Delhi Protest: दिल्ली में CJP प्रदर्शन से पहले वकीलों की हिरासत पर बवाल, SCAORA और SCBA ने चीफ जस्टिस सूर्यकांत से की ये अपील

सुप्रीम कोर्ट के पास शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने के लिए जुटे वकीलों को हिरासत में लिए जाने की खबर ने न्यायिक व्यवस्था और विरोध-प्रदर्शन की आजादी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मामले में लॉयर एसोसिएशन फॉर कॉन्स्टिट्यूशन (LAFC) ने भी चिंता जताई है। एसोसिएशन ने सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA), सुप्रीम कोर्ट एडवोकेट्स-ऑन-रिकॉर्ड एसोसिएशन (SCAORA) और बॉम्बे लॉयर्स एसोसिएशन के साथ मिलकर शनिवार (10 अक्टूबर) को दिल्ली में पुलिस की कार्रवाई और प्रदर्शन पर लगाई गई पाबंदियों पर चिंता जताई है।

CJI सूर्यकांत से दखल देने की अपील

10 अक्टूबर को जारी एक प्रेस रिलीज में LAFC ने भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत से इस मामले में तुरंत दखल देने की अपील की है। एसोसिएशन ने कहा कि हिरासत में लिए गए वकीलों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, उन्हें कानूनी मदद दी जाए और जिन वकीलों को गैरकानूनी तरीके से हिरासत में लिया गया है, उन्हें तुरंत रिहा किया जाए।

एसोसिएशन ने कहा, “शांतिपूर्ण विरोध का जवाब ताकत, गोपनीयता या अंधाधुंध हिरासत से नहीं दिया जा सकता।” साथ ही, एसोसिएशन ने कानून के मुताबिक जवाबदेही तय करने की भी मांग की।

इसके साथ ही LAFC ने हिरासत में लिए गए हर वकील के नाम, उनके ठिकाने, सुरक्षा और उन्हें हिरासत में लेने के कानूनी आधार की जानकारी मांगी। एसोसिएशन ने उन वकीलों को रिहा करने की मांग की जिन्हें हिरासत में लेने का कोई ठोस और कानूनी आधार नहीं था। इसके अलावा, उन्हें वकील, परिवार के सदस्यों और जरूरी मेडिकल मदद तक पहुंच देने की भी मांग की।

पुलिस कार्रवाई से जुड़े सबूत सुरक्षित रखने की मांग

एसोसिएशन ने विरोध-प्रदर्शन, कथित बल प्रयोग और उसके बाद की हिरासत से जुड़े CCTV फुटेज, बॉडी-कैमरा रिकॉर्डिंग, पुलिस स्टेशन के रिकॉर्ड, हिरासत रजिस्टर और अन्य सबूतों को सुरक्षित रखने की मांग की। एसोसिएशन ने बल प्रयोग की खबरों—खासकर महिला वकीलों के खिलाफ—की एक तय समय-सीमा वाली, स्वतंत्र जांच की भी मांग की, और जहां भी गैर-कानूनी कार्रवाई साबित हो, वहां जवाबदेही तय करने और उचित राहत देने की बात कही।

प्रदर्शन करने पर वकीलों को परेशान न किया जाए

LAFC ने यह भी मांग की है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होने के कारण किसी वकील के खिलाफ बदले की भावना से FIR दर्ज न की जाए। वकीलों को डराने-धमकाने या उनके पेशेवर काम पर असर डालने वाली कार्रवाई से भी सुरक्षा मिलनी चाहिए।

इसके अलावा, एसोसिएशन ने सुप्रीम कोर्ट परिसर के आसपास भविष्य में होने वाले शांतिपूर्ण प्रदर्शनों के लिए स्पष्ट और पारदर्शी नियम बनाने की मांग की है, ताकि प्रदर्शन करने वालों के अधिकारों और सुरक्षा का ध्यान रखा जा सके।

इस बीच, बॉम्बे लॉयर्स एसोसिएशन ने भी एक प्रस्ताव पास करके केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा सार्वजनिक विरोध-प्रदर्शनों और लोगों की आवाजाही पर लगाई गई पाबंदियों को तुरंत हटाने की मांग की। एसोसिएशन ने मौजूदा हालात को “अघोषित इमरजेंसी” करार देते हुए कहा कि ये हालात इमरजेंसी के दिनों की याद दिलाते हैं।

प्रस्ताव में कहा गया, “यह तय किया गया है कि केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा सार्वजनिक विरोध-प्रदर्शन पर लगाई गई मौजूदा पाबंदियों को तुरंत हटाया जाए। लोगों की आवाजाही पर लगाई गई सभी पाबंदियां भी फौरन हटाई जाएं, क्योंकि ये मौजूदा सरकार की असंवैधानिक और गैर-कानूनी गतिविधियां हैं।”

एसोसिएशन ने बताया कि यह प्रस्ताव 10 अक्टूबर को हुई एक आपातकालीन बैठक में सर्वसम्मति से पास किया गया। साथ ही, एसोसिएशन ने इस प्रस्ताव की एक कॉपी बॉम्बे बार एसोसिएशन और एडवोकेट्स एसोसिएशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया के अध्यक्षों को भेजने का भी फैसला किया।

सुप्रीम कोर्ट एडवोकेट्स-ऑन-रिकॉर्ड एसोसिएशन (SCAORA) ने भी मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत को पत्र लिखकर वकीलों को हिरासत में लिए जाने का मुद्दा उठाया है। एसोसिएशन ने कहा कि ऐसी खबरें सामने आई हैं कि पुलिस ने वरिष्ठ और युवा वकीलों के साथ-साथ महिला वकीलों को भी हिरासत में लिया। आरोप है कि हिरासत में लेने वाले कुछ पुलिसकर्मियों ने अपनी वर्दी पर बैज भी नहीं लगा रखे थे।

