गेम शो होस्ट करते करते वनडे क्रिकेट खेलने वाले पहले बल्लेबाज बनेंगे रोहित शर्मा

रोहित शर्मा को आगामी वेस्टइंडीज सीरीज के लिए एकदिवसीय टीम में शामिल कर लिया गया है। इसका मतलब यह है कि एक तरफ उनका फैमिली गेम शो का प्रसारण होगा और दूसरी ओर वह क्रिकेट खेलेंगे। ऐसी सुविधा भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने किसी भी क्रिकेटर को नहीं दी जो रोहित शर्मा को मिल रही है वह भी बिना खास फॉर्म के।

भारतीय पूर्व कप्तान रोहित शर्मा जल्द ही अपना फैमिली शो Family Full House with Rohit Sharma.में बतौर होस्ट शिरकत करते हुए नजर आएंगे।मीडिया सूत्रों के मुताबिक यह मशूहर अमेरिकी शो द फैमिली फ्यूड(The Family Feud) का भारतीय संस्करण होगा और इसके 40 एपिसोड रोहित शर्मा को शूट करने होंगे।इस अमेरिकी शो में मशहूर होस्ट स्टीव हार्वे की भूमिका रोहित शर्मा निभाएंगे।

साल भर रहा बुरा फॉर्म, लॉर्ड्स पर मिली संजीवनी

गौरतलब है कि रोहित शर्मा खराब फॉर्म से जूझ रहे थे और इंग्लैंड के पहले दो एकदिवसीय मैच में फ्लॉप रहे थे। जिसके बाद उनकी संन्यास की अटकलें लगनी शुरु हो गई थी। हालांकि उन्होंने बेहतरीन पारी खेली। रोहित शर्मा ने 110 गेंदो में 138 रन बनाए। उन्हें जैकब बैथल ने बोल्ड किया।

रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले एकदविसीय मैच में 21 गेंदो में 11 रन बनाए थे।  दूसरे एकदिवसीय मैच में 47 गेंद में 1 चौका और छक्का मारने के बाद 26 रन बनाकर आउट हुए। उनका 5 रनों पर गस एटिंकसन ने कैच छोड़ा था।

अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे एकदिवसीय मैच को छोड़ दे तो इस साल रोहित का प्रदर्शन औसत से नीचे रहा है।पहले मैच में वह 16 रन बनाकर रनआउट हो गए और दूसरे मैच में वह 39 गेंदों में 48 रन बनाकर बोल्ड हो गए।

इससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली एकदिवसीय सीरीज में रोहित शर्मा फ्लॉप रहे और टीम को शुरुआत में बड़ा स्कोर नहीं दे सके। रोहित शर्मा 3 मैचों में 20 की औसत से 61 रन बना पाए। पूरी सीरीज में उन्होंने 9 चौके और 2 छक्के लगाए।पहले मैच में उन्होंने 29 गेंदो पर 26 रन, दूसरे मैच में उन्होंने 38 गेंदो में 24 रन और तीसरे मैच में 13 गेंदो में 11 रन बनाए।

2027 एकदिवसीय विश्व कप का सवाल टाल गए रोहित शर्मा

 भारत के स्टार क्रिकेटर रोहित शर्मा ने अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप में खेलने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर गुरुवार को कहा कि अक्टूबर 2027 अभी बहुत दूर है। एक कार्यक्रम के दौरान पूर्व कप्तान ने एक पंक्ति में जवाब दिया। टी20 अंतरराष्ट्रीय और टेस्ट क्रिकेट में नहीं खेलने के कारण रोहित के वनडे प्रारूप में भविष्य को लेकर अटकलें लगाई जा रहे हैं।

रोहित ने कार्यक्रम के दौरान एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘ अक्टूबर 2027 अभी बहुत दूर है, तब देखेंगे।’’वनडे विश्व कप 2027 की सह-मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया करेंगे।’भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने कुछ दिन पहले स्पष्ट कर दिया था कि रोहित को लेकर अटकलों की कोई गुंजाइश नहीं है क्योंकि वह अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।

नमन और नबी पहली बार वनडे टीम में शामिल लेकिन हुए आलोचना के शिकार

वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ होने वाली आगामी घरेलू सफ़ेद गेंद सीरीज़ के लिए वनडे टीम में नमन धीर और आक़िब नबी को पहली बार वनडे प्रारूप में चुना गया है। धीर को घरेलू क्रिकेट में पंजाब के लिए और आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए किए गए प्रभावी प्रदर्शन का इनाम मिला है। दूसरी ओर नबी ने इंग्लिश काउंटी क्रिकेट में सरे के लिए दमदार प्रदर्शन कर पहली बार राष्ट्रीय एकदिवसीय टीम में जगह बनाई है।

