Jr NTR: जाह्नवी कपूर के एआई मॉर्फ्ड वीडियो को देख भड़के जूनियर एनटीआर, लीगल एक्शन लेने की चेतावनी दी

Jr NTR: एक बार फिर से जान्हवी कपूर को ‘देवरा’ फिल्म के उनके गाने ‘चुट्टामल्ले’ के एक परेशान करने वाले AI-जनरेटेड वीडियो के जरिए निशाना बनाया गया, जिसमें वह जूनियर NTR के साथ नजर आई थीं। वायरल हो रहा यह AI वीडियो एक्ट्रेस के लुक का मॉर्फ्ड वर्जन है, जिसे डिजिटल रूप से बदलकर ऐसे अश्लील सीन बनाए गए हैं जो ओरिजिनल गाने का हिस्सा कभी नहीं थे।

जूनियर NTR ने X पर ऐसे भद्दे वीडियो बनाए जाने की कड़ी आलोचना की और साफ कहा कि वह इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे। उन्होंने लिखा, “यह दिमागी रूप से बीमार लोगों का घिनौना और बेशर्मी वाला काम है। जिस देश में महिलाओं को मां और देवी के रूप में पूजा जाता है, जहां ‘मातृदेवो भव’ सिर्फ एक कहावत नहीं बल्कि हमारी संस्कृति का हिस्सा है, वहां कुछ लोग इतने नीचे गिर गए हैं कि वे AI का इस्तेमाल करके किसी महिला का बेहद अपमानजनक तरीके से अनादर कर रहे हैं। AI का इस्तेमाल करके ऐसी घिनौनी चीज बनाना शब्दों से परे शर्मनाक है।”

उन्होंने आगे कहा, “इस मॉर्फ्ड ‘चुट्टामल्ले’ वीडियो के पीछे जो घटिया लोग हैं, मैं उनमें से किसी को नहीं बख्शूंगा। इसे बनाने वालों और इसे फैलाने वालों के खिलाफ मैं हर संभव कानूनी कार्रवाई करूंगा। कृपया ऐसे कंटेंट को न देखें, न शेयर करें और न ही उस पर कोई प्रतिक्रिया दें। आज यह किसी और के साथ हुआ है। कल यह आपकी मां, बहन, पत्नी या बेटी के साथ भी हो सकता है।”

एक्टर ने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, “यह एक गंभीर मुद्दा है और मैं सभी राज्य सरकारों और भारत सरकार से अपील करता हूं कि वे AI के गलत इस्तेमाल के खिलाफ सख्त कदम उठाएं और कड़े नियम बनाएं।”

देवरा के बारे में

‘चुट्टामल्ले’ एक रोमांटिक गाना है, जो मुख्य किरदारों के बीच की केमिस्ट्री को दिखाता है। यह गाना जंगल और समुद्र बीच के शानदार बैकग्राउंड पर फिल्माया गया है और इसे जान्हवी कपूर द्वारा निभाए गए फीमेल लीड किरदार के नजरिए से दिखाया गया है। इसे अनिरुद्ध रविचंदर ने कंपोज़ किया है और रामाजोगाया शास्त्री ने लिखा है। शिल्पा राव ने अपनी आवाज दी है और बोस्को मार्टिस ने कोरियोग्राफी की है। ‘चुट्टामल्ले’ तमिल, हिंदी, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज किया गया था।

इस फिल्म में जूनियर एनटीआर के साथ जान्हवी कपूर, सैफ अली खान, प्रकाश राज, श्रीकांत मेका, टॉम शाइन चाको और नारायण जैसे कई बड़े कलाकार शामिल थे। यह फिल्म 27 सितंबर, 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में जूनियर एनटीआर ने दोहरी भूमिका निभाई है – देवरा और वरधा दोनों की। जसुधा आर्ट्स के बैनर तले बनी इस फिल्म को साराजू हरि कृष्णा और सुधाकर मिक्किलीनेनी ने प्रोड्यूस किया था और नंदमुरी कल्याण राम ने इसे पेश किया था। यह फिल्म तेलुगु, तमिल, मलयालम, कन्नड़ और हिंदी सहित कई भाषाओं में रिलीज हुई थी।

Karan Johar: लाजवाब….लाजवाब….लाजवाब…, करण जौहर ने अजय देवगन स्टारर Drishyam 3 का किया रिव्यू

