Delhi Air Quality: दिल्ली में दम घुटने वाला मौसम शुरू! 38 सेंटरों पर खराब हुई हवा, जानिए कब तक मिलेगी राहत

देश की राजधानी दिल्ली में ठंड की दस्तक के साथ ही वायु प्रदूषण का मामला फिर गंभीर रूप लेने लगा है। शुक्रवार की सुबह दिल्ली-एनसीआर के लोग एक बार फिर जहरीली हवा और धुंध (स्मॉग) के बीच जागे। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक शुक्रवार सुबह 9 बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 225 दर्ज किया गया। ये खराब (Poor) श्रेणी में आता है। शहर भर में बने अलग अलग मॉनिटरिंग स्टेशनों के आंकड़ों से साफ पता चलता है कि प्रदूषण का दायरा पूरी दिल्ली को अपनी चपेट में ले चुका है।

38 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर हवा ‘खराब’, इन इलाकों में हालत बेहद चिंताजनक

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के समीर (SAMEER) ऐप के डेटा के मुताबिक दिल्ली के कुल 38 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर AQI खराब की श्रेणी में पहुंच चुका है। सिर्फ 18 स्टेशनों पर AQI मॉडरेट स्तर पर है। दिल्ली के कुछ इलाकों में प्रदूषण का स्तर बहुत खराब कैटिगरी में पहुंच चुका है। इनमें पूसा में सबसे अधिक 290 AQI दर्ज किया गया। आरके पुरम 284 AQI के साथ दूसरे स्थान पर रहा। रोहिणी में 279 AQI दर्ज हुआ। नरेला में 272 AQI दर्ज किया गया। इसी तरह मथुरा रोड और द्वारका दोनों इलाकों में 268 AQI दर्ज हुआ। इसके अलावा दिल्ली यूनिवर्सिटी के नॉर्थ कैंपस में AQI 240, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 स्टेशन पर 228 और आनंद विहार में 216 दर्ज किया गया।

तापमान में बढ़ोतरी और आज के मौसम का मिजाज

मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है। पालम में न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक, लोधी रोड में 18.6 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक), अयानगर और रिज में क्रमशः 19.1 और 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिन के दौरान मुख्य रूप से आसमान साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

कब तक मिलेगी राहत?

प्रदूषण से फिलहाल दिल्लीवासियों को कोई राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम और मौसम विभाग के पूर्वानुमानों के मुताबिक, आने वाले दिनों में हवा की धीमी गति और मौसमी बदलावों की वजह से दिल्ली का AQI खराब श्रेणी में ही बने रहने की आशंका है। दिवाली और सर्दियों के करीब आने के साथ वायु गुणवत्ता में और गिरावट आ सकती है।

जानिए क्या कहते हैं AQI के आंकड़े

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मानकों के मुताबिक हवा की गुणवत्ता का वर्गीकरण कुछ इस तरह किया जाता है-

0 से 50: अच्छा (Good)

51 से 100: संतोषजनक (Satisfactory)

101 से 200: मध्यम (Moderate)

201 से 300: खराब (Poor)

301 से 400: बहुत खराब (Very Poor)

401 से 500: गंभीर (Severe)