गरबा में अगर मुस्लिम आएं… VHP के बैन के फरमान के बीच अमृता फडणवीस ने बिल्कुल अलग ही बात कह दी

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने कहा है कि त्योहार सभी के लिए होते हैं और अगर कोई मुस्लिम व्यक्ति भी इसमें शामिल होता है, तो इसमें कुछ गलत नहीं है। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे ने विश्व हिंदू परिषद (VHP) की उस मांग का समर्थन किया है, जिसमें मुस्लिमों को नवरात्रि के कार्यक्रमों में शामिल होने से रोकने की बात कही गई है।

बता दें कि विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने पिछले हफ्ते कहा था कि 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले नवरात्रि उत्सव के दौरान राज्य में गरबा और डांडिया कार्यक्रमों में मुस्लिमों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

वहीं, राज्य के मंत्री नितेश राणे ने सोमवार को VHP के इस फैसले का समर्थन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे त्योहारों के दौरान ‘लव जिहाद’ के मामले बढ़ जाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग मूर्ति पूजा में विश्वास नहीं रखते, उन्हें हिंदू धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल नहीं होना चाहिए।

राणे की टिप्पणियों के बारे में सवाल पूछे जाने पर, अमृता फडणवीस ने कहा कि उनका मानना ​​है कि इस त्योहार में सभी को शामिल होना चाहिए। उन्होंने पत्रकारों से कहा, “अगर कोई मुस्लिम व्यक्ति भी वहां आता है और त्योहार का ठीक से आनंद लेता है, तो मुझे इसमें कुछ भी गलत नहीं लगता।”

वहीं, VHP ने आयोजकों के लिए “गाइडलाइंस” जारी की हैं, ताकि नवरात्रि के ‘गरबा’ और ‘डांडिया’ कार्यक्रमों में शामिल होने वालों की पहचान की पुष्टि की जा सके। इसके लिए उनके आधार कार्ड की जांच करने और उनके माथे पर ‘तिलक’ लगाने को कहा गया है।

राणे ने आरोप लगाया कि ऐसे त्योहारों के दौरान “लव जिहाद” के मामले बढ़ जाते हैं और कहा कि कार्यक्रम में शामिल होने वालों की पहचान की जांच होनी चाहिए और उन्हें अंदर जाने से पहले हनुमान चालीसा का पाठ करना चाहिए।

बता दें कि ‘लव जिहाद’ एक ऐसा शब्द है, जिसका इस्तेमाल दक्षिणपंथी कार्यकर्ता अक्सर इस आरोप के लिए करते हैं कि मुस्लिम पुरुष महिलाओं, खासकर हिंदू महिलाओं, को प्रेम संबंधों में फंसाकर उनका धर्म परिवर्तन करने की कोशिश करते हैं।

यह भी पढ़ें: ‘मैं 24×7 काम नहीं कर सकता, मुझे कार्यमुक्त करें…’; वाराणसी में तैनात पुलिसकर्मी ने मांगी नौकरी से मुक्ति, इस्तीफे की चिट्ठी में लिखी ये बात

नवरात्रि में गरबा पंडालों में मुस्लिमों की एंट्री पर बैन! महाराष्ट्र में VHP का बड़ा फैसला

विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने महाराष्ट्र में नवरात्रि के दौरान होने वाले गरबा और डांडिया आयोजनों को लेकर विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने नई गाइडलाइन जारी की है। संगठन ने आयोजकों से कार्यक्रमों में शामिल होने वाले लोगों की पहचान की जांच करने की बात कही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, विहिप ने महाराष्ट्र में नवरात्रि के दौरान गरबा-डांडिया में मुस्लिमों को शामिल नहीं होने देने का फैसला किया है। VHP के मुताबिक, इन नियमों का उद्देश्य आयोजनों में किसी तरह की गलत गतिविधि को रोकना और नवरात्रि के धार्मिक स्वरूप को बनाए रखना है।

VHP की नई गाइडलाइन

द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, VHP का कहा कि, इन आयोजनों में कौन शामिल हो रहा है, इसे लेकर आयोजकों को सतर्क रहना चाहिए। VHP ने नवरात्रि के दौरान होने वाले गरबा और डांडिया कार्यक्रमों को लेकर आयोजकों के लिए कुछ सुझाव दिए हैं। VHP ने गरबा और डांडिया आयोजकों से कहा कि वे कार्यक्रम में आने वाले लोगों का आधार कार्ड चेक करें। साथ ही, पहचान की जांच के दौरान लोगों के माथे पर तिलक लगाने का भी सुझाव दिया गया है। ताकि आयोजक यह सुनिश्चित कर सकें कि कार्यक्रम में केवल हिंदू ही शामिल हों।

क्यों लिया ये फैसला

VHP के राष्ट्रीय प्रवक्ता और संयुक्त सचिव श्रीराज नायर ने बताया कि संगठन ने इन कार्यक्रमों में मुस्लिम समुदाय के लोगों को शामिल नहीं करने का फैसला लिया है। द इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, नायर ने कहा, “नवरात्रि का त्योहार सिर्फ गाने और नाचने के बारे में नहीं है। यह देवी की पूजा के लिए समर्पित त्योहार है। जो मुस्लिम मूर्ति पूजा में विश्वास नहीं करते, उन्हें इसमें क्यों हिस्सा लेना चाहिए?” VHP ने कहा, कि गरबा और डांडिया कार्यक्रमों को लेकर लिए गए फैसले का मकसद किसी समुदाय को निशाना बनाना नहीं है।

आयोजकों को सावधानी बरतने की सलाह

संगठन के अनुसार, इन आयोजनों के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। VHP का कहना कि हिंदू त्योहारों का समुदाय की परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत में खास स्थान है और इसी को ध्यान में रखते हुए आयोजकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। नायर ने कहा कि अगर मुस्लिम समुदाय के लोग नवरात्रि से जुड़े आयोजनों में शामिल होना चाहते हैं, तो वे अपने परिवार के साथ घर या पूजा स्थल पर इसे मना सकते हैं। उन्होंने सार्वजनिक गरबा और डांडिया कार्यक्रमों के बजाय निजी तौर पर त्योहार मनाने की बात कही।

IMD Heavy Rain Alert: दिल्ली NCR से यूपी-बिहार तक प्रचंड बारिश का अलर्ट, मौसम को लेकर इन 2 राज्यों में ऑरेंज कलर वॉर्निंग, आज नहीं थमेगी बरसात!