प्रशांत किशोर का दावा, नीतीश के निष्क्रिय होते ही खत्म हो जाएगी जेडीयू

प्रशांत किशोर का दावा, नीतीश के निष्क्रिय होते ही खत्म हो जाएगी जेडीयू

Prashant Kishor’s big claim regarding the JDU

Prashant Kishor : जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सक्रिय राजनीति से हटने या निष्क्रिय होने के बाद जनता दल (यूनाइटेड) (JDU) का राजनीतिक वजूद खत्म हो जाएगा और पार्टी टूटकर बिखर जाएगी। उन्होंने भविष्यवाणी की है कि जेडीयू टूटने के बाद इसके कई नेता भारतीय जनता पार्टी, कुछ उनकी अपनी पार्टी जन सुराज, और कुछ अन्य राजनीतिक दलों का दामन थाम सकते हैं। प्रशांत किशोर का कहना है कि जनता दल यूनाइटेड की राजनीति काफी हद तक नीतीश कुमार के व्यक्तित्व और नेतृत्व के इर्दगिर्द केंद्रित रही है।

जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सक्रिय राजनीति से हटने या निष्क्रिय होने के बाद जनता दल (यूनाइटेड) (JDU) का राजनीतिक वजूद खत्म हो जाएगा और पार्टी टूटकर बिखर जाएगी। उन्होंने भविष्यवाणी की है कि जेडीयू टूटने के बाद इसके कई नेता भारतीय जनता पार्टी, कुछ उनकी अपनी पार्टी जन सुराज, और कुछ अन्य राजनीतिक दलों का दामन थाम सकते हैं।

ALSO READ: बांकीपुर से प्रशांत किशोर की जीत के क्या हैं मायने

प्रशांत किशोर का कहना है कि जनता दल यूनाइटेड की राजनीति काफी हद तक नीतीश कुमार के व्यक्तित्व और नेतृत्व के इर्दगिर्द केंद्रित रही है। उन्होंने हाल ही में हुए कुछ राजनीतिक घटनाक्रमों का हवाला देते हुए भाजपा के प्रदेश नेतृत्व और उसकी कार्यशैली पर भी सवाल उठाए।

प्रशांत किशोर के इस बयान ने बिहार की सियासत में नई बहस छेड़ दी है। खासकर ऐसे समय में जब राज्य की राजनीति में नीतीश कुमार की भूमिका, जेडीयू के संगठनात्मक भविष्य और एनडीए के भीतर राजनीतिक समीकरणों को लेकर लगातार चर्चा होती रही है।

ALSO READ: बांकीपुर में क्यों हारी भाजपा? प्रशांत किशोर की जीत के 5 बड़े कारण

बिहार में जनता दल यूनाइटेड और भाजपा लंबे समय से राजनीतिक सहयोगी रहे हैं। दोनों दलों ने कई बार मिलकर सरकार बनाई है। हालांकि इनके बीच राजनीतिक मतभेद और गठबंधन में बदलाव का इतिहास भी रहा है। एनडीए में रहते हुए जेडीयू और भाजपा के नेताओं ने सरकार और संगठन में अलग-अलग जिम्मेदारियां निभाई हैं।

ऐसे में प्रशांत किशोर का मानना है कि यदि जेडीयू का संगठन कमजोर होता है तो भाजपा उसके कुछ नेताओं के लिए स्वाभाविक राजनीतिक विकल्प बन सकती है। प्रशांत किशोर ने यह भी कहा कि जेडीयू के कुछ नेता जन सुराज पार्टी में शामिल हो सकते हैं। जन सुराज बिहार में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश कर रही है।

ALSO READ: बिहार में ‘क्राइम’ हो सकता है, लेकिन ‘अपराध’ नहीं होता, CM सम्राट चौधरी का अजीब बयान, तेजस्वी यादव ने कसा तंज

