PDA कार्यकर्ता सम्मेलन में शाहिद मंजूर का शक्ति प्रदर्शन, किठौर से 2027 के चुनावी अभियान का आगाज

PDA कार्यकर्ता सम्मेलन में शाहिद मंजूर का शक्ति प्रदर्शन, किठौर से 2027 के चुनावी अभियान का आगाज

Shahid Manzoor's show of strength at PDA workers conference

किठौर विधानसभा क्षेत्र के जई गांव में आयोजित समाजवादी पार्टी के PDA कार्यकर्ता सम्मेलन में सपा विधायक शाहिद मंजूर ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए चुनावी तैयारियों का आगाज करते हुए कार्यकर्ताओं में जोश भरा। सम्मेलन में बड़ी संख्या में समर्थक जुटे। इस दौरान शाहिद मंजूर को नोटों की माला और चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया गया। भीड़ के बीच से रेलिंग फांदकर मंच तक पहुंचे विधायक का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।

 

सम्मेलन को संबोधित करते हुए शाहिद मंजूर ने कहा कि PDA में पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यकों के साथ अगड़े, ब्राह्मण, जाट और हर धर्म-जाति के लोग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र के चुनावी समीकरण अलग होते हैं और PDA समाज के सभी वर्गों को जोड़ने का माध्यम है। 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा के PDA फॉर्मूले का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि इसी रणनीति के चलते सपा देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनी और 2027 में भी PDA प्रभावी भूमिका निभाएगा।

ALSO READ: मेरठ में इकरा हसन बोलीं- 2027 में बनेगी सपा सरकार, नफरत का जवाब भाईचारे से देंगे

शाहिद मंजूर ने चुनावी नतीजों को लेकर कहा, “हार-जीत अल्लाह के हाथ में है, ऊपर वाले के हाथ में है, जो होगा ठीक होगा।” उन्होंने अपने हालिया वायरल बयान का जिक्र करते हुए कहा कि वह बयान अकस्मात था, लेकिन सच था। इसके बाद उन्होंने शायराना अंदाज में कहा, “उनका जो काम है अहले सियासत जानें, मेरा पैगाम मोहब्बत है जहां तक पहुंचे।”

 

शाहिद ने भाजपा पर साधा निशाना

सपा विधायक ने भाजपा सरकार पर चुनावी वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि 15 लाख रुपए खाते में आने, युवाओं को दो करोड़ रोजगार देने और कालाधन वापस लाने जैसे वादे पूरे नहीं हुए। उन्होंने कहा कि 2027 में जनता इन मुद्दों पर जवाब मांगेगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार में रुकी योजनाओं को सपा सरकार बनने पर फिर से पूरा कराया जाएगा।

 

उन्होंने कहा कि युवा वर्ग नौकरी और पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर नाराज है। शाहिद मंजूर ने ‘जेन-जी’ का जिक्र करते हुए कहा कि इसी वर्ग ने सरकार पर दबाव बनाया और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे जैसे घटनाक्रम सामने आए।

 

जयंत चौधरी और चंद्रशेखर आजाद पर भी बोले शाहिद मंजूर 

RLD अध्यक्ष जयंत चौधरी के संबंध में पूछे गए सवाल पर शाहिद मंजूर ने कहा कि जयंत चौधरी देश के बड़े नेता हैं। पिछली बार वे सपा के साथ थे, जबकि इस बार दूसरे गठबंधन में हैं। उन्होंने कहा कि सपा अपने पुराने साथियों के लिए भी अच्छा सोचती है।

 

नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के चुनाव लड़ने और सपा से संभावित गठबंधन के सवाल पर शाहिद मंजूर ने कहा कि संविधान हर व्यक्ति को चुनाव लड़ने का अधिकार देता है। सपा छात्रसभा की नीली टी-शर्ट को लेकर उन्होंने कहा कि लाल और नीला रंग हमेशा से साथ रहा है और दोनों ही वर्ग बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर में विश्वास रखने वाले हैं।

 

