इटली की नेता और पूर्व विदेश मंत्री बोनिनो का निधन:महिलाओं के हक पर पोप से टकरा गई थीं एमा; 48 साल पुराना एबॉर्शन कानून बदलवाया

इटली की पूर्व विदेश मंत्री एमा बोनिनो को एक ऐसी महिला के रूप में याद किया जाएगा, जिसने अपनी निजी पीड़ा को लाखों महिलाओं के अधिकार की लड़ाई बना दिया। 26 साल की उम्र में जब उनका गर्भपात हुआ, तब इटली में यह गैरकानूनी था। इसके बाद उन्होंने तय किया कि दूसरी महिलाओं को एबॉर्शन के अपमान और असुरक्षित हालात से नहीं गुजरना पड़े। यूरोपीय आयुक्त भी रह चुकीं इटली की कद्दावर नेता एमा अपनी तीखी टिप्पणियों और मानवाधिकारों के प्रति अटूट निष्ठा के लिए जानी जाती थीं। उनका 78 वर्ष की उम्र में शुक्रवार को निधन हो गया। उनकी पार्टी ‘मोर यूरोप’ ने कहा कि देश ने सबसे दूरदर्शी, साहसी और स्वतंत्र सोच वाली नेता को खो दिया है। जानते हैं ​उनके राजनीतिक संघर्ष… निजी पीड़ा को बनाया इटली में क्रांति का नया हथियार – 1974 में जब इटली में गर्भपात गैरकानूनी था, तब 26 वर्षीय एमा ने एक क्लिनिक में गर्भपात कराया। – गर्भपात पर प्रतिबंध वाले 48 साल पुराने कानून के विरोध में पुलिस के सामने समर्पण किया। अपनी गिरफ्तारी से उपजी लहर को जनआंदोलन बनाया। – दबाव में संसद ने 1978 में 48 साल पुराने 1930 के कानून को बदलते हुए गर्भपात को कानूनी मान्यता दी। इससे पहले तलाक का कानून भी बनाया गया था। एमा ने कभी विवाह नहीं किया। एबॉर्शन के सवाल पर वेटिकन से भी टकराव रहा एमा ने वेटिकन चर्च के कड़े विरोध के बावजूद गर्भपात और तलाक को कानूनी दर्जा दिलवाने के अभियानों का नेतृत्व किया। महिला अधिकारों पर टकराव के बावजूद पोप फ्रांसिस के साथ उनकी अनूठी और गहरी दोस्ती भी थी। पोप फ्रांसिस अक्सर उनकी मानवीय पहलों की सराहना करते थे और उन्हें सबसे कमजोर तबके की आवाज उठाने वाली नेता कहते थे। कैंसर के बावजूद सक्रिय रहीं – 2015 में कैंसर का पता चलने के बाद भी एमा ने सार्वजनिक जीवन से दूरी नहीं बनाई। वह रंग-बिरंगे स्कार्फ पहनकर संसद से लेकर टीवी डिबेट्स में मानवाधिकारों की आवाज बुलंद करती रहीं। आखिरी बात: लड़ाइयां अभी बहुत हैं – बीमारी के बीच जब उनसे पूछा गया कि कौन सी लड़ाई बाकी है, तब कहा था, ‘बहुत सारी, जरूरत से भी ज्यादा- मानवाधिकार, वैश्विक भूख और स्वतंत्र वैज्ञानिक शोध। दस जन्म भी कम पड़ेंगे।’

180 बार होटल, 50+ इंश्योरेंस पॉलिसियां और करोड़ों रुपये… पत्नी ने ऐसे पकड़ा पति का अफेयर

चीन में एक शादीशुदा शख्स का कथित सात साल पुराना अफेयर उस वक्त कोर्ट तक पहुंच गया, जब उसकी पत्नी को पति के बैंक ट्रांजैक्शन, इंश्योरेंस पॉलिसियों और होटल बुकिंग से जुड़े ऐसे सबूत मिले, जिन्होंने पूरे मामले की तस्वीर बदल दी। मामला चीन के गुआंग्शी प्रांत के लिउझोउ शहर का है। यहां रहने वाली महिला झेन को 2017 में अपने पति गुओ और एक इंश्योरेंस एजेंट ली के बीच कुछ आपत्तिजनक और रोमांटिक मैसेज मिले थे।

दोनों के बीच हुई बातचीत में कई बार 520 युआन के ट्रांसफर का भी जिक्र था। चीन में 520 को इंटरनेट स्लैंग में ‘आई लव यू’ से जोड़ा जाता है। उस समय झेन को पति के रिश्ते पर शक तो हुआ, लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई।

अस्पताल में मिली एक जानकारी ने फिर जगा दिया शक

साल 2024 में झेन इलाज के लिए अस्पताल में थीं। इसी दौरान उन्हें पता चला कि उनके पति ने उनके और उनकी छोटी बेटी के नाम पर हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसियां खरीदी थीं। यह जानकारी मिलने के बाद झेन ने पति के इंश्योरेंस एजेंट ली के साथ पुराने लेन-देन की पड़ताल शुरू की। जैसे-जैसे उन्होंने रिकॉर्ड खंगाले, मामला साधारण इंश्योरेंस खरीद से कहीं ज्यादा बड़ा नजर आने लगा।

करोड़ों रुपये के ट्रांसफर और 50 से ज्यादा इंश्योरेंस पॉलिसियां

झेन के मुताबिक, उनके पति ने कई वर्षों के दौरान ली को 30 लाख युआन से ज्यादा रकम ट्रांसफर की थी। भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 3.6 करोड़ रुपये बैठती है। इतना ही नहीं, रिकॉर्ड में सामने आया कि गुओ ने ली के जरिए 50 से ज्यादा इंश्योरेंस पॉलिसियां खरीदी थीं। इन पॉलिसियों के प्रीमियम के तौर पर उसने 1 करोड़ युआन से अधिक, यानी करीब 12 करोड़ रुपये, खर्च किए थे। इन सौदों का फायदा ली के करियर को भी मिला। इस दौरान वह इंश्योरेंस कंपनी में आगे बढ़ती गईं और आखिरकार मैनेजर के पद तक पहुंच गईं।

