Top News 21 August: चीनी के दाम से अमेरिका के कर्ज तक, इमरान खान और शशि थरूर समेत पढ़ें दिन की 5 बड़ी खबरें

Top News 21 August: चीनी के दाम से अमेरिका के कर्ज तक, इमरान खान और शशि थरूर समेत पढ़ें दिन की 5 बड़ी खबरें

top news 21 august

Top News 21 August: चीनी के बढ़ते दामों पर लगाम लगाने के लिए सरकार ने रॉ शुगर का आयात ड्यूटी फ्री किया। अमेरिका का कर्ज 40 अरब डॉलर पार। इमरान खान को जांच के बाद फिर पटियाला जेल लाया गया। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने नए संसद भवन को बेजान कॉन्फ्रेंस सेंटर बताया। हरियाणा की खाप लिन इन के खिलाफ लेकिन लव मैरिज मंजूर। 21 अगस्त की बड़ी खबरें :

 

ड्यूटी-फ्री होगा रॉ-शुगर का आयात

त्योहारी सीजन में चीनी पर महंगाई की मार। अगस्त में चीनी के दाम करीब 20 रुपए तक बढ़ गए हैं। देश में कई स्थानों पर 70 रुपए किलो तक बिकी। ऐसे में मिठाई, चाय और घर की रोजमर्रा की जरूरतों पर इसका असर पड़ सकता है। केंद्र सरकार ने 10 लाख मीट्रिक टन रॉ-शुगर के ड्यूटी-फ्री आयात को मंजूरी दी। ALSO READ: Sugar Price : चीनी के दाम क्यों बढ़ रहे हैं? 15 दिन में 20 रुपए महंगी हुई, सरकार ने उठाया बड़ा कदम, जानें आपके लिए क्या बदलेगा

 

अमेरिका का कर्ज 40 खरब डॉलर के पार

अमेरिका का कुल राष्ट्रीय कर्ज बुधवार को 40 खरब डॉलर के पार पहुंच गया। बढ़ते कर्ज ने अमेरिकी सरकार के सामने खर्च और आय के बीच संतुलन बनाने की चुनौती बढ़ा दी है। राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने पहले कार्यकाल के दौरान राष्ट्रीय कर्ज खत्म करने का वादा किया था, लेकिन कर्ज लगातार बढ़ता गया। अब उनके दूसरे कार्यकाल में यह उस समय के मुकाबले करीब दोगुना हो चुका है।

 

इमरान को फिर अडियाला जेल लाया गया

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को कड़ी सुरक्षा के बीच शिफा अस्पताल में जांच के बाद वापस फिर अडियाला जेल लाया गया। अस्पताल में 6 डॉक्टरों की टीम ने उनकी जांच की। सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें इलाज के लिए शिफा अस्पताल में भर्ती कराने का आदेश दिया था। 

 

नया संसद भवन 'बेजान कॉन्फ्रेंस सेंटर' : थरूर

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और तिरुवनंतपुरम से सांसद शशि थरूर ने नए संसद भवन की डिजाइन और वहां के माहौल पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने नए संसद भवन को 'बेजान कॉन्फ्रेंस सेंटर' बताते हुए कहा कि इसमें पुराने संसद भवन जैसा अपनापन और सहज बातचीत का माहौल नहीं है।  

 

हरियाणा की खाप को लव मैरिज मंजूर

हरियाणा की माजरा खाप लिव-इन संबंधों के खिलाफ है, पर लव मैरिज के नहीं। वह चाहती है कि लव मैरिज के साथ-साथ समलैंगिक विवाह से जुड़े कानूनी प्रावधानों में बदलाव हो। वह लव 

 

मैरिज के खिलाफ नहीं है, पर माता-पिता की सहमति जरूर होनी चाहिए।

 

कैमरे की कला के पुरोधा थे गणपत राव पवार, फोटोग्राफर एसोसिएशन ने किया भावपूर्ण स्मरण

कैमरे की कला के पुरोधा थे गणपत राव पवार, फोटोग्राफर एसोसिएशन ने किया भावपूर्ण स्मरण

Photographer Ganpat Rao Pawar

देवास। 19 अगस्त को 'विश्व फोटोग्राफी दिवस' के अवसर पर देवास फोटोग्राफर एसोसिएशन द्वारा देवास स्टेट के प्रथम फोटोग्राफर, चित्रकार एवं बहुआयामी कलाकार स्वर्गीय श्री गणपत राव पवार का भावपूर्ण स्मरण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

 

लक्ष्मीपुरा स्थित श्री क्षत्रिय मराठा समाज पब्लिक ट्रस्ट के समाज भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्व. श्री पवार के व्यक्तित्व, कला-साधना और फोटोग्राफी के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को याद करते हुए उन्हें देवास के फोटोग्राफी जगत का मार्गदर्शक एवं प्रेरणास्रोत बताया।

 

कला-साधना और तकनीक का कठिन दौर

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा स्व. श्री गणपत राव पवार के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।

 

मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार श्री अरविंद त्रिवेदी ने कहा कि लगभग एक शताब्दी पूर्व फोटोग्राफी आज की तरह सहज और अत्याधुनिक तकनीक से संपन्न नहीं थी। उस दौर में कांच के नेगेटिव तैयार करना और विशेष तकनीकों से तस्वीरों को आकार देना अपने आप में एक कठिन साधना थी। ऐसे चुनौतीपूर्ण समय में पवार साहब ने फोटोग्राफी को केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि कला और साधना के रूप में अपनाया। अपनी प्रतिभा और समर्पण के बल पर उन्होंने देवास में फोटोग्राफी को एक विशिष्ट पहचान दिलाई।

 

बहुआयामी व्यक्तित्व और कलात्मक विरासत

मुख्य अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार श्री रमेश भावसार ने स्व. श्री पवार से जुड़े आत्मीय संस्मरण साझा किए। उन्होंने बताया कि बचपन में वे राजबाड़ा स्थित श्री पवार के घर जाया करते थे और उन्हें स्नेह से ‘आबा’ कहकर संबोधित करते थे। श्री पवार के सबसे छोटे पुत्र प्रसिद्ध संगीतज्ञ एवं तबला वादक श्री अनिल पवार उनके मित्र हैं।

 

