जियोहॉटस्टार ने किया ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर आफ्टर डार्क’ का ऐलान, शनाया कपूर सीरीज से करेंगी ओटीटी डेब्यू

सेंट टेरेसा के मशहूर दरवाजे एक बार फिर खुलने जा रहे हैं, लेकिन इस बार यहां ग्लैमर और प्यारभरी दुनिया नहीं, बल्कि एक ऐसी दुनिया देखने को मिलेगी जो डरा देने वाला होगा। ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर आफ्टर डार्क’ वेब सीरीज की पहली झलक सामने आ गई है। इस बार यह फ्रेंचाइजी फिल्म के बजाय एक नई वेब सीरीज के रूप में वापसी कर रही है, जो जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी।

इस नई सीरीज में शनाया कपूर हैं, जो इस अपना ओटीटी डेब्यू कर रही हैं। इस बार वह कैंपस क्वीन की चमक-दमक से बिल्कुल अलग नजर आएंगी। खून से सने चेहरे, आंखों में छिपे राज और सेंट टेरेसा के दरवाजों के पीछे पनपते तूफान के साथ शनाया का यह अवतार दर्शकों को चौंकाने के लिए तैयार है। यह सिर्फ एक शुरुआत नहीं, बल्कि एक धमाकेदार बदलाव है।

साल 2012 में ऑरिजनल ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ को लॉन्च करने वाले करण जौहर 14 साल बाद इस फ्रेंचाइजी के नए चैप्टर के साथ लौट रहे हैं। इस बार वह सिर्फ निर्माता ही नहीं बल्कि इस रचनात्मक बदलाव का अहम हिस्सा भी हैं। उन्होंने इस पॉपुलर फ्रेंचाइजी को एक बिल्कुल नई दिशा में ले जाने की जिम्मेदारी रीमा माया को सौंपी है।

जियोस्टार में हिंदी और अंग्रेजी मनोरंजन व्यवसाय के प्रमुख आलोक जैन ने कहा- “स्टूडेंट ऑफ द ईयर कई पीढ़ियों का पसंदीदा रहा है। ऐसी प्रतिष्ठित फ्रेंचाइजी को नए प्रारूप और नई पीढ़ी के लिए नए सिरे से पेश करना एक बड़ी ज़िम्मेदारी के साथ-साथ रचनात्मक जोखिम भी है। करण जौहर ने एक ऐसी दुनिया बनाई, जो युवा संस्कृति का अहम हिस्सा बन गई। ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर आफ्टर डार्क’ के ज़रिए हमने जानबूझकर इस विरासत को एक बिल्कुल नई दिशा देने का फेसला किया है।

धर्मैटिक एंटरटेनमेंट के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक करण जौहर ने कहा- “जब मैं इस नए चैप्टर को देखता हूं तो मुझे राख से उठते फीनिक्स की याद आती है। हमने 2012 में बड़े सपनों के साथ इस फ्रेंचाइजी की शुरुआत की थी और अब हम अपने ही बनाए हर नियम को तोड़ रहे हैं। रीमा के नए अंदाज में पेश करने वाले निर्देशन और शनाया के दमदार दोहरी भूमिका वाले अभिनय के साथ हम कुछ शानदार पेश करने के लिए तैयार हैं।

धर्मैटिक एंटरटेनमेंट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक अपूर्व मेहता ने कहा- “धर्मैटिक में हम ऐसी कहानियों को प्राथमिकता देते हैं, जो समय के साथ विकसित होती हैं। जियोहॉटस्टार जैसा साझेदार मिलना, जो हमारी इस रचनात्मक सोच से सहमत है, बेहद खास है। हमारी आगामी वेब सीरीज ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क’ इसी प्रतीक है।

अपनी बेबाक कहानियों के लिए सराही जाने वाली इस सीरीज की निर्देशक रीमा माया इस चमकदार दुनिया में खास अपने अंदाज को लेकर आई हैं। उन्होंने कहा- यह वैसी कहानी नहीं होगी जैसी आप उम्मीद कर रहे हैं। यह ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ है, लेकिन इसकी बाहरी चमक-दमक हटाकर इसे एक रोमांचक प्रतिस्पर्धा पर आधारित थ्रिलर वेब सीरीज के रूप में नए सिरे से गढ़ा गया है।

अपने किरदार के बारे में शनाया कपूर ने कहा- “मेरे लिए ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर आफ्टर डार्क’ सिर्फ एक प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि एक मजबूत बयान है। अपने किरदार को बिल्कुल अलग अंदाज़ में निभाना एक सोच-समझकर लिया गया फैसला है, ताकि दर्शकों की अपेक्षाओं को चुनौती दी जा सके और मुख्यधारा की कहानियों को देखने के उनके नजरिए को बदला जा सके।

‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर आफ्टर डार्क’ दर्शकों के बीच एक नई सनसनी बनने के लिए तैयार है। अब कैंपस की कहानियों को देखने का अपना नजरिया बदलने के लिए तैयार हो जाइए। यह वेब सीरीज 13 नवंबर से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी।

Koffee With Karan Season 9: विक्की कौशल-दिलजीत दोसांझ दिखेंगे साथ, ‘कॉफी विद करण 9’ में करेंगे एंट्री?

