तीसरे एकदिवसीय मैच से बाहर हुए ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर

वॉशिंगटन सुंदर रविवार को लॉर्ड्स में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ होने वाले तीसरे और निर्णायक वनडे से बाहर हो गए हैं। भारत के इस ऑलराउंडर के पैर में गुरुवार को कार्डिफ़ में खेले गए दूसरे वनडे के दौरान चोट लग गई थी। इसके बाद उन्होंने इंग्लैंड की पारी में मैदान पर उतरकर फ़ील्डिंग भी नहीं की। उनकी गैरमौजूदगी में भारत कुलदीप यादव को प्लेइंग XI में शामिल कर सकता है।

सोफ़िया गार्डन्स में खेले गए दूसरे वनडे में वॉशिंगटन ने पांच गेंदों पर दो रन बनाए। पारी के दौरान ब्रेक में फिज़ियो उनकी जांघ पर स्ट्रैपिंग करते दिखाई दिए थे। आउट होने के बाद भी वह स्पष्ट रूप से असहज दिखे थे।
मैच के बाद भारत के बल्लेबाज़ी कोच सितांशु कोटक ने कहा, “वॉशिंगटन को मिड ऑफ़ की तरफ़ पहला रन लेते समय चोट लगी थी। मुझे लगता है कि उनकी हैमस्ट्रिंग में गंभीर चोट है और अगली ही गेंद पर वह आउट हो गए।”

एक समय रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा की मौजूदगी में टीम के किनारे पर रहने वाले वॉशिंगटन अब तीनों फ़ॉर्मेट में भारत के अहम खिलाड़ी बन चुके हैं। उन्होंने इंग्लैंड के ख़िलाफ़ पहले वनडे में विजयी छक्का लगाकर भारत को जीत दिलाई थी और उसी के साथ अपना अर्धशतक भी पूरा किया था। तीन मैचों की सीरीज़ फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है।

भारत वॉशिंगटन को उनकी बल्लेबाज़ी से मिलने वाली अतिरिक्त गहराई के कारण बेहद अहम मानता है। मौजूदा दौरे पर टीम के पास उनका सीधा विकल्प मौजूद नहीं है। दूसरे ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी और हार्दिक पंड्या पहले से ही चोटिल हैं।केएल राहुल बीमारी के कारण दूसरा वनडे नहीं खेल पाए थे और उनकी जगह इशान किशन को मौका मिला था। अगर भारत को लगता है कि वॉशिंगटन की गेंदबाज़ी के बिना भी काम चल सकता है, तो लॉर्ड्स में राहुल और किशन दोनों को एक साथ प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है। अन्यथा टीम को कुलदीप यादव को मौका देना पड़ सकता है।

बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप का आईपीएल 2026 सीज़न अच्छा नहीं रहा था। इसके बाद से वह सभी फ़ॉर्मेट मिलाकर भारत के पिछले 13 मैचों में सिर्फ़ एक मुकाबला ही खेल सके हैं।

अश्विन ने हाल ही में कुलदीप को पर्याप्त मौके नहीं मिलने पर बात करते हुए कहा था, “दक्षिण अफ़्रीका में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप तक आपको कुलदीप यादव, अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर तीनों की ज़रूरत होगी। पहले वनडे में अक्षर और वॉशिंगटन दोनों ने अर्धशतक लगाकर हमें जीत दिलाई। लेकिन मुझे लगता है कि भविष्य में इन दोनों में से सिर्फ़ एक के लिए ही जगह होगी। मैं चाहता हूं कि कुलदीप के साथ बेहतर व्यवहार किया जाए, क्योंकि वह मैच जिताने वाले खिलाड़ी हैं।”

कुलदीप भारत के लिए वनडे में सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले शीर्ष 10 गेंदबाज़ों में शामिल हैं। उन्होंने 121 मैचों में 194 विकेट लिए हैं। अपने सर्वश्रेष्ठ दौर में वह दाएं और बाएं हाथ के बल्लेबाज़ों, दोनों को अपनी गेंदों से चकमा देने की क्षमता रखते हैं। हालांकि बल्लेबाज़ी में उनकी सीमित क्षमता कई बार उनकी टीम में जगह पर भारी पड़ी है।

लगातार दो सीरीज हारने के बाद टी20 टीम में होगी सूर्यकुमार यादव की वापसी? बीसीसीआई ने रखी ये शर्त

टी20 विश्व कप 2026 में भारत को चैंपियन बनाने वाले सूर्यकुमार यादव को बड़ा झटका लगा। विश्व कप खत्म होने के बाद बीसीसीआई ने टी20 टीम की कप्तानी उनसे लेकर श्रेयस अय्यर को सौंप दी। वहीं अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम टी20 में अब तक एक भी मुकाबला नहीं जीत पाई है। भारतीय टीम आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज हार गई। वहीं अब सीरीज हारने के बाद सूर्यकुमार के भारतीय टीम में वापसी को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम का प्रदर्शन अब तक उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। टीम अपने पिछले सात टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में से छह हार चुकी है, जबकि एक मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया।

