Hanuman Ansh Box Office Collection: हनुमान अंश का 9वें गुरुवार को भी जलवा बरकरार, जानिए 63वें दिन कहां तक पहुंची इसकी कमाई

फिल्मों की दुनिया में जहां कई बड़ी रिलीज कुछ ही दिनों में सिनेमाघरों से गायब हो जाती हैं, वहीं ‘हनुमान अंश’ की बॉक्स ऑफिस पर लंबी पारी जारी है। रिलीज के 63 दिन बाद भी फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाब हो रही है। गुरुवार, 8 अक्टूबर को फिल्म की कमाई में कोई गिरावट दर्ज नहीं की गई और इसने एक बार फिर भारत में 75 लाख रुपये का नेट कलेक्शन किया।

Sacnilk के मुताबिक, फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर अब तक 327.98 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है। वहीं, इसका भारत में ग्रॉस कलेक्शन 387.38 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। विदेशों में भी फिल्म की कमाई जारी है, जिससे इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 427.43 करोड़ रुपये हो गया है।

63वें दिन कितने दर्शकों ने देखी फिल्म?

‘हनुमान अंश’ के लिए आठवां और नौवां हफ्ता पार करना आसान नहीं रहा, लेकिन फिल्म अब भी अपनी मौजूदगी बनाए हुए है। गुरुवार को इसके शो की संख्या बुधवार के 1,578 से बढ़कर 1,579 हो गई। इस दौरान फिल्म ने करीब 47,675 दर्शकों की फुटफॉल दर्ज की।

हिंदी 2D शो की कुल ऑक्यूपेंसी 18.72 फीसदी रही। सुबह के शो में 9.08 फीसदी, दोपहर में 16.08 फीसदी, शाम को 24 फीसदी और रात के शो में 22.46 फीसदी ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। आंकड़ों के मुताबिक, शाम के शो दर्शकों के बीच सबसे ज्यादा लोकप्रिय रहे।

बॉक्स ऑफिस पर ऐसा रहा फिल्म का सफर

फिल्म की कमाई का सफर कई उतार-चढ़ाव से भरा रहा। नौवें शुक्रवार को इसने 2.25 करोड़ रुपये कमाए, जबकि शनिवार को 2.10 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। रविवार को कमाई बढ़कर 3 करोड़ रुपये पहुंच गई। इसके बाद मंगलवार से गुरुवार तक फिल्म की दैनिक कमाई घटकर क्रमशः 1 करोड़, 75 लाख और 75 लाख रुपये रही।

साप्ताहिक प्रदर्शन की बात करें तो पांचवें हफ्ते में फिल्म ने 90.25 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की थी। छठे हफ्ते में 80.25 करोड़, सातवें में 44.80 करोड़ और आठवें हफ्ते में 29.20 करोड़ रुपये जुटाए। नौवें हफ्ते का कलेक्शन 10.60 करोड़ रुपये रहा।

क्या है ‘हनुमान अंश‘ की कहानी?

विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक ऐसे दुखी बच्चे की कहानी पेश करती है, जो अपनी मां को खोने के बाद उन्हें दोबारा पाने के लिए ईश्वर की तलाश में निकल पड़ता है। उसकी यही खोज धीरे-धीरे उसे दूसरों की मदद करने और जरूरतमंदों की सेवा करने के रास्ते पर ले जाती है।

फिल्म में लक्ष्मण नारायण शर्मा के जीवन को दर्शाया गया है, जिन्हें आगे चलकर नीम करोली बाबा के नाम से पहचान मिली। कहानी उनके बचपन, 13 साल की उम्र में घर छोड़ने और हनुमान जी के प्रति उनकी भक्ति की यात्रा को दिखाती है। फिल्म में शोभिनव सत्य, विहान शेडगे और चंदन आनंद अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं।

Nana Patekar Death: पंचतत्व में विलीन हुए नाना पाटेकर, नम आंखो से दी गई एक्टर को अंतिम विदाई

Hanuman Ansh: ‘हनुमान अंश’ को सपोर्ट करने से पहले मना किया अब माफी मांग रहे हैं, प्रोड्यूसर ने बॉलीवुड के दोगलेपन का किया खुलासा

Hanuman Ansh: ‘हनुमान अंश’ की को-प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर ने अपने लेटेस्ट इंटरव्यू में बॉलीवुड के दोगलेपन पर खुलकर बात की है। उन्होंने कहा कि बॉलीवुड में कई लोगों ने शुरू में फिल्म को सपोर्ट करने से साफ मना कर दिया था। लेकिन बाद में जब फिल्म ने कलेक्शन शानदार किया तो कुछ ने माफी मांगने के लिए हमसे वापस संपर्क किया था। 21 साल की प्रोड्यूसर ने कहा कि इन्वेस्टर्स इसलिए हिचकिचा रहे थे क्योंकि यह कम बजट की फिल्म थी और एक्टर्स भी नए थे।

सिद्धार्थ कन्नन से बात करते हुए अनुप्रिया ने कहा कि टीम ने पोस्ट-प्रोडक्शन के दौरान इन्वेस्टमेंट के लिए कई लोगों से संपर्क किया था, लेकिन उन्हें सपोर्ट नहीं मिला। उन्होंने कहा, “शुरू से ही मेरे जुड़ने से पहले भी, ‘हनुमान अंश’ की टीम पोस्ट-प्रोडक्शन के लिए इन्वेस्टमेंट के वास्ते कई लोगों के पास गई थी, लेकिन कोई भी इन्वेस्ट करने को तैयार नहीं हुआ, जबकि इन्वेस्टमेंट बहुत बड़ा नहीं था।”

अनुप्रिया के मुताबिक इंडस्ट्री में कई लोगों को इस प्रोजेक्ट पर ज्या भरोसा नहीं था। उन्होंने कहा कि रिलीज से पहले कुछ ही लोगों ने हमें सपोर्ट किया, लेकिन बहुत से लोगों को प्रोजेक्ट पर भरोसा नहीं था। उन्हें लगा कि यह कम बजट की फिल्म है, डायरेक्टर अपनी पहली फिल्म बना रहा है और एक्टर्स भी नए हैं। सबका कहना था फिल्म आएगी और चली जाएगी।