Koffee With Karan Season 9: करण जौहर के शो ‘कॉफी विद करण’ का आखिरी सीजन आखिरकार शुरू हो गया है। शो के होस्ट ने इस साल आने वाले मेहमानों को लेकर फैंस की उत्सुकता बनाए रखी है। सीजन 9 की शुरुआत सलमान खान ने की, जिसमें करिश्मा कपूर भी एक खास मेहमान के तौर पर शामिल हुईं। अब फैंस यह अंदाजा लगा रहे हैं कि करण के ‘कॉफी काउच’ पर और कौन-कौन सी हस्तियां नजर आएंगी। इस बीच ऐसी खबरें आ रही हैं कि विक्की कौशल और दिलजीत दोसांझ एक साथ शो में आ सकते हैं।

एक सूत्र ने ‘फिल्मफेयर’ को बताया- “दिलजीत और विक्की के बीच बहुत अच्छी बॉन्डिंग है और उनका एपिसोड इस सीजन की सबसे मनोरंजक बातचीत में से एक होने वाला है।” अगर ऐसा होता है तो फैंस एक ऐसे एपिसोड की उम्मीद कर सकते हैं जो हंसी-मजाक, पंजाबी ऊर्जा और दिल से जुड़ी बातों से भरा होगा। हालांकि इस जोड़ी के आने की खबर ऑनलाइन काफी चर्चा में है, लेकिन अभी तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इससे पहले न्यूज18 ने बताया था कि सलमान खान शो के पहले एपिसोड में वापसी करेंगे। वहीं यह भी बताया कि शाहरुख खान के भी इस आखिरी सीजन में शामिल होने को लेकर बातचीत चल रही है। सूत्र ने कहा- “करण और उनकी टीम सीजन के आखिरी एपिसोड के लिए शाहरुख खान को लाने की कोशिश कर रही है, जो इस लंबे समय से चल रहे चैट शो का ग्रैंड फिनाले भी होगा।” उन्होंने आगे बताया कि यह एपिसोड शाहरुख खान के लिए अपनी फिल्म ‘किंग’ को प्रमोट करने का जरिया बनेगा।

सूत्र ने आगे कहा, “टीम अभी भी उनसे संपर्क में है। लेकिन करण को पूरा भरोसा है कि वह ऐसा करने में कामयाब हो जाएंगे। जहां तक आर्यन की बात है तो उनका शो में आना उनके पिता पर निर्भर करता है। अगर शाहरुख खान शो में आते हैं, तो आर्यन भी उनके साथ शामिल होंगे। क्योंकि वह ‘कॉफी विद करण’ में किसी और के साथ अपना डेब्यू नहीं करना चाहेंगे।”

न्यूज18 ने यह भी बताया कि वरुण धवन इस सीजन में जाह्नवी कपूर के साथ नजर आएंगे। यह एपिसोड यश राज फिल्म्स के स्टूडियो में जाह्नवी कपूर और वरुण धवन के साथ शूट किया गया था। यह पहली बार है जब वे दोनों एक साथ इस चैट शो में नजर आए हैं। करण और उनके करीबी कलाकारों ने खूब मस्ती की। शो में एक खास मेहमान ने भी एंट्री ली, जिसे देखकर जाह्नवी और वरुण हैरान रह गए।”

यह मेहमान अर्जुन कपूर थे। सूत्र ने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, “अर्जुन, जो सीजन 5 के अनौपचारिक ‘मैस्कॉट’ बन गए थे, इस एपिसोड में ‘बवाल’ और ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ के अपने को-स्टार्स के साथ एक खास उपस्थिति दर्ज कराएंगे। वरुण और अर्जुन की दोस्ती किसी से छिपी नहीं है। 2016 में जब वे दोनों एक साथ शो में आए थे तो उन्होंने करण, क्रू मेंबर्स और दर्शकों को हंसा-हंसा कर लोटपोट कर दिया था।”

Subhash Ghai: आज के समय में एक्टर्स आर्ट से ज्यादा पैसों को अहमियत देते हैं, सुभाष घई ने पुराने दिनों में स्टार्स की फीस को लेकर की बात

Subhash Ghai: सुभाष घई ने 1980 और 90 के दशक में ‘खलनायक’, ‘हीरो’, ‘परदेस’ और ‘ताल’ जैसी कई बेहद सफल फिल्मों का निर्देशन किया है। अब उन्होंने इस बात पर अपनी प्रतिक्रिया दी है कि आज के कलाकार अपने काम से ज्यादा पैसे को अहमियत देते हैं। ‘स्क्रीन’ को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में आए इस बदलाव के बारे में बात की।

