Neha Sharma: नेहा शर्मा ने दी सोशल मीडिया चलाने वालों को चेतावनी, बोलीं- उनकी सहमति के बिना चेहरा यूज कर AI-जनरेटेड वीडियो या तस्वीरें न बनाएं

Neha Sharma: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के गलत इस्तेमाल ने दुनिया भर के लोगों, खासकर मशहूर हस्तियों के बीच चिंता पैदा कर दी है। इस तकनीक के जरिए डीपफेक, छेड़छाड़ किए गए वीडियो और पहचान के गलत इस्तेमाल के कई मामले सामने आ रहे हैं। अपनी पहचान के इस तरह के दुरुपयोग को लेकर कई कलाकार कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं। इस सूची में अब अभिनेत्री नेहा शर्मा का नाम भी जुड़ गया है। उन्होंने इसके खिलाफ आवाज उठाई है और उन लोगों को चेतावनी दी है जो उनके चेहरे और रूप का इस्तेमाल करके AI-जनरेटेड कंटेंट बना रहे हैं।

नेहा का बयान

शनिवार को ‘X’ (ट्विटर) पर नेहा ने लिखा- “जो कोई भी मेरी सहमति के बिना, AI-जनरेटेड वीडियो या तस्वीरें बनाने के लिए मेरे चेहरे का इस्तेमाल कर रहा है उसे चेतावनी दी जाती है कि वह तुरंत ऐसा करना बंद कर दे।”

‘मैं कानूनी कार्रवाई करूंगी’

उन्होंने आगे कहा- “जो कंटेंट पहले ही पोस्ट किया जा चुका है, उसे तुरंत हटा दें। साथ ही मेरी पहचान का इस्तेमाल करके AI-जनरेटेड वीडियो या तस्वीरें बनाना, एडिट करना या उन्हें फैलाना बंद करें। मुझे गलत तरीके से पेश करने या मेरी छवि खराब करने के लिए मेरे चेहरे का इस तरह इस्तेमाल करना बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है। मैं अपने चेहरे या बॉडी के इस तरह के अनधिकृत इस्तेमाल की अनुमति नहीं देती हूं।”

कानूनी रास्ता अपनाने की बात कहते हुए नेहा ने अपनी बात खत्म की औक कहा कि इसे एक औपचारिक चेतावनी समझें। जो कोई भी ऐसा कंटेंट बनाने, पोस्ट करने या फैलाने के लिए जिम्मेदार है, उसके खिलाफ मैं कानूनी कार्रवाई करूंगी। किसी को भी यह नहीं सोचना चाहिए कि फर्जी अकाउंट के पीछे छिपने या AI का इस्तेमाल करने से वे जवाबदेही से बच जाएंगे।

अपनी पहचान की सुरक्षा करती मशहूर हस्तियां

नेहा उन कई भारतीय मशहूर हस्तियों में से एक हैं जिन्होंने डीपफेक के मुद्दे पर बात की है। हाल के दिनों में कई कलाकारों ने AI के जरिए अपनी पहचान, छवि और व्यक्तित्व अधिकारों के दुरुपयोग को रोकने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया है। अक्षय कुमार, वरुण धवन, अनिल कपूर, शिल्पा शेट्टी, प्रीति जिंटा, कार्तिक आर्यन, मृणाल ठाकुर, सुनील शेट्टी और कई अन्य सितारों ने अपनी तस्वीरों और आवाज के अनधिकृत इस्तेमाल को लेकर कोर्ट का रुख किया है। यह सब AI के जरिए पहचान की चोरी (identity theft) को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच हो रहा है।

Koffee With Karan Season 9: विक्की कौशल-दिलजीत दोसांझ दिखेंगे साथ, ‘कॉफी विद करण 9’ में करेंगे एंट्री?

Koffee With Karan Season 9: करण जौहर के शो ‘कॉफी विद करण’ का आखिरी सीजन आखिरकार शुरू हो गया है। शो के होस्ट ने इस साल आने वाले मेहमानों को लेकर फैंस की उत्सुकता बनाए रखी है। सीजन 9 की शुरुआत सलमान खान ने की, जिसमें करिश्मा कपूर भी एक खास मेहमान के तौर पर शामिल हुईं। अब फैंस यह अंदाजा लगा रहे हैं कि करण के ‘कॉफी काउच’ पर और कौन-कौन सी हस्तियां नजर आएंगी। इस बीच ऐसी खबरें आ रही हैं कि विक्की कौशल और दिलजीत दोसांझ एक साथ शो में आ सकते हैं।

एक सूत्र ने ‘फिल्मफेयर’ को बताया- “दिलजीत और विक्की के बीच बहुत अच्छी बॉन्डिंग है और उनका एपिसोड इस सीजन की सबसे मनोरंजक बातचीत में से एक होने वाला है।” अगर ऐसा होता है तो फैंस एक ऐसे एपिसोड की उम्मीद कर सकते हैं जो हंसी-मजाक, पंजाबी ऊर्जा और दिल से जुड़ी बातों से भरा होगा। हालांकि इस जोड़ी के आने की खबर ऑनलाइन काफी चर्चा में है, लेकिन अभी तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इससे पहले न्यूज18 ने बताया था कि सलमान खान शो के पहले एपिसोड में वापसी करेंगे। वहीं यह भी बताया कि शाहरुख खान के भी इस आखिरी सीजन में शामिल होने को लेकर बातचीत चल रही है। सूत्र ने कहा- “करण और उनकी टीम सीजन के आखिरी एपिसोड के लिए शाहरुख खान को लाने की कोशिश कर रही है, जो इस लंबे समय से चल रहे चैट शो का ग्रैंड फिनाले भी होगा।” उन्होंने आगे बताया कि यह एपिसोड शाहरुख खान के लिए अपनी फिल्म ‘किंग’ को प्रमोट करने का जरिया बनेगा।