एसोसिएशन ने हिरासत में लिए गए लोगों के ठिकाने का पता बताने, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें वकीलों व परिवार के सदस्यों से मिलने की सुविधा देने की मांग की। साथ ही, यह भी कहा कि अगर हिरासत में रखने का कोई कानूनी आधार नहीं है, तो उन्हें तुरंत रिहा किया जाए।

इसी तरह, SCBA ने भी CJI से अनुरोध किया कि वे अधिकारियों के साथ इस मामले पर बात करें, हिरासत में लिए गए वकीलों का पता लगाएं और हिरासत में लेने की परिस्थितियों व कथित बल प्रयोग की जांच करें। इस प्रस्ताव पर मानद सचिव प्रज्ञा बघेल ने हस्ताक्षर किए।

ये मांगें ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के प्रस्तावित “जंतर-मंतर 2.0” प्रदर्शन के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सामने आई हैं। यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग के लिए बुलाया गया है, जिन पर मतदाता सूची में गड़बड़ी और ‘विशेष गहन संशोधन प्रक्रिया’ (Special Intensive Revision process) से जुड़े आरोप हैं।

मेट्रो पर लगी पाबंदियों को लेकर अवमानना ​​याचिका

इसके अलावा, वकील शैलेंद्र मणि त्रिपाठी ने सुप्रीम कोर्ट में केंद्र सरकार, दिल्ली पुलिस और दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) के खिलाफ अवमानना ​​की कार्रवाई की मांग करते हुए याचिका दायर की। उन्होंने आरोप लगाया कि कोर्ट के 9 अक्टूबर के निर्देशों का पालन नहीं किया गया।

10 अक्टूबर को सुबह 8.17 बजे डायरी नंबर 63801/2026 के तहत दायर इस याचिका में केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार और DMRC की चेयरपर्सन डी. थारा को प्रतिवादी बनाया गया है। इसमें संविधान के अनुच्छेद 129 और ‘कंटेम्प्ट ऑफ कोर्ट्स एक्ट, 1971’ की धारा 12 का हवाला दिया गया है।

त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि कोर्ट के इस स्पष्टीकरण के बावजूद कि सेवाओं को रेगुलेट किया जा सकता है लेकिन पूरी तरह से रोका नहीं जा सकता, मेट्रो स्टेशन के गेट बंद रखे गए। बता दें कि 9 अक्टूबर को CJI सूर्य कांत और जस्टिस जॉयमाल्य बागची की बेंच ने कहा था कि “मेट्रो ट्रेनों की आवाजाही पर पूरी तरह से रोक नहीं लगाई जाएगी” और अधिकारियों को निर्देश दिया था कि वे ट्रांसपोर्ट से जुड़े नियमों का प्रचार करें और चार दिनों के भीतर अनुपालन रिपोर्ट सौंपें।

लगभग 500 लोगों को हिरासत में लिया गया

ANI के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने एहतियाती उपायों के तहत समूहों में आ रहे लगभग 500 लोगों को हिरासत में लिया और आपराधिक बैकग्राउंड वाले करीब 50 लोगों को पकड़ा। बता दें कि नई दिल्ली को 20 जोन में बांटा गया था और स्टेडियमों में डिटेंशन सेंटर बनाए गए थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कनॉट प्लेस में हिरासत में लिए गए लोगों की संख्या लगभग 200 थी।

मुंबई से आने के बाद CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके और नेता सौरव दास और आशुतोष रांका को हिरासत में ले लिया गया। पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी कानूनी टीम की प्रमुख रत्ना सिंह और तीन अन्य वकीलों को बिना कारण बताए हिरासत में ले लिया गया। पार्टी ने गुरुग्राम स्थित आवास से ध्रुव राठी को हिरासत में लिए जाने की भी निंदा की।

सुरक्षा के लिए RAF और CRPF की तैनाती

सुरक्षा व्यवस्था में रैपिड एक्शन फोर्स, दिल्ली पुलिस पिंक फोर्स और CRPF शामिल थे। साथ ही मोहन एस्टेट में ड्रोन, मजबूत बैरिकेड्स और स्पाइक स्ट्रिप्स भी तैनात किए गए थे। इस दौरान CJP ने प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोगों के लिए 12-सूत्रीय एडवाइजरी जारी कर हिंसा, तोड़फोड़, आगजनी, नफरत फैलाने वाले भाषण और अफवाहों से बचने, आपातकालीन रास्तों को खाली रखने, कानूनी निर्देशों का पालन करने और हिरासत में लिए जाने पर कानूनी सहायता लेने का आग्रह किया है।

यह भी पढ़ें: जंतर-मंतर विरोध-प्रदर्शन के बीच अभिजीत दीपके की दादी का निधन, अभी हिरासत में हैं CJP फाउंडर

साधना ग्रुप के राकेश गुप्ता को ईडी ने किया गिरफतार, देर रात करीब दो बजे कोर्ट में हुई पेशी

साधना टीवी और अन्य मीडिया नेटवर्क के मालिकाना अधिकार वाले साधना ग्रुप के सीएमडी राकेश गुप्ता को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 168 करोड़ रुपये के मनी लॉन्डरिंग मामले में आज गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने राकेश गुप्ता को ईडी की 7 दिन की रिमांड में देने का आदेश दिया है। प्रवर्तन निदेशालय ने आरोपी से मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ और कथित हवाला लेनदेन की जांच के लिए हिरासत की मांग की थी।

गुप्ता को शुक्रवार, 9 अक्टूबर, 2026 की रात 10.25 बजे दिल्ली के वसंत कुंज स्थित ईश्वर फार्म्स से गिरफ्तार किया गया था। जांच एजेंसी के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद गुप्ता को 10 अक्टूबर की रात करीब 2:03 बजे ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। इसके बाद अदालत में रिमांड आवेदन पर सुनवाई हुई। ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि, गुप्ता की उम्र और दिखाए गए खास कामों को देखते हुए, सात दिन के बजाय पांच दिन की ईडी कस्टडी सही है। अपने आदेश में अतिरिक्त सत्र जज सौरभ प्रताप सिंह लालेर ने कहा कि 63 वर्षीय गुप्ता को 15 अक्टूबर को शाम 4 बजे फिर से अदालत में पेश करना होगा।

क्या है पूरा मामला?

