भारत ने श्रीलंका को 165 रनों से हराकर पाई टेस्ट सीरीज में बढ़त

INDvsSL भारत ने श्रीलंका को 165 रनों से गॉल टेस्ट में हराकर टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। 372 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही  श्रीलंका को भारत ने 206 रनों पर समेट दिया और सीरीज में निर्णायक बढ़त बना ली। करीब 1 साल बाद भारत किसी बड़ी टीम के खिलाफ जीता है। इससे पहले भारत ने लीड्स में इस ही दौरान इंग्लैंड को हराकर सीरीज 2-2 से बराबर की थी।

भारत की पहली पारी में 462 रन बनाए लेकिन बारिश के कारण यह पारी 2 दिन तक चली। श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में 284 रन बनाए और बमुश्किल फॉलोऑन टाल पाई। भारत की दूसरी पारी 194 रनों पर सिमट गई और श्रीलंका के लिए 372 रनों का लक्ष्य दिया गया। श्रीलंका की दूसरी पारी महज 206 रनों पर सिमट गई और इस तरह भारत ने गॉल टेस्ट अपने नाम कर लिया।

77 पर 4 विकेट खोकर अंतिम दिन बल्लेबाजी करनी उतरी श्रीलंका ने मैच के पहले देढ़ घंटे संयम से बल्लेबाजी की लेकिन पहले ज़ड़ेजा और फिर प्रसिद्ध कृष्णा ने टीम को महत्वपूर्ण सफलता दिलाई। भोजनकाल तक श्रीलंका 6 विकेट के नुकसान पर 175 रन बना चुकी थी।

भोजनकाल के बाद मानव सुथार ने एक ही ओवर में 3 विकेट लेकर मैच को भारत की झोली में डाल दिया। आज बारिश के ना आने के कारण ही भारत यह मैच अपनी गिरफत में ले पाया।भाग्य का ऐसा साथ रहा कि भारत के मैच जीतते ही मैदान पर तेज बारिश शुरु हो गई।

भारतीय हॉकी टीम ने दक्षिण अफ्रीका को पहली बार हॉकी विश्वकप में हराया

पहले ही मैच में ओलंपिक रजत पदक विजेता चीन को ड्रॉ पर रोकने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम ने आक्रामक लय को कायम रखते हुए एफआईएच विश्व कप के पूल डी के दूसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका को 6 -1 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश का मार्ग प्रशस्त कर लिया। वेगनेर स्टेडियम पर खेले गए इस मैच में भारत के लिये छह अलग अलग खिलाड़ियों ने गोल किये और तीन गोल तीसरे क्वार्टर में ही हुए। टूर्नामेंट में 11 पदार्पण करने वाली खिलाड़ियों को लेकर उतरे कोच शोर्ड मारिन के चेहरे की मुस्कान बता रही थी कि यह प्रदर्शन उनके लिये क्या मायने रखता है।

भारत के लिये सुनेलिटा टोप्पो (11वां), नवनीत कौर (17वां), सुशीला चानू (25वां) , दीपिका (38वां), लालरेम्सियामी (44वां) और साक्षी राणा (45वां ) ने गोल दागे। आर्थिक परेशानियों से जूझते हुए टूर्नामेंट की तैयारी के लिये सोशल मीडिया पर अपील के बाद सरकार से मदद पाकर यहां पहुंची दक्षिण अफ्रीका के लिये एकमात्र गोल 55वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर कायला डे वाल ने दागा।

 इस जीत के बाद अब पूल चरण से चीन, भारत और इंग्लैंड तीनों के रास्ते खुले हैं और बड़े अंतर से जीत के कारण गोल औसत में भारत की उम्मीदें बेहतर होंगी। भारत के दो मैचों में एक जीत और एक ड्रॉ के बाद चीन के समान चार अंक है लेकिन गोल औसत के आधार पर भारत पूल में शीर्ष पर है । इंग्लैंड के एक जीत और एक हार के बाद तीन अंक हैं जबकि दक्षिण अफ्रीका दो मैच हारकर दौड़ से बाहर है।भारत को अब 20 अगस्त को इंग्लैंड से खेलना है जिसके बाद अगले दौर में पहुंचने वाली टीम का निर्धारण होगा।