‘प्रोड्यूसर्स ने संपर्क किया और माफी मांगी’

अनुप्रिया ने कहा कि बॉक्स ऑफिस पर ‘हनुमान अंश’ के अच्छा प्रदर्शन करने के बाद इंडस्ट्री का रवैया पूरी तरह से हमारे लिए बदल गया। रिपोर्ट में दिए गए आंकड़ों के मुताबिक 2 करोड़ रुपये से कम के बजट में बनी इस फिल्म ने भारत में 331.70 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई की है।

उन्होंने याद करते हुए कहा, “बहुत से प्रोड्यूसर्स ने संपर्क किया है और यह बहुत अच्छी बात है। उन्होंने हमें बधाई दी है। उनमें से कुछ लोग तो मेरे पास आए और कह, ‘सबसे पहले तो मैं माफी मांगता हूं क्योंकि यह फिल्म हमारे पास आई थी। हमें अफसोस है कि हम आपके साथ नहीं जुड़ पाए। वह मेरी सबसे बड़ी गलती थी।'”

अनुप्रिया ने कहा कि इंडस्ट्री के कुछ लोगों ने उनसे यह भी कहा कि फिल्म ने दिखा दिया है कि एक छोटा प्रोडक्शन क्या हासिल कर सकता है। आपने हमें एहसास दिलाया है कि एक छोटी फिल्म कितना कुछ कर सकती है। आपने इंडस्ट्री को एक सबक दिया है।’ उन्होंने हमसे कहा, ‘आप जो भी मदद चाहें, हम आपके साथ हैं।'” हालांकि अनुप्रिया ने कहा कि वह उनके शुरुआती फैसले के लिए उनसे कोई शिकायत नहीं रखतीं। मैं उन्हें दोष नहीं देती, क्योंकि वह एक बहुत छोटी फिल्म थी।”

विशाल चतुर्वेदी की निर्देशित और शोबिनाव सत्या की मुख्य भूमिका वाली फिल्म ‘हनुमान अंश’ नीम करौली बाबा के जीवन से प्रेरित है। यह भक्तिपूर्ण ड्रामा आस्था, भक्ति, करुणा और निस्वार्थ सेवा जैसे विषयों को दिखाता है।

Hanuman Ansh: सीएम देवेंद्र फडणवीस ने अपने आवास पर ‘हनुमान अंश’ की टीम से मुलाकात की, शेयर किया वीडियो

Hanuman Ansh: ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार धूम मचा रही है। भले ही फिल्म की शुरुआत धीमी रही, लेकिन दूसरे वीक में इसने रफ्तार पकड़ी तब से यह सारे रिकॉर्ड तोड़ रही है। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की इस कामयाबी के बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई में अपने आवास ‘वर्षा’ पर ‘हनुमान अंश’ की टीम से मुलाकात की।

टीम के साथ मुलाकात के बाद CM फडणवीस ने एक वीडियो शेयर किया और दिल से एक नोट लिखा। मुलाकात का वीडियो शेयर करते हुए फडणवीस ने लिखा- “कल शाम गणपति बप्पा का आशीर्वाद लेने के लिए ‘हनुमान अंश’ की टीम का ‘वर्षा’ में स्वागत करना बहुत अच्छा लगा। विशाल चतुर्वेदी और उनकी टीम को उनके शानदार काम के लिए बधाई दी और उनके सभी प्रयासों में और सफलता की कामना की!”

सैक्निलक (Sacnilk) के अनुसार ‘हनुमान अंश’ ने 43वें दिन भारत में 5 करोड़ रुपये की कमाई की, जिससे इसका भारत में नेट कलेक्शन 248.38 करोड़ रुपये हो गया। फिल्म ने शुक्रवार को कुल मिलाकर 18.72% ऑक्यूपेंसी दर्ज की, जिसमें नाइट शो में सबसे ज्यादा 27.08% ऑक्यूपेंसी रही। फिल्म ने 43वें दिन विदेशी बाजारों से भी 1.25 करोड़ रुपये कमाए, जिससे इसका विदेशी ग्रॉस कलेक्शन 23 करोड़ रुपये हो गया। इसका भारत में ग्रॉस कलेक्शन 293.30 करोड़ रुपये है, जिससे इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 316.30 करोड़ रुपये हो गया है।

अपने छठे वीक में, ‘हनुमान अंश’ ने भारत में 80.25 करोड़ रुपये की कमाई की। इसने 36वें दिन 10.50 करोड़ रुपये, 37वें दिन 18.50 करोड़ रुपये और 38वें दिन 22.50 करोड़ रुपये कमाए। इसके बाद 39वें और 40वें दिन 8.25-8.25 करोड़ रुपये, 41वें दिन 6 करोड़ रुपये और 42वें दिन 6.25 करोड़ रुपये की कमाई की।

‘हनुमान अंश’ विशाल चतुर्वेदी की किताब ‘डिवाइन डिटूर दैट चेंज्ड माई लाइफ’ (Divine Detour: That Changed My Life) पर आधारित है। यह फिल्म नीम करौली बाबा के जीवन पर बनी है। फिल्म में शोभिनव सत्या और चंदन आनंद मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म आजादी से पहले के भारत में रहने वाले लक्ष्मी नारायण नाम के एक युवा लड़के की कहानी है, जो अपनी मां की मौत के बाद भगवान की तलाश में घर छोड़ देता है। उत्तर भारत की उनकी यात्रा उन्हें अंतत नीम करौली बाबा के रूप में बदल देती है। फिल्म की कास्ट में अनिल रस्तोगी, सुगंधा मल्होत्रा, भगवानदास पटेल और नेहा परांजपे भी शामिल हैं।

यह फिल्म 7 अगस्त, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और यह एक नियोजित ट्राइलॉजी की पहली फिल्म है। इस फिल्म को विशाल चतुर्वेदी ने अपने बैनर, स्वयंभू मीडिया नेटवर्क के तहत लिखा, निर्देशित और प्रोड्यूस किया है।

