अफगान क्रिकेट बोर्ड के प्रोमो में PoK-गिलगित-बाल्टिस्तान को दिखाया गया भारत का हिस्सा, पाकिस्तान में मचा बवाल

Afghan Cricket Board Map Controversy: अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने भारत के साथ होने वाली अपनी आगामी सीरीज के लिए एक प्रमोशनल वीडियो जारी किया है, जिसमें भारत के नक्शे में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) और गिलगित-बाल्टिस्तान को दिखाया गया है। जिसके बाद पाकिस्तान के साथ एक नया राजनयिक विवाद खड़ा हो गया है।

बता दें कि नई दिल्ली में भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाली तीन मैचों की सीरीज से कुछ दिन पहले, रविवार को ACB ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर यह प्रोमो शेयर किया है।

सूत्रों ने CNN-News18 को बताया कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने नक्शे में दिखाए गए हिस्सों को लेकर पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के सामने चिंता जाहिर की है। हालांकि, PCB ने विदेश मंत्रालय के सामने इस मामले में क्या-क्या बातें रखीं, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

सूत्रों ने आगे बताया कि इस्लामाबाद इस मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाने पर विचार कर सकता है, हालांकि अभी तक इस बारे में कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।

गौरतलब है कि यह मामला ऐसे समय में सामने आया है जब काबुल और इस्लामाबाद के बीच रिश्ते काफी तनावपूर्ण हैं और दोनों देशों के बीच सीमा व सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर विवाद चल रहा है।

मैप विवाद से काबुल-इस्लामाबाद के बीच तनाव बढ़ा

यह नया विवाद अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच सामने आया है, जिसमें सीमा पर झड़पें और हवाई हमले भी शामिल हैं। वहीं, इस्लामाबाद ने बार-बार अफगान तालिबान पर ‘तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान’ (TTP) को पनाह देने का आरोप लगाया है। पाकिस्तान का कहना है कि TTP देश के अंदर होने वाले कई घातक हमलों के लिए जिम्मेदार है।

भारत के शीर्ष इंटेलिजेंस सूत्रों ने CNN-News18 को बताया कि इस तरह का तनाव सांस्कृतिक और खेल जैसे ‘सॉफ्ट पावर’ के जरिए भी बढ़ सकता है।

सूत्रों के मुताबिक, मैप में दिखाए गए हिस्से को काबुल की ओर से एक कूटनीतिक संकेत के तौर पर देखा जा सकता है। यह उसकी स्वतंत्र विदेश नीति और पाकिस्तान की क्षेत्रीय चिंताओं की परवाह किए बिना भारत के साथ जुड़ने की इच्छा को दर्शाता है।

सूत्र ने कहा, “पाकिस्तान की क्षेत्रीय चिंताओं को नजरअंदाज करते हुए अपनी ब्रांडिंग का इस्तेमाल करना, खेल कूटनीति में स्वतंत्र विदेश नीति का रुख बनाए रखना काबुल के इरादे को दिखाता है।”

ACB ने भारत के साथ होने वाली सीरीज का प्रमोशन किया

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने आगामी सीरीज की अहमियत बताते हुए इसका प्रमोशनल वीडियो शेयर किया।

इसमें कहा गया, “यह एक ऐसी सीरीज है जो एक बार फिर दो देशों को एक साथ लाएगी।” इसमें इन मैचों को ऐसे दो देशों के बीच का मुकाबला बताया गया है जिनका गहरा इतिहास, संस्कृति और क्रिकेट के प्रति साझा जुनून है।”

ACB ने अपनी पोस्ट में लिखा, “ये सिर्फ मैच नहीं हैं। ये जुनून, उत्साह और अहमियत वाले मुकाबले हैं, जहां ‘अफगान-अटलान’ (अफगानिस्तान की टीम) अपने देश के लाखों लोगों की उम्मीदों और गर्व को साथ लेकर मैदान में उतरेगी।”

बता दें कि अफगानिस्तान और भारत के बीच यह सीरीज 13, 15 और 17 सितंबर को नई दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेली जाएगी।

यह भी पढ़ें: भारत-बांग्लादेश के बीच फिर दौड़ेंगी यात्री ट्रेनें! ढाका रख सकता है नए राजशाही-कोलकाता रूट का प्रस्ताव