Karan Johar: अजय देवगन की ‘दृश्यम द कन्क्लूजन’ ने सिनेमाघरों में ‘हाउसफुल’ का बोर्ड वापस ला दिया है। जयदीप अहलावत के साथ उनकी चूहे-बिल्ली वाली लुका-छिपी दर्शकों को खूब एंटरटेन कर रही है। दर्शक फिल्म से प्रभावित हैं और यह कोई हैरानी की बात नहीं है। यह हिंदी फ्रैंचाइजी पहले से ही बहुत सफल रही है। बॉलीवुड सेलेब्स ने फिल्म देखी है और वे एक्टर्स और डायरेक्टर अभिषेक पाठक की तारीफ कर रहे हैं। करण जौहर ने ‘दृश्यम द कन्क्लूजन’ का रिव्यू किया साथ ही इसे अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर शेयर किया है। फिल्ममेकर ने अजय और जयदीप की तारीफ करते हुए फिल्म को ‘मजेदार’ बताया।

करण जौहर ने शेयर किया रिव्यू

इंस्टाग्राम स्टोरीज पर करण ने ‘दृश्यम द कन्क्लूजन’ का पोस्टर शेयर किया और लिखा, “मजेदार! लाजवाब! @ajaydevgn और @jaideepahlawat जबरदस्त हैं!!! @abhishekpathakk बहुत ही शानदार डायरेक्टर हैं! पूरी कास्ट और क्रू को बधाई।”

फिल्म कलेक्शन

सैकनिल्क (Sacnilk) के अनुसार, ‘दृश्यम द कन्क्लूजन’ ने भारत में बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन 66.75 करोड़ रुपये की कमाई की। इसका ग्रॉस कलेक्शन 80.10 करोड़ रुपये है। खबरों के मुताबिक, फिल्म का बजट 110 करोड़ रुपये है। हालांकि ‘दृश्यम द कन्क्लूजन’ दुनिया भर में 100 करोड़ रुपये की ओपनिंग का रिकॉर्ड बनाने से चूक गई, लेकिन इसने 95.10 करोड़ रुपये की कमाई की।

दृश्यम 3 द कन्क्लूजन के बारे में जानें

दृश्यम 3 द कन्क्लूजन में अजय देवगन एक बार फिर विजय सलगांवकर के रोल में नजर आ रहे हैं। पिछली दो फिल्मों में उनके परिवार को बचाने की सोची-समझी कोशिशें ही कहानी का मुख्य हिस्सा रही हैं। इस नए चैप्टर में विजय पर नया दबाव है क्योंकि एक और जांच से उस राज के खुलने का खतरा है, जिसे उन्होंने अब तक छिपाकर रखा था। हिंदी वर्शन मलयालम फिल्म ‘दृश्यम’ की कहानी से अलग रास्ता अपनाता है और विजय सलगांवकर की कहानी को एक नया अंजाम देता है।

जयदीप अहलावत क्राइम ब्रांच ऑफिसर राजवीर सिंह तोमर के तौर पर इस फ्रैंचाइजी से जुड़ रहे हैं, जबकि तब्बू, श्रिया सरन, इशिता दत्ता, मृणाल जाधव, रजत कपूर और प्रकाश राज भी फिल्म की कास्ट का हिस्सा हैं। अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी आमिल कीयन खान और परवेज शेख ने लिखी है। इसे आलोक जैन, अजीत अंधारे, कुमार मंगत पाठक और अभिषेक पाठक ने प्रोड्यूस किया है और स्टार स्टूडियो18 ने इसे पेश किया है।

Drishyam 3 Box Office Day 1: 66 करोड़ की कमाई के साथ ‘दृश्यम 3’ ने बनाए ये दो बड़े रिकॉर्ड, बॉलीवुड की दूसरी सबसे बड़ी ओपनर बनी फिल्म

Drishyam 3 Box Office Day 1: ‘दृश्यम द कन्क्लूजन’ भारतीय सिनेमा की सबसे पॉपुलर थ्रिलर फ्रैंचाइजी में से एक हैं। इसका आखिरी चैप्टर शुक्रवार 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो गया। लॉन्ग वीकेंड के चलते और फिल्म को लेकर क्रेज ने रिलीज होते ही रिकॉर्ड कायम कर लिया। 66 करोड़ के इंडियन नेट कलेक्शन के साथ ‘दृश्यम 3’ बॉलीवुड की दूसरी सबसे बड़ी ओपनर फिल्म बन गई है।

