भारत वेस्टइंडीज मैच खत्म हुआ देरी से, दोनों टीमों पर लगी स्लो ओवर रेट पेनल्टी

INDvsWI भारत वेस्टइंडीज का तीसरा एकदिवसीय मैच रोमांचक होने के साथ साथ बहुत लंबा समय ले गया। इसकी वजह थी धीमी गेंदबाजी दोनों ही टीमों ने तेज गेंदबाजों पर भरोसा जताया। इस कारण मैच बहुत देरी से समाप्त हुआ। वेस्टइंडीज की टीम में  सिर्फ गुडाकेश मोती थे जिन्होंने स्पिन गेंदबाजी की तो वहीं भारत की ओर से सिर्फ कुलदीप यादव और नमनधीन स्पिन गेंदबाज थे।

दिलचस्प बात यह रही कि वेस्टइंडीज को 3 ओवर की स्लो ओवर रेट पेनल्टी लगी। इन 2 ओवरों में इंडीज सिर्फ 4 खिलाड़ी ही 30 यार्ड घेरे के बाहर रख सकता था। इन 2 ओवरों में भारतीय टीम ने 40 रन बनाए। हालांकि जब भारतीय टीम पर स्लो ओवर रेट के लिए यह सजा दी गई तो वेस्टइंडीज को 4 ओवरों में 44 रन बनाने थे। लेकिन इंडीज ने यह 14 गेंदों में ही बना लिए।

हालांकि दोनों ही टीमों के लिए जुर्माना भी लगाया गया है। भारत पर जहां मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया, वहीं वेस्टइंडीज पर 10 प्रतिशत जुर्माना लगा जिसमें दोनों टीम को निर्धारित ओवर गति से क्रमशः चार और दो ओवर कम पाया गया।मैच रेफरी प्रकाश भट्ट ने शनिवार को मैच के बाद यह जुर्माना लगाया।

आईसीसी ने एक बयान में कहा, ‘‘दोनों कप्तानों ने अपराध स्वीकार कर लिए और प्रस्तावित जुर्माने को स्वीकार कर लिया है जिससे औपचारिक सुनवाई की कोई जरूरत नहीं थी।’’

ये आरोप मैदानी अंपायर जयरामन मदनगोपाल और सैम नोगाज्स्की, तीसरे अंपायर शरफुद्दौला इब्ने शाहिद और चौथे अंपायर वीरेंद्र शर्मा ने लगाए थे।

वेस्टइंडीज अंतिम वनडे में पहले ही तीन मैच की सीरीज गंवा चुका था, लेकिन उसने भारत दौरे के वनडे चरण का समापन शानदार अंदाज में किया। शाई होप के नाबाद 162 रन की मदद से वेस्टइंडीज ने पुरुष वनडे में अपने सबसे बड़े 352 रन के लक्ष्य को हासिल किया।

अब दोनों टीमें पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज पर ध्यान केंद्रित करेंगी जो मंगलवार को लखनऊ में शुरू होगी।भारतीय और इंडीज के कप्तान शुभमन गिल और शाई होप ने इस फैसले के खिलाफ अपील नहीं की है।

IND vs WI: पहले टी20 से पहले पूर्व खिलाड़ी ने चुनी अपनी पसंदीदा प्लेइंग 11, नहीं दी वैभव सूर्यवंशी को जगह

एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 19 रन से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। वहीं अब भारतीय टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलने उतरेगी। सीरीज का पहला मुकाबला 6 अक्टूबर को लखनऊ में खेला जाएगा। वहीं इस मुकाबले से पहले भारत के पूर्व बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने अपनी पसंदीदा भारतीय टीम चुनी है। वहीं अपनी चुनी गई टीम में पुजारा ने युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को जगह नहीं दी है।

वैभव सूर्यवंशी ने एशियन गेम्स में भारत की ओर से दो मैच खेले थे। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 21 गेंदों में 38 रन बनाए, वहीं पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में 9 गेंदों पर 15 रन की पारी खेली। आइए जानते हैं पुजारा ने किस-किस खिलाड़ी को दी है जगह