सूर्या को होगी वापसी

रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीसीसीआई ने सूर्यकुमार यादव के लिए भारतीय टीम के दरवाजे पूरी तरह बंद नहीं किए हैं। न्यूज एजेंसी ANI ने बीसीसीआई के एक सूत्र के हवाले से कहा, “सूर्यकुमार यादव के लिए भारतीय टीम के दरवाजे अभी भी खुले हैं। फिलहाल वह टीम का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन अगर वह घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हैं और रन बनाते हैं, तो उनकी वापसी पर जरूर विचार किया जाएगा।”

करना होगा बेहतरीन प्रदर्शन

अगर सूर्यकुमार यादव को भारतीय टीम में दोबारा जगह बनानी है, तो उन्हें घरेलू क्रिकेट में मुंबई की ओर से लगातार अच्छा प्रदर्शन करना होगा। चयनकर्ताओं का भरोसा फिर से जीतने के लिए उन्हें बल्ले से लगातार रन बनाने होंगे। मजबूत प्रदर्शन ही उनके लिए राष्ट्रीय टीम में वापसी का सबसे बड़ा आधार माना जा रहा है। पिछला साल सूर्यकुमार यादव के लिए उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा और वह लगातार 19 पारियों तक अर्धशतक नहीं बना सके। वहीं इस साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में उन्होंने पांच मैचों में तीन अर्धशतक जड़े। इसके बाद टी20 विश्व कप के पहले मुकाबले में नाबाद 84 रन की मैच जिताऊ पारी खेलकर उन्होंने दमदार अंदाज में अपनी फॉर्म में वापसी के संकेत दिए।

सूर्या का प्रदर्शन

इसके बाद टी20 विश्व कप के बाकी आठ मुकाबलों में सूर्यकुमार यादव का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा और वह कुल 158 रन ही बना सके। फाइनल मैच में भी उनका बल्ला नहीं चला और वह बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए उन्होंने 13 पारियों में 270 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 147.54 रहा, लेकिन लगातार बड़े स्कोर नहीं बना पाने के कारण चयनकर्ताओं ने उन्हें भारतीय टी20 टीम से बाहर कर दिया।

Lionel Messi: 13 साल की उम्र में बदली किस्मत, आज हैं 9,400 करोड़ के मालिक… जानिए मेसी की पूरी कहानी

Video: ‘बूढ़ा हो गया हूं… नहीं कर सकता’, इंग्लैंड के खिलाफ मैच के दौरान वायरल हुआ धोनी का वीडियो

भारत और इंग्लैंड के बीच नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज में खेले गए तीसरे वनडे में भारत को 125 रन से हार का सामना करना पड़ा। वहीं इस मैच में पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की मौजूदगी से फैंस काफी एक्साईटेड थे। अपने 46वें जन्मदिन के मौके पर धोनी भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा मैच देखने स्टेडियम पहुंचे थे। जैसे ही पूर्व भारतीय कप्तान स्टेडियम पहुंचे, दर्शकों ने तालियों और नारों से उनका जोरदार स्वागत किया। धोनी ने भी मुस्कुराते हुए हाथ हिलाकर फैंस का अभिवादन स्वीकार किया।

वहीं इस दौरान धोनी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इंग्लैंड की जीत के बावजूद ट्रेंट ब्रिज में सबसे ज्यादा चर्चा महेंद्र सिंह धोनी की रही।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो

वहीं इस दौरान उनका एक खास अंदाज कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। X पर वायरल हो रहे एक वीडियो में महेंद्र सिंह धोनी फैंस की ओर इशारा करते नजर आए। उन्होंने मजाकिया अंदाज में बताया कि, ‘अब वह बूढ़े हो गए हैं और अगर बल्लेबाजी करने उतरेंगे, तो विकेटों के बीच तेजी से दौड़ना उनके लिए आसान नहीं होगा।’

 

आईपीएल 2026 में एक भी मैच नहीं खेले थे धोनी

धोनी से आईपीएल 2026 में दमदार वापसी की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन फिटनेस से जुड़ी परेशानियों के कारण वह पूरे सीजन मैदान से दूर रहे। अब भी यह साफ नहीं है कि वह अगले आईपीएल सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलते नजर आएंगे या नहीं। फैंस उनकी वापसी को लेकर बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

