आठ मरे, 12 घायल

राजस्थान में कोटा के समलिया थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे- 8 लेन पर एक ट्रेवलर बस के अनियंत्रित होकर पुलिया से गिरने से आठ लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य लोग घायल हो गये। पुलिस सूत्रों ने बताया कि भोपाल से करीब 25 लोग ट्रेवलर बस से राजस्थान में प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटु श्यामजी जा रहे थे। तड़के कराड़िया इंटरचेंज पुलिस पर अचानक ट्रेवलर बस अनियंत्रित होकर पुलिया से करीब 15 फुट नीचे गिर गई। इस आठ लोगों की मौत हो गई जबकि करीब 12 लोग घायल हो गये। 

Also Read : सीजेपी संस्थापक अभिजीत दिपके को मिली जमानत

पुलिस ने बताया कि सभी घायलों को कोटा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुजीत शंकर ने बताया कि अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से सात की पहचान हो गई है। पांच लोग मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के हैं। हादसा चालक को नींद आने के चलते हुआ। मेडिकल कालेज के प्रिंसिपल नीलेश जैन ने बताया कि सभी घायलों का इलाज जारी है। कलेक्टर पीयूष सामरिया ने भी मेडिकल कालेज में पहुंचकर घायलों की स्थिति जानी।

Pic Credit : UNI

बांग्लादेश के रिजॉर्ट में आग, 10 की मौत:इनमें 6 लोग एक ही परिवार के; बिना फायर सेफ्टी लाइसेंस के रिजॉर्ट चल रहा था

बांग्लादेश के कॉक्स बाजार जिले में शनिवार सुबह समुद्र किनारे बने एक रिजॉर्ट में आग लगने से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक ही परिवार के 6 सदस्य शामिल हैं। आग सुबह करीब 7:25 बजे टुपटुप रेस्टो एंड रिजॉर्ट में लगी। तीन मंजिला लकड़ी की इमारत आग में पूरी तरह जलकर खाक हो गई। हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं। रिजॉर्ट के पास आग से बचाव के इंतजामों की मंजूरी नहीं थी। जून में चेकिंग के दौरान अधिकारियों ने इसे लेकर चेतावनी भी दी थी। शार्ट सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका बांग्लादेश के अखबार प्रोथोम आलो ने अधिकारियों के हवाले से बताया है कि बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट से आग लगी थी। इसके बाद यह आग एयर कंडीशनर में लगी। गैस सिलेंडर में विस्फोट के बाद आग तेजी से पूरी इमारत में फैल गई। हालांकि, जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की असली वजह का पता चल सकेगा। आग लगने के समय रिजॉर्ट में करीब 30 लोग मौजूद थे। इनमें से 4 से 5 लोग किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब रहे। बाकी लोगों के बारे में अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। दूसरी मंजिल से कूदकर जान बचाई, पत्नी समेत 5 लोग जल गए तीन मंजिला रिजॉर्ट बांस और लकड़ी से बना था। यह कॉक्स बाजार के लोकप्रिय समुद्र तटीय इलाके कोलातोली के बाहरी हिस्से में स्थित था। यह जगह राजधानी ढाका से करीब 410 किलोमीटर दूर है। रिपोर्ट के मुताबिक अशिकुल इस्लाम अपने परिवार के साथ रिजॉर्ट में छुट्टियां मनाने आए थे। आग लगने पर उन्होंने दूसरी मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। हालांकि, उनकी पत्नी इसरत जहां मलिहा और परिवार के पांच और लोगों की मौत हो गई। अस्पताल के अधिकारियों के मुताबिक, अब तक जिन 10 मृतकों की पहचान हुई है, उनमें इसरत जहां मलिहा (30), मिलिता मेहेजाबीन अल्वी (23), लैला जहां नाबिला (27), नफिस्ता मीम (27), फरिहा कबीर (33) और पांच साल का फैजान अहमद शामिल हैं।

