Dussehra Special: दशहरे पर जिस रावण का पुतला देशभर में जलाया जाता है, उसी नाम से मिलते-जुलते गांव भारत के अलग-अलग हिस्सों में भी मौजूद हैं। इस मामले में राजस्थान सबसे आगे, छत्तीसगढ़ और यूपी भी पीछे नहीं हैं।
Dussehra 2026: धर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक महापर्व विजयादशमी (दशहरा) इस वर्ष देश भर में भव्य रूप से मनाया जा रहा है। दशहरे के पावन अवसर पर मां अपराजिता की पूजा, शस्त्र पूजन (आयुध पूजा), शमी वृक्ष के पत्तों के आदान-प्रदान और शाम को रावण, कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतलों के दहन की परंपरा निभाई जाती है। हालांकि, तिथियों की गणना और क्षेत्रीय परंपराओं की वजह से लोगों के मन में इस बात को लेकर भ्रम की स्थिति बनी है कि रावण दहन 20 अक्टूबर को होगा या 21 अक्टूबर को। पंचांग और शास्त्रीय मान्यताओं के आधार पर आइए समझते हैं कि रावण दहन की सही तारीख, शुभ मुहूर्त और पूजन विधि क्या है।
20 या 21 अक्टूबर: कब मनाया जाएगा दशहरा और रावण दहन?
हिंदू पंचांग के अनुसार, आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को विजयादशमी का पर्व मनाया जाता है।
दशमी तिथि का प्रारंभ: 20 अक्टूबर को दोपहर 12 बजकर 50 मिनट से।
दशमी तिथि का समापन: 21 अक्टूबर को दोपहर 2 बजकर 11 मिनट तक।
श्रवण नक्षत्र: 19 अक्टूबर की दोपहर 3 बजकर 38 मिनट से शुरू होकर 20 अक्टूबर की शाम 6 बजकर 2 मिनट तक।
उत्तर, मध्य और पश्चिम भारत में 20 अक्टूबर को दशहरा
उत्तर भारत, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में विजयादशमी का निर्धारण अपराह्न काल (दोपहर के समय) में दशमी तिथि की उपस्थिति के आधार पर किया जाता है। 20 अक्टूबर को दोपहर 12:50 बजे के बाद दशमी तिथि लग रही है, इसलिए उत्तर भारत में मुख्य दशहरा पर्व और रावण दहन 20 अक्टूबर मंगलवार को ही संपन्न होगा। हालांकि मंगलवार के दिन माता की मूर्ति का विसर्जन नहीं किया जाता, इसलिए देवी दुर्गा की विदाई 21 अक्टूबर बुधवार को होगी।
पूर्वी भारत में 21 अक्टूबर को विजयादशमी
पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में दुर्गा पूजा का निर्धारण सूर्योदय कालीन तिथि (उदयातिथि) के आधार पर होता है। 20 अक्टूबर को सूर्योदय के समय नवमी तिथि रहेगी (जो दोपहर 12:50 तक चलेगी), जबकि 21 अक्टूबर को सूर्योदय के समय दशमी तिथि मौजूद रहेगी। इसलिए बंगाल और पूर्वी भारत में 21 अक्टूबर को विजयादशमी मनाई जाएगी।
रावण दहन का सही समय और प्रदोष काल मुहूर्त
दशहरे पर रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के विशाल पुतलों का दहन हमेशा सूर्यास्त के बाद प्रदोष काल के दौरान किया जाता है। शास्त्रानुसार 20 अक्टूबर को रावण दहन के लिए सबसे उत्तम समय इस तरह रहेगा:
प्रदोष काल का समय: 20 अक्टूबर को शाम 5 बजकर 47 मिनट से रात 8 बजकर 17 मिनट (कुछ गणनाओं में 8:21 बजे) तक।
रावण दहन का सर्वोत्तम मुहूर्त: 20 अक्टूबर की शाम 5 बजकर 47 मिनट से 6 बजकर 12 मिनट के बीच का समय रावण दहन के लिए सबसे शुभ और फलदायी माना गया है।
पूजा के शुभ मुहूर्त: अपराजिता पूजन और आयुध पूजा
विजयादशमी के दिन मां अपराजिता और अस्त्र-शस्त्रों की पूजा का विशेष विधान है। इस दिन अगर आप नया वाहन, इलेक्ट्रॉनिक सामान या प्रॉपर्टी खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो इन विजय और शुभ मुहूर्तों का ध्यान रखें:
मां अपराजिता पूजा मुहूर्त: 20 अक्टूबर को दोपहर 1 बजकर 14 मिनट से दोपहर 3 बजकर 30 मिनट तक।
आयुध/शस्त्र पूजा मुहूर्त: 20 अक्टूबर को दोपहर 1 बजकर 59 मिनट से दोपहर 2 बजकर 45 मिनट तक।
विजयादशमी पर क्या करें और क्या है धार्मिक महत्व?