मैच का पहला मूव दक्षिण अफ्रीका ने बनाया और चौथे ही मिनट में उसे पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन भारतीय गोलकीपर बिछू देवी ने आसान बचाव किया। भारत को जवाबी हमले में सातवें मिनट में बलजीत कौर ने पेनल्टी कॉर्नर दिलाया जिस पर बाहर की ओर जाती दीपिका की फ्लिक पर दक्षिण अफ्रीका की गोलकीपर वान टोंडेर मार्लिसे ने गेंद को दाहिने ओर से बाहर निकाल दिया।

भारत के लिये पहला गोल 11वें मिनट में सुनेलिटा ने किया । साक्षी राणा ने शॉट लेने की कोशिश की लेकिन गेंद छिटक गई और गोल के सामने खड़ी सुनेलिटा ने आसानी से उसे भीतर डाल दिया।दूसरे क्वार्टर में भारत की शुरूआत आक्रामक ही रही और दूसरे मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर को नवनीत ने गोल में बदलकर बढत दुगुनी कर दी। नवनीत ने चतुराई से एंगल बदला और दाहिनी ओर नीचे की तरफ दमदार शॉट लगाकर गेंद को गोलकीपर और डिफेंडर के बीच से निकालते हुए भारत के लिये दूसरा गोल किया।

दक्षिण अफ्रीका के लिये ओंथाटाइल थाटी जुलू ने जबर्दस्त प्रदर्शन किया और कई बार भारतीय डिफेंस में सेंध लगाने की कोशिश की। वह 23वें मिनट में मैदान के बीच से दाहिने विंग से अकेले गेंद लेकर दौड़ी लेकिन भारतीय डिफेंस चौकस था। इसी मिनट भारत को तीसरा पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन नवनीत के शॉट पर गेंद दक्षिण अफ्रीका के डिफेंडर से टकराई ।भारत को लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले।

 पांचवें पेनल्टी कॉर्नर पर दीपिका की फ्लिक पहले रशर से टकराई लेकिन सुशीला ने रिबाउंड पर गोल करके भारत की बढत 3-0 की कर दी।भारत को ब्रेक से चार मिनट पहले एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन दीपिका की दमदार ड्रैग फ्लिक को एक बार फिर वान डोर ने आगे बढकर बचाया और रिबाउंड शॉट पोस्ट से टकरा गया।

दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे क्वार्टर में एकमात्र अच्छा प्रयास 29वें मिनट में किया जब एनत्सोपा मोकोएना भारतीय सर्कल में घुसी तो गोलकीपर के अलावा कोई नहीं था लेकिन उनके शॉट पर गेंद हवा में उछलकर बाहर निकल गई।भारत के पास पहले हाफ के बाद तीन गोल की शानदार बढत थी।

ब्रेक के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने उसी लय को कायम रखा और 38वें मिनट में फॉरवर्ड पंक्ति के बीच बेहतरीन पासिंग से भारत को एक और गोल मिला। नवनीत ने बलजीत को तेजी से पास दिया जिसने बायीं ओर से दीपिका को क्रॉस दिया और दीपिका ने बैकहैंड पर गेंद रोककर सीधे शॉट पर गोल के भीतर डाल दिया।

 दक्षिण अफ्रीका को अगले मिनट पलटवार पर मिला पेनल्टी कॉर्नर बेकार गया। भारत ने तीसरे क्वार्टर में एक गोल और दागा और यह आज ही अर्जुन पुरस्कार पाने वाली लालरेम्सियामी के खाते में गया। नेहा से हवा में मिली गेंद को बेहतर नियंत्रण दिखाते हुए उन्होंने रोका और उसी मूव में शॉट लगाते हुए गोल कर दिया।

गोलों की बौछार के बीच अगले मिनट साक्षी राणा ने भी स्कोरर में अपना नाम दर्ज कराया। कप्तान सलीमा टेटे ने इशिका को गेंद सौंपी जिनका शॉट गोलपोस्ट से टकराया लेकिन रिबाउंड पर साक्षी ने भारत का छठा गोल किया।
दक्षिण अफ्रीका ने आखिरी मिनटों में मिले पेनल्टी कॉर्नर को तब्दील करके भारत को क्लीन शीट रखने से रोका।