ऐसे में यदि जेडीयू में नेतृत्व का संकट पैदा होता है तो उसके कुछ नेता जन सुराज को विकल्प के रूप में देख सकते हैं। हालांकि बिहार सरकार के मंत्री और JDU/NDA से जुड़े नेताओं ने प्रशांत किशोर के इस दावे को सिरे से खारिज किया है। मंत्री रामकृपाल यादव का कहना है कि प्रशांत किशोर के बयान आधारहीन हैं और जेडीयू पूरी तरह एकजुट होकर एनडीए के साथ मजबूत स्थिति में है।

बिना नेता के भी डेमोक्रेट्स ने हराया ट्रंप को

अमेरिका के मिडटर्म चुनाव की एक खास बात यह थी कि चुनाव बिल्कुल भारत के अंदाज में लड़ा जा रहा था। चुनाव से पहले ट्रंप ने प्रवासियों के नाम काटने शुरू किए थे। मतदाता पहचान पत्र अनिवार्य करने की मांग कर रहे थे। एसआईआर कराने की बात हो रही थी। कई राज्यों में परिसीमन कराया, जैसा भारत में करने की तैयारी हो रही है। चुनाव जीतने पर हर अमेरिकी के खाते में पांच हजार डॉलर डालने का ऐलान किया गया, जैसा भारत में ‘मुफ्त की रेवड़ी’ बांट कर चुनाव जीतने का चलन चला है। इल़ॉन मस्क ने भी हर बच्चे को अपनी कंपनी स्पेसएक्स का एक एक शेयर देने का ऐलान किया था। भारत की तरह ही वहां भी गोरे अमेरिकी ईसाई बनाम अन्य का मुकाबला बनाया जा रहा था।

बाहरी लोगों को निकालने या उन्हें परेशान करने की नीति को इमिग्रेशन एंड कस्टम एन्फोर्समेंट यानी आईसीई के जरिए आक्रामक तरीके से लागू कराया गया। हम और वे का मुकाबला बनाया जा रहा था, जैसे भारत में 80 और 20 का चुनाव बनाने की कोशिश हो रही है। भारत की तरह ही वहां भी कहा जा रहा था कि विपक्ष के पास चेहरा कहां है? ट्रंप के मुकाबले डेमोक्रेटिक पार्टी का पास कोई नेता नहीं है, इसका खूब नैरेटिव बनाया गया। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरह ही चुनाव प्रचार में ट्रंप ने हर जगह कहा कि लोग उनका चेहरा देख कर वोट दें। उन्होंने कहा कि हर जगह वे खुद लड़ रहे हैं। इसके बावजूद अमेरिका के लोगों ने रिपब्लिकन पार्टी को ऐसा हराया है, जैसा पिछले चार दशक में कोई पार्टी नहीं हारी है। लोगों ने जम कर गुस्सा निकाला। ट्रंप ने पारंपरिक रूप से रिपब्लिकन असर वाले जिन राज्यों में परिसीमन कराया था वहां भी उनकी पार्टी हारी और बुरी तरह से हारी।

लोगों ने इस बात की बिल्कुल चिंता नहीं दिखाई कि वे किसको जिताने के लिए वोट कर रहें। उन्होंने तय किया कि ट्रंप और रिपब्लिकन पार्टी को हराना है। इसके बाद उनके सामने कोई चेहरा नहीं था। सोचें, चुनाव से पहले डेमोक्रेटिक पार्टी की क्या स्थिति थी? पार्टी के पास राष्ट्रीय स्तर पर कोई चेहरा नहीं था। जो बाइडेन 2024 का चुनाव लड़ते समय ही बीमार और अशक्त हो गए थे। वे लोगों के नाम, चेहरे आदि भूलने लगे थे। तभी एक ही टर्म के बाद डेमोक्रेटिक पार्टी को उम्मीदवार बदलना पड़ा था। उप राष्ट्रपति कमला हैरिस चुनाव लड़ीं। लेकिन हारने के बाद वे भी राजनीति से दूर हो गईं। इस तरह 2020 से 2024 तक जो दो चेहरे डेमोक्रेटिक पार्टी का प्रतिनिधित्व कर रहे थे वो दोनों चेहरे इस चुनाव में प्रासंगिक नहीं थे।