अब यूपी में गूंजेगा बाबा का नाम! कैंची धाम के बाद अब जन्मभूमि से समाधि तक बदलेगा पूरा नक्शा

नीम करौली बाबा को लेकर लोगों की बढ़ती दिलचस्पी भी देखने को मिल रही है और उनके जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ की रिलीज के बाद उनका नाम एक बार फिर चर्चा में आया है। खबरों के मुताबिक, करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने भी बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक विरासत से जुड़े विषय को लोगों के बीच पहुंचाया है।

नीम करौली बाबा का जन्म उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में हुआ था और उन्होंने अपने जीवन का काफी समय इसी क्षेत्र में साधना और तपस्या करते हुए बिताया। बाबा की समाधि भी उत्तर प्रदेश में ही स्थित है, इसलिए उनके भक्तों के लिए राज्य में मौजूद ये जगहें खास महत्व रखती हैं। अब उत्तर प्रदेश सरकार इन स्थानों को धार्मिक पर्यटन के लिहाज से विकसित करने की योजना बना रही है। फिरोजाबाद स्थित उनकी जन्मस्थली को एक बड़े धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी है।

जन्म स्थान पर बनेगा भव्य कॉरिडोर

फिरोजाबाद में नीम करौली बाबा की जन्मस्थली को बड़े धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। इस परियोजना के लिए करीब 87.5 बीघा जमीन तय की गई है। यहां भव्य प्रवेश द्वार, डिजिटल म्यूजियम और इंटरप्रिटेशन सेंटर बनाया जाएगा, जहां लोग बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा से जुड़ी जानकारी हासिल कर सकेंगे। इसके अलावा मीटिंग हॉल, मल्टी लेवल पार्किंग, कम्युनिटी किचन, फूड कोर्ट, मेडिटेशन सेंटर और वेलनेस सेंटर जैसी सुविधाएं भी प्रस्तावित हैं।

जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी

इस प्रोजेक्ट के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। जमीन मालिकों को सरकारी नियमों के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा और यह राशि जमीन की मौजूदा कीमत से चार गुना होने की बात कही गई है। बाबा के परिवार के सदस्यों समेत कुछ ग्रामीणों ने कथित तौर पर अनापत्ति प्रमाण पत्र भी दिया है, जिसे मंजूरी के लिए सरकार के पास भेजा गया है। सरकार की मंजूरी के बाद जमीन अधिग्रहण पूरा होने पर निर्माण का काम शुरू किया जा सकेगा।

तपस्या स्थल पर भी बढ़ेंगी सुविधाएं

सरकार की योजना जन्म स्थान के साथ फर्रुखाबाद के नीब करौरी गांव में भी विकास कार्य किए जाने की तैयारी है। माना जाता है कि नीम करौली बाबा ने इस इलाके में करीब 12 साल तक तपस्या की थी और इसी गांव के नाम से बाद में वे नीम करौली बाबा के नाम से प्रसिद्ध हुए। यहां करीब 5 एकड़ जमीन को विकसित करने की योजना है। प्रस्तावित कामों में पानी की टंकी, सड़कों को चौड़ा करना, अतिक्रमण हटाना और व्यवस्थित पार्किंग जैसी सुविधाएं शामिल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ‘हनुमान अंश’ की रिलीज के बाद यहां श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी है और रोजाना करीब 60 से 70 हजार लोगों के पहुंचने की बात कही गई है।

वृंदावन के समाधि स्थल का भी होगा विकास

नीम करौली बाबा से जुड़ी धार्मिक पर्यटन योजना में वृंदावन स्थित उनके समाधि स्थल को भी शामिल किया गया है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ आसपास के इलाके में सड़क संपर्क और दूसरी जरूरी सुविधाओं को मजबूत करने की योजना है। इसका मकसद समाधि स्थल तक पहुंच को आसान बनाना और वहां आने वाले भक्तों के लिए बेहतर माहौल तैयार करना है।

हनुमान सेतु से शुरू होगा प्रस्तावित बाबा सर्किट

लखनऊ का गोमती नदी के किनारे स्थित हनुमान सेतु मंदिर भी प्रस्तावित ‘नीम करौली बाबा सर्किट’ का अहम हिस्सा होगा। यह मंदिर बाबा की प्रेरणा से बनाया गया था और इसे सर्किट के शुरुआती केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। उम्मीद है कि उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड की ओर से यहां से गाइडेड टूर भी शुरू किए जा सकते हैं। मंदिर परिसर में फिलहाल नीम करौली बाबा की दो मूर्तियां और भगवान हनुमान की एक बड़ी मूर्ति मौजूद है।

नीम करौली बाबा से जुड़ा कैंची धाम भले ही बाबा से जुड़ी सबसे प्रसिद्ध जगहों में शामिल हो, लेकिन उत्तर प्रदेश में मौजूद इन स्थानों की अपनी अलग कहानी और महत्व है। प्रोजेस्ट में कैंची धाम की तरह श्रद्धालुओं के अनुभव और सुविधाओं को बेहतर बनाने की कोशिश की जाएगी, फिरोजाबाद की भौगोलिक स्थिति को ध्यान में रखकर विकास किया जाएगा। इस विकास के बाद इन जगहों पर सुविधाएं बेहतर होने के साथ बाबा के जीवन, उनकी साधना और आध्यात्मिक विरासत को करीब से समझने का मौका भी मिल सकता है।

Vishal Chaturvedi: ‘हनुमान अंश’ के बाद विशाल चतुर्वेदी ने नई फिल्म का किया ऐलान, गोस्वामी तुलसीदास पर बेस्ड होगी ‘रामबोला’

Vishal Chaturvedi: ‘हनुमान अंश’ में नीम करौली बाबा की कहानी सुनाने के बाद, फिल्ममेकर विशाल चतुर्वेदी अब गोस्वामी तुलसीदास की जिंदगी को बड़े पर्दे पर लाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने ‘रामबोला’ के लिए महावीर जैन फिल्म्स के साथ हाथ मिलाया है। यह फिल्म महान संत-कवि गोस्वामी तुलसीदास के जीवन पर आधारित है।