शाहिद ने नोटों की माला और चांदी के मुकुट पर दी सफाई

सम्मेलन में शाहिद मंजूर को नोटों की माला और चांदी का मुकुट पहनाए जाने पर उन्होंने इसे क्षेत्र की जनता का प्यार और स्नेह बताया। उन्होंने कहा कि जनता जिस रूप में सहयोग और सम्मान देती है, वह उसे स्वीकार करते हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि वह किसी कार्यकर्ता के वाहनों में डीजल नहीं डलवाते हैं।

 

4 बार विधायक रह चुके हैं शाहिद मंजूर

किठौर विधानसभा सीट का राजनीतिक इतिहास भी शाहिद मंजूर के पक्ष में लंबा रहा है। वह इस सीट से 2002, 2007, 2012 और 2022 में चार बार विधायक चुने जा चुके हैं। 1989 के बाद इस सीट पर भाजपा को दो बार (1993 और 2017) जीत मिली है। 2017 में भाजपा के सत्यवीर त्यागी ने शाहिद मंजूर को चुनाव हराया था, जबकि 2022 में शाहिद मंजूर ने वापसी करते हुए सीट पर जीत दर्ज की।

 

जई गांव में हुए इस सम्मेलन को शाहिद मंजूर के 2027 के चुनावी अभियान की शुरुआत और शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि सम्मेलन में उमड़ी भीड़ का चुनाव में कितना असर पड़ेगा और यह समर्थन वोट में कितना तब्दील होगा, इसका फैसला आने वाला विधानसभा चुनाव ही करेगा।

Lalbaugcha Raja Ganapati Utsav: गणपति उत्सव में लालबागचा राजा पर भक्तों ने लुटाया प्यार, तीन दिनों में आया 3 करोड़ से ऊपर चढ़ावा

Lalbaugcha Raja Ganapati Utsav: महाराष्ट्र सहित देश में कई जगहों पर गणेश उत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। खासतौर से मुंबई इस त्योहार की शोभा देखते ही बनती है। बप्पा का भव्य पंडाल लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। मुंबई के लालबागचा राजा गणेश मंडल को गणेशोत्सव के पहले तीन दिनों में 3.18 करोड़ रुपये का चढ़ावा मिला है। इसमें कैश, सोना, चांदी और विदेशी मुद्रा शामिल है।

लालबागचा राजा मुंबई के सबसे ज्यादा देखे जाने वाले सार्वजनिक गणेश मंडलों में से एक है। गणेश उत्सव के त्योहार के दौरान यहां भारी भीड़ उमड़ती है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस हफ्ते की शुरुआत में अपने परिवार के साथ लालबागचा राजा के दर्शन करने पहुंचे थे। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, अंबानी परिवार के सदस्य, शाहरुख खान, अबराम खान और रणवीर सिंह भी पंडाल में दिखे। गणेश चतुर्थी 14 सितंबर को शुरू हुई थी। यह त्योहार 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी पर गणेश विसर्जन के साथ खत्म होगा।

मंडल की मैनेजिंग कमिटी के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक चढ़ावे में 1.9 करोड़ रुपये कैश, 98.9 लाख रुपये कीमत का 647.47 ग्राम सोना और 30.35 लाख रुपये कीमत की 12,389 ग्राम चांदी शामिल है। दान पेटियों में अमेरिकी डॉलर और दूसरी विदेशी मुद्र भी मिलीं, लेकिन जब आंकड़े जारी किए गए, तब उनकी कीमत मौजूदा एक्सचेंज रेट पर नहीं आंकी गई थी। रिपोर्ट में कहा गया है कि सोने के चढ़ावे में चूड़ियां और चेन शामिल थीं, जबकि चांदी की चीजों में पेन और नक्काशीदार क्रिकेट बैट शामिल थे।

दान पेटियों की गिनती के पहले दिन, मंडल को 48.5 लाख रुपये कैश, 66.77 ग्राम सोना और 2,806 ग्राम चांदी मिली। 16 सितंबर को हुई गिनती में 88.9 लाख रुपये कैश, 226.12 ग्राम सोना और 5,516 ग्राम चांदी मिली। मीडिया खबरों के मुताबिक, एक दिन बाद, बक्सों में 53 लाख रुपये कैश, 354.58 ग्राम सोना और 4,067 ग्राम चांदी मिली।