भारत में भी बार बार कहा जाता है कि नरेंद्र मोदी के मुकाबले विपक्ष के पास कौन चेहरा है? यह सवाल किया जाता है कि क्या मोदी को वोट नहीं दें तो राहुल गांधी, अखिलेश या तेजस्वी यादव को दे दें? बड़ी होशियारी से यह नैरेटिव बनाया जाता है और टीना फैक्टर यानी देयर इज नो ऑल्टरनेटिव का प्रचार किया जाता है। अमेरिका में भी कोई ऑल्टरनेटिव नहीं था। लेकिन हर राज्य में ऐन चुनाव के दौरान कई चमकदार चेहरे उभरे और डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रचार का नेतृत्व किया। लोगों ने किसी को जिताने की बजाय ट्रंप को हराने का फैसला किया इसलिए चेहरे गौण हो गए।

इसलिए यह सोचना ही गलत है कि भारत में चेहरा कौन है और मोदी को कौन चुनौती देगा। याद करें कैसे सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस की एक टिप्पणी के बाद कॉकरोच जनता पार्टी बनी। उसने कैसे केंद्र की सर्वशक्तिशाली सरकार को घुटने पर ला दिया। क्या सीजेपी या उसके संस्थापक अभिजीत दीपके का कोई मतलब है? इनका कोई मतलब नहीं है। पेपर लीक और परीक्षा की गड़बड़ियों के कारण देश के युवा और उनके अभिभावक नाराज थे। वे सीजेपी की अपील पर स्वाभाविक रूप से सड़क पर उतरे और आंदोलन किया। युवाओं को चेहरे से कोई मतलब नहीं था। आज भी राजधानी दिल्ली से लेकर देश के दूरदराज के इलाकों में भी अलग अलग मुद्दों पर आम जनता की नाराजगी अलग अलग लोगों के नेतृत्व में हो रहे आंदोलनों से प्रकट हो रही है।

राहुल और तेजस्वी भी क्या करीब आएंगे?

एक समय राहुल गांधी और तेजस्वी यादव में अच्छे संबंध थे। राहुल गांधी उनको खान मार्केट में अपनी पसंद के रेस्तरां में खाना खिलाने भी ले गए थे। एक दिन वे लालू प्रसाद से मिलने भी गए थे, जहां लालू ने उनको मटन बनान सिखाया था। लेकिन बिहार विधानसभा चुनाव के समय दोनों के संबंधों में बहुत दूरी आ गई। राहुल गांधी ने अपने एक करीबी कृष्णा अल्लावरू को बिहार का प्रभारी बना कर भेजा। यह नहीं पता है कि उनको दिल्ली से किसने यह निर्देश दिया था कि लालू परिवार से नहीं मिलना है। अल्लावरू पटना पहुंचे तो वे लालू प्रसाद से मिलने नहीं गए, जबकि यह अघोषित नियम था कि कांग्रेस का जो प्रभारी बनेगा वह पटना यात्रा के दौरान लालू प्रसाद से मिलेगा।

अल्लावरू नहीं मिले तो उसके बाद दूरी बढ़ती गई। बाद में तो विवाद इतना हो गया कि सीट बंटवारा करने के लिए कांग्रेस को अलग से अशोक गहलोत को भेजना पड़ा। फिर भी दोनों पार्टियां खूब लड़ीं और नौ सीटों पर दोस्ताना लड़ाई हुई। गठबंधन में होकर भी दोनों ने एक दूसरे को हराया। अब खुद सोनिया गांधी दिल्ली में लालू प्रसाद से मिलने गईं। लालू प्रसाद की सांसद बेटी मीसा भारती के आवास पर यह मुलाकात हुई। तेजस्वी यादव भी मौजूद थे। हालांकि वहां न मीसा थीं और न राहुल गए थे। तभी सवाल है कि लालू प्रसाद के साथ सोनिया गांधी ने अपनी निजी बॉन्डिंग दिखाई है उसका क्या लाभ होगा? क्या उत्तर प्रदेश के लिए यह मैसेज है या बिहार में राजद और कांग्रेस या यूं कहें कि तेजस्वी और राहुल नजदीक आएंगे? ध्यान रहे बिहार में लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य राजद व प्रशांत किशोर के जनसुराज के तालमेल की बात कर रही हैं तो राहुल के करीबी नेता कांग्रेस और जनसुराज गठबंधन की चर्चा कर रहे हैं।