कप्तान बाबर आजम चोटिल होकर इंग्लैंड के खिलाफ हैडिंग्ले टेस्ट से हुए बाहर

Babar Azam_Pakistan

बेकेनहम में टीम के वॉर्म-अप मैच के दौरान हाथ में लगी चोट से उबर न पाने के कारण बाबर आज़म लीड्स में इंग्लैंड के खिलाफ़ पाकिस्तान के पहले टेस्ट से बाहर हो गए हैं। यह मैच बुधवार से शुरू हो रहा है।

वेस्ट इंडीज़ के खिलाफ़ हालिया सीरीज़ से पहले पाकिस्तान के टेस्ट कप्तान के तौर पर दोबारा चुने गए बाबर की जगह सलमान आगा तीन टेस्ट मैचों की सीरीज़ के पहले मैच में कार्यवाहक कप्तान होंगे। 32 साल के आगा 2024 से टी 20 क्रिकेट में पाकिस्तान की कप्तानी कर चुके हैं और 27 टेस्ट मैच खेल चुके हैं। हेड कोच सरफ़राज़ अहमद ने पुष्टि की है कि वह सीरीज़ के पहले मैच में टीम की कमान संभालेंगे।

पाकिस्तान अभी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की रैंकिंग में आठवें स्थान पर है, जो इंग्लैंड से एक पायदान नीचे है। दोनों टीमें तीन टेस्ट मैचों की सीरीज़ के दौरान अपनी स्थिति बेहतर करने की कोशिश करेंगी।

पाकिस्तान अपनी बैटिंग लाइन-अप में भी बदलाव कर सकता है। वेस्ट इंडीज़ के खिलाफ़ दोनों टेस्ट मैच न खेलने के बाद सऊद शकील की वापसी की संभावना है। त्रिनिदाद में वेस्ट इंडीज़ के खिलाफ़ दूसरे मैच में टेस्ट डेब्यू करने वाले अवैस ज़फ़र अपनी जगह बनाए रख सकते हैं, जबकि पूर्व कप्तान शान मसूद भी चोट से उबरने के बाद वापसी की कोशिश कर रहे हैं।

बाबर का न होना पाकिस्तान के लिए एक और झटका है, क्योंकि वे इंग्लैंड की उस टीम का सामना करने की तैयारी कर रहे हैं जो टेस्ट क्रिकेट में एक नए दौर से गुज़र रही है। इंग्लैंड की कप्तानी जो रूट करेंगे, जबकि मार्कस ट्रेस्कोथिक सीरीज़ के लिए अंतरिम हेड कोच की ज़िम्मेदारी संभालेंगे, जिसके बाद स्टीफन फ्लेमिंग पूर्णकालिक भूमिका संभालेंगे।

डब्ल्यूटीसी टेबल में दोनों टीमों के निचले पायदान पर होने के कारण यह सीरीज़ और भी अहम हो जाती है। पाकिस्तान अभी दूसरे-आखिरी स्थान पर है, जबकि इंग्लैंड उनसे ठीक ऊपर सातवें स्थान पर है।

Hockey World Cup: भारत-पाकिस्तान में हाईवोल्टेज मुकाबला…दांव पर सेमीफाइनल की टिकट, जानें कहां देखें लाइव एक्शन

IND vs PAK: हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली भारतीय हॉकी टीम एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप के अपने आखिरी लीग मैच में पाकिस्तान का सामना करेगी। भारत और पाकिस्तान की टीमें 19 अगस्त को एम्सटेलवीन में एक दूसरे के आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला होने की उम्मीद है। इंग्लैंड के खिलाफ 2-4 से मिली हार के बाद भारत के लिए ये मुकाबला काफी अहम हो गया है। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए भारत टीम को पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला जीतना बहुत जरुरी है। भारत के दो मैचों में 3 अंक हैं और अगले दौर में पहुंचने के लिए उसे कम से कम पाकिस्तान के खिलाफ मैच ड्रॉ करना होगा।

वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान के खाते में सिर्फ 1 अंक है, इसलिए उसे आगे बढ़ने की उम्मीद बनाए रखने के लिए हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। इंग्लैंड ने अपने दोनों मुकाबले जीतकर अगले दौर में जगह पक्की कर ली है।