श्री भावसार ने रेखांकित किया कि गणपत राव पवार साहब का व्यक्तित्व किसी एक विधा तक सीमित नहीं था। वे फोटोग्राफी के साथ-साथ मूर्तिकला, लेखन और भजन गायन में भी पारंगत थे। उन्होंने इस कला परंपरा को अपने परिवार में रोपा, जिसे उनके चौथे पुत्र स्वर्गीय प्रेमराव पवार ने आगे बढ़ाया। श्री पवार की कलात्मक प्रतिभा का सम्मान न केवल देवास में, बल्कि इंदौर, उज्जैन सहित संपूर्ण मालवा क्षेत्र में था। आज भी उनके परिवार के सदस्य अपनी रचनात्मकता से इस विरासत को समृद्ध कर रहे हैं।

Photographer Ganpat Rao Pawar

तकनीक के दौर में कला का संदेश

वक्ताओं ने कहा कि आज फोटोग्राफी भले ही डिजिटल तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के दौर में पहुंच चुकी है, लेकिन एक बेहतरीन तस्वीर के पीछे की दृष्टि, धैर्य और कल्पनाशीलता का महत्व आज भी कायम है। स्व. गणपत राव पवार का जीवन नई पीढ़ी को यह संदेश देता है कि तकनीक बदल सकती है, लेकिन कला के प्रति समर्पण और साधना कभी पुरानी नहीं होती।

 

विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित श्री पवार के पुत्र श्री माणिक राव पवार ने अपने पिता के संघर्षों और देवास का नाम रोशन करने के उनके प्रयासों को याद किया।

 

आयोजन, सम्मान एवं आभार

भूमिका एवं परिचय: कार्यक्रम की भूमिका स्व. श्री पवार के पौत्र श्री अमित राव पवार ने रखी। अतिथि परिचय एसोसिएशन के मार्गदर्शक श्री राजू पुराणिक ने दिया तथा अतिथियों का स्वागत श्री प्रवीण चौहान, मुकेश नागर एवं प्रदीप श्रीवास्तव ने किया।

 

सम्मान एवं प्रदर्शनी: इस अवसर पर वरिष्ठ फोटोग्राफर श्री राजेंद्र व्यास एवं मोहन सिंह राजपूत को सम्मानित किया गया तथा उनके द्वारा लगाई गई छायाचित्र प्रदर्शनी का सभी उपस्थितजनों ने अवलोकन किया।

 

संचालन एवं आभार: कार्यक्रम का सफल संचालन एसोसिएशन के संयोजक श्री देवेंद्र गौड़ ने किया एवं आभार प्रदर्शन एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री जितेंद्र शर्मा ने माना।

 

प्रमुख उपस्थिति: कार्यक्रम में मराठा समाज अध्यक्ष सुभाष शिंदे, अशोक सोमानी, शर्मिला काटे, बाला पलसे, उमेश निम्बारकर, सुरेश जायसवाल, मुकेश दरबार, प्रदीप नाथ सहित बड़ी संख्या में फोटोग्राफर, समाजजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Mehul Choksi: भारी कैश के साथ मेहुल चोकसी के वकील विजय अग्रवाल लंदन में हिरासत में, भगोड़ा हीरा कारोबारी कब आएगा भारत?

Mehul Choksi Lawyer Detained: लंदन में भारतीय आपराधिक मामलों के चर्चित वकील और भारत के भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी का केस लड़ने वाले विजय अग्रवाल को ब्रिटिश इमिग्रेशन अधिकारियों ने हिरासत में ले लिया है। ब्रिटिश मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, अग्रवाल पर ब्रिटेन में इमिग्रेशन और वर्क परमिट से जुड़े नियमों के उल्लंघन का आरोप है। विजय अग्रवाल भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी के वकील के तौर पर खास तौर पर चर्चित रहे हैं।

रिपोर्टों के अनुसार, उन्हें कथित तौर पर तब हिरासत में लिया गया जब UK इमिग्रेशन अधिकारियों ने लंदन के मेफेयर इलाके में एक प्रॉपर्टी की जांच की। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई मकान मालिक की शिकायत के बाद की गई। इसी जांच के दौरान विजय अग्रवाल को हिरासत में लिया गया। विवेक अग्रवाल ने भारत में कई हाई-प्रोफाइल कॉर्पोरेट क्राइम और फाइनेंशियल फ्रॉड केस संभाले हैं।

बिना जरूरी अनुमति काम करने का आरोप

रिपोर्टों में दावा किया गया है कि ब्रिटिश अधिकारियों को संदेह था कि अग्रवाल ब्रिटेन में आवश्यक वर्क परमिट या अन्य जरूरी इमिग्रेशन परमिशन के बिना पेशेवर गतिविधियां कर रहे थे। इमिग्रेशन अधिकारियों की कार्रवाई के दौरान मेफेयर की इस प्रॉपर्टी में बड़ी मात्रा में कैश भी मिलने की बात सामने आई है। रिपोर्टों के मुताबिक, कैश के स्रोत की भी जांच की जा रही है। प्रॉपर्टी की जांच के समय अग्रवाल की फर्म से जुड़े कई जूनियर वकील भी कथित तौर पर वहां मौजूद थे। हालांकि, सामने आई रिपोर्टों में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि हिरासत में लिए जाने के बाद ब्रिटिश अधिकारियों ने आगे क्या कार्रवाई की।

मेहुल चोकसी के प्रमुख वकील रहे हैं अग्रवाल

विजय अग्रवाल का नाम भारत के सबसे चर्चित वित्तीय धोखाधड़ी मामलों में से एक पंजाब नेशनल बैंक (PNB) घोटाले के आरोपी भगोड़े मेहुल चोकसी की कानूनी पैरवी से जुड़ा रहा है। चोकसी भारत में कथित PNB धोखाधड़ी मामले में वांछित है। वह भारत से बाहर रह रहा है। अग्रवाल ने विभिन्न देशों में चल रही कानूनी कार्यवाहियों में चोकसी का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने बॉम्बे हाई कोर्ट में भी चोकसी की ओर से पैरवी की है। बेल्जियम में चोकसी की गिरफ्तारी के बाद भी अग्रवाल उसके कानूनी बचाव से जुड़े रहे। भारत द्वारा चोकसी को वापस लाने की कोशिशों के खिलाफ भी उन्होंने कानूनी दलीलें पेश की हैं।

प्रत्यर्पण के खिलाफ दिए थे ये तर्क

चोकसी की भारत वापसी से जुड़े मामलों में अग्रवाल की ओर से मानवाधिकार, जेल की परिस्थितियों और चोकसी की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों जैसे मुद्दे उठाए गए थे। इन आधारों पर भारत प्रत्यर्पण का विरोध किया गया। चोकसी पर भारत में करीब 13,000 करोड़ रुपये के PNB घोटाले से जुड़े गंभीर आरोप हैं। वह मामले में वांछित आरोपियों में शामिल है।