‘हमारे वाले’ और ‘तुम्हारे वाले’ ठाकुर जी!

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान कृष्ण को लेकर जो बयान दिया वह अनायास नहीं था और न भाव में बह कर दिया गया था। वह एक सोची समझी टिप्पणी थी, जिसका बड़ा राजनीतिक अर्थ है और गहरा सांस्कृतिक उद्देश्य भी है। इस बात को समझने के लिए दो बातों पर ध्यान देने की आवश्यकता है। पहली बात तो यह कि धीरेंद्र शास्त्री के बयान पऱ भारतीय जनता पार्टी ने पूरी तरह से चुप्पी साध ली। भाजपा के किसी भी कथित सनातनी नेता ने इसका प्रतिकार नहीं किया।

धर्मशास्त्र के ज्ञाता सुधांशु त्रिवेदी से लेकर हर मुद्दे पर बयान देने वाले गिरिराज सिंह तक सब खामोश रहे। भाजपा के छोटे मोटे प्रवक्ताओं ने इस पर बयान दिया लेकिन उनका निशाना धीरेंद्र शास्त्री नहीं, बल्कि अखिलेश यादव और तेजस्वी यादव थे। भाजपा की चुप्पी और धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव और पप्पू यादव की मुखरता से इसके राजनीतिक उद्देश्य को समझा जा सकता है।

दूसरी बात यह है कि धीरेंद्र शास्त्री के इस बयान को उनके पिछले दिनों दिए गए बयानों से मिला कर देखना चाहिए। उन्होंने कुछ दिन पहले पश्चिम बंगाल जाकर लोगों से दुर्गापूजा के दौरान मांसाहार नहीं करने की अपील की थी। जब इस पर विवाद हुआ तो प्रदेश भाजपा के नेताओं ने मंदिर में बैठ कर मांसाहार किया और उसकी वीडियो पोस्ट की। उस समय भी प्रदेश के कुछ नेताओं ने धीरेंद्र शास्त्री की खूब आलोचना की। लेकिन राष्ट्रीय नेता उस समय भी चुप्पी साधे रहे। सबसे बड़ी बात यह है कि हिंदू हितों के झंडाबरदार संगठनों ने भी उनकी बातों के प्रति मौन सहमति प्रदर्शित की। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि वह बयान राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ और भाजपा के प्रोजेक्ट हिंदुत्व की धारणाओं के संगत बैठता था।

बहरहाल, भगवान कृष्ण को लेकर दिया गया धीरेंद्र शास्त्री का बयान पहली नजर में विशुद्ध रूप से राजनीतिक दिखता है। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव से पहले इस पर जैसी प्रतिक्रिया वांछित थी वैसी ही हुई है। बयान आते ही अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, पप्पू यादव जैसे नेता धीरेंद्र शास्त्री के विरोध में उतर गए। उन्होंने मुद्दा तो सनातन धर्म और हिंदुत्व का बनाया लेकिन लोगों को यह समझ में आया यदुकुल में पैदा हुए भगवान विष्णु के आठवें अवतार श्रीकृष्ण की निंदा हुई तो यदुवंशी नेता नाराज हुए और इसके खिलाफ उतरे। यह हिंदुत्व के व्यापक छाते से यादवों को बाहर करने की रणनीति हो सकती है। इससे भाजपा द्वारा गैर यादव पिछड़ों और अन्य हिंदुओं को एकजुट करने के प्रयास में मदद मिलेगी। कम से कम पहली नजर में यह उद्देश्य दिख रहा है। इसलिए भी भाजपा के तमाम बड़े नेता चुप्पी साध गए। तभी सवाल है कि क्या मथुरा में बांके बिहारी मंदिर और शाही ईदगाह का विवाद आस्था से ज्यादा सांप्रदायिक तनाव पैदा करने और राजनीतिक लाभ लेने का मुद्दा है? अगर नहीं है तो भगवान श्रीकृष्ण के अपमान के विरोध में पूरी भाजपा को धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ उतरना चाहिए था।

