Asian Games के रोमांचक सेमीफाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 4-3 से हराकर किया पदक पक्का

INDvsPAK एशियाड 2026 में भारत ने पाकिस्तान को एक बेहद करीबी मुकाबले में 4-3 से हरा दिया और फाइनल में जगह बना ली। अब भारतीय पुरुष हॉकी टीम स्वर्ण पदक और लॉस एंजलिस ओलंपिक में स्वत प्रवेश पाने से सिर्फ एक कदम दूर है। कुछ सालों में भारत पाकिस्तान के मुकाबले एकतरफा होते थे लेकिन यह मुकाबला अंतिम मिनट तक चला। पहले भारत ने बढ़त बनाई उसके बाद पाकिस्तान ने बराबरी की और अंतिम मिनट में अभिषेक ने गोल दागा।

भारत ने पहले हाफ में तीन गोल करके 3-0 से बढत बना ली थी लेकिन दूसरा हाफ पाकिस्तान के नाम रहा जिसने तीन गोल करके स्कोर 3-3 कर दिया। ऐसा लग रहा था कि मैच पेनल्टी शूटआउट तक जायेगा लेकिन आखिरी सीटी बजने से कुछ सेकंड पहले अभिषेक ने गोल करके भारत को फाइनल में पहुंचाया।

फाइनल शनिवार को खेला जायेगा जिसमें भारत का सामना मलेशिया या कोरिया से होगा।भारत के लिये कप्तान हरमनप्रीत सिंह (पांचवां और 13वां मिनट) ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किये जबकि सुखजीत सिंह (23वां) और अभिषेक (60वां) ने फील्ड गोल दागे। पाकिस्तान के लिये कप्तान अबू बकर ने 30वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर पहला गोल किया जबकि शाहिद हन्नान (45वां) और राणा वाहिद (49वां) ने पांच मिनट के भीतर दो गोल दागे।

Asian Games सेमीफाइनल में श्रीलंका को 124 रनों से रौंदकर फाइनल में पहुंचा भारत

कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए एक बेमेल मुकाबले में भारतीय टीम ने 124 रनों से श्रीलंका को हराकर सेमीफाइनल जीता और शान से एशियाड फाइनल के मुकाबले में प्रवेश किया।

श्रींलका ने गेंदबाजी चुनकर भारत के शुरुआती विकेट तो झटके लेकिन 46 गेंदों में ईशान किशन की 80 रनों की पारी ने भारत को विजयी स्कोर (170 रनों) तक पहुंचा दिया। किशन ने 4 चौके और 5 छक्के लगाए वहीं बिहार के ही सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 21 गेंदों में 6 चौके और 2 छक्कों की बदौलत 38 रन बनाए।

अभिषेक (तीन गेंद में सात रन) ने श्रीलंका के कप्तान साहन अराछिगे को छक्का लगाया लेकिन उसके बाद ऊंचा शॉट खेलने के प्रयास में शॉर्ट थर्डमैन पर कैच दे बैठे।सैमसन ने नौ गेंद में सात रन बनाये और स्पिनर थारिंडु रत्नायके की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे।तीन ओवर स्पिनरों से कराने के बाद बायें हाथ के तेज गेंदबाज बिनुरा फर्नांडो को चौथे ओवर में गेंद सौंपी गई। सूर्यवंशी ने उन्हें लगातार चौके जड़कर दबाव में ला दिया।

थारिंडु के तीसरे ओवर में सूर्यवंशी ने उन्हें लांग आन पर छक्का लगाया। पावरप्ले के बाद भारत का स्कोर दो विकेट पर 58 रन था। 15 वर्ष के सूर्यवंशी को अराछिगे ने शॉर्ट थर्डमैन पर लपकवाकर पवेलियन भेजा।कप्तान श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल बीच के ओवरों में आउट हो गए जिससे रनगति धीमी पड़ी। ईशान ने हालांकि चार चौकों और चार छक्कों की अपनी पारी के दम पर भारत को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया।