कई हाई-प्रोफाइल मामलों में कर चुके हैं पैरवी

विजय अग्रवाल सिर्फ मेहुल चोकसी के मामले के कारण ही चर्चित नहीं हैं। बल्कि उनका कानूनी करियर भारत के कई बड़े कॉरपोरेट क्राइम और वित्तीय धोखाधड़ी मामलों से जुड़ा रहा है। उन्होंने PNB बैंक घोटाले से जुड़े मामलों में बचाव पक्ष की पैरवी की है। इसके अलावा उनका नाम 2G स्पेक्ट्रम मामले से जुड़े कानूनी मामलों में भी सामने आया है।

ये भी पढ़ें- हाफिज सईद ने कश्मीर भेजे थे 10,000 आतंकवादी! पाकिस्तानी मौलवी ने की जेल में बंद आतंकी सरगना की खुलेआम तारीफ

फिलहाल लंदन में उनकी हिरासत से जुड़े आरोपों की जांच ब्रिटिश अधिकारियों की कार्रवाई पर निर्भर है। वर्क परमिट उल्लंघन और बरामद कथित कैश से जुड़े दावों की आधिकारिक पुष्टि और जांच के नतीजे आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

बीजेपी की नई टीम का ऐलान, युवा और अनुभवी नेतृत्व का उचित संतुलन

अटकलों का दौर खत्म हुआ। लंबे इंतजार के बाद बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नबीन की टीम का ऐलान आखिरकार हो ही गया। बीजेपी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की लिस्ट से साफ है कि नीतिन नबीन की इस नयी टीम में निरंतरता के साथ साथ परिवर्तन का भी एक बड़ा संतुलन बना कर रखा गया है। इसमें 40 वर्ष से कम उम्र के 6 सदस्य, 40-49 की आयु के 15 और 50-59 साल के 21 सदस्यों को स्थान मिला है। सूत्रों के मुताबिक राष्ट्रीय अध्यक्ष को अपनी टीम के गठन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का सहयोग मिला।

संदेश साफ है कि 2029 को ध्यान में रख कर ये टीम बनायी गयी है। इसमें 13 उपाध्यक्ष, 8 महासचिव, एक संगठन महासचिव, दो सह संगठन महासचिव, 16 सचिव, और केन्द्रीय मंत्री पियुष गोयल को एक बार फिर राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है। बीएल संतोष बतौर समगठन महामंत्री और साथ ही सौदान सिंह और शिव प्रकाश बतौर सह संगठन महामंत्री अपना काम करते रहेंगे। पूर्व महासचिव महासचिव तरुण चुघ को केन्द्रीय कार्यालय का प्रभारी बनाया गया है। विष्णु दत्त शर्मा को सभी सेलों और प्रकोष्ठों का प्रभारी बनाया गया है जबकि संबित पात्रा को पूर्वोत्तर का प्रभारी बनाया गया है। जानते हैं कि क्या है इस नयी टीम का क्या है संदेश–

अनुभवी औऱ युवा नेतृत्व का संतुलन

नयी टीम की सबसे महत्वपूर्ण बात है पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं प्रखर वक्ता स्मृति ईरानी की महामंत्री के रूप में वापसी। 2024 के लोकसभा चुनावो की हार के बाद स्मृति ईरानी थोड़ी हाशिए पर थीं। लेकिन बतौर स्टार प्रचारक पार्टी उनको कभी नहीं भूली थी। जेपी नड्डा के अध्यक्ष काल में संगठन से बाहर हुए संघ के प्रचारक रहे लेखक-चिंतक राम माधव की उपाध्यक्ष के रूप में वापसी हुई है। जम्मू कश्मीर और पूर्वोत्तर के राज्यों में भगवा लहराने वाले राम माधव की संगठनात्मक कुशलता का लाभ भी पार्टी को मिलने वाला है। एबीवीपी कार्यकर्ता रहे विनोद तावड़े को उनके कुशल सांगठनिक क्षमता के लिए फिर से महामंत्री बनाया गया हो तो दूसरी तरफ पश्चिम बंगाल में भारी विजय दिलाने वाले सुनील बंसल को दुबारा महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गयी है।

आदिवासी समाज के गजेंद्र पटेल को मिली महामंत्री की जिम्मेदारी दी गयी है तो उत्तर पूर्व से युवा नेता मृगांक बर्मन बने राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद और युवा नेता संगीता यादव बनी राष्ट्रीय सचिव बनायी गयीं हैं। अनुभव की बात करें तो 3 पूर्व मुख्यमंत्रियों को भाजपा की राष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया है राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री और कद्दावर नेता वसुंधरा राजे सिंधिया, उत्तराखंड के पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत और त्रिपुरा के पूर्व सीएम बिप्लव देब का अनुभव संगठन में खासा काम आने वाला है।

समाज के सभी वर्गों और क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व

नितिन नबीन ने आला नेताओं से चर्चा के बाद तमाम क्षेत्रों और समाज के सभी वर्गों को ध्यान में रखते हुए ये कोशिश की कि टीम में एक सामंजस्य़ बना रहे और देश भर में सही संदेश जाए। अरसे से बात चल रही थई कि उत्तर प्रदेश में अग़डे नाराज है या फिर ब्राह्मण नाराज हैं। लेकिन नयी टीम मे उत्तर प्रदेश से आने वाले हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महासचिव बना कर चुनावों से पहले अगड़ों को भी एक संदेश दे दिया है। दूसरी तरफ लिस्ट के मुताबिक लगभग 40 फीसदी से ज्यादा नयी टीम के सदस्य वंचित समाज से है। नागालैंड से राज्यसभा सांसद फांगनोन कोन्याक को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। आंध्र प्रदेश से डी पुरंदेश्वरी बनी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और तमिलनाडु के मा व्यंकटेशन बने राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है।

अल्पसंख्यक समाज से आने वाले उत्तर प्रदेश के प्रोफेसर तारीक मंसूर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। उत्तर प्रदेश के कूुंवर बसित अली तो अल्पसंख्यक मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है। सरदार मनप्रीत सिंह बादल को उपाध्यक्ष बनाया गया है। गुजरात के डाक्टर हेमांग जोशी को युवा मोर्चा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। हेमांग जोशी अब कर्नाटक के तेजस्वी सूर्या की जगह लेंगे।

