180 बार होटल, 50+ इंश्योरेंस पॉलिसियां और करोड़ों रुपये… पत्नी ने ऐसे पकड़ा पति का अफेयर

चीन में एक शादीशुदा शख्स का कथित सात साल पुराना अफेयर उस वक्त कोर्ट तक पहुंच गया, जब उसकी पत्नी को पति के बैंक ट्रांजैक्शन, इंश्योरेंस पॉलिसियों और होटल बुकिंग से जुड़े ऐसे सबूत मिले, जिन्होंने पूरे मामले की तस्वीर बदल दी। मामला चीन के गुआंग्शी प्रांत के लिउझोउ शहर का है। यहां रहने वाली महिला झेन को 2017 में अपने पति गुओ और एक इंश्योरेंस एजेंट ली के बीच कुछ आपत्तिजनक और रोमांटिक मैसेज मिले थे।

दोनों के बीच हुई बातचीत में कई बार 520 युआन के ट्रांसफर का भी जिक्र था। चीन में 520 को इंटरनेट स्लैंग में ‘आई लव यू’ से जोड़ा जाता है। उस समय झेन को पति के रिश्ते पर शक तो हुआ, लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई।

अस्पताल में मिली एक जानकारी ने फिर जगा दिया शक

साल 2024 में झेन इलाज के लिए अस्पताल में थीं। इसी दौरान उन्हें पता चला कि उनके पति ने उनके और उनकी छोटी बेटी के नाम पर हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसियां खरीदी थीं। यह जानकारी मिलने के बाद झेन ने पति के इंश्योरेंस एजेंट ली के साथ पुराने लेन-देन की पड़ताल शुरू की। जैसे-जैसे उन्होंने रिकॉर्ड खंगाले, मामला साधारण इंश्योरेंस खरीद से कहीं ज्यादा बड़ा नजर आने लगा।

करोड़ों रुपये के ट्रांसफर और 50 से ज्यादा इंश्योरेंस पॉलिसियां

झेन के मुताबिक, उनके पति ने कई वर्षों के दौरान ली को 30 लाख युआन से ज्यादा रकम ट्रांसफर की थी। भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 3.6 करोड़ रुपये बैठती है। इतना ही नहीं, रिकॉर्ड में सामने आया कि गुओ ने ली के जरिए 50 से ज्यादा इंश्योरेंस पॉलिसियां खरीदी थीं। इन पॉलिसियों के प्रीमियम के तौर पर उसने 1 करोड़ युआन से अधिक, यानी करीब 12 करोड़ रुपये, खर्च किए थे। इन सौदों का फायदा ली के करियर को भी मिला। इस दौरान वह इंश्योरेंस कंपनी में आगे बढ़ती गईं और आखिरकार मैनेजर के पद तक पहुंच गईं।

होटल के 180 से ज्यादा चक्कर ने बढ़ाया शक

मामले की जांच आगे बढ़ी तो एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, गुओ ने अधिकारियों के सामने माना कि वह ली के साथ 180 से ज्यादा बार होटल में ठहरा था। इस जानकारी ने दोनों के बीच सिर्फ कारोबारी संबंध होने के दावे पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। इसके बाद झेन ने अपने पति, ली और इंश्योरेंस कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

वैवाहिक संपत्ति का हुआ इस्तेमाल

झेन का आरोप था कि पति ने शादी के दौरान अर्जित संपत्ति का इस्तेमाल इन इंश्योरेंस पॉलिसियों और कथित तौर पर ली को पैसे देने में किया। उन्होंने अदालत से मांग की कि इंश्योरेंस प्रीमियम के साथ-साथ ली को ट्रांसफर की गई रकम भी वापस दिलाई जाए। झेन ने ली के पति के खिलाफ भी अलग दावा किया और पैसे लौटाने की जिम्मेदारी तय करने की मांग की।

इंश्योरेंस एजेंट ने अफेयर से किया इनकार

दूसरी ओर, ली ने गुओ के साथ किसी भी तरह के प्रेम संबंध से साफ इनकार किया। उनका कहना था कि होटल में हुई मुलाकातें काम के सिलसिले में थीं और ऐसा कोई कानून नहीं है जो इंश्योरेंस एजेंट को होटल में ग्राहक से मिलने से रोकता हो। ली ने यह भी दावा किया कि बाद में गुओ महंगे प्रीमियम का भुगतान नहीं कर पा रहा था और इसलिए पैसे वापस पाने के लिए उसने अपनी पत्नी के साथ मिलकर यह मामला खड़ा किया।