सुभाष घई ने क्या कहा

निर्देशक ने कहा- “आज के दौर में कमर्शियल पहलू (पैसा कमाने की होड़) हावी हो गया है। आज के कलाकार ज्यादा पैसा कमाना चाहते हैं, जबकि कला पर उनका ध्यान कम है। हमारे समय में कलाकार असल में ‘कलाकार’ बनना चाहते थे और उनका मानना ​​था कि पैसा तो अपने आप आ ही जाएगा। अभिनेता ने फिल्म बनाते समय एक स्पष्ट रचनात्मक दृष्टिकोण होने के महत्व के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, “हम जो फिल्में बनाते हैं, उन्हें हर हिंदुस्तानी अपने पूरे परिवार के साथ आराम से देख सकता है।”

फिल्ममेकर ने कहा कि पहले कोई भी सिर्फ पैसे के लिए काम नहीं करता था। वे किसी फिल्म को उसके निर्देशक, कहानी और अपने किरदार को देखकर साइन करते थे। मेरी फिल्मों में काम करने वाले ज्यादातर सितारों ने अपनी फीस का केवल 40 प्रतिशत हिस्सा ही लिया, क्योंकि उन्हें अपने किरदार और कहानी में दिलचस्पी थी।”

उन्होंने आगे कहा- “आज अगर आप किसी कलाकार से कहें कि वह अपनी फीस का सिर्फ 40 प्रतिशत हिस्सा ले तो उसके चार मैनेजर बीच में आ जाएंगे और 3 पीआर (PR) वाले आकर उसे एक बड़ा सेलिब्रिटी बताकर बचाव करने लगेंगे। आज कलाकारों के पास फिल्मों के अलावा पैसे कमाने के कई और जरिया भी हैं। लेकिन ये सब कुछ समय के लिए ही होते हैं। 3-4 साल बाद इनका क्रेज खत्म हो जाता है। फिर वे इंडस्ट्री से बाहर हो जाते हैं और उनकी जगह कोई और ले लेता है।”

सलमान खान का कमेंट

‘कॉफी विद करण’ सीजन 9 में सलमान खान ने भी फिल्म इंडस्ट्री के इस मुद्दे पर बात की थी। करण जौहर ने बॉलीवुड के पुराने सितारों की लगातार बनी हुई लोकप्रियता का जिक्र करते हुए बताया कि 2026 में अक्षय कुमार, अजय देवगन, शाहरुख खान और सलमान खान जैसे बड़े नामों वाली फिल्में सफल रहीं। उन्होंने कहा कि दर्शकों को अपनी ओर खींचने की उनकी क्षमता यह दिखाती है कि उनकी पीढ़ी आज भी प्रासंगिक (relevant) है। करण की बात का जवाब देते हुए सलमान ने कहा, “हम अपने काम में दिलचस्पी रखते हैं। हम घर से बाहर निकलकर अच्छा काम करना चाहते हैं। कभी-कभी यह सही हो जाता है तो कभी-कभी नहीं।”

अभिनेता ने फिल्म बनाते समय एक स्पष्ट क्रिएटिव नजरिए होने के महत्व के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा- “हम जो फिल्में बनाते हैं, उन्हें हर हिंदुस्तानी अपने पूरे परिवार के साथ आराम से देख सकता है।”

Salman Khan-Karisma Kapoor: ‘दोनों सिंगल हो भाई बीबी नंबर 1 बना लो…’, सालों बाद करिश्मा कपूर-सलमान खान की केमिस्ट्री देख यूजर्स ने दी एडवाइज

Salman Khan-Karisma Kapoor: क्या ‘कॉफी विद करण’ सीजन 9 में सलमान खान और करिश्मा कपूर को देखकर आपको 1990 के दशक के बॉलीवुड के सुनहरे दिनों की याद आ गई? ‘जुड़वा’ फिल्म में ‘टन टना टन’ गाने पर थिरकने से लेकर ‘बीवी नंबर 1’ के मजेदार फैमिली ड्रामा पर हंसने तक, इस जोड़ी ने दर्शकों को कई यादगार फिल्में दीं।

उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री, शानदार गाने और बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग ने उन्हें उस दौर की सबसे पॉपुलर जोड़ियों में से एक बना दिया था। ‘कॉफी विद करण’ में हाल ही में एक साथ नजर आने से उनकी यह जोड़ी फिर से चर्चा में आ गई है। उनका यह रीयूनियन यादगार बन गया।

शो में करिश्मा कपूर ने अपने पुराने दिनों को याद किया जब सलमान खान के साथ उन्होंने फिल्मों में काम किया था। वहीं दोनों की बातचीत इतनी मजेदार थी कि एपिसोड वायरल हो गया। दोनों साथ में काफी सहज थे। करिश्मा और सलमान को साथ देख फैंस ने दोनों को शादी करने की एडवाइज तक दे दी।