लालबागचा राजा के पंडाल में पूजा के बाद रोजाना दान पेटियां खोली जाती हैं। ट्रस्ट के एक सदस्य ने बताया कि बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के अधिकारी, बैंक ऑफ महाराष्ट्र के प्रतिनिधि और लालबागचा राजा ट्रस्ट के सदस्य गिनती और जांच की प्रक्रिया की देखरेख करते हैं। ट्रस्ट सदस्य ने कहा कि कैश बैंक में जमा किया जाता है और साल भर संगठन द्वारा किए जाने वाले चैरिटेबल कामों के लिए इस्तेमाल किया जाता है।

मंडल इस साल के त्योहार के दौरान बीएमसी के साथ मिलकर वेस्ट-टू-एनर्जी प्रोजेक्ट पर भी काम कर रहा है। इस पहल के तहत, इसके प्रसाद के हिस्से से गीला कचरा मुंबई के चार अस्पतालों में बायोमीथेनेशन प्लांट में भेजा जा रहा है, जिससे लगभग 7,744 यूनिट बिजली बनाने का लक्ष्य नगर निकाय ने तय किया है।

Saudi Arabia में पकड़े गए पंजाबी ट्रक ड्राइवर बलजिंदर सिंह को हुई मौत की सजा, परिवार ने सरकार से मांगी मदद

Deepika-Ranveer: दीपिका पादुकोण-रणवीर सिंह के घर आई नन्ही परी, दूसरी बार पेरेंट्स बने एक्टर्स

Deepika-Ranveer: बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह दूसरी बार पेरेंट्स बने हैं। दीपिका ने इंस्टाग्राम पर एक फुटप्रिंट की तस्वीर शेयर कर फैंस के साथ यह खुशखबरी शेयर की है। इस पोस्ट में एक्ट्रेस ने ‘वेलकम बेबी गर्ल’ लिखा था। इस पोस्ट के साथ दीपिका ने बताया कि उनके घर में एक बार फिर बेटी का जन्म हुआ है। कपल ने 19 सितंबर को अपनी दूसरी बेटी का स्वागत किया।

दूसरी बार बने पेरेंट्स 

दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह 2024 में पहली बार माता-पिता बने थे, जब उनके घर बेटी दुआ का जन्म हुआ था। अब 19 सितंबर को दोनों ने अपनी दूसरी बेटी का स्वागत किया है। दुआ अब बड़ी बहन बन गई हैं। दूसरी बेटी के जन्म के बाद दीपिका और रणवीर को फैंस की ओर से लगातार बधाइयां मिल रही हैं।

सिद्धिविनायक मंदिर गया था कपल

दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह को 18 सितंबर को रणवीर के परिवार के साथ सिद्धिविनायक मंदिर में देखा गया। दोनों अपने दूसरे बच्चे के जन्म से पहले गणपति बप्पा का आशीर्वाद लेने पहुंचे थे। इस दौरान दीपिका नारंगी और पीले रंग के कढ़ाई वाले कुर्ते, बैंगनी सलवार और बेज दुपट्टे में नजर आईं। उन्होंने बालों में गजरा लगाया था। वहीं, रणवीर बैंगनी रंग के कढ़ाई वाले कुर्ते और सफेद पजामे में दिखे, जबकि उनके माता-पिता हल्के रंग के साधारण कपड़ों में नजर आए।

 

कब दी थी जानकारी

दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह ने 19 अप्रैल 2026 को एक साथ इंस्टाग्राम पोस्ट कर अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी की खुशखबरी दी थी। पोस्ट में उनकी बेटी दुआ पादुकोण सिंह के हाथ में प्रेग्नेंसी टेस्ट की पॉजिटिव रिपोर्ट दिखाई गई थी। हाल ही में दुआ के जन्मदिन पर भी कपल ने एक प्यारी तस्वीर शेयर की, जिसमें दीपिका अपना बेबी बंप दिखाते हुए रणवीर और दुआ के साथ नजर आईं।