टॉप 5 बिग ओपनर फिल्म में हुई शामिल

अजय देवगन स्टारर रिलीज से पहले ही काफी चर्चा थी और शुरुआती रिएक्शन ने इसे सही साबित किया है। दर्शक अजय देवगन की एक्टिंग, अहलावत के साथ उनकी टक्कर, कोर्टरूम के सीन और क्लाइमेक्स की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं, हालांकि कुछ लोगों को फिल्म का पहला हाफ धीमा लगा। ओपनिंग के मामले में भी यह फिल्म बॉलीवुड की ‘ऑल-टाइम टॉप 5 डे-1 ओपनिंग’ लिस्ट में शामिल हो गई है, जिसमें यह सिर्फ ‘धुरंधर : द रिवेंज’ से पीछे है।

66 करोड़ का ओपनिंग नेट कलेक्शन

‘दृश्यम द कन्क्लूजन’ ने पहले दिन यानी शुक्रवार को 15,759 शोज में ₹66.75 करोड़ (नेट) की कमाई की। इसकी कुल ऑक्यूपेंसी 60.1% रही और लगभग 26.53 लाख लोगों ने इसे देखा। भारत में इसकी ग्रॉस कमाई ₹80.10 करोड़ रही। शुरुआती ट्रेंड्स के मुताबिक, ओवरसीज ग्रॉस कमाई ₹15.00 करोड़ है, जिससे शुरुआती वर्ल्डवाइड ग्रॉस कमाई ₹95.10 करोड़ हो जाती है। फिल्म ने एक ही दिन में ₹50 करोड़ (नेट) का आंकड़ा भी पार कर लिया है।

हाउसफुल रहे सारे शोज

15,759 शो में दिखाई गई इस फिल्म ने रिलीज के पहले दिन हर शो से लगभग ₹42,000 कमाए हैं। गांधी जयंती की छुट्टी की वजह से परिवारों के बीच फिल्म को ‘फ़ुल-हाउस’ ओपनिंग मिली। मल्टीप्लेक्स और सिंगल स्क्रीन, दोनों जगहों पर मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स से पता चलता है कि फ्रैंचाइजी का क्रेज किस लेवल का है। अब वीकेंड आने वाला है, इसलिए सबकी नजरें इस बात पर हैं कि फिल्म शनिवार और रविवार को कैसा प्रदर्शन करती है।

पहले दिन ये रिकॉर्ड बनाया

रिलीज के पहले ही दिन ‘दृश्यम द कन्क्लूजन’ ने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। पहला रिकॉर्ड ये रहा कि बॉलीवुड की अब तक की ‘पहले दिन की टॉप 5 फिल्मों’ की लिस्ट में शामिल हो गई है। दूसरा एक ही दिन में ₹50 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है।

सबसे ज्यादा ओपनिंग करने वाली टॉप 5 बॉलीवुड फिल्में

66.75 करोड़ की नेट कमाई के साथ ‘दृश्यम 3’ बॉलीवुड की दूसरी सबसे बड़ी ओपनर बन गई है। पहले नंबर पर अभी रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ 99 करोड़ के कलेक्शन के साथ नंबर वन पर है। तीसरे नंबर पर शाहरुख खान की ‘जवान’ (₹66 करोड़) और चौथे नंबर पर शाहरुख खान की पठान (55 करोड़ ) है। 5वें नंबर पर 55 करोड़ कलेक्शन के साथ रणबीर कपूर स्टारर एनिमल फिल्म है।

हिंदी 2D ऑक्यूपेंसी

हिंदी 2D वर्शन ने पहले दिन कुल मिलाकर 67.08% ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। दिन भर ऑक्यूपेंसी बढ़ती गई। मॉर्निंग शो 46.38% से शुरू हुए, दोपहर के शो 70.15% तक पहुंचे, शाम के शो 75.31% तक पहुंचे और नाइट शो 76.46% के साथ सबसे अच्छे रहे। यानी पहले शो से लेकर आखिरी शो तक लगातार बढ़ोतरी हुई, जो दिन भर लोगों के खुद से आने (वॉक-इन) और लोगों की अच्छी बातों (वर्ड-ऑफ-माउथ) से मिले सपोर्ट का संकेत है।

बात करें फिल्म की तो अजय देवगन ने विजय सलगांवकर के रोल में वापसी की है। ‘दृश्यम 2’ के डायरेक्टर अभिषेक पाठक ही इसके डायरेक्टर और को-राइटर हैं। तब्बू, श्रिया सरन, रजत कपूर और इशिता दत्ता भी वापस आए हैं और इस बार उनके साथ जयदीप अहलावत और प्रकाश राज भी शामिल हैं।

Drishyam 3 Box Office Collection Day 1: अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ ने मचाया तहलका, पहले दिन इतने करोड़ कमाकर बनाया बड़ा रिकॉर्ड