एक फैन ने लिखा- सलमान खान सिंगल हैं, वहीं करिश्मा कपूर का भी डिवोर्स हो गया है। दोनों साथ में कितने अच्छे लग रहे हैं। आपको शादी कर लेनी चाहिए। वहीं दूसरे ने लिखा- भाई को बच्चे चाहिए, उन्हें पसंद हैं। करिश्मा के पास बच्चे हैं दोनों को शादी कर लेनी चाहिए। वहीं एक यूजर ने लिखा- भाई बीबी नंबर 1 बना लो। यही सही मौका है।

Screenshot 2026-10-15 173952

बता दें कि करण जौहर खुद को यह पूछने से नहीं रोक पाए कि “क्या आप अभी भी वर्जिन हैं?” इस सवाल को चतुराई से टालते हुए, सलमान खान ने वह सलाह साझा की जो उनके पिता सलीम खान ने उन्हें दी थी। उन्होंने बताया कि किसी की निजी जिंदगी एक बेडरूम तक रहनी चाहिए।उन्होंने आगे कहा, “जो बातें बेडरूम के लिए हैं, उन्हें लिविंग रूम में नहीं लाना चाहिए।”

अभिनेता ने यह भी कहा कि वह अपनी निजी जिंदगी या वह किसे डेट कर रहे हैं, इस बारे में कुछ भी बताना नहीं चाहते। उन्होंने कहा, “मैं इस बारे में बात नहीं करना चाहता क्योंकि आप कभी नहीं जानते कि वह इंसान आपकी जिंदगी में हमेशा के लिए रहेगा या नहीं। हो सकता है कि वह इंसान आगे चलकर किसी और से शादी कर ले।”

करण जौहर ने उनसे पूछा कि क्या उन्हें कभी अकेलापन महसूस होता है – जैसा कि कभी-कभी खुद करण को भी होता है – क्योंकि उनकी जिंदगी में कोई जीवनसाथी नहीं है। सलमान ने उनसे कहा कि उनकी जिंदगी में उनके दो बच्चे और उनकी मां हैं, इसलिए उन्हें ऐसा महसूस नहीं करना चाहिए। उन्होंने आगे कहा, “आगे चलकर मेरे भी बच्चे होंगे।”

Salman Khan: ‘बेडरूम की बातें वहीं तक रहनी चाहिए लिविंग रूम में नहीं आनी चाहिए’, अपनी लव लाइफ को छिपाकर रखने पर बोले सलमान खान

Salman Khan: ‘कॉफी विद करण’ सीजन 9 के पहले एपिसोड में करण जौहर ने एक मजेदार किस्सा याद किया। इसमें आमिर खान ने कहा था कि वे सलमान खान के हाथ-पैर बांधकर उनकी शादी करवा देंगे, जबकि सलमान खान ने कहा था कि वे आमिर के हाथ-पैर बांध देंगे ताकि वे दोबारा शादी न कर सकें! हाल ही में आमिर खान ने गौरी स्प्राट से शादी की है, जो उनकी तीसरी शादी है।

सलमान ने क्या कहा

करण जौहर ने सलमान से शादी के बारे में पूछा और फिर वही सवाल दोहराया, ‘क्या आप अभी भी वर्जिन हैं?’ इस पर सलमान हंस पड़े और कहा कि उन्होंने वह बात इसलिए कही थी क्योंकि वे अपनी डेटिंग लाइफ या रिश्तों के बारे में बात नहीं करना चाहते थे। एक्टर ने कहा, “क्योंकि आप लोग बार-बार कहते रहते हैं कि ‘आप फलां इंसान को डेट कर रहे हैं’… और आपको कभी पता नहीं होता कि वही इंसान आपकी जिंदगी में हमेशा के लिए रहने वाला है या नहीं। फिर वह इंसान किसी और से शादी कर लेता है। 15-16 साल की उम्र से ही मेरे मन में यही बात रही है।”

‘मैं किसी और को दोष नहीं दे सकता’

सलमान ने आगे बताया कि उनके पिता सलीम खान ने उन्हें सलाह दी थी कि बेडरूम की बातें बेडरूम तक ही सीमित रखें, उन्हें लिविंग रूम (बाहर) तक न लाएं। एक्टर ने कहा- “मुझे नहीं लगता कि लोग मेरे साथ नहीं रहना चाहते। आगे चलकर मेरे भी बच्चे होंगे। मुझे किसी ने रोका भी नहीं है। कोई यह शिकायत नहीं कर सकता कि ‘मैं यह चाहता था, लेकिन पूरी दुनिया मेरे खिलाफ हो गई और इसी वजह से मुझे कोई पार्टनर नहीं मिल पाया।’ मैं इसके लिए किसी और को दोष नहीं दे सकता।”

1990 के दशक के आखिर में ऐश्वर्या राय के साथ सलमान के रिश्ते ने मीडिया का काफी ध्यान खींचा था। दोनों की मुलाकात ‘हम दिल दे चुके सनम’ के सेट पर हुई थी। वे कुछ सालों तक रिलेशनशिप में रहे, लेकिन 2002 में उनका बहुत बुरा ब्रेकअप हो गया। इससे पहले अपने करियर की शुरुआत में एक टीवी विज्ञापन की शूटिंग के दौरान सलमान की मुलाकात संगीता बिजलानी से हुई थी और वे उन्हें भी डेट कर चुके हैं। वे लगभग एक दशक तक साथ रहे और शादी करने की योजना भी बनाई थी, लेकिन बाद में उन्होंने अपना रिश्ता खत्म कर लिया।