ईडी की जांच मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले पर आधारित है। यह एफआईआर भारतीय न्याय संहिता (BNS) के बजाय भारतीय दंड संहिता (IPC) की विभिन्न धाराओं, 406, 409, 420, 468, 471, 477A और 120-B, के तहत दर्ज की गई थी। इनमें धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात, जालसाजी और आपराधिक साजिश से संबंधित आरोप शामिल हैं। जांच एजेंसी का आरोप है कि गुप्ता ने साधना ग्रुप की कंपनी साधना मीडिया प्राइवेट लिमिटेड (SMPL) को दिवालिया प्रक्रिया में पहुंचाने की साजिश रची।

संबंधित लेनदारों के पास कंपनी की 99.41% हिस्सेदारी होने के बावजूद कंपनी को दिवालिया प्रक्रिया में धकेला गया। जांच अधिकारी के अनुसार, इस प्रक्रिया के कारण करीब 110.10 करोड़ रुपये का आयकर मांग का भुगतान नहीं हुआ। वहीं, आरोपी पर SMPL और Aryan TV के दोबारा बिक्री सौदों के जरिए 2.50 करोड़ से 2.82 करोड़ रुपये नकद प्राप्त करने का आरोप है। एजेंसी का दावा है कि इससे जुड़ी रकम का इस्तेमाल कनेक्टेड कंपनियों को भुगतान करने में किया गया।

ईडी ने क्यों मांगी हिरासत?

ईडी ने अदालत को बताया कि आरोपी से पूछताछ के दौरान कई अहम पहलुओं की जांच करनी है। इनमें कथित हवाला के जरिए भेजी गई रकम, शार्पलाइन ब्रॉडकास्ट लिमिटेड में रखे गए 2.99 करोड़ रुपये और सरोज कंस्ट्रक्शन एंड ग्राफिक्स को कथित तौर पर देय 8.98 करोड़ रुपये शामिल हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक, आरोपी के iPhone 13 Pro और iPad Pro से मिले डेटा की जांच के साथ-साथ सह-आरोपियों के बयानों का भी विश्लेषण करना है। एजेंसी दुबई और सिडनी में टेलीकास्ट की रसीदों, क्रिप्टोकरेंसी/हवाला से जुड़े कथित लेनदेन और गोल मार्केट स्थित कार्यालय में रखे बैंक बुक व डीमैट रिकॉर्ड की जांच करना चाहती है। जांच एजेंसी ने अदालत को यह भी बताया कि गवाह आरोपी के कर्मचारी और रिश्तेदार हैं, इसलिए गवाहों को प्रभावित किए जाने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

आरोपी के वकील की दलील

आरोपी के वकील ने रिमांड का विरोध करते हुए कहा कि गिरफ्तारी दिल्ली में हुई, जबकि आरोपी को कौशांबी, गाजियाबाद स्थित कैंप कार्यालय में पेश किया गया। बचाव पक्ष ने आयकर विभाग की शिकायत नहीं होने और संबंधित कर मांग के भुगतान का भी हवाला दिया। हालांकि, अदालत ने गिरफ्तारी से जुड़े दस्तावेजों, गिरफ्तारी के आधार और अन्य रिकॉर्ड की जांच की। आदेश में कहा गया कि गिरफ्तारी के आधार लिखित रूप में दिए गए थे और आरोपी को उनकी जानकारी दी गई थी। अदालत ने यह भी दर्ज किया कि गिरफ्तारी मेमो पर दो गवाहों के हस्ताक्षर थे और आरोपी के बेटे गौरव गुप्ता को गिरफ्तारी की सूचना दी गई थी।

Delhi Protest: ‘गिरफ्तार होने ही आया हूं…’, अभिजीत दीपके हिरासत में; IGI एयरपोर्ट पर प्लेन में घुसी दिल्ली पुलिस

RBI ने रुपये को गिरने से रोकने के लिए उठाए बड़े कदम, जानिए क्या है यह पूरा मामला

आरबीआई ने रुपये को गिरने से रोकने के लिए बड़े कदम उठाए हैं। केंद्रीय बैंक ने इसका ऐलान 9 अक्टूबर को किया। डॉलर के मुकाबले रुपया गिरकर अपने रिकॉर्ड निचले स्तर के करीब पहुंच गया, जिसके बाद आरबीआई को एक्शन लेना पड़ा।

ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के लिए सोमवार से स्पेशल विंडो

RBI तीन सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों की रोजाना की डॉलर की मांग पूरी करने के लिए एक स्पेशल विंडो ओपन करेगा। इससे स्पॉट मार्केट में रुपये पर दबाव में कमी आएगी। कई बार रुपये पर दबाव ज्यादा बढ़ने पर आरबीआई ऑयल कंपनियों को सीधे अपने विदेशी मुद्रा भंडार से डॉलर की सप्लाई करता है।

सीधे आरबीआई से ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को मिलेंगे डॉलर

केंद्रीय बैंक के इस कदम से Indian Oil Corporation, Hindustan Petroleum और Bharat Petroleum 12 अक्टूबर यानी मंगलवार से सीधे आरबीआई के स्पेशल विंडो से डॉलर ले सकेंगे। आरबीआई ने यह भी कहा है कि फॉरेक्स डीलर्स यूजहर्स को किसी फॉरेन एक्सचेंज डेरिवेटिव्स रीबुक करने की इजाजत नहीं देंगे।

