इंग्लैंड ने तीसरे वनडे में श्रीलंका को 223 रनों से हराकर 2-1 से जीती सीरीज

ENGvsSL इंग्लैंड ने श्रीलंका को ओवल में खेले गए तीसरे एकदिवसीय मैच में 223 रनों से हराकर सीरीज अपने नाम कर ली। इंग्लैंड ने पहला मैच 89 रन से जीता था वहीं श्रीलंका ने दूसरा मैच 16 रनों से अपने नाम किया था। 

मेजबान इंग्लैंड ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। पहली बार सलामी बल्लेबाजी कर रहे टॉम बैंटन ने कमाल कर दिया और 106 गेंदों में शानदार 126 रन जडे़ जिसमें 16 चौके और 5 छक्के शामिल थे। इसके बाद मध्यक्रम में कप्तान हैरी ब्रूक ने 77 रन ( 9 चौके, 2 छक्के) और जॉर्डन कॉक्स 76 रन ( 6 चौके, 2 छक्के) ने टीम को 7 विकेटों के नुकसान पर 355 रनों तक पहुंचा दिया। अशिता फर्नेडों ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए।

इसके जवाब में श्रीलंका की बल्लेबाजी लय में नहीं दिखी और पूरी टीम 29.1 ओवर में 132 रनों पर सिमट गई। सर्वाधिक 35 रन कुसल मेंडिस ने बनाए और लियाम डॉसन ने 3 विकेट चटकाए। शानदार शतक के लिए टॉम बैंटन को मैन ऑफ द मैच का पुरुस्कार मिला। वहीं ऑलराउंडर विल जैक्स को सीरीज में 147 रन और 9 विकेट लेने पर मैन ऑफ द सीरीज का पुरुस्कार मिला।

IND vs WI: खत्म हुआ इंतजार! इस दिन एक्शन में दिखेंगे रोहित शर्मा-विराट कोहली, जानें शेड्यूल

IND vs WI: वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम वनडे और टी20 सीरीज के लिए भारत दौरे पर आ रही है। इस दौरे पर दोनों टीमों के बीच तीन वनडे और पांच टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले जाएंगे। वेस्टइंडीज का भारत दौरा 27 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान पहले तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी, वहीं इसके बाद 5 मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी। फैंस वनडे सीरीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसकी वजह रोहित शर्मा और विराट कोहली है। टेस्ट और टी20 से रिटायरमेंट लेने के बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली अब वनडे मैच में ही नजर आते हैं। ऐसे में वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबले में ये दोनों खिलाड़ी मैदान पर नजर आएंगे। आइए जानते हैं कब और कहां पर खेला जाएंगे मुकाबले

कब खेला जाएगा वनडे मुकाबला

भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 27 सितंबर को तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा। इसके बाद 30 सितंबर को गुवाहाटी और 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ में वनडे मुकाबले होंगे। वनडे सीरीज में टीम इंडिया की कमान शुभमन गिल संभालेंगे, वहीं टी20 सीरीज के लिए श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाया गया है। वहीं, वेस्टइंडीज की टीम दोनों फॉर्मेट में शाई होप की कप्तानी में मैदान पर उतरेगी।

वनडे का पूरा शेड्यूल

  • पहला वनडे: 27 सितंबर (शनिवार) – भारत और वेस्टइंडीज- तिरुवनंतपुरम 01:30 PM
  • दूसरा वनडे: 30 सितंबर (बुधवार)- भारत और वेस्टइंडीज-गुवाहाटी 01:30 PM
  • तीसरा वनडे: 3 अक्टूबर (शनिवार)- भारत और वेस्टइंडीज- न्यू चंडीगढ़ 01:30 PM

कब खेला जाएगा टी20 मुकाबला

वहीं टी20 सीरीज की शुरुआत 6 अक्टूबर को लखनऊ से होगी। इसके बाद दोनों टीमें 9 अक्टूबर को रांची, 11 अक्टूबर को इंदौर, 14 अक्टूबर को हैदराबाद और 17 अक्टूबर को बेंगलुरु में टी20 मैच खेलेंगी। भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाली सीरीज में टीम इंडिया मजबूत तैयारी के साथ उतरेगी। आठ मैचों के बाद टीम को न्यूजीलैंड का दौरा भी करना है।