यह फालतू का तर्क है कि हिंदू धर्मग्रंथों में निंदा स्तुति के प्रमाण हैं। भाजपा के समर्थक अलग अलग धर्मग्रंथों की मिसाल देकर कह रहे हैं कि आराध्य की निंदा या उनसे शिकायत पहले भी की जाती रही है और हर निंदा को द्वेष नहीं कह सकते हैं। इस तर्क के सहारे राइटविंग इकोसिस्टम के लोग धीरेंद्र शास्त्री का बचाव कर रहे हैं। परंतु धीरेंद्र शास्त्री जिस अंदाज में ‘हमारे वाले’ और ‘तुम्हारे वाले’ ठाकुर जी की बात कर रहे थे, उस समय उनके चेहरे का जैसा भाव था, जैसी देह भंगिमा थी वह स्तुति करने वाली तो कहीं से नहीं थी। वह विशुद्ध रूप से चिढ़ाने या अपमानित करने के भाव से अपनी बात कह रहे थे। उनके भाव में भक्ति नहीं थी और न भक्त का कोई हठ था। तुलसीदास के नाम से एक दोहा बहुत प्रचलित है, ‘का बरनौं छवि आपकी भले बने हो नाथ, तुलसी मस्तक तब नवै जब धनुष बाण हो हाथ’। हालांकि यह दोहा तुलसीदास के किसी प्रमाणिक ग्रंथ में संकलित नहीं है लेकिन लोकश्रुति के माध्यम से बहुत प्रचलित है।

इसके पीछे की कहानी यह है कि तुलसीदास ने वृंदावन के मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण की मूर्ति के सामने सिर नहीं झुकाया था क्योंकि वे भगवान राम को अपना आराध्य मानते थे। तब उन्होंने यह दोहा कहा और भगवान विष्णु ने उन्हें धनुष, बाण के साथ यानी श्रीराम के रूप में दर्शन दिए। इस दोहे में भगवान श्रीकृष्ण की निंदा नहीं की गई है या उनका मजाक नहीं उड़ाया गया, बल्कि उनके मोहक रूप को अद्भुत बताया गया है। इसके उलट धीरेंद्र शास्त्री कृष्ण के रूप और गुण दोनों की आलोचना कर रहे थे। वे श्रीकृष्ण को रूप में ‘टेड़ा’ बता रहे थे और बांसुरी बजाने के लिए कह रहे थे कि ‘यह तो खेल है’।

असल में भगवान विष्णु के अलग अलग अवतारों को मानने के मामले में हिंदू समाज में पहले भी एक पतली सी विभाजन रेखा रही है। लेकिन किसी धर्मगुरू ने उस विभाजन रेखा को पार करने का ऐसा कुत्सित प्रयास नहीं किया था। क्षत्रिय कुल में पैदा होने के कारण मात्र से एक बड़ी आबादी अपने को भगवान राम से जोड़ती है और भगवान विष्णु के छठे अवतार परशुराम के प्रति नाराजगी का भाव रखती है। लेकिन अपने को परशुराम का वंशज मानने वालों ने ही सहस्त्राब्दियों से रघुवंश व यदुवंश दोनों के अवतारों को हिंदू मानस में स्थापित किया।