गेंदबाजी करने आए जसप्रीत बुमराह ने बिना खाता खोले ही श्रीलंका के दो विकेट पहले ही ओवर में ले लिए। यहां से श्रीलंका कभी उबर ही नहीं पाया और दबाव में विकेट खोता चला गया। सिर्फ नुवांदु फर्नाडो ही 15 रन बना पाए। जसप्रीत बुमराह समेत अक्षर पटेल और अभिषेक शर्मा ने 2-2 विकेट लिए और श्रीलंका को 9.5 ओवर में ही 45 रनों पर समेट दिया।

Drishyam 3 Cast Fees: ‘दृश्यम 3’ के लिए अजय देवगन ने वसूले 18 करोड़, जानें तब्बू से लेकर जयदीप अहलावत को कितने मिले पैसे!

Drishyam 3 Cast Fees: अजय देवगन अपनी मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘दृश्यम 3 द कन्क्लूजन’ की रिलीज की तैयारी कर रहे हैं। फैंस उन्हें बड़े पर्दे पर विजय सलगांवकर के रूप में देखने के लिए बेकरार हैं। क्या आप जानते हैं कि इस फिल्म में अपने रोल के लिए वे कितनी फीस ले रहे हैं? आइए जानते हैं।

‘दृश्यम 3’ के लिए अजय देवगन की फीस

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ‘दृश्यम 3 द कन्क्लूजन’ में विजय सलगांवकर का रोल निभाने के लिए अजय देवगन को 18 करोड़ रुपये से 22 करोड़ रुपये के बीच फीस दी जा रही है। खबरों के मुताबिक नवंबर 2022 में रिलीज हुई ‘दृश्यम 2’ के लिए एक्टर ने 30 करोड़ रुपये लिए थे। हालांकि पहली ‘दृश्यम’ (2015) फिल्म के लिए उनकी फीस के बारे में कोई खास आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं है।

तब्बू ने कितने रुपए किए चार्ज?

जहां अजय देवगन को ‘दृश्यम 3’ में अपने रोल के लिए 18-22 करोड़ रुपये मिल रहे हैं। वहीं News24 की एक रिपोर्ट का दावा है कि तब्बू को इस फिल्म के लिए लगभग 2.5 करोड़ रुपये से 3.5 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं। वे फिल्म में मीरा देशमुख का रोल निभा रही हैं। जबकि श्रिया सरन अपने नंदिनी सलगांवकर के किरदार के लिए 1 करोड़ रुपये की फीस ले रही है। हालांकि ‘दृश्यम 3’ के मेकर्स ने इनमें से किसी भी आंकड़े की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

इशिता दत्ता की फीस

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इशिता दत्ता 50 लाख रुपये मिल रहे हैं। जबकि रजत कपूर फिल्म में अपने किरदार के लिए 40 लाख से 70 लाख रुपये के बीच मिल रहे हैं। ‘दृश्यम 3 द कन्क्लूजन’ में जयदीप अहलावत भी एक अहम भूमिका में नजर आएंगे। हालांकि अभी उनकी फीस के बारे में कोई जानकारी नहीं है।

अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी ‘दृश्यम द कन्क्लूजन’ 2 अक्टूबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में यह पता चलेगा कि क्या विजय एक बार फिर जांच में आगे रह पाते हैं, जबकि उनका अतीत लगातार उनका पीछा कर रहा है।

1 अक्टूबर से महंगे हो सकते हैं AC, फ्रिज और TV! सामने आई कीमत बढ़ने की वजह

त्योहारों का सीजन बस शुरू होने वाला है और अक्टूबर आते ही लोग घर की जरूरत का सामान खरीदने की तैयारी करने लगते हैं। अगर आप भी इस बार नई वॉशिंग मशीन, LED TV या फ्रिज खरीदने का प्लान बना रहे हैं, तो आपके लिए एक जरूरी खबर है। दरअसल, 1 अक्टूबर 2026 से इन सामानों की कीमत बढ़ सकती है। ऐसे में त्योहारी ऑफर्स का इंतजार करने से पहले कीमतों में होने वाले बदलाव पर नजर रखना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है।

