
चेन्नई सुपर किंग्स ने भारत के पूर्व बांए हाथ के तेज गेंदबाज जहीर खान को आईपीएल 2027 के लिए अपना हेड कोच घोषित कर दिया है। जहीर स्टीफन फ्लेमिंग की जगह लेंगें। फ्लेमिंग ने इंग्लैंड क्रिकेट के साथ जुड़ने से पहले इस टीम के साथ अपना 18 साल का सफर समाप्त किया था। 2017 में आईपीएल से संन्यास लेने के बाद जहीर खान ने अलग अलग भूमिकाओं में काम किया है।
CSK ने ‘एक्स’ पर लिखा, “चेन्नई सुपर किंग्स के मुख्य कोच के रूप में जहीर खान का स्वागत है।”
जहीर ने फ्रेंचाइजी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा, “आईपीएल के इतिहास की सबसे सफल टीमों में से एक का हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान की बात है। एक क्रिकेटर के तौर पर मैंने मैदान पर सीएसके का सामना किया है और इन मुकाबलों का भरपूर आनंद लिया है। चेपॉक में टीम के ‘सुपरफैंस’ जिस तरह का माहौल बनाते हैं, वह इन मुकाबलों को और भी खास बना देता है।’’उन्होंने कहा, “इतिहास और समृद्ध विरासत वाली इस प्रतिष्ठित फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनने का मुझे बेसब्री से इंतजार है।”
ZAK HERE FOR THE PRIDE! #WhistlePodu for the Head Coach of Chennai Super Kings!
Read more, Link –https://t.co/v8muYn4yVA pic.twitter.com/eQChQ6yDEB
— Chennai Super Kings (@ChennaiIPL) September 21, 2026
जहीर ने भारत के लिए 92 टेस्ट, 200 वनडे और 17 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। 2011 विश्व कप में भारत की ऐतिहासिक खिताबी जीत के दौरान उन्होंने 21 विकेट लिए थे और वह टूर्नामेंट में टीम के सबसे सफल गेंदबाज रहे थे।
जहीर 2024 सत्र में लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटर की भूमिका भी निभा चुके हैं। वहीं, फ्लेमिंग ने पिछले साल जुलाई में पांच बार की चैंपियन सीएसके से अलग होने की घोषणा की थी।
माना जा रहा है कि सीएसके की क्रिकेट प्रबंधन समिति में शामिल एमएस धोनी, कप्तान रुतुराज गायकवाड़ और टीम की मालिक रूपा गुरुनाथ इस बार किसी भारतीय कोच को जिम्मेदारी सौंपना चाहते थे।
आईपीएल में जहीर ने 100 मैच खेले हैं और संन्यास के बाद वह कोचिंग की भूमिका में आ गए।सीएसके टीम प्रबंधन के करीबी सूत्रों की मानें तो धोनी किसी ऐसे व्यक्ति को टीम के साथ जोड़ने के पक्ष में थे, जिससे वह पहले से परिचित हों।
सोशल मीडिया पर चर्चा में आए कुछ अन्य नामों के विपरीत, इंग्लैंड के पूर्व कप्तान इयोन मोर्गन के इस पद को संभालने की संभावना लगभग नहीं थी।वहीं, तमिलनाडु के हेमंग बदानी के मामले में दिल्ली कैपिटल्स के साथ उनका दो साल का कार्यकाल उनके खिलाफ गया।