बाद में सलमान का नाम कैटरीना कैफ के साथ जुड़ा, जिनके साथ उनकी ऑन-स्क्रीन और ऑफ-स्क्रीन काफी करीबी बॉन्डिंग थी। हालांकि उन्होंने कभी खुलकर अपने रिश्ते की पुष्टि नहीं की। माना जाता है कि अलग होने से पहले वे कई सालों तक साथ रहे थे। फिलहाल ऐसी चर्चा है कि अभिनेता रोमानियाई अभिनेत्री और टीवी प्रेजेंटर यूलिया वंतूर को डेट कर रहे हैं। दोनों को अक्सर एक साथ देखा जाता है और हाल ही में यूलिया ने सलमान की फिल्म ‘सिकंदर’ के एक गाने में अपनी आवाज दी है।

Ayushmann Khurrana: कभी-कभी मेरे दिल में ख्याल आता है…, बर्थडे वीक में केबीस सेट पर पहुंच आयुष्मान खुराना ने बिग बी को दिया ट्रिब्यूट

Ayushmann Khurrana: एक्टर और सिंगर आयुष्मान खुराना ने मेगास्टार अमिताभ बच्चन को बेहद स्पेशल अंदाज में ट्रिब्यूट दिया है। लोकप्रिय क्विज रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में शामिल होने के दौरान आयुष्मान ने अपने रेडियो जॉकी वाले अंदाज को फिर से अपनाया और अमिताभ बच्चन के जन्मदिन के खास हफ्ते के मौके पर इस दिग्गज एक्टर का अनोखे अंदाज में परिचय कराया।

अमिताभ बच्चन के बर्थडे वीक के जश्न के दौरान आयुष्मान स्टेज पर आए और क्लासिक रेडियो स्टाइल में इस एक्टर का परिचय दिया। आयुष्मान ने कहा, “रेडियो अंदाज में आपका परिचय दिया जाए… KBC रेडियो पर ‘मानो या न मानो, मैं हूं आपका आयुष्मान!’ यह अमिताभ बच्चन का बर्थडे वीक है, तो AB 84.0 पर आगे क्या होने वाला है, इसके लिए बने रहिए।”

इसके बाद आयुष्मान ने सदाबहार रोमांटिक गाना ‘कभी-कभी मेरे दिल में ख्याल आता है’ गाकर बच्चन का दिल जीत लिया और दर्शकों व अन्य मेहमानों के लिए इस पल को खास बना दिया। बता दें कभी-कभी मेरे दिल में ख्याल आता है 1976 की फिल्म कभी-कभी का एक सदाबहार रोमांटिक गाना है, जिसे खय्याम ने म्यूजिक दिया था और साहिर लुधियानवी ने लिखा था।

अमिताभ बच्चन और राखी पर फिल्माया गया ये गाना आज भी हिंदी सिनेमा के सबसे पसंदीदा रोमांटिक क्लासिक्स में से एक है। बात करें आयुष्मान की तो वह उड़ता तीर फिल्म को प्रमोट करने के लिए सारा अली खान के साथ क्विज़ शो की हॉट सीटों पर पहुंचे थे।

आकाश ए कौशिक के निर्देशन में बनी यह पहली फिल्म है, जो करण जौहर, अदार पूनावाला, अपूर्व मेहता, गुनीत मोंगा कपूर और अचिन जैन द्वारा निर्मित है। फिल्म में आयुष्मान खुराना, सारा अली खान, राहुल बोस, राम कपूर, सुहैल नैय्यर, गुलशन ग्रोवर, मुकुल देव, रघुबीर यादव, बृजेंद्र काला, संदीप आनंद, सुप्रिया पिलगांवकर और स्मिता तांबे जैसे कलाकारों की एक उल्लेखनीय टोली है। उड़ता तीर 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Udta Teer Postponed Again: आयुष्मान खुराना स्टारर ‘उड़ता तीर’ हुई पोस्टपोन, अब इस तारीख को होगी रिलीज

Udta Teer Postponed Again: आयुष्मान खुराना की फिल्म ‘उड़ता तीर’ की रिलीज डेट एक बार फिर टाल दी गई है। यह दूसरी बार है जब इसकी रिलीज डेट बदली गई है। यह फिल्म पहले 19 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आने वाली थी, लेकिन अब यह 23 अक्टूबर को रिलीज होगी।

फिल्म की टीम की ओर से जारी एक प्रेस नोट में कहा गया, “अपने ट्रेलर और चल रहे प्रमोशन की वजह से ‘उड़ता तीर’ को लेकर अच्छी चर्चा हो रही है। फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है, इसलिए मेकर्स ने इसे 23 अक्टूबर को रिलीज करने का समझदारी भरा फैसला लिया है। इससे फिल्म को रिलीज के लिए बेहतर समय और सिनेमाघरों में ज्यादा जगह मिलेगी, बजाय इसके कि अचानक भीड़-भाड़ वाले मार्केट में स्क्रीन के लिए समझौता करना पड़े।”