कड़े सुरक्षा में स्टेडियम से बाहर निकाला गया

नॉटिंघम में महेंद्र सिंह धोनी की लोकप्रियता एक बार फिर देखने को मिली। मैच खत्म होने के बाद जब वह स्टेडियम से बाहर निकले, तो उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में फैंस जुट गए। कड़ी सुरक्षा के बीच धोनी भीड़ के बीच से आगे बढ़े, जबकि चारों ओर उनके नाम के नारे गूंज रहे थे। फैंस उनकी एक झलक पाने और उन्हें करीब से देखने के लिए उत्साहित नजर आए।

सबसे सफल कप्तान

महेंद्र सिंह धोनी को क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल खिलाड़ियों में गिना जाता है। अपने करियर की शुरुआत में उन्होंने आक्रामक बल्लेबाज के रूप में पहचान बनाई, जबकि बाद में वह मैच को अंत तक ले जाकर जीत दिलाने वाले बेहतरीन फिनिशर बन गए। कप्तान के तौर पर भी उन्होंने भारत को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। उनकी अगुवाई में टीम इंडिया ने 2007 का टी20 विश्व कप, 2011 का वनडे विश्व कप और 2013 की चैंपियंस ट्रॉफी जीतकर इतिहास रचा।

Prithvi-Akriti: पृथ्वी शॉ और मंगेतर आकृति के रिश्ते में आई दरार? एक्ट्रेस की ‘क्रिप्टिक’ पोस्ट ने सोशल मीडिया पर बढ़ाई हलचल

भारतीय क्रिकेटर पृथ्वी शॉ और उनकी मंगेतर आकृति अग्रवाल इन दिनों काफी चर्चा में हैं। हाल ही में उनकी मंगेतर और एक्ट्रेस-इन्फ्लुएंसर आकृति अग्रवाल ने इंस्टाग्राम पर एक ऐसी स्टोरी शेयर की है। इस स्टोरी में आकृति ने बिना किसी का नाम लिए “धोखा” मिलने का जिक्र किया है। वहीं इस पोस्ट के बाद फैंस ये कयास लगा रहे हैं कि क्या दोनों के रिश्ते में दरार आ गई है। वहीं इस पोस्ट के कुछ समय बाद आकृति ने ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल से ये स्टोरी हटा दी, लेकिन तब तक उसका स्क्रीनशॉट इंटरनेट पर तेजी से फैल चुका था। आकृति का ये पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सोशल मीडिया पर किया पोस्ट

आकृति अग्रवाल की इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर करने के बाद इसे ये पोस्ट डिलीट कर दी। पोस्ट में लिखा था, “मेरे साथ कई बार धोखा हुआ, फिर भी मैंने कभी कुछ नहीं कहा। मुझे अब भी यकीन नहीं हो रहा कि सगाई जैसा बड़ा कदम उठाने के बाद भी ऐसा हो सकता है। जो भी बातें सामने आ रही हैं, वे सच हैं। सोशल मीडिया पर उनके बारे में जो कुछ भी दिख रहा है, वह पूरी तरह सच है।” आकृति अग्रवाल ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में कहीं भी पृथ्वी शॉ का नाम नहीं लिया।

कब हुई थी दोनों की सगाई

वहीं उनकी सगाई और पोस्ट के समय को देखते हुए सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इस पोस्ट को सीधे क्रिकेटर से जोड़कर देखा। स्टोरी का स्क्रीनशॉट तेजी से वायरल होने के कुछ ही समय बाद आकृति ने उसे हटा दिया, जिसके बाद पूरे मामले को लेकर लोगों के बीच और भी ज्यादा चर्चाएं शुरू हो गईं। खबरों के मुताबिक, कुछ समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद पृथ्वी शॉ और आकृति अग्रवाल ने 8 मार्च 2026 को सगाई की थी। दोनों पहली बार 2025 में गणेश चतुर्थी के मौके पर साथ नजर आए थे, जिसके बाद उनके रिश्ते की चर्चा शुरू हो गई।

Prithvi Shaw

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि पृथ्वी शॉ और आकृति अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर एक-दूसरे को अनफॉलो कर दिया है। इसके बाद उनके रिश्ते को लेकर चर्चाएं और तेज हो गईं। अब तक न तो पृथ्वी शॉ और न ही आकृति अग्रवाल ने अपने रिश्ते या ब्रेकअप को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

कैसा था प्रदर्शन

क्रिकेटर पृथ्वी शॉ को कभी भारत के सबसे प्रतिभाशाली युवा बल्लेबाजों में गिना जाता था। उन्होंने भारत को अंडर-19 विश्व कप जिताने में अहम भूमिका निभाई थी और 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने पहले टेस्ट मैच में शानदार शतक भी लगाया था। वहीं शुरुआती सफलता के बाद उनका अंतरराष्ट्रीय करियर उम्मीदों के मुताबिक आगे नहीं बढ़ सका। पिछले कुछ वर्षों में पृथ्वी शॉ का करियर लगातार उतार-चढ़ाव से गुजरा है। खराब फॉर्म, फिटनेस और अनुशासन को लेकर उठे सवालों ने उनके प्रदर्शन को प्रभावित किया।

