अब यूपी में गूंजेगा बाबा का नाम! कैंची धाम के बाद अब जन्मभूमि से समाधि तक बदलेगा पूरा नक्शा

नीम करौली बाबा को लेकर लोगों की बढ़ती दिलचस्पी भी देखने को मिल रही है और उनके जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ की रिलीज के बाद उनका नाम एक बार फिर चर्चा में आया है। खबरों के मुताबिक, करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने भी बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक विरासत से जुड़े विषय को लोगों के बीच पहुंचाया है।

नीम करौली बाबा का जन्म उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में हुआ था और उन्होंने अपने जीवन का काफी समय इसी क्षेत्र में साधना और तपस्या करते हुए बिताया। बाबा की समाधि भी उत्तर प्रदेश में ही स्थित है, इसलिए उनके भक्तों के लिए राज्य में मौजूद ये जगहें खास महत्व रखती हैं। अब उत्तर प्रदेश सरकार इन स्थानों को धार्मिक पर्यटन के लिहाज से विकसित करने की योजना बना रही है। फिरोजाबाद स्थित उनकी जन्मस्थली को एक बड़े धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी है।

जन्म स्थान पर बनेगा भव्य कॉरिडोर

फिरोजाबाद में नीम करौली बाबा की जन्मस्थली को बड़े धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। इस परियोजना के लिए करीब 87.5 बीघा जमीन तय की गई है। यहां भव्य प्रवेश द्वार, डिजिटल म्यूजियम और इंटरप्रिटेशन सेंटर बनाया जाएगा, जहां लोग बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा से जुड़ी जानकारी हासिल कर सकेंगे। इसके अलावा मीटिंग हॉल, मल्टी लेवल पार्किंग, कम्युनिटी किचन, फूड कोर्ट, मेडिटेशन सेंटर और वेलनेस सेंटर जैसी सुविधाएं भी प्रस्तावित हैं।

जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी

इस प्रोजेक्ट के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। जमीन मालिकों को सरकारी नियमों के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा और यह राशि जमीन की मौजूदा कीमत से चार गुना होने की बात कही गई है। बाबा के परिवार के सदस्यों समेत कुछ ग्रामीणों ने कथित तौर पर अनापत्ति प्रमाण पत्र भी दिया है, जिसे मंजूरी के लिए सरकार के पास भेजा गया है। सरकार की मंजूरी के बाद जमीन अधिग्रहण पूरा होने पर निर्माण का काम शुरू किया जा सकेगा।

तपस्या स्थल पर भी बढ़ेंगी सुविधाएं

सरकार की योजना जन्म स्थान के साथ फर्रुखाबाद के नीब करौरी गांव में भी विकास कार्य किए जाने की तैयारी है। माना जाता है कि नीम करौली बाबा ने इस इलाके में करीब 12 साल तक तपस्या की थी और इसी गांव के नाम से बाद में वे नीम करौली बाबा के नाम से प्रसिद्ध हुए। यहां करीब 5 एकड़ जमीन को विकसित करने की योजना है। प्रस्तावित कामों में पानी की टंकी, सड़कों को चौड़ा करना, अतिक्रमण हटाना और व्यवस्थित पार्किंग जैसी सुविधाएं शामिल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ‘हनुमान अंश’ की रिलीज के बाद यहां श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी है और रोजाना करीब 60 से 70 हजार लोगों के पहुंचने की बात कही गई है।

वृंदावन के समाधि स्थल का भी होगा विकास

नीम करौली बाबा से जुड़ी धार्मिक पर्यटन योजना में वृंदावन स्थित उनके समाधि स्थल को भी शामिल किया गया है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ आसपास के इलाके में सड़क संपर्क और दूसरी जरूरी सुविधाओं को मजबूत करने की योजना है। इसका मकसद समाधि स्थल तक पहुंच को आसान बनाना और वहां आने वाले भक्तों के लिए बेहतर माहौल तैयार करना है।

हनुमान सेतु से शुरू होगा प्रस्तावित बाबा सर्किट

लखनऊ का गोमती नदी के किनारे स्थित हनुमान सेतु मंदिर भी प्रस्तावित ‘नीम करौली बाबा सर्किट’ का अहम हिस्सा होगा। यह मंदिर बाबा की प्रेरणा से बनाया गया था और इसे सर्किट के शुरुआती केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। उम्मीद है कि उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड की ओर से यहां से गाइडेड टूर भी शुरू किए जा सकते हैं। मंदिर परिसर में फिलहाल नीम करौली बाबा की दो मूर्तियां और भगवान हनुमान की एक बड़ी मूर्ति मौजूद है।