Pehla Pyaar Doosri Baar: लव, मजेदार पंचलाइन और ढेर सारे ट्विस्ट…, तैयार हो जाइए लव रंजन की नई रॉम-कॉम दुनिया से जुड़ने के लिए

Pehla Pyaar Doosri Baar: पिछले एक दशक में हिंदी सिनेमा में दोस्ती और रिश्तों को दिखाने का अंदाज काफी बदला है, लेकिन लव रंजन आज भी यंग दर्शकों की पसंद को बखूबी समझते हैं। अब सभी की नजरें उनकी अगली प्रोडक्शन फिल्म ‘पहला प्यार दूसरी बार’ पर टिकी हैं।

अगर पीछे मुड़कर देखा जाए तो इंडियन सिनेमा ने पिछले 10 सालों में यादगार रोमांटिक कॉमेडी फिल्में दी हैं, जिन्होंने खुद में समय के साथ आने वाले बदलाव को कैद किया है। फिल्में जैसी ‘की एंड का’ (2016) जिसने लड़के और लड़की के रोल को रिलेशनशिप में बदल दिया, जबकि ‘बरेली की बर्फी’ (2017) जैसी फिल्म ने छोटे शहर की सादगी के साथ गर्माहट को वापस लाते हुए पेश किया।

इन सब के अलावा दर्शकों ने ‘शुभ मंगल सावधान’ (2017) और ‘शुभ मंगल ज्यादा सावधान’ (2020) के साथ बेबाक तरीके से आज के मुद्दों से जुड़े ह्यूमर को खूबसूरती से दिखाया है, जबकि ‘लुका छुपी’ (2019) जैसी फिल्म में लिव-इन रिलेशनशिप की कहानी को पेश किया गया है। उम्र के फर्क को दिखाती ‘दे दे प्यार दे’ (2019) में अलग तरह के रिश्ते को दिखाया गया, वहीं ‘जरा हटके जरा बचके’ (2023) में मॉडर्न फैमिली के बीच होने वाली उत्तालपुथल नजर आती है। इसके अलावा, ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ (2024) में आने वाले समय के रोमांस की कहानी दिखाई गई है।

समय-समय पर दर्शकों की पसंद में आने वाले बदलाव के बीच लव रंजन एक ऐसा नाम रहे हैं, जिन्होंने लगातार मॉडर्न रोमांटिक और फ्रेंडशिप कॉमेडी के साथ एक अलग स्टैंडर्ड सेट किया है। लव रंजन ने प्यार का पंचनामा और प्यार का पंचनामा 2 के साथ इंडस्ट्री में एक नई लहर पैदा की थी और इस तरह से दशक की दो सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों को देकर उन्होंने रोमांटिक कॉमेडी की दुनिया में अपनी जगह मजबूत कर ली।

इसके बाद उनकी फिल्म ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’ (2018) एक ब्लॉकबस्टर हिट बनकर सामने आई, जिसने न सिर्फ शानदार कमाई अपने नाम की बल्कि यंग ऑडियंस के बीच भी काफी पसंद की गई। इस फिल्म में दोस्ती और प्यार की झलक है और इसकी कहानी खुद में इन दोनों रिश्तों के बीच होने वाली खींचतान को मजेदार अंदाज और हमेशा याद रहने वाले डायलॉग्स के साथ खुद में लिए हुए है।

फिल्म के कई डायलॉग्स को दर्शक आज भी दोहराते नजर आते हैं। उन्होंने इस सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए ‘दे दे प्यार दे’ (2019), ‘तू झूठी मैं मक्कार’ (2023) और ‘दे दे प्यार दे 2’ (2025) जैसी कई सफल फिल्में दी। लव रंजन की इन सभी फिल्मों ने समय समय पर साबित किया है कि रोमांटिक कॉमेडी बॉक्स ऑफिस पर रूल कर सकती है, अगर राइटिंग अच्छी हो और आज के दौर के डेटिंग से जुड़ी परेशानियों को दिखाने के साथ रिलेटेबल तरीके से ग्रुप केमिस्ट्री को पेश किया जाए। यह सभी फिल्में दिखाती हैं कि लव रंजन अच्छी तरह से जानते हैं कि रोमांटिक कॉमेडी में दर्शक आज के समय में क्या देखना चाहते हैं।

