The Traitors 2: ‘द ट्रेटर्स 2’ के 21 सेलिब्रिटी कंटेस्टेंट के नाम आए सामने, प्राइम वीडियो ने शेयर की फोटोज

The Traitors 2: प्राइम वीडियो ने ‘द ट्रेटर्स’ के दूसरे सीजन के लिए एक खास डाइनिंग थिएटर ऑफ ट्रेचरी इवेंट का आयोजन किया, जहां इस रोमांचक शो के सीजन 2 के सभी 21 सेलिब्रिटी खिलाड़ियों से पर्दा उठाया गया। ऊंचे-ऊंचे खास आर्च, दमदार लाइटिंग और हर कोने में छिपे धोखे के साथ इस शाम ने मेहमानों को एक ऐसा अनुभव दिया, जिसमें शक, चालाकी और विश्वासघात से भरे नए सीजन की पहली झलक देखने को मिली।

चार कोर्स वाले इस डाइनिंग एक्सपीरियंस के दौरान छह अलग-अलग थिएट्रिकल अंदाज में खिलाड़ियों का परिचय कराया गया, जहां हर चीज वैसी नहीं थी जैसी दिख रही थी। वेलकम ड्रिंक अचानक लाल रंग में बदल गया, मीठा दिखने वाला डेजर्ट नमकीन निकला और खंजर, स्क्रॉल, ताबूत और लालटेन जैसी चीजों ने महल के अलग-अलग हिस्सों को जीवंत बना दिया।

हर कोर्स के साथ दो नए आर्च खोले गए और नए खिलाड़ियों से पर्दा उठता गया। आखिर में सभी 21 खिलाड़ियों का खुलासा किया गया और शाम का समापन सोने की ईंट के आकार वाले शानदार केक और खास गोल्ड बार डेजर्ट के साथ हुआ।

द ट्रेटर्स सीजन 2 के होस्ट और प्रोड्यूसर करण जौहर के साथ धर्माटिक एंटरटेनमेंट के सीईओ अपूर्व मेहता, प्राइम वीडियो इंडिया के डायरेक्टर और हेड ऑफ ओरिजिनल्स निखिल माधोक, इंटरनेशनल ओरिजिनल्स, प्राइम वीडियो इंडिया की डायरेक्टर और हेड ऑफ प्रोडक्शन एंड पोस्ट स्तुति रामचंद्र और प्राइम वीडियो इंडिया की हेड ऑफ अनस्क्रिप्टेड ओरिजिनल्स आकृति मेहता भी मौजूद रहे।

IDTV के BAFTA और एमी अवॉर्ड् जीत चुके ग्लोबल फॉर्मेट के भारतीय संस्करण को धर्माटिक एंटरटेनमेंट ने All3Media इंटरनेशनल के साथ मिलकर बनाया है। द ट्रेटर्स सीजन 2 का प्रीमियर 13 अगस्त को सिर्फ प्राइम वीडियो पर होगा और इसके नए एपिसोड हर गुरुवार रिलीज किए जाएंगे।

आदित्य कुलश्रेष्ठ उर्फ कुल्लू, अभिषेक मल्हान उर्फ फुकरा इंसान, अंश चोपड़ा, दलीप ताहिल, हरमन सिंघा, इक्का सिंह, करण सिंह मैजिक, क्रिस्टल डिसूजा, मल्लिका शेरावत, मुनव्वर फारुकी, पारुल गुलाटी, प्रिश, रणवीर बरार, रिया चक्रवर्ती, रिदा थराना, साहिल सलाथिया, शहनील गिल, शालिनी पासी, श्वेता तिवारी, साउंडूस मौफाकिर और तान्या पुरी।

Hina Khan-Rubina Dilaik: हमारे समाज में अच्छा नहीं…, आमिर खान की तीसरी शादी पर रुबीना दिलैक-हिना खान ने की बात

Hina Khan-Rubina Dilaik: सुपरस्टार आमिर खान हाल के हफ़्तों में अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ शादी को लेकर चर्चा में रहे हैं। एक्टर की पर्सनल लाइफ़ ‘द पॉइंट ऑफ़ व्यू’ पर रुबीना दिलैक और हिना खान के बीच ज़बरदस्त बहस का विषय बन गई, जहां दोनों एक्ट्रेस ने उनकी तीसरी शादी पर अलग-अलग राय रखी।

जहां हिना का कहना था कि समाज में कई लोग आज भी एक से ज़्यादा शादियों को अच्छी नज़र से नहीं देखते, वहीं रुबीना का मानना ​​था कि किसी सुपरस्टार की पर्सनल लाइफ़ कभी-कभी लोगों की सोच और कई बार उनके प्रोफ़ेशनल सफ़र पर भी असर डालती है।

