Q2 Results: गोल्ड लोन देने वाली कंपनी का मुनाफा 223% बढ़ा, डिविडेंड का भी ऐलान

Q2 Results: गोल्ड लोन देने वाली NBFC कंपनी Manappuram Finance ने सितंबर तिमाही में दमदार नतीजे पेश किए हैं। वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 222.9% बढ़कर ₹701 करोड़ हो गया। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी ने ₹217 करोड़ का मुनाफा कमाया था।

कंपनी की नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) भी 44.7% बढ़कर ₹1,959 करोड़ हो गई। वहीं, ऑपरेशंस से रेवेन्यू 46.2% बढ़कर ₹3,356 करोड़ पर पहुंच गया। पिछले साल सितंबर तिमाही में यह ₹2,296 करोड़ था।

गोल्ड लोन कारोबार में तेज बढ़त

30 सितंबर 2026 तक Manappuram Finance का कंसोलिडेटेड एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) सालाना आधार पर 60.1% बढ़कर ₹73,303 करोड़ हो गया। इसमें गोल्ड लोन कारोबार की बड़ी हिस्सेदारी रही। गोल्ड लोन AUM 92.5% बढ़कर ₹60,640 करोड़ पर पहुंच गया। कंपनी के कुल AUM में गैर-गोल्ड लोन कारोबार की हिस्सेदारी 17.27% रही।

तिमाही के दौरान कंपनी के पास 70 टन सोना गिरवी रखा था। यह एक साल पहले के मुकाबले 22% और पिछली तिमाही से 3.5% ज्यादा है। वहीं, कंपनी के ग्राहकों की संख्या तिमाही आधार पर 2.3% बढ़कर 46.9 लाख हो गई।

कंपनी की माइक्रोफाइनेंस सब्सिडियरी Asirvad Micro Finance ने सितंबर तिमाही में ₹32 करोड़ का मुनाफा दर्ज किया। 30 सितंबर तक इसका AUM ₹7,919 करोड़ था।

पहली छमाही में भी मुनाफा बढ़ा

वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में Manappuram Finance का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट बढ़कर ₹1,286 करोड़ हो गया। पिछले साल इसी अवधि में यह ₹350 करोड़ था। इस दौरान रेवेन्यू भी ₹4,546 करोड़ से बढ़कर ₹6,403 करोड़ हो गया। सितंबर के अंत तक कंपनी का कुल ब्रांच नेटवर्क 5,375 था।

₹1 प्रति शेयर डिविडेंड का ऐलान

Manappuram Finance के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए ₹2 फेस वैल्यू वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर ₹1 का अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है।

कंपनी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर वीपी नंदकुमार ने कहा कि तिमाही में कंपनी ने मुनाफे और AUM, दोनों में अच्छी बढ़त दर्ज की है। उनके मुताबिक, गोल्ड लोन कारोबार का आउटलुक सकारात्मक बना हुआ है। कंपनी को इस वित्त वर्ष के लिए तय लक्ष्य हासिल करने का भरोसा है।

Manappuram Finance का शेयर गुरुवार को NSE पर करीब सपाट रहकर ₹319.95 पर बंद हुआ। पिछले 1 साल में स्टॉक ने 16.75% का रिटर्न दिया है।

RVNL Q2 Results: सरकारी रेल कंपनी को ₹249 करोड़ का मुनाफा, फोकस में रहेगा स्टॉक

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।