अगर फिल्म अपनी पुरानी तारीख पर रिलीज होती तो यह अजय देवगन की ‘दृश्यम द कन्क्लूज़न’ के रिलीज होने के ठीक एक हफ्ते बाद आती, जिसके बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद है। वहीं आयुष्मान की फिल्म पर इसका बुरा असर पड़ सकता था।

ANI से बात करते हुए आयुष्मान खुराना ने बताया कि ‘उड़ता तीर’ उन्हें सिनेमा के उस जॉनर और स्टाइल में वापस ला रही है, जिसके लिए दर्शक उन्हें जानते हैं। एक्टर ने कहा, “इसमें एक बहुत ही अनोखी, नई और अलग कहानी है, वैसी ही फिल्में जैसी मैंने हमेशा की हैं। मैं अपनी जड़ों की ओर लौट रहा हूं, जो ओरिजिनल कंटेंट को बढ़ावा देती हैं और यह फिल्म उसी का उदाहरण है।”

फिल्म में आयुष्मान एक पाकिस्तानी जासूस का किरदार निभा रहे हैं, जिसकी ज़िंदगी में तब बदल जाती है जब वह अपनी याददाश्त खो देता है। उन्होंने आगे कहा, “फिल्म में मैं एक पाकिस्तानी जासूस का रोल कर रहा हूं, जो अपनी याददाश्त खो देता है। हालांकि उसमें देशभक्ति की भावना बनी रहती है, लेकिन वह यह भूल जाता है कि वह किस देश का है, इसलिए वह आखिर में भारत का साथ देने लगता है। इसे भारत-समर्थक देशभक्ति वाली कॉमेडी कहा जा सकता है। यह एक ऐसी फिल्म है जो किसी खास जॉनर में बंधकर नहीं रहती और इसे पूरे परिवार के साथ देखा जा सकता है।”

‘उड़ता तीर’ में सारा अली खान, राहुल बोस, राम कपूर, सुहैल नैय्यर, गुलशन ग्रोवर, मुकुल देव, रघुबीर यादव, बृजेंद्र काला, संदीप आनंद, सुप्रिया पिलगांवकर और स्मिता तांबे भी अहम भूमिकाओं में हैं। आकाश ए कौशिक इस फिल्म से बतौर डायरेक्टर डेब्यू कर रहे हैं। करण जौहर, अदार पूनावाला, अपूर्व मेहता, गुनीत मोंगा कपूर और अचीन जैन ने इस प्रोजेक्ट को प्रोड्यूस किया है।

Karan Johar: लाजवाब….लाजवाब….लाजवाब…, करण जौहर ने अजय देवगन स्टारर Drishyam 3 का किया रिव्यू

Karan Johar: अजय देवगन की ‘दृश्यम द कन्क्लूजन’ ने सिनेमाघरों में ‘हाउसफुल’ का बोर्ड वापस ला दिया है। जयदीप अहलावत के साथ उनकी चूहे-बिल्ली वाली लुका-छिपी दर्शकों को खूब एंटरटेन कर रही है। दर्शक फिल्म से प्रभावित हैं और यह कोई हैरानी की बात नहीं है। यह हिंदी फ्रैंचाइजी पहले से ही बहुत सफल रही है। बॉलीवुड सेलेब्स ने फिल्म देखी है और वे एक्टर्स और डायरेक्टर अभिषेक पाठक की तारीफ कर रहे हैं। करण जौहर ने ‘दृश्यम द कन्क्लूजन’ का रिव्यू किया साथ ही इसे अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर शेयर किया है। फिल्ममेकर ने अजय और जयदीप की तारीफ करते हुए फिल्म को ‘मजेदार’ बताया।

करण जौहर ने शेयर किया रिव्यू

इंस्टाग्राम स्टोरीज पर करण ने ‘दृश्यम द कन्क्लूजन’ का पोस्टर शेयर किया और लिखा, “मजेदार! लाजवाब! @ajaydevgn और @jaideepahlawat जबरदस्त हैं!!! @abhishekpathakk बहुत ही शानदार डायरेक्टर हैं! पूरी कास्ट और क्रू को बधाई।”

फिल्म कलेक्शन

सैकनिल्क (Sacnilk) के अनुसार, ‘दृश्यम द कन्क्लूजन’ ने भारत में बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन 66.75 करोड़ रुपये की कमाई की। इसका ग्रॉस कलेक्शन 80.10 करोड़ रुपये है। खबरों के मुताबिक, फिल्म का बजट 110 करोड़ रुपये है। हालांकि ‘दृश्यम द कन्क्लूजन’ दुनिया भर में 100 करोड़ रुपये की ओपनिंग का रिकॉर्ड बनाने से चूक गई, लेकिन इसने 95.10 करोड़ रुपये की कमाई की।