विशाल चतुर्वेदी ने अपनी अगली फिल्म ‘रामबोला’ की घोषणा की

विशाल चतुर्वेदी द्वारा लिखित और निर्देशित, ‘रामबोला’ तुलसीदास के सफर को दिखाएगी और उन अनुभवों को उजागर करेगी, जिन्होंने उन्हें भारतीय इतिहास के सबसे प्रभावशाली आध्यात्मिक व्यक्तित्वों में से एक बनाया। गोस्वामी तुलसीदास का प्रभाव पीढ़ियों से बना हुआ है, खासकर उनकी रचनाओं और भारत की भक्तिपूर्ण और साहित्यिक परंपराओं में उनके योगदान के माध्यम से। इस फिल्म का मकसद उस बड़ी विरासत को आज के दर्शकों तक पहुंचाना है।

गणेश चतुर्थी पर फिल्म की घोषणा करते हुए विशाल चतुर्वेदी और महावीर जैन फिल्म्स ने इंस्टाग्राम पर लिखा- “बप्पा के आशीर्वाद से इस शुभ दिन पर विनम्रता और कृतज्ञता के साथ हम आपके लिए “रामबोला” लेकर आए हैं – गोस्वामी तुलसीदास की अमर कहानी। विशाल चतुर्वेदी द्वारा लिखित और निर्देशित। महावीर जैन, विशाल चतुर्वेदी, अमित उपाध्याय और रघुवेंद्र सिंह द्वारा निर्मित। महावीर जैन फिल्म्स द्वारा प्रस्तुत।”

विशाल चतुर्वेदी का दूसरा प्रोजेक्ट

‘रामबोला’ डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी के लिए आध्यात्मिक क्षेत्र में एक और प्रोजेक्ट है। उनकी पिछली फिल्म ‘हनुमान अंश’, नीम करौली बाबा पर केंद्रित थी और उनके जीवन और आध्यात्मिक सफर को दिखाती थी। ‘रामबोला’ के साथ, फिल्ममेकर एक बार फिर भारतीय संत परंपरा से गहराई से जुड़े व्यक्तित्व को चुन रहे हैं, इस बार आध्यात्मिकता, कविता और भारतीय साहित्य की दुनिया को एक साथ ला रहे हैं। फिल्म का निर्माण महावीर जैन, विशाल चतुर्वेदी, अमित उपाध्याय और रघुवेंद्र सिंह कर रहे हैं और इसे महावीर जैन फिल्म्स द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा।

‘हनुमान अंश’ के बारे में

इस बीच, ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रही है। 7 अगस्त को रिलीज हुई ‘हनुमान अंश’ की बॉक्स ऑफिस पर शुरुआत औसत रही, लेकिन दूसरे हफ्ते में फिल्म ने रफ्तार पकड़ी। अब छठे हफ्ते में फिल्म ने 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। अपनी रिलीज के 38वें दिन फिल्म ने भारत में 22.50 करोड़ रुपये की नेट कमाई की।

‘हनुमान अंश’ का निर्देशन और निर्माण विशाल चतुर्वेदी ने अपने बैनर स्वयंभू मीडिया नेटवर्क के तहत किया है। यह फिल्म उनकी किताब ‘डिवाइन डिटूर दैट चेंज्ड माई लाइफ’ पर आधारित है, जिसमें नीम करौली बाबा के जीवन की कहानी बताई गई है। शोभिनव सत्या और चंदन आनंद ने इसमें मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। कहानी लक्ष्मी नारायण नाम के एक युवा लड़के की है, जो आजादी से पहले के भारत में रहता था और अपनी मां की मौत के बाद भगवान की खोज में घर छोड़ देता है। उत्तर भारत में उसकी यात्रा आखिरकार उसे नीम करौली बाबा के रूप में बदल देती है।

Hanuman Ansh advance booking worldwide: ‘हनुमान अंश’ ने दुनिया भर में की धमाकेदार शुरुआत की, प्री-सेल्स में कमाए इतने करोड़

Hanuman Ansh advance booking worldwide: ‘हनुमान अंश’ अब सिर्फ देश में मिली सफलता तक ही सीमित नहीं है। नीम करौली बाबा पर बनी यह बायोपिक अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सिनेमाघरों में दिखाई जाएगी, जिससे भारत के बाहर के दर्शकों को बड़े पर्दे पर यह आध्यात्मिक ड्रामा देखने का मौका मिलेगा। यह फिल्म 11 सितंबर, 2026 को दुनिया भर में रिलीज होने वाली है और होम्बले फिल्म्स ने होम्बले ओवरसीज के जरिए इसके अंतरराष्ट्रीय डिस्ट्रीब्यूशन की घोषणा की है। फिल्म के अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहुंचने के साथ ही अब सबकी नजरें इसकी विदेशी एडवांस बुकिंग पर टिकी हैं। यह देखा जा रहा है कि क्या दर्शकों की वही उत्सुकता भारत के बाहर भी टिकट बिक्री में बदल पाएगी।

‘हनुमान अंश’ की विदेशी एडवांस बुकिंग

‘हनुमान अंश’ की विदेशी रिलीज फिल्म की यात्रा के एक दिलचस्प मोड़ पर हो रही है। शोभिनव सत्या स्टारर इस फ़िल्म ने 7 अगस्त 2026 को भारत में सिनेमाघरों का सफर शुरू किया था और शुरुआत में इसे बहुत ज्यादा चर्चा नहीं मिली थी। हालांकि लोगों की अच्छी प्रतिक्रिया (वर्ड ऑफ़ माउथ) की वजह से फ़िल्म ने आने वाले हफ़्तों में रफ़्तार पकड़ी और साल की सबसे बड़ी सरप्राइज़ हिट फ़िल्मों में से एक बन गई।