कैसा रहा है भारत का टूर्नामेंट

भारत ने हॉकी वर्ल्ड कप में वेल्स के खिलाफ 3-1 की जीत से अभियान शुरू किया था। हालांकि, दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ टीम को 2-4 से हार झेलनी पड़ी। इस मैच में दूसरे हाफ के दौरान भारत ने तीन गोल गंवाए। टीम की डिफेंस में हुई गलतियां और पेनल्टी कॉर्नर का फायदा नहीं उठा पाना कोच क्रेग फुल्टन के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। भारत का पाकिस्तान के खिलाफ हालिया रिकॉर्ड काफी मजबूत रहा है। इस साल प्रो लीग के यूरोपियन लेग में भी भारत ने पाकिस्तान को लगातार दो मैचों में 7-1 और 4-3 से हराया था। पाकिस्तान ने आखिरी बार 2016 की चैंपियंस ट्रॉफी में भारत को शिकस्त दी थी।

पाकिस्तान का टूर्नामेंट

पाकिस्तान को टूर्नामेंट में अब तक इंग्लैंड के खिलाफ 1-4 से हार का सामना करना पड़ा, जबकि वेल्स के खिलाफ उसका मुकाबला 3-3 से बराबरी पर खत्म हुआ। ऐसे में टीम को भारत के खिलाफ जीत दर्ज करने के लिए अपने प्रदर्शन में काफी सुधार करना होगा। खासकर पेनल्टी कॉर्नर का सही इस्तेमाल और डिफेंस को मजबूत करना पाकिस्तान के लिए अहम होगा।

कब शुरू होगा मुकाबला

भारत और पाकिस्तान के बीच एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप का मुकाबला बुधवार, 19 अगस्त को खेला जाएगा। दोनों टीमें एम्सटेलवीन के वैगनर हॉकी स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। ये मैच भारतीय समयानुसार शाम 6:30 बजे शुरू होगा।

कहां पर देखें भारत-पाक का मुकाबला

भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप मुकाबले का लाइव टेलीकास्ट स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। वहीं, जो दर्शक मैच ऑनलाइन देखना चाहते हैं, वे JioHotstar पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग देख सकते हैं।

टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के मारने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने ऋषभ पंत

भारतीय विकेटकीपर ऋषभ पंत टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के मारने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। यह कारनामा उन्होंने गॉल टेस्ट में मेजबान श्रीलंका के खिलाफ किया। उनसे ज्यादा छक्के सिर्फ बेन स्टोक्स और ब्रेंडन मैकुलम ने लगाए हैं।

पंत ने अपने 51वें मैच में 100 छक्के लगाने का रिकॉर्ड बनाया। इस तरह से वह टेस्ट क्रिकेट में सबसे कम मैच में 100 छक्के जड़ने वाले खिलाड़ी बन गए। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स ने अपने 82वें टेस्ट में यह मुकाम हासिल किया था।

पंत से पहले स्टोक्स (138 छक्के), न्यूजीलैंड के ब्रेंडन मैकुलम (107 छक्के) और ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर-बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट (100 छक्के) ने टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के लगाने की विशिष्ट उपलब्धि हासिल की थी।

मैच शुरू होने से पहले पंत के नाम पर 97 छक्के दर्ज थे। उन्होंने पहली पारी में क्रिस गेल के 98 छक्कों के रिकॉर्ड की बराबरी की थी।भारतीय बल्लेबाजों में वीरेंद्र सहवाग और रोहित शर्मा दोनों 91 छक्कों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं।

ऋषभ पंत ने भारत को दूसरी पारी में पहुंचाया 194 रनों तक

ऋषभ पंत के आतिशी अर्धशतक के कारण भारतीय टीम ने श्रीलंका के खिलाफ गॉल में दूसरी पारी में 10 विकेटों के नुकसान पर 193 रन बना लिए। भारत पहली पारी के आधार पर मेजबान श्रीलंका से 178 रन आगे था। इस कारण अब श्रीलंका को जीत के लिए 372 रन बनाने होंगे।

आज सुबह भारत की दूसरी पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही जब यशस्वी जायसवाल बिना खाता खोले अशिता की गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद केएल राहुल और देवदत्त पड्डीकल के बीच 80 रनों की साझेदारी हुई लेकिन गिल और राहुल के जाने के बाद टीम ने संभलकर खेला। पड्डीकल भी अपने पचास रन नहीं बना पाए और 44 रनों पर आउट हो गए।