यह भी ध्यान रखने की जरुरत है कि सहस्त्राब्दियों के बाद हिंदू धर्म की अलग अलग मान्यताओं और परंपराओं को एक सूत्र में पिरोया गया है। बड़ी मुश्किल से शैव और वैष्णव या वैष्णव व शाक्त का विवाद या वैष्णव धर्म के अखाड़ों की लड़ाइयां सुलझाई गई हैं।

ऐसे में धीरेंद्र शास्त्री का यह बयान या पश्चिम बंगाल में दिया गया बयान सदियों पहले बंद हो चुके उस अध्याय को खोलने और विभाजन रेखा को चौड़ा करने का प्रयास दिख रहा है। यह व्यापक रूप से हिंदू समाज को एक रंग में रंगने का प्रयास है, जिससे अंततः हिंदू धर्म कमजोर होगा। यह भी ध्यान रखने की आवश्यकता है कि हिंदू धर्म की ताकत इसकी विविधता और लचीलापन है। बहुदेववाद की अवधारणा और सभी देवताओं के लिए एक समान सम्मान का भाव इसके अस्तित्व से जुड़ा हुआ है। इसे चुनौती देना या इस व्यवस्था को जोर जबरदस्ती बदलने का प्रयास करना अंततः नुकसान पहुंचाने वाला साबित होगा। कम से कम अपने को पीठाधीश्वर कहने वालों को इस तरह की बातों से बचना चाहिए। इसमें चिंता की बात यह भी है कि अब तक ‘हम’ और ‘वे’ की अभिव्यक्ति हिंदू बनाम अन्य धर्म का भेद दिखाने के लिए किया जाता था। अब हिंदू धर्म के भीतर ही ‘हमारे वाले’ और ‘तुम्हारे वाले’ ठाकुर जी की विभाजन रेखा खींची जा रही है। अगर इसे अभी नहीं रोका गया तो भविष्य में इसका कितना बड़ा नुकसान होगा इसकी कल्पना भी डराने वाली है।

बाबा बागेश्वर का बतंगड़: क्या यूपी में बिगड़ेगा भाजपा का सोशल इंजीनियरिंग समीकरण?

बाबा बागेश्वर का बतंगड़: क्या यूपी में बिगड़ेगा भाजपा का सोशल इंजीनियरिंग समीकरण?

Dhirendra Shashtri

Dhirendra Shastri Statement on Ram Krishna: बागेश्वर धाम के प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की भगवान राम और भगवान कृष्ण के स्वरूप व हाव-भाव को लेकर की गई टिप्पणियों ने उत्तर प्रदेश और देश की राजनीति में एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। आगामी चुनावी से पहले उभरे इस मुद्दे ने समाजवादी पार्टी (सपा) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को एक तीखा राजनीतिक हथियार दे दिया है, जिससे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सामने उत्तर प्रदेश के सामाजिक व राजनीतिक समीकरणों को बचाए रखने का दोहरा संकट पैदा हो गया है।

विवाद की जड़ : क्या कहा था धीरेंद्र शास्त्री ने?

इस पूरे विवाद की शुरुआत मध्य प्रदेश के शिवपुरी में आयोजित एक राम कथा से हुई:

  • राम-कृष्ण के हाव-भाव की तुलना: वायरल वीडियो में शास्त्री ने दोनों देवों के स्वरूप की तुलना करते हुए कहा कि जहाँ भगवान राम सीधे खड़े रहते थे, वहीं भगवान कृष्ण तीन स्थानों से ‘टेढ़े’ थे और गर्दन झुकाकर बाँसुरी बजाते थे। इसके बाद राम से जुड़ी टिप्पणियों का एक और वीडियो सामने आया, जिसमें शास्त्री ने कहा कि राम के 5 बाप थे। ALSO READ: रामजी के 5 बाप! धीरेन्द्र शास्त्री की टिप्पणी से फिर बवाल, अखिलेश ने भी साधा निशाना
  • शास्त्री की सफाई : विवाद बढ़ता देख धीरेंद्र शास्त्री ने स्पष्ट किया कि उनकी टिप्पणियां केवल एक पारंपरिक ‘भक्ति पद’ की साहित्यिक व्याख्या थीं और उन्हें संदर्भ से बाहर निकालकर दिखाया गया।