होटल के 180 से ज्यादा चक्कर ने बढ़ाया शक

मामले की जांच आगे बढ़ी तो एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, गुओ ने अधिकारियों के सामने माना कि वह ली के साथ 180 से ज्यादा बार होटल में ठहरा था। इस जानकारी ने दोनों के बीच सिर्फ कारोबारी संबंध होने के दावे पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। इसके बाद झेन ने अपने पति, ली और इंश्योरेंस कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

वैवाहिक संपत्ति का हुआ इस्तेमाल

झेन का आरोप था कि पति ने शादी के दौरान अर्जित संपत्ति का इस्तेमाल इन इंश्योरेंस पॉलिसियों और कथित तौर पर ली को पैसे देने में किया। उन्होंने अदालत से मांग की कि इंश्योरेंस प्रीमियम के साथ-साथ ली को ट्रांसफर की गई रकम भी वापस दिलाई जाए। झेन ने ली के पति के खिलाफ भी अलग दावा किया और पैसे लौटाने की जिम्मेदारी तय करने की मांग की।

इंश्योरेंस एजेंट ने अफेयर से किया इनकार

दूसरी ओर, ली ने गुओ के साथ किसी भी तरह के प्रेम संबंध से साफ इनकार किया। उनका कहना था कि होटल में हुई मुलाकातें काम के सिलसिले में थीं और ऐसा कोई कानून नहीं है जो इंश्योरेंस एजेंट को होटल में ग्राहक से मिलने से रोकता हो। ली ने यह भी दावा किया कि बाद में गुओ महंगे प्रीमियम का भुगतान नहीं कर पा रहा था और इसलिए पैसे वापस पाने के लिए उसने अपनी पत्नी के साथ मिलकर यह मामला खड़ा किया।

पति के बयान ने बदल दी पूरी कहानी

लेकिन ली के इस दावे को गुओ के बयान से झटका लगा। गुओ ने अधिकारियों को बताया कि उसके पास कई संपत्तियां हैं और वह किसी आर्थिक परेशानी से नहीं जूझ रहा था। उसने यह भी स्वीकार किया कि ली के साथ उसका निजी रिश्ता इतनी बड़ी संख्या में इंश्योरेंस पॉलिसियां खरीदने के फैसले की एक अहम वजह था। यानी जिस कहानी को महज कारोबारी लेन-देन बताया जा रहा था, उसमें निजी रिश्ते की भूमिका भी सामने आ गई।

कोर्ट ने माना रिश्ता अनुचित

मामले में सबूतों की समीक्षा करने के बाद अदालत ने माना कि गुओ और ली के बीच अनुचित संबंध था। अदालत ने ली को झेन को करीब 9 लाख युआन, यानी लगभग 1.1 करोड़ रुपये, वापस करने का आदेश दिया। इस रकम को अनुचित तरीके से दिए गए उपहार माना गया। इसके साथ ब्याज चुकाने का भी आदेश दिया गया। ली ने फैसले के खिलाफ दोबारा सुनवाई की मांग की, लेकिन उनकी रिट्रायल याचिका भी खारिज कर दी गई। इस तरह एक पत्नी को मिले कुछ संदिग्ध मैसेज से शुरू हुई कहानी बैंक ट्रांजैक्शन, करोड़ों रुपये की इंश्योरेंस खरीद, 180 से ज्यादा होटल स्टे और आखिरकार अदालत के फैसले तक पहुंच गई।

IRCTC पर AI का कमाल! ट्रेन खोजने से फॉर्म भरने तक खुद किए सारे काम, क्रिएटर ने शेयर किया वीडियो

Sonaselection India IPO: 17 सितंबर को ओपनिंग, ₹142 करोड़ का है इश्यू; चेक करें प्राइस बैंड, लिस्टिंग डेट

मेनबोर्ड सेगमेंट में सोना सि​लेक्शन इंडिया का ₹141.57 करोड़ का IPO 17 सितंबर को खुलने जा रहा है। इसमें 1.43 करोड़ नए शेयर जारी होंगे। बोली लगाने के लिए प्राइस बैंड ₹94-₹99 प्रति शेयर और लॉट साइज 150 शेयर है। एंकर निवेशक 16 सितंबर को निवेश कर सकेंगे। इश्यू की क्लोजिंग 21 सितंबर को होगी, जिसके बाद अलॉटमेंट 22 सितंबर को फाइनल होगा।

कंपनी के शेयर NSE और BSE पर 24 सितंबर को लिस्ट हो सकते हैं। इस IPO के लिए चॉइस कैपिटल एडवाइजर्स, बुक रनिंग लीड मैनेजर है। रजिस्ट्रार Kfin Technologies है। सोना सि​लेक्शन इंडिया फैब्रिक बनाने और प्रोसेसिंग के कारोबार में है। यह वैल्यू-एडेड टेक्सटाइल प्रोडक्ट्स का प्रोडक्शन करती है।

यह 100% कॉटन फैब्रिक, कॉटन लाइक्रा (स्ट्रेच) फैब्रिक, कॉटन ब्लेंड और पॉलिएस्टर ब्लेंड बनाती है। साथ ही 100% कॉटन, कॉटन ब्लेंड, पॉलिएस्टर-विस्कोस (P/V) और पॉलिएस्टर फैब्रिक की प्रोसेसिंग भी करती है। कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट राजस्थान के भीलवाड़ा में लगभग 49,540 वर्ग मीटर में फैली हुई है। सोना सि​लेक्शन इंडिया के प्रमोटर हर्षिल नुवाल, सुभाष चंद्र नुवाल, उमा नुवाल, दीपांक भंडारी और सोना पॉलीस्पिन प्राइवेट लिमिटेड हैं।

कैसे इस्तेमाल होंगे IPO के पैसे

कंपनी अपने पब्लिक इश्यू से हुई कमाई का इस्तेमाल कर्ज चुकाने, मौजूदा मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी के लिए प्लांट और मशीनरी खरीदने के लिए और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी। इश्यू में 50 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 35 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व है।