सूत्र ने आगे कहा, “टीम अभी भी उनसे संपर्क में है। लेकिन करण को पूरा भरोसा है कि वह ऐसा करने में कामयाब हो जाएंगे। जहां तक आर्यन की बात है तो उनका शो में आना उनके पिता पर निर्भर करता है। अगर शाहरुख खान शो में आते हैं, तो आर्यन भी उनके साथ शामिल होंगे। क्योंकि वह ‘कॉफी विद करण’ में किसी और के साथ अपना डेब्यू नहीं करना चाहेंगे।”

न्यूज18 ने यह भी बताया कि वरुण धवन इस सीजन में जाह्नवी कपूर के साथ नजर आएंगे। यह एपिसोड यश राज फिल्म्स के स्टूडियो में जाह्नवी कपूर और वरुण धवन के साथ शूट किया गया था। यह पहली बार है जब वे दोनों एक साथ इस चैट शो में नजर आए हैं। करण और उनके करीबी कलाकारों ने खूब मस्ती की। शो में एक खास मेहमान ने भी एंट्री ली, जिसे देखकर जाह्नवी और वरुण हैरान रह गए।”

यह मेहमान अर्जुन कपूर थे। सूत्र ने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, “अर्जुन, जो सीजन 5 के अनौपचारिक ‘मैस्कॉट’ बन गए थे, इस एपिसोड में ‘बवाल’ और ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ के अपने को-स्टार्स के साथ एक खास उपस्थिति दर्ज कराएंगे। वरुण और अर्जुन की दोस्ती किसी से छिपी नहीं है। 2016 में जब वे दोनों एक साथ शो में आए थे तो उन्होंने करण, क्रू मेंबर्स और दर्शकों को हंसा-हंसा कर लोटपोट कर दिया था।”

बिहार नाव हादसा: लापता लोगों की तलाश जारी

वैशाली जिले में गंगा नदी में नाव पलटने से कम से कम 13 बच्चों की मौत की घटना के एक दिन बाद बुधवार को लापता लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी रहा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने बताया कि हादसे में जिन बच्चों की मौत हुई उनकी उम्र 15 वर्ष से कम थी। नाव पर 20 से अधिक लोग सवार थे।

उन्होंने ने बताया कि मृतकों में नौ लड़कियां और चार लड़के शामिल हैं। बुधवार को अब तक कोई और शव बरामद नहीं हुआ है।

यह हादसा मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे उस समय हुआ जब रामपुर श्यामचंद गांव के निवासी नदी के पार एक गांव में भोज में शामिल होने जा रहे थे।

सिंह ने  राहत और बचाव अभियान अब भी जारी है। छह लोगों को बचा लिया गया है।’’

जिलाधिकारी ने कहा, ‘‘मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं और अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। नाव जिसके नाम पर पंजीकृत है, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।”

उन्होंने कहा कि सूर्यास्त के बाद नावों के परिचालन पर रोक लगाने के जिला प्रशासन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद यह हादसा हुआ।

सिंह ने कहा, “नाव के मालिक, संचालक और ऐसी घटनाओं को रोकने एवं निगरानी की जिम्मेदारी निभाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हमें बताया गया है कि यह नाव पहले भी परिचालित होती रही थी। इस लापरवाही से सख्ती से निपटा जाएगा।”

नावों की कमी होने संबंधी दावों को खारिज करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि यदि नाव या संपर्क सड़क की मांग की जाती है, तो प्रशासन उचित कार्रवाई करेगा, क्योंकि यह एक अस्थायी जल क्षेत्र है।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की आठ नौकाएं काम कर रही हैं। प्रशासन इलाके में एसडीआरएफ के दो स्थानीय केंद्र स्थापित करने की भी योजना बना रहा है।

मृतकों की पहचान मीरा कुमारी, निशु कुमारी, अनीशा कुमारी, सुनीता कुमारी, आर्यन कुमार, मोहन कुमार, अमृता कुमारी, अंकिता कुमारी, पिंकी कुमारी, नमन कुमार, सिकी कुमारी, भोनू कुमारी और सोनम कुमारी के रूप में हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि सूचना के अनुसार हादसे में एक ही परिवार के सात बच्चों की मौत हुई है।

इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में जिलाधिकारी फूट-फूटकर रो रही एक महिला को गले लगाकर सांत्वना देती नजर आ रही हैं।

Also Read : CJP नेता सौरव दास और आशुतोष रांका भेजे गए तिहाड़ जेल

राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के उपनिरीक्षक जय दीप नारायण सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि क्षतिग्रस्त नाव को नदी से निकाल लिया गया है और तलाश अभियान जारी है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रत्येक मृतक के परिजन को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व विधायक सतीश कुमार यादव और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के विधान परिषद सदस्य अशरफ अंसारी समेत कई स्थानीय नेता घटनास्थल पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री और क्षेत्र के लोकसभा सांसद चिराग पासवान ने भी एनएमसीएच पहुंचकर हादसे में बचाए गए लोगों से मुलाकात की।