टी20 का पूरा शेड्यूल

  • पहला टी20: 6 अक्टूबर (मंगलवार), लखनऊ 07:00 PM
  • दूसरा टी20: 9 अक्टूबर (शुक्रवार), रांची 07:00 PM
  • तीसरा टी20: 11 अक्टूबर (रविवार), इंदौर 07:00 PM
  • चौथा टी20: 14 अक्टूबर (बुधवार), हैदराबाद 07:00 PM
  • पांचवा टी20: 17 अक्टूबर (शनिवार), बेंगलुरु 07:00 PM

कब होगा मुकाबले का टॉस

भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले वनडे मुकाबले दोपहर में खेले जाएंगे। तीनों ODI मैच दोपहर 1:30 बजे शुरू होंगे और इससे आधे घंटे पहले 1 बजे टॉस होगा। वहीं पांच मैचों की T20I सीरीज के सभी मुकाबले शाम 7 बजे से शुरू होंगे। इन मैचों के लिए शाम 6:30 बजे टॉस किया जाएगा।

भारत बनाम वेस्टइंडीज सीरीज 2026 के लिए टीमें

भारत की वनडे टीम: शुभमन गिल (C), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (VC और WK), ध्रुव जुरेल (WK), नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज, औकिब नबी, यशस्वी जायसवाल, नमन धीर।

भारत की टी20 टीम: श्रेयस अय्यर (C), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन [WK], संजू सैमसन (WK), तिलक वर्मा (VC), शिवम दुबे, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, मयंक यादव।

Oman Cricket Team: 11 में से 7 खिलाड़ियों का एक ही सरनेम! ओमान की प्लेइंग इलेवन देखकर चकराया सबका सिर

नेपाल ने किया बड़ा उलटफेर, अफगानिस्तान को 5 विकेटों से हराया

AFGvsNEP कुशल भुर्तेल (चार विकेट) और ललित राजवंशी (तीन विकेट) के बेहतरीन गेंदबाजी के बाद रोहित पॉडेल (नाबाद 33) रन और संदीप जोरा (34) रन के शानदार प्रदर्शन की बदौलत नेपाल ने एशियाई खेलों की पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता में अफगानिस्तान को 16 गेंदें शेष रहते पांच विकेट से शिकस्त दी।

103 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल ने शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने मात्र 12 रन पर अपने दो विकेट गवां दिये। इसके बाद कुशल मल्ला और संदीप जोरा ने पारी को संभालने का प्रयास किया। दोनों के बीच 19 रनों की साझेदारी हुई। सातवें ओवर में कुशल मल्ला (नौ) के रनआउट होने पर यह साझेदारी टूटी।

इसके बाद 10वें ओवर में संदीप जोरा भी रनआउट हो गये। संदीप जोरा ने 35 गेंदों में तीन चौके और एक छक्का लगाते हुए (34) रनों की पारी खेली। 18वें ओवर की पहली गेंद पर कप्तान दीपेंद्र सिंह ऐरी (15) रन बनाकर आउट हुये। उन्होंने रोहित पॉडेल के साथ पांचवें विकेट के लिए 46 रन जोड़कर नेपाल की जीत सुनश्चित की। नेपाल ने 17.2 ओवरों में पांच विकेट पर 103 रन बनाकर मुकाबला पांच विकेट से अपने नाम कर लिया। रोहित पॉडेल ने 32 गेंदों में चार चौकों की मदद से (नाबाद 33) रन बनाये। अफगानिस्तान की ओर से फरीदून दावूदजई, अब्दुल्लाह अहमदजई और अरब गुल ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले आज  अफगानिस्तान टॉस जीतकर कर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 102 रनों का स्कोर बनाया। फैसल खान अहमदजई (30), नजीबउल्लाह जदरान (30) और नांगेलिया खरोटे (17) रनों का योगदान दिया। नेपाल के गेंदबाजी आक्रमण के आगे अफगानिस्तान के पांच बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके। नेपाल के लिए कुशल भुर्तेल ने 21 रन देकर चार विकेट लिये। ललित राजवंशी ने 13 रन देकर तीन विकेट झटके।

Oman Cricket Team: 11 में से 7 खिलाड़ियों का एक ही सरनेम! ओमान की प्लेइंग इलेवन देखकर चकराया सबका सिर