NSE IPO: इंतजार खत्म, प्राइस बैंड ₹1700-₹1785 प्रति शेयर हुआ तय; इश्यू का साइज घटकर ₹22562 करोड़

Sonaselection India की वित्तीय सेहत

वित्त वर्ष 2025-26 में सोना सिलेक्शन इंडिया का रेवेन्यू 64 प्रतिशत बढ़कर ₹517.60 करोड़ हो गया। शुद्ध मुनाफा 83 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ ₹34 करोड़ रहा। इस बीच कंपनी पर ₹258.24 करोड़ की उधारी थी। एक साल पहले रेवेन्यू ₹316.47 करोड़ और शुद्ध मुनाफा ₹18.56 करोड़ दर्ज किया गया था।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

चीन में लाइबेरिया के झंडे वाले जहाज में आग:20 की मौत, 5 लापता, शिप की मरम्मत का काम चल रहा था

चीन के किंगदाओ शहर में गुरुवार को मरम्मत के लिए खड़े लाइबेरिया के झंडे वाले मालवाहक जहाज में अचानक आग लग गई। हादसे में 20 लोगों की मौत हो गई। 5 लोग अब भी लापता हैं। जहाज पर कुल 42 लोग मौजूद थे इनमें से 12 को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। न्यूज एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, आग सुबह करीब 11 बजे बेइहाई शिपयार्ड में लगी। उस समय जहाज पर मरम्मत का काम चल रहा था। करीब साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर 2:30 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। आग लगने की वजह पता नहीं चल पाई है। शी जिनपिंग ने दिए जांच के आदेश हादसे के बाद चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने लापता लोगों की तलाश और बचाव अभियान तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने को भी कहा है। शी ने अधिकारियों से ऐसे हादसों को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की दोबारा जांच करने को कहा है। चीनी प्रधानमंत्री ली च्यांग ने भी फंसे लोगों को निकालने और घायलों को बेहतर इलाज देने पर जोर दिया। सरकारी कंपनी CSSC के अधीन है शिपयार्ड जिस शिपयार्ड में यह हादसा हुआ, वह सरकारी कंपनी चाइना स्टेट शिपबिल्डिंग कॉरपोरेशन (CSSC) के अधीन है। CSSC चीन की सबसे बड़ी जहाज निर्माण कंपनियों में से एक है और दुनिया की प्रमुख शिपबिल्डिंग कंपनियों में भी शामिल है। किंगदाओ का बेइहाई शिपबिल्डिंग शिपयार्ड नए जहाज बनाने के साथ-साथ पुराने जहाजों की मरम्मत भी करता है। यहां बड़े मालवाहक जहाजों के अलावा दूसरे समुद्री जहाजों के निर्माण और मरम्मत की सुविधा है। शिपयार्ड में 30 हजार और 20 हजार टन क्षमता वाले जहाजों के निर्माण के लिए बर्थ मौजूद हैं। इसके अलावा यहां 20 हजार टन तक के जहाजों के निर्माण और मरम्मत की सुविधा भी है। शिपयार्ड में मल्टी-पर्पज वर्क वेसल, तेल टैंकर और 40 हजार टन तक के ड्राई बल्क कैरियर जैसे जहाज भी बनाए जाते हैं। जहाज पर आग लगने से जुड़ा 1 महीने में दूसरा हादसा करीब एक महीने में चीन के दो अलग-अलग शिपयार्ड में जहाज से जुड़े गंभीर हादसे हुए हैं। 13 अगस्त को फुजियान के फुआन में जहाज में आग में आग लग गई थी। आग बुझाने के लिए रेस्क्यू टीम पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। इसी दौरान करीब 45 मिनट बाद अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। हादसे में एक बचावकर्मी की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हुए। —————————————-
यह खबर भी पढ़ें… बांग्लादेश सेना का चीनी टैंक फायरिंग अभ्यास में फटा:2 सैनिकों की मौत, एक अधिकारी गंभीर; हादसे की वजह अभी साफ नहीं
बांग्लादेश के चटगांव में बुधवार को सेना के फायरिंग अभ्यास के दौरान चीन में बना टाइप 59 टैंक फट गया। हादसे में टैंक के अंदर मौजूद दो सैनिकों की मौत हो गई। एक सैन्य अधिकारी गंभीर रूप से घायल है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

गरबा में अगर मुस्लिम आएं… VHP के बैन के फरमान के बीच अमृता फडणवीस ने बिल्कुल अलग ही बात कह दी

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने कहा है कि त्योहार सभी के लिए होते हैं और अगर कोई मुस्लिम व्यक्ति भी इसमें शामिल होता है, तो इसमें कुछ गलत नहीं है। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे ने विश्व हिंदू परिषद (VHP) की उस मांग का समर्थन किया है, जिसमें मुस्लिमों को नवरात्रि के कार्यक्रमों में शामिल होने से रोकने की बात कही गई है।

बता दें कि विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने पिछले हफ्ते कहा था कि 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले नवरात्रि उत्सव के दौरान राज्य में गरबा और डांडिया कार्यक्रमों में मुस्लिमों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

वहीं, राज्य के मंत्री नितेश राणे ने सोमवार को VHP के इस फैसले का समर्थन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे त्योहारों के दौरान ‘लव जिहाद’ के मामले बढ़ जाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग मूर्ति पूजा में विश्वास नहीं रखते, उन्हें हिंदू धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल नहीं होना चाहिए।

राणे की टिप्पणियों के बारे में सवाल पूछे जाने पर, अमृता फडणवीस ने कहा कि उनका मानना ​​है कि इस त्योहार में सभी को शामिल होना चाहिए। उन्होंने पत्रकारों से कहा, “अगर कोई मुस्लिम व्यक्ति भी वहां आता है और त्योहार का ठीक से आनंद लेता है, तो मुझे इसमें कुछ भी गलत नहीं लगता।”

वहीं, VHP ने आयोजकों के लिए “गाइडलाइंस” जारी की हैं, ताकि नवरात्रि के ‘गरबा’ और ‘डांडिया’ कार्यक्रमों में शामिल होने वालों की पहचान की पुष्टि की जा सके। इसके लिए उनके आधार कार्ड की जांच करने और उनके माथे पर ‘तिलक’ लगाने को कहा गया है।