पासवान ने संवाददाताओं से कहा, “मैं कल रात से ही जिला प्रशासन के संपर्क में हूं। मैं शोकसंतप्त परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा हूं। इन लोगों ने मुझे वह सब कुछ बनाया है, जो मैं आज हूं। जब तक स्थिति सामान्य नहीं हो जाती, मैं यहां रहूंगा।”

उन्होंने कहा कि हादसे के लिए जिम्मेदार पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता एवं राघोपुर के विधायक तेजस्वी यादव ने मंगलवार रात एक वीडियो संदेश में कहा था कि वह नयी दिल्ली से लौटने के बाद अपने विधानसभा क्षेत्र का दौरा करेंगे।

वह मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में विपक्ष के प्रदर्शन में भाग लेने के लिए दिल्ली गए थे।

हादसे के बाद गांव के लोगों ने प्रशास पर आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।

स्थानीय निवासी रवि कुमार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘नाव की हालत जर्जर थी। हमने कई बार इसे बदलने की मांग की थी, लेकिन हमारी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया। इसी लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। संबंधित अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जानी चाहिए।’’

राज्य सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन ने हादसे में मारे गए प्रत्येक बच्चे के परिजन को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि उपलब्ध कराई है। इसके अतिरिक्त, कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत प्रत्येक मृतक के परिवार को तीन-तीन हजार रुपये तथा मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना के अंतर्गत मृतकों के अभिभावकों को 20-20 हजार रुपये दिए गए हैं।

Pic Credit : UNI

आरबीआई के बयान से पहले सेंसेक्स 400 अंक लुढ़का

मौद्रिक नीति पर रिजर्व बैंक (आरबीआई) के बयान से पहले बुधवार को घरेलू शेयर बाजारों में शुरुआती कारोबार में गिरावट रही और बीएसई का सेंसेक्स 400 अंक से ज्यादा टूट गया।

सेंसेक्स 102.43 अंक की बढ़त के साथ 72,965.38 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 444.27 अंक (0.61 प्रतिशत) के नुकसान में 72,676.52 अंक पर रहा। रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति की तीन दिन की बैठक के बाद आज बयान जारी होना है। इससे पहले बाजार में गिरावट देखी जा रही है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 85.65 अंक नीचे 22,690.45 अंक पर खुला।

Also Read : यश दयाल की यूपी रणजी टीम में वापसी, आर्यन जुयाल संभालेंगे कप्तानी

खबर लिखे जाते समय यह 160.40 अंक यानी 0.70 प्रतिशत गिरकर 22,628.75 अंक पर था। वृहत बाजार में भी बिकवाली का जोर है। मीडिया सेक्टर को छोड़कर अन्य सभी सूचकांकों में गिरावट है। टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, ऑटो, धातु, एफएमसीजी, तेल एवं गैस, आईटी, बैंकिंग और वित्तीय क्षेत्रों की कंपनियों में बिकवाली ज्यादा हावी रही।

सेंसेक्स की कंपनियों में बजाज फाइनेंस, भारती एयरटेल और इटरनल को छोड़कर अन्य सभी कंपनियों के शेयर लाल निशान में हैं। टाइटन का शेयर करीब चार प्रतिशत नीचे है। एशियन पेंट्स, बीईएल, एक्सिस बैंक और मारुति सुजुकी के शेयर फिलहाल एक से डेढ़ फीसदी के बीच गिरावट में हैं।

Pic Credit : UNI

यश दयाल की यूपी रणजी टीम में वापसी, आर्यन जुयाल संभालेंगे कप्तानी

बाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ यश दयाल की उत्तर प्रदेश क्रिकेट टीम में वापसी हो गई है। आईपीएल 2025 के बाद से ही मैदान से दूर चल रहे दयाल को रणजी ट्रॉफ़ी 2026-27 के लिए यूपी की टीम में जगह मिली है। युवा विकेटकीपर बल्लेबाज़ आर्यन जुयाल को टीम की कप्तानी सौंपी गई है। पिछले रणजी सीज़न के अंत में भी जुयाल ने कुछ मैचों के लिए टीम की कमान संभाली थी। इसके अलावा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी ) में दयाल के साथी खिलाड़ी रहे दाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ अभिनंदन सिंह को भी पहली बार यूपी की टीम में शामिल किया गया है।

घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में अपने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम तक आ चुके दयाल ने उच्च स्तर पर अपना आख़िरी प्रतिस्पर्धी मैच पिछले साल जून में खेला था, जो कि आईपीएल 2025 का फ़ाइनल था। आरसीबी ने उन्हें नीलामी से पहले रिटेन किया था, लेकिन आईपीएल 2026 की टीम में उन्हें जगह नहीं मिली थी। मो बोबाट की अगुवाई वाले कोचिंग स्टाफ़ ने कहा था, “व्यक्तिगत कारणों के चलते दयाल और आरसीबी दोनों के लिए उन्हें चुनना हितकारी नहीं था।”

