वेस्टइंडीज ने पहले टी20 मैच में भारत को जीत के लिये दिया 172 रन का लक्ष्य।

वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी20 श्रृखंला के पहले मुकाबले में भारत ने मंगलवार को यहां टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। इकाना स्टेडियम में खेले जाने वाले मैच में युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को मौका नहीं मिला है। उनके अलावा रवि विश्नोई,नीतिश कुमार रेड्डी और प्रिंस यादव भी अंतिम एकादश में शामिल नहीं किये गये हैं वहीं वेस्टइंडीज की ओर से अकील हुसैन आज अपना सौवां टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने जा रहे हैं और ऐसा करने वाले वे इस प्रारूप में चौथे वेस्ट इंडीज खिलाड़ी बन जाएंगे।

पहले गेंदबाजी के फैसले को सही ठहराते हुये भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा इकाना की पिच के बारे में हम नहीं जानते कि यह कैसा खेलेगी मगर लगता है कि गेंदबाजों को इसमें थोड़ा उछाल मिले । उन्होने कहा कि एशियाई खेलों के थकान भरे सफर के बाद टीम कल ही यहां पहुंची है मगर आज के मैच को लेकर सभी खिलाड़ी पूरी ऊर्जा खर्च करने को तैयार हैं।

Also Read : गुरु रंधावा का नया गीत ‘फोशो’ रिलीज

उधर, वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने कहा टाॅस जीतने की दशा में मै भी पहले गेंदबाजी करना पसंद करता। भारत में चेज़ करना ज़्यादा बेहतर होता है। हम बस हालात के हिसाब से ढलना चाहते हैं और हमें यहाँ ऐसा ही करना होगा। हमें खिलाड़ियों के अनुभव का फ़ायदा उठाना होगा और उम्मीद है कि हम यहाँ अच्छा खेलेंगे। हमारे पास गेंदबाज़ी के छह विकल्प हैं और कुछ ऑलराउंडर भी हैं।

गौरतलब है कि वेस्टइंडीज के खिलाफ भारतीय टीम एक दिवसीय श्रृखंला 2-1 से अपने नाम कर चुकी है जबकि टी20 सीरीज में आज लखनऊ में उसका पहला मुकाबला है।

टीमे इस प्रकार हैं:

भारत – अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर),ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नमन धीर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मयंक यादव और अर्शदीप सिंह।

वेस्टइंडीज – शाई होप (कप्तान, विकेटकीपर), कामिल पूरन, शिमरोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, मैथ्यू फोर्ड, रोस्टन चेज़, शमर स्प्रिंगर, अकील हुसेन और शमर जोसेफ।

Pic Credit : UNI

IND vs WI: पहले टी20 से ड्रॉप होंगे वैभव सूर्यवंशी? कोच ने दिया ये बड़ा अपडेट

IND vs WI: भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज के बाद अब 5 मैचों की टी20 सीरीज खेला जाएगा। सीरीज का पहला मुकाबला 6 अक्टूबर को इकाना स्टेडियम, लखनऊ में खेला जाएगा। वहीं इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी एक्शन में नजर आ सकते हैं। वहीं पहले मुकाबले से पहले वैभव के खेलने को लेकर बड़ा अपडेट आया है। PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, मंगलवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले पहले T20I में भारत की प्लेइंग XI में बदलाव देखने को मिल सकता है। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को इस मुकाबले में टीम से बाहर रखा जा सकता है। अभिषेक शर्मा के साथ संजू सैमसन के पारी की शुरुआत कर सकते हैं।

वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले मैच से पहले भारत के बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्कल ने कहा कि, सूर्यवंशी के लिए सीनियर खिलाड़ियों के साथ ज्यादा समय बिताना बेहद जरूरी है।

वैभव को लेकर कोच ने क्या कहा

मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोर्ने मोर्कल ने कहा, “हम सभी वैभव के टैलेंट से अच्छी तरह वाकिफ हैं। वह जितना ज्यादा समय इस माहौल में अच्छे खिलाड़ियों के साथ बिताएगा और जितना अधिक इस स्तर पर ट्रेनिंग करेगा, उतना ही यह उसके क्रिकेट के लिए फायदेमंद होगा।” मोर्कल ने आगे कहा कि सूर्यवंशी टीम के साथ रहकर, अनुभवी खिलाड़ियों को देखकर और उनकी तैयारी के साथ-साथ बल्लेबाजी के तरीके को समझकर काफी कुछ सीख सकते हैं। उन्होंने कहा, “अगर उसे खेलने का मौका नहीं मिल रहा है, तो भी वह बस, डगआउट और होटल में काफी अनुभव रखने वाले खिलाड़ियों के साथ समय बिता रहा है।”