राणे ने आरोप लगाया कि ऐसे त्योहारों के दौरान “लव जिहाद” के मामले बढ़ जाते हैं और कहा कि कार्यक्रम में शामिल होने वालों की पहचान की जांच होनी चाहिए और उन्हें अंदर जाने से पहले हनुमान चालीसा का पाठ करना चाहिए।

बता दें कि ‘लव जिहाद’ एक ऐसा शब्द है, जिसका इस्तेमाल दक्षिणपंथी कार्यकर्ता अक्सर इस आरोप के लिए करते हैं कि मुस्लिम पुरुष महिलाओं, खासकर हिंदू महिलाओं, को प्रेम संबंधों में फंसाकर उनका धर्म परिवर्तन करने की कोशिश करते हैं।

यह भी पढ़ें: ‘मैं 24×7 काम नहीं कर सकता, मुझे कार्यमुक्त करें…’; वाराणसी में तैनात पुलिसकर्मी ने मांगी नौकरी से मुक्ति, इस्तीफे की चिट्ठी में लिखी ये बात

UP News : योगी सरकार का बड़ा एक्शन! लापरवाही पर 5 तहसीलदार निलंबित, 13 अन्य को नोटिस, जानें पूरा मामला

UP News : योगी सरकार का बड़ा एक्शन! लापरवाही पर 5 तहसीलदार निलंबित, 13 अन्य को नोटिस, जानें पूरा मामला

योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत राजस्व मामलों में लापरवाही और उदासीनता पर कड़ी कार्रवाई की गई है। राजस्व अदालतों में लंबित वादों के समयबद्ध निस्तारण में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर राजस्व परिषद ने पांच तहसीलदारों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, जबकि 13 तहसीलदारों व नायब तहसीलदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। 7 सितंबर को प्रदेश के सभी राजस्व न्यायालयों में उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता, 2006 की धारा-34 के तहत दाखिल वादों की तहसीलवार और अधिकारीवार गहन समीक्षा की गई थी, जिसके बाद यह सख्त कार्रवाई की गई।

 

निलंबित किए गए अधिकारियों में अमित यादव तहसीलदार संडीला हरदोई, कृष्ण कुमार मिश्रा तहसीलदार देवरिया, सौरभ कुमार तहसीलदार जौनपुर, रंजन वर्मा तत्कालीन नायब तहसीलदार अयोध्या व सम्प्रति तहसीलदार गाजीपुर और अलख शुक्ला तहसीलदार जनपद प्रतापगढ़ शामिल हैं। इससे पहले 1 सितंबर 2026 को भी चार तहसीलदारों और एक नायब तहसीलदार को निलंबित किया गया था। यह कार्रवाई 29 अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री द्वारा राजस्व अदालतों में लंबित वादों के समयबद्ध निस्तारण की उच्चस्तरीय समीक्षा के बाद दिए गए निर्देशों के क्रम में की जा रही है। समीक्षा में राजस्व वादों का निर्धारित समय सीमा के भीतर हर स्थिति में निस्तारण सुनिश्चित करने और किसी भी स्तर पर बरती गई लापरवाही अथवा उदासीनता पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।

 

13 तहसीलदारों व नायब तहसीलदारों को कारण बताओ नोटिस

इसके अलावा वादों के निस्तारण में बरती गई लापरवाही के दृष्टिगत 13 तहसीलदारों व नायब तहसीलदारों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इनमें चंद्रशेखर वर्मा तत्कालीन तहसीलदार देवरिया व सम्प्रति तहसीलदार गोरखपुर, गोपाल जी तत्कालीन नायब तहसीलदार देवरिया व सम्प्रति नायब तहसीलदार कुशीनगर, रविरंजन कश्यप तहसीलदार जौनपुर, राकेश कुमार तत्कालीन तहसीलदार जौनपुर व सम्प्रति तहसीलदार बलरामपुर, कविता ठाकुर तत्कालीन तहसीलदार बाराबंकी व सम्प्रति तहसीलदार गोंडा, देवानन्द तिवारी तत्कालीन तहसीलदार सुल्तानपुर व सम्प्रति तहसीलदार फिरोजाबाद, स्नेहल वर्मा तत्कालीन नायब तहसीलदार अयोध्या व सम्प्रति नायब तहसीलदार लखनऊ, राहुल सिंह तहसीलदार अमेठी, अनिल कुमार तहसीलदार प्रतापगढ़, यजुवेन्द्र सिंह नायब तहसीलदार लखनऊ, सुखवीर सिंह नायब तहसीलदार लखनऊ, रमाशंकर मिश्रा नायब तहसीलदार रायबरेली और शार्द सिंह तहसीलदार लखनऊ शामिल हैं।

 

राजस्व परिषद की ओर से इन अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू की जा रही है। मामलों में जवाबदेही निर्धारित करते हुए नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री द्वारा की गई समीक्षा के क्रम में राजस्व परिषद द्वारा राजस्व न्यायालयों के कार्यों की प्रगति और निस्तारण की स्थिति पर विशेष निगरानी रखते हुए अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जा रही है।

 

राजस्व परिषद ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई सिर्फ एक बार होने वाली कार्रवाई नहीं, बल्कि एक सतत और निरंतर प्रक्रिया का हिस्सा है। राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों के निस्तारण में लापरवाही और उदासीनता किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं होगी। वादों के समयबद्ध निस्तारण में अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने अथवा कार्यों में लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ बिना किसी शिथिलता के नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, जिससे प्रदेश के किसानों और आम नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी और सुलभ न्याय उपलब्ध हो सके।

15 बार रिजेक्ट होने के बाद भी नहीं मानी हार…फिर ऐसे मिली 1.1 करोड़ की जॉब, वायरल हो रही सफलता की कहानी