जाने-माने टिप्सटर अभिषेक यादव के अनुसार, AC की कीमतें 5% से 8% तक बढ़ सकती हैं, जबकि कुछ ब्रांड दूसरे होम अप्लायंस की कीमतों में भी करीब 3% से 4% तक इजाफा कर सकते हैं। यह संभावित कीमत बढ़ोतरी ऐसे समय में सामने आई है, जब दिवाली का शॉपिंग सीजन आने वाला है। इस दौरान आमतौर पर लोग घर के लिए नए इलेक्ट्रॉनिक्स और होम अप्लायंस खरीदना पसंद करते हैं।

फ्रिज, वॉशिंग मशीन और टीवी की कीमतें भी बढ़ सकती हैं

लीक हुई जानकारी के अनुसार, कीमतों में बढ़ोतरी सिर्फ एयर कंडीशनर तक ही सीमित नहीं है। कुछ मैन्युफैक्चरर्स के कीमतें बदलने की वजह से रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन और LED टेलीविजन के भी महंगे होने की संभावना है।

यादव ने X पर लिखा कि Haier टेलीविजन और वॉशिंग मशीन की कीमतों में लगभग 2% से 3% की बढ़ोतरी करने की योजना बना रहा है। वहीं, Blue Star, Godrej और अन्य ब्रांड्स ने भी कीमतों में बढ़ोतरी की पुष्टि की है, हालांकि अलग-अलग ब्रांड्स के लिए इसे लागू करने की तारीखें अलग-अलग हो सकती हैं।

यादव ने X पर लिखा, “LG 1 अक्टूबर से AC की कीमतों में 5 से 7% की बढ़ोतरी कर रहा है, Haier AC पर लगभग 5% और TV व वॉशिंग मशीन पर 2 से 3% की बढ़ोतरी कर रहा है, और Blue Star, Godrej व अन्य ने भी बढ़ोतरी की पुष्टि की है। कुछ अक्टूबर से और कुछ नवंबर से।”

आखिर क्यों बढ़ रही हैं होम अप्लायंस की कीमतें?

होम अप्लायंस की कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे कई वजहें हो सकती हैं। इनमें कच्चे माल और सामान की ढुलाई यानी ट्रांसपोर्टेशन की बढ़ती लागत प्रमुख कारण मानी जा रही है। फ्रिज, वॉशिंग मशीन और TV जैसे प्रोडक्ट बनाने में कॉपर, स्टील और प्लास्टिक जैसी चीजों का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होता है। इसके अलावा, सामान को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने का खर्च बढ़ने से भी कंपनियों की कुल लागत बढ़ सकती है।

टिप्स्टर अभिषेक यादव ने कीमतों में बढ़ोतरी की वजह बताते हुए महंगे कॉपर, स्टील, प्लास्टिक और बढ़ी हुई फ्रेट लागत का जिक्र किया है। उनके मुताबिक, इस साल कंपनियों की ओर से यह तीसरी बार कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है।

अगर कंपनियों की प्रोडक्शन और ट्रांसपोर्ट लागत आगे भी बढ़ती रहती है, तो आने वाले महीनों में होम अप्लायंस की कीमतों में और बदलाव देखने को मिल सकते हैं। हालांकि, कीमत कितनी बढ़ेगी और कब से लागू होगी, यह हर कंपनी के फैसले पर निर्भर करेगा।

यह भी पढ़ें: Flipkart Big Billion Days Sale में Galaxy S25 और S25 FE की कीमत होगी कम, मिलेंगे ये बड़े ऑफर्स

विपक्ष की बैठक आज

नई दिल्ली। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर में हुई गड़बड़ियों और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की मनमानियों को लेकर हुए खुलासे के बाद विपक्षी पार्टियों की एक अहम बैठक बुधवार को होगी। विपक्षी गठबंधन यानी ‘इंडिया’ ब्लॉक की पार्टियों के नेताओं की यह बैठक दिल्ली में होगी। हालांकि बैठक से पहले विपक्ष का बिखराव भी साफ दिख गया है। कई पार्टियों के नेता इसमें नहीं शामिल हो रहे हैं।