अबूधाबी में हुए IPL नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स से 8.40 करोड़ रुपये की भारी भरकम रकम मिली।नबी ने पिछले दो रणजी ट्रॉफी सत्र में कुल 104 विकेट लिए थे, जिनमें 2025-26 सत्र में लिए गए 60 विकेट भी शामिल हैं। उन्होंने जम्मू कश्मीर को पहली बार रणजी ट्रॉफी जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। वह बल्लेबाजी में भी उपयोगी योगदान देने में सक्षम हैं।

हालांकि सफेद गेंद से उनका प्रदर्शन प्रभावशाली नहीं रहा लेकिन वह लाल गेंद के सिद्धहस्त गेंदबाज माने जाते हैं। इस कारण से उनके चयनित होने पर आलोचना भी हो रही है।वजह यह है कि उनकी औसत गति 125 किमी प्रति घंटा है जो कि एकदिवसीय प्रारुप के लिए कम है। वहीं नमनधीर के चयन पर भी सवाल खड़े हुए हैं क्योंकि उन्होंने 14 लिस्ट ए मैचों में 39 की औसत से 400 रन बनाए हैं।

जनवरी में आख़िरी बार न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ खेलने वाले रवींद्र जडेजा ने भी लंबे समय बाद वनडे में वापसी की है।हार्दिक पंड्या को फिटनेस के मामले में अभी क्लियरेंस नहीं मिली है। इसको देखते हुए नीतीश कुमार रेड्डी को एशियन गेम्स टीम से निकालकर वनडे सीरीज़ में शामिल किया गया है। वहीं ऋषभ पंत को टीम में जगह नहीं मिली है। विकेटकीपर बल्लेबाज़ के रूप में ध्रुव जुरेल जरूर वनडे सीरीज़ की टीम में शामिल किए गए हैं।

भारत की वनडे टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (उपकप्तान), ध्रुव जुरेल, नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज, आक़िब नबी, यशस्वी जायसवाल, नमन धीर।

रिंकू सिंह और समाजवादी सांसद प्रिया सरोज इस तारीख को बधेंगे परिणय सूत्र में

क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद  प्रिया सरोज दिसंबर के पहले हफ्ते में (4 दिसंबर) को परिणय सूत्र में बंधने जा रहे हैं। यह विवाह लखनऊ में होगा। गौरतलब है कि रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई जून में हो गई थी।

इस साल की शुरुआत में दोनों की शादी पक्की हुई थी। प्रिया के पिता और केराकट से सपा विधायक तूफानी सरोज ने बताया था कि उनके परिवार ने अलीगढ में रिंकू के पिता से दोनों के विवाह के बारे में बात की है और दोनों पक्ष इसके लिए राजी हैं।

 

प्रिया सरोज वाराणसी की रहने वाली है और लंबे समय से सपा से जुड़ी हैं। वह जौनपुर जिले की मछलीशहर सीट से पिछले साल लोकसभा चुनाव जीतीं।

सुप्रीम कोर्ट की पूर्व वकील प्रिया ने 2022 विधानसभा चुनाव में अपने पिता के लिए चुनाव प्रचार भी किया था। दिल्ली यूनिवर्सिटी से कला स्नातक प्रिया ने नोएडा की एमिटी यूनिवर्सिटी से कानून में डिग्री ली। 

पेशे से अधिवक्ता 26 साल की प्रिया सरोज पहली बार सांसद बनी हैं। 27 साल के रिंकू सिंह ने भारत के लिए दो एकदिवसीय और 33 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले है। आक्रामक बल्लेबाजी से पहचान बनाने वाले रिंकू इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलते हैं।

 

 सपा विधायक के करीबियों के अनुसार, शादी पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ होगी। दोनों ने एक-दूसरे को समझने के लिए पर्याप्त समय लिया और अब एक नई शुरुआत के लिए तैयार हैं।