इसके बाद क्रीज पर आए ऋषभ पंत ने टेस्ट में चिरपरिचित अंदाज में बल्लेबाजी की । उन्होंने 69 गेंदों में 66 रन बनाए और एक छक्का ऐसा मारा कि गॉल स्टेडियम के बाहर गेंद जाकर गिरी। हालांकि दूसरे छोर से विकेटों का पतन बदस्तूर जारी रहा और भारत 193 रन बना पाया। श्रीलंका को यह मैच जीतने के लिए 372 रन बनाने होंगे।

स्पिन के सहारे पाकिस्तान का मेजबान इंग्लैंड को पहले टेस्ट में हराने का प्लान

ENGvsPAK पाकिस्तान के बल्लेबाज़ सऊद शकील का मानना है कि इंग्लैंड के हालात उनकी टीम के लिए अच्छे हो सकते हैं, जब बुधवार को लीड्स में पहला आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप मैच शुरू होगा। पाकिस्तान ने महीने की शुरुआत में पोर्ट ऑफ स्पेन में वेस्टइंडीज पर आठ विकेट से जीत के बाद पूरे आत्मविश्वास के साथ इंग्लैंड का दौरा किया और इंग्लैंड के साथ पहले टेस्ट से पहले बेकनहम में प्रोफेशनल काउंटी क्लब की चुनिंदा XI टीम पर सात विकेट से जीत के साथ अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा।

प्रोफेशनल काउंटी क्लब की चुनिंदा XI टीम के खिलाफ उस जीत में शकील स्टार रहे, क्योंकि उन्होंने शानदार नाबाद शतक लगाया, जबकि बाएं हाथ के स्पिनर अली उस्मान ने पांच विकेट लिए और वेस्टइंडीज के खिलाफ दिखाए गए अच्छे फॉर्म को जारी रखा। हालांकि शकील को पक्का नहीं पता कि हेडिंग्ले में पहला टेस्ट शुरू होने पर हालात कैसे होंगे, लेकिन बाएं हाथ के इस बल्लेबाज़ को लगता है कि इंग्लैंड में हालिया गर्मी मैच के आगे बढ़ने के साथ पाकिस्तान के स्पिनरों के लिए फायदेमंद हो सकती है।

शकील ने कहा, “मुझे लगता है कि इंग्लैंड में गर्मी जिस तरह की है, उससे पिचें काफी सूखी हो सकती हैं और स्पिन को मदद मिल सकती है। यहां (हालिया) न्यूजीलैंड सीरीज़ में, आखिरी टेस्ट में गेंद काफी स्पिन हो रही थी।”

लीड्स में होने वाला टेस्ट शकील का इंग्लैंड में पहला टेस्ट होगा, हालांकि 30 वर्षीय खिलाड़ी को मशहूर हेडिंग्ले मैदान की कुछ जानकारी है क्योंकि उन्होंने 2023 में काउंटी चैंपियनशिप के दौरान यॉर्कशायर के लिए तीन मैच खेले थे। इंग्लैंड एक नई टीम के साथ मैच में उतरेगा, जिसमें अनुभवी बल्लेबाज़ जो रूट टीम की कप्तानी करेंगे, क्योंकि लंबे समय तक कप्तान रहे बेन स्टोक्स ने हाल ही में संन्यास ले लिया है और कोच ब्रेंडन मैकुलम चले गए हैं।

यह देखना बाकी है कि क्या इंग्लैंड मैकुलम की देखरेख में हाल के दिनों में अपनाई गई ‘बैज़बॉल’ रणनीति को जारी रखेगा या नहीं; शकील का कहना है कि पाकिस्तान को विरोधी टीम की किसी भी चाल का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए।

शकील ने कहा, “हर टेस्ट चुनौतीपूर्ण होता है। टेस्ट क्रिकेट हर दिन एक नई चुनौती लेकर आता है। यह भी अलग नहीं है, और हम यह पक्का करने की कोशिश कर रहे हैं कि हम यहां अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें।” “हम इस सीरीज़ को ‘बैज़बॉल’ के नज़रिए से नहीं देख रहे हैं। आपको हालात और ज़रूरत के हिसाब से खेलना चाहिए। इस मैदान पर आउटफ़ील्ड बहुत तेज़ है, जिससे आक्रामक शॉट खेलने में मदद मिल सकती है। लेकिन हम सिर्फ़ इसलिए अपना खेलने का तरीका नहीं बदलेंगे कि विरोधी टीम कैसे खेल रही है। हमारा मकसद उसी तरह से खेलना है जो हमें सबसे सही लगता है।”