‘हनुमान अंश’ ने 11 सितंबर, 2026 को होने वाली विदेशी रिलीज से पहले ही नॉर्थ अमेरिका में $150+ (और यह संख्या बढ़ रही है) की एडवांस प्री-सेल्स दर्ज की है। यह फ़िल्म नॉर्थ अमेरिका के सिनेमाघरों में दिखाई जाएगी और होम्बले फ़िल्म्स इसके विदेशी डिस्ट्रीब्यूशन का काम संभालेगी। मज़बूत प्री-सेल्स फ़िल्म की अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में एंट्री का संकेत देती हैं, जहाँ इसे चुनिंदा जगहों पर रिलीज़ किया जाएगा। नॉर्थ अमेरिका से मिले अच्छे एडवांस रिस्पॉन्स ने नीम करौली बाबा बायोपिक की ग्लोबल थिएट्रिकल रिलीज़ से पहले इसके लिए उत्साह और बढ़ा दिया है।

‘हनुमान अंश’ 11 सितंबर, 2026 से कई अंतरराष्ट्रीय बाजारों में रिलीज हो रही है।

USA

नॉर्थ अमेरिका

यूनाइटेड किंगडम

दुबई

कनाडा

मॉरिशस

हॉंगकॉंग

फ़िलीपींस

सिंगापुर

न्यूज़ीलैंड और ऑस्ट्रेलिया 1 सितंबर, 2026 को एक्सक्लूसिव प्रीमियर।

बता दें कि होम्बले ओवरसीज़ अंतरराष्ट्रीय रिलीज का काम संभाल रही है और अलग-अलग बाज़ारों में स्थानीय पार्टनर भी शामिल हैं।

भारत में सफलता के बाद ‘हनुमान अंश’ की ज़बरदस्त ग्लोबल एंट्री

‘हनुमान अंश’ अपनी ग्लोबल थिएट्रिकल रिलीज़ के लिए 11 सितंबर, 2026 को तैयार है। फ़िल्म के अंतरराष्ट्रीय डिस्ट्रीब्यूशन का काम बड़े प्रोडक्शन और डिस्ट्रीब्यूशन बैनर ‘होम्बले फ़िल्म्स’ द्वारा संभाला जा रहा है। इंटरनेशनल रिलीज़ उस फ़िल्म के लिए एक अहम कदम है, जिसके बारे में शुरू में यह उम्मीद नहीं थी कि वह सिनेमाघरों में बहुत अच्छा प्रदर्शन करेगी।

भारत में इसकी सफलता ने इस सोच को बदल दिया है, क्योंकि रिलीज़ के एक महीने बाद भी यह फ़िल्म दर्शकों को अपनी ओर खींच रही है। Sacnilk के अनुसार, अब तक ‘हनुमान अंश’ ने भारत में लगभग ₹156.02 करोड़ की नेट कमाई की है। ‘हनुमान अंश’ को हाल के सालों की सबसे ज़्यादा मुनाफ़ा कमाने वाली हिंदी फ़िल्मों में से एक माना जा रहा है, क्योंकि इसकी बताई गई प्रोडक्शन कॉस्ट और बॉक्स ऑफ़िस की कमाई के बीच बहुत बड़ा अंतर है।

नीम करौली बाबा की बायोपिक की नज़र विदेशी दर्शकों पर

विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन और शोभिनव सत्या की मुख्य भूमिका वाली ‘हनुमान अंश’ आध्यात्मिक गुरु नीम करौली बाबा की कहानी बताती है। बड़े पर्दे तक इस फ़िल्म का सफ़र भी अनोखा रहा है। प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर, जो इस प्रोजेक्ट पर काम करते समय सिर्फ़ 21 साल की थीं, शुरू में एप्पल के को-फ़ाउंडर स्टीव जॉब्स पर आध्यात्मिक प्रभाव के बारे में अपनी रिसर्च के ज़रिए नीम करौली बाबा की ओर आकर्षित हुई थीं।

फ़िल्म की इंटरनेशनल रिलीज़ अब इस कहानी को बहुत बड़े दर्शकों तक पहुंचा सकती है, खासकर विदेशों में रहने वाले भारतीयों और नीम करौली बाबा के अनुयायियों तक। भारत में बॉक्स ऑफ़िस पर उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन के बाद, अब ध्यान इस बात पर है कि ‘हनुमान अंश’ इंटरनेशनल मार्केट में कैसा प्रदर्शन करती है। एक छोटे स्तर के प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू हुई इस फ़िल्म का, एक साधारण थिएट्रिकल रिलीज़ से ग्लोबल रिलीज़ तक का सफ़र निश्चित रूप से एक अप्रत्याशित मोड़ है।

नीम करौली बाबा के कैंची धाम में ऐसा क्या खास, दुनिया भर से खिंचे चले आते हैं लोग?

भारत में नीम करोली बाबा को मानने वाले लोगों की संख्या लंबे समय से रही है और उनकी सादगी, सेवा और आध्यात्मिक सोच लोगों को अपनी ओर खींचती है। लेकिन अब इन्हें विदेशों में भी काफी जाना जाता है। बाबा के जीवन और उनकी बातों से प्रभावित होकर देश-विदेश के कई लोग उनके आश्रमों तक पहुंचे। यही वजह है कि उत्तराखंड का कैंची धाम भी आज श्रद्धालुओं और बाबा को जानने वाले लोगों के लिए खास जगह बन चुका है। नीम करोली बाबा से जुड़ी सबसे दिलचस्प बात यह है कि उनके भक्तों में आम लोगों के साथ कई बड़ी विदेशी हस्तियों के नाम भी बताए जाते हैं। बाबा का जीवन और उनकी शिक्षाएं आज भी लोगों की दिलचस्पी का कारण बनी हुई हैं और उनके आश्रम में पहुंचने वाले लोग उनके विचारों और आध्यात्मिक जीवन के बारे में जानना चाहते हैं।

विराट कोहली और अनुष्का शर्मा पहुंचे कैंची धाम

भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और एक्टर-प्रोड्यूसर अनुष्का शर्मा ने नवंबर 2022 में उत्तराखंड के कैंची धाम का दौरा किया था। दोनों ने यहां नीम करोली बाबा के दर्शन किए और आश्रम में कुछ समय बिताया। बाबा की सादगी, शांति और प्रेम से जुड़ी शिक्षाएं आज भी लोगों को अट्रैक्ट करती हैं।