अजय देवगन एक बार फिर विजय सलगांवकर के किरदार में लौटे हैं और इस बार कहानी अपने आखिरी मोड़ पर है। Drishyam The Conclusion ने सिनेमाघरों में दस्तक देते ही बॉक्स ऑफिस पर हलचल मचा दी है। फिल्म को लेकर पहले से ही दर्शकों में काफी उत्साह था, जिसका असर इसकी कमाई में साफ नजर आया। रिलीज के पहले ही दिन फिल्म ने शानदार कलेक्शन करते हुए अजय देवगन के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग दर्ज कर ली। सस्पेंस, रोमांच और विजय सलगांवकर की चालाकी से भरी इस कहानी ने एक बार फिर दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच लिया है।

पहले दिन कमाए ₹66.75 करोड़

ट्रेड ट्रैकर Sacnilk के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, Drishyam 3 ने भारत में पहले दिन ₹66.75 करोड़ नेट का कलेक्शन किया है। फिल्म का इंडिया ग्रॉस कलेक्शन करीब ₹80.10 करोड़ रहा। वहीं विदेशों में फिल्म ने लगभग ₹15 करोड़ की कमाई की। इस तरह पहले दिन इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन करीब ₹95.10 करोड़ पहुंच गया। रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म को पहले दिन देशभर में 15,759 शोज मिले। बड़ी संख्या में दर्शकों के सिनेमाघरों तक पहुंचने का असर सीधे इसकी कमाई पर दिखाई दिया।

अजय देवगन के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग

दृश्यम द कन्क्लूजन ने पहले दिन की कमाई के मामले में अजय देवगन की पिछली फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। 66.75 करोड़ रुपये की ओपनिंग के साथ यह उनके करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्म बन गई है। इससे पहले यह रिकॉर्ड सिंघम अगेन के नाम था, जिसने करीब 43.5 करोड़ रुपये से शुरुआत की थी। इसके बाद सिंघम रिटर्न्स ने 32.1 करोड़ रुपये, गोलमाल अगेन ने 30.15 करोड़ रुपये और रेड 2 ने 19.25 करोड़ रुपये की ओपनिंग दर्ज की थी।

शाम और रात के शोज में बढ़ी भीड़

फिल्म की कमाई के साथ इसकी ऑक्यूपेंसी में भी दिनभर बढ़ोतरी देखने को मिली। पहले दिन कुल ऑक्यूपेंसी 67.08 प्रतिशत दर्ज की गई। सुबह के शोज में ऑक्यूपेंसी 46.38 प्रतिशत थी। दोपहर में यह बढ़कर 70.15 प्रतिशत हो गई। शाम के दौरान 75.31 प्रतिशत और रात के शोज में 76.46 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। इन आंकड़ों से पता चलता है कि दिन आगे बढ़ने के साथ फिल्म को देखने के लिए दर्शकों की दिलचस्पी और मजबूत हुई।

पिछले दोनों पार्ट्स की ओपनिंग भी पीछे छूटी

Drishyam फ्रेंचाइजी का पहला पार्ट 2015 में रिलीज हुआ था। फिल्म ने पहले दिन ₹5.85 करोड़ कमाए थे और दुनियाभर में करीब ₹110 करोड़ का कारोबार किया था। इसके बाद 2022 में आई Drishyam 2 ने बॉक्स ऑफिस पर बड़ी छलांग लगाई। फिल्म ने पहले दिन ₹15.38 करोड़ कमाए और अपनी पूरी थिएट्रिकल रन में करीब ₹342 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया। अब तीसरे और अंतिम पार्ट ने रिलीज के पहले ही दिन दोनों फिल्मों की ओपनिंग को काफी पीछे छोड़ दिया है।

एक्टिंग और कहानी को मिल रही तारीफ

बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत के साथ फिल्म को शुरुआती समीक्षाओं में भी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। अजय देवगन एक बार फिर विजय सलगांवकर के किरदार में अपनी शांत लेकिन प्रभावशाली मौजूदगी दर्ज कराते हैं। फिल्म में तब्बू, प्रकाश राज और जयदीप अहलावत भी अहम भूमिकाओं में हैं। समीक्षाओं में कलाकारों की परफॉर्मेंस के साथ फिल्म के सस्पेंस और कहानी को भी सराहा गया है।

क्या आखिरी अध्याय दर्शकों को पसंद आया?