नीम करौली बाबा से जुड़ा कैंची धाम भले ही बाबा से जुड़ी सबसे प्रसिद्ध जगहों में शामिल हो, लेकिन उत्तर प्रदेश में मौजूद इन स्थानों की अपनी अलग कहानी और महत्व है। प्रोजेस्ट में कैंची धाम की तरह श्रद्धालुओं के अनुभव और सुविधाओं को बेहतर बनाने की कोशिश की जाएगी, फिरोजाबाद की भौगोलिक स्थिति को ध्यान में रखकर विकास किया जाएगा। इस विकास के बाद इन जगहों पर सुविधाएं बेहतर होने के साथ बाबा के जीवन, उनकी साधना और आध्यात्मिक विरासत को करीब से समझने का मौका भी मिल सकता है।

महाकाल के दरबार से खूबसूरत नजारों तक की सैर! IRCTC लाया 5 दिन का खास एयर टूर पैकेज

सितंबर 2026 में घूमने के साथ धार्मिक स्थलों के दर्शन करने के लिए IRCTC का यह हवाई टूर पैकेज अच्छा ऑप्शन हो सकता है। 4 रात और 5 दिन के इस पैकेज में ट्रैवलर को मध्य प्रदेश के कई प्रसिद्ध शहरों और टूरिस्ट डेस्टिनेशन की सैर कराई जाएगी। इसमें दार्शनिक स्थल और कुछ शहरों में घूमने का मौका मिलेगा। यात्रा में आने-जाने की व्यवस्था फ्लाइट से की गई है।

इस टूर में धार्मिक स्थलों के साथ ऐतिहासिक और खूबसूरत जगहों को भी शामिल किया गया है। ट्रैवलर को उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर समेत कई मंदिरों के दर्शन कराए जाएंगे। इसके अलावा कुछ प्रमुख दर्शनीय स्थलों की सैर होगी। पैकेज में तीन सितारा होटल में ठहरने और खाने की व्यवस्था भी शामिल है, जिससे यात्रियों को यात्रा के दौरान रहने और खाने की ज्यादा चिंता नहीं करनी पड़ेगी।

omkareshvar

 

टूरिस्ट डेस्टिनेशन

इस 5 दिन के टूर में ट्रैवलर को मध्य प्रदेश की कई पॉपुलर डेस्टिनेशन पर ले जाया जाएगा। उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर, चिंतामन गणेश मंदिर, हरसिद्धि मंदिर और मंगलनाथ मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। इसके बाद ओंकारेश्वर में ओंकारेश्वर मंदिर के दर्शन होंगे। महेश्वर में अहिल्याबाई किला और महल, अखिलेश्वर मंदिर, सहस्त्रधारा और नर्मदा घाट घूमने का मौका मिलेगा। वहीं मांडू में जहाज महल और हिंडोला महल की सैर कराई जाएगी। यात्रा के दौरान इंदौर में पितृ पर्वत और गणपति मंदिर खजराना भी घूमने का मौका मिलेगा।

 

 

 

फ्लाइट और होटल फैसिलिटीज

IRCTC के इस पैकेज में ट्रैवलर के आने-जाने की सुविधा फ्लाइट से रखी गई है। यात्रा की शुरुआत लखनऊ से इंदौर के लिए होगी और वापसी में इंदौर से लखनऊ लाया जाएगा। यानी ट्रैवलर को लंबी ट्रेन यात्रा करने की जरूरत नहीं होगी। पैकेज में थ्री स्टार होटल में ठहरने की व्यवस्था भी शामिल है। इसके साथ यात्रा में खाने की फैसिलिटी दी जाएगी, जिससे ट्रैवलर को अलग से होटल और भोजन की व्यवस्था करने की परेशानी कम होगी।

 

 

 

पैकेज की कीमत

इस टूर पैकेज की कीमत अलग-अलग तरीके से रखी गई है। अगर कोई सोलो ट्रैवलर पैकेज लेता है, तो प्रति व्यक्ति 48,500 रुपये किराया देना होगा। दो लोग एक साथ पैकेज लेते हैं, तो प्रति व्यक्ति 42,500 रुपये का खर्च आएगा। वहीं तीन लोगों के साथ ठहरने पर प्रति व्यक्ति 40,300 रुपये किराया होगा। माता-पिता के साथ बच्चे के ठहरने पर बेड सहित 36,100 रुपये और बिना बेड 19,500 रुपये प्रति बच्चे का पैकेज मूल्य रखा गया है।

 

 

ऐसे करें बुकिंग

IRCTC के अनुसार इस टूर की बुकिंग पहले आओ, पहले पाओ के बेस पर की जाएगी। ट्रैवलर अपनी बुकिंग के लिए पर्यटन भवन, गोमती नगर, लखनऊ में IRCTC ऑफिस से कांटेक्ट कर सकते हैं। इसके अलावा ऑनलाइन बुकिंग IRCTC टूरिज्म की वेबसाइट पर की जा सकती है। पैकेज से जुड़ी ज्यादा जानकारी या बुकिंग के लिए 8287930912, 8287930902, 9236391909 और 9236391911 नंबरों पर कांटेक्ट किया जा सकता है।