 एक्सचेंज-ट्रेडेड करेंसी डेरिवेटिव्स में पोजीशन की लिमिट घटी

आरबीआई ने रुपये से जुड़े एक्सचेंज-ट्रेडेड करेंसी डेरिवेटिव्स में पोजीशन की लिमिट 10 करोड़ डॉलर 50 लाख डॉलर कर दी है। केंद्रीय बैंक ने फॉरेक्स डीलर्स को रुपये से जुड़े सभी डेरिवेटिव्स कॉन्ट्रैक्ट्स के लिए ‘फॉरेन एक्सचेंज रिस्क रिजर्व’ बनाए रखने को कहा है। यह हर ट्रांजेक्शन के नोशनल अमाउंट के 20 फीसदी के बराबर होगा।

डॉलर के मुकाबले रुपया अपने सबसे निचले स्तर के करीब पहुंचा

बीते कुछ सत्रों में डॉलर के मुकाबले रुपये पर दबाव दिखा है। 9 अक्टूबर यानी शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 96.73 के लेवल पर बंद हुआ। यह 8 अक्टूबर के रुपये के क्लोजिंग लेवल जितना है। यह डॉलर के मुकाबले रुपया के अब तक के सबसे निचले स्तर के करीब है। इस साल मई में डॉलर के मुकाबले रुपया 96.96 के लेवल पर आ गया था। यह डॉलर के मुकाबले रुपया का सबसे निचला स्तर है।

यह भी पढ़ें: Jio Platforms ने आईपीओ का प्राइस बैंड तय किया, जानिए इश्यू के बारे में सबसे जरूरी बातें

RBI के कदमों से रुपये में उतार-चढ़ाव में आ सकती है कमी 

मुंबई में एएनजेड बैंक के फॉरेक्स स्ट्रेटेजिस्ट धीरज निम ने कहा कि ऑयल कंपनियों की डॉलर की मांग पूरी करने के लिए स्पेशल विंडो के ऐलान से फॉरेक्स मार्केट में डॉलर की मांग का एक बड़ा स्रोत खत्म हो गया है। इससे रुपये में उतार-चढ़ाव में कमी आएगी, लेकिन इससे देश का विदेशी मुद्रा भंडार घटेगा।

Salman Khan YouTube Debut: ‘शुरू से शुरू करते हैं…’, सलमान खान ने Alphabet थीम वाले टीजर के साथ यूट्यूब डेब्यू किया

Salman Khan YouTube Debut: सलमान खान ने आधिकारिक तौर पर YouTube जॉइन कर लिया है। एक्टर ने शुक्रवार 9 अक्टूबर को अपना चैनल लॉन्च किया, जिससे फैंस को फिल्मों, टीवी पर दिखने और सोशल मीडिया पोस्ट के अलावा उनके बारे में अपडेट पाने का एक नया प्लेटफॉर्म मिला।

सलमान ने इंस्टाग्राम स्टोरीज के जरिए चैनल की घोषणा की और एक छोटा वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने पेज के पीछे के आइडिया के बारे में बताने से पहले वर्णमाला (अल्फाबेट) सुनाई। उनके मैसेज से पता चला कि चैनल सिर्फ एक तरह के कंटेंट तक सीमित नहीं रहेगा।

सलमान ने शेयर करते हुए लिखा, “शुरू से शुरू करते हैं… मेरा ऑफिशियल YouTube चैनल। A से Z तक सब यहां मिलेगा।” लॉन्च के लगभग एक घंटे के भीतर ही चैनल के 14,000 से ज़्यादा सब्सक्राइबर हो गए थे। सलमान खान के YouTube चैनल पर पहले से ही 10 शॉर्ट्स मौजूद हैं।

सलमान का YouTube बायो बहुत सिंपल है- “फिल्म एक्टर। आर्टिस्ट। पेंटर। समाजसेवी। यह मेरा ऑफिशियल चैनल है।” ऐलान के समय पेज पर 10 शॉर्ट्स मौजूद थे। शुरुआती अपलोड्स में लंबे कंटेंट के बजाय छोटे और हल्के-फुल्के वीडियो ज्यादा हैं, जिससे फॉलोअर्स को यह अंदाजा हो जाता है कि सलमान इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कैसे कर सकते हैं।

एक्टर ने अभी तक कंटेंट का कोई डिटेल्ड शेड्यूल शेयर नहीं किया है, लेकिन इस अनाउंसमेंट से ही फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ गई है कि आगे क्या होगा। यह चैनल पर्सनल अपडेट्स, शूट की झलकियां, प्रमोशनल मटीरियल और ऐसे दूसरे कंटेंट के लिए एक जगह बन सकता है जो आमतौर पर उनकी फिल्मों की रिलीज या टीवी अपीयरेंस में नहीं दिखते।

यूट्यूब पर आने से सलमान को एक सीधा वीडियो प्लेटफॉर्म भी मिल गया है, ऐसे समय में जब कई एक्टर पारंपरिक प्रमोशनल कैंपेन से हटकर रेगुलर कंटेंट शेयर करने के लिए अपने चैनलों का इस्तेमाल कर रहे हैं।

सलमान यूट्यूब पर दूसरे बॉलीवुड स्टार्स के साथ शामिल हुए

यूट्यूब पर ऑफिशियल मौजूदगी बनाने वाले सलमान पहले फिल्म सेलिब्रिटी नहीं हैं। आलिया भट्ट, सोनाक्षी सिन्हा, नोरा फतेही, जैकलीन फर्नांडीज, वरुण धवन, शिल्पा शेट्टी कुंद्रा, अर्चना पूरन सिंह और फराह खान जैसे बॉलीवुड स्टार्स ने इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल व्लॉग, ट्रैवल वीडियो, फिटनेस कंटेंट, कुकिंग वीडियो, बिहाइंड-द-सीन्स फुटेज और अपनी रोजमर्रा की जिंदगी की झलकियां शेयर करने के लिए किया है। साउथ फिल्म इंडस्ट्री के कई एक्टर, जिनमें अल्लू अर्जुन और मोहनलाल शामिल हैं, भी अपने ऑफिशियल यूट्यूब चैनल चलाते हैं।