द रेवोल्यूशनरीज के लिए रोहित सराफ ने की 15 महीने की ट्रेनिंग

अभिनेता रोहित सराफ ने अपनी वेब सीरीज़ ‘द रेवोल्यूशनरीज’ में स्वतंत्रता सेनानी सचिंद्रनाथ सान्याल का किरदार निभाने के लिए करीब 15 महीने तक कड़ी ट्रेनिंग की। रोहित ने बताया कि किरदार के लिए उन्होंने करीब तीन महीने तक मल्लखंब और कुश्ती की भी ट्रेनिंग ली। निर्देशक निखिल आडवाणी से पहली मुलाकात के दौरान उन्हें अपने शरीर को हॉलीवुड अभिनेता ब्रैड पिट के ‘फाइट क्लब’ वाले लुक जैसा बनाने के लिए कहा गया था।

Also Read : ‘पहला प्यार दूसरी बार’ का मजेदार इंट्रोडक्शन वीडियो जारी

रोहित ने कहा कि वह पहले से फिट थे, लेकिन ‘फाइट क्लब’ में ब्रैड पिट जैसा शरीर उनके पास नहीं था। इसलिए निर्देशक की कल्पना के मुताबिक शरीर तैयार करना उनके लिए बड़ी चुनौती थी। उन्होंने बताया कि ट्रेनिंग काफी कठिन और थकाने वाली थी तथा वह नियमित रूप से ट्रेनिंग के वीडियो निखिल आडवाणी को भेजते थे।

अभिनेता के अनुसार, ट्रेनिंग के दौरान उनके शरीर के साथ-साथ उनके चलने-फिरने का तरीका भी धीरे-धीरे बदलने लगा।

भारत के स्वतंत्रता संग्राम की पृष्ठभूमि पर बनी ‘द रेवोल्यूशनरीज’ में रोहित सराफ के अलावा भुवन बाम, प्रतिभा रांटा, गुरफतेह पीरजादा, जेसन शाह, पाओली डैम और तोता रॉय चौधरी भी हैं। सीरीज़ अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रही है।

Pic Credit : ANI

‘पहला प्यार दूसरी बार’ का मजेदार इंट्रोडक्शन वीडियो जारी

फिल्म ‘पहला प्यार दूसरी बार’ की नई स्टारकास्ट का मजेदार इंट्रोडक्शन वीडियो जारी किया गया है, जिसमें अनुभव बस्सी, गुरलीन पन्नू और देवेश दीक्षित नए कलाकारों को रोस्ट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में फिल्म से डेब्यू कर रहे स्पर्श वालिया, अलीशा चोपड़ा, कुणाल वैद, साक्षी वैद्य, तुषार छिब्बर और सरगुन कौर लूथरा से बस्सी, पन्नू और दीक्षित मजेदार और तीखे सवाल करते हुए उनकी टांग खींचते नजर आते हैं। वीडियो में ‘पहला प्यार दूसरी बार’ को लेकर ‘प्यार का पंचनामा 3’ जैसे सवालों के जरिए भी खूब मस्ती की गई है।

Also Read : क्रिस्टियानो रोनाल्डो पुर्तगाल के साथ बने रहेंगे

ट्रेलर से पहले जारी इस वीडियो में छह नए कलाकारों की युवा ऊर्जा और मस्ती भरी बातचीत देखने को मिलती है। फिल्म का ट्रेलर 21 सितंबर को रिलीज होगा।

‘पहला प्यार दूसरी बार’ को लव फिल्म्स प्रस्तुत कर रहा है। अनुज सैनी निर्देशित इस फिल्म के निर्माता लव रंजन और अंकुर गर्ग हैं। फिल्म 23 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Pic Credit : ANI

Bhuvan Bam: अभी तो तेरा करियर शुरू हुआ है…., समय रैना के शो पर रेखा-अमिताभ बच्चन के जोक करने पर मुकेश छाबड़ा ने भुवन को लताड़ा

Bhuvan Bam: ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ के हालिया एपिसोड में मुकेश छाबड़ा, भुवन बाम और नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी पैनल में समय रैना के साथ शामिल हुए। एपिसोड के दौरान कास्टिंग डायरेक्टर छाबड़ा ने भुवन को तब चेतावनी दी जब उन्होंने बॉलीवुड सुपरस्टार अमिताभ बच्चन और रेखा के साथ उनके रोमांस की अफवाहों पर मजाक करने की कोशिश की।