इस भारतीय तेज गेंदबाज को देवजीत सैकेया ने दिया बेस्ट फील्डर मेडल

प्रेजेंटेशन सेरेमनी का बहिष्कार कर मैदान पर खड़ी भारतीय टीम को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सचिव  देवजीत सैकेया ने निराश नहीं किया और टीम के सर्वश्रेष्ठ फील्डर को बेस्ट फील्डिंग मेडल से सम्मानित किया। तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा जो अपना पहला बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंट खेल रही थी उनको  देवजीत सैकेया ने मैदान के एक कोने में सम्मानित किया।हालांकि प्रेजेंटेशन सेरेमनी का बहिष्कार करने की स्थिति को सचिव  देवजीत सैकेया ने सही ठहराया और कई न्यूज एजेंसियों को सवाल के जवाब में अपना बयान दर्ज कराया।

सैकिया ने कहा, ‘‘हमने सभी मौजूदा पहलुओं पर विचार करते हुए सोच समझ कर यह फैसला लिया था। हमने पहले ही एसीसी को अपनी स्थिति से अवगत करा दिया था कि इन परिस्थितियों में भारतीय टीम पुरस्कार वितरण समारोह में भाग नहीं लेगी।’उन्होंने कहा, ‘‘देश में व्याप्त परिस्थितियों और भावनाओं पर गौर करते हुए बीसीसीआई को लगा कि टीम के लिए प्रस्तावित तरीके से ट्रॉफी प्राप्त करना उचित नहीं होगा।’’

सैकिया ने कहा, ‘‘यह एक दृढ़ संस्थागत निर्णय था, जो हमारे रुख को दर्शाता है। इसका मकसद खिलाड़ियों, टूर्नामेंट या खेल पर सवाल उठाना नहीं था।’’

भारत की रिकॉर्ड आठवीं महिला एशिया कप ख़िताब की जीत का अंत पिछले साल जैसे ही दृश्यों के साथ हुआ। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम को रविवार रात दुबई में न तो टूर्नामेंट के पदक दिए गए और न ही ट्रॉफ़ी।

मैच के बाद अवार्ड समारोह में क़रीब 50 मिनट की देरी हुई। PCB प्रमुख और पाकिस्तान के गृह मंत्री होने के साथ ही एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष का भी पद देख रहे मोहसिन नक़वी भी समारोह में मौजूद थे।

 इससे पहले उपविजेता श्रीलंका की खिलाड़ियों को पदक दिए गए, लेकिन उसके बाद समारोह अचानक ख़त्म कर दिया गया।

टूर्नामेंट की अवार्ड सेरेमनी शुरू होने के इंतज़ार के दौरान भारतीय टीम ने सर्वश्रेष्ठ फ़ील्डर के लिए अपना ख़ुद का पदक समारोह किया। यह पदक फ़ील्डिंग कोच शुभदीप घोष ने दिया। BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने नंदनी शर्मा को पदक प्रदान किया, जबकि उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला भी इस दौरान मौजूद थे।

घटनाक्रम पिछले सितंबर में हुए पुरुष एशिया कप फ़ाइनल जैसा ही रहा, जब भारत ने नक़वी से ट्रॉफ़ी लेने से इनकार कर दिया था। उस समय सैकिया ने कहा था कि टीम ऐसे व्यक्ति से ट्रॉफ़ी नहीं लेना चाहती, जो “पाकिस्तान के प्रमुख नेताओं में से एक” भी हैं।

रविवार को अवार्ड समारोह में नक़वी की मौजूदगी को संभावित विवाद का कारण माना जा रहा था। मई 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पार तनाव के बाद से भारत के खिलाड़ी पाकिस्तान के खिलाड़ियों और उनके प्रतिनिधियों से हाथ मिलाने से बचते रहे हैं। पिछले साल पुरुष टीम ने हाथ नहीं मिलाया था और अब इस साल महिला टीम ने भी ऐसा ही किया।

INDvsNZ सीरीज के लिए दर्शकों में भारी उत्साह, 50 हजार टिकट बिके

न्यूज़ीलैंड क्रिकेट ने बताया कि छह साल बाद भारत के न्यूज़ीलैंड दौरे को लेकर लोगों में काफी दिलचस्पी है और आने वाले अंतरराष्ट्रीय घरेलू ग्रीष्म सत्र के लिए 50,000 से ज़्यादा टिकट बिक चुके हैं। न्यूज़ीलैंड क्रिकेट के सदस्यों और  ग्राहकों के लिए दो हफ़्ते की प्री-सेल के बाद, सोमवार को आम जनता के लिए टिकटों की बिक्री शुरू हुई।

