दिल्ली-एनसीआर में पिछले दो दिनों से तेज बारिश हो रही है। दिल्ली-NCR में हुई तेज बारिश के बाद कई इलाकों में पानी भर गया। वहीं दिल्ली में तेज बारिश के चलते हवाई यात्रा पर भी असर पड़ सकता है। इंडिगो ने शनिवार को दिल्ली से आने-जाने वाले यात्रियों को सावधान रहने की सलाह दी है। एयरलाइन के मुताबिक, खराब मौसम की वजह से उड़ानों के संचालन में परेशानी आ सकती है और फ्लाइट्स में देरी होने की संभावना है। वहीं फ्लाइट पकड़ने से पहले इंडिगो ने फ्लाइट का ताजा स्टेटस जरूर देख लेना चाहिए।
राजधनी में तेज बारिश की वजह से इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट के आसपास के साथ-साथ आनंद विहार और कनॉट प्लेस जैसे इलाकों में भी जलभराव देखने को मिला। सड़कों पर पानी जमा होने के कारण कई जगह ट्रैफिक धीमा हो गया, जिससे एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सोशल मीडिया पर किया पोस्ट
इंडिगो ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यात्रियों को दिल्ली के मौसम को लेकर सतर्क रहने को कहा है। एयरलाइन के मुताबिक, खराब मौसम के कारण उड़ानों पर असर पड़ सकता है। एयरलाइन ने कहा, “खराब मौसम अभी दिल्ली पर असर डाल रहा है, जिससे फ्लाइट ऑपरेशन में देरी हो सकती है। हमारी टीमें स्थिति पर करीब से नजर रख रही हैं। अगर आप आज यात्रा कर रहे हैं, तो हम सलाह देते हैं कि एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले हमारी वेबसाइट या ऐप पर अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक कर लें।”
Travel Advisory
Bad weather is currently affecting Delhi, leading to possible delays in flight operations.
Our teams are closely monitoring the situation, if you’re travelling today, we recommend checking your flight status on our website via https://t.co/MDv6zfNvLQ or app…
— IndiGo (@IndiGo6E) September 5, 2026
यात्रियों को दी सलाह
इंडिगो ने यात्रियों को सलाह दी कि वे एयरपोर्ट जाने के लिए नॉर्मल से थोड़ा ज्यादा समय लेकर घर से निकलें। बारिश के कारण कई सड़कों पर पानी भर सकता है और ट्रैफिक भी धीमा हो सकता है। एयरलाइन ने कहा कि, यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा उसके लिए सबसे जरूरी है। इंडिगो की यह एडवाइजरी शुक्रवार को दिल्ली में हुई तेज बारिश के बाद जारी की गई है।
तुरंत निकाल दिया गया पानी
भारी बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक की समस्या देखने को मिली। दिल्ली एयरपोर्ट के मुताबिक, एयरपोर्ट तक पहुंचने वाली सड़क और फोरकोर्ट एरिया में भी पानी जमा हो गया था, जिससे यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हुई। एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, बारिश के बाद जमा हुआ पानी जल्द निकाल दिया गया और उड़ानों का काम सामान्य रखने की कोशिश की जा रही है। वहीं, मौसम विभाग ने रविवार तक दिल्ली-NCR में बारिश की संभावना जताई है। शनिवार को भारी बारिश को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि रविवार को हल्की बारिश हो सकती है।
विजयानंद ट्रैवल्स ने वोल्वो को दिया अब तक का सबसे बड़ा ऑर्डर, बेड़े में शामिल होंगी 150 नई बस