कौन करेगा ओपनिंग

बॉलिंग कोच मोर्कल ने पहले T20I के लिए भारत की ओपनिंग जोड़ी को लेकर कोई पक्की जानकारी नहीं दी। उन्होंने कहा कि प्लेइंग XI तय करने से पहले टीम सभी उपलब्ध ऑप्शनों पर विचार करेगी। मोर्कल ने कहा, “मेरा मतलब है कि एशियन गेम्स में अभिषेक और सूर्यवंशी ने ही पारी की शुरुआत की थी। अब हम आज रात फैसला करेंगे कि इस सीरीज के लिए हमारे लिए सबसे सही ओपनिंग कॉम्बिनेशन क्या रहेगा।”

सूर्यवंशी को मिलेगा मौका?

एशियन गेम्स में वैभव सूर्यवंशी ने अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग की थी। लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले T20I में संजू सैमसन को ओपनिंग का मौका मिल सकता है। ऐसे में 15 साल के सूर्यवंशी को इस मुकाबले में प्लेइंग XI से बाहर बैठना पड़ सकता है। मोर्कल ने बताया कि, एशियन गेम्स के बाद खिलाड़ियों को आराम का ज्यादा समय नहीं मिला और कई खिलाड़ी कुछ दिन पहले ही भारत लौटे हैं। इसलिए टीम चुनते समय खिलाड़ियों की यात्रा और थकान को भी ध्यान में रखा जाएगा। सूर्यवंशी भारत की एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली टीम का हिस्सा थे। वैभव टीम के सभी मुकाबले खेले थे, लेकिन बल्लेबाजी में वह अपनी छाप छोड़ने में नाकाम रहें।

नखरेबाजों और नामी खिलाड़ियों को जापान ना भेजने की रणनीति काम आई

Asian Games

एशियाड के लिए नखरेबज और नामी खिलाड़ियो से किनारा करने के संकेत खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने जुलाई के पहले हफ्ते में ही दे दिया था। उन्होंने साफ साफ शब्दों में कहा था कि एशियाई खेल कोई ‘एक्सपोजर ट्रिप’ नहीं है और पदक उम्मीदों पर ही फोकस रखते हुए इस बार 600 से कम सदस्यीय दल ही भेजा जायेगा। ऐसा ही हुआ और 502 खिलाड़ियों का दल जापान गया।

खेलमंत्री ने मीडिया से बातचीत में साफ तौर पर कहा था कि जापान में एशियाई खेलों में महज भागीदारी के लिये लंबा चौड़ा दल नहीं भेजा जायेगा। मांडविया ने कहा था ,‘‘ एशियाई खेल कोई एक्सपोजर ट्रिप नहीं है। यह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करके देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों के लिये मंच है। इसमें पहले दौर में बाहर होने के लिये किसी को भेजने का कोई फायदा नहीं है। मैं बार बार कहता आया हूं कि अच्छा प्रदर्शन करने वालों के लिये ही भारतीय दल में जगह होगी।’’

उन्होंने कहा था , ‘‘एक्सपोजर कहीं और से भी हासिल किया जा सकता है, एशियाई खेल उसके लिये नहीं हैं। सिर्फ नौकरी पाने के लिये भागीदारी के मकसद से जाने के इच्छुक लोगों के नाम पर मंजूरी नहीं दी जायेगी।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ इस बार चयन प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता बरती गई है। इक्के दुक्के मामलों को छोड़कर कहीं कोई विवाद नहीं है और ये मामले भी सुलझ जायेंगे। चयन के मानदंडों के आधार पर ही दल चुना गया है। नौकरी पाने के लिये किसी को एशियाई या राष्ट्रमंडल खेल दल में शामिल करना या किसी के परिजन को सहयोगी स्टाफ बनाकर भेजना अब नहीं होगा।’’

