Mirzapur The Movie Advance Booking: ‘मिर्ज़ापुर: द मूवी’ के लिए काउंटडाउन आधिकारिक तौर पर शुरू हो गया है। टीज़र और ट्रेलर से उत्साह बढ़ाने के बाद, मेकर्स ने अब घोषणा की है कि इस बहुप्रतीक्षित फ़िल्म की एडवांस बुकिंग 31 अगस्त से शुरू हो चुकी है। एक्सेल एंटरटेनमेंट और अमेज़न MGM स्टूडियोज़ द्वारा समर्थित, ‘मिर्ज़ापुर: द मूवी’ के साथ बेहद लोकप्रिय मिर्ज़ापुर फ़्रैंचाइज़ी पहली बार स्ट्रीमिंग स्पेस से बड़े पर्दे पर आएगी।
थिएटर में रिलीज़ होने में बस सात दिन बचे हैं, ऐसे में एडवांस बुकिंग की घोषणा से फ़िल्म को लेकर और भी चर्चा बढ़ने की उम्मीद है। सालों से, मिर्ज़ापुर ने अपनी दमदार दुनिया, यादगार किरदारों और ज़बरदस्त कहानी के ज़रिए बड़ी संख्या में फ़ैन बनाए हैं। आने वाली फ़िल्म अब दर्शकों को पहली बार बड़े पर्दे पर उस दुनिया का अनुभव करने का मौका देगी।
फिल्म को लेकर बढ़ती एक्साइटमेंट के बीच हाल ही में डायरेक्टर गुरमीत सिंह से पूछा गया कि इतने सालों से इन किरदारों को विकसित होते देखने और उनके सफर का हिस्सा बनने के बाद क्या फिल्म में किसी खास किरदार की कहानी ने उन्हें एक फिल्ममेकर के तौर पर ‘मिर्जापुर’ की दुनिया को अलग नजरिए से देखने पर मजबूर किया। इस पर उन्होंने बताया कि फिल्म ने उन्हें किरदारों के नए पहलुओं को एक्सप्लोर करने के साथ-साथ ‘मिर्जापुर’ की दुनिया की नई परतें खोजने का मौका दिया।
डायरेक्टर गुरमीत ने कहा, “फिल्म ने हमें एक खास मौका दिया कि हम अपने मुख्य किरदारों की नई परतें सामने लाएं और उनकी कुछ कहानियों को अलग तरीके से पेश करें। हमें उनके ऐसे पहलू देखने को मिलेंगे, जो शो में पहले कभी नहीं दिखे। इन नए पहलुओं से हम उन्हें और बेहतर समझ पाएंगे, उनके साथ जुड़ पाएंगे, उनसे सहानुभूति रख पाएंगे या शायद उन्हें पहले से ज्यादा नापसंद भी कर पाएंगे। हम बाबलू और गुड्डू को देखेंगे, जिनके मन में हमेशा इस हिंसा की दुनिया से बाहर निकलने का एक प्लान था। फिल्म में कालीन भैया और मुन्ना के अतीत से जुड़ी एक रहस्यमयी घटना भी सामने आएगी, जो उनके रिश्ते को परिभाषित करती है। साथ ही, हम बीना की कहानी की शुरुआत भी देखेंगे, जो झूठ और बलिदान से भरी एक ऐसी हलचल पैदा करेगी, जिससे बहुत कुछ बदल जाएगा।”
फिल्म की बड़ी स्टारकास्ट में अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, मोहित मालिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौर, श्वेता त्रिपाठी और सोनल एस चौहान भी शामिल हैं। ये सभी कलाकार ‘मिर्जापुर’ की दुनिया के एक ऐसे अनकहे अध्याय को पर्दे पर लेकर आ रहे हैं, जिसकी कहानी पहले कभी नहीं दिखाई गई।
अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा प्रस्तुत ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि इसकी कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। फिल्म को एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है। कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी इसके को-प्रोड्यूसर हैं। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।