पिछली बैठक की ही तरह इस बार भी डीएमके और आम आदमी पार्टी इस बैठक में नहीं शामिल होंगे। गौरतलब है कि इस बैठक के समन्वय का काम कांग्रेस पार्टी देख रही है और बताया जा रहा है कि उसने आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को न्योता नहीं दिया। बहरहाल, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव भी बैठक में नहीं शामिल होंगे। यह भी कहा जा रहा है कि उनके चाचा रामगोपाल यादव भी बैठक से दूर रहेंगे और पार्टी की ओर से कोई अन्य नेता शामिल होगा। उद्धव ठाकरे भी बैठक के लिए दिल्ली नहीं आ रहे हैं। वे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक में शामिल होंगे।

विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ ब्लॉक की पिछले तीन साल में यह आठवीं बैठक है। जून 2024 में लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद यह तीसरी बैठक है। लोकसभा के चुनाव नतीजों के तुरंत बाद एक बैठक हुई थी। उसके दो साल बाद आठ जून 2026 को बैठक हुई थी। उसमें एसआईआर और चुनाव आयोग को लेकर चर्चा हुई। उसमें तय हुआ था कि दो महीन बाद अगस्त में हैदराबाद में बैठक होगी। लेकिन वह बैठक नहीं हुई। ‘इंडियन एक्सप्रेस’ की खोजी रिपोर्ट के बाद ममता बनर्जी ने विपक्ष की बैठक बुलाने की पहल की।

बहरहाल, बैठक से एक दिन पहले मंगलवार को बताया गया कि अखिलेश यादव 30 सितंबर को लखनऊ में किसानों के सम्मेलन में शामिल होंगे। कहा जा रहा है कि उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से इस बारे में बात भी की है। हालांकि कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि अखिलेश राज्यसभा चुनाव के नामांकन से जुड़ी व्यस्तता के कारण नहीं आएंगे।

बैठक में कांग्रेस की ओर से मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी शामिल होंगे। तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी भी इसमें शामिल होंगे। राजद के तेजस्वी यादव, जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और सीपीएम के महासचिव एमए बेबी बैठक में शामिल होंगे। शरद पवार की पार्टी के भी बैठक में शामिल होने की खबर है। गौरतलब है कि पिछले दिनों एमए बेबी ने दिल्ली में अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की थी। लेकिन उन्होंने केजरीवाल को बैठक का न्योता नहीं दिया क्योंकि यह काम कांग्रेस को करना है।

अब दिल्ली-नोएडा भागने की जरूरत नहीं! काशी में खुलेगा अपोलो का 400 बेड वाला हाईटेक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल

Apollo Hospital Varanasi: यूपी का वाराणसी मेडिकल का बड़ा हब बनता जा रहा है। टाटा कैंसर संस्थान, शंकर नेत्रालय के बाद अब अपोलो अस्पताल का बड़ा केंद्र भी यहां खुलेगा। अपोलो अस्पताल के इस सेंटर में मरीजों को वर्ल्ड क्लास सुविधाएं मिलेंगी। शहर के बड़ा लालपुर इलाके में 400 बेड वाले इस मल्टी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का निर्माण होगा। इसका काम भी शुरू हो चुका है। सिर्फ अपोलो ही नहीं, बल्कि मेदांता ग्रुप भी वाराणसी में हाईटेक अस्पताल खोलने की तैयारी में है।

लग गई फाइनल मुहर

वाराणसी के बड़ा लालपुर ट्रेड फैसिलिटी सेंटर के करीब 13 हजार वर्ग मीटर में इस हाईटेक अस्पताल का निर्माण हो रहा है। वाराणसी विकास प्राधिकरण ने अपोलो मेडिक्स इंटरनेशनल लाइफ साइंस लिमिटेड द्वारा प्रस्तावित 400 बेड के इस अस्पताल के नक्शे पर मुहर भी लगा दी है। इस अस्पताल में डबल बेसमेंट के साथ ग्राउंड फ्लोर सहित 7 फ्लोर हैं। डबल फ्लोर वाले इस बेसमेंट में करीब 400 फोर व्हीलर वाहन खड़े हो सकेंगे।