विनेश फोगाट से किया किनारा

ओलंपियन महिला पहलवान विनेश फोगाट ट्रायल में एशियाई खेलों के लिये क्वालीफाई करने में विफल रही। 31 वर्षीय विनेश को 53 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में मीनाक्षी गोयत ने हराया। इंदिरा गांधी स्टेडियम में महिलाओं की 53 किग्रा के चयन ट्रायल्स के सेमीफाइनल मुकाबले में मीनाक्षी गोयत ने विनेश फोगाट को 6-4 से हराया। इससे पहले ट्रायल्स के लिए खूब हंगामा हुआ और साफ पता चल रहा था कि विनेश ना ही फॉर्म में है और ना ही सरकार उनको एशियाड ले कर जाने में दिलचस्पी दिखा रही है।

मनिका बत्रा को डाला रिजर्व खिलाड़ियों की लिस्ट में

भारत की सबसे कामयाब टेबल टेनिस खिलाड़ियों में से एक, 31 वर्षीय मनिका बत्रा मुख्य टीम में जगह नहीं बना पाईं और उन्हें रिजर्व खिलाड़ियों में रखा गया। मुख्य टीम में उनके शामिल न होने की वजह घरेलू टूर्नामेंट में उनकी गैर-मौजूदगी थी। महिला टीम की कप्तानी श्रीजा अकुला थी, जो वर्ल्ड रैंकिंग में 45वें स्थान पर थी और भारत की सबसे ऊंची रैंकिंग वाली महिला टेबल टेनिस खिलाड़ी – वह मनिका से छह स्थान पीछे थी।हालांकि टेबल टेनिस में अपेक्षित परिणाम नहीं आ सका लेकिन मंत्रालय ने नियमों की अनदेखी नहीं सही।

दीपिका कुमारी और अतुन दास को नहीं भेजा गया जापान

चार बार की ओलंपियन दीपिका कुमारी, भारत के पूर्व नंबर एक तीरंदाज अतनु दास और एशियाई खेलों के पदक विजेता अभिषेक वर्मा जापान में होने वाले एशियाई खेलों के लिये भारतीय टीम में जगह बनाने में नाकाम रहे। कुमकुम मोहोद को महिला रिकर्व टीम में जगह मिली। कंपाउंड वर्ग में अनुभवी ज्योति सुरेखा वेन्नम अकेली अनुभवी तीरंदाज थी।पुरूष रिकर्व वर्ग में धीरज बोम्मदेवरा शीर्ष, नीरज चौहान दूसरे और यशदीप भोगे तीसरे स्थान पर रहे। इसका सुखद परिणाम यह रहा कि तीरंदाजी में इन सभी खिलाड़ियों ने पदक जीते।

IND vs WI: पहले टी20 से पहले पूर्व खिलाड़ी ने चुनी अपनी पसंदीदा प्लेइंग 11, नहीं दी वैभव सूर्यवंशी को जगह

एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 19 रन से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। वहीं अब भारतीय टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलने उतरेगी। सीरीज का पहला मुकाबला 6 अक्टूबर को लखनऊ में खेला जाएगा। वहीं इस मुकाबले से पहले भारत के पूर्व बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने अपनी पसंदीदा भारतीय टीम चुनी है। वहीं अपनी चुनी गई टीम में पुजारा ने युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को जगह नहीं दी है।

वैभव सूर्यवंशी ने एशियन गेम्स में भारत की ओर से दो मैच खेले थे। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 21 गेंदों में 38 रन बनाए, वहीं पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में 9 गेंदों पर 15 रन की पारी खेली। आइए जानते हैं पुजारा ने किस-किस खिलाड़ी को दी है जगह

वैभव को नहीं किया शामिल

एशियन गेम्स में भारत ने मजबूत टीम के साथ मुकाबले खेले, वहीं कुछ दूसरी टीमों ने अपने दूसरे दर्जे के खिलाड़ियों को मौका दिया। भारत की ओर से वैभव सूर्यवंशी ने पारी की शुरुआत की। उनके बाद संजू सैमसन तीसरे, कप्तान श्रेयस अय्यर चौथे और ईशान किशन पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए। वहीं, चेतेश्वर पुजारा ने अपनी पसंदीदा टीम में बदलाव किया है। उन्होंने ईशान किशन को तीसरे नंबर पर रखा और वैभव सूर्यवंशी की जगह नीतीश कुमार रेड्डी को टीम में शामिल किया है।