संगठन और प्रोफेशनल विशेषज्ञों का उचित समन्वय

संघ के प्रचारक और प्रवक्ता रहे राम माधव की टीम में वापसी संघ और संगठन के बीच सामंजस्य तो जोड़ती ही रहेगी और साथ ही उनकी संगठनात्मक क्षमता का उपयोग उन इलाकों में काम आएगा जहां पार्टी कमजोर है। बंगाल चुनावों में संगठन को मजबूत करने वाले नेता सुनील बंसल पुनः महासचिव बने हैं। जेएनयू में एबीवीपी कार्यकर्ता रहे और वर्तमान में दिल्ली यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर डॉ स्वदेश सिंह भाजपा की नई टीम में राष्ट्रीय सचिव, कैंसर स्पेशलिस्ट डॉ मधुचंद्रा कर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, कर्नाटक के प्रोफेसर M नागराज, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए हैं।

मीडिया और सोशल मीडिया संभालने के लिए भी नयी टीम लेकिन नेतृत्व अनुभवी हाथों में

अब तक मीडिया प्रमुख का पद संभाल रहे पौड़ी से सांसद अनिल बलूनी को एक बार फिर मीडिया का राष्ट्रीय सयोजन बनाया गया है। उनके साथ हरियाणा के सिद्धार्थ यादव, दिल्ली के प्रदीप भंडारी और मध्य प्रदेश के आशीष उषा अग्रवाल को सह संयोजक बनाया गया है। इसमे पहले के उप मीडिया प्रमुख संजय मयूख को उनके पद से मुक्त कर दिया गया है। अब वे बिहार में विधायक के तौर पर अपनी राजनीति करेंगेे। सोशल नीडिया की टीम के प्रमुख के पद से अमित मालविय को मुक्त किया गया है औऱ उनकी जगह छत्तीसगढ़ के दीपक म्हास्के को संयोजक बनाया गया है।

नजर 2029 पर है और जिम्मेदारी इस युवा टीम पर। नीतीन नबीन को इस युवा और अनुभवी टीम को फ्रंट से लीड करना होगा ताकि पहली चुनौती जो अगले साळ कई यूपी, पंजाब, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में होने वालों चुनावों में बीजेपी का भगवा फिर से लहराने लगे।

Shubhra Shetty: कौन हैं शुभ्रा शेट्टी? 20 साल छोटी गर्लफ्रेंड संग इस वहज से शादी नहीं कर पा रहे अनुराग कश्यप

Shubhra Shetty: शुभ्रा शेट्टी लगभग 11 सालों से फिल्ममेकर अनुराग कश्यप के साथ रिलेशनशिप में हैं। यह कपल अक्सर अपने रिश्ते को लाइमलाइट से दूर रखता है, लेकिन हाल ही में उन्होंने जेनिस सिकेरा के साथ बातचीत में अपनी लव स्टोरी, उम्र के अंतर और भविष्य की योजनाओं के बारे में खुलकर बात की।

शुभ्रा शेट्टी कौन हैं?

शुभ्रा पहले अनुराग कश्यप के प्रोडक्शन हाउस, ‘फैंटम फिल्म्स’ में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम करती थीं। दोनों को पहली बार 2015 में साथ देखा गया था और कश्यप ने 2018 में सबके सामने अपने रिश्ते की बात मानी थी। शुभ्रा 30s में हैं, जबकि कश्यप 53 साल के हैं। यानी दोनों की उम्र में लगभग 20 साल का अंतर है। वह ज़्यादातर लाइमलाइट से दूर रही हैं और अपने फिल्ममेकर पार्टनर की तरह लोगों की नज़रों में ज़्यादा एक्टिव नहीं रही हैं।

शुभ्रा और अनुराग कश्यप का रिश्ता कैसे शुरू हुआ?

अपने रिश्ते के बारे में बात करते हुए शुभ्रा ने बताया कि कश्यप ने प्रपोज किया था। उन्होंने कहा कि कश्यप ने उनसे कहा था कि अपनी ज़िंदगी के अनुभवों की वजह से उन्हें पता था कि वह क्या महसूस कर रहे हैं, लेकिन साथ ही उन्होंने शुभ्रा को अपना समय लेने और ज़िंदगी का अनुभव करने की आज़ादी भी दी थी।

शुभ्रा ने बताया कि कश्यप चाहते थे कि वह अपने फ़ैसले खुद ले, न कि उनके रिश्ते की वजह से बंधा हुआ महसूस करें। उन्होंने शुभ्रा से कहा था कि वह बाहर जा सकती हैं, दुनिया देख सकती हैं और अगर चाहें तो वापस उनके पास आ सकती हैं। दोनों के बीच किताबें, फ़िल्में और फ़िल्म फ़स्टिवल के लिए एक जैसी पसंद की वजह से भी अच्छी बॉन्डिंग बनी। शुभ्रा ने बताया कि शुरुआती सालों में वे अपने रिश्ते को प्राइवेट रखने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन आख़िरकार उनका रोमांस सबके सामने आ ही गया।

उम्र के फ़र्क़ के बारे में शुभ्रा ने क्या कहा है?

उम्र के फ़र्क़ की वजह से इस कपल पर लोगों का ध्यान गया। कश्यप ने माना कि जैसे-जैसे उनकी उम्र बढ़ती गई और शुभ्रा काफ़ी कम उम्र की दिखने लगीं, उन्हें इस बात की ज़्यादा चिंता होने लगी। उन्होंने बताया कि एक समय ऐसा भी आया जब अपनी इनसिक्योरिटीज़ की वजह से उन्होंने शुभ्रा से दूरी बनाने की कोशिश की थी। हालाँकि, बाद में दोनों ने इस स्थिति को संभाला और अपना रिश्ता जारी रखा।

शुभ्रा ने इस बारे में भी बात की कि उनके माता-पिता ने उनके रिश्ते पर कैसी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा कि वह उनके माता-पिता की चिंताओं को समझती थीं, क्योंकि जब उन्होंने कश्यप को डेट करना शुरू किया था, तब वह 20s में थीं, जबकि कश्यप उनसे काफ़ी बड़े थे और उनकी दो बार शादी हो चुकी थी।

वहीं, उम्र को लेकर होने वाली आलोचना (age-shaming) पर अनुराग ने कहा, “हमारे बीच भी ऐसे पल आए हैं। हम थोड़े असहज (self-conscious) महसूस करते रहे हैं। मैं ज़्यादा असहज रहा हूँ… और सिर्फ़ असहज ही नहीं, एक समय तो मैं इतना ज़्यादा सोचने लगा था कि इसे नज़रअंदाज़ करने की पूरी कोशिश कर रहा था। असल में, उनके चेहरे से उनकी उम्र का पता नहीं चलता। वह आज भी वैसी ही दिखती हैं। अपनी उम्र की नहीं लगतीं। तो बात यह है कि जैसे-जैसे मेरी उम्र बढ़ती गई और वह वैसी ही दिखती रहीं, तब मैं थोड़ा असहज महसूस करने लगा।”

शादी के बारे में शुभ्रा और अनुराग का क्या कहना है?