लैरी पेज और जेफरी स्कॉल भी आए

कैंची धाम पहुंचने वाली विदेशी हस्तियों में गूगल के को-फाउंडर लैरी पेज और ईबे के को-फाउंडर जेफरी स्कॉल भी है। डॉ. लैरी ब्रिलियंट भी कुछ समय आश्रम में रहे थे। बाद में उन्होंने गूगल के परोपकार से जुड़े काम में भी भूमिका निभाई। उनके मुताबिक, यह जगह लोगों को खुद को समझने और दुनिया को एक अलग नजरिए से देखने का मौका देती है।

स्टीव जॉब्स की आध्यात्मिक यात्राएप्पल के को-फाउंडर स्टीव जॉब्स सिर्फ 19 साल की उम्र में भारत आए थे। साल 1974 में उन्होंने कई महीने भारत में घूमते हुए एक आध्यात्मिक गुरु की तलाश की। इसी दौरान वह नीम करोली बाबा के कैंची धाम आश्रम भी पहुंचे, लेकिन तब तक बाबा का निधन हो चुका था। उनके बायोग्राफर वॉल्टर इसाकसन के अनुसार, भारत और कैंची धाम की इस यात्रा ने जॉब्स की सोच पर गहरा असर डाला।

मार्क जुकरबर्ग ने किये दर्शन

मेटा के CEO मार्क जुकरबर्ग ने साल 2015 में कैंची धाम का दौरा किया था। उस समय वह फेसबुक के काम को लेकर एक मुश्किल दौर से गुजर रहे थे और कुछ समय रुककर चीजों को समझना चाहते थे। बताया जाता है कि स्टीव जॉब्स ने ही उन्हें भारत और इस आश्रम की यात्रा करने की सलाह दी थी। बाद में जुकरबर्ग ने भी माना कि भारत की इस यात्रा ने उन्हें फेसबुक के असली मकसद को समझने में मदद की।

कैंची धाम की खासियत और वहां का माहौल

उत्तराखंड की पहाड़ियों के बीच बना कैंची धाम चारों तरफ से हरियाली और शांत माहौल से घिरा हुआ है। यहां पहुंचते ही शहर की भागदौड़ से अलग एक सुकून भरा माहौल महसूस होता है। आश्रम में नीम करोली बाबा की याद से जुड़ें मंदिर हैं, जहां भक्त बाबा की शिक्षाओं के बारे में जानने आते हैं। यही कारण है कि कैंची धाम सिर्फ भारत ही नहीं, विदेशों से आने वाले लोगों के बीच भी खास पहचान रखता है।

क्या है कैंची धाम जाने का सही समय और आसान रास्ता?

कैंची धाम उत्तराखंड की कुमाऊं पहाड़ियों में है और नैनीताल से करीब 38 किलोमीटर दूर बताया जाता है। यहां सड़क मार्ग से नैनीताल, हल्द्वानी और काठगोदाम से आसानी से पहुंचा जा सकता है। ट्रेन से आने वालों के लिए काठगोदाम सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन है, जहां से टैक्सी या लोकल ट्रांसपोर्ट लेकर कैंची धाम पहुंच सकते हैं। हवाई मार्ग से आने पर पंतनगर एयरपोर्ट सबसे नजदीक है, जो करीब 65 किलोमीटर दूर है और वहां से कैब लेकर आश्रम पहुंचा जा सकता है। कैंची धाम जाने के लिए मार्च से जून और सितंबर से नवंबर का समय अच्छा माना जाता है, क्योंकि इस दौरान मौसम सुहावना रहता है। जुलाई और अगस्त में भारी बारिश के कारण पहाड़ी रास्तों पर सफर मुश्किल हो सकता है, इसलिए इस समय यात्रा करने से बचना बेहतर है। जून में होने वाले सालाना भंडारे में यहां बड़ी संख्या में भक्त पहुंचते हैं। आश्रम आमतौर पर सुबह जल्दी खुलता है और शाम की आखिरी प्रार्थना के बाद बंद हो जाता है, लेकिन मौसम के अनुसार समय में बदलाव हो सकता है।

स्टीव जॉब्स पर लेख फिर नीम करौली बाबा की कृपा… 21 साल की अनुप्रिया नागर और हनुमान अंश मूवी के चमत्कार की असल कहानी तो ये निकली

‘हनुमान अंश’ की सफलता ने 21 साल की प्रोड्यूसर अनुप्रिया नगर को रातोंरात चर्चा में ला दिया है। दिलचस्प बात यह है कि फिल्मों में आने का उनका कोई सपना या प्लान नहीं था। उनकी कहानी एक ऐसी जानकारी से शुरू हुई, जिसने उनकी दिलचस्पी को पूरी तरह बदल दिया। Economics की पढ़ाई के दौरान Steve Jobs से जुड़ी एक बात ने उन्हें भारतीय आध्यात्मिक दुनिया को करीब से समझने के लिए प्रेरित किया। धीरे-धीरे यही जिज्ञासा रिसर्च में बदली और फिर एक फिल्मी सफर की शुरुआत हुई। आज उनकी फिल्म दर्शकों के बीच अपनी खास पहचान बना चुकी है और बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार प्रदर्शन कर रही है।

Economics पढ़ रही थीं, विदेश में नौकरी भी तय थी

अनुप्रिया ने ब्रिटेन से Economics की पढ़ाई की। पढ़ाई पूरी करने के बाद उनका इरादा स्विट्जरलैंड जाकर आर्ट इंडस्ट्री में काम करने का था। यानी उस वक्त फिल्मों का निर्माण उनके करियर प्लान में कहीं नहीं था। लेकिन पढ़ाई के आखिरी साल में उन्होंने टेक्नोलॉजी कंपनियों के संस्थापकों और उनके आइडिया को लेकर रिसर्च शुरू की। इसी दौरान उन्हें Steve Jobs और उत्तराखंड के कैंची धाम से जुड़ी एक जानकारी मिली।