सोशल मीडिया पर कभी ना हार मानने वाली एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है। लगातार 15 बार रिजेक्शन मिलने के बावजूद एक युवक ने अमेजन में नौकरी पाने की कोशिश नहीं छोड़ी। लगातार 15 बार रिजेक्शन मिलने के बावजूद एक युवक ने अमेजन में नौकरी पाने की कोशिश नहीं छोड़ी। भोपाल के लक्ष्मी नारायण कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने वाले इस युवक ने कंपनी में नौकरी के लिए बार-बार आवेदन किया। आखिरकार उसकी मेहनत रंग लाई और उसे अमेजन जर्मनी में काम करने का मौका मिल गया। कंपनी ने उसे करीब 1.1 करोड़ रुपये का सालाना पैकेज ऑफर किया है। उनकी यह कहानी अब सोशल मीडिया पर लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा पोस्ट

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर गंतव्य मालवीय की कहानी तेजी से वायरल हो रही है। पोस्ट के मुताबिक, गंतव्य मालवीय ने कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई नहीं की थी, लेकिन इंजीनियरिंग के दौरान ही उन्होंने टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में करियर बनाने का फैसला किया। इसके लिए उन्होंने प्रोग्रामिंग और डेटा स्ट्रक्चर-एल्गोरिदम जैसी जरूरी स्किल्स सीखीं। इसके साथ ही उन्होंने मशीन लर्निंग और सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट पर भी काम किया। अपनी जानकारी को मजबूत करने के लिए उन्होंने अलग-अलग प्रोजेक्ट और इंटर्नशिप के जरिए प्रैक्टिकल अनुभव हासिल किया।

लगातार करते रहे प्रयास

गंतव्य मालवीय अमेजन की नौकरी पाने के लिए लगातार कंपनी के करियर पेज पर नजर रखते थे और अपनी योग्यता के मुताबिक अलग-अलग पदों के लिए आवेदन करते रहे। शुरुआत में उन्हें 15 बार निराशा हाथ लगी, लेकिन उन्होंने कोशिश जारी रखी। आखिरकार उन्हें अमेजन जर्मनी में सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट इंजीनियर के पद के लिए चुना गया। LNCT के अनुसार, उन्हें करीब 1.10 करोड़ रुपये का पैकेज मिला। मालवीय अगस्त 2023 से अमेजन वेब सर्विसेज (AWS) में सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट इंजीनियर के तौर पर काम कर रहे हैं। उनके लिए यह नौकरी करियर की एक नई शुरुआत साबित हुई।

नई नौकरी की ज्वांइन

X पर हाल ही में एक पोस्ट में मालवीय ने बताया कि वह Amazon छोड़कर Taxfix में शामिल होने जा रहे हैं। उन्होंने इसे अपने करियर का अगला कदम बताया। मालवीय ने पोस्ट के साथ एक तस्वीर भी शेयर की, जिसमें वह कंपनी के लोगो वाला सिपर पकड़े नजर आए। तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, “नई शुरुआत।”गंतव्य मालवीय की कहानी कई युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है। नौकरी के लिए कई बार असफल होने के बावजूद उन्होंने अपनी कोशिश जारी रखी और आखिरकार जर्मनी में टेक सेक्टर में अच्छा अवसर हासिल किया। उनकी कहानी सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोगों ने उनके जज्बे और लगातार मेहनत करने की तारीफ की। यूजर्स का कहना है कि सफलता देर से मिले, लेकिन अगर कोशिश जारी रहे तो लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

लोगों ने किया रिएक्ट

एक यूजर ने मालवीय की कहानी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “₹1.1 करोड़ का पैकेज शानदार है, लेकिन इससे भी बड़ी सीख उनकी पूरी प्रक्रिया से मिलती है। उन्होंने समय रहते तैयारी शुरू की, जरूरी स्किल्स पर काम किया, इंटर्नशिप की और अलग-अलग जगहों पर लगातार आवेदन करते रहे। 15 बार रिजेक्शन मिलने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और आखिरकार उन्हें मौका मिल गया।” वहीं, एक अन्य यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, “15 रिजेक्शन के बाद आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई।” एक अन्य यूजर ने लिखा, “15 बार रिजेक्शन के बाद भी Amazon Germany में अपनी जगह बनाना वाकई उनकी लगन को दिखाता है।”

(डिस्क्लेमर: यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर यूज़र द्वारा शेयर किए गए कंटेंट पर आधारित है। मनीकंट्रोल इन दावों की न तो स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है और न ही इनका समर्थन करता है।)

सीएम डॉ. मोहन यादव ने की शराफ ग्रुप के प्रेसिडेंट के साथ मीटिंग, एमपी के शिपिंग-लॉजिस्टिक्स में मिल सकता है सपोर्ट

सीएम डॉ. मोहन यादव ने की शराफ ग्रुप के प्रेसिडेंट के साथ मीटिंग, एमपी के शिपिंग-लॉजिस्टिक्स में मिल सकता है सपोर्ट

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुबई में आयोजित 'एआईएम कांग्रेस-2026' (Annual Investment Meeting) के तीसरे दिन 8 सितंबर को ताज दुबई में शराफ ग्रुप के प्रेसिडेंट-सीईओ श्याम कपूर से अहम मुलाकात की। दोनों के बीच शिपिंग-लॉजिस्टिक्स, सप्लाई चेन सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में मध्यप्रदेश के हर सेक्टर में निवेश की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कपूर को अगले साल होने वाली ग्लोबल इंवेस्टर समिट (GIS) 2027 के लिए आमंत्रित किया। 

 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शराफ ग्रुप के प्रेसिडेंट-सीईओ श्याम कपूर के बीच हुई बैठक में मध्यप्रदेश में रेल-साइडिंग युक्त लॉजिस्टिक्स पार्क स्थापित करने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। इसके लिए लगभग 30-50 मिलियन अमेरिकी डॉलर (250-450 करोड़ रुपये) के निवेश का प्रस्ताव है। इस परियोजना से लगभग 300-600 लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। बैठक में बताया गया कि कंपनी इंदौर और पीथमपुर क्षेत्र में निवेश करने के लिए इच्छुक है। साथ ही, मध्यप्रदेश के अन्य संभावित स्थानों पर भी निवेश की संभावनाएं तलाशने के लिए तैयार है।

 