रवि बिश्नोई को भी दी जगह

वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज में जसप्रीत बुमराह को आराम दिया गया है। ऐसे में चेतेश्वर पुजारा ने तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी के लिए अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव को अपनी टीम में चुना है। इसके अलावा उन्होंने कुलदीप यादव को भी टीम में शामिल किया है। कुलदीप ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में अच्छा प्रदर्शन किया था। पुजारा ने उन्हें रवि बिश्नोई की जगह टीम में रखा है, जिन्होंने जापान में हुए एशियन गेम्स के दौरान उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं किया था।

चेतेश्वर पुजारा की पसंदीदा भारत प्लेइंग 11: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन (WK), श्रेयस अय्यर (C), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह

वाराणसी में 25 जगहों पर बनेंगे हाईटेक EV चार्जिंग स्टेशन! फ्री वाई-फाई और सिटिंग एरिया के साथ मिलेंगी ये सुविधाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए अब ईवी चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे।वाराणसी शहर के अलग-अलग 25 स्थानों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन का निर्माण होगा। फिलहाल 5 स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन के निर्माण के लिए स्थान भी चिह्नित किये गए है। शहर के कचहरी स्थित आम्बेडकर चौराहे से इसकी शुरुआत होगी। यहां बने पब्लिक फैसिलिटी सेंटर को तोड़कर नए सिरे से ईवी चार्जिंग सेंटर को विकसित किया जाएगा।

पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर इन चार्जिंग स्टेशन को तैयार किया जायेगा। जहां न सिर्फ आप अपने इलेक्ट्रिकल वाहनों को चार्ज कर सकेंगे बल्कि वहां बैठ आप आसानी से समय को काट भी पायेंगे। इन स्टेशन पर बैठने के लिए पर्याप्त व्यवस्थाओं के साथ शुद्ध पेयजल,शौचालय, फ्री वाई फाई सहित अन्य सुविधाएं होंगी। इस ईवी चार्जिंग स्टेशन पर मुख्य रूप से दोपहिया वाहनों के चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा हल्के वाहनों को भी यहां चार्ज किया जा सकेंगा।

फर्स्ट फेज में यहां बनेंगे स्टेशन

वाराणसी में फिलहाल ईवी चार्जिंग स्टेशन के लिए जो 5 स्थान तय किए गए है उनके कचहरी के आंबेडकर चौराहे के साथ रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर, रविंद्रपुरी,गुरुधाम और सारनाथ शामिल है। माना जा रहा है अक्टूबर महीने के अंत से सभी तय स्थानों पर इसके निर्माण का काम शुरू हो जायेगा। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया की इन ईवी चार्जिंग स्टेशन से चालकों को बड़ी राहत मिलेगी। फिलहाल फर्स्ट फेज में उन स्थानों पर ही इसका निर्माण हो रहा है जहां हर रोज लोगों की आवाजाही ज्यादा है।

तेजी से बढ़ रहें EV वाहन

बता दें कि वाराणसी में बीते कुछ सालों में ईवी वाहनों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। एक आंकड़े के मुताबिक, वाराणसी में फिलहाल 62 हजार से ज्यादा ईवी वाहनों का रजिस्ट्रेशन हुआ है। इनमें मोटर साईकिल, रिक्शा और कार शामिल है। वाराणसी के सड़को पर इस समय 22500 से ज्यादा ई रिक्शा दौड़ रहें है, इसके अलावा 21 हजार इलेक्ट्रिकल वाहने भी है। वहीं 10 हजार के करीब टू व्हीलर वाहनों का रजिस्ट्रेशन भी हुआ है। उम्मीद जताई जा रही है आने वाले दिनों में ईवी वाहनों की संख्या अभी और बढ़ेगी। यही कारण है की वाराणसी में स्मार्ट सिटी के सहयोग से हाईटेक ईवी चार्जिंग स्टेशन के निर्माण के लिए पहल की गई है, जिसका फायदा ईवी वाहन चालकों को मिलेगा।

वाराणसी से अभिषेक जायसवाल की रिपोर्ट

Drishyam 3 Box Office Collection Day 2: अजय देवगन की फिल्म ने मचाई धूम, शनिवार को 115 करोड़ का आंकड़ा पार किया