भारत के कई मैचों के टिकट लगभग बिक चुके हैं। क्राइस्टचर्च में होने वाले दूसरे टी20 मैच के 75 प्रतिशत से ज़्यादा टिकट बिक चुके हैं, जो इस सीरीज़ के लिए लोगों की ज़बरदस्त मांग को दिखाता है।भारत 2020 के बाद पहली बार न्यूज़ीलैंड का दौरा करेगा। दोनों टीमें 22 अक्टूबर से पांच टी 20, पांच वनडे और दो टेस्ट मैच खेलेंगी।

टी 20 मैचों को लेकर खास दिलचस्पी

टी 20 मैचों को लेकर लोगों में खास दिलचस्पी देखी जा रही है। ईडन पार्क में, न्यूज़ीलैंड क्रिकेट ने 2019 में भारत के दौरे के बाद पहली बार स्टेडियम का छठा टियर (ऊपरी हिस्सा) दर्शकों के लिए खोला है। ये अतिरिक्त सीटें 30 अक्टूबर को होने वाले चौथे टी 20 मैच के लिए उपलब्ध होंगी। हाल के सालों में छठा टियर बहुत कम बार खोला गया है, जिसमें 2015 क्रिकेट वर्ल्ड कप और 2018 में न्यूज़ीलैंड-ऑस्ट्रेलिया पुरुष टी 20 मैच शामिल हैं।

टिकटों की यह मांग इसलिए भी है क्योंकि इस साल की शुरुआत में भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच 2026 टी 20 वर्ल्ड कप का फ़ाइनल खेला गया था, जिससे इस आने वाले दौरे को लेकर दिलचस्पी और बढ़ गई है।

न्यूज़ीलैंड क्रिकेट के मार्केटिंग हेड टिम एलिस ने कहा कि टिकटों की बिक्री भारत के दौरे को लेकर लोगों के उत्साह को दिखाती है। एलिस ने एक आधिकारिक बयान में कहा, “सालों बाद ईडन पार्क का सबसे ऊपरी हिस्सा (शीर्ष स्तर) खोल पाना वाकई रोमांचक है और यह इस दौरे को लेकर बढ़ रहे उत्साह को दर्शाता है।”

उन्होंने क्राइस्टचर्च में मिल रहे ज़बरदस्त रुझान का भी ज़िक्र किया, जहाँ दूसरे टी 20 मैच के 75 प्रतिशत से ज़्यादा टिकट पहले ही बिक चुके हैं। उन्होंने कहा, “हैगले ओवल में होने वाले मैचों में हमेशा अच्छी-खासी भीड़ होती है, लेकिन उनमें से किसी एक मैच के तीन-चौथाई टिकट पहले ही बिक जाना वाकई काफ़ी उल्लेखनीय है।”

न्यूज़ीलैंड क्रिकेट समर्थकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए मैचों के दौरान कई तरह की गतिविधियां आयोजित करने की भी योजना बना रहा है। उन्होंने कहा, “हम इस दौरे से जुड़े कई कार्यक्रमों की योजना बनाने में जुटे हैं और मैच के दौरान कुछ रोमांचक गतिविधियां भी तैयार कर रहे हैं। हमें यकीन है कि इनसे हर उम्र के प्रशंसकों को शानदार अनुभव मिलेगा।”भारत का यह दौरा न्यूज़ीलैंड के घरेलू अंतरराष्ट्रीय समर सीज़न की शुरुआत करेगा।

भारत बनाम जापान के महामुकाबले को मिले TV और OTT के ब्रॉडकास्टर्स

जापान और भारत के बीच होने वाले एक ही मैच (टी20 मैच) के लिए ब्रॉडकास्टर खोजने की कोशिशें खत्म हो चुकी हैं। भारत के दर्शक इस एतिहासिक मैच को टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स पर और ओटीटी पर फैन कोड पर देख सकेंगें। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

वहीं जापान क्रिकेट एसोसिएशन (जेसीए) टोचिगी प्रान्त के सानो इंटरनेशनल स्टेडियम में 22 सितंबर को होने वाले मैच के ब्रॉडकास्ट राइट्स हासिल करने के लिए आईटीडब्ल्यू यूनिवर्स के साथ बातचीत कर रही है।

चूंकि यह मैच आइची-नागोया में एशियाई खेलों के साथ-साथ हो रहा है, इसलिए इसका प्रोडक्शन करना आयोजकों के लिए लॉजिस्टिकल और ऑपरेशनल चुनौती होगी। हालांकि, माना जा रहा है कि जेसीए मैच के ब्रॉडकास्ट राइट्स के लिए आईटीडब्ल्यू यूनिवर्स के साथ समझौता ज्ञापन साइन करने के करीब है।

