IND vs WI: पहले टी20 से पहले पूर्व खिलाड़ी ने चुनी अपनी पसंदीदा प्लेइंग 11, नहीं दी वैभव सूर्यवंशी को जगह

एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 19 रन से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। वहीं अब भारतीय टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलने उतरेगी। सीरीज का पहला मुकाबला 6 अक्टूबर को लखनऊ में खेला जाएगा। वहीं इस मुकाबले से पहले भारत के पूर्व बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने अपनी पसंदीदा भारतीय टीम चुनी है। वहीं अपनी चुनी गई टीम में पुजारा ने युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को जगह नहीं दी है।

वैभव सूर्यवंशी ने एशियन गेम्स में भारत की ओर से दो मैच खेले थे। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 21 गेंदों में 38 रन बनाए, वहीं पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में 9 गेंदों पर 15 रन की पारी खेली। आइए जानते हैं पुजारा ने किस-किस खिलाड़ी को दी है जगह

वैभव को नहीं किया शामिल

एशियन गेम्स में भारत ने मजबूत टीम के साथ मुकाबले खेले, वहीं कुछ दूसरी टीमों ने अपने दूसरे दर्जे के खिलाड़ियों को मौका दिया। भारत की ओर से वैभव सूर्यवंशी ने पारी की शुरुआत की। उनके बाद संजू सैमसन तीसरे, कप्तान श्रेयस अय्यर चौथे और ईशान किशन पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए। वहीं, चेतेश्वर पुजारा ने अपनी पसंदीदा टीम में बदलाव किया है। उन्होंने ईशान किशन को तीसरे नंबर पर रखा और वैभव सूर्यवंशी की जगह नीतीश कुमार रेड्डी को टीम में शामिल किया है।

रवि बिश्नोई को भी दी जगह

वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज में जसप्रीत बुमराह को आराम दिया गया है। ऐसे में चेतेश्वर पुजारा ने तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी के लिए अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव को अपनी टीम में चुना है। इसके अलावा उन्होंने कुलदीप यादव को भी टीम में शामिल किया है। कुलदीप ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में अच्छा प्रदर्शन किया था। पुजारा ने उन्हें रवि बिश्नोई की जगह टीम में रखा है, जिन्होंने जापान में हुए एशियन गेम्स के दौरान उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं किया था।

चेतेश्वर पुजारा की पसंदीदा भारत प्लेइंग 11: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन (WK), श्रेयस अय्यर (C), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह

Asian Games: हॉकी से लेकर क्रिकेट तक…भारत-पाकिस्तान मुकाबले का क्रेज, टूटे व्यूअरशिप के कई रिकॉर्ड

Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 के आइची-नागोया संस्करण को लेकर ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (OCA) ने बड़ी जानकारी साझा की है। ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (OCA) के अनुसार, भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट फाइनल और हॉकी सेमीफाइनल को दर्शकों ने काफी पसंद किया। दोनों ही खेलों में भारत ने पाकिस्तान को मात दी थी। OCA ने बताया कि इस बार खिलाड़ियों को शानदार सुविधाओं और बेहतर माहौल के साथ खेलों में हिस्सा लेने का मौका मिला। OCA ने 212 एशियन गेम्स रिकॉर्ड टूटने का भी जिक्र किया और कहा कि आइची-नागोया गेम्स कई मायनों में खास रहे।

भारत ने पाकिस्तान को दी मात

फैंस को भारत और पाकिस्तान के बीच मुकबला हमेशा से काफी पसंद रहा है। एशियन गेम्स में भारत ने हॉकी और क्रिकेट दोनों में पाकिस्तान को हराकर शानदार प्रदर्शन किया। पुरुष हॉकी के सेमीफाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 4-3 से हराया और फाइनल में पहुंचा। इसके बाद भारत ने फाइनल में मलेशिया को हराकर गोल्ड मेडल जीता। वहीं, पुरुष क्रिकेट के फाइनल में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 19 रन से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस तरह भारत ने दोनों खेलों में जीत हासिल कर देश को दो गोल्ड मेडल दिलाए।

मैच ने तोड़ा सभी रिकॉर्ड

OCA कोऑर्डिनेशन कमेटी के अध्यक्ष तैयब इकराम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि, “इस बार एशियन गेम्स की ब्रॉडकास्ट व्यूअरशिप ने अब तक के सभी रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए। उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच हुए दो बड़े मुकाबलों ने दर्शकों का सबसे ज्यादा ध्यान खींचा।” उनके मुताबिक, “शनिवार को खेला गया भारत-पाकिस्तान क्रिकेट फाइनल सबसे ज्यादा देखा गया मैच रहा। वहीं इससे एक दिन पहले गुरुवार को हुआ भारत-पाकिस्तान हॉकी मुकाबला एशियन गेम्स के इतिहास में सबसे ज्यादा देखा जाने वाला हॉकी मैच बना।”

शेयर नहीं किया कोई आकड़ा

उन्होंने व्यूअरशिप से जुड़ा कोई आंकड़ा साझा नहीं किया और न ही यह बताया कि भारत-पाकिस्तान क्रिकेट और हॉकी मैच में से किस मुकाबले को ज्यादा दर्शकों ने देखा। उन्होंने कहा कि पहली बार OCA ने इन एशियन गेम्स में सुरक्षा को लेकर एक नया तरीका अपनाया। उनके मुताबिक, पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा का खास ध्यान रखा गया और एथलीट्स, एशियन फेडरेशन और राष्ट्रीय ओलंपिक समितियों के लिए गेम्स को सुरक्षित बनाया गया। एशियन गेम्स के दौरान खिलाड़ियों और अधिकारियों के रहने की व्यवस्था को लेकर आयोजकों की काफी आलोचना हुई थी।