अब लव रंजन नए डायरेक्शन में यूथ कल्चर और बैंटर को अपनी नई फिल्म ‘पहला प्यार दूसरी बार’ के ज़रिए पेश करने वाले हैं, जिसमें उनकी सिग्नेचर राइटिंग अपना कमाल दिखाने के लिए तैयार है। फिल्म की कहानी पूरी तरह से फ्रेंडशिप कॉमेडी पर आधारित है। स्क्वॉड लॉयल्टी, दोस्ती की डायनेमिक्स और यंग लव की मजेदार चुनौतियों को लिए ‘पहला प्यार दूसरी बार’ एक यादगार बडी-ग्रुप एंटरटेनर होने वाली है।

लव फिल्म्स के बैनर तले बनी ‘पहला प्यार दूसरी बार’ को डेब्यूटेंट डायरेक्टर अनुज सैनी ने डायरेक्ट किया है। फिल्म को लव रंजन और अंकुर गर्ग द्वारा को प्रोड्यूस किया गया है। यह फिल्म 23 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

नौकरी नहीं मिली तो परेशान थे, अब बिना अप्लाई किए रोज आ रहे ऑफर, वायरल हुई शख्स की पोस्ट

जिंदगी में कई बार ऐसा होता है कि जिस चीज की हमें सबसे ज्यादा जरूरत होती है, उसे हासिल करना उतना ही मुश्किल लगता है। नौकरी चाहिए तो कंपनियां जवाब नहीं देतीं और पढ़ाई के लिए लोन मांगो तो बैंक पीछे हट जाते हैं। लेकिन वक्त बदलते ही तस्वीर भी बदल जाती है। गोवा के एक फाउंडर अक्षत श्रीवास्तव ने लिंक्डइन पर अपना ऐसा ही अनुभव साझा किया है। उनका कहना है कि अब जब उन्हें नौकरी या लोन की जरूरत नहीं है, तो दोनों के ऑफर लगातार मिल रहे हैं। उनकी पोस्ट ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है।

जब 100 कंपनियों से किया संपर्क

अक्षत श्रीवास्तव ने बताया कि आज उन्हें लिंक्डइन पर रोजाना करीब दो जॉब ऑफर मिलते हैं, जबकि वह नौकरी की तलाश में भी नहीं हैं। लेकिन जब वह खुद नौकरी पाने के लिए कोशिश कर रहे थे, तब हालात बिल्कुल अलग थे। उस समय उन्होंने करीब 100 कंपनियों से संपर्क किया था, लेकिन उनमें से सिर्फ दो कंपनियों की तरफ से जवाब आया। यह अनुभव बताता है कि नौकरी की तलाश में मेहनत करने के बावजूद मनचाहा मौका मिलना हमेशा आसान नहीं होता।

विदेश में पढ़ाई के लिए लोन लेना भी था मुश्किल

अक्षत ने अपनी पोस्ट में एजुकेशन लोन का किस्सा भी साझा किया। विदेश में एमबीए करने के लिए उन्हें आर्थिक मदद की जरूरत थी। इसके लिए उन्होंने कई बैंकों से संपर्क किया, लेकिन उन्हें महसूस हुआ कि पढ़ाई का पूरा खर्च उठाने वाला लोन मिलना मुश्किल होगा। वहीं, अब जब उन्हें कर्ज की जरूरत नहीं है, तो उनके मुताबिक, उन्हें रोजाना करीब पांच लोन ऑफर मिल रहे हैं। इसी विरोधाभास ने उनके अनुभव को चर्चा का विषय बना दिया है।

जरूरत के वक्त ही क्यों नहीं मिलते मौके?