Steve Jobs और नीम करोली बाबा के कनेक्शन ने खींचा ध्यान

रिसर्च के दौरान अनुप्रिया को पता चला कि Steve Jobs का संबंध नीम करोली बाबा से रहा था और वह कैंची धाम भी गए थे। एक अमेरिकी टेक दिग्गज की कहानी में एक भारतीय आध्यात्मिक गुरु का जिक्र अनुप्रिया के लिए बेहद दिलचस्प था। इसके बाद उनकी जिज्ञासा बढ़ती गई। उन्होंने नीम करोली बाबा के जीवन, विचारों और उनके प्रभाव के बारे में विस्तार से पढ़ना शुरू किया। धीरे-धीरे यह रिसर्च उनके लिए सिर्फ एक जानकारी जुटाने का काम नहीं रहा।

पहले किताब और कॉमिक का आया था ख्याल

अनुप्रिया ने सोचा था कि उनकी यह रिसर्च आगे चलकर किसी किताब या कॉमिक का रूप ले सकती है। लेकिन भारत लौटने के बाद उनकी मुलाकात फिल्ममेकर विशाल चतुर्वेदी से हुई। चतुर्वेदी पहले से ही नीम करोली बाबा पर आधारित एक प्रोजेक्ट पर काम कर रहे थे। यह मुलाकात अनुप्रिया के लिए एक ऐसा मोड़ साबित हुई, जिसकी उन्होंने शायद कल्पना भी नहीं की थी। इसी जुड़ाव के बाद वह फिल्म निर्माण की ओर बढ़ीं और ‘हनुमान अंश’ का हिस्सा बन गईं।

21 साल की उम्र में फिल्म प्रोड्यूस करना बना बड़ी चुनौती

अनुप्रिया के लिए फिल्म बनाना आसान रास्ता नहीं था। उनके पास पहले से फिल्म इंडस्ट्री का अनुभव नहीं था और न ही उन्होंने इसे अपना करियर बनाने की योजना बनाई थी। इसके बावजूद उन्होंने इस प्रोजेक्ट पर भरोसा किया। सबसे खास बात यह रही कि फिल्म को लेकर उनका फोकस सिर्फ कमाई पर नहीं था। उनके मुताबिक, इस कहानी को दर्शकों तक पहुंचाना उनके लिए बॉक्स ऑफिस आंकड़ों से ज्यादा महत्वपूर्ण था।

कमाई ने चौंकाया, 27 दिन में 61 करोड़ का कलेक्शन

‘हनुमान अंश’ अब इस साल की सरप्राइज बॉक्स ऑफिस सफलताओं में शामिल हो चुकी है। फिल्म ने रिलीज के 27 दिनों में भारत में 61 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है। फिल्म की इस कामयाबी ने अनुप्रिया को भी चर्चा में ला दिया है। जिस प्रोजेक्ट की शुरुआत एक जिज्ञासा और रिसर्च से हुई थी, वही अब सिनेमाघरों में दर्शकों का ध्यान खींच रहा है।

कला के माहौल में पली-बढ़ीं अनुप्रिया

अनुप्रिया का कला से रिश्ता नया नहीं है। वह ऐसे परिवार से आती हैं जहां कला और कलाकारों का हमेशा से खास स्थान रहा है। उनके परिवार में आर्ट कलेक्शन का माहौल रहा, जिसकी वजह से बचपन से ही उनका जुड़ाव रचनात्मक दुनिया से रहा। यही माहौल शायद उनके भीतर कहानी और कला को लेकर दिलचस्पी पैदा करने में मददगार रहा।

परिवार भी पहले हुआ हैरान, फिर बढ़ाया हौसला

जब अनुप्रिया ने अपने पारंपरिक करियर रास्ते को छोड़कर फिल्म बनाने का फैसला किया, तो उनके पिता भी शुरुआत में हैरान हुए थे। लेकिन जब परिवार को फिल्म के विषय और उसके पीछे की सोच के बारे में पता चला, तो उनका समर्थन बढ़ता गया।

अब ‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद परिवार का भरोसा और भी मजबूत हुआ है। अनुप्रिया की कहानी इस बात की मिसाल बन गई है कि कभी-कभी जिंदगी का सबसे बड़ा मोड़ किसी तय योजना से नहीं, बल्कि एक छोटी सी जिज्ञासा से आता है।

Box Office Collection: ‘मिर्जापुर द मूवी’ की कमाई ने मचाया तहलका, पांचवें दिन भी करोड़ों की बारिश; ‘हनुमान अंश’ ने 33वें दिन दिखाया दम

Hanuman Ansh Box Office Collection: ‘हनुमान अंश’ ने भारत में 144 करोड़ रुपये कमाए, फिल्म ने लागत से 50 गुना ज्यादा की कमाई

Hanuman Ansh Box Office Collection: ‘हनुमान अंश’ ने 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ 2026 की सबसे बड़ी ‘स्लीपर हिट’ फिल्मों में से एक बन गई है। लगभग 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘हनुमान अंश’ ने अपनी लागत से 50 गुना ज़्यादा कमाई की है।

‘हनुमान अंश’ अब 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली सबसे छोटे पैमाने की हिंदी फिल्म बन गई है। यह रिकॉर्ड पहले ‘द कश्मीर फाइल्स’ के नाम था। सैकनिलक (Sacnilk) के अनुसार, ‘हनुमान अंश’ ने सिनेमाघरों में अपने 31वें दिन 22.75 करोड़ रुपये (नेट) कमाए, जिससे भारत में इसका कुल ग्रॉस कलेक्शन 144.40 करोड़ रुपये और कुल नेट कलेक्शन 122.13 करोड़ रुपये हो गया।

पिछले महीने रिलीज़ होने पर बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की शुरुआत धीमी रही थी। हालांकि, दो हफ़्तों के बाद, लोगों की बातचीत (वर्ड ऑफ़ माउथ) और सोशल मीडिया रिव्यूज़ की वजह से इसे ज़बरदस्त लोकप्रियता मिली। ‘टॉक्सिक’ और ‘मिर्ज़ापुर’ जैसी फिल्मों से टक्कर मिलने के बावजूद, ‘हनुमान अंश’ ने अपने लिए काफी चर्चा बटोरी है।

अब, यह 11 सितंबर को दुनिया भर में रिलीज़ होगी। इससे बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में इसे बड़ी बढ़त मिलेगी। फिल्म के सीक्वल की घोषणा भी पहले ही हो चुकी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आगरा के एक मल्टीप्लेक्स में दर्शकों से बात करते हुए डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने ‘हनुमान अंश 2’ की पुष्टि की। विशाल ने बताया कि आने वाली फिल्म नीम करौली बाबा के जन्मस्थान, फिरोज़ाबाद पर केंद्रित होगी और फिर दिखाएगी कि कैसे और क्यों वे अपनी आध्यात्मिक यात्रा के लिए आगरा, मथुरा और अन्य जगहों पर गए।

कौन थे नीम करौली बाबा?