Drishyam 3 Box Office Collection Day 2: अजय देवगन की ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ 2 अक्टूबर को रिलीज हुई और थिएटर्स में रिलीज होने के सिर्फ दो दिनों के अंदर ही यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ₹100 करोड़ की कमाई के करीब पहुंच रही है। गांधी जयंती के मौके पर रिलीज हुई इस फिल्म ने शानदार शुरुआत की और किसी भी हिंदी फिल्म के लिए ओपनिंग डे पर चौथा सबसे ज्यादा एडवांस बुकिंग कलेक्शन दर्ज किया।

शुक्रवार को ‘दृश्यम 3’ ने अजय देवगन के लिए रिकॉर्ड ओपनिंग की। ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ की एडवांस बुकिंग 27 सितंबर को शुरू हुई थी और फिल्म ने रिलीज से पहले ही ₹27 करोड़ कमा लिए थे। दिन के आखिर तक फिल्म ने पूरे भारत में ₹66.75 करोड़ (नेट) की कमाई कर ली थी। यह किसी हिंदी फिल्म की अब तक की तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग है और अजय देवगन के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग है।

Sacnilk की ताजा जानकारी के अनुसार ‘दृश्यम 3’ दूसरे दिन भी जबरदस्त प्रदर्शन कर रही है। रात 10 बजे तक फिल्म ने कुल 11,212 शो से ₹53.50 करोड़ की कमाई कर ली है। इससे अब तक की कुल कमाई ₹115.50 करोड़ हो गई है। ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ ने दो दिनों में ही ₹100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है और सलमान खान की ‘सिकंदर’ (₹104 करोड़) की लाइफटाइम कमाई को पीछे छोड़ दिया है।

यह इस साल किसी हिंदी फिल्म की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग है, जो सिर्फ ‘धुरंधर: द रिवेंज’ से पीछे है। बॉलीवुड के इतिहास में भी यह तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग है, जो सिर्फ ‘धुरंधर 2’ और ‘जवान’ से पीछे है। इसने रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ (₹30 करोड़), शाहरुख खान की ‘पठान’ (₹57 करोड़) और रणबीर कपूर की ‘एनिमल’ (₹63 करोड़) को पीछे छोड़कर यह मुकाम हासिल किया है।

‘दृश्यम 3’ में अजय देवगन का विजय सलगांवकर वाला किरदार वापस ले कर आए हैं, साथ ही तब्बू, श्रिया सरन, रजत कपूर, इशिता दत्ता, मृणाल जाधव और कमलेश सावंत भी नजर आएंगे। सौरभ शुक्ला भी दूसरे पार्ट वाले अपने किरदार में एक कैमियो रोल में दिखेंगे।

‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ को स्टार स्टूडियोज और पैनोरमा स्टूडियोज ने सपोर्ट किया है और अभिषेक पाठक तीसरे पार्ट को डायरेक्ट कर रहे हैं। उन्होंने आमिल कीयन खान और परवेज़ शेख के साथ मिलकर फिल्म की कहानी भी लिखी है। आलोक जैन, अजीत अंधारे, कुमार मंगत पाठक और अभिषेक पाठक इस फिल्म को प्रोड्यूस कर रहे हैं।

हिंदी ‘दृश्यम’ फ्रैंचाइजी की शुरुआत 2015 में मोहनलाल की मलयालम थ्रिलर के रीमेक के साथ हुई थी। फिल्म ने जल्द ही दर्शकों का दिल जीत लिया और दुनिया भर में लगभग ₹110 करोड़ की कमाई की, जिससे विजय सलगांवकर फैंस के पसंदीदा बन गए। 2022 में आई ‘दृश्यम 2’ ने इसे आगे बढ़ाया और यह और भी बड़ी हिट साबित हुई, जिसने दुनिया भर में लगभग ₹342 करोड़ की कमाई की थी।

4 गोलों से ब्राजील ने भारत को फुटबॉल मैच में हराया

भारत ने शुरुआती 25 मिनट तक डटकर मुकाबला किया, लेकिन पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील ने शनिवार को खेले गए फीफा अंतरराष्ट्रीय मैत्री मुकाबले में मेहमान टीम को 4-0 की करारी जीत दर्ज की।दोनों टीमों के बीच के स्तर का बड़ा अंतर बिलकुल साफ दिखा।