दयाल ने इस साल जून में यूपी के ग़ाज़ियाबाद में हुए ग़ाज़ियाबाद प्रीमियर लीग में हिस्सा लेकर यूपी क्रिकेट में वापसी की कोशिश की थी। अगस्त में खेली गई यूपीटी20 लीग के लिए गौर गोरखपुर लायंस टीम ने अपने रिटेन खिलाड़ियों की सूची में उन्हें शामिल भी किया था। लेकिन नीलामी के बाद जब टीम ने अपने सभी 18 खिलाड़ियों की सूची जारी की, तो दल में दयाल का नाम ग़ायब था। दयाल ने यूपीटी20 शुरू होने से पहले ही उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) मांगा था। वह छत्तीसगढ़ से खेलना चाहते थे और उन्हें एनओसी मिल भी गई थी।

वह छत्तीसगढ़ के प्री सीज़न कैंप का हिस्सा भी बने थे, लेकिन यूपीटी20 समाप्त होने के बाद वह वापस लौट आए और उन्होंने यूपीसीए से एनओसी वापस लेने की गुजारिश की। इसके बाद कानपुर में वह यूपी की टीम के प्री सीज़न कैंप का हिस्सा बने। अब वह सीज़न के लिए टीम में चुन लिए गए हैं। पिछले सीज़न खेलने वाले आक़िब ख़ान और कुनाल त्यागी जैसे युवा तेज़ गेंदबाज़ों को इस बार जगह नहीं मिली है। आक़िब ने यूपीटी20 में भी हिस्सा नहीं लिया था।

Also Read : हसन खान को अमेरिकी टीम से आया बुलावा

लेग स्पिनर ज़ीशान अंसारी की लगभग छह साल बाद यूपी की लाल गेंद वाली टीम में वापसी हुई है। हाल ही में उनका चयन दलीप ट्रॉफ़ी के लिए भी हुआ था। 2017 में ही प्रथम श्रेणी डेब्यू करने के बावजूद वह अब तक इस प्रारूप में केवल छह ही मैच खेल पाए हैं। पिछले सीज़न के दूसरे चरण में रणजी मैच खेलने वाले कार्तिक त्यागी इस बार सीज़न की शुरुआत से ही टीम का हिस्सा होंगे। उन्होंने आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के लिए 14 मैचों में 18 विकेट लिए थे और अपने पुराने अंदाज़ में नज़र आए थे। यूपीटी20 लीग में भी उन्होंने 11 मैच खेलते हुए 10 विकेट हासिल किए।

युवा हाथों में सौंपी गई कमान

2024-25 सीज़न में 22 साल के जुयाल को यूपी का रणजी कप्तान बनाया गया था, लेकिन अगले सीज़न कमान करन शर्मा के हाथों में सौंप दी गई थी। पिछले सीज़न भी करन ही टीम के कप्तान थे, लेकिन दूसरे चरण से पहले जुयाल को कप्तानी सौंपी गई। अब एक बार फिर उन्हें बरकरार रखते हुए चयनकर्ताओं ने उनके ऊपर भरोसा दिखाया है। जुयाल का बल्ले से प्रदर्शन तो जोरदार रहा है, लेकिन उन्हें अब टीम के परिणामों में भी बदलाव लाने के लिए मेहनत करनी होगी।

कप्तानी के अपने पहले सीज़न में जुयाल ने बल्ले से धमाल मचाते हुए 10 पारियों में 79.33 की औसत से 714 रन बनाए थे जिसमें एक दोहरा और तीन शतक शामिल रहे थे। वह सीज़न में यूपी के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज़ रहे थे। हालांकि, टीम के लिए परिणाम बहुत अच्छे नहीं रहे थे और उन्हें सात में से केवल एक ही मैच में जीत मिली थी। एक हार के अलावा टीम ने पांच ड्रॉ खेले थे।

उत्तर प्रदेश रणजी ट्रॉफ़ी टीम: आर्यन जुयाल (कप्तान), रिंकू सिंह, अभिषेक गोस्वामी, आराध्य यादव, करन शर्मा, माधव कौशिक, आदित्य शर्मा, सिद्धार्थ यादव, प्रशांत वीर, कार्तिक यादव, ज़ीशान अंसारी, वंश चौधरी, यश दयाल, प्रियम गर्ग, अभिनंदन सिंह, कार्तिक त्यागी।

कोचिंग स्टाफ़ की नहीं हुई है घोषणा

यूपी को अपना पहला मैच 11 अक्टूबर से बिहार के ख़िलाफ़ खेलना है। यह मैच राजगीर में खेला जाएगा तो यूपी की टीम को यात्रा भी करनी है। हालांकि, इसके बावजूद अब तक टीम के कोचिंग स्टाफ़ की घोषणा नहीं हुई है। पिछले सीज़न अरविंद कपूर टीम के मुख्य कोच की भूमिका में थे। यूपीसीए की टैलेंट सर्च कमेटी के ऑब्जर्वर रिज़वान शमशाद के अंडर टीम फिलहाल कानपुर में कैंप कर रही है।

Pic Credit : UNI

वृंदावन में दर्दनाक हादसा, पानी की टंकी में सफाई करने उतरे 4 छात्रों की जहरीली गैस से मौत, जांच में जुटी पुलिस