यह सब तब शुरू हुआ जब प्रतीक भारद्वाज नाम के एक कंटेस्टेंट ने स्टेज पर बिग बी की मिमिक्री की। उनकी एक्टिंग स्किल्स से प्रभावित होकर भुवन ने पूछा, “आपके टैलेंट की कोई रेखा है?” उनका इशारा एक्ट्रेस रेखा की ओर था। हालांकि इस बात पर सभी जोर-जोर से चीयर करने लगे, लेकिन मुकेश छाबड़ा ने तुरंत भुवन पर आपत्ति जताई और उन्हें चेतावनी देते हुए कहा, “बेटा, तेरा अभी तो फिल्म करियर शुरू हुआ है मेरी जान।” इस पर कंटेंट क्रिएटर-एक्टर ने भी कहा, “मैं इंडिपेंडेंट भी ठीक हूं।”

अमिताभ बच्चन और रेखा का रोमांस

अमिताभ बच्चन और रेखा ने 1976 और 1981 के बीच नौ बड़ी फिल्मों में साथ काम किया, जिनमें ‘सिलसिला’ और ‘मुकद्दर का सिकंदर’ शामिल हैं। दोनों स्क्रीन पर सबसे मशहूर जोड़ियों में से एक बन गए। जब रेखा 2001 में सिमी गरेवाल के शो ‘रेंडेजवस’ में आईं तो उनसे सीधे पूछा गया कि क्या उन्हें कभी अमिताभ बच्चन से प्यार हुआ था। हालांकि उस समय रेखा ने इस सवाल को “बेवकूफी भरा” बताया और घुमा-फिराकर जवाब देते हुए कहा कि देश में ऐसा कोई व्यक्ति नहीं है जो बिग बी से प्यार न करता हो।

रेखा ने कहा था कि “बिल्कुल। अरे यह तो बेवकूफी भरा सवाल है। मुझे अभी तक ऐसा कोई भी आदमी, औरत या बच्चा नहीं मिला है जो उनसे पूरी तरह, जुनून के साथ, पागलपन की हद तक, बेतहाशा और शिद्दत से प्यार न करने से खुद को रोक सके। तो मुझे ही क्यों अलग किया जाए? मैं किस बात से इनकार करूं? मुझे उनसे प्यार नहीं है? बेशक है। दुनिया भर का प्यार ले लीजिए और उसमें थोड़ा और जोड़ लीजिए – मैं उस व्यक्ति के लिए ऐसा ही महसूस करती हूं। बस यही बात है,।

बता दें कि अमिताभ बच्चन की शादी जया बच्चन से हुई है। वे पहली बार ऋषिकेश मुखर्जी की 1971 की फिल्म ‘गुड्डी’ के सेट पर मिले थे। दोनों ने 3 जून 1973 को शादी की थी और उनका रिश्ता आज भी मजबूत है। अमिताभ बच्चन और जया बच्चन, एंटरप्रेन्योर और लेखिका श्वेता बच्चन और एक्टर अभिषेक बच्चन के माता-पिता हैं। अगस्त्य नंदा, नव्या नंदा और आराध्या बच्चन उनके पोता-पोती हैं।

Dupahiya 2: धड़कपुर में फिर मचेगी दोगुनी अफरातफरी, प्राइम वीडियो ने ‘दुपहिया 2’ की रिलीज डेट का ऐलान किया

Dupahiya 2: प्राइम वीडियो ने अपनी हिंदी ओरिजिनल सीरीज “दुपहिया’ के सीजन 2 के प्रीमियर की तारीख 1 अक्टूबर, 2026 ऐलान कर दिया है। धड़कपुर पर आधारित यह कॉमेडी-ड्रामा सीरीज अपनी मासूमियत, पागलपन और छोटे शहर के अनोखे अटरेक्शन के खास मिक्चर के साथ वापस आ रही है।