2026 विश्व कप के प्री-क्वार्टर फाइनल से बाहर होने के बाद नए सिरे से टीम तैयार कर रहे कार्लो एंसेलोटी की ‘नयी लुक’ वाली ब्राजील की टीम ने इस ऐतिहासिक मैत्री मुकाबले में ज्यादातर समय अपनी सहज गति से खेलते हुए मैच पर नियंत्रण बनाए रखा और उसे बहुत ज्यादा तेजी दिखाने की जरूरत नहीं पड़ी।

भारत को 51,402 दर्शकों की का समर्थन मिला लेकिन इसके बावजूद टीम शुरूआती 25 मिनट में मिले कुछ अच्छे मौकों को पर गोल नहीं कर सकी।

ब्राजील के लिए एस्तेवाओ ने 28वें मिनट, पेड्रो ने 42वें मिनट और सैमुअल लिनो ने 58वें और 90+5वें मिनट में गोल किए।

ब्राजील अपनी पूरी ताकत से नहीं खेला लेकिन फिर भी मुकाबले पर अपना नियंत्रण बनाए रखा।

44वीं रैंकिंग वाली पनामा के खिलाफ 1-1 की जुझारू बराबरी के बाद मैदान पर उतरी भारतीय टीम को इस बार कहीं अधिक मजबूत प्रतिद्वंद्वी का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद खालिद जमील के मार्गदर्शन वाली टीम ने ब्राजील को कड़ी टक्कर दी।

जमील ने पनामा के खिलाफ मैच की टीम में दो बदलाव किए। उन्होंने अपुइया और रिकी शाबोंग की जगह अनुभवी मिडफील्डर अनिरुद्ध थापा और सहल अब्दुल समद को टीम में शामिल किया।

शुरुआती चरणों में भारतीय टीम ब्राजील को परेशान करती रही। रियाल मैड्रिड के स्टार विनिसियस ने दो बार गुरप्रीत सिंह संधू की परीक्षा ली जिसमें अभिषेक सिंह को छकाने के बाद लगाया गया शॉट भी शामिल था। लेकिन भारतीय गोलकीपर डटा रहे।

एंसेलोटी ने टीम में कई बदलाव किए थे जिसमें पेड्रो मोरिस्को ने नियमित गोलकीपर और माउरो जूनियर की जगह ली जबकि गैब्रियल बोंटेम्पो, आंद्रेई सैंटोस और माथेउजिन्हो को भी मौका दिया गया।

ब्राजील ने 28वें मिनट में एस्तेवाओ के गोल से बढ़त बना ली। फिर पेड्रो और लिनो ने दक्षिण अमेरिकी टीम के लिए गोल दागे। 

Asian Games 2026: भारत ने ओलंपिक 2028 के लिए किया क्वालीफाई! हरमनप्रीत सिंह की टीम ने लगातार दूसरी बार जीता एशियाई हॉकी का गोल्ड

Asian Games 2026: कप्तान हरमनप्रीत सिंह के दो गोल की मदद से भारत ने शनिवार (3 अक्टूबर) को मलेशिया को एकतरफा फाइनल में 5.1 से हराकर एशियाई खेलों की पुरूष हॉकी का गोल्ड मेडल अपने पास बरकरार रखा। इसी के साथ भारतीय हॉकी टीम ने 2028 ओलंपिक के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। इससे एक दिन पहले महिला टीम ने गत चैम्पियन और ओलंपिक रजत पदक विजेता चीन को 1.0 से हराकर 44 साल बाद एशियाई खेलों में गोल्ड जीता और ओलंपिक का टिकट कटाया था।

यह पहली बार हुआ है कि एक ही एशियाई खेलों में भारत की महिला और पुरूष दोनों टीमों ने स्वर्ण जीता है। पिछले महीने नीदरलैंड और बेल्जियम में विश्व कप में निराशाजनक आठवें स्थान पर रहने के बाद हरमनप्रीत सिंह की टीम ने शानदार वापसी की। कप्तान हरमनप्रीत (11वें और 57वें मिनट), जुगराज सिंह (23वें मिनट), हार्दिक सिंह (42वें मिनट) और शिलानंद लाकड़ा (54वें मिनट) ने भारत के लिये गोल दागे । मलेशिया के लिये एकमात्र गोल 14वें मिनट में शेलो सिल्वेरियस ने किया।

