उत्तराखंड बना फिल्म शूटिंग का नया डेस्टिनेशन, सीएम धामी बोले- नई नीति से बढ़ रहा पर्यटन और रोजगार

उत्तराखंड बना फिल्म शूटिंग का नया डेस्टिनेशन, सीएम धामी बोले- नई नीति से बढ़ रहा पर्यटन और रोजगार

cm pushkar singh dhami

देवभूमि अब फिल्मों की शूटिंग के लिए देश का नया पसंदीदा ठिकाना बन रही है! उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में लागू की गई नई फिल्म नीति की सराहना करते हुए कहा है कि इससे न सिर्फ फिल्मों की शूटिंग में तेजी आई है, बल्कि स्थानीय युवाओं और कलाकारों के लिए रोजगार के नए रास्ते भी खुले हैं।

 

सीएम धामी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा, प्रदेश में लागू की गई नई फिल्म नीति से उत्तराखंड में न केवल फिल्म शूटिंग को बढ़ावा मिल रहा है बल्कि प्रदेश में पर्यटन को भी नई पहचान, स्थानीय कलाकारों और युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। 

 

उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा कि हमारा प्रयास है कि उत्तराखंड फिल्म निर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में उभरे और फिल्म उद्योग के माध्यम से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।

गौरतलब है कि उत्तराखंड सरकार ने फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने और राज्य को प्रमुख शूटिंग स्थल के रूप में विकसित करने के लिए उत्तराखंड फिल्म नीति 2024 लागू की है। फिल्म निर्माताओं को शूटिंग की अनुमति आसानी और समय पर (लगभग 7 दिनों के भीतर) उपलब्ध कराने के लिए सिंगल विंडो व्यवस्था शुरू की गई है। राज्य में शूटिंग करने वाली फिल्मों के लिए शूटिंग शुल्क पूरी तरह माफ कर दिया गया है।