इस जोड़े ने शादी करने की योजना के बारे में भी बात की है। कश्यप ने बताया कि शुभ्रा शादी में यकीन नहीं रखतीं, लेकिन उन्होंने यह भी साफ़ किया कि वह अपने रिश्ते से खुश हैं। उन्होंने कहा कि वह उनके साथ बने रहना चाहते हैं और जो रिश्ता उन्होंने मिलकर बनाया है, उसे खोना नहीं चाहते।

जब शादी की योजनाओं के बारे में पूछा गया, तो अनुराग ने जेनिस सिकेरा को बताया कि शुभ्रा शादी में यकीन नहीं रखतीं। उन्होंने कहा, “मैं उनके साथ बहुत खुश हूं। मैं उनके साथ रहना चाहता हूं। तो, इसके लिए जो भी करना पड़े, मैं करूंगा। ज़िंदगी में बहुत कुछ है। एक बूढ़े आदमी की इनसिक्योरिटी (असुरक्षा की भावना) क्या होती है? मैं इतना स्वस्थ रहना चाहता हूं कि जिन लोगों से मैं प्यार करता हूं, उनके बाद भी जीवित रहूं। क्योंकि अगर ऐसा नहीं हुआ, तो उसके बाद क्या होगा? दुनिया का दस्तूर यही है। तो, मैं इस बारे में बहुत सोचता हूं। लेकिन मेरी बात यह है कि जब तक हमें वह मिल गया है जो अभी हमारे पास है, मैं किसी भी चीज़ से खुश हूं। मैं इसे खोना नहीं चाहता।”फ़िल्ममेकर और शुभ्रा अभी मुंबई छोड़कर बेंगलुरु में रह रहे हैं।

योगी सरकार का बड़ा एक्शन, यूपी में एनालॉग पनीर समेत क्रीम, घी पर लगा बैन

उत्तर प्रदेश सरकार ने दूध और दूध से बने सामान में मिलावट करने वाली डेयरी यूनिट्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया है। सरकार ने साफ कहा है कि दूध, पनीर, घी और खोया जैसी चीजों में हानिकारक केमिकल या प्रतिबंधित चीजें मिलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जांच के दौरान अगर किसी डेयरी यूनिट के दूध या दूसरे डेयरी उत्पादों में हानिकारक केमिकल, रिफाइंड तेल, गलत तरह की चर्बी या कोई अन्य प्रतिबंधित चीज मिलती है, तो उन उत्पादों की बिक्री तुरंत रोक दी जाए।

यह फैसला राज्य के कई जिलों में हुई खाद्य सुरक्षा जांच के दौरान दूध के नमूनों में मिलावट पाए जाने की खबरों के बाद लिया गया है। सरकार ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को इन निर्देशों को सख्ती से लागू करने और मिलावट करने वाली डेयरी यूनिट्स पर जरूरी कार्रवाई करने का आदेश दिया है।

इस आदेश के तहत अधिकारियों को डेयरी यूनिट्स की जांच के दौरान गड़बड़ी मिलने पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

  • अगर किसी डेयरी यूनिट में हानिकारक केमिकल या वनस्पति तेल/फैट पाया जाता है, तो वहां बने सभी दूध और डेयरी उत्पादों की बिक्री तुरंत रोक दी जाएगी।
  • ऐसी यूनिट में उत्पादन का काम भी बंद कराया जाएगा।
  • अगर लोगों की सेहत के लिए खतरनाक केमिकल के जानबूझकर और बड़े स्तर पर इस्तेमाल के सबूत मिलते हैं, तो यूनिट के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।

    नियमों का उल्लंघन साबित होने पर संबंधित डेयरी यूनिट का खाद्य कारोबार लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन तुरंत निलंबित कर दिया जाएगा।

  • गंभीर मामलों में संबंधित ब्रांड के दूध और डेयरी उत्पादों की पूरे उत्तर प्रदेश में बिक्री पर रोक लगाई जा सकती है।
  • अगर उत्तर प्रदेश के बाहर बने किसी दूध या डेयरी उत्पाद में भी हानिकारक केमिकल या प्रतिबंधित चीजें पाई जाती हैं, तो सरकार राज्य में उनकी बिक्री पर भी रोक लगा सकती है।
  • सरकारी आदेश में दूध में मिलावट के लिए इस्तेमाल होने वाली कुछ चीजों का खास तौर पर जिक्र किया गया है। इनमें डिटर्जेंट, टाइटेनियम डाइऑक्साइड, लिक्विड ग्लूकोज और हाइड्रोजन पेरोक्साइड शामिल हैं
  • सरकार ने अधिकारियों को ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई करने और लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाली मिलावट पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।
  • सरकार ने अधिकारियों को यह कार्रवाई बिना देरी के करने और खाद्य सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

अंतरिक्ष में मिला 100 अरब गुना शक्तिशाली ‘ब्लैक होल स्टार’, करीब 1 लाख सूर्यों जितना मास, दुनिया चकित!

अंतरिक्ष से जुड़ी एक रहस्यमयी खोज ने वैज्ञानिकों के साथ-साथ सोशल मीडिया यूजर्स का भी ध्यान खींचा है। खगोलविदों (एस्ट्रोनॉमर्स) को अंतरिक्ष में एक ऐसी अनोखी वस्तु के संकेत मिले हैं, जो वैज्ञानिकों के लिए काफी दिलचस्प बनी हुई है। खगोलविदों (एस्ट्रोनॉमर्स) ने इसे संभावित ‘ब्लैक होल स्टार’ कहा जा रहा है। माना जा रहा कि, इसमें एक तेजी से बढ़ता ब्लैक होल घनी गैस के बीच छिपा हो सकता है। अगर इस खोज की पुष्टि होती है, तो इससे शुरुआती ब्रह्मांड में विशाल ब्लैक होल के तेजी से बढ़ने का रहस्य समझने में मदद मिल सकती है। फिलहाल शोधकर्ता इस संभावित ‘ब्लैक होल स्टार’ की प्रकृति और इसकी खासियतों का अध्ययन कर रहे हैं।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह वस्तु एक विशाल तारे और तेजी से बढ़ते ब्लैक होल का अनोखा मिश्रण हो सकती है। इसकी पुष्टि होने पर JWST की कुछ रहस्यमयी खोजों को समझने में मदद मिल सकती है।