रुबीना के टॉक शो ‘द पॉइंट ऑफ़ व्यू’ के हालिया एपिसोड में हिना और रुबीना ने आमिर की पर्सनल लाइफ़ पर बात की। अपने-अपने पतियों, रॉकी जायसवाल और अभिनव शुक्ला के साथ मिलकर, इस बात पर चर्चा की कि क्या किसी सुपरस्टार की पर्सनल लाइफ़ का उनकी प्रोफ़ेशनल सफलता पर कोई असर पड़ता है।

चर्चा के दौरान, रॉकी ने आमिर की तीसरी शादी को लेकर हो रही आलोचना का ज़िक्र किया और उनकी राय पूछी। जहां रुबीना का कहना था कि सुपरस्टार की पर्सनल लाइफ़ उनकी फ़िल्मों और करियर पर असर डाल सकती है, वहीं हिना का मानना ​​था कि किसी एक्टर की पर्सनल पसंद का उनकी प्रोफ़ेशनल सफलता पर कोई असर नहीं पड़ना चाहिए।

हिना ने सवाल किया, “उस हिसाब से तो आमिर खान की कोई फिल्म ही नहीं चलनी चाहिए थी।”इस पर रुबीना ने तर्क दिया कि आमिर का जीवन कभी किसी बड़े विवाद से घिरा नहीं रहा। इस पर हिना असहमत हुईं और बोलीं, “ये क्या कोई कम विवाद है?” उनका इशारा गौरी स्प्रैट से उनकी तीसरी शादी की ओर था।

अपनी बात को और स्पष्ट करते हुए हिना ने कहा, “आम आदमी तो यही सोचेगा ना कि क्या यार फिर से शादी कर रहा है? इसे भी छोड़ दिया?”रुबीना ने बीच में टोकते हुए कहा, “हम क्यों फैसला सुना रहे हैं?”

हिना ने बताया कि आमिर खान ने कई ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं, इसके बावजूद सार्वजनिक चर्चाएं अक्सर उनकी फिल्मी उपलब्धियों के बजाय उनकी शादियों के इर्द-गिर्द घूमती हैं। उन्होंने और रॉकी ने यह भी स्पष्ट किया कि वे अभिनेता के निजी जीवन या उनके द्वारा लिए गए फैसलों पर कोई टिप्पणी नहीं कर रहे हैं।

हालांकि, हिना ने समझाया, “मैं उनकी दोबारा शादी करने पर कोई आपत्ति नहीं जता रही… लेकिन हमारे समाज में ये बहुत अच्छा नहीं माना जाता है रुबीना, शादी पर शादी पर शादी।” इस पर रॉकी ने कहा, “शादी छोड़ो, तलाक ही अच्छा नहीं माना जाता है।”हिना ने आमिर की उनकी पूर्व पत्नियों रीना दत्ता और किरण राव के साथ दोस्ती की भी सराहना की।

हिना ने माना कि हालांकि समाज समय के साथ बदल गया है, फिर भी कई समुदाय तलाक और कई शादियों को गलत नजर से देखते हैं। अपने अलग-अलग विचारों के बावजूद, हिना और रुबीना इस निष्कर्ष पर पहुंचीं कि आमिर एक “अच्छे इंसान” हैं और इस बात से सहमत थीं कि तीसरी बार शादी करने के बावजूद लोग उन्हें प्यार और सम्मान देते हैं।

आमिर खान और उनकी पार्टनर गौरी स्प्रैट ने 5 जुलाई को मुंबई में एक निजी समारोह में शादी की। इस जोड़े ने अपने परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में शादी की कसमें खाईं। इस निजी समारोह में लगभग 150 मेहमान शामिल हुए। आमिर के बच्चे, जुनैद खान और इरा खान, और इरा के पति नूपुर शिखरे भी इस समारोह में शामिल हुए।

आमिर और गौरी की कहानी लगभग 25 साल पुरानी है। दोनों पहली बार बेंगलुरु में मिले थे, लेकिन बाद में वे अलग हो गए और उनका संपर्क टूट गया। सालों बाद, 2023 में, आमिर की कज़िन नुज़हत खान ने शहर की एक और यात्रा के दौरान उन्हें फिर से मिलाने में मदद की, जिससे उनकी दोस्ती को एक और मौका मिला। शादी करने से पहले वे दो साल से ज़्यादा समय तक एक-दूसरे को डेट करते रहे।

