India vs West Indies: वेस्टइंडीज सीरीज के लिए हुआ स्क्वॉड का ऐलान, नमन धीर और आकिब नबी की टीम इंडिया में एंट्री

India vs West Indies: पंजाब के बल्लेबाज नमन धीर और जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज औकिब नबी को पहली बार भारत की वनडे टीम में जगह मिली है। दोनों को वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। बता दें कि BCCI ने बुधवार (16 सितंबर) को X पर पोस्ट कर वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली वनडे और टी20 सीरीज के लिए टीमों का ऐलान किया। यह घरेलू सीरीज 27 सितंबर से तिरुवनंतपुरम में शुरू होगी।

शुभमन गिल तीन वनडे मैचों में ‘मेन इन ब्लू’ (भारतीय टीम) की कप्तानी करेंगे, जबकि श्रेयस अय्यर एशियन गेम्स 2026 के बाद जापान से लौटने पर पांच T20I मैचों में टीम की कमान संभालेंगे।

रोहित शर्मा और विराट कोहली को भारत की वनडे टीम में बनाए रखा गया है, साथ ही गुरनूर बरार, केएल राहुल, प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव भी टीम में शामिल हैं। वहीं, जुलाई 2026 में इंग्लैंड के खिलाफ न खेलने वाले रवींद्र जडेजा और मोहम्मद सिराज की भी वापसी हुई है।

अय्यर की गैर-मौजूदगी में, राहुल को वनडे सीरीज के लिए गिल का डिप्टी (उप-कप्तान) बनाया गया है। टीम में ऋतुराज गायकवाड़, ध्रुव जुरेल, नीतीश कुमार रेड्डी और यशस्वी जायसवाल भी शामिल हैं।

50 ओवर की टीम में आकिब और नमन ही दो नए चेहरे हैं। उन्होंने पहले कभी भारत के लिए किसी भी फॉर्मेट में नहीं खेला है, हालांकि आकिब पिछले महीने श्रीलंका दौरे पर भारत की टेस्ट टीम का हिस्सा थे।

बता दें कि नीतीश भारत की 2026 एशियाई खेलों की टीम का हिस्सा थे, लेकिन बुधवार को BCCI ने उन्हें टीम से हटा दिया और अब वह वनडे सीरीज में खेलेंगे।

भारत की वनडे टीम: शुबमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, रुतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (उपकप्तान), ध्रुव जुरेल, नितीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज, औकिब नबी, यशस्वी जयसवाल, नमन धीर।

टी20 टीम में प्रिंस यादव और मयंक यादव के साथ कुलदीप यादव की वापसी हुई है। उन्होंने वरुण चक्रवर्ती, जसप्रित बुमराह और यश ठाकुर की जगह ली है।

गौरतलब है कि ठाकुर और बुमराह अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की T20I टीम का हिस्सा हैं और एशियाई खेलों में भी खेलेंगे, लेकिन उन्हें वेस्टइंडीज सीरीज के लिए नहीं चुना गया है।

भारत की T20I टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), शिवम दुबे, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, नितीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, मयंक यादव।

यह भी पढ़ें: 1.1 करोड़ में RR को मिला था ‘हीरा’, अब हर IPL टीम को हो रहा अफसोस! जानें वैभव पर LSG के मालिक ने क्या कहा

वैभव सूर्यवंशी को अपनी टीम में नहीं लेने पर संजीव गोयनका को हैं अफसोस? LSG के मालिक ने क्या कहा

Vaibhav Sooryavanshi: भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2026 खत्म होने के बाद से ही चर्चा में हैं। वैभव सूर्यवंशी आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए बेहद अहम खिलाड़ी बन चुके हैं। वहीं अब हाल ही में लखनऊ सुपर जायंट्स के मालिक संजीव गोयनका ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर बड़ा बयान दिया है। गोयनका ने कहा, लीग की कई दूसरी टीमों को भी वैभव को अपनी टीम में शामिल नहीं कर पाने का अफसोस है। उन्होंने कहा, राजस्थान ने उन्हें जिस कीमत पर अपनी टीम में शामिल किया था, वह फैसला अब काफी फायदेमंद नजर आ रहा है। राजस्थान इस युवा खिलाड़ी को आसानी से टीम से जाने नहीं देगी। आइए जानते हैं वैभव को लेकर संजीव गोयनका ने क्या कहा