‘ब्लैक होल स्टार’ के बारे में

इस संभावित खोज ने तब लोगों का ध्यान खींचा, जब X अकाउंट @latestinspace से जुड़ी एक पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई। पोस्ट में दावा किया गया कि खगोलविदों को एक नई तरह की अंतरिक्षीय वस्तु मिली है, जिसे ‘ब्लैक होल स्टार’ कहा जा रहा है। पोस्ट के मुताबिक, ये वस्तु आकार में लगभग हमारे सोलर सिस्टम जितनी हो सकती है और सामान्य तारों के मुकाबले कई गुना ज्यादा ऊर्जा पैदा करने में सक्षम हो सकती है।

वैज्ञानिकों ने क्या कहा

वैज्ञानिकों के मुताबिक, ये संभावित ‘ब्लैक होल स्टार’ JWST से शुरुआती ब्रह्मांड में दिखाई दिए रहस्यमयी ‘छोटे लाल डॉट्स’ को समझने में मदद कर सकता है। इस अनोखी वस्तु को लेकर वैज्ञानिकों का मानना कि बाहर से ये एक बहुत बड़ा तारा नजर आता है, लेकिन इसके अंदर या केंद्र में एक बेहद भारी ब्लैक होल हो सकता है। यह ब्लैक होल अपने आसपास मौजूद घने गैस के बादल से घिरा हुआ हो सकता है, जिससे यह वस्तु सामान्य तारों से काफी अलग दिखाई देती है। इस संभावित ‘ब्लैक होल स्टार’ की चमक नॉर्मल तारों से अलग तरीके से पैदा होने की बात कही जा रही है। आम तारों के उलट, इस वस्तु की चमक न्यूक्लियर फ्यूजन के बजाय ब्लैक होल में गिरने वाले पदार्थ से पैदा होने वाली ऊर्जा से हो सकती है।

MIT के वैज्ञानिकों ने शुरुआती ब्रह्मांड में मौजूद चमकीले स्रोत MoM-BH-1 का अध्ययन किया है। यह बिग बैंग के करीब 66 करोड़ साल बाद का है। वैज्ञानिकों का मानना है कि इसके केंद्र में एक ब्लैक होल हो सकता है, जो घनी गैस से घिरा हुआ है। JWST ने शुरुआती ब्रह्मांड में कई रहस्यमयी ‘छोटे लाल डॉट्स’ देखे हैं। वैज्ञानिकों का मानना है कि इनमें से कुछ घनी गैस से घिरे ब्लैक होल हो सकते हैं, जो बाहर से तारों जैसे दिखते हैं। इसी तरह की संभावित संरचना को ‘ब्लैक होल स्टार’ कहा जा रहा है।

यूजर ने किया कमेंट

वायरल पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं। एक यूजर ने कहा, “ब्लैक होल स्टार नाम रखना सही नहीं है, क्योंकि यह बिल्कुल भी तारा नहीं है। इसकी तेज चमक फ्यूजन की वजह से नहीं, बल्कि गैस के ब्लैक होल में जाने से पैदा होती है। लेकिन, ‘चमकते लाल बादल वाला ब्लैक होल’ नाम भी काफी मुश्किल लगता है।” दूसरे यूजर ने कहा, “इनके बारे में 2012 से ही थ्योरी मौजूद है। इन्हें क्वासी-स्टार कहा जाता है। मुझे खुशी है कि आखिरकार इन पर ध्यान दिया जा रहा है।”

एक अन्य यूजर ने कहा, “ध्यान रखें कि हम इस वस्तु को बिग बैंग के करीब 660 मिलियन साल बाद की स्थिति में देख रहे हैं और इसकी चमक शायद एडिंगटन लिमिट से ज्यादा है। आज यह वस्तु शायद सुपरमैसिव ब्लैक होल को बहुत कम मात्रा में फीड कर रही हो।”

Optimystix Entertainment Listing: कॉमेडी सर्कस, क्राइम पेट्रोल की प्रोड्यूसर ने शेयर बाजार में दी दस्तक; 3 प्रतिशत प्रीमियम पर लिस्ट

विपुल डी शाह की कंपनी ऑप्टिमिस्टिक्स एंटरटेनमेंट इंडिया के शेयर शुक्रवार को शेयर बाजार में हल्की बढ़त में लिस्ट हुए। शेयर ने NSE SME पर करीब 3 प्रतिशत प्रीमियम के साथ 180 रुपये पर ट्रेडिंग की शुरुआत की। IPO के लिए फाइनल इश्यू प्राइस 175 रुपये था। कंपनी का 108.50 करोड़ रुपये का पब्लिक इश्यू 1.44 गुना सब्सक्राइब हुआ था। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 1.84 गुना, नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 1.85 गुना और रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 2.26 गुना भरा।

इश्यू में 87.50 करोड़ रुपये के 50 लाख नए शेयर जारी हुए। साथ ही फाउंडर और प्रमोटर विपुल डी शाह की ओर से 21 करोड़ रुपये के 12 लाख शेयरों को ऑफर फॉर सेल के तहत बिक्री के लिए रखा गया। ऑप्टिमिस्टिक्स एंटरटेनमेंट फिल्मों और टीवी शो का प्रोडक्शन करती है।

यह 150 से ज्यादा टीवी शो प्रोड्यूस कर चुकी है। लिस्ट में कॉमेडी सर्कस, लाफ्टर शेफ्स, क्राइम पेट्रोल, बालवीर, सजन रे झूठ मत बोलो, लेडीज स्पेशल, सास बिना ससुराल, कॉमेडी नाइट्स बचाओ, पापड़ पोल, राइजिंग स्टार जैसे नाम शामिल हैं। ​इसने खेल-खेल में, द डिप्लोमैट, ओएमजी 2 जैसी फिल्मों के साथ-साथ छुरी और चटनी शॉर्ट फिल्म को भी प्रोड्यूस किया है। इसके अलावा 2 वेब सीरीज कैंडी और लुक्खा का प्रोडक्शन भी किया है। विपुल डी शाह कंपनी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर भी हैं। राजेश बहल को-प्रमोटर और ग्रुप सीईओ हैं। ऑप्टिमिस्टिक्स एंटरटेनमेंट की शुरुआत साल 2001 में हुई थी। कंपनी को 60 से ज्यादा अवॉर्ड मिल चुके हैं।

IPO के पैसों का कैसे होगा इस्तेमाल

ऑप्टिमिस्टिक्स एंटरटेनमेंट अपने IPO में नए शेयरों को जारी कर हासिल होने वाले पैसों का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने के लिए और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी। कंपनी का वित्त वर्ष 2025-26 में रेवेन्यू 9 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 135.89 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले रेवेन्यू 125 करोड़ रुपये था। शुद्ध मुनाफा 39 प्रतिशत बढ़कर 24 करोड़ रुपये हो गया, जो वित्त वर्ष 2025 में 17.24 करोड़ रुपये था।

Technocraft Ventures IPO Listing: शेयर ने मचाया धमाल, 34% बढ़त में स्टॉक मार्केट में एंट्री

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

बेडरूम में एक चीज रखते ही बदल जाएगी आपकी लव लाइफ, फेंगशुई के है ये अचूक नियम, जानिए कैसे!

