Hanuman Ansh: ‘हनुमान अंश’ को सपोर्ट करने से पहले मना किया अब माफी मांग रहे हैं, प्रोड्यूसर ने बॉलीवुड के दोगलेपन का किया खुलासा

Hanuman Ansh: ‘हनुमान अंश’ की को-प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर ने अपने लेटेस्ट इंटरव्यू में बॉलीवुड के दोगलेपन पर खुलकर बात की है। उन्होंने कहा कि बॉलीवुड में कई लोगों ने शुरू में फिल्म को सपोर्ट करने से साफ मना कर दिया था। लेकिन बाद में जब फिल्म ने कलेक्शन शानदार किया तो कुछ ने माफी मांगने के लिए हमसे वापस संपर्क किया था। 21 साल की प्रोड्यूसर ने कहा कि इन्वेस्टर्स इसलिए हिचकिचा रहे थे क्योंकि यह कम बजट की फिल्म थी और एक्टर्स भी नए थे।

सिद्धार्थ कन्नन से बात करते हुए अनुप्रिया ने कहा कि टीम ने पोस्ट-प्रोडक्शन के दौरान इन्वेस्टमेंट के लिए कई लोगों से संपर्क किया था, लेकिन उन्हें सपोर्ट नहीं मिला। उन्होंने कहा, “शुरू से ही मेरे जुड़ने से पहले भी, ‘हनुमान अंश’ की टीम पोस्ट-प्रोडक्शन के लिए इन्वेस्टमेंट के वास्ते कई लोगों के पास गई थी, लेकिन कोई भी इन्वेस्ट करने को तैयार नहीं हुआ, जबकि इन्वेस्टमेंट बहुत बड़ा नहीं था।”

अनुप्रिया के मुताबिक इंडस्ट्री में कई लोगों को इस प्रोजेक्ट पर ज्या भरोसा नहीं था। उन्होंने कहा कि रिलीज से पहले कुछ ही लोगों ने हमें सपोर्ट किया, लेकिन बहुत से लोगों को प्रोजेक्ट पर भरोसा नहीं था। उन्हें लगा कि यह कम बजट की फिल्म है, डायरेक्टर अपनी पहली फिल्म बना रहा है और एक्टर्स भी नए हैं। सबका कहना था फिल्म आएगी और चली जाएगी।

‘प्रोड्यूसर्स ने संपर्क किया और माफी मांगी’

अनुप्रिया ने कहा कि बॉक्स ऑफिस पर ‘हनुमान अंश’ के अच्छा प्रदर्शन करने के बाद इंडस्ट्री का रवैया पूरी तरह से हमारे लिए बदल गया। रिपोर्ट में दिए गए आंकड़ों के मुताबिक 2 करोड़ रुपये से कम के बजट में बनी इस फिल्म ने भारत में 331.70 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई की है।

उन्होंने याद करते हुए कहा, “बहुत से प्रोड्यूसर्स ने संपर्क किया है और यह बहुत अच्छी बात है। उन्होंने हमें बधाई दी है। उनमें से कुछ लोग तो मेरे पास आए और कह, ‘सबसे पहले तो मैं माफी मांगता हूं क्योंकि यह फिल्म हमारे पास आई थी। हमें अफसोस है कि हम आपके साथ नहीं जुड़ पाए। वह मेरी सबसे बड़ी गलती थी।'”

अनुप्रिया ने कहा कि इंडस्ट्री के कुछ लोगों ने उनसे यह भी कहा कि फिल्म ने दिखा दिया है कि एक छोटा प्रोडक्शन क्या हासिल कर सकता है। आपने हमें एहसास दिलाया है कि एक छोटी फिल्म कितना कुछ कर सकती है। आपने इंडस्ट्री को एक सबक दिया है।’ उन्होंने हमसे कहा, ‘आप जो भी मदद चाहें, हम आपके साथ हैं।'” हालांकि अनुप्रिया ने कहा कि वह उनके शुरुआती फैसले के लिए उनसे कोई शिकायत नहीं रखतीं। मैं उन्हें दोष नहीं देती, क्योंकि वह एक बहुत छोटी फिल्म थी।”

विशाल चतुर्वेदी की निर्देशित और शोबिनाव सत्या की मुख्य भूमिका वाली फिल्म ‘हनुमान अंश’ नीम करौली बाबा के जीवन से प्रेरित है। यह भक्तिपूर्ण ड्रामा आस्था, भक्ति, करुणा और निस्वार्थ सेवा जैसे विषयों को दिखाता है।