नए सिरे से शुरुआत करने के इरादे से उन्होंने 2025-26 के घरेलू सीजन से पहले मुंबई छोड़कर महाराष्ट्र की टीम का रुख किया। वहीं, आईपीएल 2026 में वह दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा जरूर रहे, लेकिन पूरे सीजन के दौरान उन्हें खेलने के ज्यादा मौके नहीं मिल सके।

वैभव सूर्यवंशी बने सबसे कम उम्र में टीम इंडिया के लिए खेलने वाले खिलाड़ी

वैभव सूर्यवंशी के लिए आखिरकार वह घड़ी आ गई जिसका भारतीय फैंस 25 जून से इंतजार कर रहे थे। वैभव सूर्यवंशी सबसे कम उम्र में भारत के लिए खेलने वाले क्रिकेटर बन गए हैं। मैनचेस्टर में होने वाले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच से पहले तिलक वर्मा ने उनको भारतीय कैप दी।भारतीय विकेटकीपर संजू सैमसन को उनकी जगह खाली करनी पड़ी है।इससे पहले वैभव सूर्यवंशी आयरलैंड की दो टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज में टीम में शामिल थे लेकिन उनको अंतिम ग्यारह में मौका नहीं मिला था।

महज 15 वर्ष और 99 दिन की उम्र में वैभव सूर्यवंशी राष्ट्रीय टीम में जगह पाने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बन गए हैं। उन्होंने महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का वर्षों पुराना रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।हालांकि सचिन तेंदलुकर के जमाने में टी-20 अंतरराष्ट्रीय प्रारुप नदारद था।यही नहीं वैभव सूर्यवंशी ने महिला क्रिकेटर शेफाली वर्मा से पहले इस प्रारुप में युवा एंट्री ली है। शेफाली वर्मा ने जब 2019 में डेब्यू टी-20 खेला था तो वह 15 साल 239 दिनों की थी। वहीं सचिन तेंदुलकर ने जब अपना पहला टेस्ट खेला तो वह 16 साल 205 दिनों के थे।

इस युवा बल्लेबाज ने 2026 आईपीएल सत्र में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम किया। इस दौरान उन्होंने एक शतक और पांच अर्धशतक जड़े तथा 237.30 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी कर क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींचा।इसके अलावा सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट (224) के कारण उन्हें सुपर स्ट्राइकर, टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के कारण उभरते हुए खिलाड़ी का अवार्ड भी दिया गया।

युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल सबसे कम गेंदों में 1000 रन पूरे किए। उन्होंने 440 गेंदें खेलीं, जो सबसे तेज हैं।आईपीएल 2026 में सूर्यवंशी ने कुल 135 बाउंड्री लगाईं, जिसमें रिकॉर्ड 72 छक्के शामिल हैं, जो किसी भी टी 20 टूर्नामेंट में किसी भी बल्लेबाज़ द्वारा लगाए गए सबसे ज़्यादा छक्के हैं।

Vaibhav Sooryavanshi: इंग्लैंड सीरीज में नहीं होगा वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू? BCCI ने दिया ये बड़ा संकेत

वैभव सूर्यवंशी टीम इंडिया के लिए पहला मैच कब खेलेंगे? भारतीय क्रिकेट फैंस के बीच ये मिलियन डॉलर का सवाल बना हुआ है। अब भारत और इंग्लैंड का दूसरा टी20 मैच 4 जुलाई को मैंचेस्टर में खेला जाएगा। इन सबके बीच BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने टीम मैनेजमेंट के उस फैसले का समर्थन किया है, जिसमें वैभव सूर्यवंशी को अभी तक इंटरनेशनस क्रिकेट में पदार्पण का मौका नहीं दिया गया है। उनका कहना है कि जब सही समय आएगा, तब वैभव को जरूर मौका मिलेगा।

भारतीय क्रिकेट टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने प्रेस कांफ्रेंस की और मीडिया के सवालों का जवाब दिया। उन्होंने भी साफतौर पर इस बात का संकेत दे दिया है कि अभी भी वैभव सूर्यवंशी को डेब्यू का मौका शायद नहीं मिलेगा और टीम इंडिया संजू सैमसन को बैक करेगी।

वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू पर BCCI ने तोड़ी चुप्पी

15 साल के वैभव सूर्यवंशी को आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद पहली बार भारतीय टीम में जगह मिली थी। उन्होंने पूरे सीजन में 237.30 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा था। हालांकि, टीम में चुने जाने के बावजूद उन्हें अब तक अंतिम एकादश में खेलने का मौका नहीं मिला है। आयरलैंड के खिलाफ सीरीज और इंग्लैंड के खिलाफ बारिश से प्रभावित पहले टी20 मैच में भी वह बाहर बैठे रहे। टीम प्रबंधन फिलहाल टॉप ऑर्डर में संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की मौजूदा जोड़ी पर ही भरोसा जता रहा है।

भारतीय टीम प्रबंधन का कहना है कि वह उस टीम संयोजन में कोई बदलाव नहीं करना चाहता, जिसने भारत को 2026 का टी20 विश्व कप जिताया था। इसी वजह से युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को अभी इंतजार करने के लिए कहा गया है। हालांकि, कप्तान श्रेयस अय्यर और मुख्य कोच गौतम गंभीर के इस फैसले की कई लोग आलोचना भी कर रहे हैं। इस मामले पर भारतीय क्रिकेट बोर्ड के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि वैभव बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और उन्होंने आईपीएल में अपने प्रदर्शन से यह साबित भी किया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने टीम प्रबंधन और कोच के खिलाफ कई टिप्पणियां देखी हैं, लेकिन अंतिम फैसला कप्तान और कोच ही लेते हैं। राजीव शुक्ला ने कहा कि टीम मैनेजमेंट लगातार हालात पर नजर रखे हुए है। जैसे ही सही मौका मिलेगा, वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टीम की ओर से खेलने का अवसर जरूर दिया जाएगा।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड के एक अधिकारी ने कहा कि टीम चयन को लेकर टीम मैनेजमेंट की आलोचना करना सही नहीं है। उनका कहना है कि युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को कब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मौका देना है, इसका फैसला ड्रेसिंग रूम में मौजूद कप्तान, कोच और टीम प्रबंधन पर ही छोड़ देना चाहिए। उन्होंने कहा, “ऐसे फैसले टीम प्रबंधन बेहतर तरीके से ले सकता है। इसलिए इस मुद्दे पर बेवजह की चर्चा और आलोचना करने की कोई जरूरत नहीं है।”

वैभव सूर्यवंशी को मौका क्यों नहीं दे रहे गौतम गंभीर? इस क्रिकेटर ने टीम मैनेजमेंट को दी बड़ी सलाह

भारतीय की टी20 क्रिकेट टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर है। बीते दिनों आयरैंड के हाथों सीरीज गंवाने के बाद टीम इंडिया, इंग्लैंड से पांच मैचों की टी20 सीरीज खेल रही है। वहीं इस सीरीज के पहले मैच में भी भारतीय क्रिकेट फैंस के टीम इंडिया के उभरते खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी का इंतजार था। आयरलैंड सीरीज के बाद इस मैच में वैभव के डेब्यू का इंजतार कर रहे फैंस के हाथों निराशा लगी। वहीं अब वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू को लेकर एक दिग्गज क्रिकेटर ने टीम के हेड कोच गौतम गंभीर को बड़ा सलाह दी है।

पार्थिव पटेल ने कही ये बात

भारत के पूर्व विकेटकीपर और बल्लेबाज पार्थिव पटेल ने टीम मैनेजमैंट को सलाह दी है कि वैभव सूर्यवंशी को साफ तौर पर बताया जाए कि उन्हें अभी प्लेइंग इलेवन में मौका क्यों नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि 15 वर्षीय खिलाड़ी को यह समझाना जरूरी है कि उसे धैर्य रखने की जरूरत है और सही समय आने पर ही मौका मिलेगा। वैभव सूर्यवंशी को आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया था। हालांकि, अब तक उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला है। वे बेलफास्ट में खेले गए तीनों मुकाबलों और इंग्लैंड के खिलाफ डरहम में खेले गए पहले टी20 मैच में भी बेंच पर ही बैठे रहे। यह मुकाबला पहली पारी के बाद बारिश की वजह से रद्द हो गया था।

वैभव सूर्यवंशी को बताई जाए ये बात

जियोस्टार से बातचीत में पार्थिव पटेल ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि मौजूदा टी20 सीरीज के दौरान वैभव सूर्यवंशी को खेलने का मौका जरूर मिलेगा। हालांकि, उन्होंने कहा कि टीम प्रबंधन और कोचिंग स्टाफ को वैभव से साफ-साफ बात करनी चाहिए और उन्हें उनकी भूमिका के बारे में पूरी जानकारी देनी चाहिए। पार्थिव पटेल ने कहा, “मुझे लगता है कि इस सीरीज में किसी न किसी मैच में वैभव सूर्यवंशी को मौका मिलेगा। लेकिन सबसे जरूरी बात यह है कि कोचिंग स्टाफ खिलाड़ी से खुलकर बात करे और उसे साफ बताए कि टीम की क्या योजना है और उससे क्या उम्मीद की जा रही है।”