दृश्यम 3 द कन्क्लूजन के बारे में जानें

दृश्यम 3 द कन्क्लूजन में अजय देवगन एक बार फिर विजय सलगांवकर के रोल में नजर आ रहे हैं। पिछली दो फिल्मों में उनके परिवार को बचाने की सोची-समझी कोशिशें ही कहानी का मुख्य हिस्सा रही हैं। इस नए चैप्टर में विजय पर नया दबाव है क्योंकि एक और जांच से उस राज के खुलने का खतरा है, जिसे उन्होंने अब तक छिपाकर रखा था। हिंदी वर्शन मलयालम फिल्म ‘दृश्यम’ की कहानी से अलग रास्ता अपनाता है और विजय सलगांवकर की कहानी को एक नया अंजाम देता है।

जयदीप अहलावत क्राइम ब्रांच ऑफिसर राजवीर सिंह तोमर के तौर पर इस फ्रैंचाइजी से जुड़ रहे हैं, जबकि तब्बू, श्रिया सरन, इशिता दत्ता, मृणाल जाधव, रजत कपूर और प्रकाश राज भी फिल्म की कास्ट का हिस्सा हैं। अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी आमिल कीयन खान और परवेज शेख ने लिखी है। इसे आलोक जैन, अजीत अंधारे, कुमार मंगत पाठक और अभिषेक पाठक ने प्रोड्यूस किया है और स्टार स्टूडियो18 ने इसे पेश किया है।

Shah Rukh Khan Net Worth: एक साल में 2490 करोड़ कम हुई शाहरुख खान की नेटवर्थ, हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 में ये एक्टर्स के नाम भी शामिल

Shah Rukh Khan Net Worth: बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान भारत के सबसे अमीर एक्टर्स की लिस्ट में नंबर 1 पर हैं। लेकिन पिछले साल से उनकी अनुमानित संपत्ति में काफी कमी आई है। हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 के अनुसार एक्टर की संपत्ति ₹10,000 करोड़ है, जिससे वे अमिताभ बच्चन, सलमान खान और ऋतिक रोशन से आगे हैं।

शाहरुख खान की संपत्ति में गिरावट

यह नया आंकड़ा 2025 की हुरुन इंडिया रिच लिस्ट में शाहरुख की 12,490 करोड़ की नेट वर्थ से कम है। यानी एक साल में एक्टर की नेटवर्थ में 2,490 करोड़ का अंतर आया है। एक्टर की संपत्ति सिर्फ फिल्मों से हुई कमाई तक सीमित नहीं है। इसमें उनके बिजनेस भी शामिल हैं, खासकर रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स के जरिए कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ पार्टनरशिप।

हालांकि ये आंकड़े अनुमानित हैं और प्राइवेट कंपनियों, निवेश और अन्य एसेट्स की वैल्यू के आधार पर बदल सकते हैं। इस साल की शुरुआत में जारी हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट में शाहरुख की संपत्ति का अनुमान ₹10,800 करोड़ लगाया गया था।

अमिताभ बच्चन दूसरे स्थान पर

अमिताभ बच्चन 2026 की लिस्ट में ₹4,000 करोड़ की अनुमानित संपत्ति के साथ दूसरे सबसे अमीर एक्टर हैं। 2025 की लिस्ट में बताई गई ₹1,630 करोड़ की नेट वर्थ की तुलना में उनकी नेट वर्थ में काफी बढ़ोतरी हुई है। दिग्गज एक्टर की संपत्ति न केवल उनके दशकों लंबे फिल्मी करियर से जुड़ी है, बल्कि निवेश, रियल एस्टेट और उनके फैमिली ऑफिस के जरिए मैनेज की जाने वाली एसेट्स से भी जुड़ी है। उनकी लेटेस्ट वैल्यूएशन उन्हें टॉप नामों में शामिल अन्य एक्टर्स से काफी आगे रखती है।

सलमान खान-ऋतिक रोशन

भाईजान भी ₹3,000 करोड़ की अनुमानित संपत्ति के साथ लिस्ट में शामिल हुए हैं। ऋतिक रोशन ₹2,500 करोड़ के साथ उनके बाद हैं, जो 2025 में बताई गई उनकी ₹2,160 करोड़ की नेट वर्थ से अधिक है। उनका फिटनेस और लाइफस्टाइल ब्रांड HRX उनके बिजनेस का एक अहम हिस्सा बना हुआ है।

जूही चावला और करण जौहर लिस्ट से बाहर

पिछले साल की रैंकिंग में कुछ खास बदलाव भी हुए हैं। जूही चावला और करण जौहर, जो दोनों 2025 की हुरुन इंडिया रिच लिस्ट में शामिल थे, 2026 की लिस्ट में नहीं हैं। 2025 में जूही की अनुमानित नेट वर्थ ₹7790 करोड़ थी, जबकि करण जौहर की नेट वर्थ ₹1880 करोड़ थी।