Mathura News: मथुरा के वृंदावन में मंगलवार रात एक ऐसी घटना हुई, जिसने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया। दरअसल यहां पर स्थित एक आवासीय संस्कृत गुरुकुलम में पानी की टंकी साफ करने उतरे चार छात्रों की संदिग्ध जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत हो गई। वहीं, एक अन्य छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बता दें कि यह घटना चैतन्य विहार 2 स्थित पाणिनि संस्कृत गुरुकुल में रात करीब 10 बजे हुई। मरने वाले छात्रों की पहचान 22 साल के मनु कटारे, 19 साल के विशु शर्मा, 16 साल के आर्यन पांडे और 17 साल के देवांश शर्मा के तौर पर हुई है। पांचवें छात्र, रुद्राक्ष, को बचा लिया गया और उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने दी जानकारी

पुलिस के मुताबिक, टंकी से बदबू आने के बाद छात्र उसमें उतरे थे। एक छात्र सबसे पहले अंदर गया लेकिन बाहर नहीं आया। इसके बाद उसे बचाने की कोशिश में चार अन्य छात्र भी अंदर गए, लेकिन वे भी बेहोश हो गए।

गुरुकुलम में मौजूद लोगों ने काफी मशक्कत के बाद पांचों छात्रों को टंकी से बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने चार छात्रों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, रुद्राक्ष को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में बेहतर निगरानी और इलाज के लिए उसे दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, रुद्राक्ष होश में है और बात भी कर पा रहा है।

SSP ने बताया कैसे हुआ पूरा हादसा

मथुरा के SSP श्लोक कुमार ने बताया कि यह घटना एक आवासीय संस्थान में हुई, जहां छात्र रहते और पढ़ते हैं। “टैंक से बदबू आ रही थी और छात्र उसे साफ करने के लिए उसमें उतरे थे।

जब पहला छात्र बाहर नहीं आया, तो चार अन्य छात्र अंदर गए। वे भी बाहर नहीं आए और बाद में उन्हें बचाया गया,” उन्होंने कहा। पुलिस ने शवों को मुर्दाघर भेज दिया है और मृतकों के परिवारों से संपर्क कर रही है। घटनाक्रम का पता लगाने के लिए परिसर में लगे CCTV फुटेज की भी जाँच की जा रही है।

इस संस्थान में 200 से ज्यादा छात्र पढ़ते हैं और लगभग 100 छात्र अभी परिसर में ही रहते हैं। यहां कक्षा 6 से 12 तक की पढ़ाई होती है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद गुरुकुल चलाने वाला व्यक्ति परिसर से चला गया। पुलिस ने कहा कि पीड़ितों के परिवारों की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

12 फीट गहरी टंकी में उतरे थे पांच छात्र

डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा, “स्कूल परिसर में पानी का एक सबमर्सिबल टैंक था जो लगभग 12 फीट गहरा था। उससे बदबू आ रही थी और गुरुकुल के पांच बच्चे उसे साफ करने के लिए टैंक में उतरे। जहरीली गैस की वजह से चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा पूरी तरह सुरक्षित बच गया। इस बात की विस्तृत जांच की जा रही है कि यह हादसा कैसे और क्यों हुआ और गुरुकुल कौन चला रहा था। मुख्यमंत्री ने भी इस घटना का तुरंत संज्ञान लिया है। यह बेहद दुखद घटना है और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद दी जाएगी।”

यह भी पढ़ें: ना स्मार्टफोन, ना UPI… फिर भी दिल का करोड़पति निकला पोस्टमास्टर, 2 साल की बच्ची के लिए दान कर दी पूरी सैलरी

कंधे की सर्जरी के कारण वैंकटेश अय्यर रणजी ट्रॉफी के शुरुआती चरण से बाहर

दाएं कंधे की सर्जरी के कारण वेंकटेश अय्यर 2026-27 रणजी ट्रॉफी सीजन की शुरुआत मध्य प्रदेश के लिए नहीं कर पाएंगे। वह सर्जरी के बाद अभी रिकवरी कर रहे हैं। वहीं रजत पाटीदार और अर्शद खान भी पहले दौर के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। दोनों ऑस्ट्रेलिया ए के दौरे पर आई टीम के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए इंडिया ए टीम का हिस्सा हैं।पाटीदार की गैमौजूदगी में शुभम शर्मा टीम की कप्तानी करेंगे। टीम में आवेश ख़ान, कुलदीप सेन, सारांश जैन, कुमार कार्तिकेय और शिवांग कुमार समेत कई गेंदबाज शामिल हैं।

पिछले सीजन में मध्य प्रदेश ने सात मैचों में तीन जीत और चार ड्रॉ के साथ अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया था और नॉकआउट में जगह बनाई थी। हालांकि, घरेलू मैदान पर खेले गए क्वार्टर-फ़ाइनल में उसे बाद में चैंपियन बनने वाली जम्मू-कश्मीर की टीम के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। दिलचस्प बात यह है कि मध्य प्रदेश 2026-27 सीजन की शुरुआत भी जम्मू-कश्मीर के खिलाफ ही करेगा, हालांकि इस बार मुकाबला श्रीनगर में होगा।