दृश्यम सीरीज की पहचान उसकी सस्पेंस से भरी कहानी और विजय सलगांवकर की हर कदम पर आगे रहने वाली रणनीति रही है। तीसरा पार्ट इसी कहानी को उसके निष्कर्ष तक पहुंचाता है। पहले दिन के बॉक्स ऑफिस आंकड़ों ने फिल्म को मजबूत शुरुआत जरूर दी है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि वीकेंड में इसकी कमाई किस तरह आगे बढ़ती है और क्या यह फिल्म अपनी फ्रेंचाइजी की पिछली सफलता को और आगे ले जाने में कामयाब होती है।

एक्टर डिनो मोरिया के अरेस्ट होने के दावे का पूरा सच आया सामने, मीठी नदी घोटाला वाला केस भी जान लीजिए

Drishyam The Conclusion Movie Review: और बेहतरीन हो सकता था विजय सलगांवकर फेयरवेल…..

फिल्म- दृश्यम द कन्क्लूजन

निर्देशक- अभिषेक पाठक

कलाकार- अजय देवगन, श्रिया सरन, तब्बू, प्रकाश राज, रजत कपूर, जयदीप अहलावत

रेटिंग-3/5

Drishyam The Conclusion Movie Review: फाइनली लंबे इंतजार के बाद अजय देवगन की पॉपुलर फ्रैंचाइजी का आखिरी पार्ट ‘दृश्यम द कन्क्लूजन’ रिलीज हो गया है। फिल्म ने रिलीज के पहले से काफी बज बनाया हुआ है। वहीं एंडवांस बुकिंग में भी अच्छा कलेक्शन किया हुआ है। लेकिन क्या वाकई फिल्म उम्मीदों पर खरी उतरी है, चलिए आपको बताते हैं।

फिल्म की कहानी

पार्ट वन से शुरू हुआ विजय सलगांवकर और पुलिस के बीच का खेल पार्ट 2 में बेहद इंट्रेस्टिंग हो जाता है। दूसरे पार्ट की कहानी ऐसे मोड़ पर खत्म होती है, जहां से दर्शकों का पार्ट 3 के लिए इंतजार चरम पर होता है। हर कोई जानने को बेताब था कि आखिरकार विजय का राज पुलिस के सामने खुल पाता है या फिर से वह बच जाएगा। वहीं विजय इस बार खुद नियति के भरोसे होता है। आर या पार…..। स्टोरी ‘दृश्यम 2’ की कहानी को आगे बढ़ाती हैं। ‘दृश्यम 3’ देखने से पहले पिछली फिल्मों की कहानी पता होना बेहद जरूरी है, वरना ये सिर के ऊपर जाएगी।

कहानी बेटे समीर को खोने और उसके कातिल को सजा न दिला पाने वाली पूर्व आईजी मीरा देशमुख यानी तब्बू के खुदखुशी करने से शुरू होती है। अपनी पत्नी को बुरे हाल में देखकर उसके पति महेश देशमुख यानी रजत कपूर बेटे के केस को री-ओपन करने की रिक्वेस्ट करता हैं। केस खुलने के बाद कहानी में एंट्री होती हैं क्राइम ब्रांच के एसपी राजवीर सिंह तोमर यानी जयदीप अहलावत की।

तोमर अपने आप को ‘शनि’ बताता है। राजवीर की पैनी नजरें विजय सलगांवकर और उसके परिवार पर गड़ी हैं। विजय का पूरा परिवार फिर से पुलिस, केस, कोर्ट के चक्कर में फंसने लगते हैं। पुलिस के पास विजय के झूठ का पर्दाफाश करने के लिए नए सबूत के साथ ही गवाह भी हैं। वहीं एक भी केस न हारने वाला वकील इंद्रजीत शेट्टी यानी प्रकाश राज का साथ भी है। अब ‘2 अक्टूबर को क्या हुआ था?’ के साथ-साथ ’23 जुलाई को किस जुर्म को अंजाम दिया गया?’ और विजय सलगांवकर इस बच पाता है या नहीं इन सब सवालों के जवाब के लिए आपको फिल्म को देखना होगा।

भागती हुई फिल्म की कहानी

इस बार कहानी कहने में अभिषेक पाठक ने थोड़ी जल्दबाजी कर दी है। अपने अंत तक पहुंचने में विजय काफी भागता हुआ नजर आता है। फिल्म ने ‘फैमिली मैन’ विजय को लगभग पूरी तरह से साइड कर दिया है। फिल्म के पहले हिस्से में श्रिया सरन और विजय की दोनों बेटियों (इशिता दत्ता और मृणाल जाधव) को बेहद कम स्क्रीन स्पेस और डायलॉग मिले हैं। यही बात कहानी को कमजोर करती है। ओरिजिनल ‘दृश्यम’ को इतना असरदार उसके परिवार ने बनाया था। विजय सिर्फ पुलिस को चकमा देने वाला आदमी नहीं था, वह एक ऐसा पति और पिता भी था जो अपने परिवार की हर तरह से सुरक्षा करता है। उसकी आम और प्यारी छोटी सी दुनिया ने ही उसके असाधारण कामों को और भी ज्यादा दिलचस्प बना दिया था। इस बार फिल्म सिर्फ विजय पर फोकस करती है। कहीं न कही जितनी जरूरत नहीं थी उससे ज्यादा तनाव के माहौल को क्रिएट किया गया है। मोटामोटी कहें तो फिल्म इससे बेहतरीन फेयलवेल डिजर्व करती थी।