Oman Cricket Team: ओमान की पुरुष क्रिकेट टीम ने शुक्रवार को हांगकांग, चीन के खिलाफ मैच के साथ एशियन गेम्स 2026 में अपने अभियान की शुरुआत की। लेकिन नतीजा निराशाजनक रहा, क्योंकि सुफियान महमूद की कप्तानी वाली टीम को निसिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में 41 रन से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, मैच के नतीजे से ज्यादा एक और चीज ने दुनियाभर के क्रिकेट फैंस का ध्यान खींचा और वह था ओमान की प्लेइंग इलेवन में एक ही सरनेम वाले सात खिलाड़ियों का शामिल होना। जिसे देखकर सभी क्रिकेट फैंस भी हैरान रह गए।

हॉन्ग कॉन्ग (चीन) के खिलाफ खेले जा रहे मैच में ओमान की टीम में मोहम्मद अल बलुशी, शुएब अल बलुशी, जुबैर अल बलुशी, वहीद अल बलुशी, ईसा अल बलुशी, नवीद अल बलुशी और फारिस अल बलुशी शामिल थे। इसके अलावा, टीम में इसी सरनेम वाले दो और खिलाड़ी भी हैं – वसीम अल बलुशी और कैस अल बलुशी, जिससे कुल खिलाड़ियों की संख्या 9 हो जाती है।

मोहम्मद अल बलुशी, शुएब अल बलुशी, जुबैर अल बलुशी और वहीद अल बलुशी ने ओमान के टॉप-ऑर्डर की कमान संभाली। इन चारों ने नंबर 1 से 4 तक के स्लॉट पर बैटिंग की और क्रमशः 2, 20, 0 और 1 रन बनाए। जबकि ईसा अल बलुशी ने नंबर 7 पर बैटिंग करते हुए 7 रन बनाए।

वहीं, गेंदबाजी में शोएब, नवीद और मोहम्मद अल बलुशी ने भी अपना जलवा दिखाया और कुल मिलाकर 5 विकेट लिए। इनमें से मोहम्मद ने 17 रन देकर तीन विकेट चटकाए।

इन सात खिलाड़ियों के बारे में आपको जो कुछ भी जानना चाहिए

मोहम्मद अल बलुशी ने ओमान के लिए छह T20I मैच खेले हैं; उन्होंने इसी साल सिंगापुर के खिलाफ अपना डेब्यू किया था। उनका सबसे ज्यादा स्कोर 81 रन है, जो उन्होंने 3 जून, 2026 को बहरीन के खिलाफ बनाया था। शोएब की बात करें तो उन्होंने भी मोहम्मद जितने ही T20I मैच खेले हैं। 30 साल के इस ऑलराउंडर ने अब तक 117 रन बनाए हैं और चार विकेट लिए हैं।

जुबैर अल बलुशी ने भी नेशनल टीम के लिए छह मैच खेले हैं। हालांकि, हांगकांग, चीन के खिलाफ एशियन गेम्स 2026 के शुरुआती मैच में वह अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए और बिना खाता खोले ही आउट हो गए।

वहीं वहीद की बात करें तो उन्होंने शुक्रवार को एशियाई गेम्स के मुकाबले में ओमान के लिए अपना T20I डेब्यू किया; हालांकि, उनका यह मैच काफी निराशाजनक रहा और वे बल्ले से सिर्फ एक रन ही बना पाए। जबकि ईसा अल बलूशी ने कुल मिलाकर अब तक 5 मैच खेले हैं। लेकिन उनका भी प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है और वे सिर्फ 23 रन ही बना पाए हैं।

फास्ट-बॉलिंग ऑल-राउंडर नवीद अल बलुशी की बात करें तो, उन्होंने ओमान के लिए 5 मैच खेले हैं और कुल 7 विकेट लिए हैं। उनका सबसे अच्छा प्रदर्शन सिंगापुर के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में 4/22 का रहा है।

जबकि 29 साल के फारिस अल बलुशी ने ओमान के लिए दो है मैच खेले हैं। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 10 रन बनाए हैं, लेकिन उनके नाम कोई विकेट नहीं है।

हांगकांग, चीन और ओमान के बीच हुए मैच में क्या हुआ?