गौरी स्प्रैट मूल रूप से बेंगलुरु की रहने वाली हैं और उनकी पिछली शादी से एक बेटा है। उन्होंने पहले हेयरकेयर इंडस्ट्री में काम किया है और अब वे मुंबई में आमिर खान प्रोडक्शंस से जुड़ी हुई हैं।

Market Mantra : 3-6 महीने के नजरिए से निवेश करना रहेगा अच्छा, US-ईरान युद्ध को लेकर ज्यादा टेंशन नहीं

Market Mantra : बाजार के सामने संकट के बादल फिर खड़े हो गए हैं। एक तरफ जहां अमेरिका-ईरान फिर लड़ पड़े हैं तो वहीं क्रूड की बिगड़ी चाल ने बाजार में फिर डर का माहौल बना दिया है। इसके अलावा भी बाजार के सामने कई और बड़ी चुनौतियां अब भी खड़ी हैं। कमजोर मॉनसून और पहली तिमाही के नतीजों पर बाजार नजर बनाए बैठा है। इन सभी मुद्दों से अब आगे बाजार की दिशा तय होनी है। ऐसे में निवेशक कंफ्यूज है कि निवेश को लेकर क्या रणनीति बनाएं,अभी निवेश करें या कुछ महीने पहले देख लें कि हालात क्या करवट लेते हैं। इसी कंफ्यूजन को दूर करने के लिए आज हमारे साथ हैं खास मेहमान LIC म्यूचुअल फंड (LIC Mutual Fund) के CIO इक्विटी सुधांशु अस्थाना

US-ईरान युद्ध को लेकर ज्यादा टेंशन नहीं

बाजार की चाल पर बात करते हुए सुधांशु अस्थाना ने कहा कि US-ईरान युद्ध को लेकर ज्यादा टेंशन नहीं है। US-ईरान फिर शांति की तरफ बढ़ेंगे। सरकार के कदमों से इकोनॉमी में डिमांड बढ़ी है। प्राइवेट कैपेक्स और क्रेडिट ग्रोथ में भी सुधार देखने को मिल रहा है। कॉर्पोरेट क्रेडिट ग्रोथ में 15% का उछाल आया है। देश में डॉलर का फ्लो आगे सुधरेगा। US-ईरान युद्ध आगे बढ़ा तो FY28 नतीजों पर असर दिखेगा। कच्चा तेल 85-90 डॉलर प्रति बैरल पर रहे तो इकोनॉमी पर असर नहीं होगा।

3-6 महीने के नजरिए से निवेश करना अच्छा

उन्होंने आगे कहा कि 3-6 महीने के नजरिए से निवेश करना अच्छा रहेगा। कंपनियों के मुताबिक युद्ध का असर अभी डिमांड पर नहीं दिखा है। दिसंबर नतीजों के बाद अर्निंग अपग्रेड संभव है। अगले साल से 8वें वेतन आयोग का पैसा भी आने लगेगा। 8वें वेतन आयोग के पैसे से डिमांड को बूस्ट मिलेगा। कच्चे माल की कीमतें बढ़ने का असर Q1 नतीजों पर दिखेगा।नतीजों के साथ कंपनियों की कमेंट्री और आउटलुक पर बाजार की नजर रहेगी।

बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों में एक्सपोजर बढ़ा

सुधांशु अस्थाना ने बताया कि उन्होंनें बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों में एक्सपोजर बढ़ाया है। प्राइवेट बैंक,NBFC और कैपिटल मार्केट शेयरों पर फोकस बढ़ा है। हेल्थकेयर शेयरों में भी एक्सपोजर बढ़ाया है। प्रीसिजन इंजीनियरिंग और डाटा सेंटर पर भी फोकस बढ़ा है। दिसंबर नतीजों के बाद अर्निंग अपग्रेड संभव है।

कम रिस्क चाहते हैं तो मल्टिकैप फंड में डालें पैसा

उन्होंने आगे कहा कि अगर आप कम रिस्क चाहते हैं तो मल्टिकैप फंड में पैसा डालें। फ्लैक्सीकैप फंड में भी निवेश किया जा सकता है। पिछले कुछ महीनों में मिडकैप और स्मॉलकैप में निवेश बढ़ा है। मिडकैप और स्मॉलकैप आगे अच्छा कर सकते हैं।

 

MF Investment : वाइजइन्वेस्ट के CEO हेमंत रुस्तगी से जाने बाजार में निवेश के मंत्र, क्या हैं स्टेप-अप SIP के फायदे

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

Video: 10 फीट लंबे कोबरा को आराम से गले में डाल बिहार में घूम रही इस महिला ने सबको हैरत में डाला! कौन है ये?