अक्षत की पोस्ट पर कई यूजर्स ने अपने अनुभव साझा किए। एक यूजर ने कहा कि जब कोई व्यक्ति अपनी नौकरी में खुश होता है, तब रिक्रूटर्स उसे नौकरी के ऑफर देते हैं। लेकिन जैसे ही वह नौकरी तलाशना शुरू करता है, कंपनियों की तरफ से जवाब मिलना मुश्किल हो जाता है। कुछ लोगों ने इस स्थिति को जिंदगी का अजीब संयोग बताया, जबकि अन्य ने इसके पीछे व्यावहारिक वजहें तलाशने की कोशिश की।

‘काबिलियत बढ़ाओ, कामयाबी खुद पीछे आएगी’

एक यूजर ने इस अनुभव को किस्मत से जोड़ने के बजाय व्यक्ति की योग्यता और विश्वसनीयता से जोड़ा। उसके मुताबिक, कंपनियां उम्मीदवार की क्षमता, अनुभव और उपलब्धियों को देखकर फैसला करती हैं। इसी तरह बैंक भी कर्ज देने से पहले व्यक्ति की आर्थिक स्थिति और उसे चुकाने की क्षमता का आकलन करते हैं।

अपनी बात समझाने के लिए यूजर ने फिल्म 3 इडियट्स का मशहूर डायलॉग भी याद दिलाया, “काबिल बनो, कामयाबी झक मारकर पीछे आएगी।”

अक्षत का अनुभव हर किसी की जिंदगी पर लागू हो, यह जरूरी नहीं। लेकिन उनकी पोस्ट ने एक अहम सवाल जरूर खड़ा किया है: क्या सफलता के लिए सिर्फ मौके तलाशना काफी है, या खुद को बेहतर बनाना भी उतना ही जरूरी है?

ना कोई लग्जरी होटल, ना कोई रिसॉर्ट… वंदे भारत के फर्स्ट एसी में मिल रहीं ऐसी सुविधाएं, वीडियो हुआ वायरल

सीजेपी संस्थापक अभिजीत दिपके को मिली जमानत

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) संस्थापक अभिजीत दिपके को शनिवार शाम विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट ने कुछ शर्तों पर जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया।

उन्हें यहां कनॉट प्लेस में आयोजित ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च के आह्वान के दौरान शुक्रवार को निवारक धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया था। इस मार्च से पहले हिरासत में लिए गए श्री दीपके के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126/170 के तहत कार्रवाई शुरू की गई थी। श्री दिपके के अलावा ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की अध्यक्ष नेहा बोरा को भी शनिवार तड़के रिहा कर दिया गया।

Also Read : ज्ञानेश कुमार सरकारी गवाह बनें : राहुल

पुलिस के अनुसार सुश्री बोरा को दिल्ली पुलिस अधिनियम की धारा 65 के तहत औपचारिक प्रक्रियाओं के बाद रिहा किया गया। इससे पहले शुक्रवार को सीजेपी ने दावा किया था कि श्री दीपके को किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया गया था। संगठन के राष्ट्रीय संगठन प्रभारी अजिंक्य शिंदे ने शुक्रवार देर रात कहा था कि उन्हें हिरासत में लिए जाने के आठ घंटे से अधिक समय बाद भी उनके ठिकाने की जानकारी नहीं दी गई और उन्हें वकील या पार्टी टीम से बात करने की अनुमति नहीं दी जा रही थी। पुलिस ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यातायात का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को लगभग 150 लोगों को हिरासत में लिया गया था।

सीजेपी के सह-संयोजक सौरभ दास और आशुतोष रांका पहले से पांच दिन की न्यायिक हिरासत में हैं। सर्वश्री दास, रांका और 12 अन्य लोगों को मंगलवार (13 अक्टूबर) की सुबह जंतर-मंतर के बंद द्वार पर चढ़कर परिसर में प्रवेश करने के बाद हिरासत में लिया गया था। जंतर मंतर को हाल ही में विरोध प्रदर्शन स्थल के रूप में अधिसूचित स्थल सूची से बाहर कर दिया गया था। बाद में सीजेपी के अजिंक्य शिंदे और 11 अन्य लोगों को रिहा कर दिया गया था।