Hanuman Ansh: सीएम देवेंद्र फडणवीस ने अपने आवास पर ‘हनुमान अंश’ की टीम से मुलाकात की, शेयर किया वीडियो

Hanuman Ansh: ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार धूम मचा रही है। भले ही फिल्म की शुरुआत धीमी रही, लेकिन दूसरे वीक में इसने रफ्तार पकड़ी तब से यह सारे रिकॉर्ड तोड़ रही है। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की इस कामयाबी के बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई में अपने आवास ‘वर्षा’ पर ‘हनुमान अंश’ की टीम से मुलाकात की।

टीम के साथ मुलाकात के बाद CM फडणवीस ने एक वीडियो शेयर किया और दिल से एक नोट लिखा। मुलाकात का वीडियो शेयर करते हुए फडणवीस ने लिखा- “कल शाम गणपति बप्पा का आशीर्वाद लेने के लिए ‘हनुमान अंश’ की टीम का ‘वर्षा’ में स्वागत करना बहुत अच्छा लगा। विशाल चतुर्वेदी और उनकी टीम को उनके शानदार काम के लिए बधाई दी और उनके सभी प्रयासों में और सफलता की कामना की!”

सैक्निलक (Sacnilk) के अनुसार ‘हनुमान अंश’ ने 43वें दिन भारत में 5 करोड़ रुपये की कमाई की, जिससे इसका भारत में नेट कलेक्शन 248.38 करोड़ रुपये हो गया। फिल्म ने शुक्रवार को कुल मिलाकर 18.72% ऑक्यूपेंसी दर्ज की, जिसमें नाइट शो में सबसे ज्यादा 27.08% ऑक्यूपेंसी रही। फिल्म ने 43वें दिन विदेशी बाजारों से भी 1.25 करोड़ रुपये कमाए, जिससे इसका विदेशी ग्रॉस कलेक्शन 23 करोड़ रुपये हो गया। इसका भारत में ग्रॉस कलेक्शन 293.30 करोड़ रुपये है, जिससे इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 316.30 करोड़ रुपये हो गया है।

अपने छठे वीक में, ‘हनुमान अंश’ ने भारत में 80.25 करोड़ रुपये की कमाई की। इसने 36वें दिन 10.50 करोड़ रुपये, 37वें दिन 18.50 करोड़ रुपये और 38वें दिन 22.50 करोड़ रुपये कमाए। इसके बाद 39वें और 40वें दिन 8.25-8.25 करोड़ रुपये, 41वें दिन 6 करोड़ रुपये और 42वें दिन 6.25 करोड़ रुपये की कमाई की।

‘हनुमान अंश’ विशाल चतुर्वेदी की किताब ‘डिवाइन डिटूर दैट चेंज्ड माई लाइफ’ (Divine Detour: That Changed My Life) पर आधारित है। यह फिल्म नीम करौली बाबा के जीवन पर बनी है। फिल्म में शोभिनव सत्या और चंदन आनंद मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म आजादी से पहले के भारत में रहने वाले लक्ष्मी नारायण नाम के एक युवा लड़के की कहानी है, जो अपनी मां की मौत के बाद भगवान की तलाश में घर छोड़ देता है। उत्तर भारत की उनकी यात्रा उन्हें अंतत नीम करौली बाबा के रूप में बदल देती है। फिल्म की कास्ट में अनिल रस्तोगी, सुगंधा मल्होत्रा, भगवानदास पटेल और नेहा परांजपे भी शामिल हैं।

यह फिल्म 7 अगस्त, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और यह एक नियोजित ट्राइलॉजी की पहली फिल्म है। इस फिल्म को विशाल चतुर्वेदी ने अपने बैनर, स्वयंभू मीडिया नेटवर्क के तहत लिखा, निर्देशित और प्रोड्यूस किया है।

Vishal Chaturvedi: ‘हनुमान अंश’ के बाद विशाल चतुर्वेदी ने नई फिल्म का किया ऐलान, गोस्वामी तुलसीदास पर बेस्ड होगी ‘रामबोला’

Vishal Chaturvedi: ‘हनुमान अंश’ में नीम करौली बाबा की कहानी सुनाने के बाद, फिल्ममेकर विशाल चतुर्वेदी अब गोस्वामी तुलसीदास की जिंदगी को बड़े पर्दे पर लाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने ‘रामबोला’ के लिए महावीर जैन फिल्म्स के साथ हाथ मिलाया है। यह फिल्म महान संत-कवि गोस्वामी तुलसीदास के जीवन पर आधारित है।