वैभव को नहीं किया शामिल

एशियन गेम्स में भारत ने मजबूत टीम के साथ मुकाबले खेले, वहीं कुछ दूसरी टीमों ने अपने दूसरे दर्जे के खिलाड़ियों को मौका दिया। भारत की ओर से वैभव सूर्यवंशी ने पारी की शुरुआत की। उनके बाद संजू सैमसन तीसरे, कप्तान श्रेयस अय्यर चौथे और ईशान किशन पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए। वहीं, चेतेश्वर पुजारा ने अपनी पसंदीदा टीम में बदलाव किया है। उन्होंने ईशान किशन को तीसरे नंबर पर रखा और वैभव सूर्यवंशी की जगह नीतीश कुमार रेड्डी को टीम में शामिल किया है।

रवि बिश्नोई को भी दी जगह

वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज में जसप्रीत बुमराह को आराम दिया गया है। ऐसे में चेतेश्वर पुजारा ने तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी के लिए अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव को अपनी टीम में चुना है। इसके अलावा उन्होंने कुलदीप यादव को भी टीम में शामिल किया है। कुलदीप ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में अच्छा प्रदर्शन किया था। पुजारा ने उन्हें रवि बिश्नोई की जगह टीम में रखा है, जिन्होंने जापान में हुए एशियन गेम्स के दौरान उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं किया था।

चेतेश्वर पुजारा की पसंदीदा भारत प्लेइंग 11: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन (WK), श्रेयस अय्यर (C), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह

Asian Games: हॉकी से लेकर क्रिकेट तक…भारत-पाकिस्तान मुकाबले का क्रेज, टूटे व्यूअरशिप के कई रिकॉर्ड

Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 के आइची-नागोया संस्करण को लेकर ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (OCA) ने बड़ी जानकारी साझा की है। ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (OCA) के अनुसार, भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट फाइनल और हॉकी सेमीफाइनल को दर्शकों ने काफी पसंद किया। दोनों ही खेलों में भारत ने पाकिस्तान को मात दी थी। OCA ने बताया कि इस बार खिलाड़ियों को शानदार सुविधाओं और बेहतर माहौल के साथ खेलों में हिस्सा लेने का मौका मिला। OCA ने 212 एशियन गेम्स रिकॉर्ड टूटने का भी जिक्र किया और कहा कि आइची-नागोया गेम्स कई मायनों में खास रहे।

भारत ने पाकिस्तान को दी मात

फैंस को भारत और पाकिस्तान के बीच मुकबला हमेशा से काफी पसंद रहा है। एशियन गेम्स में भारत ने हॉकी और क्रिकेट दोनों में पाकिस्तान को हराकर शानदार प्रदर्शन किया। पुरुष हॉकी के सेमीफाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 4-3 से हराया और फाइनल में पहुंचा। इसके बाद भारत ने फाइनल में मलेशिया को हराकर गोल्ड मेडल जीता। वहीं, पुरुष क्रिकेट के फाइनल में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 19 रन से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस तरह भारत ने दोनों खेलों में जीत हासिल कर देश को दो गोल्ड मेडल दिलाए।

मैच ने तोड़ा सभी रिकॉर्ड

OCA कोऑर्डिनेशन कमेटी के अध्यक्ष तैयब इकराम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि, “इस बार एशियन गेम्स की ब्रॉडकास्ट व्यूअरशिप ने अब तक के सभी रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए। उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच हुए दो बड़े मुकाबलों ने दर्शकों का सबसे ज्यादा ध्यान खींचा।” उनके मुताबिक, “शनिवार को खेला गया भारत-पाकिस्तान क्रिकेट फाइनल सबसे ज्यादा देखा गया मैच रहा। वहीं इससे एक दिन पहले गुरुवार को हुआ भारत-पाकिस्तान हॉकी मुकाबला एशियन गेम्स के इतिहास में सबसे ज्यादा देखा जाने वाला हॉकी मैच बना।”

शेयर नहीं किया कोई आकड़ा

उन्होंने व्यूअरशिप से जुड़ा कोई आंकड़ा साझा नहीं किया और न ही यह बताया कि भारत-पाकिस्तान क्रिकेट और हॉकी मैच में से किस मुकाबले को ज्यादा दर्शकों ने देखा। उन्होंने कहा कि पहली बार OCA ने इन एशियन गेम्स में सुरक्षा को लेकर एक नया तरीका अपनाया। उनके मुताबिक, पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा का खास ध्यान रखा गया और एथलीट्स, एशियन फेडरेशन और राष्ट्रीय ओलंपिक समितियों के लिए गेम्स को सुरक्षित बनाया गया। एशियन गेम्स के दौरान खिलाड़ियों और अधिकारियों के रहने की व्यवस्था को लेकर आयोजकों की काफी आलोचना हुई थी।