पहले बल्लेबाजी करते हुए हांगकांग ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 121 रन बनाए। इस स्कोर का बचाव करने में टीम को कोई खास परेशानी नहीं हुई क्योंकि ओमान की टीम 6 विकेट पर सिर्फ 80 रन ही बना सकी और हांगकांग ने यह मैच 41 रनों से जीत लिया।

अब ओमान का अगला मुकाबला शनिवार को मलेशिया से होगा। क्वार्टर-फाइनल में जगह बनाने की उम्मीद बनाए रखने के लिए उन्हें यह मैच जीतना जरूरी है।

यह भी पढ़ें: मीराबाई चानू ने रचा इतिहास! एशियन गेम्स में जीता पहला सिल्वर मेडल, भारत का 28 साल का सूखा खत्म

इंग्लैंड के एक्सप्रेस गेंदबाज मार्क वुड ने चोटों से परेशान होकर कहा क्रिकेट को अलविदा

इंग्लैंड के मार्क वुड ने लंबे समय तक चोटों से जूझने के बाद 36 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के 146 मैचों में उन्होंने कुल 253 विकेट झटके, जिसमें 38 टेस्ट में 30.79 की औसत से लिए 119 विकेट शामिल हैं। वुड की पहचान इंग्लैंड के सबसे तेज़ गेंदबाज़ों में होती है। वह 2015 की ऐशेज़, 2019 के वनडे विश्व कप और 2022 के टी 20 विश्व कप का ख़िताब जीतने वाली इंग्लैंड टीम के अहम सदस्य रहे हैं।

2025 चैंपियंस ट्रॉफ़ी में घुटने की चोट के बाद से वुड ने केवल एक ही मुक़ाबला खेला था, जो पिछले ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर ऐशेज़ सीरीज़ का पहला टेस्ट था। मैदान से दूर रहने के दौरान उन्होंने कॉमेंट्री और ब्रॉडकास्टिंग में भी अपनी अलग पहचान बनाई। वुड ने मंगलवार सुबह संन्यास का ऐलान किया और इसके तुरंत बाद वह अपने घरेलू मैदान डरहम (रिवरसाइड) में इंग्लैंड-श्रीलंका वनडे के प्रसारण से जुड़ गए।

वुड डरहम के लिए टी 20 ब्लास्ट और दुनिया भर की टी 20 लीग में खेलना जारी रखेंगे। इसके साथ ही वह मीडिया में काम करेंगे। साथ ही उन्होंने लेवल-3 कोचिंग का कोर्स भी पूरा कर लिया है। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने साफ़ कर दिया था कि 2023 में मिला उनका तीन साल का केंद्रीय अनुबंध आगे नहीं बढ़ाया जाएगा, जिसके बाद उन्होंने संन्यास का यह फ़ैसला लिया।

स्काई स्पोर्ट्स से बात करते हुए वुड ने बताया कि लगातार चोटों से जूझते हुए वह मानसिक और शारीरिक रूप से थक चुके थे। वुड ने कहा, “पर्थ में नवंबर में खेले गए अपने आख़िरी मैच के बाद लंबा वक़्त बीत गया है। तक़रीबन डेढ़ साल से चोटों से लड़ते हुए मुझे एहसास हुआ कि अब मैं दोबारा उस रफ़्तार और स्तर पर गेंदबाज़ी नहीं कर पाऊंगा। मेरा अनुबंध सितंबर में ख़त्म हो रहा है और मुझे लगा कि हटने का यही सही समय है। मैं कभी इंग्लैंड छोड़ना नहीं चाहता था, लेकिन नए युवा गेंदबाज़ बेहतरीन काम कर रहे हैं। अब चर्चा उन खिलाड़ियों की होनी चाहिए जिन्हें नया कॉन्ट्रैक्ट मिलना है। अब मैं अपनी ज़िंदगी के अगले पड़ाव पर ध्यान लगा सकता हूं।”

वुड ने 2015 में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया और अपनी तेज़ रफ़्तार व मैदान पर मज़ाकिया अंदाज़ के चलते जल्द ही फ़ैंस के चहेते बन गए। उसी साल ट्रेंट ब्रिज टेस्ट में नाथन लियोन को आउट कर उन्होंने इंग्लैंड की ऐशेज़ जीत पक्की की थी। इसके बाद वह इयोन मॉर्गन की सीमित ओवरों की टीम का मुख्य हथियार बन गए।