नीम करौली बाबा एक हिंदू आध्यात्मिक गुरु और भगवान हनुमान के परम भक्त थे। उनका जन्म का नाम आमतौर पर लक्ष्मण नारायण शर्मा बताया जाता है, और उनका जन्म 1900 के आसपास मौजूदा उत्तर प्रदेश के अकबरपुर गांव में हुआ था। 11 सितंबर, 1973 को वृंदावन में उनका निधन हो गया।

बाबा से जुड़ी कई कहानियां चमत्कारों और असाधारण घटनाओं से भरी हैं, जिनमें से कई उनके भक्तों द्वारा सुनाई गई हैं। क्योंकि ये बातें मुख्य रूप से भक्तों की यादों पर आधारित हैं, इसलिए इन्हें स्वतंत्र रूप से प्रमाणित ऐतिहासिक तथ्यों के बजाय, उनसे जुड़ी आध्यात्मिक परंपरा का हिस्सा माना जाना ज़्यादा सही है।

Hanuman Ansh Box office: 100 करोड़ी फिल्म बनी ‘हनुमान अंश’, 2 करोड़ के बजट में बनकर तैयार हुई मूवी ने रचा इतिहास

Hanuman Ansh Box office: बॉक्स ऑफिस पर लगभग चमत्कारिक वापसी के दो हफ़्ते बाद, भक्ति फ़िल्म ‘हनुमान अंश’ ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर ₹100 करोड़ की नेट कमाई का आंकड़ा पार कर लिया है। नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित यह फ़िल्म, 100-करोड़ क्लब में शामिल होने वाली अब तक की सबसे छोटी हिंदी फ़िल्म (स्केल के मामले में) है। यह फ़िल्म अपने पांचवें हफ़्ते में अब तक का सबसे बड़ा वीकेंड दर्ज करने की राह पर है।

‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर ₹100 करोड़ का आंकड़ा छुआ

‘हनुमान अंश’ की शुरुआत बहुत खराब रही; इसने पहले दिन सिर्फ़ ₹10 लाख कमाए और शुरुआती दो हफ़्तों में कुल ₹1.48 करोड़ की नेट कमाई की। सिनेमाघरों में 16वें दिन फ़िल्म की कमाई में ज़बरदस्त उछाल आया। जैसे-जैसे लोगों के बीच इसकी चर्चा बढ़ी, ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर तीसरे और चौथे हफ़्ते में रिकॉर्ड-तोड़ कमाई की।

इसने अकेले चौथे हफ़्ते में ₹61 करोड़ कमाए। यह बढ़त पांचवें वीकेंड में भी जारी रही। फ़िल्म ने शुक्रवार को ₹10 करोड़ और शनिवार को ₹16.50 करोड़ की नेट कमाई की। इससे इसकी घरेलू कमाई ₹99 करोड़ से थोड़ी ज़्यादा हो गई। रविवार सुबह के शो ने ‘हनुमान अंश’ को ₹100 करोड़ के पार पहुंचा दिया। अब यह इस आंकड़े को पार करने वाली 143वीं हिंदी फ़िल्म बन गई है। ₹2 करोड़ के बजट के साथ, ‘हनुमान अंश’ इस मशहूर क्लब में शामिल होने वाली सबसे छोटी हिंदी फ़िल्म है, जिसने ‘द कश्मीर फाइल्स’ (₹15 करोड़) को काफ़ी बड़े अंतर से पीछे छोड़ दिया है।

‘हनुमान अंश’ ने ‘पुष्पा: द राइज़’ और ‘सिंघम’ को पीछे छोड़ा

रविवार दोपहर 1 बजे तक, फ़िल्म की घरेलू कमाई ₹105 करोड़ से थोड़ी ज़्यादा हो गई है। इससे इस भक्ति फ़िल्म को अपने से कहीं बड़ी कई फ़िल्मों की कुल कमाई को पीछे छोड़ने में मदद मिली है। रविवार को इसने स्पोर्ट्स ड्रामा ’83’ (₹104 करोड़), सलमान खान की ‘सिकंदर’ (₹103 करोड़), अजय देवगन की ‘सिंघम’ (₹100 करोड़) और अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा: द राइज़’ (हिंदी वर्शन – ₹105 करोड़) की कुल कमाई के आंकड़े को पार कर लिया। इस महीने होने वाली इंटरनेशनल रिलीज़ के साथ फ़िल्म के और बेहतर प्रदर्शन करने की उम्मीद है।

‘हनुमान अंश’ के बारे में सब कुछ

विशाल चतुर्वेदी द्वारा लिखित और निर्देशित, ‘हनुमान अंश’ कहानी है लक्ष्मी नारायण नाम के एक दुखी युवक की, जो अपनी मां की मौत के बाद ईश्वर की खोज में एक आध्यात्मिक यात्रा पर निकलता है। जीवन, मृत्यु और इंसानी दुखों के सवालों के जवाब ढूंढते हुए वह पूरे उत्तर भारत की यात्रा करता है और आखिर में सम्मानित संत नीम करौली बाबा बन जाता है। इस फ़िल्म में मुख्य भूमिका में शोभिनव सत्य हैं, और उनके साथ विहान शेडगे, चंदन के आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल रस्तोगी, गुलशन पांडे और भगवानदास पटेल भी हैं।