Stocks to Buy: चीन में कोकिंग कोल (Coking Coal) का उत्पादन धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है। इसका फायदा भारतीय स्टील कंपनियों को मिल सकता है। ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म Nomura का मानना है कि इससे स्टील कंपनियों के कच्चे माल की लागत में बड़े इजाफे का खतरा फिलहाल कम हो गया है। यही वजह है कि ब्रोकरेज ने Tata Steel, JSW Steel, Jindal Steel और Lloyds Metals पर अपनी ‘Buy’ रेटिंग बरकरार रखी है।
क्या है पूरा मामला?
मई 2026 के आखिर में चीन के शांक्सी प्रांत में एक खदान हादसा हुआ था। इसके बाद सुरक्षा जांच के चलते कई कोयला खदानों को अस्थायी तौर पर बंद कर दिया गया। इससे वैश्विक बाजार में कोकिंग कोल की सप्लाई और कीमतों को लेकर चिंता बढ़ गई थी।
कोकिंग कोल स्टील बनाने में इस्तेमाल होने वाला अहम कच्चा माल है। ऐसे में अगर इसकी कीमत बढ़ती है तो स्टील कंपनियों की लागत भी बढ़ जाती है। इससे उनके मुनाफे पर असर पड़ सकता है।
हालांकि अब हालात पहले से बेहतर होते दिख रहे हैं। Nomura ने Mysteel सर्वे का हवाला देते हुए बताया कि 23 मई के बाद शांक्सी में बंद हुई 137 खदानों में से 11 जून तक 77 खदानें दोबारा शुरू हो चुकी थीं। यानी करीब 56% खदानों में उत्पादन फिर शुरू हो गया है।
Tata Steel और JSW Steel के लिए राहत
Nomura के मुताबिक Tata Steel India और JSW Steel आयातित कोकिंग कोल पर सबसे ज्यादा निर्भर कंपनियों में शामिल हैं। इसलिए अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें बढ़ती हैं तो इन पर सबसे ज्यादा असर पड़ता है।
फिलहाल चीन में सप्लाई सुधरने और कीमतें स्थिर रहने से इन कंपनियों को राहत मिली है। Nomura ने Tata Steel पर ₹240 का टारगेट प्राइस बरकरार रखा है। मौजूदा भाव ₹200.50 के मुकाबले इसमें करीब 20% की तेजी की संभावना है। वहीं, JSW Steel पर ₹1,400 का टारगेट दिया गया है। इसमें मौजूदा स्तर ₹1,296 से करीब 8% तेजी आ सकती है।
Jindal Steel और Lloyds Metals भी पसंदीदा
Nomura का कहना है कि Jindal Steel की कोयला खरीद रणनीति उसे कई दूसरी कंपनियों के मुकाबले बेहतर स्थिति में रखती है। इसलिए आयातित कोयले की कीमतों में उतार-चढ़ाव का इस पर कम असर पड़ सकता है।
ब्रोकरेज ने Jindal Steel पर ₹1,350 का टारगेट बरकरार रखा है। मौजूदा भाव ₹1,134 के मुकाबले इसमें करीब 19% की तेजी की गुंजाइश है। वहीं, Lloyds Metals पर ₹2,050 का टारगेट दिया गया है। यह मौजूदा स्तर ₹1,754 से करीब 17% अपसाइड दिखाता है। दोनों शेयरों पर ‘Buy’ रेटिंग कायम है।
Bajaj Auto Buyback: ₹5633 करोड़ का शेयर बायबैक, 19% मिलेगा प्रीमियम; रिकॉर्ड डेट भी हुई तय
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।