बेडरूम जगह है जहां दिनभर की भागदौड़ के बाद हमें सबसे ज्यादा आराम मिलता है। इसलिए इस कमरे को डेकोरेट करते समय केवल खूबसूरती ही नहीं, बल्कि माहौल का भी ध्यान रखना चाहिए। सही तरीके से रखा गया फर्नीचर और कम सामान कमरे को ज्यादा खुला और सुकून भरा बना सकता है।

फेंगशुई में बेडरूम डेकोरेशन और चीजों की जगह को लेकर कई मान्यताएं हैं। यहां बेड, शीशे और पौधों को कहां रखना चाहिए, इस पर काफी ध्यान दिया जाता है। अपने बेडरूम को शांत और आरामदायक रखने के लिए इन छोटी-छोटी बातों पर गौर करना चाहिए।

bedroom2

बेड के नीचे सामान

कम जगह होने पर लोग अक्सर बेड के नीचे जूते, इलेक्ट्रॉनिक सामान, पुराने कपड़े या दूसरी चीजें रख देते हैं। फेंगशुई के अनुसार बेड के नीचे की जगह साफ और खाली रखना बेहतर माना जाता है। मान्यता है कि इससे कमरे में एनर्जी का फ्लो बना रहता है और माहौल ज्यादा शांत रहता है। इसलिए बेड के नीचे बेकार सामान जमा करने के बजाय उसे साफ रखें और जरूरत न होने वाली चीजों को किसी दूसरी जगह व्यवस्थित करें।

ज्यादा पौधे 

बेडरूम आराम करने और सुकून पाने की जगह है, इसलिए यहां जरूरत से ज्यादा डेकोरेशन करने से बचना चाहिए। फेंगशुई की मान्यता के अनुसार बेडरूम में बहुत ज्यादा पौधे या पानी से जुड़े डेकोरेटिव आइटम जैसे फाउंटेन रखना सही नहीं माना जाता। ऐसा माना जाता है कि इन चीजों की एक्टिव एनर्जी कमरे के शांत माहौल को प्रभावित कर सकती है। अगर पौधे रखने का शौक है, तो कमरे में बहुत ज्यादा पौधे रखने के बजाय सीमित संख्या में ही रखें और कमरे को खुला व आरामदायक बनाए रखें।

साफ और शांत कमरा

बेडरूम में अच्छी एनर्जी और शांत माहौल बनाए रखने के लिए सबसे जरूरी है कि कमरा साफ और व्यवस्थित रहे। रोज थोड़ा समय निकालकर फर्श, बेड और आसपास की जगह को साफ करें। बेड के नीचे कबाड़ जमा न होने दें और जरूरत से ज्यादा सामान कमरे में न रखें। अगर बेड के सामने शीशा लगा है और उसे हटाना संभव नहीं है, तो सोते समय उस पर पर्दा या कवर लगाया जा सकता है। साथ ही फेंगशुई के अनुसार डेकोर की चीजों को जोड़ी में रखना भी अच्छा माना जाता है।

 

बेड के सामने शीशा

फेंगशुई की मान्यता के अनुसार बेड के ठीक सामने शीशा लगाना सही नहीं माना जाता। ऐसा माना जाता है कि इससे कमरे का माहौल शांत रहने के बजाय बेचैनी वाला हो सकता है। कुछ लोगों को इससे नींद में परेशानी या रात में बार-बार जागने जैसी दिक्कत महसूस हो सकती है। कपल्स के बीच तनाव बढ़ने की बात भी फेंगशुई में कही जाती है। इसलिए अगर बेडरूम में शीशा लगाना जरूरी है, तो उसे बेड से थोड़ा हटकर ऐसी जगह रखें जहां सीधे बेड का प्रतिबिंब न दिखाई दे।

डिस्क्लेमर: यहां दी गई जानकारी फेंगशुई की मान्यताओं पर आधारित है। इसे पूरी तरह सही मानने से पहले विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।

Delhi Traffic Advisory 15 August: 15 अगस्त को लाल किले के आसपास कई रास्ते बंद, निकलने से पहले देखें पूरी एडवाइजरी

Delhi Traffic Advisory 15 August: दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 15 अगस्त को लाल किले पर होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को संबोधित करेंगे। वहीं, समारोह स्थल के आस-पास की कई सड़कें सुबह 4 बजे से 10 बजे तक आम ट्रैफिक के लिए बंद रहेंगी और प्रभावित रास्तों पर सिर्फ खास पहचान वाले वाहनों को ही आने-जाने की इजाजत होगी।

एडवाइजरी में यात्रियों के लिए वैकल्पिक रास्ते, मालवाहक वाहनों और बसों पर पाबंदियां, और शहर के मुख्य इलाकों की ओर जाने वाली सेवाओं के लिए डायवर्जन की जानकारी भी दी गई है। इसके अलावा, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और ISBT कश्मीरी गेट जाने वाले यात्रियों से अपील की गई है कि वे पहले से अपने सफर का प्लान बना लें और तय किए गए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।

बंद रहेंगी ये सड़कें

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, 15 अगस्त को सुबह 4 बजे से 10 बजे तक कई प्रमुख सड़कें आम लोगों के लिए बंद रहेंगी। इनमें शामिल हैं:

  • नेताजी सुभाष मार्ग — दिल्ली गेट से चट्टा रेल चौक तक
  • लोथियन रोड — GPO दिल्ली से चट्टा रेल चौक तक
  • एसपी मुखर्जी मार्ग — एचसी सेन मार्ग से यमुना बाजार चौक तक
  • चांदनी चौक रोड — फाउंटेन चौक से लाल किले तक
  • निषाद राज मार्ग — रिंग रोड से नेताजी सुभाष मार्ग तक
  • एस्प्लेनेड रोड और नेताजी सुभाष मार्ग से जुड़ी इसकी लिंक रोड
  • रिंग रोड — राजघाट से ISBT तक