4 गोलों से ब्राजील ने भारत को फुटबॉल मैच में हराया

भारत ने शुरुआती 25 मिनट तक डटकर मुकाबला किया, लेकिन पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील ने शनिवार को खेले गए फीफा अंतरराष्ट्रीय मैत्री मुकाबले में मेहमान टीम को 4-0 की करारी जीत दर्ज की।दोनों टीमों के बीच के स्तर का बड़ा अंतर बिलकुल साफ दिखा।

2026 विश्व कप के प्री-क्वार्टर फाइनल से बाहर होने के बाद नए सिरे से टीम तैयार कर रहे कार्लो एंसेलोटी की ‘नयी लुक’ वाली ब्राजील की टीम ने इस ऐतिहासिक मैत्री मुकाबले में ज्यादातर समय अपनी सहज गति से खेलते हुए मैच पर नियंत्रण बनाए रखा और उसे बहुत ज्यादा तेजी दिखाने की जरूरत नहीं पड़ी।

भारत को 51,402 दर्शकों की का समर्थन मिला लेकिन इसके बावजूद टीम शुरूआती 25 मिनट में मिले कुछ अच्छे मौकों को पर गोल नहीं कर सकी।

ब्राजील के लिए एस्तेवाओ ने 28वें मिनट, पेड्रो ने 42वें मिनट और सैमुअल लिनो ने 58वें और 90+5वें मिनट में गोल किए।

ब्राजील अपनी पूरी ताकत से नहीं खेला लेकिन फिर भी मुकाबले पर अपना नियंत्रण बनाए रखा।

44वीं रैंकिंग वाली पनामा के खिलाफ 1-1 की जुझारू बराबरी के बाद मैदान पर उतरी भारतीय टीम को इस बार कहीं अधिक मजबूत प्रतिद्वंद्वी का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद खालिद जमील के मार्गदर्शन वाली टीम ने ब्राजील को कड़ी टक्कर दी।

जमील ने पनामा के खिलाफ मैच की टीम में दो बदलाव किए। उन्होंने अपुइया और रिकी शाबोंग की जगह अनुभवी मिडफील्डर अनिरुद्ध थापा और सहल अब्दुल समद को टीम में शामिल किया।

शुरुआती चरणों में भारतीय टीम ब्राजील को परेशान करती रही। रियाल मैड्रिड के स्टार विनिसियस ने दो बार गुरप्रीत सिंह संधू की परीक्षा ली जिसमें अभिषेक सिंह को छकाने के बाद लगाया गया शॉट भी शामिल था। लेकिन भारतीय गोलकीपर डटा रहे।

एंसेलोटी ने टीम में कई बदलाव किए थे जिसमें पेड्रो मोरिस्को ने नियमित गोलकीपर और माउरो जूनियर की जगह ली जबकि गैब्रियल बोंटेम्पो, आंद्रेई सैंटोस और माथेउजिन्हो को भी मौका दिया गया।

ब्राजील ने 28वें मिनट में एस्तेवाओ के गोल से बढ़त बना ली। फिर पेड्रो और लिनो ने दक्षिण अमेरिकी टीम के लिए गोल दागे। 

भारत ने मलेशिया को 5-1 से हराकर जीता एशियाड गोल्ड मेडल

INDvsMAL भारतीय पुुरुष हॉकी टीम का विश्वकप पिछले महीने भले ही अच्छा ना गया हो लेकिन एशियाई खेलों में टीम ने यह साबित कर दिया कि उपमहाद्वीप में वह सबसे बेहतरीन टीम है। हरमनप्रीत के लड़कों ने अपने गोल्ड मेडल का बचाव कर लिया। भारतीय टीम ने मलेशिया को 5-1 से रौंदकर अपनी धाक जमाई। 