Pic Credit : UNI

29 kmpl माइलेज वाली Renault Duster Hybrid लॉन्च, Maruti Victoris और Toyota Hyryder को देगी टक्कर, जानें कीमत

Renault Duster Hybrid: Renault India ने Duster Hybrid E-Tech 160 को भारत में लॉन्च कर दिया है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत ₹16.99 लाख से ₹19.49 लाख के बीच रखी गई है। कंपनी के मुताबिक, यह SUV ARAI सर्टिफिकेशन के अनुसार 29 kmpl का माइलेज देती है। खास बात यह है कि माइलेज के मामले में नई Duster Hybrid ने Maruti Suzuki Victoris, Grand Vitara और Toyota Hyryder को पीछे छोड़ दिया है। Victoris का माइलेज 28.65 kmpl, जबकि Grand Vitara और Hyryder का माइलेज 27.97 kmpl है। चूंकि Duster में डीजल का विकल्प नहीं है, इसलिए यह बेहतर माइलेज चाहने वालों के लिए एक अच्छा विकल्प है।

इस हाइब्रिड SUV की बुकिंग ₹21,000 देकर की जा सकती है। इसकी शुरुआती कीमत Duster के सामान्य मॉडल की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹10.49 लाख से ₹6.50 लाख ज्यादा है। आइए जानते हैं कि Duster Hybrid में क्या खास है, यह दूसरी SUVs के मुकाबले कैसी है और बुकिंग से पहले किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

Renault Duster Hybrid: कीमत और वेरिएंट

Renault Duster Hybrid का शुरुआती वेरिएंट Evolution है, जिसकी एक्स-शोरूम कीमत ₹16.99 लाख रखी गई है। वहीं, इसका टॉप वेरिएंट Emotion है, जिसकी कीमत ₹19.49 लाख है। दोनों वेरिएंट की कीमत में ₹2.50 लाख का अंतर है।

हालांकि, कंपनी ने अभी यह नहीं बताया है कि किस वेरिएंट में कौन-कौन से फीचर्स मिलेंगे। ऐसे में कार खरीदने का फैसला लेने से पहले डीलर से दोनों वेरिएंट के फीचर्स की पूरी लिस्ट जरूर मांग लें। इससे आपको समझने में आसानी होगी कि ज्यादा कीमत देकर टॉप वेरिएंट खरीदना आपके लिए कितना फायदेमंद है।

हाइब्रिड सिस्टम कैसे काम करता है

इसमें 1.8-लीटर का पेट्रोल इंजन दो इलेक्ट्रिक मोटरों और 1.4 kWh की सेल्फ-चार्जिंग बैटरी के साथ मिलकर काम करता है, जिससे कुल 160 hp की पावर मिलती है। गाड़ी को चलाने का काम एक मल्टी-मोड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स संभालता है। बैटरी, रीजेनरेटिव ब्रेकिंग और पेट्रोल इंजन की मदद से खुद ही चार्ज हो जाती है, इसलिए इसे कभी भी प्लग-इन करने की जरूरत नहीं पड़ती। रेनॉल्ट का दावा है कि सही परिस्थितियों में शहर के अंदर 80% तक ड्राइविंग इलेक्ट्रिक मोड में की जा सकती है। हालांकि, यह दावा ट्रैफिक, गाड़ी की रफ्तार और आपके ड्राइविंग के तरीके पर निर्भर करता है।

Renault Duster के दूसरे वेरिएंट से कितनी अलग है Hybrid?