इस नए सीजन में नई चुनौतियां देखने को मिलेंगी, जो पहले से ज्यादा अफरातफरी मचाएंगी और गुदगुदाएंगी। ‘दुपहिया’ सीजन 2 का निर्देशन सोनम नायर ने किया है। इस सीजन को सलोना बैन्स जोशी और शुभ शिवदासानी ने बॉम्बे फिल्म कार्टेल एलएलपी के बैनर तले बनाया और निर्मित किया है, जबकि इसे अविनाश द्विवेदी और चिराग गर्ग ने बनाया और लिखा है।

पहले सीजन की सफलता के बाद नया सीजन भी अपने शानदार कलाकारों के साथ लौट रहा है, जिसमें गजराज राव, रेणुका शहाणे, स्पर्श श्रीवास्तव, भुवन अरोड़ा, शिवानी रघुवंशी और यशपाल शर्मा शामिल हैं। वहीं दिनेश लाल यादव भी इस टीम का हिस्सा बन गए हैं। ‘दुपहिया’ सीजन 2 का प्रीमियर 1 अक्टूबर 2026 को प्राइम वीडियो पर होगा।

प्राइम वीडियो और अमेजन एमजीएम स्टूडियोज इंडिया में ओरिजिनल्स (SVOD) के निदेशक और प्रमुख निखिल माधोक ने कहा- हमारे लिए सफलता का सबसे बड़ा प्रमाण यही है कि कोई कहानी तुरंत दर्शकों से जुड़ जाए। जब किरदार लोगों की खाने की मेज पर होने वाली बातचीत का हिस्सा बनने लगते हैं, तब हमें लगता है कि हमने कुछ सही किया है। दुपहिया इसका एक बेहतरीन उदाहरण है।

क्रिएटर्स और कार्यकारी निर्माताओं सलोना बैन्स जोशी और शुभ शिवदासानी ने एक संयुक्त बयान में कहा, “दुपहिया की कहानी हमेशा से हमारे दिल के बहुत करीब रही है। भले ही इसकी कहानी ग्रामीण भारत की पृष्ठभूमि पर है, लेकिन मूल रूप से यह बड़े सपनों और रोजमर्रा की उथल-पुथल के टकराव की कहानी है, जिसमें इस सफर के दौरान अनपेक्षित हास्य भी देखने को मिलता है। हमें खुशी है कि पहले सीजन को दुनियाभर के दर्शकों ने इतना पसंद किया और उनसे इसे इतना प्यार मिला। अब हम इस कहानी को आगे बढ़ाने के लिए बेहद उत्साहित हैं।

Oscars 2027: मराठी थ्रिलर ने ‘धुरंधर 2’ को पीछे छोड़ा, ‘गोंधल’ का ऑस्कर में भारत की आधिकारीक एंट्री के तौर पर हुआ सिलेक्शन

Oscars 2027: फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया (FFI) ने शुक्रवार को बताया कि मराठी थ्रिलर फिल्म ‘गोंधल’ ऑस्कर 2027 के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री होगी। इस दौड़ में शामिल अन्य फिल्मों में नागा फिल्म ‘अंग’ और तमिल फिल्म ‘डोरोथी’ भी थीं।

संतोष दवाखर द्वारा निर्देशित यह फिल्म 99वें एकेडमी अवार्ड्स समारोह में ‘बेस्ट इंटरनेशनल फीचर’ कैटेगरी में देश का प्रतिनिधित्व करेगी। फिल्म निर्माता ने इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) 2025 में सिल्वर पीकॉक अवार्ड जीता था। जूरी पैनल में पी. शेषद्रि, विजय पाटकर, हुतु कनोडिया, शांति कुमार, संदीप पराशर, संजय पाटिल, साबू जोसेफ, अनिल थॉमस, विवेक वासवानी, बिजोन दासगुप्ता, हासन, वासन और तनिष्ठा चटर्जी शामिल थे।

कुल 33 फिल्में सबमिट की गई थीं, जिनमें से 14 हिंदी में, चार-चार मराठी, तेलुगु और गुजराती में, तीन तमिल में और एक-एक मलयालम, कोन्याक और नेपाली भाषा में थीं। इनमें एक साइलेंट फिल्म भी शामिल थी।