कल महिला टीम ने चीन को 1 गोल से हराकर एतिहासिक गोल्ड मेडल जीता था। मलेशिया की टीम भारत के खेल के स्तर के आस पास भी नहीं दिखी और बेबस नजर आई। पहले हाफ में स्कोर 2-1 था लेकिन चौथे क्वा्रटर में तो टीम ने सिलसिलेवार हमले किए। इसमें एक मौका ऐसा भी आया जब टीम को 4 लगातार पेनल्टी कॉर्नर मिले। मलेशिया को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। वहीं ब्रॉंज मेडल मैच में पाकिस्तान ने दक्षिण कोरिया को 5-3 से हरा दिया।


 भारत ने कप्तान हरमनप्रीत सिंह (11वें, 57वें मिनट) और जुगराज सिंह (23वें) के जरिए तीन पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला जबकि उप-कप्तान हार्दिक सिंह ने 42वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक से गोल किया और शिलानंद लकड़ा ने 54वें मिनट में मैदानी गोल करके औपचारिकताएं पूरी कीं।मलेशिया का एकमात्र गोल शेलो सिल्वरियस ने 14वें मिनट में किया।

पाकिस्तान को भारत ने सेमीफाइनल में कड़े मुकाबले में 4-3 से हराकर फाइनल की दौड़ से बाहर किया था। गौरतलब है कि पिछले एशियाई खेलों की तरह इस बार भी भारतीय पुरुष हॉकी टीम एक भी मैच नहीं हारी।

रोहित शर्मा ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का ये पुराना रिकॉर्ड, 10 हजार रन बनाने वाले चौथे ओपनर बने

Rohit Sharma: भारत के दिग्गज खिलाड़ी और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने वनडे क्रिकेट में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। रोहित शर्मा ने बतौर ओपनर वनडे में 10 हजार रन पूरे कर लिए। वहीं इस मुकाम तक सबसे कम पारियों में पहुंचने वाले बल्लेबाज बन गए। इस जादूई आंकड़े तक पहुंचने वाले रोहित भारत के दूसरे बल्लेबाज और दुनिया के चौथे खिलाड़ी हैं। इससे पहले ये रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था। सचिन ने 214 पारियों में ये आकड़ा पार किया था, वहीं रोहित ने 202 पारियों में ये कारनामा किया है। इस तरह रोहित ने सचिन का ये रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

2 रन बनाते ही बनाया ये रिकॉर्ड

वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे वनडे में रोहित शर्मा ने ये खास रिकॉर्ड बनाया। न्यू चंडीगढ़ में खेले गए मैच से पहले रोहित बतौर ओपनर 201 पारियों में 9,998 रन बना चुके थे। उन्हें 10 हजार रन पूरे करने के लिए सिर्फ 2 रन चाहिए थे। 2 रन बनाते ही रोहित ने ये उपलब्धि हासिल कर ली है। वहीं मुकाबले में रोहित शर्मा 85 गेंदों में 92 रन बनाकर आउट हुए। वेस्टइंडीज और भारत के बीच तीसरे मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया। पहले बैटिंग करने आई भारतीय टीम खबर लिखे जाने तक 25 ओवर में 3 विकेट पर 141 रन बना ली है।

सचिन के नाम हैं ये रिकॉर्ड

रोहित शर्मा ने वनडे क्रिकेट में बतौर ओपनर 10 हजार रन पूरे करके अपना नाम दुनिया के बड़े बल्लेबाजों की सूची में दर्ज करा लिया है। अब वह सचिन तेंदुलकर, सनथ जयसूर्या और क्रिस गेल जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के साथ इस खास क्लब का हिस्सा हैं। वनडे में बतौर ओपनर सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अभी भी सचिन तेंदुलकर के नाम है। उन्होंने 344 पारियों में 15,310 रन बनाए हैं। इसके बाद श्रीलंका के सनथ जयसूर्या का नंबर आता है, जिन्होंने 383 पारियों में 12,740 रन जोड़े हैं। वेस्टइंडीज के क्रिस गेल ने 274 पारियों में 10,179 रन बनाए। अब रोहित शर्मा के 10 हजार रन पूरे करने के साथ वह भी वनडे के सबसे सफल ओपनर्स में शामिल हो गए हैं।

क्रिकेट और हॉकी में जीते स्वर्ण, गोल्फ में ऐतिहासिक गोल्ड

आइची-नागोया में एशियाई खेलों के दो यादगार हफ़्ते अब खत्म हो रहे हैं। भारत ने आखिरी दिन नौ मेडल – पांच गोल्ड, दो सिल्वर और दो ब्रॉन्ज़ – जीतकर अपने अभियान का समापन किया। कुल मिलाकर भारत ने 85 मेडल जीते: 21 गोल्ड, 27 सिल्वर और 37 ब्रॉन्ज़ तथा पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा।