बैठक में इस प्रस्ताव पर हुई चर्चा-बैठक में मल्टीमोडल लॉजिस्टिक्स पार्क, आधुनिक वेयरहाउसिंग और रीजनल डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर्स का विकास किए जाने पर चर्चा हुई। बैठक में कहा गया कि कंपनी एग्रीकल्चर, फूड, फार्मास्यूटिकल्स और ऑर्गनाइज़्ड रिटेल सप्लाई चेन के लिए कोल्ड-चेन इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करेगी। मध्यप्रदेश के उत्पादों के लिए एक्सपोर्ट-ओरिएंटेड कार्गो कंसॉलिडेशन और इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूशन तय करेगी। प्रमुख कमर्शियल और डेस्टिनेशन लोकेशन्स में रिटेल, हॉस्पिटैलिटी और टूरिज़्म इन्वेस्टमेंट पर ध्यान देगी। कंपनी कुशल लॉजिस्टिक्स ऑपरेशन्स के लिए सप्लाई-चेन टेक्नोलॉजी और वर्कफोर्स डेवलपमेंट पार्टनरशिप करेगी। साथ ही, स्थानीय ट्रांसपोर्टर्स, वेंडर्स और सर्विस प्रोवाइडर्स को ग्रुप के लॉजिस्टिक्स इकोसिस्टम से जोड़ेगी।

 

कंपनी के पास कई स्टोरेज यार्ड-कंपनी के प्रेसिडेंट कपूर ने बैठक में बताया कि कंपनी भारत में अपनी भारतीय सहायक कंपनी हिंद टर्मिनल्स प्राइवेट लिमिटेड (HTPL) के माध्यम से मौजूद है। कंपनी मल्टी-मॉडल एग्री-लॉजिस्टिक्स पार्कों की स्थापना एवं संचालन, रेल-रोड परिवहन तथा थर्ड-पार्टी लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में कार्यरत है। एचटीपीएल इनलैंड कंटेनर डिपो के संचालन के साथ-साथ ताजे कृषि उत्पादों के संरक्षण के लिए कोल्ड-चेन समाधान भी उपलब्ध कराती है। कंपनी भारत में 35 मालवाहक ट्रेनों और लगभग 900 ट्रकों का संचालन कर रही है। कंपनी मध्यप्रदेश में अपना संचालन एवं प्रतिष्ठान स्थापित करने के लिए विशेष रूप से इच्छुक है। कंपनी के पास देश में पर्याप्त स्टोरेज यार्ड उपलब्ध हैं। कंपनी 69 देशों में काम कर रही है। उसका मुख्यालय दुबई है। कंपनी शिपिंग-लॉजिस्टिक्स, सप्लाई चेन, रिटेल, ट्रैवल एवं टूरिज्म, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, फायनेंशियल सर्विसेज, हॉस्पिटेलिटी और रियल इस्टेट सेक्टर में काम करती है।

फॉरेन ट्रिप पर नहीं होगी जेब ढीली, इन 5 स्मार्ट टिप्स से बचाएं पैसे!

विदेश घूमने का प्लान बनाते समय हम सबसे पहले फ्लाइट टिकट और होटल के खर्च जोड़ते है। लेकिन ट्रिप के दौरान लोकल ट्रांसपोर्ट, खाना-पीना, घूमने की जगहों की टिकट और दूसरी छोटी चीजों को खरीदने पर भी काफी पैसा खर्च हो जाता है। यदि इन खर्चों का पहले से अंदाजा न हो, तो बजट के बढ़ने का पता नहीं चलता है।

लेकिन यदि आप कुछ आसान टिप्स से फॉरेन ट्रिप का खर्च काफी कम किया जा सकता है। जिसमे आपको हर चीज में कटौती करने की जरूरत नहीं है, बस खर्च करने का सही तरीका पता होना चाहिए। ऐसे ही कुछ आसान टिप्स अपनाकर आप पैसे भी बचा सकते हैं और अपनी फॉरेन ट्रिप को बिना ज्यादा खर्च की चिंता के खुलकर एन्जॉय कर सकते हैं।

1. पहले से बनाएं ट्रिप बजट

फॉरेन ट्रिप में खूबसूरत पार्क, मार्किट, समुद्र किनारे की जगहें, पुरानी गलियां और कुछ दर्शनीय स्थान बिना किसी टिकट के भी देखे जा सकते हैं। इसलिए ट्रिप से पहले उन जगहों की लिस्ट बना लें, जहां जाने के लिए ज्यादा पैसे खर्च न करने पड़ें। महंगी एक्टिविटी करने के बजाय शहर को पैदल घूमकर या लोकल मार्किट को एक्सप्लोर करके बिताएं। इससे कम खर्च में भी नई जगह को पास से देखने का अच्छा एक्सपीरियंस मिल सकता है।

 

2. होटल बुकिंग में बचाएं पैसे

विदेश में रहने के लिए मशहूर टूरिस्ट एरिया में होटल लेना काफी महंगा पड़ सकता है। यदि आपका बजट कम है, तो शहर के सिटी सेंटर से थोड़ा दूर होटल, हॉस्टल या होमस्टे देख सकते हैं। बस यह जरूर ध्यान रखें कि वहां से पब्लिक ट्रांसपोर्ट आसानी से मिल जाए और होटल किसी ट्रेन, बस या मेट्रो स्टेशन के पास हो। रोज थोड़ी दूरी तय करके आप होटल के खर्च में अच्छी बचत कर सकते हैं।

3. बाहर खाने पर खर्च घटाएं

फॉरेन ट्रिप में रोज रेस्टोरेंट में खाना खाने से बजट तेजी से बढ़ सकता है। ऐसे में लोकल सुपरमार्केट से सैंडविच, फल, स्नैक्स, ड्रिंक्स और दूसरी जरूरी चीजें खरीदना एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है। यदि आपको वहाँ होटल में किचन की फैसिलिटी है, तो कुछ खाना खुद भी तैयार कर सकते हैं। लॉन्ग जर्नी के लिए घर से कुछ पैक किए हुए स्नैक्स ले जाना भी मददगार हो सकता है।