इस एसेट मैनेजमेंट कंपनी ने किया 20% अंतरिम डिविडेंड का ऐलान, जानिए रिकॉर्ड डेट और दूसरी जरूरी बातें

केनरा रोबेको एसेट मैनेजमेंट कंपनी ने शुक्रवार यानी 9 अक्तूबर को सितंबर तिमाही के नतीजों का ऐलान किया। इस दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट साल दर साल आधार पर 21.5 फीसदी बढ़कर 59.2 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी ने 48.7 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। कंपनी ने शेयर बाजार बंद होने के बाद तिमाही नतीजों का ऐलान किया। कंपनी के शेयर पर नतीजों का असर 12 अक्तूबर यानी सोमवार को दिखेगा।

यह FY27 के लिए अंतरिम डिविडेंड होगा

Canara Robeco Asset Management Company ने प्रति 10 रुपये फेस वैल्यू वाले शेयर पर 2 रुपये अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया है। इसका मतलब है कि कंपनी प्रति शेयर 20 फीसदी डिविडेंड देगी। यह डिविडेंड वित्त वर्ष 2026-27 के लिए होगा। कंपनी ने डिविडेंड पेमेंट के लिए रिकॉर्ड डेट का भी ऐलान कर दिया है। रिकॉर्ड डेट 16 अक्टूबर तय की गई है। इसका मतलब है कि किसी इनवेस्टर के डीमैट अकाउंट में अगर 16 अक्टूबर को कंपनी के शेयर होंगे, उसे डिविडेंड मिलेगा। कंपनी डिविडेंड का पेमेंट ऐलान के 30 दिन के अंदर कर देगी।

सितंबर तिमाही में एएमसी का शानदार प्रदर्शन

सितंबर में कंपनी का रेवेन्यू 18.6 फीसदी बढ़कर 128 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में यह 108 करोड़ रुपये था। केनरा रोबेको एसेट मैनेजमेंट देश का दूसरा सबसे पुराना फंड हाउस है। यह केनरा बैंक और ओरिक्स कॉरेपोरेशन यूरोप एनवी/रोबेको का ज्वाइंट वेंचर है। इसमें केनरा बैंक की 51 फीसदी हिस्सेदारी है, जबकि बाकी हिस्सेदारी दूसरे पार्टरनर की है।

बीते एक साल में 21 फीसदी गिरा है शेयर 

केनरा रोबेको एएमसी का शेयर 9 अक्टूबर को 0.66 फीसदी गिरकर 219.75 रुपये पर बंद हुआ। यह शेयर बीते एक साल में 21 फीसदी से ज्यादा गिरा है। इस दौरान आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एसेट मैनेजमेंट कंपनी का शेयर 16 फीसदी से ज्यादा चढ़ा है। एचडीएफसी एसेट मैनेजमेंट कंपनी का शेयर इस दौरान 18 फीसदी गिरा है।

9 अक्टूबर को शेयर बाजारों में अच्छी रिकवरी

9 अक्टूबर को शेयर बाजारों में अच्छी रिकवरी देखने को मिली। निफ्टी 1.30 फीसदी यानी 288 अंक चढ़कर 22,520 पर बंद हुआ। सेंसेक्स 1.23 फीसदी यानी 879 अंक के उछाल के साथ 72,472 पर क्लोज हुआ। बैंक निफ्टी में भी 1.36 फीसदी की तेजी दिखी। हालांकि, इससे पहले के दो सत्रों में शेयर बाजारों में बड़ी गिरावट आई थी।

Delhi Traffic Advisory Today: जंतर-मंतर प्रदर्शन पर दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, उन 31 पॉइंट्स की लिस्ट जहां ट्रैफिक डायवर्जन लागू

नई दिल्ली: दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार 10 अक्टूबर को प्रस्तावित बड़े विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने राजधानी भर में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी है। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा बुलाए गए इस प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि यह बिना अनुमति का प्रदर्शन है, इसलिए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 30 से अधिक प्रमुख स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा।

शनिवार सुबह 6:00 बजे से ही ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था लागू कर दी गई है। अगर आप आज दिल्ली की सड़कों, विशेषकर मध्य दिल्ली और लुटियंस जोन की तरफ निकलने वाले हैं, तो ट्रैफिक पाबंदियों और डायवर्जन पॉइंट्स की यह पूरी सूची जरूर देख लें।

इन 31 प्रमुख जगहों पर प्रभावित रहेगा ट्रैफिक, लागू होगा डायवर्जन

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार, स्थिति और भीड़ के दबाव को देखते हुए शहर की इन 31 प्रमुख जगहों और उनसे जुड़ी सड़कों पर आवाजाही रोकी जा सकती है या ट्रैफिक का मार्ग बदला जा सकता है:

शंकर रोड गोलचक्कर–वंदे मातरम ‘टी’ पॉइंट (नई दिल्ली की ओर)

धौला कुआं फ्लाईओवर

झंडेवालान गोलचक्कर

पंचकुइयां गोलचक्कर

मंडी हाउस गोलचक्कर

डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक (डब्ल्यू-पॉइंट)

राम चरण अग्रवाल चौक (ए-पॉइंट)