गौरतलब है कि दोनों देशों की पुरुष टीमें भारत-जापान डिप्लोमैटिक रिलेशन की 75वीं सालगिरह के जश्न को शुरू करने के लिए एक टी 20 इंटरनेशनल मैच खेलेंगी। सुज़ुकी कप मंगलवार, 22 सितंबर को टोचिगी प्रीफेक्चर के सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में होगा।

यह मैच “स्पोर्ट 75” का पहला कदम होगा, यह एक पहल है जो जापानी प्रधानमंत्री साने ताकाइची और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच एक समिट के दौरान हुए समझौते से निकली है और इसका मकसद खेल के क्षेत्र में भारत और जापान के बीच लोगों के लेन-देन और सहयोग को बढ़ावा देना है।

इस मैच का एक पहलू यह भी है कि टीम को जापान में एशियन गेम्स से पहले माहौल में ढलने में भी मदद मिलेगी। इस कारण संभवत जो भारत की टीम एशियाई खेलों में खेलेगी वही इस मैच में भी शिरकत करते हुए मिलेगी।

एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और वैभव सूर्यवंशी।

भारत के खिलाफ T20I के लिए जापान की टीम: केंडेल कादोवाकी फ्लेमिंग (कप्तान), चार्ली हारा हिंजे, बेंजामिन इटो डेविस, एलेस्टर कादोवाकी फ्लेमिंग, कोहेई कुबोता, जेक कुसुदा नेयर्न, वतारू मियाउची (विकेटकीपर), रियो सकूरानो थॉमस, एलेक्स शिराई पातमोर (विकेटकीपर), शोमा सुगाया स्लेटर, डेकलन सुजुकी मैकॉम्ब, सुयोशी तकादा, इब्राहिम ताकाहाशी, माकोतो तनियामा, लचलन यमामोतो लेक।

अफगान क्रिकेट बोर्ड के प्रोमो में PoK-गिलगित-बाल्टिस्तान को दिखाया गया भारत का हिस्सा, पाकिस्तान में मचा बवाल

Afghan Cricket Board Map Controversy: अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने भारत के साथ होने वाली अपनी आगामी सीरीज के लिए एक प्रमोशनल वीडियो जारी किया है, जिसमें भारत के नक्शे में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) और गिलगित-बाल्टिस्तान को दिखाया गया है। जिसके बाद पाकिस्तान के साथ एक नया राजनयिक विवाद खड़ा हो गया है।

बता दें कि नई दिल्ली में भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाली तीन मैचों की सीरीज से कुछ दिन पहले, रविवार को ACB ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर यह प्रोमो शेयर किया है।

सूत्रों ने CNN-News18 को बताया कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने नक्शे में दिखाए गए हिस्सों को लेकर पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के सामने चिंता जाहिर की है। हालांकि, PCB ने विदेश मंत्रालय के सामने इस मामले में क्या-क्या बातें रखीं, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

सूत्रों ने आगे बताया कि इस्लामाबाद इस मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाने पर विचार कर सकता है, हालांकि अभी तक इस बारे में कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।

गौरतलब है कि यह मामला ऐसे समय में सामने आया है जब काबुल और इस्लामाबाद के बीच रिश्ते काफी तनावपूर्ण हैं और दोनों देशों के बीच सीमा व सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर विवाद चल रहा है।

मैप विवाद से काबुल-इस्लामाबाद के बीच तनाव बढ़ा

यह नया विवाद अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच सामने आया है, जिसमें सीमा पर झड़पें और हवाई हमले भी शामिल हैं। वहीं, इस्लामाबाद ने बार-बार अफगान तालिबान पर ‘तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान’ (TTP) को पनाह देने का आरोप लगाया है। पाकिस्तान का कहना है कि TTP देश के अंदर होने वाले कई घातक हमलों के लिए जिम्मेदार है।

भारत के शीर्ष इंटेलिजेंस सूत्रों ने CNN-News18 को बताया कि इस तरह का तनाव सांस्कृतिक और खेल जैसे ‘सॉफ्ट पावर’ के जरिए भी बढ़ सकता है।

