लार्सन एंड टुब्रो टेक्नोलॉजी सर्विसेज (L&T Technology Services) के शेयरों में 21 अक्टूबर को दिन में लगभग 15 प्रतिशत तक की तेजी दिखी। BSE पर शेयर 4140.50 रुपये के हाई तक गया। कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 42000 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। कंपनी ने 19 अक्टूबर को तिमाही नतीजे जारी किए थे, जो कि अच्छे रहे। 20 अक्टूबर को शेयर बाजार में दशहरा की छुट्टी थी। लिहाजा निवेशक आज अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में कंपनी का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 66.78 प्रतिशत बढ़कर 548.2 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 328.7 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 12.1 प्रतिशत बढ़कर 3,040.4 करोड़ रुपये रहा। सितंबर 2025 तिमाही में यह 2,713.3 करोड़ रुपये था।कंपनी का कहना है कि उसके मुनाफे में स्मार्ट वर्ल्ड एंड कम्युनिकेशन (एसडब्ल्यूसी) कारोबार की बिक्री से मिले 165 करोड़ रुपये का एकमुश्त लाभ शामिल है।
L&T Technology Services को सितंबर 2026 तिमाही में 20 करोड़ डॉलर से अधिक की कुल कॉन्ट्रैक्ट वैल्यू वाले बड़े कॉन्ट्रैक्ट मिले। इनमें आर्टिफीशियल इंटेलीजेंस (एआई) से जुड़े कॉन्ट्रैक्ट्स की हिस्सेदारी 50 प्रतिशत से अधिक रही। कंपनी का EBIT 496.6 करोड़ रुपये रहा और EBIT मार्जिन 16.3 प्रतिशत दर्ज किया गया।
L&T Tech ने घोषित किया अंतरिम डिविडेंड
कंपनी के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 20 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है। रिकॉर्ड डेट 27 अक्टूबर 2026 है। इस तारीख तक जिन लोगों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में दर्ज होंगे, वे डिविडेंड के हकदार होंगे। शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। यह BSE 200 इंडेक्स का हिस्सा है।
HD Fire Protect IPO Listing: 23% प्रीमियम पर शुरुआत, फिर चंद पलों में शेयर 9% फिसला
शेयर पर ब्रोकरेज की राय
मोतीलाल ओसवाल ने L&T Technology Services के शेयर पर ‘न्यूट्रल’ रेटिंग बरकरार रखी है। लेकिन टारगेट प्राइस 3,400 रुपये से बढ़ाकर 3,850 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। कंपनी का कहना है कि कंपनी के फंडामेंटल्स अभी भी आकर्षक हैं, लेकिन इंजीनियरिंग, रिसर्च और डेवलपमेंट इंडस्ट्री को कमजोर मैक्रोइकॉनॉमिक स्थितियों और ऑटो व टेक्नोलॉजी जैसे सेक्टर्स के दबाव से उबरने में अभी और समय लगेगा। नुवामा ने ‘होल्ड’ रेटिंग बरकरार रखी है और टारगेट प्राइस को 3,400 रुपये से बढ़ाकर 3,450 रुपये कर दिया है। नोमुरा ने भी ‘न्यूट्रल’ रेटिंग बरकरार रखी है और टारगेट प्राइस 3,290 रुपये से बढ़ाकर 3,500 रुपये कर दिया है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