कैसा है क्लाइमेक्स?

इस बार में सस्पेंस उम्मीद से कम है और ड्रामेबाजी ज्यादा है। क्लाइमेक्स आपको बहुत ज्यादा इंप्रेस नहीं कर पाता है। जैसे-जैसे फिल्म अपने क्लाइमेक्स की ओर जाती है, इसमें जबरदस्ती वाला ड्रामा देखने को मिलता है, जो आपको बड़े खुलासे के लिए थोड़ा उत्सुक बनाता है। लेकिन जब यह समझ आता है कि विजय जैसा स्कूल ड्रॉपआउट अपनी चालाकी को कैसे अंजाम देता है, तो फिल्म पूरी तरह से बेहद आम सी हो जाती है। वह शानदार प्लानिंग जिसने कभी हमें विजय के दिमाग़ की तारीफ करने पर मजबूर किया था, वह यहां आकर न के बराबर हो जाती है।

कलाकार

काम के मामले में अजय देवगन शानदार हैं इसमे कतई शक नहीं किया जा सकता है। अपनी आंखों से एक्टिंग करने के लिए मशहूर उन्होंने फिल्म में भी इसका जादू दिखाया हैं। नंदिनी के रोल में श्रिया सरन को अपनी छाप छोड़ने के लिए बस एक ही सीन मिला है। जयदीप अहलावत राजवीर के रोल में शानदार हैं। टॉप लॉयर इंद्रजीत शेट्टी के रोल में प्रकाश राज ठीक हैं। अमर मोहिले का बैकग्राउंड स्कोर ने फिल्म की शान को बरकरार रखा है।

फिल्म देखें या नहीं

‘दृश्यम: द कंक्लूजन’ में दर्शकों के लिए एक फिल्म कम और यादों का खजाना ज्यादा है। फ्रैंचाइजी को लोगों ने बहुत प्यार दिया। फिल्म बढ़िया है, लेकिन थोड़ा और शानदार तरीके से पेश की जा सकती थी। फिल्म को सिनेमाघरों में एक बार देखने जाना चाहिए। आखिर विजय के साथ क्या होता आपको भी तो जानना है।

Drishyam 3 advance booking: ‘दृश्यम 3’ की एडवांस बुकिंग का ऐलान, इस डेट से बुक कर सकेंगे फर्स्ट डे शो के लिए टिकिट

Drishyam 3 advance booking: अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम 3’ का काफी बज बना हुआ है। 2 अक्टूबर को रिलीज होने से पहले ही इसे लेकर काफी उत्साह है। मेकर्स ने शुक्रवार को ऐलान करते हुए बताया कि एडवांस बुकिंग 27 सितंबर से शुरू होगी।

पैनोरमा स्टूडियोज ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का नया पोस्टर शेयर करते हुए कन्फर्म किया कि प्री-बुकिंग रविवार से शुरू हो जाएगी। कैप्शन में लिखा था- “आखिरी हिस्से की शुरुआत के लिए पहले से तैयार रहें! बुकिंग 27 सितंबर को खुलेगी। #DrishyamTheConclusion 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में। #DrishyamDay #2ndOct।”

एडवांस बुकिंग शुरू होने से पता चलेगा कि दर्शक इस फ्रैंचाइजी के आखिरी चैप्टर पर कैसी प्रतिक्रिया देते हैं। पिछली फिल्मों की मजबूत फैन-फॉलोइंग को देखते हुए थिएटर में रिलीज से पहले एडवांस बुकिंग के आंकड़ों पर सबकी नजर रहेगी।

इस बीच ‘दृश्यम द कन्क्लूज़न’ के डिस्ट्रीब्यूशन के मामले में भी एक बड़ी बात सामने आई है। पैनोरमा स्टूडियोज और जी स्टूडियोज ने फिल्म के ओवरसीज (विदेशों में) थिएटर डिस्ट्रीब्यूशन के लिए हाथ मिलाया है। इस सहयोग का मकसद अजय देवगन की इस फिल्म को बड़े अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाना है और मेकर्स इसे दुनिया भर में 8,000 से ज्यादा स्क्रीन्स पर रिलीज करने की योजना बना रहे हैं।