Renault Duster Hybrid के साथ कंपनी इस SUV में पहले से मिलने वाले 1.0-लीटर और 1.3-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन का विकल्प भी दे रही है। इस जनरेशन की Duster में डीजल इंजन का विकल्प नहीं मिलता।

हाइब्रिड मॉडल की शुरुआती कीमत और सामान्य Duster की शुरुआती कीमत में ₹6.50 लाख का अंतर है। हालांकि, दोनों की सीधी तुलना करना सही नहीं होगा, क्योंकि एक तरफ सामान्य मॉडल का बेस वेरिएंट है, जबकि दूसरी तरफ हाइब्रिड मॉडल है।

अगर आप हाइब्रिड खरीदने की सोच रहे हैं, तो इसकी तुलना समान फीचर्स वाले 1.3-लीटर टर्बो-पेट्रोल वेरिएंट से करें। इसके बाद हिसाब लगाएं कि बेहतर माइलेज से हर साल कितने रुपये की बचत होगी। इससे आपको अंदाजा लग सकेगा कि हाइब्रिड मॉडल के लिए ज्यादा खर्च की गई रकम की भरपाई करने में कितने साल लग सकते हैं।

बुकिंग कराने से पहले डीलर से कुछ जरूरी बातें जरूर पूछ लें। पता करें कि ₹21,000 की बुकिंग राशि वापस मिलेगी या नहीं, इससे कार की कीमत लॉक हो जाएगी या नहीं और आपके चुने हुए वेरिएंट की डिलीवरी कब तक मिलेगी। इसके अलावा, बैटरी की वारंटी और आपके शहर में सर्विस की सुविधा के बारे में भी जानकारी लें।

Renault Duster Hybrid में दिया गया गियरबॉक्स Toyota की हाइब्रिड कारों में मिलने वाले e-CVT गियरबॉक्स से अलग है। इसलिए दोनों तरह की कारों को टेस्ट ड्राइव करके ही तय करें कि आपके लिए कौन-सा विकल्प बेहतर रहेगा

यह भी पढ़ें: Mahindra XUV 3XO CNG लॉन्च, मिलेंगे 6 एयरबैग और 360-डिग्री कैमरा, जानें कीमत और माइलेज

IND vs WI: वेस्टइंडीज के खिलाफ खतरनाक है भुवनेश्वर कुमार का रिकॉर्ड! 5वें मुकाबले में हो सकती है वापसी

वेस्टइंडीज के खिलाफ 5वें और आखिरी मुकाबले में भारत के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार का वापसी हुई है। वहीं वेस्टइंडीज के खिलाफ आखिरी और निर्णायक मुकाबले में भुवनेश्वर कुमार को मौका मिल सकता है। अर्शदीप सिंह की जगह भुवनेश्वर कुमार को टीम में शामिल किया गया है। वहीं इस मुकाबले के प्लेइंग 11 में भुवी को मौका मिल सकता है। भुवनेश्वर ने नवंबर 2022 के बाद से भारत की ओर से कोई टी20 इंटरनेशनल मुकाबला नहीं खेले हैं। ऐसे में फैंस को उनकी वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। आइए जानते हैं कैसा है भुवनेश्वर कुमार का रिकॉर्ड

टीम में कर सकते हैं वापसी

मेरठ के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार लंबे समय बाद भारतीय टी20 टीम में वापसी कर सकते हैं। 36 साल के भुवनेश्वर कुमार 25 दिसंबर 2012 को बेंगलुरु में पाकिस्तान के खिलाफ अपना पहला टी20 इंटरनेशनल मैच खेला था। वहीं नवंबर 2022 के बाद से भारत के लिए इस फॉर्मेट में नहीं खेले हैं। ऐसे में फैंस को उनकी वापसी का इंतजार है।

भुवनेश्वर कुमार का रिकॉर्ड

भुवनेश्वर कुमार को टी20 क्रिकेट में खेलने का लंबा अनुभव है। उन्होंने भारत की ओर से अब तक 87 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं और 90 विकेट अपने नाम किए हैं। वह भारत के लिए इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में सातवें स्थान पर हैं। भुवनेश्वर नई गेंद से गेंदबाजी करते हुए शुरुआती ओवरों में विकेट लेने के लिए जाने जाते हैं, जिससे वह टीम के लिए एक अहम खिलाड़ी साबित होते हैं।