संजीव ने की वैभव की तारीफ

शुभंकर मिश्रा के पॉडकास्ट में संजीव गोयनका ने कहा, “वैभव सूर्यवंशी पूरी दुनिया से तारीफ पाने के हकदार हैं। वह एक पीढ़ी में मिलने वाला खास टैलेंट हैं। आईपीएल की हर टीम के मालिक को इस बात का अफसोस है कि वैभव उनकी टीम का हिस्सा नहीं हैं। अब जब लक्ष्मी मित्तल राजस्थान रॉयल्स के मालिक हैं, तो मुझे नहीं लगता कि वह वैभव को कभी टीम से जाने देंगे। अगर कभी ऐसा हुआ भी, तो सिर्फ मैं ही नहीं, बल्कि आईपीएल के कई दूसरे मालिक भी उन्हें अपनी टीम में शामिल करने के इंतजार में रहेंगे।”

वैभव में हैं कॉन्फिडेंस

संजीव गोयनका वैभव सूर्यवंशी के खेल के बड़े प्रशंसक हैं। प्रतिद्वंद्वी टीम के मालिक होने के बावजूद वह कई बार सोशल मीडिया पर वैभव की बल्लेबाजी और प्रतिभा की तारीफ कर चुके हैं। उन्होंने आगे कहा, “वैभव की पहली पब्लिक इमेज राइजिंग पुणे सुपरजायंट की जर्सी में है और आज वह कमाल कर रहा है। जाहिर है, उसमें टैलेंट है, शानदार शॉट्स हैं, लेकिन उसका कॉन्फिडेंस ही है जिसने मेरा सबसे ज्यादा ध्यान खींचा। उसमें बहुत ज्यादा कॉन्फिडेंस है, लेकिन ओवरकॉन्फिडेंस नहीं। जब आप ओवरकॉन्फिडेंट हो जाते हैं, तो वहीं से आपकी गिरावट शुरू हो जाती है।”

उन्होंने आगे कहा, “वैभव को भरोसा है कि ‘मैं यह कर सकता हूं।’ और मैंने अब तक जो भी देखा है, उसमें वह हर गेम के साथ बेहतर होता जा रहा है। वह खुद को थोड़ा-थोड़ा बदलना सीख रहा है और इससे वह आगे चलकर और भी ज्यादा असरदार बनेगा। वह बड़े मौकों के लिए बना खिलाड़ी है।”

वैभव को 1.1 करोड़ रुपये में किया था शामिल

राजस्थान ने उन्हें जेद्दा में हुए आईपीएल ऑक्शन में 1.1 करोड़ रुपये में खरीदा था। बता दें राजस्थान रॉयल्स में हाल ही में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भारतीय कारोबारी लक्ष्मी मित्तल ने अदार पूनावाला के साथ मिलकर करीब 1.65 अरब डॉलर यानी लगभग 15,660 करोड़ रुपये में टीम का अधिग्रहण किया है। इस सौदे के बाद मित्तल के पास टीम की करीब 75 फीसदी हिस्सेदारी है, जबकि पूनावाला के पास लगभग 18 फीसदी हिस्सा है। बाकी करीब 7 फीसदी हिस्सेदारी मनोज बडाले समेत टीम के मौजूदा निवेशकों के पास बनी हुई है।

Rishabh Pant: दिल्ली कैपिटल्स में हुई ऋषभ पंत की वापसी, क्रिकेटर ने LSG को तीन शब्दों में कहा अलविदा

Rishabh Pant: भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत और लखनऊ सुपर जायंट्स के रास्ते अब अलग हो गए हैं। ऋषभ पंत और लखनऊ सुपर जायंट्स का साथ सिर्फ दो सीजन तक ही चला। लखनऊ और दिल्ली कैपिटल्स ने एक बड़े ट्रेड समझौते के तहत अपने खिलाड़ियों की अदला-बदली कर ली है। इस डील के बाद ऋषभ पंत अपनी पुरानी टीम दिल्ली कैपिटल्स में लौट गए हैं, वहीं स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव को लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ जुड़ गए है। इस फैसले को आईपीएल के सबसे चर्चित ट्रेड में से एक माना जा रहा है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ने के बाद पंत ने सोशल मीडिया पर अपनी पुरानी टीम के लिए एक तीन वर्ड का एक पोस्ट शेयर किया है।