पार्थिव पटेल ने आगे कहा कि वैभव सूर्यवंशी जैसे युवा खिलाड़ी के साथ बहुत सोच-समझकर व्यवहार करना चाहिए। अगर टीम मैनेजमेंट उन्हें कुछ समय तक प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं देना चाहता, तब भी इसकी वजह उन्हें साफ तौर पर बतानी चाहिए। उन्होंने कहा, “अगर आप उन्हें अभी नहीं खिला रहे हैं, तो भी उनसे खुलकर बात करना जरूरी है। वह सिर्फ 15 साल के हैं। उन्हें धैर्य रखना सिखाना होगा और समझाना होगा कि भारतीय टीम में जगह बनाना आसान नहीं होता। यहां कई ऐसे खिलाड़ी होते हैं जिन्होंने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया होता है। इसलिए सही समय का इंतजार करना भी खिलाड़ी के विकास का अहम हिस्सा है।”

Vaibhav Sooryavanshi: आयरलैंड के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी को क्यों नहीं मिला मौका? सामने आई ये बड़ी वजह

IND vs IRE: आयरलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में भी युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली। वहीं इस मुकाबले में तेज गेंदबाज प्रिंस यादव और ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे को डेब्यू करने का मौका मिला है। 15 वर्षीय वैभव पूरी तरह फिट हैं और उन्हें कोई चोट भी नहीं है। ऐसे में माना जा रहा कि टीम मैनेजमेंट ने रणनीति के तहत उन्हें इस मैच में मौका नहीं दिया।

15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी इस सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुने जाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं। ऐसे में उम्मीद की जा रही थी कि उन्हें आयरलैंड दौरे पर डेब्यू का मौका मिलेगा। आमतौर पर भारतीय टीम आयरलैंड और जिम्बाब्वे जैसे दौरों पर युवा खिलाड़ियों को आजमाती है। इसी वजह से वैभव के खेलने की चर्चा भी काफी तेज थी।

वैभव का प्रदर्शन

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 776 रन बनाए और इस टूर्नामेंट के सबसे कम उम्र के एमवीपी बनने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। इसके बावजूद उन्हें आयरलैंड के खिलाफ पहले दो टी20 मैचों में मौका नहीं मिला। मैच से पहले कप्तान श्रेयस अय्यर और बल्लेबाजी कोच सीतांशु कोटक ने कहा था कि, टीम में ऐसे कई अनुभवी खिलाड़ी मौजूद हैं, जिन्होंने 2026 टी20 वर्ल्ड कप जीता है। इसी वजह से फिलहाल टीम संयोजन में बदलाव करना आसान नहीं है, भले ही वैभव ने अपनी प्रतिभा से सभी को प्रभावित किया हो।

क्यों नहीं किया डेब्यू

हाल ही में NDTV की एक रिपोर्ट के मुताबिक, गौतम गंभीर चाहते हैं कि सूर्यवंशी फिलहाल जमीन से जुड़े रहें और इसी वजह से उन्हें जल्दबाजी में मौका नहीं दिया जा रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि जब एक मैच के बाद वाशिंगटन सुंदर और प्रसिद्ध कृष्णा की जगह सूर्यांश शेडगे और प्रिंस यादव को मौका मिल सकता है, तो फिर वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में क्यों नहीं शामिल किया गया। टीम मैनेजमेंट वैभव को डेब्यू देने से पहले कुछ समय तक टीम के साथ माहौल समझने का मौका देना चाहता है। अगर इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज में भारत शुरुआती बढ़त बना लेता है, तो उन्हें वहां डेब्यू का मौका मिल सकता है।

Rishabh Pant: दिल्ली कैपिटल्स में हुई ऋषभ पंत की वापसी, क्रिकेटर ने LSG को तीन शब्दों में कहा अलविदा

Rishabh Pant: भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत और लखनऊ सुपर जायंट्स के रास्ते अब अलग हो गए हैं। ऋषभ पंत और लखनऊ सुपर जायंट्स का साथ सिर्फ दो सीजन तक ही चला। लखनऊ और दिल्ली कैपिटल्स ने एक बड़े ट्रेड समझौते के तहत अपने खिलाड़ियों की अदला-बदली कर ली है। इस डील के बाद ऋषभ पंत अपनी पुरानी टीम दिल्ली कैपिटल्स में लौट गए हैं, वहीं स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव को लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ जुड़ गए है। इस फैसले को आईपीएल के सबसे चर्चित ट्रेड में से एक माना जा रहा है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ने के बाद पंत ने सोशल मीडिया पर अपनी पुरानी टीम के लिए एक तीन वर्ड का एक पोस्ट शेयर किया है।