हॉकी विश्वकप में अब पाकिस्तान पर जीत बेहद जरूरी, हारे तो होंगे बाहर

भारत ने FIH हॉकी विश्वकप में वेल्स को 3-1 से हराकर शानदार शुरुआत की लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ लचर रक्षात्मक पंक्ति के कारण मैच को 2-4 से गंवाना पड़ा। ऐसे में अब 19 तारीख को पाकिस्तान के खिलाफ मैच निर्णायक बन जाता है। इसमें भारत को हर हाल में जीत चाहिए क्योंकि ड्रॉ भी भारत को मुश्किल में डाल सकता है।

वैसे तो कल पाकिस्तान भी वेल्स के साथ 3-3 की बराबरी पर रहा। यह भारत को एक बेहतर समीकरण बनाकर दे सकता है अगर पाकिस्तान के खिलाफ मैच ड्रॉ होता है तो लेकिन 51 साल बाद विश्वकप का सपना संजोए खड़ी भारतीय टीम शुरुआत में ही इतनी चिंता में नहीं दिखना चाहती थी।

पाकिस्तान की बात करें तो कभी हॉकी विश्वकप की सबसे सफल टीम रसातल में है। पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है जिसकी तस्वीर खिलाड़ियों के प्रदर्शन से दिख जाती है।

वहीं  कागज पर भारत कहीं बेहतर टीम लगती है। टीम के पास अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का बेहतरीन संतुलन है। दोनों टीमों के बीच में तकनीक और कौशल का इतना अंतर है कि अगर कल पाकिस्तान भारत को हराने में कामयाब होता है तो इसको बहुत बड़ा उलटफेर कहा जाएगा।

आठ बार की ओलंपिक चैम्पियन भारत और चार बार की विश्व कप विजेता पाकिस्तान के बीच भले ही मैदानी प्रतिद्वंद्विता का गौरवशाली इतिहास रहा हो लेकिन एशियाई दिग्गजों के बीच पिछले लगभग सभी मुकाबले बेमेल रहने से वह रोमांच खत्म हो गया है।

मौजूदा फॉर्म को देखते हुए भारत का पलड़ा भारी लग रहा है लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ मैच सिर्फ कौशल का नहीं होता, खिलाड़ियों को जज्बात पर काबू रखकर भी खेलना होगा। भारतीय टीम ने हालांकि विश्व कप से ठीक पहले लंदन में प्रो लीग के यूरोप चरण में पाकिस्तान पर 7-1 और 4-3 से जीत दर्ज की थी। पाकिस्तानी टीम ने आखिरी बाद भारत को 2016 चैम्पियंस ट्रॉफी में हराया था।

उसके बाद से भारत और पाकिस्तान के प्रदर्शन ग्राफ में जमीन आसमान का अंतर आ गया है। भारतीय टीम लगातार दो ओलंपिक पदक जीत चुकी है जबकि विश्व कप की सबसे सफल टीम रही चार बार की चैम्पियन पाकिस्तान टूर्नामेंट में आठ साल बाद लौटी है। एफआईएच प्रो लीग में सारे मैच हारकर आखिरी स्थान पर रही थी और टूर्नामेंट से ठीक पहले कोच हरमान क्रूस के लौट जाने से तैयारियों पर भी असर पड़ा है।

भारत के हरमनप्रीत सिंह पाकिस्तान के खिलाफ हमेशा बेहतरीन प्रदर्शन करते हैं वैसे ही जैसे विराट कोहली पाकिस्तानी टीम के खिलाफ हमेशा बेहतरीन बल्लेबाजी करते हैं। भारत बनाम पाकिस्तान मैच का  जो भी नतीजा हो इंग्लैंड अब पूल डी के शीर्ष पर ही रहेगी।  भारत इस ग्रुप की दूसरी टीम बनने के करीब है लेकिन जो ग्रुप उसको इस पूल के बाद मिलेगा वह काफी कठिन होने वाला है।

इँग्लैंड के खिलाफ लचर रक्षापंक्ति ने टीम के अभियान की कलई खोलकर रख दी है। ऐसे में भारत को ना सिर्फ पाकिस्तान बल्कि आने वाले मुकाबलों में भी 70 मिनट तक बेहतरीन खेल दिखाना होगा।