मध्य प्रदेश की टीम इस प्रकार है:- शुभम शर्मा (कप्तान), यश दुबे, हर्ष गवली (विकेटकीपर), हिमांशु मंत्री (विकेटकीपर), चंचल राठौड़, हिमांशु शिंदे, अथर्व महाजन, सारांश जैन, कुमार कार्तिकेय, शिवांग कुमार, आर्यन पांडे, अनुभव अग्रवाल, रोशन केवट, अक्षय शर्मा, आवेश ख़ान, कुलदीप सेन और रवि किरण।

भारतीय महिला हॉकी टीम ने थाईलैंड को 20-1 से हराया

एशियाई खेल 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम का गोल करने का सिलसिला बुधवार को गिफू प्रीफेक्चुरल ग्रीन स्टेडियम में पूल बी के मैच में भी जारी रहा। भारतीय टीम ने थाईलैंड को 20-1 से करारी शिकस्त दी।

आज यहां खेले गये मुकाबले में भारतीय टीम की ओर से फॉरवर्ड , ड्रैग-फ्लिक विशेषज्ञ और स्टार खिलाड़ी दीपिका ने पेनल्टी कॉर्नर के जरिए सबसे अधिक नौ गोल दागे। दीपिका ने (दूसरे, आठवें, नौं, 24वें’, 33वें, 36वें, 39वें, 51वें, 57वें) मिनट में गोल किए और इस प्रतियोगिता मात्र तीन मैचों में अपने कुल गोल की संख्या 20 तक पहुंचा दी।

इसके अलावा नवनीत कौर ने (चौथे, 29वें, 35वें, 51वें) और रुतुजा पिसल ने (10वें, 11वें, 47वें) मिनट में गोल किये। इन दोनों ने आइची-नागोया में लगातार दूसरी हैट्रिक लगाई। नेहा ने (19वें), लालरेम्सियामी हमारज़ोटे (26वें), साक्षी राणा ने (29वें) और कप्तान सलीमा टेटे ने (45वें) इस बड़ी जीत में योगदान दिया, जबकि थाईलैंड के लिए सुपांसा समंसो (57वें) मिनट में एक सांत्वना गोल किया।

Also Read : नेशनल अवॉर्ड लेकर लालबागचा राजा के दरबार पहुंचे कार्तिक आर्यन

एशियन गेम्स की महिला हॉकी में भारत की यह सबसे बड़ी जीतों में से एक थी। इससे पहले, हांग्झू 2023 में कांस्य पदक जीतने वाले भारत ने अपने पहले मैच में उज़्बेकिस्तान को 19-0 से हराया था और दूसरे मैच में इंडोनेशिया पर 17-1 से दबदबा बनाया था।

मैच की शुरुआत में ही दीपिका ने गोलों की बारिश शुरू कर दी। उन्होंने शुरुआती 10 मिनट में हैट्रिक पूरी की, जिसमें तीनों गोल पेनल्टी कॉर्नर से आए। नवनीत कौर ने भी एक गोल किया और रुतुजा पिसल ने दो और गोल किए, जिससे भारत ने पहला क्वार्टर 6-0 की बढ़त के साथ समाप्त किया।

एफआईएच महिला हॉकी रैंकिंग में आठवें स्थान पर मौजूद भारतीय टीम ने हाफ-टाइम हूटर से पहले पांच और गोल किए। तीसरे क्वार्टर में भी भारत ने कई गोल किए और आखिरी पीरियड में 16-0 की बढ़त के साथ प्रवेश किया। दुनिया की 25वें नंबर की टीम थाईलैंड के लिए आखिरी क्वार्टर में थोड़ी राहत मिली; उन्होंने चार गोल खाए लेकिन सुपांसा समंसो के पेनल्टी कॉर्नर से एक गोल करने में भी कामयाब रहे।

भारतीय महिला हॉकी टीम शुक्रवार को एशियाई खेल के अपने अगले पूल बी मैच में मेजबान जापान का सामना करेगी। सिंगापुर इस ग्रुप की पांचवीं टीम है।

Pic Credit : UNI

नेशनल अवॉर्ड लेकर लालबागचा राजा के दरबार पहुंचे कार्तिक आर्यन

बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन ‘चंदू चैंपियन’ के लिये सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिलने के बाद लालबागचा राजा के दर्शन करने पहुंचे और अपना सम्मान बप्पा के चरणों में रखकर आशीर्वाद लिया। कार्तिक ने मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा के दरबार में पहुंचकर अपनी इस उपलब्धि के लिये कृतज्ञता व्यक्त की। 

Also Read : ‘दुपहिया 2’ में फिर नजर आएंगे मनोज सिंह टाइगर

राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिलने के ठीक एक दिन बाद वह बप्पा के दर्शन करने पहुंचे। त्योहारों के दौरान गणपति का आशीर्वाद लेने की अपनी परंपरा के तहत कार्तिक इस बार अपने साथ राष्ट्रीय पुरस्कार भी लेकर पहुंचे।

कार्तिक को ‘चंदू चैंपियन’ में पैरालंपिक चैंपियन मुरलीकांत पेटकर की भूमिका के लिये सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला है।

Pic Credit : UNI

Stocks to Watch: 3 लिस्टिंग्स; Hero Motors, IRB Infra और Lemon Tree समेत ये 11 स्टॉक्स फोकस में