हरमनप्रीत ने टूर्नामेंट में सर्वाधिक 12 गोल दागे। इसके साथ ही वह लगातार दो एशियाई खेलों में गोल्ड जीतने वाले पहले भारतीय कप्तान बन गए हैं। भारत के सबसे अनुभवी खिलाड़ी मनप्रीत सिंह तीन एशियाई खेलों में खिताब जीतने वाले एकमात्र भारतीय खिलाड़ी बन गए। वह 2014 और 2022 खेलों में गोल्ड मेडलिस्ट विजेता टीम का भी हिस्सा थे।

भारत को अधिक मिले पेनल्टी कॉर्नर

भारत को मैच में 14 जबकि मलेशिया को दो बार पेनल्टी कॉर्नर मिले। इस जीत के साथ लगातार दो एशियाई खेलों में गोल्ड जीतने वाला पाकिस्तान के बाद भारत दूसरा देश बन गया है। भारत ने 1966, 1998, 2014 और 2022 में खिताब जीता था। पहले हाफ में मलेशियाई खिलाड़ियों ने अपनी चपलता से भारतीयों को काफी परेशान किया। लेकिन दूसरे हाफ में भारत का प्रदर्शन बेहतर रहा।

पहले क्वार्टर में भारतीयों में तालमेल की कमी दिखीट। ट्रैपिंग भी खराब थी। सर्कल के भीतर भी अच्छे पास नहीं दे पा रहे थे। भारत को छठे मिनट में गोल करने का मौका मिला। लेकिन विवेक सागर प्रसाद की रिवर्स हिट गोल के ऊपर से चली गई। दो मिनट बाद हार्दिक सिंह को सर्कल के भीतर नीलाकांता शर्मा ने पास दिया। लेकिन शॉट इतना कमजोर था कि मलेशिया ने आसानी से बचा लिया।

हरमनप्रीत ने दागा गोल

भारत को 11वें मिनट में लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले। दूसरे पर हरमनप्रीत ने गोल दागा। गोल गंवाने के बाद मलेशिया ने जवाबी हमले बोले और फैजल सारी भारतीय सर्कल में कई बार घुसे। मलेशिया के लिये बराबरी का गोल शेलो ने 14वें मिनट में दागा। हवा में आई गेंद को कब्जे में लेकर उन्होंने दमदार शॉट सीधे गोल के भीतर निशाना करके साधा जिसे गोलकीपर सूरज करकेरा रोक नहीं सके।

दूसरे हाफ में भारत का शानदार प्रदर्शन

दूसरे क्वार्टर में मलेशिया को पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन गोल नहीं हो सका। वीडियो रेफरल पर मलेशिया को फिर पेनल्टी कॉर्नर दिया गया और फिर वे नाकाम रहे। भारत ने 23वें मिनट में चौथे पेनल्टी कॉर्नर पर बढत बना ली। हरमनप्रीत मैदान के बाहर थे और जुगराज ने यह गोल दागा। दूसरे हाफ में भारत ने बेहतर प्रदर्शन किया।

ये भी पढ़ें- Asian Games 2026: खत्म हुआ 44 साल का इंतजार! हॉकी में चीन को हरा भारत की बेटियों ने जीता गोल्ड, ओलंपिक टिकट भी पक्का

42वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक बनाया जब पेनल्टी कॉर्नर पर गेंद मलेशियाई रशर के शरीर से टकराई। हार्दिक ने इसे गोल में बदला। चौथा गोल अभिषेक के पास पर शिलानंद ने दागा। हरमनप्रीत ने हूटर से तीन मिनट पहले पेनल्टी कॉर्नर तब्दील करके भारत की 5.1 से जीत तय कर दी।

भारत ने पाकिस्तान को 19 रनों से हराया

अभिषेक शर्मा (61), तिलक वर्मा (नाबाद 51) और शिवम दुबे (27 रन/ दो विकेट) के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने शनिवार को एशियाई खेल 2026 की क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 19 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया।

212 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान के लिए कप्तान साहिबजादा फरहान और माज सदाकत की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 33 रन जोड़े। चौथे ओवर में वॉशिंगटन सुदंर ने साहिबजादा फरहान (10) को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। अगले ही ओवर में अक्षर पटेल ने उस्मान खान (तीन) रन का शिकार कर लिया। पाकिस्तान का तीसरा विकेट सातवें ओवर में माज सदाकत (23) रन के रूप में गिरा। इसके बाद हसन नवाज और सैम अयूब की जोड़ी ने पाकिस्तान की पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट लिए 87 रन जोड़कर पाकिस्तान की मैच में वापसी कराई।