एक ही छत के नीचे मिलेगा सबकुछ

इस हाईटेक सुपर मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल में कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, पीडियाट्रिक्स, गायनेकोलॉजी सहित कई सुविधाएं मिलेंगी। इसके अलावा जनरल सर्जरी, आईवीएफ सेंटर, मॉडर्न ओटी, आईसीयू सहित लेबोरेटरी, सीटी स्कैन (CT Scan), एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और एमआरआई जैसी एडवांस्ड जांच सुविधाएं मरीजों को एक ही छत के नीचे मिलेंगी। इस सेंटर में बड़े शहरों के एक्सपर्ट डॉक्टर्स मरीजों का इलाज करेंगे। 400 बेड वाले इस हाईटेक अस्पताल के निर्माण में 189 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

बन रहा मेडिकल हब

वाराणसी के डीएम सत्येंद्र कुमार ने बताया कि वाराणसी मेडिकल का बड़ा हब बन रहा है। यहां पहले से आईएमएस बीएचयू, आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के अलावा अगले साल तक राजकीय मेडिकल कॉलेज भी शुरू हो जाएगा। इसके अलावा प्राइवेट सेक्टर के कई बड़े अस्पताल भी यहां इन्वेस्टमेंट कर रहे हैं, जिससे आने वाले समय में यहां और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। फिलहाल अपोलो अस्पताल के सेंटर का निर्माण यहां हो रहा है। मेदांता ग्रुप के लोग भी यहां इसके लिए जमीन तलाश रहे हैं।

पूर्वांचल और बिहार के मरीजों को सीधा फायदा

इसका फायदा वाराणसी सहित न सिर्फ पूर्वांचल के जिलों को मिलेगा, बल्कि बिहार-झारखंड से नोएडा और लखनऊ जैसे शहरों का रुख करने वाले मरीज भी वाराणसी में आकर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। बता दें कि फिलहाल बीएचयू अस्पताल में हर दिन बिहार और दूसरे राज्यों से हजारों मरीज इलाज के लिए आते हैं।

 रिपोर्ट- अभिषेक जायसवाल

मोदी की डिग्री सार्वजनिक नहीं होगी

अहमदाबाद। गुजरात हाई कोर्ट ने आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल की याचिका खारिज कर दी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की डिग्री सार्वजनिक करने की बार बार मांग करने की वजह से उनके ऊपर लगाए गए 25 हजार रुपए के जुर्माने को भी बरकरार रखा है। हाई कोर्ट के फैसले के बाद कम से कम अभी तुरंत प्रधानमंत्री मोदी की डिग्री सार्वजनिक नहीं होगी। केजरीवाल पर लगाए गए इस आरोप को हाई कोर्ट ने स्वीकार किया है कि उन्होंने विश्वविद्यालय की छवि खराब करने का काम किया।

असल में अरविंद केजरीवाल ने 2016 में केंद्रीय सूचना आयोग को चिट्ठी लिखकर मांग की थी कि पीएम नरेंद्र मोदी की डिग्री सार्वजनिक की जानी चाहिए। अप्रैल 2016 में सीआईसी ने दिल्ली यूनिवर्सिटी और गुजरात यूनिवर्सिटी को निर्देश दिया था कि पीएम मोदी की डिग्री से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराएं। लेकिन, सीआईसी के फैसले के खिलाफ यूनिवर्सिटी गुजरात हाई कोर्ट पहुंच गई थी। हाई कोर्ट ने सीआईसी के आदेश को रद्द कर दिया था।