महाराष्ट्र की पारंपरिक ‘गोंधल’ रस्म और लोक-प्रदर्शन शैली पर आधारित ‘गोंधल’ फिल्म सुमन नाम की एक शादीशुदा महिला की कहानी है। उसकी जिंदगी में तब एक ऐसा मोड़ आता है जब रिश्ते, इच्छा और धोखे आपस में टकराने लगते हैं। रोजमर्रा के रिश्तों से शुरू होने वाली यह कहानी धीरे-धीरे एक थ्रिलर में बदल जाती है। सुमन खुद को मुश्किल हालात में फंसा हुआ पाती है और उनसे बाहर निकलने की कोशिश करती है।

सुमन के सफर के जरिए, यह फिल्म प्यार, इच्छा, धोखे और उन तरीकों को दिखाती है, जिन्हें लोग तब अपनाते हैं जब वे खुद को किसी मुश्किल स्थिति में फंसा हुआ महसूस करते हैं। साथ ही ‘गोंधल’ महाराष्ट्र की समृद्ध लोक परंपरा को भी सामने लाती है और सदियों पुरानी इस प्रदर्शन शैली और आज के समाज में इसके महत्व को दिखाती है।

इस फिल्म में किशोर कदम, इशिता देशमुख, योगेश सोहोनी, निषाद भोईर, अनुज प्रभु और अन्य कलाकार हैं, और इसका संगीत अनुभवी संगीतकार इलैयाराजा ने तैयार किया है। ‘गोंधल’ को बेंगलुरु इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल और पुणे इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में भी पहचान मिली। यह फिल्म 14 नवंबर, 2025 को रिलीज हुई थी।

Ranveer-Deepika Visit Siddhivinayak: डिलिवरी के पहले बप्पा का आशीर्वाद लेने सिद्धिविनायक पहुंची दीपिका पादुकोण, हाथ थामे दिखे रणवीर सिंह

Ranveer-Deepika Visit Siddhivinayak: दीपिका पादुकोण, जो जल्द ही दूसरे बच्चे का वेलकम करने वाली हैं, को पति रणवीर सिंह और सास-ससुर के साथ सिद्धिविनायक मंदिर में देखा गया। पूरा परिवार देश में गणपति उत्सव के दौरान आशीर्वाद लेने के लिए वहां पहुंचा था।

दीपिका पादुकोण नारंगी और पीले रंग का हैवी कढ़ाई वाली कुर्ते, बैंगनी सलवार और बेज रंग का दुपट्टा कैरी किए थीं। इस आउटफिट में वे बहुत खूबसूरत लग रही थीं। दीपिका ने अपने बालों का एक स्टाइलिश जूड़ा बनाया था, जिस पर गजरा लगा था और उन्होंने बहुत कम गहनों के साथ अपना लुक पूरा किया। वहीं रणवीर सिंह ने अपनी पत्नी से मेल खाते हुए बैंगनी रंग का लंबा कढ़ाई वाला कुर्ता और सफेद पजामा पहना था। रणवीर के माता-पिता ने सादे, हल्के रंग के कपड़े पहने थे।

इससे पहले गुरुवार रात रणवीर सिंह मुंबई के मशहूर लालबागचा राजा के दर्शन के लिए गए थे। इस मौके पर रणवीर ने पारंपरिक सफेद कुर्ता-पजामा पहना था, जिससे उनका लुक सादा और त्योहार के माहौल के हिसाब से था। उनके दौरे के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए और जल्द ही फैंस का ध्यान खींचा। एक्टर को गणपति पंडाल में अपने फैंस का अभिवादन करते देखा गया।

View this post on Instagram

A post shared by Filmfare (@filmfare)

दीपिका और रणवीर की प्रेग्नेंसी के बारे में

दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह ने 19 अप्रैल 2026 को एक जॉइंट इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी की घोषणा की थी। इस घोषणा में उनकी बेटी दुआ पादुकोण सिंह को पॉजिटिव प्रेग्नेंसी टेस्ट पकड़े हुए दिखाया गया था, और कपल ने बताया कि वे अपने दूसरे बच्चे की उम्मीद कर रहे हैं।