Stocks to Watch: एशियाई बाजारों से मिले-जुले रुझानों के बीच गिफ्ट निफ्टी से आज घरेलू स्टॉक मार्केट में लाल शुरुआत के संकेत मिल रहे हैं। गिफ्ट निफ्टी फिलहाल 47.00 प्वाइंट्स यानी 0.20% की गिरावट के साथ 23,353.00 पर है। एक कारोबारी दिन पहले 22 सितंबर को निफ्टी की वीकली एक्सपायरी के दिन सेंसेक्स (Sensex) 329.91 प्वाइंट्स यानी 0.44% की गिरावट के साथ 74,529.08 और निफ्टी 50 (Nifty 50) भी 85.30 प्वाइंट्स यानी 0.36% की फिसलन के साथ 23,329.00 पर बंद हुआ था। अब आज इंडिविजुअल स्टॉक्स की बात करें तो अपनी खास कॉरपोरेट एक्टिविटीज के चलते कुछ स्टॉक्स में तेज हलचल दिख सकती है। यहां इन शेयरों के बारे में डिटेल्स दी जा रही है।

Stocks to Watch: आज इन स्टॉक्स पर फोकस

Persistent Systems

पर्सिस्टेंट सिस्टम्स ने एक वॉलंटरी पब्लिक टेकओवर ऑफर के ज़रिए नागरो एसई की कुल शेयर कैपिटल का लगभग 61.15% हिस्सा यानी 75.68 लाख इक्विटी शेयर हासिल कर लिए हैं। कंपनी ने पहले ही Lantano Beteiligungen GmbH के साथ शेयर खरीद समझौते के तहत नागरो (Nagarro) में लगभग 22.10% हिस्सेदारी हासिल कर ली थी। ऐसे में 17 सितंबर तक ट्रेजरी शेयरों को छोड़कर नागरो में पर्सिस्टेंट सिस्टम्स की कुल हिस्सेदारी 83.25% हो गई है। पर्सिस्टेंट सिस्टम्स की योजना नागरो को फ्रैंकफर्ट स्टॉक एक्सचेंज से डीलिस्ट करने की है।

IRB Infrastructure Developers

आईआरबी इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपर्स के बोर्ड ने कंपनी को अपने नॉन-कोर एसेट्स से पैसे कमाने के लिए सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। इसके तहत यह पुणे जिले के ताजे और पिंपलोली गांवों में आर्यन इंफ्रास्ट्रक्चर इंवेस्टमेंट्स के मालिकाना हक वाली कुल 1,100 एकड़ जमीन में से लगभग 350 एकड़ जमीन को चरणबद्ध तरीके से डेवलप करेगी। इसमें मुंबई के चांदीवली में आइडियल रोड बिल्डर्स के मालिकाना हक वाली लगभग 3,500 स्क्वेयर मीटर जमीन के कुछ हिस्सों के रीडेवलपमेंट और रीहैबिलिटेशन का काम भी शामिल है। कंपनी के कॉरपोरेट सीईओ सतिंदर एस राणा का कहना है कि इससे कंपनी को बिना किसी अतिरिक्त लागत के कैश फ्लो में काफी मदद मिलेगी।

360 ONE WAM

360 वन डब्ल्यूएएम के बोर्ड ने 15 फरवरी 2027 से आशीष अग्रवाल को कंपनी का सीईओ बनाने की मंजूरी दे दी है। वहीं करण भगत कंपनी के एमडी बने रहेंगे और 26 जुलाई 2030 तक उनके मौजूदा कार्यकाल में कोई बदलाव नहीं होगा और इसके बाद उनकी नियुक्ति पर फिर से विचार किया जा सकता है। इसके अलावा बोर्ड ने 15 फरवरी, 2027 से करण भगत को वाइस चेयरमैन और एमडी के तौर पर भी नियुक्त किया है।

Lemon Tree Hotels

लेमन ट्री होटल्स ने नासिक में ‘कीज प्राइमा बाय लेमन ट्री होटल्स’ खोलने का ऐलान किया है। नासिक में यह ग्रुप का पहला होटल है। इसका मैनेजमेंट लेमन ट्री होटल्स के पूर्ण मालिकाना हक वाली सब्सिडियरी कार्नेशन होटल्स के पास है।

Pine Labs

अमेरिकी कंपनी मास्टरकार्ड इनकॉर्पोरेटेड की सब्सिडियरी मास्टरकार्ड एशिया/पैसिफिक प्राइवेट लिमिटेड ने पाइन लैब्स में अपनी पूरी 4.31% हिस्सेदारी (4.97 करोड़ शेयर) ₹933.57 करोड़ में बेच दी। 13 घरेलू और ग्लोबल इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स- ICICI प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, सोसिएट जेनरल, सिटीग्रुप ग्लोबल मार्केट्स सिंगापुर, घिसालो मास्टर फंड, BNP परिबास आर्बिट्रेज, NRSGVCC, गोल्डमैन सैक्स बैंक यूरोप, सस्क्वेहाना पैसिफिक, कोटक महिंद्रा AMC, मॉर्गन स्टेनली एशिया सिंगापुर, एडलवाइस MF, RAMS इक्विटीज पोर्टफोलियो फंड और फ्रैंकलिन टेम्पलटन MF ने इसे प्रति शेयर ₹187.75 के भाव पर खरीदा है।