विपक्ष का तीखा हमला : “ईशनिंदा और सनातनी-विरोधी कृत्य”

विपक्षी दलों ने धीरेंद्र शास्त्री के बयान को तुरंत आड़े हाथों लिया और इसे एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा बना दिया:

  1. अखिलश यादव (सपा अध्यक्ष) : अखिलेश ने देश भर में धीरेंद्र शास्त्री के कथा कार्यक्रमों पर तत्काल बैन लगाने और उनके सामाजिक बहिष्कार की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि “सनातनी-विरोधी तत्व अपने राजनीतिक आकाओं के इशारे पर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का काम कर रहे हैं। भगवान पर ऐसी ईशनिंदा अक्षम्य पाप है।”  ALSO READ: भगवान राम और बांके बिहारी पर दिए बयान से घिरे धीरेंद्र शास्त्री, मिर्ची बाबा का तीखा हमला; जानें पूरा मामला
  2. तेजस्वी यादव (राजद नेता) : तेजस्वी ने हमला बोलते हुए कहा, “ये नफरत फैलाने वाले लोग पहले इंसानों को जाति के नाम पर बांटते थे, और अब भगवानों को भी आपस में बांटने में लगे हैं।”
  3. दिग्विजय सिंह (कांग्रेस) : मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने भी शास्त्री की बयानबाजी पर कड़ा ऐतराज जताया।

भाजपा की रक्षात्मक स्थिति और यादव वोटबैंक का गणित

विपक्ष के हमलों पर पलटवार करते हुए भाजपा प्रवक्ता नवीन श्रीवास्तव ने सवाल उठाया कि चुनाव आते ही अखिलेश और तेजस्वी को भगवान कृष्ण की याद क्यों आ गई? उन्होंने सपा से पूछा कि क्या वे मथुरा में ‘कृष्ण जन्मभूमि आंदोलन’ का समर्थन करते हैं या नहीं? हालांकि, इस तीखी प्रतिक्रिया के पीछे भाजपा का गहरा राजनीतिक तनाव छिपा हुआ है।

UP Election 2027

 

भाजपा की सोशल इंजीनियरिंग पर असर:

  • सपा का ‘M-Y’ समीकरण: उत्तर प्रदेश में यादव समुदाय अपनी वंशावली सीधे यदुवंश से जोड़ता है। मुलायम सिंह यादव के समय से ही यह समुदाय सपा का सबसे अटूट वोट बैंक रहा है।
  • भाजपा की सेंधमारी की कोशिश: भाजपा लंबे समय से गैर-यादव ओबीसी को गोलबंद करने के साथ-साथ यादवों में अपनी पैठ बनाने के लिए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को यूपी में प्रमुखता से पेश कर रही थी और मथुरा कृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा उठा रही थी।
  • चुनावी आंकड़े: 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव (सपा का 32.76% वोट शेयर) और 2024 के लोकसभा चुनावों में ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रदर्शन ने दिखाया कि यादव वोट बैंक पर सपा की पकड़ अब भी मजबूत है। ऐसे में कृष्ण पर विवादित टिप्पणी से यादव वोटर भाजपा से छिटक सकते हैं।

धीरेंद्र शास्त्री का बढ़ता प्रभाव और राजनीतिक ध्रुवीकरण

मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम में रोजाना लाखों श्रद्धालु आते हैं।