4. महंगी एक्टिविटीज से बचें

नई जगह पर पहुंचने के बाद हर टूर, टिकट, राइड और महंगी एक्टिविटी करने का मन करता है, लेकिन इससे खर्च काफी बढ़ सकता है। इसलिए पहले तय करें कि इस ट्रिप में आपके लिए कौन-से एक्सपीरियंस सबसे खास हैं। कुछ चुनिंदा एक्टिविटीज के लिए पैसे खर्च करें और बाकी समय शहर की गलियों में घूमने, पार्क देखने, समुद्र किनारे बैठने या लोकल मार्केट एक्सप्लोर करने जैसे कम खर्च वाले ऑप्शन चुनें।

5. लोकल ट्रांसपोर्ट का करें इस्तेमाल

विदेश में एक जगह से दूसरी जगह जाने में काफी पैसा खर्च हो सकता है। इसलिए हर बार टैक्सी या कैब लेने के बजाय जहां संभव हो, बस, ट्रेन या मेट्रो जैसे लोकल ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें। यदि कम सफर करना है, तो जरूरत के हिसाब से अलग-अलग टिकट लेना ज्यादा सस्ता हो सकता है। इस तरह पहले से थोड़ा हिसाब लगाने पर आने-जाने के खर्च को कम किया जा सकता है।

6. बल्क में करें सुवेनियर शॉपिंग

सुवेनियर एक-एक करके खरीदने के बजाय होलसेल मार्केट या थोक की दुकान से खरीदें। यहां एक साथ ज्यादा सामान लेने पर कीमत कम मिल सकती है, जिससे आपकी शॉपिंग बजट से बाहर नहीं जाएगी। आप दोस्तों या परिवार के लिए भी सुवेनियर खरीद रहे हैं, तो यह तरीका आपके काफी पैसे बचा सकता है।

यदि आप फॉरेन में या कही भी बाहर सिटी में घूम रहे है हर चीज पर ज्यादा पैसे खर्च करना जरूरी नहीं है। बस थोड़ा सोच-समझकर प्लान बनाएं और अपनी जरूरत के हिसाब से खर्च करें। एक यादगार सफर की चाबी यही है कि आप अपनी जरूरतों और प्रायोरिटी में सही बैलेंस बिठाएं, जिससे ट्रिप का एक्सपीरियंस भी शानदार रहे और आपका बजट भी न बिगड़े। इससे बजट भी काबू में रहेगा और आप बिना पैसों की ज्यादा चिंता किए अपनी फॉरेन ट्रिप का पूरा आनंद ले पाएंगे।

BB 20 Final List: मैरीकॉम, आम्रपाली से लेकर पंचायत के ‘दामाद जी’ तक… जानें इस बार बिग बॉस के घर का कौन-कौन बढ़ाएगा पारा

Bigg Boss 20: बिग बॉस 20 का आखिरकार इंतजार खत्म हुआ। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने ‘बिग बॉस 20’ के होस्ट के रूप में एक बार फिर शो में वापसी की है। प्रीमियर एपिसोड में ही कंटेस्टेंट्स की एंट्री के साथ माहौल काफी रोमांचक नजर आया। शो के ग्रैंड प्रीमियर में सलमान खान काउबॉय लुक में नजर आए और उन्होंने अपने डांस से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। फैंस बेसब्री से इस सीजन का इंतजार कर रहे हैं। वहीं, शो में शामिल होने वाले सभी कंटेस्टेंट्स की फाइनल लिस्ट भी सामने आ गई है। आइए जानते हैं इस बार बिग बॉस के घर में कौन-कौन से कंटेस्टेंट्स शामिल होने वाले हैं।

कनिका मान

‘बिग बॉस 20’ में सबसे पहले कनिका मान ने एंट्री ली। सलमान ने पानीपत की कनिका के काम की तारीफ की और बताया कि उनकी मां सलमा खान भी कनिका की फैन हैं। इसके बाद कनिका ने बिग बॉस के घर में कदम रखा और घर का जायजा लिया। बिग बॉस ने उन्हें कन्फेशन रूम में बुलाकर एक खास जिम्मेदारी दी। कनिका को ‘पपेट मास्टर’ बनाया गया है, जिसके तहत उन्हें घर में आने वाले कंटेस्टेंट्स पर एक खास ताकत इस्तेमाल करने का मौका मिलेगा।

आसिफ खान

बिग बॉस 20 के घर में दूसरे प्रतियोगी के तौर पर अभिनेता आसिफ खान ने एंट्री ली। आसिफ खान को वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ और ‘पंचायत’ सीरीज से पहचान मिली थी। शो में सलमान खान ने उनका स्वागत किया। इस दौरान आसिफ ने बताया कि वह फिल्म ‘रेडी’ में सलमान खान के साथ जूनियर आर्टिस्ट के तौर पर काम कर चुके हैं। अपनी जिंदगी के इस सफर को याद करते हुए आसिफ भावुक हो गए और उन्होंने अपनी मां के लिए भी खास संदेश दिया।

काजी अबरार

बिग बॉस 20 के घर में तीसरे कंटेस्टेंट के तौर पर सिंगर काजी अबरार ने कदम रखा। उन्हें ‘अफगान जलेबी’ गाने के लिए जाना जाता है। शो में सलमान खान ने काजी का स्वागत किया, जिसके बाद उन्होंने बताया कि कई साल पहले कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में वह सलमान के साथ मंच शेयर कर चुके हैं। घर में एंट्री के बाद काजी काफी उत्साहित नजर आए और लगातार अपनी बात रखते रहे।

ईशा रिखी

बिग बॉस 20 में पंजाबी एक्ट्रेस ईशा रिखी ने चौथी कंटेस्टेंट के तौर पर एंट्री ली। शो में उन्होंने अपनी निजी जिंदगी और पति से अलगाव को लेकर खुलकर बात की। ईशा ने बिना नाम लिए बताया कि वह कभी अपने पति को हरे-भरे जंगल की तरह समझती थीं, लेकिन समय के साथ उन्हें महसूस हुआ कि इस रिश्ते में उनकी खुद की पहचान कहीं पीछे छूट रही है। इस बारे में बात करते हुए वह भावुक भी हो गईं। सलमान खान ने जब उनसे पति का नाम बताने के बारे में पूछा तो ईशा ने साफ कहा कि वह उनका नाम नहीं लेंगी, क्योंकि वह उनकी जिंदगी का बीता हुआ हिस्सा है।