इस लिस्ट में फिल्म इंडस्ट्री के बिज़नेस से जुड़े लोग भी शामिल हैं। ‘रामायण’ के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ​​के पिता नरेश मल्होत्रा ​​की अनुमानित संपत्ति ₹16,000 करोड़ है। भूषण कुमार, रॉनी स्क्रूवाला और कलानिधि मारन जैसे फिल्म प्रोड्यूसर भी इस लिस्ट में शामिल हैं।

Lust Stories 3: ‘लस्ट स्टोरी 3’ का पोस्टर हुआ रिलीज, ओटीटी रिलीज डेट से लेकर स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म, कास्ट तक जानें सब कुछ

Lust Stories 3: नेटफ्लिक्स की एंथोलॉजी फ्रैंचाइजी ‘लस्ट स्टोरीज’ वापस आ रही है और इस बार यह चार नए डायरेक्टरों को साथ ला रही है। ‘लस्ट स्टोरीज 3’ का प्रीमियर दुनिया भर में 18 सितंबर, 2026 को होगा। यह पहली बार है जब नेटफ्लिक्स इंडिया की इस एंथोलॉजी का तीसरा सीजन आ रहा है।

‘लस्ट स्टोरीज 3’ कब और कहां देखें

‘लस्ट स्टोरीज 3’ सिर्फ नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी और इसके चारों हिस्से एक साथ रिलीज होंगे न कि अलग-अलग समय पर। यह एंथोलॉजी अपने फॉर्मेट पर ही बनी रहेगी। ये ऐसी शॉर्ट फिल्में जो इच्छा, इंटीमेसी और मॉडर्न रिश्तों के पेचीदा पहलुओं को दिखाती हैं।

डायरेक्टरों की नई टीम

इस सीजन में पूरी तरह से नई टीम है- विक्रमादित्य मोटवाने, किरण राव, शकुन बत्रा और विशाल भारद्वाज। हर कोई एक अलग और पूरी कहानी को डायरेक्ट करेगा। ओरिजिनल 2018 सीजन अनुराग कश्यप, जोया अख्तर, दिबाकर बनर्जी और करण जौहर ने बनाया था। इसके बाद सीजन 2 में कोंकणा सेन शर्मा, आर बाल्की, सुजॉय घोष और अमित रवींद्रनाथ शर्मा शामिल थे। हर सीजन में नए कहानीकारों को लाना इस फ़्रैंचाइज़ी की पहचान बन गई है।

‘लस्ट स्टोरीज 3’ की कास्ट

इस बड़ी कास्ट में राधिका आप्टे, कोंकणा सेन शर्मा, अदिति राव हैदरी, राधिका मदान, सना थम्पी, विजय वर्मा, अभिषेक बनर्जी, सिद्धार्थ, अली फजल और गुरफतेह पीरजादा शामिल हैं। खबरों के मुताबिक, मोटवाने के हिस्से में राधिका आप्टे और कोंकणा सेन शर्मा, बत्रा के हिस्से में अली फजल और राधिका मदान, राव के हिस्से में गुरफतेह पीरजादा और नई एक्ट्रेस सना थम्पी, और भारद्वाज की फिल्म में अदिति राव हैदरी मुख्य भूमिका में होंगी।

मेकर्स का क्या कहना है

नेटफ्लिक्स इंडिया की रुचिका कपूर शेख ने इस फ्रैंचाइजी की कामयाबी का श्रेय हर नए वर्जन के साथ खुद को नए सिरे से ढालने की आदत को दिया है। उन्होंने कहा कि हर चैप्टर एक जैसी इंसानी भावना से शुरू होता है, लेकिन इमोशनली अलग मोड़ पर खत्म होता है। RSVP के प्रोड्यूसर रॉनी स्क्रूवाला ने कहा कि यह एंथोलॉजी अलग-अलग सोच वाले फ़िल्ममेकर्स को लाकर पारंपरिक तरीकों को चुनौती देती रहती है, वहीं फ़्लाइंग यूनिकॉर्न एंटरटेनमेंट की आशी दुआ ने इस सीज़न में अलग-अलग तरह के टोन और नज़रिए के मेल की बात कही।

2018 से, ‘लस्ट स्टोरीज़’ ने बेवफ़ाई, सेक्स और पर्सनल एजेंसी जैसे उन विषयों पर बात करने के लिए अपनी पहचान बनाई है जिनसे मेनस्ट्रीम बॉलीवुड अक्सर बचता है; इस दौरान इसे इंटरनेशनल एमी नॉमिनेशन भी मिला। अलग-अलग स्टाइल के लिए मशहूर चार डायरेक्टर्स और अनुभवी कलाकारों के साथ नई कलाकार सना थम्पी की कास्टिंग को देखते हुए उम्मीदें काफ़ी ज़्यादा हैं। अभी तक कोई ट्रेलर रिलीज़ नहीं हुआ है, इसलिए कहानी की डीटेल्स अभी सामने नहीं आई हैं।