आईपीएल के सबसे मंहगे खिलाड़ी थे पंत

ऋषभ पंत को आईपीएल 2025 से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स ने 27 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड कीमत में अपनी टीम में शामिल किया था, जो टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे बड़ी बोली मानी जाती है। अब खिलाड़ी अदला-बदली के तहत पंत एक बार फिर दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा बन गए हैं, जहां उनकी नई फीस 15 करोड़ रुपये तय की गई है। वहीं, बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव 13.50 करोड़ रुपये की मौजूदा रकम के साथ लखनऊ सुपर जायंट्स में शामिल हो गए हैं। वहीं इस ट्रेड डील की वजह से पंत को काफी नुकसान हुआ। इस सौदे ने आईपीएल की टीमों के बीच खिलाड़ियों के बदलाव को लेकर काफी चर्चा बटोर ली है।

पंत ने किया पोस्ट

पंत ने लखनऊ सुपर जायंट्स को बेहद संक्षिप्त लेकिन भावुक अंदाज में अलविदा कहा। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर सिर्फ तीन शब्दों का संदेश, “थैंक यू टीम” शेयर किया। ये मैसेज उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स की उस पोस्ट को रीशेयर करते हुए लिखा, जिसमें फ्रेंचाइजी ने अपने पूर्व कप्तान को टीम के लिए दिए गए योगदान और यादगार पलों के लिए धन्यवाद कहा था।

Screenshot 2026-06-24 155327

दिल्ली से की थी शुरुआत

ऋषभ पंत ने अपने आईपीएल सफर की शुरुआत दिल्ली कैपिटल्स से की थी और करीब नौ साल तक टीम का अहम हिस्सा रहे। इस दौरान उन्होंने टीम के लिए 111 मुकाबले खेले, जो दिल्ली की ओर से किसी खिलाड़ी द्वारा खेले गए सबसे अधिक मैचों का रिकॉर्ड है। शानदार प्रदर्शन के साथ-साथ पंत ने नेतृत्व की जिम्मेदारी भी निभाई और 2021 से 2024 के बीच कई मैचों में टीम की कप्तानी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स का मार्गदर्शन किया।

कुलदीप के लिए दिल्ली ने किया पोस्ट

दिल्ली कैपिटल्स के सह-मालिक पार्थ जिंदल ने कुलदीप यादव के लिए एक खास संदेश साझा करते हुए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने लिखा, “प्रिय कुलदीप, पिछले पांच वर्षों में दिल्ली कैपिटल्स के लिए आपके योगदान के लिए धन्यवाद। आप हमारी टीम के बेहद महत्वपूर्ण सदस्य रहे हैं और आपकी कमी हमें जरूर महसूस होगी। आप एक शानदार खिलाड़ी हैं और मुझे पूरा भरोसा है कि अपने नए सफर में भी आप बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे।”

पार्थ जिंदल ने आगे ऋषभ पंत की वापसी पर खुशी जताते हुए कहा, “ऋषभ, किरण और मैं दोनों आपको फिर से दिल्ली कैपिटल्स में देखकर बेहद खुश हैं। हमें उम्मीद है कि अपने पुराने घर लौटकर आप एक बार फिर अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाएंगे और नई ऊंचाइयों को छुएंगे।”

लखनऊ का प्रदर्शन

ऋषभ पंत का लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ सफर ज्यादा लंबा नहीं रहा। उनके टीम में रहने के दौरान लखनऊ एक भी बार प्लेऑफ में जगह बनाने में सफल नहीं हो सकी। वहीं, आईपीएल 2026 का सीजन टीम के लिए बेहद निराशाजनक रहा, क्योंकि लखनऊ सुपर जायंट्स अंक तालिका में सबसे आखिरी स्थान पर रही। 2022 में आईपीएल में कदम रखने के बाद ये टीम का अब तक का सबसे खराब प्रदर्शन माना जा रहा है।

टिम डेविड को अंपायर पर ICE BAG फेंकना पड़ा भारी! 1 मैच का BAN, पहले मिडल फिंगर दिखाकर भी फंसे थे

आईपीएल 2026 का खिताब जीतने की खुशी अभी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के फैंस पूरी तरह मना भी नहीं पाए थे कि टीम से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ गई। RCB के विस्फोटक बल्लेबाज टिम डेविड (Tim David) को IPL Code of Conduct का उल्लंघन करना भारी पड़ गया है। फाइनल मुकाबले के दौरान की गई एक हरकत की वजह से उन पर न सिर्फ भारी जुर्माना लगाया गया है, बल्कि अगले सीजन के पहले मैच से भी बाहर कर दिया गया है।