इन रास्तों से भी बचने की सलाह

जिन गाड़ियों पर पार्किंग लेबल नहीं हैं, उन्हें सलाह दी गई है कि वे पाबंदी वाले समय के दौरान C-हेक्सागन इंडिया गेट, कॉपरनिकस मार्ग, मंडी हाउस, सिकंदरा रोड, तिलक मार्ग, मथुरा रोड, BSZ मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग, J L नेहरू मार्ग, और निज़ामुद्दीन खट्टा व ISBT कश्मीरी गेट के बीच रिंग रोड और आउटर रिंग रोड के हिस्सों पर जाने से बचें।

उत्तर-दक्षिण दिशा में जाने के लिए ये रास्ते अपनाएं

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने उत्तर से दक्षिण और दक्षिण से उत्तर जाने वाले लोगों के लिए कई वैकल्पिक रास्ते बताए हैं। इनमें अरविंदो मार्ग, सफदरजंग रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग, कौटिल्य मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, पार्क स्ट्रीट, मंदिर मार्ग, पंचकुइयां रोड और रानी झांसी रोड शामिल हैं।

इसके अलावा लोग कनॉट प्लेस, मिंटो रोड, भवभूति मार्ग, अजमेरी गेट, श्रद्धानंद मार्ग, लाहौरी गेट चौक, नया बाजार, पीली कोठी और एसपी मुखर्जी मार्ग के रास्ते भी आ-जा सकते हैं।

यमुना पार करने के लिए निजामुद्दीन ब्रिज, पुस्ता रोड, जीटी रोड और युधिष्ठिर सेतु का इस्तेमाल किया जा सकता है।

पूर्व-पश्चिम दिशा में जाने के लिए वैकल्पिक रास्ते

पूर्व से पश्चिम और पश्चिम से पूर्व जाने वाले लोगों के लिए NH-24/NH-9, निजामुद्दीन खट्टा, बारापुल्ला रोड, DND, रिंग रोड, भैरों रोड और मथुरा रोड समेत अन्य जुड़े हुए रास्तों का इस्तेमाल किया जा सकता है।

इसके अलावा विकास मार्ग, आईपी मार्ग, डीडीयू मार्ग और मिंटो रोड भी वैकल्पिक रास्ते के तौर पर उपलब्ध रहेंगे।

DND-NH-24-युधिष्ठिर सेतु-सिग्नेचर ब्रिज-वजीराबाद ब्रिज वाला कॉरिडोर भी खुला रहेगा।

हालांकि, ओल्ड आयरन ब्रिज और गीता कॉलोनी ब्रिज से शांति वन की तरफ जाने वाला रास्ता बंद रहेगा।

मालवाहक वाहनों और बसों पर भी रहेगी रोक

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, 14 अगस्त की आधी रात से 15 अगस्त की सुबह 11 बजे तक निजामुद्दीन खट्टा और वजीराबाद ब्रिज के बीच माल ढोने वाले वाहनों को चलने की इजाजत नहीं होगी। इस दौरान महाराणा प्रताप ISBT और सराय काले खां ISBT के बीच दूसरे राज्यों से आने-जाने वाली बसों को भी चलने की इजाजत नहीं होगी।

साथ ही, 14 अगस्त की आधी रात से 15 अगस्त की सुबह 11 बजे तक ISBT कश्मीरी गेट और निजामुद्दीन खट्टा के बीच रिंग रोड पर लोकल सिटी बसें (DTC बसों सहित) नहीं चलेंगी।

इसके अलावा, लोथियन रोड, नेताजी सुभाष मार्ग, एस पी मुखर्जी मार्ग, विकास मार्ग, मथुरा रोड और C-हेक्सागन व सेंट्रल दिल्ली के आस-पास की सड़कों समेत कई सड़कों पर दूसरे शहरों से आने वाली बसों और DTC बसों के लिए पाबंदियां होंगी।

इन रास्तों से डायवर्ट होंगी बसें

गाजियाबाद से दिल्ली आने वाली दूसरे राज्यों की बसें ISBT कश्मीरी गेट में घुसने से पहले भोपुरा चुंगी रोड और वजीराबाद रोड का इस्तेमाल करेंगी। धौला कुआं से आने वाली बसों का रूट रिंग रोड, पंजाबी बाग, आजादपुर और चांदनी राम अखाड़ा की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, फरीदाबाद से आने वाली बसें सराय काले खां पर अपनी यात्रा खत्म कर सकती हैं या ISBT कश्मीरी गेट की तरफ जाने के लिए दूसरे रास्तों का इस्तेमाल कर सकती हैं। पुलिस ने कहा कि JPN हॉस्पिटल जाने-आने पर कोई पाबंदी नहीं होगी।

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे आखिरी समय में होने वाली परेशानी से बचने के लिए जल्दी निकलें और कहा है कि जरूरी जगहों पर जानकारी देने वाले साइनबोर्ड लगाए जाएंगे। 15 अगस्त को सुबह 5 बजे से लेकर ट्रैफिक डायवर्जन हटने तक, गोखले मार्ग, घाटा मस्जिद, यमुना बाजार, दिल्ली गेट और छट्टा रेल चौक पर DTC की रिकवरी वैन तैनात रहेंगी। वहीं, आजादी के दिन कार्यक्रम स्थल पर जाने वाले लोगों से यह भी कहा गया है कि वे कैमरा, दूरबीन, रिमोट-कंट्रोल कार की चाबियां, छाता, हैंडबैग, ब्रीफकेस, ट्रांजिस्टर, सिगरेट लाइटर, टिफिन बॉक्स और पानी की बोतलें साथ न लाएं।

कुल मिलाकर, 15 अगस्त को दिल्ली के कई हिस्सों में सड़कें बंद रहेंगी, रूट डायवर्ट किए जाएंगे और बसों की आवाजाही पर भी रोक रहेगी। इसका सबसे ज्यादा असर लाल किले और सेंट्रल दिल्ली के आसपास के इलाकों में देखने को मिलेगा। हालांकि, यात्रियों के लिए वैकल्पिक रास्ते उपलब्ध रहेंगे और सुबह 11 बजे के बाद ट्रैफिक व्यवस्था सामान्य होने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें: चमोली में हाइड्रो प्रोजेक्ट पर बड़ा हादसा, सुरंग में गले तक भरा पानी और गाद, 7 मजदूरों की मौत, 6 लापता