आईपीएल के सबसे मंहगे खिलाड़ी थे पंत

ऋषभ पंत को आईपीएल 2025 से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स ने 27 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड कीमत में अपनी टीम में शामिल किया था, जो टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे बड़ी बोली मानी जाती है। अब खिलाड़ी अदला-बदली के तहत पंत एक बार फिर दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा बन गए हैं, जहां उनकी नई फीस 15 करोड़ रुपये तय की गई है। वहीं, बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव 13.50 करोड़ रुपये की मौजूदा रकम के साथ लखनऊ सुपर जायंट्स में शामिल हो गए हैं। वहीं इस ट्रेड डील की वजह से पंत को काफी नुकसान हुआ। इस सौदे ने आईपीएल की टीमों के बीच खिलाड़ियों के बदलाव को लेकर काफी चर्चा बटोर ली है।

पंत ने किया पोस्ट

पंत ने लखनऊ सुपर जायंट्स को बेहद संक्षिप्त लेकिन भावुक अंदाज में अलविदा कहा। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर सिर्फ तीन शब्दों का संदेश, “थैंक यू टीम” शेयर किया। ये मैसेज उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स की उस पोस्ट को रीशेयर करते हुए लिखा, जिसमें फ्रेंचाइजी ने अपने पूर्व कप्तान को टीम के लिए दिए गए योगदान और यादगार पलों के लिए धन्यवाद कहा था।

Screenshot 2026-06-24 155327

दिल्ली से की थी शुरुआत

ऋषभ पंत ने अपने आईपीएल सफर की शुरुआत दिल्ली कैपिटल्स से की थी और करीब नौ साल तक टीम का अहम हिस्सा रहे। इस दौरान उन्होंने टीम के लिए 111 मुकाबले खेले, जो दिल्ली की ओर से किसी खिलाड़ी द्वारा खेले गए सबसे अधिक मैचों का रिकॉर्ड है। शानदार प्रदर्शन के साथ-साथ पंत ने नेतृत्व की जिम्मेदारी भी निभाई और 2021 से 2024 के बीच कई मैचों में टीम की कप्तानी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स का मार्गदर्शन किया।

कुलदीप के लिए दिल्ली ने किया पोस्ट

दिल्ली कैपिटल्स के सह-मालिक पार्थ जिंदल ने कुलदीप यादव के लिए एक खास संदेश साझा करते हुए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने लिखा, “प्रिय कुलदीप, पिछले पांच वर्षों में दिल्ली कैपिटल्स के लिए आपके योगदान के लिए धन्यवाद। आप हमारी टीम के बेहद महत्वपूर्ण सदस्य रहे हैं और आपकी कमी हमें जरूर महसूस होगी। आप एक शानदार खिलाड़ी हैं और मुझे पूरा भरोसा है कि अपने नए सफर में भी आप बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे।”

पार्थ जिंदल ने आगे ऋषभ पंत की वापसी पर खुशी जताते हुए कहा, “ऋषभ, किरण और मैं दोनों आपको फिर से दिल्ली कैपिटल्स में देखकर बेहद खुश हैं। हमें उम्मीद है कि अपने पुराने घर लौटकर आप एक बार फिर अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाएंगे और नई ऊंचाइयों को छुएंगे।”

लखनऊ का प्रदर्शन

ऋषभ पंत का लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ सफर ज्यादा लंबा नहीं रहा। उनके टीम में रहने के दौरान लखनऊ एक भी बार प्लेऑफ में जगह बनाने में सफल नहीं हो सकी। वहीं, आईपीएल 2026 का सीजन टीम के लिए बेहद निराशाजनक रहा, क्योंकि लखनऊ सुपर जायंट्स अंक तालिका में सबसे आखिरी स्थान पर रही। 2022 में आईपीएल में कदम रखने के बाद ये टीम का अब तक का सबसे खराब प्रदर्शन माना जा रहा है।