इस फैसले के खिलाफ केजरीवाल ने हाई कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दायर की। लेकिन हाई कोर्ट की सिंगल बेंच ने 31 मार्च, 2023 को अपना फैसला बरकरार रखते हुए उन पर 25 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया था। इसके बाद केजरीवाल ने हाई कोर्ट की डबल बेंच में याचिका लगाई थी, जिसका फैसला मंगलवार, 29 सितंबर को आया। केजरीवाल की ओर से वरिष्ठ वकील अभिषेक सिंघवी ने दलील रखी थी तो यूनिवर्सिटी की ओर से भारत सरकार के नंबर दो कानून अधिकारी यानी सॉलिसीटर जनरल तुषार मेहता पेश हुए थे।

iPhone Duo और Galaxy Z Fold 8 Ultra को टक्कर देने आ रहा Vivo X Fold 6, जानें लॉन्च डेट और कीमत

Vivo X Fold 6: भारत में फोल्डेबल स्मार्टफोन का मार्केट और ज्यादा कॉम्पिटिटिव होता जा रहा है, क्योंकि Apple भी iPhone Duo के साथ इस सेगमेंट में एंट्री कर ली है। हालांकि, मार्केट में पहले से ही Samsung Galaxy Z Fold 8 Ultra, Galaxy Z Fold 8 और Google Pixel 11 Pro Fold मौजूद हैं। लेकिन अब, Vivo भी अपना नया फोल्डेबल फोन भारत में लाने की तैयारी में है। ऐसे में आने वाले दिनों में फोल्डेबल फोन के बाजार में मुकाबला और दिलचस्प हो सकता है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रीमियम फोल्डेबल सेगमेंट में Google, Apple और Samsung को टक्कर देने के लिए चीनी टेक कंपनी अगले महीने भारत में अपना लेटेस्ट बुक-स्टाइल फोल्डेबल, Vivo X Fold 6 लॉन्च कर सकती है।

टिपस्टर अभिषेक यादव की X पोस्ट के अनुसार, Fold X 5 का सक्सेसर 6 अक्टूबर को लॉन्च हो सकता है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक भारत में लॉन्च की तारीख की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन रिपोर्ट्स बताती हैं कि ग्लोबल लॉन्च 1 अक्टूबर को हो सकता है और उसके कुछ दिनों बाद भारत में लॉन्च किया जा सकता है।

बता दें कि Vivo ने पहले ही कन्फर्म कर दिया था कि X Fold 6 को चुनिंदा ग्लोबल मार्केट में लॉन्च किया जाएगा।

उम्मीद की जा रही है कि भारत में आने वाला मॉडल दो स्टोरेज कॉन्फिगरेशन में उपलब्ध होगा। इनमें 12GB RAM के साथ 256GB स्टोरेज और 12GB RAM के साथ 512GB स्टोरेज शामिल हो सकते हैं। साथ ही, यह भी कहा जा रहा है कि यह फोन Prism Black और Nebula Teal कलर ऑप्शन में आएगा।

फिलहाल, ये जानकारी लीक पर आधारित है और जब तक Vivo कोई आधिकारिक घोषणा नहीं करता, तब तक इसे कन्फर्म नहीं माना जाना चाहिए।

Vivo X Fold 6 के स्पेसिफिकेशन्स

Vivo X Fold 6 को चीन में पहले ही लॉन्च किया जा चुका है, जिससे हमें भारत में आने वाले मॉडल के बारे में अच्छी जानकारी मिल जाती है। इस फोल्डेबल फोन में 8.02-इंच का AMOLED इनर डिस्प्ले और 6.51-इंच का कवर डिस्प्ले है, और दोनों ही स्क्रीन 120Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करती हैं।

फोन के अंदर MediaTek Dimensity 9500 Super चिपसेट दिया गया है। इसमें 7,000mAh की बड़ी बैटरी भी है, जो 80W वायर्ड चार्जिंग और 40W वायरलेस चार्जिंग को सपोर्ट करती है।

कैमरे की बात करें तो, Vivo X Fold 6 में Zeiss ट्यूनिंग वाला ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। इसका मेन कैमरा 200MP का है। फोन में प्रीमियम बिल्ड के साथ IP59 रेटिंग मिलने की भी उम्मीद है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, Vivo X Fold 6 ऐसे सेगमेंट में आएगा जहां Apple और Samsung के पास पहले से ही बेहतरीन प्रीमियम फोल्डेबल फोन मौजूद हैं। Apple के iPhone Duo में 7.6-इंच का फोल्डेबल डिस्प्ले है, जबकि Samsung के Galaxy Z Fold 8 Ultra में 8-इंच का इंटरनल डिस्प्ले है।