इस फ्रैंचाइजी ने पिछले कुछ सालों में दर्शकों के बीच अपनी मजबूत जगह बनाई है और इसकी पिछली फिल्म सिनेमाघरों में बहुत सफल रही थी। तीसरी फिल्म में विजय सलगांवकर और उनके परिवार की कहानी आगे बढ़ेगी, जिसमें अजय देवगन मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।

अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी ‘दृश्यम: द कन्क्लूज़न’ में कई कलाकार शामिल हैं। अजय के अलावा इसमें तब्बू, श्रिया सरन, रजत कपूर, जयदीप अहलावत, प्रकाश राज, कमलेश सावंत, इशिता दत्ता और मृणाल जाधव जैसे नाम शामिल हैं।

इस फिल्म को स्टार स्टूडियो18 ने पेश किया है और पैनोरमा स्टूडियोज ने प्रोड्यूस किया है। अभिषेक पाठक ने इस फिल्म का निर्देशन किया है और आमिल कीयन खान व परवेज शेख के साथ मिलकर इसकी कहानी भी लिखी है। इसे आलोक जैन, अजीत अंधारे, कुमार मंगत पाठक और अभिषेक पाठक ने प्रोड्यूस किया है। ‘दृश्यम: द कन्क्लूज़न’ 2 अक्टूबर 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Pranay Reddy Vanga: ‘देखते हैं प्रभास की फिल्म जब रिलीज होगी’, प्रणय रेड्डी वांगा ने ‘स्पिरिट’ को लेकर क्रिटिक्स को किया चैलेंज

Pranay Reddy Vanga: संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म ‘स्पिरिट’, जिसमें प्रभास और तृप्ति डिमरी मुख्य भूमिकाओं में हैं, रिलीज से पहले ही एक नए विवाद में घिर गई है। अब संदीप के भाई और फिल्म के प्रोड्यूसर प्रणय रेड्डी वांगा ने मूवी क्रिटिक्स को खुली चुनौती दी है कि जब फिल्म थिएटर में रिलीज हो तो वे अपने रिव्यू के जरिए ‘स्पिरिट’ को ‘खत्म’ करने की नाकाम कोशिश कर सकते हैं।

प्रणय अपनी हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘रोमांचकम’ के बारे में बात कर रहे थे, जिसे 3 सितंबर को थिएटर में रिलीज होने के बाद मिले-जुले रिव्यू मिले थे। आलोचनाओं पर बात करते हुए, उन्होंने सवाल उठाया कि फिल्मों का रिव्यू करना कितना आसान होता है और असल में फिल्म बनाने में आने वाली मुश्किलों पर जोर दिया।

‘द इंडियन एक्सप्रेस’ के अनुसार उन्होंने कहा, “अगर आप प्रोडक्शन में आते हैं तो आप समझते हैं कि डायरेक्टर लिखी हुई चीज को असल रूप देने के लिए कितनी मेहनत करता है और प्रोडक्शन के दौरान किस तरह की दिक्कतें आती हैं।”

इसके बाद प्रणय ने कहा कि अगर क्रिटिक्स चाहें तो उनकी आने वाली फिल्म की ‘स्पिरिट’ को ‘खत्म’ करने की कोशिश कर सकते हैं। उन्होंने मुर्गी के अंडे से पंख नोच लिए है। अगर वे सच में कुछ करने के काबिल हैं तो देखते हैं जब ‘स्पिरिट’ रिलीज होगी। हम देखेंगे क्या लोग कर रहे हैं। कोई हमारा हौंसला नहीं तोड़ सकता है।”

‘स्पिरिट’ के बारे में

‘स्पिरिट’ प्रभास और संदीप रेड्डी वांगा के बीच पहला प्रोजेक्ट है। उम्मीद है कि यह फिल्म एक जबरदस्त एक्शन ड्रामा होगी, जिसमें प्रभास एक दमदार पुलिस ऑफिसर का किरदार निभाएंगे। शुरू में दीपिका पादुकोण को इस फिल्म में प्रभास के साथ काम करना था। हालांकि बाद में उन्हें प्रोजेक्ट से हटा दिया गया और तृप्ति डिमरी को शामिल किया गया। विवेक ओबेरॉय और प्रकाश राज भी इस फिल्म का हिस्सा हैं।