वेस्टइंडीज के खिलाफ कैसा है रिकॉर्ड

भुवनेश्वर कुमार का वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल मैचों में प्रदर्शन अच्छा रहा है। उन्होंने इस टीम के खिलाफ 18 मुकाबले खेले हैं और 13 विकेट हासिल किए हैं। वहीं, भारतीय मैदानों पर भी उनका रिकॉर्ड अच्छा है। भुवनेश्वर ने भारत में 34 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलते हुए 34 विकेट लिए हैं। घरेलू मैदान पर उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आया था, जब उन्होंने 12 जून 2022 को कटक में 13 रन देकर 4 विकेट चटकाए थे। अब फैंस की नजरें एक बार फिर उनके प्रदर्शन पर रहेंगी।

आईपीएल में भी शानदार रिकॉर्ड

भुवनेश्वर कुमार ने आईपीएल में भी अपनी गेंदबाजी से शानदार पहचान बनाई है। वह इस टूर्नामेंट में 200 से ज्यादा मैच खेलने और 200 से अधिक विकेट लेने वाले पहले तेज गेंदबाज हैं। आईपीएल 2026 में उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की ओर से सभी 16 मैच खेले और 28 विकेट हासिल किए। वह टीम के सबसे सफल गेंदबाज रहे और पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों में दूसरे स्थान पर रहे। उनके बेहतरीन प्रदर्शन ने टीम को खिताब बचाने में अहम मदद दी, जबकि कप्तान रजत पाटीदार की अगुवाई में आरसीबी ने एक बार फिर शानदार खेल दिखाया।

IND vs WI 5th T20: चिन्नास्वामी स्टेडियम जाने से पहले जानें ये जरूरी नियम, कई जगहों पर रूट डायवर्जन

प्रियागोल्ड बिस्किट में जानवरों के चारे वाला चोकर! FSSAI ने शुरू की कानूनी कार्यवाही, लाइसेंस सस्पेंड

फूड रेगुलेटर FSSAI ने प्रियागोल्ड बिस्किट बनाने में जानवरों के चारे वाले चोकर का इस्तेमाल करने के लिए सूर्या फूड एंड एग्रो के खिलाफ कानूनी कार्यवाही शुरू की है। कंपनी का FSSAI लाइसेंस सस्पेंड कर दिया गया है। कुछ दूसरे गंभीर उल्लंघनों को देखते हुए भी यह एक्शन लिया गया है। इसके अलावा भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने डोडला डेयरी और UEIR ऑर्गेनिक फूड्स के खिलाफ भी कानूनी कार्यवाही शुरू की है। डोडला डेयरी के फुल क्रीम दूध का सैंपल घटिया स्तर का पाया गया, जबकि UEIR ऑर्गेनिक फूड्स द्वारा बेची जाने वाली पीली किशमिश में कीटनाशकों (पेस्टिसाइड) के अवशेष मिले।

FSSAI ने शनिवार को सोशल मीडिया पोस्ट में इन तीनों कंपनियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा नियमों के गंभीर उल्लंघन को लेकर कानूनी कार्यवाही शुरू किए जाने की जानकारी दी। FSSAI के अनुसार, प्रियागोल्ड बिस्किट बेचने वाली कंपनी सूर्या फूड एंड एग्रो के प्लांट का निरीक्षण उपभोक्ताओं की शिकायत के बाद किया गया। कंपनी के निरीक्षण में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़ी कई गंभीर खामियां सामने आईं।