पति के बयान ने बदल दी पूरी कहानी

लेकिन ली के इस दावे को गुओ के बयान से झटका लगा। गुओ ने अधिकारियों को बताया कि उसके पास कई संपत्तियां हैं और वह किसी आर्थिक परेशानी से नहीं जूझ रहा था। उसने यह भी स्वीकार किया कि ली के साथ उसका निजी रिश्ता इतनी बड़ी संख्या में इंश्योरेंस पॉलिसियां खरीदने के फैसले की एक अहम वजह था। यानी जिस कहानी को महज कारोबारी लेन-देन बताया जा रहा था, उसमें निजी रिश्ते की भूमिका भी सामने आ गई।

कोर्ट ने माना रिश्ता अनुचित

मामले में सबूतों की समीक्षा करने के बाद अदालत ने माना कि गुओ और ली के बीच अनुचित संबंध था। अदालत ने ली को झेन को करीब 9 लाख युआन, यानी लगभग 1.1 करोड़ रुपये, वापस करने का आदेश दिया। इस रकम को अनुचित तरीके से दिए गए उपहार माना गया। इसके साथ ब्याज चुकाने का भी आदेश दिया गया। ली ने फैसले के खिलाफ दोबारा सुनवाई की मांग की, लेकिन उनकी रिट्रायल याचिका भी खारिज कर दी गई। इस तरह एक पत्नी को मिले कुछ संदिग्ध मैसेज से शुरू हुई कहानी बैंक ट्रांजैक्शन, करोड़ों रुपये की इंश्योरेंस खरीद, 180 से ज्यादा होटल स्टे और आखिरकार अदालत के फैसले तक पहुंच गई।

IRCTC पर AI का कमाल! ट्रेन खोजने से फॉर्म भरने तक खुद किए सारे काम, क्रिएटर ने शेयर किया वीडियो

बॉयफ्रेंड से झगड़े के बाद 18वीं मंजिल से कूदी 20 साल की लड़की, चमत्कारिक तरीके से बची जान

चीन में एक 20 वर्षीय युवती से जुड़ी घटना ने लोगों को हैरान कर दिया है। बॉयफ्रेंड के साथ हुए विवाद के बाद अपार्टमेंट से निकलने की कोशिश में वह 18वीं मंजिल की बालकनी से गिर गई। इतनी ऊंचाई से गिरने के बाद भी उसकी जान बच गई, जिसे डॉक्टरों ने बेहद असाधारण बताया। हालांकि, इस हादसे में युवती को कई गंभीर चोटें आईं और अब उसका इलाज अस्पताल में जारी है। घटना के बाद जहां उसकी जिंदगी बचाने की कोशिशें चल रही हैं, वहीं परिवार के सामने इलाज का बढ़ता खर्च भी बड़ी चुनौती बन गया है। इस पूरे मामले ने रिश्तों में तनाव, भावनात्मक फैसलों और मुश्किल परिस्थितियों से निपटने को लेकर भी चर्चा शुरू कर दी है।

रिश्ते से बाहर निकलना चाहती थी युवती

रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना 12 जुलाई की सुबह करीब 4 बजे चीन के झेजियांग प्रांत के जियाशिंग शहर में हुई। युवती को रिपोर्ट में शियाओयी नाम से पहचाना गया है। वह अपने बॉयफ्रेंड के साथ किराए के अपार्टमेंट में रहती थी। परिवार का कहना है कि शियाओयी कुछ दिन पहले ही इस रिश्ते को खत्म करने का फैसला कर चुकी थी। उसने 10 जुलाई को अपने गृह नगर युन्नान लौटने के लिए ट्रेन टिकट भी बुक कर लिया था।

विवाद के बाद बिगड़े हालात

परिवार के अनुसार, 11 जुलाई की रात दोनों के बीच फिर से विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान बॉयफ्रेंड ने युवती का मोबाइल फोन और पहचान पत्र अपने पास रख लिया और अपार्टमेंट का दरवाजा बंद कर दिया, जिससे वह बाहर नहीं निकल सकी। युवती के चाचा ली ने बताया कि कई घंटे तक चले विवाद के बाद शियाओयी खुद को फंसा हुआ महसूस कर रही थी। उस समय उसकी प्राथमिकता सिर्फ वहां से बाहर निकलना थी।

गिरने के बाद भी बची जान

बताया गया कि युवती 18वीं मंजिल की बालकनी से गिर गई। हालांकि, गिरते समय एक पेड़ ने उसकी रफ्तार कम कर दी और नीचे मौजूद घनी झाड़ियों ने भी असर को कम किया। इसी वजह से वह गंभीर स्थिति में होने के बावजूद बच गई।

अस्पताल में चल रहा गंभीर इलाज

घटना के बाद युवती को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, उसके बॉयफ्रेंड ने इलाज के लिए शुरुआती तौर पर 20 हजार युआन (करीब 3 हजार डॉलर) जमा किए। डॉक्टरों ने जांच में पाया कि युवती के सिर, फेफड़ों, लीवर और तिल्ली में गंभीर चोटें आई हैं। इसके अलावा उसकी पेल्विस, प्यूबिक बोन और दोनों पैरों में फ्रैक्चर भी हुआ है। युवती की अब तक दो बड़ी सर्जरी हो चुकी हैं और आगे भी इलाज जारी है।