विशाल चतुर्वेदी ने अपनी अगली फिल्म ‘रामबोला’ की घोषणा की

विशाल चतुर्वेदी द्वारा लिखित और निर्देशित, ‘रामबोला’ तुलसीदास के सफर को दिखाएगी और उन अनुभवों को उजागर करेगी, जिन्होंने उन्हें भारतीय इतिहास के सबसे प्रभावशाली आध्यात्मिक व्यक्तित्वों में से एक बनाया। गोस्वामी तुलसीदास का प्रभाव पीढ़ियों से बना हुआ है, खासकर उनकी रचनाओं और भारत की भक्तिपूर्ण और साहित्यिक परंपराओं में उनके योगदान के माध्यम से। इस फिल्म का मकसद उस बड़ी विरासत को आज के दर्शकों तक पहुंचाना है।

गणेश चतुर्थी पर फिल्म की घोषणा करते हुए विशाल चतुर्वेदी और महावीर जैन फिल्म्स ने इंस्टाग्राम पर लिखा- “बप्पा के आशीर्वाद से इस शुभ दिन पर विनम्रता और कृतज्ञता के साथ हम आपके लिए “रामबोला” लेकर आए हैं – गोस्वामी तुलसीदास की अमर कहानी। विशाल चतुर्वेदी द्वारा लिखित और निर्देशित। महावीर जैन, विशाल चतुर्वेदी, अमित उपाध्याय और रघुवेंद्र सिंह द्वारा निर्मित। महावीर जैन फिल्म्स द्वारा प्रस्तुत।”

विशाल चतुर्वेदी का दूसरा प्रोजेक्ट

‘रामबोला’ डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी के लिए आध्यात्मिक क्षेत्र में एक और प्रोजेक्ट है। उनकी पिछली फिल्म ‘हनुमान अंश’, नीम करौली बाबा पर केंद्रित थी और उनके जीवन और आध्यात्मिक सफर को दिखाती थी। ‘रामबोला’ के साथ, फिल्ममेकर एक बार फिर भारतीय संत परंपरा से गहराई से जुड़े व्यक्तित्व को चुन रहे हैं, इस बार आध्यात्मिकता, कविता और भारतीय साहित्य की दुनिया को एक साथ ला रहे हैं। फिल्म का निर्माण महावीर जैन, विशाल चतुर्वेदी, अमित उपाध्याय और रघुवेंद्र सिंह कर रहे हैं और इसे महावीर जैन फिल्म्स द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा।

‘हनुमान अंश’ के बारे में

इस बीच, ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रही है। 7 अगस्त को रिलीज हुई ‘हनुमान अंश’ की बॉक्स ऑफिस पर शुरुआत औसत रही, लेकिन दूसरे हफ्ते में फिल्म ने रफ्तार पकड़ी। अब छठे हफ्ते में फिल्म ने 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। अपनी रिलीज के 38वें दिन फिल्म ने भारत में 22.50 करोड़ रुपये की नेट कमाई की।

‘हनुमान अंश’ का निर्देशन और निर्माण विशाल चतुर्वेदी ने अपने बैनर स्वयंभू मीडिया नेटवर्क के तहत किया है। यह फिल्म उनकी किताब ‘डिवाइन डिटूर दैट चेंज्ड माई लाइफ’ पर आधारित है, जिसमें नीम करौली बाबा के जीवन की कहानी बताई गई है। शोभिनव सत्या और चंदन आनंद ने इसमें मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। कहानी लक्ष्मी नारायण नाम के एक युवा लड़के की है, जो आजादी से पहले के भारत में रहता था और अपनी मां की मौत के बाद भगवान की खोज में घर छोड़ देता है। उत्तर भारत में उसकी यात्रा आखिरकार उसे नीम करौली बाबा के रूप में बदल देती है।

नीम करौली बाबा के कैंची धाम में ऐसा क्या खास, दुनिया भर से खिंचे चले आते हैं लोग?