‘स्पिरिट’ ईद 2027 पर थिएटर में रिलीज होगी, लेकिन हाल ही में कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि सलमान खान और वामशी पैदिपल्ली की फिल्म के साथ बॉक्स ऑफिस पर टकराव से बचने के लिए इस फिल्म को आगे बढ़ाया जा सकता है। बाद में ‘स्पिरिट’ के मेकर्स ने इस रिपोर्ट को खारिज कर दिया।

टी-सीरीज के एक प्रवक्ता ने ‘ज़ूम’ को बताया कि ‘स्पिरिट’ को आगे नहीं बढ़ाया गया है और यह 5 मार्च को रिलीज होगी। प्रवक्ता ने कहा, “हम ‘स्पिरिट’ की रिलीज को लेकर बिल्कुल सही रास्ते पर हैं। फिल्म 5 मार्च, 2027 को रिलीज होने वाली है और घोषित रिलीज डेट में कोई बदलाव नहीं हुआ है। हम शेड्यूल के हिसाब से काम कर रहे हैं और 5 मार्च, 2027 को दुनिया भर के दर्शकों के सामने फिल्म लाने की तैयारी कर रहे हैं।”

Drishyam 3 Trailer: दृश्यम 3 का ट्रेलर आउट, क्या विजय सालगांवकर बने अजय देवगन के खिलाफ मिल गया सबूत?

Drishyam The Conclusion: अजय देवगन स्टारर ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ (दृश्यम 3) का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। वहीं आज बुधवार, 9 सितंबर को फिल्म का ऑफिशियल ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म में कई पुराने किरदार नजर आने वाले हैं वहीं कुछ नए किरदारों की भी एंट्री होने वाली हैं। फिल्म में एक बार फिर अजय देवगल विजय सलगांवकर, तब्बू IG मीरा देशमुख और श्रिया सरन नंदिनी के किरदार में लौट रही हैं। वहीं इस बार फिल्म में जयदीप अहलावत और प्रकाश राज की एंट्री हुई है।

कब रिलीज होगी फिल्म

ये फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म के हर पॉर्ट की तरह इस पॉर्ट में भी 2 अक्टूबर की तारीख एक बार फिर अहम होने है। साल 2015 में शुरू हुई ये क्राइम थ्रिलर फिल्म का ये आखिरी चैप्टर होगा। जयदीप अहलावत फिल्म में SP क्राइम ब्रांच राजवीर सिंह तोमर के किरदार में नजर आएंगे। उनकी टीम विजय सलगांवकर के पुराने राज से पर्दा उठाने और सच को सबके सामने लाने की कोशिश करेगी। ऐसे में यह टीम अजय देवगन के मशहूर किरदार विजय सलगांवकर के सामने बड़ी चुनौती बनकर खड़ी होगी।

कैसा है फिल्म का ट्रेलर

‘Drishyam 2’ की कहानी जहां खत्म हुई थी ‘Drishyam: The Conclusion’ वहीं से आगे बढ़ेगी। इस बार विजय सलगांवकर के सामने पहले से भी बड़ी परेशानी खड़ी होने वाली है। राजवीर सिंह तोमर एक ऐसे केस की जांच शुरू करते हैं, जिसमें उनकी नजर सीधे विजय पर जाती है। वहीं प्रकाश राज की एंट्री कहानी में नया मोड़ लेकर आएगी। फिल्म में कई पुराने राज फिर सामने आएंगे। इसी के साथ कई अनसुलझे सवालों के भी जवाब मिलेंगे।। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, विजय के लिए अपने परिवार को बचाना और पुलिस से खुद को बचाए रखना पहले से ज्यादा मुश्किल होता जाएगा। तब्बू, श्रिया सरन और रजत कपूर भी अपने पुराने किरदारों में वापसी कर रहे हैं।

कौन-कौन है फिल्म में

अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ में एक बार फिर कई जाने-पहचाने कलाकार नजर आएंगे। फिल्म में अजय देवगन, तब्बू, श्रिया सरन और रजत कपूर अपने पुराने किरदारों को आगे बढ़ाएंगे। वहीं जयदीप अहलावत और प्रकाश राज जैसे कलाकार कहानी में नए किरदारों के साथ नजर आएंगे। कमलेश सावंत, इशिता दत्ता और मृणाल जाधव भी फिल्म का हिस्सा हैं। ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है। इसकी कहानी और स्क्रीनप्ले अभिषेक पाठक, आमिल कियान खान और परवीज शेख ने तैयार किया है। फिल्म को स्टार स्टूडियो18 और पैनोरमा स्टूडियोज मिलकर बनाया हैं।