मिंटो रोड / दीनदयाल उपाध्याय मार्ग

गुरु नानक चौक

चेम्सफोर्ड रोड पर कनॉट प्लेस आउटर सर्कल टी-पॉइंट

भैरों रोड पर एमजी मार्ग (रिंग रोड) टी-पॉइंट

लोधी रोड फ्लाईओवर

नीला गुंबद गोलचक्कर

मदरसा टी-पॉइंट

सम्राट होटल गोलचक्कर

सरदार पटेल मार्ग–पंचशील मार्ग क्रॉसिंग

भीकाजी कामा प्लेस अंडरपास

मोती बाग फ्लाईओवर अंडरपास

रिंग रोड–सैन मार्टिन मार्ग टी-पॉइंट

अशोका रोड–जंतर मंतर रोड गोलचक्कर

विंडसर पैलेस गोलचक्कर

टॉलस्टॉय–जनपथ क्रॉसिंग

रेल भवन गोलचक्कर

जय सिंह रोड–संसद मार्ग क्रॉसिंग

कनॉट प्लेस आउटर सर्कल–बाराखंबा रोड टी-पॉइंट

गोल डाक खाना गोलचक्कर

पटेल चौक गोलचक्कर

जय सिंह रोड–अशोका रोड टी-पॉइंट

आरएमएल (RML) अस्पताल गोलचक्कर

कनॉट प्लेस आउटर सर्कल–संसद मार्ग टी-पॉइंट

सेंट्रल दिल्ली और लुटियंस जोन से जुड़ने वाले अन्य मुख्य रास्ते

दिल्ली मेट्रो के 45 स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद

सड़क ट्रैफिक के अलावा सार्वजनिक परिवहन पर भी बड़ा असर पड़ा है। सुरक्षा कारणों के चलते दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने भी 9 अक्टूबर रात 9:00 बजे से 10 अक्टूबर शाम 6:00 बजे तक दिल्ली मेट्रो के 45 प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश और निकास को बंद रखने की घोषणा की है। हालांकि बंद स्टेशनों पर मेट्रो बदलने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

बिना जरूरी काम के निकलने से बचें, स्टेशन और एयरपोर्ट जाने वाले रखें अतिरिक्त समय

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता और यात्रियों के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जो लोग नई दिल्ली, सेंट्रल दिल्ली या आसपास के रास्तों से होकर रेलवे स्टेशनों, अंतरराज्यीय बस अड्डों (ISBT) या आईजीआई (IGI) एयरपोर्ट जाने वाले हैं, वे घर से अतिरिक्त समय लेकर निकलें ताकि जाम में फंसने की स्थिति में फ्लाइट या ट्रेन न छूटे। जिन इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन या पुलिस की बैरिकेडिंग लागू है, वहां बेहद जरूरी काम न होने पर जाने से बचें। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि ग्राउंड पर स्थिति के हिसाब से पाबंदियों में ढील दी जाएगी या उन्हें सख्त किया जाएगा।

कैसे चेक करें दिल्ली ट्रैफिक का पल-पल का अपडेट?

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों की सहूलियत के लिए रियल-टाइम अपडेट पाने के आधिकारिक माध्यम भी साझा किए हैं। यात्री सड़क पर निकलने से पहले इन प्लेटफॉर्म्स पर जाकर वैकल्पिक रास्तों की जानकारी ले सकते हैं:

फेसबुक: facebook.com/dtptrafficX

(ट्विटर): x.com/dtptraffic

इंस्टाग्राम: instagram.com/dtptraffic

व्हाट्सएप नंबर: 8750871493

ट्रैफिक हेल्पलाइन: 1095 / 011-25844444

विंध्याचल धाम जाने वालों के लिए खुशखबरी, वाराणसी रीजन से चलेंगी 65 एक्स्ट्रा पूजा स्पेशल बसें! इस नंबर पर मिलेगी सारी जानकारी

Gold Silver Prices Today: दिल्ली में सोने में लगातार दूसरे दिन जोरदार तेजी, चांदी भी ₹4500 रुपये उछली

Gold Silver Prices Today: दिल्ली सर्राफा बाजार में 9 अक्टूबर को सोने में लगातार दूसरे दिन जोरदार तेजी आई। यह 1,900 रुपये के उछाल के साथ 1,54,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। चांदी में भी अच्छी तेजी आई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और चांदी में मजबूती का असर घरेलू बाजार में इनकी कीमतों पर पड़ा। डॉलर में नरमी का असर भी सोने की कीमतों पर पड़ा।

चांदी में गिरावट पर लगा ब्रेक

चांदी में भी दिल्ली सर्राफा बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली। चांदी में गिरावट पर ब्रेक लग गया। यह 4,500 रुपये के उछाल के साथ 2,28,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। गुरुवार को चांदी में 3000 रुपये की गिरावट आई थी। इस हफ्ते के पहले तीन दिनों में चांदी की कीमतों में स्थिरता देखने को मिली थी।

डॉलर में नरमी से सोने को सपोर्ट

ब्रोकरेज प्लेटफॉर्म लेमन के हेड ऑफ रिसर्च गौरव गर्ग ने कहा कि गोल्ड में तेजी की वजह अमेरिकी डॉलर में नरमी है। हालांकि, इनफ्लेशन को लेकर चिंता बनी हुई है। ब्रेंट क्रूड का प्राइस फिर से 104 डॉलर प्रति बैरल के पार चला गया है। 8 अक्टूबर को यह एक समय 105 डॉलर प्रति बैरल के पार चला गया था।

इस हफ्ते सोने में 3 फीसदी की तेजी

इस हफ्ते सोने और चांदी की कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव रहा। लेकिन, लगातार दो दिन तेजी की वजह से सोने में 3.07 फीसदी यानी 4,600 रुपये की रिकवरी आई। हालांकि, चांदी में हफ्ते के दोरान 1,500 रुपये यानी 1 फीसदी की कमजोरी देखने को मिली। पिछले काफी समय से सोने और चांदी की कीमतों में सीमित दायरे में उतार-चढ़ाव दिख रहा है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और चांदी में तेजी