हाल ही में दुआ के जन्मदिन पर दीपिका और रणवीर ने एक प्यारी सी तस्वीर शेयर की, जिसमें दीपिका अपना बेबी बंप दिखा रही थीं और रणवीर व दुआ के साथ पोज दे रही थीं। कैप्शन में लिखा था, “बेबी दुआ और हमारे दिल बड़े हो रहे हैं! आपके आशीर्वाद के लिए धन्यवाद! @deepikapadukone”

विजय देवरकोंडा-रश्मिका मंदाना स्टारर ‘राणाबाली’ का नया पोस्टर रिलीज, 21 सितंबर को पहला गाना होगा रिलीज

‘राणाबाली’ के रोमांटिक सॉन्ग को अजय-अतुल ने कंपोज किया है। यह गाना फिल्म के दमदार बैकड्रॉप के बीच एक दिल को छू लेने वाला प्यार का एहसास लेकर आता है। इस कहानी में भारतीयों के खिलाफ ब्रिटिश द्वारा किए गए अत्याचारों के क्रूर इतिहास को दिखाया गया है, जिसकी क्रूरता को अक्सर नाजियों के अत्याचारों से भी ज्यादा खौफनाक माना गया है।

राणाबाली अपने ऐलान के समय से ही साल की सबसे ज्यादा इंतजार की जाने वाली फिल्मों में से एक बन गई है। इस फिल्म में ऑन-स्क्रीन ही नहीं बल्कि ऑफ-स्क्रीन भी बेहद पसंद की जाने वाली विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की जोड़ी स्क्रीन शेयर करती दिखाई देने वाली है।

फिल्म के जरिए माइथ्री मूवी मेकर्स एक अनकही ऐतिहासिक कहानी पेश करने वाला है। अपने ऐलान के बाद से ही मेकर्स ने शानदार कैरेक्टर पोस्टर, गाने और खास झलकियों के साथ फिल्म को देखने के लिए बेसब्री बढ़ा दी है, जिससे फैंस की उत्सुकता सातवें आसमान पर है। बता दें कि राणाबाली इस दशहरा के पावन अवसर पर अपनी ग्रैंड रिलीज के लिए तैयार है।

‘राणाबाली’ को लेकर दर्शको के बीच समय के साथ उत्साह बढ़ते जा रहा है, ऐसे में इसमें इजाफा करते हुए मेकर्स ने इसके पहले गाने की रिलीज डेट का आधिकारिक तौर पर ऐलान कर दिया है। जारी किये गए इस जबरदस्त अपडेट के साथ, मेकर्स ने विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना के शानदार स्प्लिट पोस्टर साझा किये हैं। म्यूजिकल जोड़ी अजय-अतुल ने इस कमाल के गाने को कंपोज किया है, जिसे मेकर्स कुल पांच भारतीय भाषाओं में रिलीज करेंगे।

इस अपडेट की जानकारी साझा करते हुए मेकर्स ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्टर संग अनाउंसमेंट कर लिखा है, “साल का सबसे ज़्यादा इंतज़ार किया जाने वाला लव सॉन्ग एक बार फिर आपकी प्लेलिस्ट पर छाने के लिए तैयार है। Ranabaali का पहला गाना 21 सितंबर को रिलीज होगा। EndhayyaSaami – तेलुगु…., YedhayyaSaami – तमिल…., EntheKannaala – मलयालम…., EnayyaSaami – कन्नड़, OMereSaajan – हिंदी। राणाबाली का ग्रैंड रिलीज 16.10.26 को दुनिया भर में होगा।”

राणाबाली को राहुल संकृत्यायन के डायरेक्शन में बनाया गया है। बतौर लीड विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की जोड़ी इस फिल्म में एक बार फिर साथ नजर आने वाली है। फिल्म में दोनों बिल्कुल अलग और कभी न देखे गए अवतार में नजर आने वाले हैं, जो कि बिल्कुल नया और ज्यादा रॉ है। बड़े प्रोडक्शन स्केल, इंटेंस कहानी और अजय-अतुल के शानदार म्यूजिक के साथ ‘राणाबाली’ अक्टूबर 2026 में फेस्टिव सीजन की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर बनने के लिए तैयार है।