सूत्रों के मुताबिक, मैप में दिखाए गए हिस्से को काबुल की ओर से एक कूटनीतिक संकेत के तौर पर देखा जा सकता है। यह उसकी स्वतंत्र विदेश नीति और पाकिस्तान की क्षेत्रीय चिंताओं की परवाह किए बिना भारत के साथ जुड़ने की इच्छा को दर्शाता है।

सूत्र ने कहा, “पाकिस्तान की क्षेत्रीय चिंताओं को नजरअंदाज करते हुए अपनी ब्रांडिंग का इस्तेमाल करना, खेल कूटनीति में स्वतंत्र विदेश नीति का रुख बनाए रखना काबुल के इरादे को दिखाता है।”

ACB ने भारत के साथ होने वाली सीरीज का प्रमोशन किया

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने आगामी सीरीज की अहमियत बताते हुए इसका प्रमोशनल वीडियो शेयर किया।

इसमें कहा गया, “यह एक ऐसी सीरीज है जो एक बार फिर दो देशों को एक साथ लाएगी।” इसमें इन मैचों को ऐसे दो देशों के बीच का मुकाबला बताया गया है जिनका गहरा इतिहास, संस्कृति और क्रिकेट के प्रति साझा जुनून है।”

ACB ने अपनी पोस्ट में लिखा, “ये सिर्फ मैच नहीं हैं। ये जुनून, उत्साह और अहमियत वाले मुकाबले हैं, जहां ‘अफगान-अटलान’ (अफगानिस्तान की टीम) अपने देश के लाखों लोगों की उम्मीदों और गर्व को साथ लेकर मैदान में उतरेगी।”

बता दें कि अफगानिस्तान और भारत के बीच यह सीरीज 13, 15 और 17 सितंबर को नई दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेली जाएगी।

यह भी पढ़ें: भारत-बांग्लादेश के बीच फिर दौड़ेंगी यात्री ट्रेनें! ढाका रख सकता है नए राजशाही-कोलकाता रूट का प्रस्ताव

पाकिस्तान क्रिकेट में मचा बवाल! इन खिलाड़ियों के फोन किए गए जब्त…रातों-रात बदली गई टीम! जानें पूरा मामला

इंग्लैंड दौरे पर पाकिस्तान टीम के खराब प्रदर्शन के बाद PCB ने जांच शुरू कर दी है। शुरुआती दो टेस्ट मैच हारने के बाद बोर्ड खिलाड़ियों की भूमिका और टीम के अंदर की स्थिति को लेकर जानकारी जुटा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इमाम-उल-हक और मोहम्मद रिजवान भी इस जांच में शामिल हैं। पाकिस्तानी मीडिया में आई खबरों के मुताबिक, PCB की जांच अब इमाम-उल-हक और मोहम्मद रिजवान के लंदन में रहने के दौरान की गतिविधियों तक पहुंच गई है। बताया जा रहा है कि बोर्ड दोनों खिलाड़ियों के संपर्क और बातचीत से जुड़ी जानकारी भी देख रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, लॉर्ड्स टेस्ट में पाकिस्तान की हार के बाद टीम के सुरक्षा अधिकारी ने दोनों खिलाड़ियों के मोबाइल फोन कुछ समय के लिए अपने पास रखे थे। आपको बता दें इन दावों को लेकर अभी बोर्ड की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

फोन किया गया जब्त

रिपोर्ट्स के अनुसार, इमाम-उल-हक और मोहम्मद रिजवान के फोन कुछ समय के लिए टीम के पास थे और उन्हें वापस करने से पहले फोन की कुछ जानकारी सेफ की गई। जांच में दोनों खिलाड़ियों की गतिविधियों के साथ-साथ लंदन में उनके संपर्क में आए लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। लेकिन, PCB ने दोनों खिलाड़ियों पर लगे किसी खास आरोप की पुष्टि नहीं की है। PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी के सलाहकार आमिर मीर ने बताया कि, खिलाड़ियों के अनुशासन और व्यवहार से जुड़ी खबरों के बाद बोर्ड ने अंदरूनी जांच शुरू की है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई को लेकर फैसला लिया जाएगा।