होश आने के बाद जताया पछतावा

परिवार के मुताबिक, होश में आने के बाद शियाओयी ने अपने इस फैसले पर पछतावा जताया। उसने माना कि यह कदम भावनात्मक स्थिति में उठाया गया था।

इलाज का खर्च बना परिवार की बड़ी चिंता

अब परिवार के सामने सबसे बड़ी चुनौती इलाज का खर्च है। युवती के चाचा ने बताया कि परिवार पहले से ही आर्थिक दबाव में था। साल 2022 में शियाओयी की मां को कैंसर का पता चला था, जिसके इलाज में परिवार की बचत खत्म हो गई और उन्हें कर्ज भी लेना पड़ा। युवती के इलाज का खर्च 1 लाख युआन (करीब 15 हजार डॉलर) से अधिक पहुंच चुका है। परिवार पर अस्पताल का लगभग 60 हजार युआन बकाया है। इलाज जारी रखने के लिए परिवार ने ऑनलाइन क्राउडफंडिंग के जरिए करीब 90 हजार युआन जुटाए हैं, लेकिन आगे की सर्जरी और रिकवरी के खर्च को लेकर उनकी चिंता अभी भी बनी हुई है।

ब्रेकअप के बाद एक्स को मनाने के लिए 3 लाख तक खर्च कर लव कोच हायर कर रहीं लड़कियां, ये तो नया ही ट्रेंड!

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट (SCMP) की एक रिपोर्ट के मुताबिक, चीन में कई महिलाएं अपने एक्स-बॉयफ्रेंड को वापस पाने के लिए “रिलेशनशिप कोच” पर लाखों डॉलर खर्च कर रही हैं। एक मामले में, 28 साल की एक महिला ने अपने बॉयफ्रेंड से ब्रेकअप के बाद एक महीने के कोचिंग प्रोग्राम के लिए 3,500 युआन ($500) दिए।

हालांकि उसने अपने कोच की सलाह को पूरी तरह से माना, लेकिन उसके एक्स-बॉयफ्रेंड ने उसे सभी मैसेजिंग ऐप्स पर ब्लॉक कर दिया। जब उसने कंपनी से उनके 90% सक्सेस रेट के दावे के बारे में पूछा, तो स्टाफ ने बस उसे “ज़्यादा अनुभवी” मेंटर वाला 9,800 युआन ($1,400) का पैकेज खरीदने के लिए दबाव डाला।

एक और मामले में, एक महिला ने एक ऐसे प्रोग्राम पर 20,000 युआन ($2,800) खर्च किए, जिसे “सम्मान के साथ सुलह” करने में मदद के लिए बनाया गया था। इसका मकसद अपने पूर्व पति को इस तरह से बहलाना-फुसलाना था कि वह खुद ही उसे वापस बुलाने के लिए कहे, ताकि दोस्तों के सामने उसकी इज़्ज़त पर कोई आंच न आए।

रिलेशनशिप एक्सपर्ट और मनोवैज्ञानिक इस इंडस्ट्री के बढ़ने की वजह लोगों की इमोशनल वीकनेस और भारी सामाजिक दबाव को मानते हैं, क्योंकि कई पारंपरिक परिवेशों में महिला की अहमियत और खुशी उसके रिश्ते या वैवाहिक स्थिति से जुड़ी होती है। अकेले रह जाने का डर बहुत ज़्यादा बेचैनी पैदा करता है।

इसके अलावा, गहरे इमोशनल दर्द से जूझ रहे लोग अक्सर असली थेरेपी के बजाय जल्दी और आसानी से पूरे होने वाले वादों को चुनते हैं, जबकि थेरेपी में समय और भावनात्मक मेहनत लगती है। आलोचकों ने चिंता जताई है, क्योंकि चीन में कंज्यूमर प्रोटेक्शन प्लेटफॉर्म्स को डेटिंग और कोचिंग सेवाओं के खिलाफ 3,000 से ज़्यादा औपचारिक शिकायतें मिली हैं। इनमें झूठे और गुमराह करने वाले विज्ञापनों और कोचों के पास असली प्रोफेशनल योग्यता न होने जैसी गंभीर बातें शामिल हैं।

भारी आर्थिक और भावनात्मक जोखिमों के बावजूद, मेंटल हेल्थ एक्सपर्ट्स एक छोटा सा सकारात्मक बदलाव देख रहे हैं। ज़्यादा महिलाएं अब खराब रिश्तों को जबरदस्ती चलाने के बजाय उनसे बाहर निकल रही हैं और ब्रेकअप का इस्तेमाल खुद के विकास और लंबे समय की व्यक्तिगत खुशी के लिए कर रही हैं।