  • वर्ष 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद ‘बागेश्वर धाम मेडिकल एंड साइंस रिसर्च इंस्टीट्यूट’ की आधारशिला रखी थी और शास्त्री को “छोटा भाई” कहकर संबोधित किया था।
  • शुरुआत में हनुमान भक्ति और ‘दिव्य दरबार’ तक सीमित रहने वाले शास्त्री पिछले दो वर्षों में खुद को “हिंदू राष्ट्र योद्धा” के रूप में पेश कर चुके हैं।
  • बुंदेलखंड, यूपी, बिहार और झारखंड में उनके विशाल जनसमर्थन को देखते हुए कांग्रेस और भाजपा दोनों ही उन्हें साधने की कोशिश करते रहे हैं।

चुनाव की दहलीज पर खड़े उत्तर प्रदेश में धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणियों ने भाजपा को रक्षात्मक स्थिति में धकेल दिया है। जहां अखिलेश यादव इसे ‘यादव अस्मिता’ और ‘सनातनी पहचान’ पर हमले के रूप में भुनाने में जुटे हैं, वहीं भाजपा के लिए अपने हिंदू एकीकरण और यादव वोट बैंक साधने की रणनीति को संतुलित बनाए रखना एक बड़ी चुनौती बन गया है।

Samrat Choudhary: ‘क्राइम हो सकते हैं, लेकिन अपराध नहीं’; बिहार CM सम्राट चौधरी का बयान हो रहा वायरल, RJD से लेकर कांग्रेस तक का आया रिएक्शन

Samrat Choudhary Crime Remark: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार (3 अक्टूबर) को कहा कि राज्य में अपराध खत्म हो गया है, हालांकि कुछ ‘क्राइम’ हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि अपराध का कॉन्सेप्ट ही खत्म हो चुका है। बिहार में कोई अपराधी नहीं है। उनके इस कथित बयान का वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है। सोशल मीडिया पर विपक्षी नेताओं और अन्य यूजर्स ने चुटकी ली।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की तरफ से दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में चौधरी ने कहा, “हमारे यहां कोई अपराध नहीं है। अपराध का कॉन्सेप्ट (अवधारणा) ही खत्म हो चुका है। क्राइम हो सकते हैं, लेकिन अपराध नहीं… कोई अपराधी नहीं है।” उनके इस बयान से कई लोग हैरान रह गए कि आखिर उनका मतलब क्या था।

विपक्षी पार्टियां हुईं हमलावर

कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लटेफॉर्म X पर लिखा, “हमारे यहां कोई ग़रीबी नहीं है ग़रीबी का कॉन्सेप्ट ही खत्म हो चुका है। गरीबी है लेकिन गरीबी नहीं है।” वहीं, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव ने सवाल किया कि क्या प्रधानमंत्री ने चौधरी को बिहार को बर्बाद करने की सुपारी दी है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सम्राट चौधरी कहते सुनाई दे रहे हैं, “बिहार में क्राइम हो सकता है, लेकिन अपराध नहीं।” हालांकि, मनीकंट्रोल हिंदी वीडियो की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।

मुख्यमंत्री के इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा छिड़ गई है। लोग इसके आशय पर सवाल उठा रहे हैं। मुख्यमंत्री के बयान पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। तेजस्वी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट के जरिए तंज कसते हुए लिखा, “बिहार में ‘क्राइम’ हो सकता है, ‘अपराध’ नहीं!” तेजस्वी ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्हें प्रधानमंत्री द्वारा चयनित मुख्यमंत्री बताया। उन्होंने सम्राट चौधरी पर सात हत्याओं का आरोपी होने का आरोप भी लगाया।

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों का जिक्र करते हुए सवाल किया कि क्या भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी मुख्यमंत्री के साथ काम करके खुद को सम्मानित महसूस कर रहे हैं या अपमानित। तेजस्वी ने प्रधानमंत्री पर भी निशाना साधते हुए सवाल किया कि क्या उन्होंने सम्राट चौधरी के हाथों बिहार को बर्बाद कराने की जिम्मेदारी ले रखी है। मुख्यमंत्री के इस कथित बयान और उस पर तेजस्वी यादव की प्रतिक्रिया के बाद बिहार में अपराध तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।