लगातार चोटों ने उनके करियर की रफ़्तार रोकी, लेकिन 2019 में रन-अप लंबा करने के बाद उन्होंने दमदार वापसी की। सेंट लूसिया में वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ उन्होंने इंग्लैंड के टेस्ट इतिहास के सबसे तेज़ स्पेल में से एक फेंककर पारी में पहली बार पांच विकेट झटके। 

उसी साल घरेलू मैदान पर इंग्लैंड को वनडे विश्व कप जिताने में उनका बड़ा रोल रहा, जहां उन्होंने फ़ाइनल में रॉस टेलर के बड़े विकेट समेत कुल 18 शिकार किए।

वुड ने 2019-20 के साउथ अफ़्रीका दौरे पर कमाल की गेंदबाज़ी की और 2021-22 की ऐशेज़ में 17 विकेट लेकर इंग्लैंड के सबसे कामयाब गेंदबाज़ रहे। 2022 टी 20 विश्व कप में उन्होंने चार मैचों में नौ विकेट लिए, जबकि 2023 ऐशेज़ के हेडिंग्ले टेस्ट में मैच जिताऊ प्रदर्शन कर इंग्लैंड की सीरीज़ में वापसी कराई थी।

इंग्लैंड के क्रिकेट निदेशक रॉब की ने 2023 के अंत में वुड को फ़्रेंचाइज़ी लीगों में जाने से रोकने के लिए तीन साल का केंद्रीय अनुबंध दिया था, जो उस समय एक बड़ा फ़ैसला था। हालांकि चोटों के चलते वह इस दौरान सिर्फ़ सात टेस्ट खेल पाए और उनके खाते में 15 विकेट ही आए।

2025 चैंपियंस ट्रॉफ़ी में अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ दर्द में गेंदबाज़ी करने के बाद उन्हें घुटने की सर्जरी करानी पड़ी थी। इंग्लैंड की मेडिकल टीम ने ऐशेज़ के लिए उन्हें संभालने की पूरी कोशिश की, लेकिन वुड ने बाद में माना कि वह पहले टेस्ट के लिए पूरी तरह फ़िट नहीं थे। पर्थ में बिना विकेट लिए 11 ओवर फेंकने के बाद उनका घुटना फिर जवाब दे गया और वहीं उनका अंतरराष्ट्रीय करियर भी थम गया।

Asian Games का पहला गोल्ड दिलाया महिला क्रिकेट टीम ने, श्रीलंका को 147 रनों से रौंदा

स्मृति मंधाना और ऋचा घोष की तूफानी पारियों के बाद स्पिनरों के फिरकी के जादू से गत चैंपियन भारत ने एशियाई खेलों की महिला टी20 क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में मंगलवार को श्रीलंका को 147 रन से रौंदकर स्वर्ण पदक जीता जो मौजूदा खेलों में देश का सोने का पहला तमगा है।

भारत के 217 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की टीम दीप्ति शर्मा (छह रन पर तीन विकेट), शेफाली वर्मा (तीन रन पर दो विकेट), श्रेयंका पाटिल (नौ रन पर दो विकेट) और श्री चरणी (13 रन पर दो विकेट) की बलखाती गेंदों के सामने 15.4 ओवर में सिर्फ 69 रन पर ढेर हो गई। श्रीलंका की ओर से कप्तान चामरी अटापट्टूी ने सर्वाधिक 29 रन बनाए जबकि उनके अलावा सिर्फ कौशिनी नुथ्यांगना (14) और कविशा दिलहारी (11) ही दोहरे अंक में पहुंच सकी।भारत ने इसी महीने श्रीलंका को ही हराकर एशिया कप का खिताब भी जीता था।