आम्रपाली दुबे

बिग बॉस 20 के घर में भोजपुरी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री आम्रपाली दुबे ने पांचवीं कंटेस्टेंट के रूप में एंट्री की। शो में पहुंचकर उन्होंने सलमान खान से बातचीत की और कहा कि वह यहां दर्शकों को अपना नया और बदला हुआ अंदाज दिखाने के लिए तैयार हैं। आम्रपाली के स्वागत के लिए भोजपुरी अभिनेता निरहुआ भी शो में पहुंचे।

रोहेड खान

बिग बॉस 20 में ऑस्ट्रिया के अभिनेता और मॉडल रोहेड खान ने भी बतौर कंटेस्टेंट एंट्री ली। रोहेड इससे पहले सलमान खान की फिल्म ‘टाइगर जिंदा है’ में उनके साथ नजर आ चुके हैं। वह बॉलीवुड के अलावा यूरोप और इंटरनेशनल सिनेमा में भी काम कर चुके हैं। ऑस्ट्रिया में जन्मे रोहेड जर्मन, अंग्रेजी, दारी, फारसी और हिंदी भाषाएं बोलते हैं।

लव गिल और मैरी कॉम

बिग बॉस 20 में पंजाबी अभिनेत्री लव गिल और पूर्व बॉक्सर मैरी कॉम ने भी कंटेस्टेंट के तौर पर एंट्री की। शो में मैरी कॉम नीली ड्रेस में नजर आईं और उन्होंने सलमान खान के साथ बातचीत करते हुए अपनी पहली मुलाकात का किस्सा साझा किया। इस दौरान सलमान ने उनके लिए अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा का एक खास संदेश भी सुनाया। बता दें कि प्रियंका चोपड़ा फिल्म ‘मैरी कॉम’ में बॉक्सर मैरी कॉम का किरदार निभा चुकी हैं।

रैपर युंग DSA

बिग बॉस 20 में 22 साल के रैपर युंग DSA ने भी एंट्री ली। सलमान खान से बातचीत के दौरान युंग ने बताया कि वह यरवदा से आते हैं। यह सुनकर सलमान ने मजाकिया अंदाज में कहा, “मुझे ऐसे मत डरा।” इसके बाद सलमान ने युंग से पूछा कि क्या उनका किसी गैंग से कोई संबंध है। रैपर ने साफ किया कि वह किसी भी गैंग का हिस्सा नहीं हैं।

स्काउट

बिग बॉस 20 में गेमिंग की दुनिया के मशहूर चेहरा स्काउट ने भी कंटेस्टेंट के तौर पर एंट्री ली। सलमान खान ने उनका परिचय कराते हुए उनसे उनके नाम से जुड़ी कहानी पूछी। स्काउट का असली नाम तन्मय है और सोशल मीडिया पर उनकी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग है, इंस्टाग्राम पर उन्हें 4.4 मिलियन लोग फॉलो करते हैं।

सैय्यद अरिश्फा खान

सोशल मीडिया स्टार सैय्यद अरिश्फा खान ने भी कदम रखा। शो में सलमान खान से बातचीत के दौरान अरिश्फा ने बताया कि सोशल मीडिया पर उनके 29 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। उनकी इतनी बड़ी फैन फॉलोइंग सुनकर सलमान ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्हें भी अरिश्फा से ज्यादा फॉलोअर्स हासिल करने का तरीका सीखना चाहिए। दोनों के बीच इस बातचीत ने शो में हल्का-फुल्का माहौल बना दिया।

अमन गांधी

टीवी अभिनेता अमन गांधी ने भी बिग बॉस 20 के घर में कंटेस्टेंट के तौर पर एंट्री की। सलमान खान ने उनका परिचय कराते हुए उन्हें टीवी का जाना-पहचाना और सफल चेहरा बताया। अमन को मशहूर धारावाहिक ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ में रितिक विरानी के किरदार से खास पहचान मिली थी। अब बिग बॉस के घर में उनकी मौजूदगी दर्शकों के लिए एक नया अनुभव होने वाली है।

उदिति सिंह

अभिनेत्री उदिति सिंह ने भी कंटेस्टेंट के तौर पर एंट्री की। उदिति ने बताया कि लोग अक्सर उनकी तुलना बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर से करते हैं, इसी बात पर सलमान ने मजाकिया अंदाज में उन्हें ‘करीना’ कहकर बुलाया। उदिति इससे पहले हिमेश रेशमिया के साथ ‘सुरूर’ में भी नजर आ चुकी हैं।

ऋति तिवारी

बिग बॉस 20 में ऋति तिवारी ने कंटेस्टेंट के तौर पर घर में कदम रखा। उनकी एंट्री के दौरान उनके पिता और भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी भी शो में पहुंचे और अपने मशहूर गाने ‘रिंकिया के पापा’ पर परफॉर्म किया। सलमान खान ने मनोज से मजाक में पूछा कि क्या वह खुद भी इस बार बिग बॉस का हिस्सा बनने वाले हैं, जिस पर उन्होंने बताया कि वह सिर्फ अपनी बेटी को घर तक छोड़ने आए हैं। इसके बाद मनोज ने अपनी पहली शादी से हुई बेटी ऋति का स्वागत किया। वहीं, सलमान ने ऋति से मजाक करते हुए कहा कि वह घर में अंडे को लेकर कोई हंगामा न करें।

माही विज

बिग बॉस 20 के ग्रैंड प्रीमियर में अभिनेत्री माही विज ने आखिरी कंटेस्टेंट के तौर पर घर में कदम रखा। उन्होंने ‘छलिया’ गाने पर डांस करते हुए शो में एंट्री की। माही इससे पहले ‘मेहर’ में नजर आ चुकी हैं और हाल ही में पति जय भानुशाली से तलाक की खबरों को लेकर भी चर्चा में थीं।