मैच का समय – 19 अगस्त, शाम 6.30 बजे

कहां देखें- स्टार स्पोर्ट्स सिलेक्ट या फिर जियोहॉटस्टार

350 विकेट और 4 हजार रन टेस्ट ऑलराउंडर के इस विशेष क्लब में शामिल हुए सर जडेजा

Ravindra Jadeja

रविंद्र जड़ेजा ने सोमवार को श्रीलंका के केसरा का विकेट लेकर टेस्ट क्रिकेट में अपना 350 वां शिकार पूरा किया। इसके बाद वह 4 हजार रन बनाने वाले और 350 टेस्ट विकेट लेने वाले टेस्ट क्रिकेट में चौथे ऑलराउंडर बन गए।

इस फहरिस्त में न्यूजीलैंड के स्पिन ऑलराउंडर डेनियल वेट्टोरी है जिन्होंने 362 विकेट लिए हैं और 4531 रन बनाए हैं। वहीं इंग्लैंड के पेस ऑलराउंडर इयान बॉथम है जो 383 विकेट ले चुके हैं और 5200 रन बना चुके हैं। 5248 रन बनाने वाले कपिल देव हैं जिन्होंने 434 विकेट चटकाए हैं।

सफेद गेंद की क्रिकेट से भले ही रविंद्र जड़ेजा दूर हों लेकिन टेस्ट क्रिकेट में उनकी उपयोगिता को नकारा नहीं जा सकता। साल 2012 से शुरु हुआ रविंद्र जड़ेजा का क्रिकेट करियर अब ढलान पर है। 89 मैचों में उन्होंने 38.3 की औसत से 4095 रन बनाए हैं। जिसमें 6 शतक और 28 अर्धशतक लगाए हैं। गेंदबाजी की बात करें तो उन्होंने 25 की औसत से 348 विकेट चटकाए हैं। इस दौरान उन्होंने 17 बार 4 विकेट और 15 बार 5 विकेट चटकाए हैं।टेस्ट क्रिकेट में उनको कितना मौका मिलता है यह देखने वाली बात होगी।

Hockey World Cup: इंग्लैंड से हारने के बाद सेमीफाइनल में कैसे पहुंचेगी टीम इंडिया, पाकिस्तान के खिलाफ करो या मरो का मुकाबला

FIH मेन्स हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारत को इंग्लैंड के खिलाफ 2-4 से हार का सामना करना पड़ा। एम्सटेलवीन के वैगनर स्टेडियम में खेले गए पूल D के इस मुकाबले में भारत ने शुरुआत में एक गोल गंवाया, लेकिन दूसरे क्वार्टर में दो गोल कर 2-1 की बढ़त बना ली। इसके बाद इंग्लैंड ने शानदार वापसी करते हुए दूसरे हाफ में तीन गोल दागे और मैच 4-2 से अपने नाम कर लिया। इंग्लैंड ने भारत को हराकर FIH मेन्स हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में लगातार दूसरी जीत दर्ज की और छह अंकों के साथ सेमीफाइनल में जगह बना ली।

वहीं भारत के खाते में दो मैचों से तीन अंक हैं और टीम पूल D की अंक तालिका में दूसरे स्थान पर बनी हुई है। आइए जानते हैं भारत कैसे पहुंच सकता है सेमीफाइनल में

पाकिस्तान के खिलाफ मैच अहम

भारत के पास अभी भी FIH मेन्स हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल (दूसरे राउंड) में पहुंचने का मौका है। टीम का अगला मुकाबला 19 अगस्त को पाकिस्तान के खिलाफ होगा। अगर हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली भारतीय टीम इस मैच में जीत हासिल कर लेती है, तो वह टूर्नामेंट के अगले दौर के लिए क्वालिफाई कर जाएगी। पाकिस्तान के खिलाफ होने वाला मुकाबला भारत के लिए बेहद अहम है। अगर भारत जीत जाता है तो वह इंग्लैंड के साथ दूसरे राउंड में पहुंच जाएगा। वहीं पाकिस्तान से हार मिलने पर भारतीय टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी। अगर मैच ड्रॉ रहता है, तो भी भारत के पास आगे बढ़ने का मौका रहेगा, लेकिन इसके लिए वेल्स को इंग्लैंड के खिलाफ जीत नहीं मिलनी चाहिए।