प्रियागोल्ड में फाइबर के तौर पर इस्तेमाल हो रहा था पशु चारे वाला चोकर

FSSAI के मुताबिक, पशु चारे के लिए बने चोकर का इस्तेमाल प्रियागोल्ड बिस्किट बनाने में फाइबर के स्रोत के तौर पर कच्चे माल के रूप में किया जा रहा था। यह चोकर इंसानों के खाने के लिए नहीं है। चोकर से भरी बोरियों पर स्पष्ट रूप से मेंशन था कि यह मैटीरियल जानवरों के चारे के लिए है और इंसानों के उपभोग के लिए नहीं है। इसके अलावा प्लांट की स्वच्छता, कीट नियंत्रण (पेस्ट कंट्रोल), कच्चे माल के स्टोरेज और सेग्रेगेशन, कर्मचारियों की स्वच्छता, परिसर के मेंटेनेंस और इंटरमीडिएट फॉर्मूलेशंस के मैनेजमेंट में भी कमियां पाई गईं। इन गंभीर अनियमितताओं चलते FSSAI ने सूर्या फूड एंड एग्रो का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है। कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्यवाही शुरू की गई है।

रूसी तेल और गैस की खरीद पर ट्रंप ने प्रतिबंधों से दी छूट, भारत से हटी 100% तक टैरिफ की तलवार

डोडला डेयरी का मामला

जांच के लिए डोडला डेयरी से फुल क्रीम दूध का एक सैंपल लिया गया था। FSSAI को यह निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिला क्योंकि दूध में वसा (fat) की मात्रा निर्धारित न्यूनतम सीमा से कम थी। लिहाजा सैंपल को घटिया क्वालिटी का घोषित किया गया। कंपनी की अपील के बाद सैंपल को रेफरल फूड लैब में जांच के लिए भेजा गया। जांच में कंफर्म हुआ कि डिटर्जेंट/कॉस्टिक सोडा की मौजूदगी के कारण सैंपल असुरक्षित था, और दूध में वसा की मात्रा निर्धारित न्यूनतम सीमा से कम थी। इसके बाद डोडला डेयरी और प्रोडक्ट को बनाने व बेचने से जुड़े अन्य संबंधित फूड बिजनेस ऑपरेटर्स के खिलाफ मुकदमा शुरू करने की मंजूरी दी गई।

ICICI Bank Q2 Results: ₹14843 करोड़ का मुनाफा, NII में 17% का उछाल; उम्मीद से बेहतर रहे तिमाही नतीजे

ICICI Bank Q2 Results: प्राइवेट सेक्टर ICICI बैंक ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी यानी जुलाई-सितंबर तिमाही तिमाही के नतीजे शनिवार को जारी किए। बैंक का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 20.1% बढ़कर ₹14,843 करोड़ हो गया। यह बाजार के अनुमान से बेहतर रहा।

CNBC-TV18 के पोल में मुनाफा ₹14,280 करोड़ रहने का अनुमान लगाया गया था। इसके मुकाबले वास्तविक मुनाफा करीब 3.9% ज्यादा रहा। बाजार को उम्मीद थी कि बैंक के मुनाफे में सालाना आधार पर करीब 16% की बढ़ोतरी होगी।

बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम भी बढ़ी

ICICI बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) सालाना आधार पर 17.7% बढ़कर ₹25,338.7 करोड़ हो गई। पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले बैंक ने ब्याज से होने वाली कमाई में मजबूत बढ़ोतरी दर्ज की।

CNBC-TV18 के पोल में बैंक की NII ₹24,811 करोड़ रहने का अनुमान था। यहां भी बैंक का प्रदर्शन उम्मीद से बेहतर रहा।

ICICI Bank के शेयर का हाल

तिमाही नतीजों से पहले शुक्रवार को ICICI बैंक का शेयर बीएसई पर 0.55% की तेजी के साथ ₹1,397 पर बंद हुआ था।

साल 2026 में अब तक बैंक के शेयर में 4.4% की बढ़त दर्ज की गई है। इस दौरान बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी 50 में 11.5% की गिरावट आई है। यानी इस अवधि में ICICI बैंक के शेयर ने निफ्टी 50 के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन किया है। शुक्रवार के बंद भाव पर बैंक का मार्केट कैप करीब ₹10.03 लाख करोड़ था।

HDFC Bank Q2 Results: HDFC बैंक को ₹19510 करोड़ मुनाफा, NII 9.7% बढ़ी; बैड लोन भी घटा

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।