RHI Magnesita India

डालमिया भारत रिफ्रैक्टरीज ने RHI मैग्नेसाइट इंडिया में अपनी 11.1% हिस्सेदारी (2.29 करोड़ इक्विटी शेयर) ₹825.88 करोड़ में बेच दी। जून 2026 तक कंपनी में इसकी 12.54% हिस्सेदारी थी। यह हिस्सेदारी चार इन्वेस्टर्स – SBI म्यूचुअल फंड, बंधन म्यूचुअल फंड, निप्पॉन इंडिया म्यूचुअल फंड और क्लारस कैपिटल 1 ने प्रति शेयर ₹360 प्रति शेयर के भाव पर खरीदी है।

Veegaland Developers

प्रमोटर और फाउंडर चिट्टिलापिल्ली थॉमस कोचुओसेफ ने ₹3.7 करोड़ में प्रति शेयर ₹138.46 के भाव पर वीगालैंड डेवलपर्स के अतिरिक्त 2.69 लाख शेयर (0.55% हिस्सेदारी) खरीद ली है।

Mazda

क्रॉल रेनॉल्ड्स इंटरनेशनल इंक ने मजदा में अपनी 1.21% हिस्सेदारी (2.42 लाख शेयर) ₹5.91 करोड़ में प्रति शेयर ₹243.51 के भाव पर बेच दिए। वहीं शर्मिन नासेर ने प्रति शेयर ₹243.23 के भाव पर ₹3.89 करोड़ में 1.6 लाख शेयर खरीदे हैं। जून 2026 तक मजदा में क्राल रेनॉल्ड्ल इंटरनेशनल की 7.23% हिस्सेदारी थी, जिसमें से इसने पिछले तीन सेशन में 2.52% हिस्सेदारी, यानी 5.05 लाख शेयर बेच दिए हैं।

Hero Motors, SS Retail, Jindal Supreme

आज हीरो मोटर्स, एसएस रिटेल और जिंदल सुप्रीम के शेयर बीएसई और एनएसई पर लिस्ट होंगे।

Stocks to Watch: इन पर भी रहेगी नजर

आज इन कंपनियों के आएंगे रिजल्ट: अन्नू प्रोजेक्ट्स, विनसम यार्न्स

एक्स-डिविडेंड: अपोलो माइक्रो सिस्टम्स, AAA टेक्नोलॉजीज, AGI इंफ्रा, एग्रीबायो स्पिरिट्स, एलाक्रिटी सिक्योरिटीज, अर्चित ऑर्गेनोसिस, असाही सोंगवोन कलर्स, ऑस्टियर सिस्टम्स, बसंत एग्रो टेक इंडिया, कॉन्फिडेंस फ्यूचुरिस्टिक एनर्जेटेक, क्रिएटिव न्यूटेक, कॉन्फिडेंस पेट्रोलियम इंडिया, धनश्री इलेक्ट्रॉनिक्स, देव इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, ढाबरिया पॉलीवुड, एमराल्ड फाइनेंस, गैलेंट इस्पात, गुजरात मिनरल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन, गुडलक इंडिया, गुजरात थेमिस बायोसिन, हेलियोस लैब्स, हरिओम पाइप इंडस्ट्रीज, हिम टेक्नोफोर्ज, HLE ग्लासकोट, इनानी मार्बल्स एंड इंडस्ट्रीज, जेजी केमिकल्स, केमिस्टार कॉर्पोरेशन, KMS मेडिसर्गी, KP ग्रीन इंजीनियरिंग, लास्ट माइल एंटरप्राइजेज, मिश्रा धातु निगम, ओडिसी कॉर्पोरेशन, पशुपति कॉटस्पिन, PNC इंफ्राटेक, प्रीमियर एक्सप्लोसिव्स, रिकोड स्टूडियोज, रेम्सन्स इंडस्ट्रीज, रिथविक फैसिलिटी मैनेजमेंट सर्विसेज, आरएम ड्रिप एंड स्प्रिंकलर सिस्टम्स, शालिभद्र फाइनेंस, सतिया इंडस्ट्रीज, सेरा इन्वेस्टमेंट्स एंड फाइनेंस इंडिया, सिग्नेट इंडस्ट्रीज, स्काईवेज एयर सर्विसेज, श्री केपीआर इंडस्ट्रीज, स्टील स्ट्रिप्स व्हील्स, न्यू स्वान मल्टीटेक, सिनकॉम फॉर्मूलेशन इंडिया, टालब्रोस इंजीनियरिंग, तनधन इंडस्ट्रीज, थेमिस मेडिकेयर, टीटागढ़ रेल सिस्टम्स, त्रिशक्ति इंडस्ट्रीज, टाइचे इंडस्ट्रीज,विंटेज कॉफी एंड बेवरेजेज, विपुल ऑर्गेनिक्स, Xtglobal इन्फोटेक,

एक्स-इनकम डिस्ट्रीब्यूशन: डिजिटल फाइबर इंफ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट, इंटेलिजेंट सप्लाई चेन इंफ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट

F&O बैन: आज कीन्स टेक्नोलॉजी इंडिया, मणप्पुरम फाइनेंस, एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस, SAIL

स्टॉक मार्केट में आज की लाइव हलचल के लिए यहां जुड़ें

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।