फिलहाल, Vivo ने अभी तक भारत में इसकी कीमत के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। लेकिन चीन में X Fold 6 की शुरुआती कीमत CNY 7,999 है, जबकि पिछला Vivo X Fold 5 भारत में ₹1,59,999 में लॉन्च हुआ था। लीक हुई जानकारी के अनुसार, उम्मीद है कि Vivo का नया फोल्डेबल फोन भारत में ₹1,79,999 की शुरुआती कीमत पर लॉन्च हो सकता है।

यह भी पढ़ें: Flipkart Big Billion Days Sale 2026: iPhone 17 से Google Pixel 11 तक, इन स्मार्टफोन्स पर मिलेंगे धांसू ऑफर्स

Asian Games में अय्यर, बुमराह, अक्षर का क्या काम जब वनडे विश्वकप है सामने

भारतीय क्रिकेट टीम के चयन मापदंड एक बार फिर कटघरे में खड़े हो गए हैं। भारतीय टीम एक ओर वेस्टइंडीज के खिलाफ एकदिवसीय विश्वकप की तैयारी के लिए एकदिवसीय सीरीज खेल रही है वहीं एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल का बचाव करने के लिए जापान पहुंची हुई है।

ऐसे में क्रिकेट विशेषज्ञों ने बोर्ड की रक्षात्मक रवैये की आलोचना की है।  भारत ने जसप्रीत बुमराह, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन समेत कई विश्वविजेता खिलाड़ी शामिल किए हैं। जबकि अफगानिस्तान समेत अन्य एशियाई देशों ने अपनी दूसरे कतार की टीम जापान भेजी है।  अगर एशियाई खेलों के लिए भी टीम को शीर्ष खिलाड़ियों की जरुरत है तो अगले साल होने वाले एकदिवसीय विश्वकप की तैयारियों को ताक पर क्यों रखा गया।

 

चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने की बजाए एशियाड में कप्तानी कर रहे श्रेयस अय्यर

श्रेयस अय्यर टी-20 के कप्तान है लेकिन वनडे टीम में नंबर 4 पर बल्लेबाजी करने के लिए उतरते हैं। उनकी जगह वनडे टीम में ऋतुराज गायकवाड़ को लिया गया है। श्रेयस अय्यर का हालिया फॉर्म नासाज है और इंग्लैंड दौरे पर वह 3 मैचों में से सिर्फ एक मैच में अर्धशतक बना पाए थे वहीं न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू एकदिवसीय सीरीज में भी वह फ्लॉप रहे थे।

ऐसे में उनको एकदिवसीय टीम के साथ मैच खेलने की जरुरत है ना कि कमजोर टीम के खिलाफ स्वर्ण पदक जीतने की।

अक्षर पटेल की जगह रविंद्र जड़ेजा एकदिवसीय टीम में

ऐसा माना जा रहा था कि अक्षर पटेल रविंद्र जड़ेजा की जगह एकदिवसीय टीम में ले चुके हैं लेकिन चयनकर्ताओं ने एक बार फिर बैक गियर डाल दिया। 7 मैच और 300 गेंदों से विकेट के लिए तरस रहे रविंद्र जड़ेजा इंडीज के खिलाफ एक भी विकेट नहीं ले पाए और 6 की औसत से रन दिए। अक्षर पटेल जापान में ना होते तो भारत जापान के खिलाफ टी-20 मैच हार जाता लेकिन अक्षर पटेल की वनडे टीम को ज्यादा जरुरत है ना कि जापान में।

गौरतलब है कि ऑलराउंडर रविंद्र जड़ेजा न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली एकदिवसीय सीरीज में बल्ले और गेंद दोनों से फ्लॉप रहे। 3 मैचों में उन्होंने 14 की औसत से 43 रन बनाए। पूरी सीरीज में वह सिर्फ एक बार ही गेंद को सीमा पार भेज पाए।