भारत-पाकिस्तान ड्रॉ हुआ तो कैसे होगा फैसला

अगर भारत और पाकिस्तान का मुकाबला ड्रॉ रहता है और वेल्स इंग्लैंड को हरा देता है, तो पूल D में भारत और वेल्स के बीच गोल डिफरेंस के आधार पर फैसला होगा। जिस टीम का गोल डिफरेंस बेहतर रहेगा, वह दूसरे स्थान पर रहकर अगले राउंड में पहुंचेगी। फिलहाल भारत का गोल डिफरेंस 0 है, जबकि वेल्स का -2 है। वेल्स को अपने पहले पूल D मुकाबले में भारत के खिलाफ 1-3 से हार मिली थी। अब भारत के अगले मुकाबले का नतीजा पूल D की तस्वीर तय करेगा।

पाकिस्तान ग्रुप में सबसे नीचे

अगर भारत पाकिस्तान से हार जाता है और वेल्स इंग्लैंड को नहीं हरा पाता, तो इंग्लैंड पूल में पहले स्थान पर रहेगा। वहीं पाकिस्तान चार अंकों के साथ दूसरे स्थान पर पहुंचकर FIH मेन्स हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे राउंड के लिए क्वालिफाई कर जाएगा। पाकिस्तान की टीम फिलहाल पूल D की अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर है। टीम ने अब तक दो मुकाबले खेले हैं, लेकिन उसे एक भी जीत नहीं मिली है। पहले मैच में पाकिस्तान को इंग्लैंड के हाथों 1-4 से हार मिली थी, जबकि वेल्स के खिलाफ उसका मुकाबला 3-3 की बराबरी पर खत्म हुआ। अब भारत के खिलाफ होने वाला मैच पाकिस्तान के लिए काफी अहम रहने वाला है।

विश्वकप में भारतीय हॉकी टीम को इंग्लैंड ने 2-4 से हराकर चौंकाया

भारत को FIH पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के पूल डी मैच में इंग्लैंड के हाथों सोमवार को 2-4 से हार का सामना करना पड़ा।मैच की शुरुआत में पहले क्वार्टर में निक बांडुरक ने गोल करके इंग्लैंड को बढ़त दिलाई, लेकिन दूसरे क्वार्टर में कप्तान हरमनप्रीत सिंह और दिलप्रीत सिंह के गोल की बदौलत भारत ने जोरदार वापसी की।

हालांकि, आखिरी दो क्वार्टर में इंग्लैंड ने भारत को पीछे छोड़ दिया। तीसरे क्वार्टर में स्टुअर्ट रशमेयर और हेनरी क्रॉफ्ट ने गोल करके इंग्लैंड को बढ़त दिलाई, जबकि बांडुरक ने एक और गोल करके इंग्लैंड की जीत पक्की कर दी।

इस नतीजे का मतलब है कि अगले दौर में जगह पक्की करने के लिए भारत को पाकिस्तान के खिलाफ अपना आखिरी पूल मैच जीतना होगा। क्वालिफिकेशन पक्का करने के लिए भारत को जीतना ज़रूरी है, लेकिन अगर मैच ड्रॉ होता है तो उनके बाहर होने का खतरा रहेगा। हारने पर वे वर्ल्ड कप से पूरी तरह बाहर हो जाएंगे।19 अगस्त को होने वाले इस बड़े मुकाबले पर सबकी नज़रें टिकी हैं!

दूसरे क्वार्टर में दो गोल करने वाली भारतीय टीम ने आखिरी 30 मिनट में इंग्लैंड को डिफेंस में सेंध लगाने का मौका दे दिया । इंग्लैंड के लिये निकोलस बेंडारूक ने (14वें और 55वें मिनट ) दो गोल किये जबकि स्टुअर्ट रशमेयेर ने 39वें और हेनरी क्रोफ्ट ने 43वें मिनट में गोल दागा । भारत के लिये कप्तान हरमनप्रीत सिंह (17वां ) और दिलप्रीत सिंह (25वां ) ने गोल किये।

पूल डी में दोनों मैच जीतकर इंग्लैंड शीर्ष पर है जबकि एक जीत और एक हार के बाद भारत दूसरे स्थान पर है । वेल्स से ड्रॉ खेलने के बाद पाकिस्तान एक हार और एक ड्रॉ के साथ तीसरे और वेल्स गोल औसत के आधार पर आखिरी स्थान पर है।