आखिरी दिन की शुरुआत ही ऐतिहासिक रही। कुमकुम मोहोद एशियाई खेलों में तीरंदाजी के व्यक्तिगत रिकर्व इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं; उन्होंने शूट-ऑफ में शानदार संयम दिखाते हुए जीत हासिल की।

उनकी इस जीत से भारत को महिलाओं के व्यक्तिगत रिकर्व इवेंट में लॉस एंजेलिस 2028 ओलंपिक का कोटा भी मिल गया। नीरज चौहान ने पुरुषों के व्यक्तिगत रिकर्व इवेंट में ब्रॉन्ज़ मेडल जीतकर भारत के तीरंदाजी अभियान को पूरा किया।

प्रणवी उर्स ने गोल्फ़ में इतिहास रचा और एशियाई खेलों में व्यक्तिगत गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। उन्होंने अदिति अशोक और दीक्षा डागर के साथ मिलकर महिलाओं की टीम इवेंट में भारत को सिल्वर मेडल दिलाने में भी मदद की।

Also Read : भारत ने पाकिस्तान को 19 रनों से हराया

क्रिकेट में भी भारत को गोल्ड मेडल मिला। पुरुषों के फ़ाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 19 रनों से हराकर एशियाई खेलों का अपना ख़िताब बरकरार रखा और क्रिकेट में ‘डबल’ (पुरुष और महिला दोनों टीमों की जीत) पूरा किया; इससे पहले महिला टीम भी गोल्ड मेडल जीत चुकी थी।

रेसलिंग में भारत ने तीन और मेडल जीते: अमन सहरावत ने गोल्ड मेडल जीता, जबकि अंतिम पंघाल ने सिल्वर और दीपक पूनिया ने ब्रॉन्ज़ मेडल हासिल किया। और फिर हॉकी में शानदार समापन हुआ, जब भारत ने मलेशिया को 5-1 से हराकर पुरुषों का एशियाई खेलों का खिताब बरकरार रखा और लॉस एंजेलिस 2028 ओलंपिक कोटा पक्का किया।

इस जीत का मतलब यह भी था कि कबड्डी और क्रिकेट के बाद, हॉकी एशियाई खेलों में लगातार दो बार गोल्ड मेडल जीतने वाली तीसरी भारतीय टीम बन गई। और इसी के साथ, रोमांच और अनगिनत यादगार पलों से भरे दो शानदार हफ़्तों का समापन हुआ।

Pic Credit : UNI

भारत ने पाकिस्तान को 19 रनों से हराया

अभिषेक शर्मा (61), तिलक वर्मा (नाबाद 51) और शिवम दुबे (27 रन/ दो विकेट) के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने शनिवार को एशियाई खेल 2026 की क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 19 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया।

212 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान के लिए कप्तान साहिबजादा फरहान और माज सदाकत की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 33 रन जोड़े। चौथे ओवर में वॉशिंगटन सुदंर ने साहिबजादा फरहान (10) को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। अगले ही ओवर में अक्षर पटेल ने उस्मान खान (तीन) रन का शिकार कर लिया। पाकिस्तान का तीसरा विकेट सातवें ओवर में माज सदाकत (23) रन के रूप में गिरा। इसके बाद हसन नवाज और सैम अयूब की जोड़ी ने पाकिस्तान की पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट लिए 87 रन जोड़कर पाकिस्तान की मैच में वापसी कराई।

15वें ओवर में शिवम दुबे ने सैम अयूब (29) को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। 18वें ओवर में वॉशिंगटन सुंदर ने अब्दुल समद (नौ) रन को आउट कर पाकिस्तान को पांचवां झटका दिया। इस दौरान हसन नवाज एक छोर थामे तेजी के साथ रन बनाते रहे। शिवम दुबे ने उन्हें मैच की आखिरी गेंद पर विकेटकीपर संजू सैमसन के हाथों कैच आउट कराया। उन्होंने 51 गेंदों में पांच चौके और सात छक्कों की मदद से (96) रनों की पारी खेली। पाकिस्तान की टीम निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 192 रन ही बना सकी और मुकाबला 19 रनों से हार गई। भारत के लिए शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट लिये।