वहीं गेंद से तो वह एक विकेट के लिए तरसते रह गए। पहले मैच में उन्होंने 9 ओवर में 56 रन दिए। दूसरे मैच में उन्होंने 8 ओवर में 44 रन दिए और अंतिम मैच में उन्होंने 6 ओवर में 41 रन दिए। कुल मिलाकर वह 21 ओवर में 141 रन देकर भी एक विकेट नहीं ले सके। रविंद्र जड़ेजा 37 साल के हो चुके हैं और अक्षर पटेल की जगह ले रहे हैं जो टीम को कई अहम मौकों पर गेंद और बल्ले से मैच जितवा चुके हैं।

जसप्रीत बुमराह को वनडे की फिटनेस सिद्ध करने की जरुरत

सबसे हैरान करने वाला निर्णय जसप्रीत बुमराह को एशियाड के लिए भेजने वाला रहा। इंडीज के खिलाफ वह लगातार 10 ओवर डालकर अपनी फिटनेस सिद्ध कर सकते थे लेकिन चयनकर्ताओं ने उन्हें 4 ओवर डालने को ही कहा और जापान भेज दिया।

जसप्रीत बुमराह के लिए भारतीय टीम प्रबंधन ने 2027 विश्वकप के लिए दीर्घकालिक योजना बनाई है। उनको सिर्फ टेस्ट और एकदिवसीय मैचों पर ध्यान देने के लिए कहा गया है। इंग्लैंड दौरे के बाद उनका कार्यभार प्रबंधन  धीरे धीरे बढ़ाया जा रहा है। ऐसे में इंडीज के खिलाफ उनके 5 से 7 ओवर के स्पैल ज्यादा महत्वपूर्ण होते।

AFGvsIND का क्वार्टरफाइनल बारिश से धुला, भारत पहुंचा सेमीफाइनल

एशियाड में अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाला भारतीय क्रिकेट टीम का पहला मैच बारिश के कारण धुल गया है। श्रेयस अय्यर की अगुवाई में जापान पहुंची भारतीय क्रिकेट टीम को एकमात्र टी-20 मैच में जापान से कड़ी चुनौती मिली थी लेकिन अफगानिस्तान के सामने भारतीय टीम प्रबल दावेदार थी क्योंकि अफगानिस्तान को हाल ही में इसी टीम ने 3 मैचों की टी-20 श्रृंखला में 3-0 से मात दी थी।

भारत ने जसप्रीत बुमराह, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन , अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन समेत कई विश्वविजेता खिलाड़ी शामिल किए हैं। जबकि अफगानिस्तान समेत अन्य एशियाई देशों ने अपनी दूसरे कतार की टीम जापान भेजी है।इसके अलावा पाकिस्तान और हॉंगकॉंग का  क्वार्टरफाइनल मुकाबला भी बारिश के कारण रद्द हो गया।

शनिवार को ग्रुप चरण बारिश से प्रभावित रहा और जापान-नेपाल मैच बिना एक भी गेंद फेंके रद्द कर दिया गया। मलेशिया-ओमान मुकाबला भी रद्द हो गया। सोमवार के पूर्वानुमान में दिन के समय बारिश की 91 प्रतिशत संभावना थी,  साथ ही तूफान की 22 प्रतिशत संभावना थी।

मंगलवार का पूर्वानुमान भी इसी तरह गीला रहने का है, जिसमें 89 प्रतिशत संभावना बारिश की और 18 प्रतिशत संभावना गरज के साथ बारिश की है।गुरुवार को सेमीफ़ाइनल और शनिवार को मेडल प्लेऑफ़ के लिए मौसम का दृष्टिकोण अधिक अनुकूल है, वर्तमान में बारिश की संभावना कम है। भारत ने हांगझोउ में 2023 एशियाई खेलों के फाइनल में अफगानिस्तान को हराकर स्वर्ण पदक जीता। बंगलादेश ने तीसरे स्थान के प्लेऑफ़ में पाकिस्तान को हराकर कांस्य पदक जीता था।