अफवाहों पर दूर रहने को कहा

आमिर मीर ने X पर बताया कि, ‘मीडिया में अनुशासन और खिलाड़ियों के व्यवहार से जुड़ी खबरें सामने आने के बाद PCB ने इंटरनल अनुशासनात्मक जांच शुरू की है। उन्होंने कहा कि फिलहाल इस मामले की आंतरिक समीक्षा चल रही है और बोर्ड अपने तय नियमों के अनुसार पूरी प्रक्रिया को आगे बढ़ा रहा है।’ मीर ने ये भी कहा कि, जांच से जुड़े मामलों में सभी संबंधित लोगों की बातों और तथ्यों को ध्यान में रखा जाएगा। उन्होंने बिना पुष्टि वाली खबरों और अटकलों पर भरोसा न करने की अपील की। PCB ने साफ किया कि, फिलहाल बोर्ड इस मामले पर इससे ज्यादा जानकारी साझा नहीं करेगा और लोगों को केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की सलाह दी गई है।

हो सकते हैं बैन

अगर PCB की जांच में खिलाड़ियों की किसी गलती के ठोस सबूत सामने आते हैं, तो बोर्ड उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर सकता है। इसमें जुर्माना लगाने से लेकर कुछ समय के लिए बैन लगाने तक का फैसला शामिल हो सकता है। रिपोर्ट्स में ये भी कहा गया कि गंभीर मामला सामने आने पर संबंधित खिलाड़ियों को आने वाली पाकिस्तान टीम से बाहर रखने पर भी विचार किया जा सकता है। वहीं इस बारे में अभी कोई अंतिम फैसला सामने नहीं आया है।

पाकिस्तान क्रिकेट में बवाल

लॉर्ड्स टेस्ट में हार के बाद पाकिस्तान की टेस्ट टीम में कई बदलाव किए गए हैं। सात खिलाड़ियों को टीम से बाहर कर उनकी जगह नए खिलाड़ियों को शामिल किया गया है, जिनमें पांच खिलाड़ी ऐसे हैं, जिन्होंने अभी तक इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेला है। इमाम-उल-हक और मोहम्मद रिजवान भी मैच के कुछ घंटों बाद वापस घर लौट गए। इसके अलावा हेड कोच सरफराज अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल को भी टीम से हटा दिया गया है। इस बीच खिलाड़ियों के फोन लिए जाने की खबर भी सामने आई है, लेकिन इसे लेकर अभी कोई साफ जानकारी नहीं दी गई है। PCB की अंदरूनी जांच के बीच टीम में किए गए इन बदलावों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।

Women’s Asia Cup 2026: विमंस एशिया कप में फिर होगा ट्रॉफी को लेकर ड्रामा! फाइनल देखने पहुंचेंगे मोहसिन नकवी

क्रिकेट में पहली बार भारत बनाम जापान का एतिहासिक मैच होगा इस तारीख को

जापान क्रिकेट एसोसिएशन (JCA) और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को यह बताते हुए खुशी हो रही है कि दोनों देशों की पुरुष टीमें भारत-जापान डिप्लोमैटिक रिलेशन की 75वीं सालगिरह के जश्न को शुरू करने के लिए एक टी 20 इंटरनेशनल मैच खेलेंगी। सुज़ुकी कप मंगलवार, 22 सितंबर को टोचिगी प्रीफेक्चर के सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में होगा।

यह मैच “स्पोर्ट 75” का पहला कदम होगा, यह एक पहल है जो जापानी प्रधानमंत्री साने ताकाइची और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच एक समिट के दौरान हुए समझौते से निकली है और इसका मकसद खेल के क्षेत्र में भारत और जापान के बीच लोगों के लेन-देन और सहयोग को बढ़ावा देना है।

बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा: “बीसीसीआई इस ऐतिहासिक मौके का हिस्सा बनकर बहुत खुश है, जब भारत और जापान की पुरुष टीमें जापान में एक खास टी 20 इंटरनेशनल मैच के लिए एक साथ आ रही हैं।” सैकिया ने कहा, “भारत और जापान के बीच एक मजबूत और लंबे समय से चले आ रहे रिश्ते और दोस्ती है, और हमें खुशी है कि क्रिकेट दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों के 75 साल पूरे होने के जश्न का हिस्सा होगा, और हम इस मैच को मुमकिन बनाने के लिए जापान क्रिकेट एसोसिएशन (जेसीए) को उनकी कोशिशों के लिए धन्यवाद देते हैं।