 फाइनल में हुई गलती पड़ी महंगी

गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले में एक ऐसा पल आया, जिसने टिम डेविड को मुश्किल में डाल दिया। पहली पारी के दौरान एक विवादित फैसले के बाद डेविड ने अपना आपा खो दिया और गुस्से में आकर मैदान पर मौजूद अंपायर नितिन मेनन की दिशा में आइस बैग (Ice Bag) फेंक दिया। हालांकि किसी को चोट नहीं पहुंची, लेकिन इस व्यवहार को खेल भावना के खिलाफ माना गया।

मैच अधिकारियों ने इस घटना को गंभीरता से लिया और जांच के बाद डेविड को आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल-1 उल्लंघन का दोषी पाया गया।

आधी मैच फीस गई, साथ में मिले डिमेरिट पॉइंट

आईपीएल प्रशासन की ओर से जारी फैसले के अनुसार टिम डेविड पर उनकी मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा उन्हें दो डिमेरिट पॉइंट (Demerit Points) भी दिए गए हैं। यही दो अंक उनके लिए सबसे बड़ी परेशानी बन गए, क्योंकि इससे उनके कुल डिमेरिट पॉइंट पांच तक पहुंच गए।

आईपीएल के नियमों के मुताबिक किसी खिलाड़ी के खाते में पांच डिमेरिट पॉइंट जमा होते ही उस पर एक मैच का निलंबन लागू हो जाता है।

IPL 2027 का पहला मैच नहीं खेल पाएंगे

पांच डिमेरिट पॉइंट पूरे होने के बाद अब यह तय हो गया है कि टिम डेविड आईपीएल 2027 का पहला मुकाबला नहीं खेल सकेंगे। दिलचस्प बात यह है कि अगर अगले सीजन में वह किसी दूसरी फ्रेंचाइजी का हिस्सा भी होते हैं, तब भी यह सस्पेंशन लागू रहेगा। यानी जिस टीम के लिए वह खेलेंगे, उसके पहले मैच में उनकी सेवाएं उपलब्ध नहीं होंगी।

ALSO READ: Party में विराट और अनुष्का शर्मा ने डांस फ्लोर पर लगाई आग, तुलसी माला ने भी जीता दिल, देखें Videos

 इस सीजन तीसरी बार फंसे डेविड

टिम डेविड के लिए यह पहली अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं थी। आईपीएल 2026 के दौरान वह पहले भी दो बार आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में दोषी पाए जा चुके थे। सीजन की शुरुआत में एक मैच के दौरान अंपायर के निर्देशों की अनदेखी करने पर उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट मिला था। इसके बाद एक अन्य मुकाबले में आपत्तिजनक इशारा (Middle Finger) करने के मामले में उन पर जुर्माना लगा और दो डिमेरिट पॉइंट दिए गए। फाइनल में हुई ताजा घटना के बाद उनके खाते में कुल पांच डिमेरिट पॉइंट जमा हो गए, जिसके चलते उन्हें निलंबन झेलना पड़ रहा है।

 सजा स्वीकार कर चुके हैं टिम डेविड

रिपोर्ट्स के मुताबिक टिम डेविड ने अपने व्यवहार को लेकर कोई विवाद नहीं किया और मैच रेफरी द्वारा दी गई सजा को स्वीकार कर लिया। उन्होंने अपनी गलती मानी और फैसले पर सहमति जताई। यही कारण है कि मामले को आगे नहीं बढ़ाया गया।

ALSO READ: 'राधे-राधे' बोलते दिखे विराट-अनुष्का, IPL ट्रॉफी जीतते ही पहुंचे प्रेमानंद महाराज से आशीर्वाद लेने [VIDEO]

शानदार रहा था सीजन

अनुशासनात्मक विवादों के बावजूद क्रिकेट के लिहाज से टिम डेविड का आईपीएल 2026 सीजन काफी प्रभावशाली रहा। मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने कई अहम मौकों पर टीम को संभाला और फिनिशर की भूमिका निभाई। फाइनल में भी उन्होंने उपयोगी रन जोड़े थे और पूरे सीजन में आरसीबी की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

हालांकि अब आईपीएल 2026 की ट्रॉफी जीतने की खुशी के बीच टिम डेविड के लिए यह खबर किसी झटके से कम नहीं है। एक छोटी सी गलती ने उन्हें अगले सीजन के पहले मुकाबले से बाहर कर दिया है और यही बात फिलहाल क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बनी हुई है।

ALSO READ: रजत पाटीदार : एक वक्त किसी टीम ने न खरीदा, आज धोनी -रोहित के साथ बराबरी पर है इंदौर का लड़का