Also Read : मुंबई में जंतर मंतर जैसा प्रदर्शन

इससे पहले आज यहां अभिषेक शर्मा (61) और तिलक वर्मा (नाबाद 51) की आतिशी अर्धशतकीय पारियों के दम पर भारत ने पाकिस्तान को जीत के लिए 212 रनों का लक्ष्य दिया था। भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को तीसरे ओवर की पहली गेंद पर वैभव सूर्यवंशी (15) रन के रूप में पहला झटका लगा। अगले ही ओवर में संजू सैमसन (दो) रन बनाकर पवेलियन लौट गये। इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने अभिषेक शर्मा के साथ पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 42 रनों की साझेदारी हुई। आठवें ओवर में अराफात मिन्हास ने अभिषेक शर्मा को स्टंप आउट कराकर इस साझेदारी को तोड़ा। अभिषेक ने 28 गेंदों में तीन चौके और सात छक्के उड़ाते हुए (61) रनों की पारी खेली।

13वें ओवर में इशान किशन (20) रन और अगले ओवर में श्रेयस अय्यर (21) रन बनाकर आउट हुये। शिवम दुबे ने 15 गेंदों में दो चौके और दो छक्के उड़ाते हुए (27) रनों की पारी खेली।भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 211 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। तिलक वर्मा ने 22 गेंदों में तीन चौके और चार छक्के उड़ाते हुए (नाबाद 51) रनों की पारी खेली। पाकिस्तान की ओर से अराफात मिन्हास और अहमद दनियाल ने दो-दो विकेट लिये। सैम अयूब और अबरार अहमद ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

Pic Credit : UNI

महिला हॉकी टीम ने 44 साल बाद जीता गोल्ड

नई दिल्ली। जापान में चल रहे एशियाई खेलों का 13वां दिन यानी शुक्रवार का दिन भारत का रहा। भारत के खिलाड़ियों ने शुक्रवार को कमाल का प्रदर्शन किया। महिला हॉकी टीम ने 44 साल बाद गोल्ड जीता। उनके अलावा पांच और मुकाबलों में भारत ने गोल्ड जीता। इस तरह के कुल गोल्ड मेडल्स की संख्या 16 हो गई। इसके साथ ही भारत पदक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गया। 16 गोल्ड, 25 सिल्वर और 35 ब्रॉन्ज के साथ भारत के कुल 76 पदक हो गए हैं।

भारत ने दिन का छठा और आखिरी गोल्ड महिला हॉकी में जीता। भारतीय महिला हॉकी टीम ने फाइनल में चीन को 1-0 से हराया। टीम के लिए एकमात्र गोल लालरेमसियामी ने किया। गोलकीपर सविता पूनिया ने फर्स्ट हाफ में चीन का पेनल्टी स्ट्रोक रोककर भारत की बढ़त कायम रखी। भारत ने इससे पहले 1982 में दक्षिण कोरिया को हरा कर गोल्ड जीता था। बहरहाल, शुक्रवार को मिली जीत के साथ ही भारतीय महिला हॉकी टीम ने 2028 के लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए भी क्वालिफाई कर लिया। गौरतलब है कि भारतीय टीम 2024 के पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाई थी।

शुक्रवार की सुबह का पहला गोल्ड मेडल भारतीय महिला तीरंदाजी टीम ने रिकर्व इवेंट में जीता था। दूसरा गोल्ड बॉक्सर परवीन हुड्‌डा ने महिलाओं के 65 किलो की श्रेणी में जीता। लवलीना बोरगोहेन ने महिलाओं के 75 किलो की श्रेणी में शुक्रवार का तीसरा गोल्ड जीता। चौथा गोल्ड सुजीत कलकल ने पुरुष रेसलिंग के 65 किलो भार वर्ग के फ्रीस्टाइल में जीता। पांचवां गोल्ड बॉक्सर अंकुश पंघाल ने पुरुषों की 80 किलो वजन की श्रेणी में जीता। इसके बाद आया महिला हॉकी टीम का गोल्ड।

IND vs PAK Pitch Report: गोल्ड के लिए भिड़ेंगे भारत-पाकिस्तान, अगर रद्द हुआ मैच तो किस टीम को होगा फायदा? जानें सबकुछ