बीसीसीआई का मानना है कि क्रिकेट की ग्रोथ उसके पारंपरिक इलाकों से आगे बढ़नी चाहिए, और दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट बोर्ड के तौर पर, हम उस ग्रोथ में योगदान देने की अपनी ज़िम्मेदारी समझते हैं। बीसीसीआई जापान में क्रिकेट को और मजबूत करने और आने वाले सालों में इस रिश्ते को और मजबूत करने के लिए जेसीए के साथ मिलकर काम करेगा।” जेसीए के सीईओ नाओकी मियाजी ने कहा: “मौजूदा वर्ल्ड चैंपियंस को जापान में बुलाना हमारे एसोसिएशन के लिए एक अहम पल है। यह सच में एक यादगार मौका होगा।”

एशिया कप में विस्फोटक शतक से स्मृति मंधाना ने तोड़े यह 3 बड़े रिकॉर्ड

Smriti Mandhana

मिताली राज को पीछे छोड़ महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज बनने के बाद स्मृति मंधाना ने कहा कि उन्होंने “कभी कल्पना नहीं की थी” कि वह भारतीय क्रिकेट की इस दिग्गज बल्लेबाज को पीछे छोड़ पाएंगी।मंधाना ने अपने करियर का बड़ा हिस्सा मिताली राज की कप्तानी में खेला है। मिताली उनके लिए बचपन से ही आदर्श रही हैं।

दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम गुरुवार को भारतीय उपकप्तान ने मिताली के 10,868 अंतरराष्ट्रीय रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। मंधाना के नाम अब तीनों प्रारूपों में कुल 10,880 रन हो गए हैं।मंधाना ने मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘ जब तक मैं बल्लेबाजी कर रही थी, मुझे पता ही नहीं था कि मैं कौन सा रिकॉर्ड तोड़ने वाली हूं, क्योंकि मुझे रनों का सही आंकड़ा मालूम नहीं था।

उन्होंने कहा, ‘‘ मैं जब पीछे मुड़कर देखती हूं तो यह भारतीय क्रिकेट के लिए निश्चित रूप से बहुत अच्छा दिन था। मिताली दीदी ऐसी दिग्गज और आदर्श रही हैं, जिन्हें हम सभी ने बचपन से बल्लेबाजी करते हुए देखा है। उनके रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ पाना मैंने कभी नहीं सोचा था। मुझे इस बात की खुशी है कि इस सूची में शीर्ष दो स्थानों पर भारतीय हैं।’’

हांगकांग के खिलाफ मंधाना ने शानदार शतक जड़कर एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने महिला टी20 एशिया कप में सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर का नया रिकॉर्ड बनाया और श्रीलंका की चमारी अटापट्टू के नाबाद 119 रन के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।उनकी पारी की बदौलत भारत ने पांच विकेट पर 193 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में हांगकांग की टीम 16.2 ओवर में सिर्फ 56 रन पर सिमट गई और भारत ने महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में रनों के लिहाज से अपनी दूसरी सबसे बड़ी जीत दर्ज की।

मंधाना ने महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक शतक लगाने वाली बल्लेबाज का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। उनके शतकों की संख्या अब 18 हो गई है, जिससे उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज मेग लैनिंग (17 शतक) को पीछे छोड़ दिया।

मंधाना ने कहा, “अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शतकों के रिकॉर्ड को पार करना खास है। 18 एक अच्छा आंकड़ा है।’’उन्होंने  कहा, ‘‘मेग लैनिंग और मिताली राज महिला क्रिकेट की दो ऐसी दिग्गज हैं, जिन्हें देखते हुए मैं बड़ी हुई हूं और बतौर बल्लेबाज उनसे बहुत कुछ सीखने की कोशिश की है।’’उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए खुशी है कि मैं इन दिग्गजों को पीछे छोड़ सकी, लेकिन फिर भी मैं इसे सिर्फ एक आंकड़ा ही मानूंगी।’’

भारत की लगातार दो बड़ी जीत के बावजूद मध्यक्रम के बल्लेबाज अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। मंधाना ने हालांकि अपनी साथी बल्लेबाजों का बचाव करते हुए कहा, “मध्यक्रम में सभी बल्लेबाज विश्वस्तरीय हैं और इसमें कोई संदेह नहीं है कि वे परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढाल लेंगी।”मंधाना ने यह भी माना कि दुबई की गर्मी और उमस में लंबे समय तक बल्लेबाजी करना शारीरिक रूप से चुनौतीपूर्ण है। उन्होंने कहा, “आज ऐसा लग रहा था जैसे ‘स्टीम बॉक्स’ में बल्लेबाजी कर रही हूं। गर्मी और उमस के कारण लंबे समय तक बल्लेबाजी करना थोड़ा मुश्किल हो जाता है।’’