15वें ओवर में शिवम दुबे ने सैम अयूब (29) को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। 18वें ओवर में वॉशिंगटन सुंदर ने अब्दुल समद (नौ) रन को आउट कर पाकिस्तान को पांचवां झटका दिया। इस दौरान हसन नवाज एक छोर थामे तेजी के साथ रन बनाते रहे। शिवम दुबे ने उन्हें मैच की आखिरी गेंद पर विकेटकीपर संजू सैमसन के हाथों कैच आउट कराया। उन्होंने 51 गेंदों में पांच चौके और सात छक्कों की मदद से (96) रनों की पारी खेली। पाकिस्तान की टीम निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 192 रन ही बना सकी और मुकाबला 19 रनों से हार गई। भारत के लिए शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट लिये।

Also Read : मुंबई में जंतर मंतर जैसा प्रदर्शन

इससे पहले आज यहां अभिषेक शर्मा (61) और तिलक वर्मा (नाबाद 51) की आतिशी अर्धशतकीय पारियों के दम पर भारत ने पाकिस्तान को जीत के लिए 212 रनों का लक्ष्य दिया था। भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को तीसरे ओवर की पहली गेंद पर वैभव सूर्यवंशी (15) रन के रूप में पहला झटका लगा। अगले ही ओवर में संजू सैमसन (दो) रन बनाकर पवेलियन लौट गये। इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने अभिषेक शर्मा के साथ पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 42 रनों की साझेदारी हुई। आठवें ओवर में अराफात मिन्हास ने अभिषेक शर्मा को स्टंप आउट कराकर इस साझेदारी को तोड़ा। अभिषेक ने 28 गेंदों में तीन चौके और सात छक्के उड़ाते हुए (61) रनों की पारी खेली।

13वें ओवर में इशान किशन (20) रन और अगले ओवर में श्रेयस अय्यर (21) रन बनाकर आउट हुये। शिवम दुबे ने 15 गेंदों में दो चौके और दो छक्के उड़ाते हुए (27) रनों की पारी खेली।भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 211 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। तिलक वर्मा ने 22 गेंदों में तीन चौके और चार छक्के उड़ाते हुए (नाबाद 51) रनों की पारी खेली। पाकिस्तान की ओर से अराफात मिन्हास और अहमद दनियाल ने दो-दो विकेट लिये। सैम अयूब और अबरार अहमद ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

Pic Credit : UNI

भारत ने पाकिस्तान को 19 रनों से हराकर जीता एशियाड गोल्ड मेडल

INDvsPAK

INDvsPAK भारत ने जापान में खेले जा रहे एशियाई खेलों के गोल्ड मेडल मैच में पाकिस्तान को कड़े मुकाबले में 23 रनों से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 212 रन बनाए। जिसके जवाब में पाकिस्तान अंतिम ओवर तक लड़कर भी इस लक्ष्य को प्राप्त नहीं कर पाया और 19 रनों से मैच गंवा बैठा।

212 रनों के पहाडनुमा लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम औसत से बेहतर रही लेकिन पॉवरप्ले में ही कप्तान साहिबज्यादा फरहान और कीपर उस्मान खान का विकेट खोने के बाद ऐसा लग रहा था कि मैच एकतरफा हो जाएगा। लेकिन हसन नवाज की विस्फोटक 96 रनों की पारी ने पाकिस्तान को हमेशा मैच में रखा। उनका विकेट अंतिम गेंद पर गिरा।

भारत ने एशिया कप की तरह ही इस बार भी पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया। पाकिस्तान को सिल्वर मेडल मिलेगा। इससे पहले सुबह खेले गए मुकाबले में श्रीलंका ने बांग्लादेश को हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया था।

भारत की प्लेइंग XI: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह।

पाकिस्तान की प्लेइंग XI: साहिबजादा फरहान (कप्तान), माज सदाकत, उस्मान खान (विकेटकीपर), सईम अयूब, हसन नवाज, अब्दुल समद, अराफात मिन्हास, अहमद दानियाल, साद मसूद, अबरार अहमद, सुफियान मुकीम।