भारत में नीम करोली बाबा को मानने वाले लोगों की संख्या लंबे समय से रही है और उनकी सादगी, सेवा और आध्यात्मिक सोच लोगों को अपनी ओर खींचती है। लेकिन अब इन्हें विदेशों में भी काफी जाना जाता है। बाबा के जीवन और उनकी बातों से प्रभावित होकर देश-विदेश के कई लोग उनके आश्रमों तक पहुंचे। यही वजह है कि उत्तराखंड का कैंची धाम भी आज श्रद्धालुओं और बाबा को जानने वाले लोगों के लिए खास जगह बन चुका है। नीम करोली बाबा से जुड़ी सबसे दिलचस्प बात यह है कि उनके भक्तों में आम लोगों के साथ कई बड़ी विदेशी हस्तियों के नाम भी बताए जाते हैं। बाबा का जीवन और उनकी शिक्षाएं आज भी लोगों की दिलचस्पी का कारण बनी हुई हैं और उनके आश्रम में पहुंचने वाले लोग उनके विचारों और आध्यात्मिक जीवन के बारे में जानना चाहते हैं।

विराट कोहली और अनुष्का शर्मा पहुंचे कैंची धाम

भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और एक्टर-प्रोड्यूसर अनुष्का शर्मा ने नवंबर 2022 में उत्तराखंड के कैंची धाम का दौरा किया था। दोनों ने यहां नीम करोली बाबा के दर्शन किए और आश्रम में कुछ समय बिताया। बाबा की सादगी, शांति और प्रेम से जुड़ी शिक्षाएं आज भी लोगों को अट्रैक्ट करती हैं।

लैरी पेज और जेफरी स्कॉल भी आए

कैंची धाम पहुंचने वाली विदेशी हस्तियों में गूगल के को-फाउंडर लैरी पेज और ईबे के को-फाउंडर जेफरी स्कॉल भी है। डॉ. लैरी ब्रिलियंट भी कुछ समय आश्रम में रहे थे। बाद में उन्होंने गूगल के परोपकार से जुड़े काम में भी भूमिका निभाई। उनके मुताबिक, यह जगह लोगों को खुद को समझने और दुनिया को एक अलग नजरिए से देखने का मौका देती है।

स्टीव जॉब्स की आध्यात्मिक यात्राएप्पल के को-फाउंडर स्टीव जॉब्स सिर्फ 19 साल की उम्र में भारत आए थे। साल 1974 में उन्होंने कई महीने भारत में घूमते हुए एक आध्यात्मिक गुरु की तलाश की। इसी दौरान वह नीम करोली बाबा के कैंची धाम आश्रम भी पहुंचे, लेकिन तब तक बाबा का निधन हो चुका था। उनके बायोग्राफर वॉल्टर इसाकसन के अनुसार, भारत और कैंची धाम की इस यात्रा ने जॉब्स की सोच पर गहरा असर डाला।

मार्क जुकरबर्ग ने किये दर्शन

मेटा के CEO मार्क जुकरबर्ग ने साल 2015 में कैंची धाम का दौरा किया था। उस समय वह फेसबुक के काम को लेकर एक मुश्किल दौर से गुजर रहे थे और कुछ समय रुककर चीजों को समझना चाहते थे। बताया जाता है कि स्टीव जॉब्स ने ही उन्हें भारत और इस आश्रम की यात्रा करने की सलाह दी थी। बाद में जुकरबर्ग ने भी माना कि भारत की इस यात्रा ने उन्हें फेसबुक के असली मकसद को समझने में मदद की।

कैंची धाम की खासियत और वहां का माहौल

उत्तराखंड की पहाड़ियों के बीच बना कैंची धाम चारों तरफ से हरियाली और शांत माहौल से घिरा हुआ है। यहां पहुंचते ही शहर की भागदौड़ से अलग एक सुकून भरा माहौल महसूस होता है। आश्रम में नीम करोली बाबा की याद से जुड़ें मंदिर हैं, जहां भक्त बाबा की शिक्षाओं के बारे में जानने आते हैं। यही कारण है कि कैंची धाम सिर्फ भारत ही नहीं, विदेशों से आने वाले लोगों के बीच भी खास पहचान रखता है।

क्या है कैंची धाम जाने का सही समय और आसान रास्ता?