भारत ने इससे पहले स्मृति (45 गेंद में 79 रन, सात छक्के, पांच चौके) के अर्धशतक और शेफाली (48 रन, 29 गेंद, तीन छक्के, तीन चौके) के साथ उनकी पहले विकेट की 99 रन की तेजतर्रार साझेदारी की बदौलत तीन विकेट पर 216 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। ऋचा घोष (22 गेंद में नाबाद 49 रन, छह चौके, तीन छक्के) ने डेथ ओवरों में तूफानी बल्लेबाजी करते हुए भारत का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।श्रीलंका को रजत पदक मिला जबकि पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 31 रन से हराकर कांस्य पदक जीता।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बधाई दी।प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि टीम का प्रदर्शन शानदार रहा, जिसमें आत्मविश्वास, कौशल और बेहतरीन टीम वर्क देखने को मिला। उन्होंने कहा कि इस जीत के साथ भारत ने इन खेलों में अपना पहला स्वर्ण पदक भी हासिल किया है। टीम ने देश का मान बढ़ाया है और देशभर के अनगिनत युवा क्रिकेटरों को प्रेरित करेगी। उन्होंने पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।

क्लीन स्वीप करने में कंगारूओं के छूटे पसीने, जिम्बाब्वे को हरा पाए 1 विकेट से

australia

जोश इंग्लिस के दूसरे वनडे शतक के बाद नाथन एलिस ने सुनिश्चित किया कि उनकी यह पारी बेकार नहीं जाए जिससे ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को  जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे वनडे में रोमांचक मुकाबले में एक विकेट से जीत दर्ज कर तीन मैच की सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली।

गौरतलब है कि पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया ने 59 रन से और दूसरा मैच  84 रनों से जीता था। जोश इंग्लिस को मैन ऑफ द मैच और कूपर कोनोली को 150 रन और 3 विकेटों के कारण मैन ऑफ द सीरीज दिया गया।

ऑस्ट्रेलिया ने 49.5 ओवर में यह जीत हासिल की। इंग्लिस की 102 गेंदों पर 103 रनों की शानदार पारी के बाद नौवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे एलिस ने 44 गेंद में नाबाद 36 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया को नौ विकेट पर 272 रन के स्कोर तक पहुंचाकर जीत दिलाई। एलिस की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा किया जबकि एक समय ऐसा लग रहा था कि टीम यह मुकाबला हार जाएगी।

इससे पहले टॉस जीतकर जिम्बाब्वे ने 50 ओवर में आठ विकेट पर 271 रन बनाए थे।जिम्बाब्वे की टीम जीत की उम्मीद लगाए थी, जब कप्तान सिकंदर रजा ने 42वें ओवर में इंग्लिस को क्लीन बोल्ड कर दिया। उस समय ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 45 रन और चाहिए थे। ब्रैड इवांस (10 ओवर में 47 रन देकर चार विकेट) ने 46वें ओवर में एडम जम्पा को आउट करके ऑस्ट्रेलिया का स्कोर नौ विकेट पर 245 रन कर दिया।

लेकिन एलिस और स्पेंसर जॉनसन (नाबाद सात रन) ने आखिरी विकेट के लिए 27 रन (अटूट) की रोमांचक साझेदारी की। इस दौरान पारी के 49वें ओवर में वेस्ली मधेवेरे ने एलिस का कैच भी छोड़ दिया।

अंतिम ओवर में नौ रन की दरकार थी। एलिस ने मधेवेरे के पास अपनी गलती को सुधारने का मौका था लेकिन एलिस ने इस स्पिनर की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया और फिर पांचवीं गेंद पर मिडविकेट के ऊपर से शॉट खेलकर एक रन बनाने के साथ मैच जीत लिया।ऑस्ट्रेलिया ने पहले मैच में घरेलू टीम को 59 रन से हराया और उसके बाद दूसरे मैच में भी 84 रन से जीत हासिल की।

Asian Games में मेजबान जापान के खिलाफ भारत को मिली 8 विकेटों की आसान जीत

एशिया कप चैंपियन भारत का एशियाई खेल का सफर मेजबान जापान के खिलाफ शुरु हुआ। जिसमें भारत ने जापान की टीम को 5 ओवरों के भीतर 8 विकेटों से हरा दिया और जीत के लिए जरूरी 58 रन बना लिए। क्वार्टरफाइनल में मिली इस जीत के साथ भारत सेमीफाइनल में प्रवेश कर चुकी है जहां उसका मैच बांग्लादेश से होगा। बांग्लादेश के खिलाफ भारत ने हाल ही में एशिया कप का सेमीफाइनल भी जीता था।