IND vs PAK Pitch Report: एशियन गेम्स 2026 के क्रिकेट में शनिवार को भारत और पाकिस्तान के बीच धमाकेदार मुकाबला होने वाला है। दोनों टीमें निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में आमने-सामने होंगी। फाइनल से पहले भारत ने सेमीफाइनल में श्रीलंका को 124 रन से हराकर शानदार अंदाज में अपनी जगह पक्की की। वहीं पाकिस्तान ने बांग्लादेश को छह विकेट से मात देकर फाइनल का टिकट हासिल किया। वहीं अब दोनों टीमें गोल्ड मेडल के लिए एक दूसरे भिड़ेगी। वहीं इस महामुकाबले से पहले फैंस के मन में ये सवाल है कि क्वार्टरफाइनल मुकाबले की तरह फाइनल मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो जाएगा। वहीं अगर मैच रद्द होता है तो किस टीम को फायदा होगा।

भारत ने श्रीलंका को दी मात

भारत ने सेमीफाइनल में श्रीलंका को 124 रन से हराकर शानदार अंदाज में अपनी जगह पक्की की। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने 20 ओवर में 169 रन बनाए और 7 विकेट गंवाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और सिर्फ 45 रन पर पूरी टीम आउट हो गई। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और अभिषेक शर्मा ने दो-दो विकेट लेकर श्रीलंका की पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई। वहीं पाकिस्तान ने बारिश से प्रभावित मुकाबले में बांग्लादेश को छह विकेट से मात देकर फाइनल का टिकट हासिल कर लिया। अब एशियन गेम्स के स्वर्ण पदक के लिए भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे।

कैसा होगा मौसम

भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले एशियन गेम्स के फाइनल से पहले मौसम भी अहम भूमिका निभा सकता है। मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, मैच के दिन सुबह बारिश होने की संभावना करीब 62 प्रतिशत है, वहीं दोपहर तक इसके घटकर लगभग 25 प्रतिशत रहने का अनुमान है। तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि आसमान में लगभग 37 प्रतिशत बादल छाए रहने की संभावना है। ऐसे में बारिश के कारण मुकाबले में रुकावट पड़ने की आशंका बनी हुई है और दोनों टीमों को मौसम की स्थिति पर भी नजर रखनी होगी।

बारिश से रद्द हुआ मैच तो किसे होगा फायदा

2023 के हांग्जो एशियन गेम्स में बारिश के कारण पुरुष क्रिकेट का फाइनल पूरा नहीं हो पाया था। इसके बाद भारत को अफगानिस्तान के खिलाफ विजेता घोषित किया गया था। लेकिन इस बार निशिन में नियम अलग हैं। अगर भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल बारिश की वजह से नहीं हो पाता या मैच का कोई नतीजा नहीं निकलता, तो किसी एक टीम को विजेता नहीं माना जाएगा। ऐसी स्थिति में दोनों टीमों को संयुक्त रूप से गोल्ड मेडल दिया जाएगा।

कैसी है निशिन की पिच

निशिन के मैदान की पिच बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं मानी जा रही है। यहां गेंद की गति धीमी रहने के साथ उछाल भी हर गेंद पर एक जैसा नहीं रहता, जिससे बल्लेबाजों को शॉट खेलने में परेशानी हो सकती है। पिच पर दरारें भी दिखाई दे रही हैं और ऐसे हालात में स्पिन गेंदबाजों को काफी मदद मिलने की उम्मीद है। इस मैदान पर आमतौर पर 135 से 145 रन के आसपास का स्कोर बनता है, इसलिए अच्छी गेंदबाजी करने वाली टीम के लिए इस तरह के लक्ष्य का बचाव करना संभव हो सकता है।

भारत और पाकिस्तान की संभावित प्लेइंग 11

भारत की संभावित प्लेइंग 11: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेट कीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह

पाकिस्तान की संभावित प्लेइंग 11: साहिबज़ादा फरहान (कप्तान), सैम अयूब, उस्मान खान (विकेट कीपर), माज़ सदाकत, हसन नवाज, अब्दुल समद, अराफात मिन्हास, अहमद दानियाल, मोहम्मद वसीम जूनियर, अबरार अहमद, सुफ़यान मोकिम