कैंची धाम उत्तराखंड की कुमाऊं पहाड़ियों में है और नैनीताल से करीब 38 किलोमीटर दूर बताया जाता है। यहां सड़क मार्ग से नैनीताल, हल्द्वानी और काठगोदाम से आसानी से पहुंचा जा सकता है। ट्रेन से आने वालों के लिए काठगोदाम सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन है, जहां से टैक्सी या लोकल ट्रांसपोर्ट लेकर कैंची धाम पहुंच सकते हैं। हवाई मार्ग से आने पर पंतनगर एयरपोर्ट सबसे नजदीक है, जो करीब 65 किलोमीटर दूर है और वहां से कैब लेकर आश्रम पहुंचा जा सकता है। कैंची धाम जाने के लिए मार्च से जून और सितंबर से नवंबर का समय अच्छा माना जाता है, क्योंकि इस दौरान मौसम सुहावना रहता है। जुलाई और अगस्त में भारी बारिश के कारण पहाड़ी रास्तों पर सफर मुश्किल हो सकता है, इसलिए इस समय यात्रा करने से बचना बेहतर है। जून में होने वाले सालाना भंडारे में यहां बड़ी संख्या में भक्त पहुंचते हैं। आश्रम आमतौर पर सुबह जल्दी खुलता है और शाम की आखिरी प्रार्थना के बाद बंद हो जाता है, लेकिन मौसम के अनुसार समय में बदलाव हो सकता है।

Hanuman Ansh Box Office Collection: ‘हनुमान अंश’ ने भारत में 144 करोड़ रुपये कमाए, फिल्म ने लागत से 50 गुना ज्यादा की कमाई

Hanuman Ansh Box Office Collection: ‘हनुमान अंश’ ने 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ 2026 की सबसे बड़ी ‘स्लीपर हिट’ फिल्मों में से एक बन गई है। लगभग 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘हनुमान अंश’ ने अपनी लागत से 50 गुना ज़्यादा कमाई की है।

‘हनुमान अंश’ अब 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली सबसे छोटे पैमाने की हिंदी फिल्म बन गई है। यह रिकॉर्ड पहले ‘द कश्मीर फाइल्स’ के नाम था। सैकनिलक (Sacnilk) के अनुसार, ‘हनुमान अंश’ ने सिनेमाघरों में अपने 31वें दिन 22.75 करोड़ रुपये (नेट) कमाए, जिससे भारत में इसका कुल ग्रॉस कलेक्शन 144.40 करोड़ रुपये और कुल नेट कलेक्शन 122.13 करोड़ रुपये हो गया।

पिछले महीने रिलीज़ होने पर बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की शुरुआत धीमी रही थी। हालांकि, दो हफ़्तों के बाद, लोगों की बातचीत (वर्ड ऑफ़ माउथ) और सोशल मीडिया रिव्यूज़ की वजह से इसे ज़बरदस्त लोकप्रियता मिली। ‘टॉक्सिक’ और ‘मिर्ज़ापुर’ जैसी फिल्मों से टक्कर मिलने के बावजूद, ‘हनुमान अंश’ ने अपने लिए काफी चर्चा बटोरी है।

अब, यह 11 सितंबर को दुनिया भर में रिलीज़ होगी। इससे बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में इसे बड़ी बढ़त मिलेगी। फिल्म के सीक्वल की घोषणा भी पहले ही हो चुकी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आगरा के एक मल्टीप्लेक्स में दर्शकों से बात करते हुए डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने ‘हनुमान अंश 2’ की पुष्टि की। विशाल ने बताया कि आने वाली फिल्म नीम करौली बाबा के जन्मस्थान, फिरोज़ाबाद पर केंद्रित होगी और फिर दिखाएगी कि कैसे और क्यों वे अपनी आध्यात्मिक यात्रा के लिए आगरा, मथुरा और अन्य जगहों पर गए।

कौन थे नीम करौली बाबा?

नीम करौली बाबा एक हिंदू आध्यात्मिक गुरु और भगवान हनुमान के परम भक्त थे। उनका जन्म का नाम आमतौर पर लक्ष्मण नारायण शर्मा बताया जाता है, और उनका जन्म 1900 के आसपास मौजूदा उत्तर प्रदेश के अकबरपुर गांव में हुआ था। 11 सितंबर, 1973 को वृंदावन में उनका निधन हो गया।

बाबा से जुड़ी कई कहानियां चमत्कारों और असाधारण घटनाओं से भरी हैं, जिनमें से कई उनके भक्तों द्वारा सुनाई गई हैं। क्योंकि ये बातें मुख्य रूप से भक्तों की यादों पर आधारित हैं, इसलिए इन्हें स्वतंत्र रूप से प्रमाणित ऐतिहासिक तथ्यों के बजाय, उनसे जुड़ी आध्यात्मिक परंपरा का हिस्सा माना जाना ज़्यादा सही है।