शेफाली ने 15 गेंद में नाबाद 40 रन बनाये जबकि रिचा घोष ने छह गेंद में 12 रन का योगदान दिया।जापान ने सलामी बल्लेबाज जी कमलिनी और तीसरे नंबर पर उतरी भारती फुलमाली को आउट किया।इससे पहले श्री चरणी की अगुवाई में भारत के अनुभवी स्पिनरों ने जापानी बल्लेबाजों की अनुभवहीनता का पूरा फायदा उठाते हुए उन्हें 57 रन पर आउट कर दिया।

पहले गेंदबाजी का फैसला करने वाली भारतीय टीम ने जापान के बल्लेबाजों को हाथ खोलने ही नहीं दिये और पूरी पारी में सिर्फ तीन चौके लगे।जापान के बल्लेबाजों को शीर्ष टीमों से खेलने या नियमित अभ्यास का मौका नहीं मिलता है और उनके लिये टर्न और उछाल लेती पिच पर भारत के गेंदबाजों का सामना कर पाना काफी मुश्किल था।

पावरप्ले में 24 रन ही बने जिसमें दो चौके लगे। श्री चरणी ने सलामी बल्लेबाज हारूना इवासाकी (10) और कप्तान माइ यानागिडा को लगातार दो गेंदों पर पवेलियन भेजा।शेफाली ने 15वें ओवर में अयाका कातो और 17वें ओवर में शिमाको कातो के विकेट लिये। कुछ बल्लेबाज रन आउट भी हुए जिससे जापान की मुश्किलें और बढ गई।

श्री चरणी ने 10 रन देकर चार विकेट लिये जो टी20 क्रिकेट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। शेफाली वर्मा ने 13 रन देकर दो विकेट चटकाये। जापान की टीम 19 . 5 ओवर में 57 रन पर आउट हो गई । भारत ने यह लक्ष्य पांच ओवर में हासिल कर लिया।

गेम शो होस्ट करते करते वनडे क्रिकेट खेलने वाले पहले बल्लेबाज बनेंगे रोहित शर्मा

रोहित शर्मा को आगामी वेस्टइंडीज सीरीज के लिए एकदिवसीय टीम में शामिल कर लिया गया है। इसका मतलब यह है कि एक तरफ उनका फैमिली गेम शो का प्रसारण होगा और दूसरी ओर वह क्रिकेट खेलेंगे। ऐसी सुविधा भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने किसी भी क्रिकेटर को नहीं दी जो रोहित शर्मा को मिल रही है वह भी बिना खास फॉर्म के।

भारतीय पूर्व कप्तान रोहित शर्मा जल्द ही अपना फैमिली शो Family Full House with Rohit Sharma.में बतौर होस्ट शिरकत करते हुए नजर आएंगे।मीडिया सूत्रों के मुताबिक यह मशूहर अमेरिकी शो द फैमिली फ्यूड(The Family Feud) का भारतीय संस्करण होगा और इसके 40 एपिसोड रोहित शर्मा को शूट करने होंगे।इस अमेरिकी शो में मशहूर होस्ट स्टीव हार्वे की भूमिका रोहित शर्मा निभाएंगे।

साल भर रहा बुरा फॉर्म, लॉर्ड्स पर मिली संजीवनी

गौरतलब है कि रोहित शर्मा खराब फॉर्म से जूझ रहे थे और इंग्लैंड के पहले दो एकदिवसीय मैच में फ्लॉप रहे थे। जिसके बाद उनकी संन्यास की अटकलें लगनी शुरु हो गई थी। हालांकि उन्होंने बेहतरीन पारी खेली। रोहित शर्मा ने 110 गेंदो में 138 रन बनाए। उन्हें जैकब बैथल ने बोल्ड किया।

रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले एकदविसीय मैच में 21 गेंदो में 11 रन बनाए थे।  दूसरे एकदिवसीय मैच में 47 गेंद में 1 चौका और छक्का मारने के बाद 26 रन बनाकर आउट हुए। उनका 5 रनों पर गस एटिंकसन ने कैच छोड़ा था।

अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे एकदिवसीय मैच को छोड़ दे तो इस साल रोहित का प्रदर्शन औसत से नीचे रहा है।पहले मैच में वह 16 रन बनाकर रनआउट हो गए और दूसरे मैच में वह 39 गेंदों में 48 रन बनाकर बोल्ड हो गए।

इससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली एकदिवसीय सीरीज में रोहित शर्मा फ्लॉप रहे और टीम को शुरुआत में बड़ा स्कोर नहीं दे सके। रोहित शर्मा 3 मैचों में 20 की औसत से 61 रन बना पाए। पूरी सीरीज में उन्होंने 9 चौके और 2 छक्के लगाए।पहले मैच में उन्होंने 29 गेंदो पर 26 रन, दूसरे मैच में उन्होंने 38 गेंदो में 24 रन और तीसरे मैच में 13 गेंदो में 11 रन बनाए।

2027 एकदिवसीय विश्व कप का सवाल टाल गए रोहित शर्मा

 भारत के स्टार क्रिकेटर रोहित शर्मा ने अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप में खेलने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर गुरुवार को कहा कि अक्टूबर 2027 अभी बहुत दूर है। एक कार्यक्रम के दौरान पूर्व कप्तान ने एक पंक्ति में जवाब दिया। टी20 अंतरराष्ट्रीय और टेस्ट क्रिकेट में नहीं खेलने के कारण रोहित के वनडे प्रारूप में भविष्य को लेकर अटकलें लगाई जा रहे हैं।

रोहित ने कार्यक्रम के दौरान एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘ अक्टूबर 2027 अभी बहुत दूर है, तब देखेंगे।’’वनडे विश्व कप 2027 की सह-मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया करेंगे।’भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने कुछ दिन पहले स्पष्ट कर दिया था कि रोहित को लेकर अटकलों की कोई गुंजाइश नहीं है क्योंकि वह अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।

नमन और नबी पहली बार वनडे टीम में शामिल लेकिन हुए आलोचना के शिकार

वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ होने वाली आगामी घरेलू सफ़ेद गेंद सीरीज़ के लिए वनडे टीम में नमन धीर और आक़िब नबी को पहली बार वनडे प्रारूप में चुना गया है। धीर को घरेलू क्रिकेट में पंजाब के लिए और आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए किए गए प्रभावी प्रदर्शन का इनाम मिला है। दूसरी ओर नबी ने इंग्लिश काउंटी क्रिकेट में सरे के लिए दमदार प्रदर्शन कर पहली बार राष्ट्रीय एकदिवसीय टीम में जगह बनाई है।

अबूधाबी में हुए IPL नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स से 8.40 करोड़ रुपये की भारी भरकम रकम मिली।नबी ने पिछले दो रणजी ट्रॉफी सत्र में कुल 104 विकेट लिए थे, जिनमें 2025-26 सत्र में लिए गए 60 विकेट भी शामिल हैं। उन्होंने जम्मू कश्मीर को पहली बार रणजी ट्रॉफी जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। वह बल्लेबाजी में भी उपयोगी योगदान देने में सक्षम हैं।

हालांकि सफेद गेंद से उनका प्रदर्शन प्रभावशाली नहीं रहा लेकिन वह लाल गेंद के सिद्धहस्त गेंदबाज माने जाते हैं। इस कारण से उनके चयनित होने पर आलोचना भी हो रही है।वजह यह है कि उनकी औसत गति 125 किमी प्रति घंटा है जो कि एकदिवसीय प्रारुप के लिए कम है। वहीं नमनधीर के चयन पर भी सवाल खड़े हुए हैं क्योंकि उन्होंने 14 लिस्ट ए मैचों में 39 की औसत से 400 रन बनाए हैं।

जनवरी में आख़िरी बार न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ खेलने वाले रवींद्र जडेजा ने भी लंबे समय बाद वनडे में वापसी की है।हार्दिक पंड्या को फिटनेस के मामले में अभी क्लियरेंस नहीं मिली है। इसको देखते हुए नीतीश कुमार रेड्डी को एशियन गेम्स टीम से निकालकर वनडे सीरीज़ में शामिल किया गया है। वहीं ऋषभ पंत को टीम में जगह नहीं मिली है। विकेटकीपर बल्लेबाज़ के रूप में ध्रुव जुरेल जरूर वनडे सीरीज़ की टीम में शामिल किए गए हैं।

भारत की वनडे टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (उपकप्तान), ध्रुव जुरेल, नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज, आक़िब नबी, यशस्वी जायसवाल, नमन धीर।