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और चांदी में तेजी दिखी। सोना 1.33 फीसदी चढ़कर 4,188 डॉलर प्रति औंस चल रहा था। सिल्वर करीब 3 फीसदी उछाल के साथ 60.92 डॉलर प्रति औंस था। मिरै एसेट शेयरखान के हेड ऑफ कमोडिटीज प्रवीण सिंह ने कहा कि सोने की कीमतें तेजी के रुझान के साथ सीमित दायरे में रह सकती हैं। उन्होंने कहा कि क्रूड में तेजी आने पर सोने पर फिर से दबाव बढ़ सकता है।

यह भी पढ़ें: Crude Oil: महंगे क्रूड के लिए रहें तैयार, कीमतें जल्द नीचे आने की उम्मीद नहीं

सोने की कीमतें सीमित दायरे में बने रहने की उम्मीद

इस साल की शुरुआत में सोने और चांदी की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई थीं। उसके बाद दोनों में तेज गिरावट आई। फरवरी के अंत में अमेरिका और ईरान की लड़ाई शुरू होने के बाद सोने और चांदी पर दबाव और बढ़ गया। दोनों की कीमतें तब से सीमित दायरे में चढ़ और उतर रही हैं।

Delhi Internet Shutdown: दिल्ली में आज रात 10 बजे से कल रात 10 बजे तक इंटरनेट सेवाएं बंद, 4 किमी के दायरे में रहेगी पाबंदी

Delhi Internet Shutdown: चुनाव से जुड़ी प्रक्रियाओं में गड़बड़ी के आरोपों के बीच Cockroach Janata Party (CJP) दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन की तैयारी में है। इसी को देखते हुए मध्य दिल्ली के कुछ इलाकों में आज रात 10 बजे से सभी इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी जाएंगी।

बता दें कि, दिल्ली पुलिस ने CJP और कुछ छात्र संगठनों को 10 अक्टूबर को प्रदर्शन करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। नई दिल्ली रेंज की जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस नूपुर प्रसाद ने बताया कि प्रदर्शन की अनुमति नहीं देने के पीछे दो प्रमुख कारण हैं। पहला, आवेदन देर से दिया गया था और दूसरा, CJP के पिछले प्रदर्शन के दौरान नियमों का उल्लंघन हुआ था।

नूपुर प्रसाद ने कहा, “हमें Cockroach Janata Party के सह-संयोजक सौरव दास की ओर से आवेदन मिला है। इसमें 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की सूचना दी गई थी।”

4 किलोमीटर के दायरे में इंटरनेट नहीं

गृह मंत्रालय के आदेश के बाद, नई दिल्ली में जनपथ-कर्तव्य पथ क्रॉसिंग के 4 किलोमीटर के दायरे में 9 अक्टूबर की रात 10 बजे से 10 अक्टूबर की रात 10 बजे तक इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी।

इस रोक में सभी तरह की मोबाइल इंटरनेट टेक्नोलॉजी शामिल होगी। दिल्ली पुलिस ने टेलीकॉम कंपनियों एयरटेल, वोडाफोन आइडिया, जियो और MTNL को इस आदेश को लागू करने का निर्देश दिया है। बता दें कि यह आदेश टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट, 2023 और टेलीकॉम सेवाओं के अस्थायी निलंबन नियम, 2024 के तहत जारी किया गया है।

WhatsApp Image 2026-10-09 at 6.58.23 PM

दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशन बंद रहेंगे

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने राजधानी में 57 मेट्रो स्टेशनों को बंद करने और इन स्टेशनों पर ट्रेनों की फ़्रीक्वेंसी कम करने का ऐलान किया है। पुलिस की जानकारी के मुताबिक, ये उपाय शुक्रवार रात 9 बजे से शुरू होंगे और 10 अक्टूबर को हालात सामान्य होने तक लागू रहेंगे। इस अनुरोध में दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के 57 स्टेशन शामिल हैं।

यह कदम तब उठाया गया है जब ट्रांसपोर्ट रेंज के जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस ने DMRC से चुनिंदा मेट्रो स्टेशनों पर ज़रूरी उपाय करने का अनुरोध किया। उन्होंने नई दिल्ली जिले में जंतर-मंतर और दूसरी जगहों पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शनों और संवेदनशील इलाकों की ओर बेकाबू भीड़ के बढ़ने की आशंका का हवाला दिया।

गौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने कथित “वोट चोरी” को लेकर 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है।

यह भी पढ़ें: Delhi Protest: नमो भारत के सराय काले खां और न्यू अशोक नगर स्टेशन रहेंगे बंद, जानिए आनंद विहार से मेरठ रूट पर क्या पड़ेगा असर

Jio Platforms ने आईपीओ का प्राइस बैंड तय किया, जानिए इश्यू के बारे में सबसे जरूरी बातें

जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ के बारे में बड़ा अपडेट है। कंपनी का आईपीओ के लिए 1,065-1,119 रुपये का प्राइस बैंड तय करने का प्लान है। इस आईपीओ के बारे में जानकारी रखने वाले लोगों ने यह बताया। कंपनी का टारगेट 10.3 लाख करोड़ रुपये की (107 अरब डॉलर) वैल्यूएशन का है। सूत्र ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर इस बारे में जानकारी दी।

आईपीओ से 30200 करोड़ जुटा सकती है कंपनी 

ब्लूमबर्ग के कैलकुलेशंस के मुताबिक, प्राइस बैंड के ऊपरी लेवल पर कंपनी आईपीओ से करीब 30200 करोड़ रुपये जुटाएगी। इससे यह देश का सबसे बड़ा आईपीओ बन जाएगा। जियो प्लेटफॉर्म्स रिलायंस इंडस्ट्रीज की टेलीकॉम और डिजिटल सर्विसेज इकाई है। कंपनी का आईपीओ 21 अक्टूबर को खुलेगा। खुलने के दो दिन बाद यह बंद हो जाएगा। सूत्र ने यह जानकारी दी।