बिहार के पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर इलाके में एक खौफनाक नजारा देखने को मिला, जब एक घर में अचानक विशालकाय किंग कोबरा पहुंच गया। करीब 10 फीट लंबे इस जहरीले सांप को देखते ही परिवार में दहशत फैल गई। देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव में फैल गई और लोग मौके पर जुटने लगे। मुन्नी लाल के घर में घुसे इस खतरनाक मेहमान ने कुछ देर के लिए पूरे इलाके में सनसनी पैदा कर दी।

हालांकि, समय रहते रेस्क्यू टीम को सूचना दी गई और स्थिति को संभाल लिया गया। यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि जंगल से सटे इलाकों में रहने वाले लोगों को वन्यजीवों के प्रति सतर्क रहने की जरूरत है।

स्नेक लेडी’ ने खतरनाक सांप का किया रेस्क्यू

किंग कोबरा की सूचना मिलते ही वाल्मीकिनगर की मशहूर स्नेक रेस्क्यूअर जानकी देवी मौके पर पहुंचीं। इलाके में ‘स्नेक लेडी’ के नाम से पहचानी जाने वाली जानकी देवी ने बिना घबराए पूरी सावधानी और अनुभव के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने करीब 10 फीट लंबे किंग कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद सांप को उसके प्राकृतिक आवास यानी जंगल में छोड़ दिया गया। समय रहते हुए किए गए इस रेस्क्यू से परिवार और गांव के लोगों की जान बच गई।

बरसात में क्यों गांवों की ओर आते हैं जहरीले सांप?

वाल्मीकिनगर रेंजर सत्यम कुमार ने बताया कि मौसम में बदलाव और बारिश के दिनों में सांप अक्सर अपने पुराने ठिकानों से निकलकर सुरक्षित जगह की तलाश करते हैं। वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से सटे इलाकों में बसे गांवों में ऐसे मामले ज्यादा देखने को मिलते हैं।

उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि अगर घर या आसपास कोई जहरीला सांप नजर आए तो उसे पकड़ने या मारने की कोशिश न करें। तुरंत वन विभाग या किसी प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू टीम को इसकी जानकारी दें।

दुनिया के सबसे खतरनाक सांप

किंग कोबरा दुनिया के सबसे खतरनाक और जहरीले सांपों में शामिल है। इसका जहर न्यूरोटॉक्सिक होता है, जो शरीर के तंत्रिका तंत्र पर तेजी से असर डाल सकता है। इसके काटने की स्थिति में तुरंत मेडिकल मदद लेना बेहद जरूरी होता है।

12 साल की उम्र से शुरू किया था सांपों को बचाने का मिशन

जानकी देवी की पहचान सिर्फ एक रेस्क्यूअर के तौर पर नहीं, बल्कि वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए समर्पित योद्धा के रूप में भी है। उन्होंने महज 12 साल की उम्र से सांपों को बचाने का काम शुरू किया था। अब तक वह हजारों जहरीले सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू कर चुकी हैं।

रेस्क्यू के दौरान कई बार खुद सांप के काटने का सामना करने के बावजूद उनका हौसला कम नहीं हुआ। आज वह इंसानों और वन्यजीवों के बीच सुरक्षित संतुलन बनाने की मुहिम में लगातार जुटी हुई हैं।

सांप दुश्मन नहीं, प्रकृति का हिस्सा हैं

इस घटना ने एक बार फिर साबित किया कि सही जानकारी और प्रशिक्षित लोगों की मदद से इंसान और खतरनाक वन्यजीवों के बीच टकराव को टाला जा सकता है। डर के बजाय सतर्कता और समझदारी ही ऐसे हालात में सबसे बड़ा हथियार है।

VIDEO: यूपी से शिलॉन्ग घूमने गए लोगों ने Airbnb से बुक प्रॉपर्टी का किया बुरा हाल, होस्ट ने उनकी शर्मिंदा करने वाली करतूतों की पूरी लिस्ट बताई

Viral Video: मेघालय की राजधानी शिलांग में एक Airbnb होमस्टे में ठहरे कुछ मेहमानों पर तोड़फोड़ और बदसलूकी के गंभीर आरोप लगे हैं। होमस्टे मालिक के मुताबिक, उत्तर प्रदेश से आए चार मेहमानों ने उनकी नई शुरू हुई प्रॉपर्टी में तोड़फोड़ की, केयरटेकर के साथ मारपीट की और स्टाफ को धमकाया। होमस्टे मालिक ने सोशल मीडिया पर प्रॉपर्टी की कथित खराब हालत की तस्वीरें और पूरी घटना शेयर की है। वहीं ये घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा। इस घटना को लेकर लोगों ने नाराजगी जताई और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला

ये मामला तब सामने आया जब शिलांग के रीसा कॉलोनी स्थित द ओकवुड नाम के Airbnb होमस्टे के मालिक ने सोशल मीडिया पर पूरी घटना बताई। उन्होंने दावा किया कि मेहमानों के ठहरने के दौरान उनकी प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचा। इसे दिखाने के लिए उन्होंने पहले और बाद की तस्वीरें भी शेयर कीं। इसके बाद ये मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा।

प्रॉपर्टी में किया तोड़ फोड़

होमस्टे मालिक ने लिखा, “मेहमानों को अच्छा और आरामदायक ठहराव देने के लिए हमने इस होमस्टे को बहुत मेहनत से तैयार किया था। लेकिन कुछ लोग प्रॉपर्टी के साथ जिस तरह का व्यवहार करते हैं, उसे देखकर बेहद दुख होता है। ऐसा लगता है कि उनमें जरा भी नागरिक जिम्मेदारी या सिविक सेंस नहीं है।” पोस्ट में दावा किया गया कि, मेहमानों ने बिना अनुमति के दूसरे लोगों को भी प्रॉपर्टी में बुलाया। उन पर तोड़फोड़ करने, हंगामा करने, शराब पीने और घर के नियमों के बावजूद कमरों के अंदर स्मोकिंग करने का भी आरोप लगाया गया है। होस्ट का कहना है कि जब स्टाफ ने इसका विरोध किया तो मेहमानों ने गुस्से में गलत व्यवहार किया।

 

इन लोगों की बुकिंग ना ले

उन्होंने पोस्ट में मेहमानों की पहचान बताते हुए शिलांग और मेघालय के अन्य होमस्टे व गेस्टहाउस मालिकों से अपील की कि वे इन लोगों की बुकिंग स्वीकार न करें। उन्होंने लिखा, “अगर आपकी मुलाकात कभी विकास सिंह नाम के इस व्यक्ति से हो, तो कृपया उन्हें अपनी प्रॉपर्टी बुक न करने दें।” होस्ट ने यह भी आरोप लगाया कि अखंड सिंह सूर्यवंशी ने उनके केयरटेकर के साथ मारपीट की। उन्होंने आगे कहा, “हम मेहमानों को बेहतर सुविधा देने के लिए हर संभव कोशिश करते हैं, लेकिन होमस्टे मालिक इस तरह के व्यवहार के हकदार नहीं हैं।” होस्ट का ये भी दावा है कि एक मेहमान ने यहां तक कहा कि चेक-इन से पहले ही प्रॉपर्टी की हालत ऐसी थी।

हजारों रुपए का हुआ नुकसान

इस मामले ने तब और ज्यादा ध्यान खींचा, जब ट्रैवल कंटेंट क्रिएटर रूबेन चार्ल्स ने इस घटना पर रिएक्शन देते हुए एक वीडियो शेयर किया। उन्होंने बताया कि वह कुछ दिन पहले इसी Airbnb में ठहरे थे और कहा, “शिलांग के इस Airbnb में उत्तर प्रदेश से आए चार लोगों ने तोड़फोड़ की है।” ट्रैवल कंटेंट क्रिएटर ने बताया कि जब वह इस होमस्टे में रुके थे, तब सब कुछ ठीक था। बाद में प्रॉपर्टी की खराब हालत देखकर उन्हें हैरानी हुई। उनके मुताबिक, वहां कचरा फैला था, दीवारें क्षतिग्रस्त थीं और कई जगह गंदगी दिखाई दे रही थी। बताया जा रहा है कि इससे प्रॉपर्टी को हजारों रुपये का नुकसान हुआ।

यूजर ने किया कमेंट

इस मामले के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने तीखी प्रतिक्रियाएं दीं। कई लोगों ने मेहमानों के कथित व्यवहार की आलोचना की और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही, होमस्टे मालिकों की सुरक्षा के लिए कड़े नियम बनाने की भी बात कही। एक यूजर ने लिखा, “जानवर भी ऐसा नहीं करते।” वहीं दूसरे यूजर ने कहा, “उम्मीद है कि आप इस तोड़फोड़ की पुलिस में शिकायत करेंगे। यह देखकर बहुत दुख हुआ।” एक अन्य यूजर ने लिखा, “यह बेहद खराब व्यवहार है और बिल्कुल स्वीकार नहीं किया जा सकता। आपकी प्रॉपर्टी के साथ जो हुआ, उसके लिए दुख है। दूसरे होस्ट को सावधान करने के लिए यह जानकारी साझा करना सही कदम है।”