दिल्ली-NCR में भारी बारिश का कहर! सड़कें और IGI टर्मिनल-3 जलमग्न, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

Delhi-NCR Rain: शनिवार को दिल्ली और गुरुग्राम में भारी बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। कई जगह सड़के जलमग्न हो गईं और ट्रैफिक की रफ्तार भी धीमी पड़ गई। बता दें कि देश की राजधानी में सुबह से ही तेज बारिश के कई दौर देखने को मिले। कई निचले इलाकों में पानी भर गया। सुबह 8:30 बजे से 11:30 बजे के बीच सफदरजंग में 22 मिमी, पालम में 25.2 मिमी और लोधी रोड पर 24.4 मिमी बारिश दर्ज की गई।

दिल्ली की सड़कों पर जलजमाव | वीडियो

दिल्ली के महिपालपुर का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सामने आया है। इसमें भारी बारिश के बाद सड़कों पर भरा पानी नजर आ रहा है। वीडियो में एक ऑटो-रिक्शा चालक घुटनों तक भरे पानी के बीच अपनी गाड़ी को धक्का देकर निकालता हुआ दिखाई दे रहा है।

वहीं, सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में एयरपोर्ट और धौला कुआं के बीच NH-48, महिपालपुर, संगम विहार, शकरपुर, लक्ष्मी नगर और महरौली-बदरपुर रोड शामिल हैं। पालम एयरपोर्ट टनल और इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल 3 के पास भी जलजमाव की खबर है। PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, द्वारका में भी कई सड़कें प्रभावित हुईं, जिनमें ओमैक्स रोड और NH-8 अंडरपास के आस-पास के इलाके शामिल हैं।

दिल्ली में ट्रैफिक पर असर

कई जगहों पर ट्रैफिक की रफ्तार काफी धीमी हो गई है और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों के लिए अलर्ट जारी किया है। मथुरा रोड पर अपोलो हॉस्पिटल और आश्रम चौक के बीच गिरे एक पेड़ की वजह से भी आवाजाही पर असर पड़ा है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली में और आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और बारिश का अनुमान लगाया है। दोपहर से शाम तक कई जगहों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। राजधानी में दिन के बाकी समय के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, क्योंकि रात में भी बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है।

गुरुग्राम में जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की

पास के गुरुग्राम में, भारी बारिश के कारण अधिकारियों को सुरक्षा एडवाइजरी जारी करनी पड़ी क्योंकि और बारिश का अनुमान था। IMD की ओर से भारी बारिश की चेतावनी मिलने के बाद जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने एडवाइजरी जारी की। इससे पहले, मौसम विभाग ने अगले दो से तीन घंटों में 15 mm प्रति घंटे से ज्यादा बारिश के साथ-साथ आंधी-तूफान और तेज हवाओं का अनुमान लगाया था।

शीतला माता मंदिर इलाके के आसपास का एक वीडियो भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सामने आया है। इसमें शहर में हुई भारी बारिश के बाद सड़कों पर भारी जलभराव दिखाई दे रहा है।

लोगों को सलाह दी गई कि वे बिना जरूरत के यात्रा न करें और पानी से भरी सड़कों, अंडरपास और निचले इलाकों में जाने से बचें। अधिकारियों ने लोगों को पेड़ों, बिजली के खंभों और ऊपर से गुजरने वाले तारों के पास न जाने या पानी से भरे रास्तों को पार करने की कोशिश न करने की भी चेतावनी दी।

आपातकालीन एजेंसियों और सरकारी विभागों को सतर्क रहने और एहतियाती उपाय करने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें: उत्तर भारत में एक्टिव हुआ लो-प्रेशर सिस्टम! अगले 6 दिनों तक दिल्ली-यूपी समेत इन राज्यों में होगी मूसलाधार बारिश, यहां-यहां बदलेगा मौसम