एंकर इनवेस्टर्स के लिए 19 अक्टूबर को खुलेगा IPO

एंकर इनवेस्टर्स के लिए यह आईपीओ 19 अक्टूबर को खुल जाएगा। स्टॉक एक्सचेंजों में शेयरों की लिस्टिंग 28 अक्टूबर को होने की उम्मीद है। सूत्रों ने बताया कि प्राइस रेंज, वैल्यूएशन और टाइमिंग के बारे में बातचीत चल रही है। इनमें बदलाव हो सकता है। इस बारे में रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधि ने तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

यह देश का अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ होगा

आईपीओ के लिए कंपनी की वैल्यूएशन पहले की उम्मीद से कम है। इसके बावजूद यह आईपीओ ह्युंडई के आईपीओ से बड़ा होगा। अभी सबसे बड़ा आईपीओ पेश करने का रिकॉर्ड ह्यूंडई के नाम है। कंपनी ने अक्टूबर 2024 में 27,800 करोड़ रुपये का आईपीओ पेश किया था। जियो ने सेबी के पास जून में आईपीओ के लिए पेपर्स फाइल किया था।

कंपनी ने इन मर्चेंट बैंकर्स को किया है नियुक्त

जून में ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज ने जियो की वैल्यूएशन 115 से 118 अरब डॉलर रहने का अनुमान जताया था। जियो ने आईपीओ के लिए 19 मर्चेंट बैंकर्स की नियुक्ति की है। इनमें कोटक महिंद्रा कैपिटल, मॉर्गन स्टेनली, बैंक ऑफ अमेरिका कॉर्प, एक्सिस कैपिटल, बीएनपी पारिबा एसए और सिटीग्रुप शामिल हैं।

सितंबर में आया था एनएसई का मेगा आईपीओ 

पिछले महीने एनएसई का आईपीओ आया था। इस इश्यू को अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। लेकिन, शेयर की लिस्टिंग इनवेस्टर्स की उम्मीद से कमजोर रही थी। लिस्टिंग के बाद से एनएसई के शेयरों पर दबाव देखने को मिला है। इसकी वजह शेयर बाजारों का कमजोरी सेंटीमेंट हो सकता है। इस हफ्ते 8 अक्टूबर को शेयर बाजारों में बड़ी गिरावट आई थी। 9 अक्टूबर को बाजार में रिकवरी दिखी।

MP OBC Reservation: एमपी हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, राज्य में नहीं लागू होगा 27% ओबीसी आरक्षण

MP OBC Reservation: मध्य प्रदेश में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए आरक्षण मामले में आज बड़ा ट्विस्ट तब आया जब एमपी हाईकोर्ट ने इस मामले को खारिज कर दिया। ओबीसी आरक्षण मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने आज, शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026 को बड़ा फैसला सुनाया है। जस्टिस आनंद पाठक और जस्टि विनय सराफ की पीठ ने अपने फैसले में कहा कि राज्य में 27% ओबीसी आरक्षण लागू नहीं होगा। प्रदेश में 14% ओबीसी आरक्षण ही लागू होगा। साथ ही, उच्च न्यायालय ने 13% होल्ड पदों पर तीन महीने में नियुक्तियां करने का भी निर्देश दिया।

जस्टिस आनंद पाठक और जस्टिस विनय सराफ की बेंच ने कहा कि 50% आरक्षण सीमा लांघने के लिए असाधारण परिस्थितियां सिद्ध नहीं हो रही हैं। इसके अलावा ओबीसी वर्ग का पर्याप्त प्रतिनिधित्व नजर आया है। इसी वजह से 27% आरक्षण को हाईकोर्ट की तरफ से अनुमति नहीं मिली है। यह भी बताया गया है कि जिनकी नियुक्ति 14% से ज्यादा आरक्षण पर हुई थी।

उन अभ्यर्थियों की नियुक्ति पर कोई असर नहीं पड़ेगा। इसकी डेट मार्च 2019 से 29 सितंबर 2022 के बीच बताई गई है। कोर्ट ने अपने फैसले में सुप्रीम कोर्ट के इंद्रा साहनी बनाम भारत संघ और जयश्री लक्ष्मणराव पाटिल मामलों में तय किए गए सिद्धांतों का भी जिक्र किया

ओबीसी आरक्षण से जुड़ा यह मामला साल 2019 का है, जब तत्कालीन कमलनाथ सरकार ने OBC आरक्षण को 14% से बढ़ाकर 27% कर दिया था। इसके बाद मामला कोर्ट पहुंच गया। हाईकोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक लंबी सुनवाई हुई। ओबीसी पक्ष के वकीलों ने आरक्षण को 27% ही बनाए रखने की मांग की थी, लेकिन कोर्ट ने इन याचिकायों को स्वीकार नहीं किया।

आरक्षण विवाद के कारण हजारों अभ्यर्थियों की नियुक्तियां प्रभावित होने का मुद्दा लंबे समय से चर्चा में रहा है। भर्ती परीक्षाएं पास करने के बाद भी कई उम्मीदवारों को पदों के आवंटन और नियुक्ति आदेश का इंतजार करना पड़ रहा था। अब हाईकोर्ट के विस्तृत फैसले के बाद राज्य सरकार के सामने लंबित भर्तियों की स्थिति स्पष्ट करने और आगे की प्रक्रिया तय करने की चुनौती होगी।

Sarva Pitru Amavasya 2026: कल शनि अमावस्या के साथ विदा होंगे पितृ, जानें सर्व पितृ अमावस्या पर तर्पण और श्राद्ध का मुहूर्त