विजयादशमी का पर्व केवल उत्सव का दिन नहीं है, बल्कि यह जीवन में धर्म और मर्यादा को स्थापित करने का संदेश देता है। इस दिन मां अपराजिता का ध्यान कर जीवन में हर क्षेत्र में विजय की कामना की जाती है। इसके साथ ही शमी के वृक्ष की पूजा की जाती है और शमी के पत्तों को ‘सोना’ मानकर अपनों में बांटकर आशीर्वाद लिया जाता है। विजयादशमी को अभूज मुहूर्त माना जाता है। इस दिन अपने काम में आने वाले उपकरणों, अस्त्र-शस्त्रों, गाड़ियों और व्यापारिक बही-खातों की पूजा करना अत्यंत शुभ माना जाता है।
बुराइयों के दहन का संकल्प
रावण दहन का प्रतीक हमें यह याद दिलाता है कि व्यक्ति चाहे कितना भी शक्तिशाली या विद्वान क्यों न हो, अहंकार, क्रोध और असत्य का अंत विनाशकारी ही होता है। इस दिन अपने अंदर की बुराइयों को त्याग कर सत्य और अच्छाई के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया जाता है।
यह भी पढ़ें: Happy Dussehra 2026 Wishes: विजयादशमी पर अपनों को भेजें ये 15 बेस्ट बधाई संदेश, कोट्स और WhatsApp स्टेटस
आज 20 अक्टूबर को देश भर में दशहरा यानी विजयादशमी मनाई जा रही है। आज के दिन भगवान राम ने रावण पर जीत हासिल की थी। दशहरे पर नई गाड़ी खरीदना और अपनी कार-बाइक की पूजा करना बहुत शुभ माना जाता है। कहते हैं इससे सफर सुरक्षित रहता है। अगर आप भी आज अपनी गाड़ी की पूजा करने वाले हैं तो शुभ मुहूर्त और पूजा की विधि यहाँ जान लें।
कार या बाइक की पूजा इस तरह करें
पंचांग के अनुसार आज पूजा के लिए ये समय शुभ है:
- विजय मुहूर्त: दोपहर 1:59 से 2:45 बजे तक
- अपराह्न मुहूर्त: दोपहर 1:14 से 3:30 बजे तक
- दशमी तिथि: 20 अक्टूबर दोपहर 12:50 से 21 अक्टूबर दोपहर 2:11 बजे तक
ध्यान दें, हर शहर के पंचांग में समय थोड़ा अलग हो सकता है, इसलिए अपने शहर का समय जरूर देख लें।
पूजा के लिए रखें ये सामग्री
पूजा के लिए ये सामान पहले से तैयार रख लें।
- रोली, कुमकुम, हल्दी
- अक्षत यानी साबुत चावल
- फूल और गेंदे की माला
- धूप और घी का दीया
- मौली या कलावा
- नारियल, नींबू
- फल या मिठाई का प्रसाद
कार-बाइक की पूजा कैसे करें?
- सबसे पहले अपनी गाड़ी को अच्छे से धोकर साफ करें।
- गाड़ी को साफ और खुली जगह पर खड़ा करें।
- भगवान गणेश को याद करके पूजा शुरू करें।
- गाड़ी के आगे रोली से स्वस्तिक बनाएं और टायरों पर तिलक लगाएं।
- गाड़ी पर फूल-अक्षत चढ़ाएं और माला लगाएं। चाबी या हैंडल पर मौली बांध दें।
- धूप-दीया जलाकर आरती करें और प्रसाद चढ़ाएं।
कुछ लोग नजर उतारने के लिए नींबू का भी इस्तेमाल करते हैं, पर ये जरूरी नहीं है।
दशहरे पर गाड़ी की पूजा क्यों करते हैं?
दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत का त्योहार है। इसलिए इस दिन नई चीजों की शुरुआत शुभ मानी जाती है। इसी वजह से लोग इस दिन गाड़ी और अपने काम के औजारों की पूजा करते हैं।
रावण दहन का समय
आज शाम रावण दहन का शुभ समय 5:47 से 8:21 बजे तक है। इसमें 5:47 से 6:12 बजे तक का समय सबसे अच्छा माना गया है। आपके शहर में रावण दहन का समय स्थानीय आयोजन के हिसाब से अलग हो सकता है।
Ramayana Budget: बेंगलुरु में ‘रामायणम्’ के हालिया ट्रेलर लॉन्च इवेंट में यश ने इस फिल्म फ्रेंचाइजी के ₹4,000 करोड़ के चर्चित बजट पर बात की। इस आने वाली फिल्म में रावण का किरदार निभाने वाले यश, नमित मल्होत्रा के साथ इसके प्रोड्यूसर भी हैं। इवेंट में यश ने कन्फर्म किया कि ‘रामायणम्’ के दोनों भागों का कुल बजट ₹4,000 करोड़ है।
बेंगलुरु में ‘रामायण’ के हालिया ट्रेलर लॉन्च इवेंट में यश ने इस फिल्म फ्रेंचाइजी के ₹4,000 करोड़ के चर्चित बजट पर बात की। इस आने वाली महाकाव्य फिल्म में रावण का किरदार निभाने वाले यश, नमित मल्होत्रा के साथ मिलकर इसे प्रोड्यूस भी कर रहे हैं। इवेंट में यश ने कन्फर्म किया कि ‘रामायणम्’ के दोनों भागों का कुल बजट ₹4,000 करोड़ है।
यश ने कहा- “मुझे पता है कि सोशल मीडिया पर नमित का बयान वायरल हो गया था। भारत में एक समस्या है- लोगों को यह पसंद नहीं आता जब आप पूरे आत्मविश्वास के साथ बात करते हैं। नमित के बयान के साथ भी यही हुआ। लेकिन पश्चिमी देशों में इसका बिल्कुल उल्टा है। अगर आप उनसे बहुत विनम्र होकर कहें कि हमने एक अच्छी फिल्म बनाई है तो वे हमारी फिल्म को एक छोटा प्रोजेक्ट मानकर खारिज कर देंगे। इसीलिए नमित ने पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा कि यह फिल्म ₹4,000 करोड़ के बजट पर बन रही है। हमें ग्लोबल मार्केट के सामने भारतीय फिल्म इंडस्ट्री की ताकत साबित करनी है।”
उन्होंने आगे कहा- “रामायण दो भागों वाला प्रोजेक्ट है और दोनों फिल्मों का कुल बजट ₹4,000 करोड़ है। इस बजट में पोस्ट-प्रोडक्शन और प्रमोशन का खर्च भी शामिल है।”
‘आप गर्व के साथ रामायण के बारे में बात कर सकेंगे’
इस इवेंट में यश ने अपने फैंस को उनके लगातार सपोर्ट के लिए धन्यवाद दिया, भले ही उनकी आने वाली फिल्म ‘टॉक्सिक’ को मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली हो। उन्होंने फैंस को भरोसा दिलाया कि वे ‘रामायणम्’ में बेहतरीन काम करने की पूरी कोशिश करेंगे और कहा कि वे इस फिल्म के बारे में गर्व से बात कर सकेंगे।
अभिनेता ने ‘रामायणम्’ के पीछे की अपनी बड़ी सोच के बारे में भी बात की और बताया कि वे चाहते हैं कि यह फिल्म दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचे। उन्होंने अपनी बात खत्म करते हुए कर्नाटक के लोगों से अपनी आने वाली फिल्मों के लिए आशीर्वाद और सपोर्ट मांगा।
‘रामायण’ के बारे में
नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित और नमित मल्होत्रा के ‘प्राइम फोकस स्टूडियोज’ द्वारा निर्मित, ‘रामायण’ हिंदू महाकाव्य पर आधारित दो भागों वाली एक फिल्म है। इस बड़े प्रोजेक्ट में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में, साई पल्लवी सीता के रूप में, यश रावण के रूप में और सनी देओल हनुमान के रूप में नजर आएंगे। फिल्म में रवि दुबे, अनुपम खेर, काजल अग्रवाल, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेराय, कुणाल कपूर, आदिनाथ कोठारे, अरुण गोविल, इंदिरा कृष्णन और लारा दत्ता भी अहम भूमिकाओं में हैं।
King Promo: शाहरुख खान की आने वाली एक्शन थ्रिलर ‘किंग’ 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। फिल्म का प्रमोशन नवंबर से ही शुरू हो सकता है। एक नई रिपोर्ट के अनुसार सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी इस फिल्म का एक खास प्रमोशनल वीडियो पूरे भारत के सिनेमाघरों में रणबीर कपूर की ‘रामायण पार्ट 1’ के साथ दिखाया जा सकता है।
इससे शाहरुख खान की इस फिल्म को रिलीज से पहले एक बड़ा प्रमोशनल बूस्ट मिल सकता है। वहीं नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण पार्ट 1’ दिवाली से ठीक पहले 5 नवंबर 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में, साई पल्लवी सीता के रूप में और यश रावण के रूप में नजर आएंगे।
शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ का अपडेट
इस नवंबर में शाहरुख खान के फैंस के लिए दोहरी खुशी की खबर हो सकती है। खबरों के अनुसार सुपरस्टार की आने वाली एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘किंग’ का एक खास प्रमोशनल वीडियो भारतीय सिनेमाघरों में रणबीर कपूर की ‘रामायण’ के साथ दिखाया जा सकता है। ‘वैरायटी इंडिया’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक यह प्रमोशनल कैंपेन इस पौराणिक फिल्म की थिएट्रिकल रिलीज के दौरान चलेगा, जो 5 नवंबर 2026 को रिलीज होने वाली है।
उत्साह को और बढ़ाते हुए उम्मीद है कि 2 नवंबर को शाहरुख खान के 61वें जन्मदिन के मौके पर ‘किंग’ का टीजर जारी किया जाएगा। हालांकि फिल्म के मेकर्स ने अभी तक टीजर रिलीज की तारीख या ‘रामायण’ के साथ इस प्रमोशनल टाई-अप की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। एक सूत्र ने पोर्टल को बताया- “इस प्रमोशनल टाई-अप से ‘किंग’ को दर्शकों के बीच और ज्यादा पहचान मिलने की उम्मीद है, खासकर इसलिए क्योंकि ‘रामायण’ को इस साल की सबसे बड़ी थिएट्रिकल रिलीज में से एक के तौर पर पेश किया जा रहा है।”
फिल्म ‘किंग’ में सुहाना खान, दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, अभय वर्मा, अरशद वारसी, सौरभ शुक्ला, राघव जुयाल और अन्य कलाकार भी नजर आएंगे। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही यह फिल्म ‘डंकी’ के बाद शाहरुख खान की बड़े पर्दे पर वापसी होगी। यह फिल्म 2 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
Kolkata Durga Puja: पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा के पावन पर्व का उत्साह अपने चरम पर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कोलकाता में इस बार का पूजा पंडाल उत्सव बेहद खास और ऐतिहासिक रंग में नजर आ रहा है। सॉल्ट लेक सांस्कृतिक संसद ने इस बार अपनी पहली थीम-बेस्ड दुर्गा पूजा का आयोजन किया है। इसकी मेन थीम ‘राम की अयोध्या’ रखी गई है। इस भव्य पंडाल में आधुनिक 3डी लाइट एनिमेशन और वीडियो प्रेजेंटेशन के जरिए भगवान श्रीराम के 14 वर्षों के वनवास और लंकापति रावण पर विजय के बाद अयोध्या वापसी के अलौकिक दृश्यों को जीवंत रूप में दर्शाया गया है। इस अनोखी थीम वाले पूजा पंडाल का औपचारिक उद्घाटन पश्चिम बंगाल के राज्यपाल रवींद्र नारायण रवि ने किया है।
3D एनिमेशन और विजुअल इफेक्ट्स से जीवंत हुई ‘राम की अयोध्या’
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक सॉल्ट लेक सांस्कृतिक संसद द्वारा तैयार यह पंडाल सांस्कृतिक परंपराओं और अत्याधुनिक तकनीक का अनूठा संगम पेश कर रहा है। आयोजकों ने पंडाल के भीतर लेजर और 3डी लाइट एनिमेशन के जरिए रामायण के अलग अलग प्रसंगों को बेहद खूबसूरती से उकेरा है। पंडाल में एंट्री करते ही श्रद्धालुओं को त्रेतायुग की अयोध्या में होने का अहसास होता है। विजुअल इफेक्ट्स के जरिए भगवान राम के विजय के बाद अयोध्या लौटने की पौराणिक और सांस्कृतिक महत्ता को दर्शाया गया है।
20 अक्टूबर को जुटेंगे बॉलीवुड और साउथ के दिग्गज सितारे
इस भव्य आयोजन को और अधिक यादगार बनाने के लिए आयोजकों ने 20 अक्टूबर को एक विशेष कार्यक्रम की योजना बनाई है। सॉल्ट लेक सांस्कृतिक संसद के ट्रस्ट बोर्ड के अध्यक्ष ललित बेरीवाला ने जानकारी दी कि 20 अक्टूबर को आने वाली फिल्म ‘रामायण’ की पूरी स्टार कास्ट इस उत्सव में शामिल होने कोलकाता पहुंच रही है। इस खास दिन बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर, साउथ सिनेमा के सुपरस्टार यश और अभिनेत्री साई पल्लवी पंडाल में पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे और उत्सव का हिस्सा बनेंगे। फिल्म ‘रामायण’ की टीम के आगमन की खबर से ही स्थानीय लोगों और प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
44 सालों से सांस्कृतिक सेवा, 13 वर्षों से रावण दहन का आयोजन
आयोजकों ने बताया कि सॉल्ट लेक सांस्कृतिक संस्था पिछले करीब 44 सालों से विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ी हुई है और पिछले 13 वर्षों से इस जगह पर भव्य दशहरा के साथ रावण दहन का आयोजन करती आ रही है। ललित बेरीवाला ने बताया कि पश्चिम बंगाल में सनातन धर्म की परंपराओं को बढ़ावा देने और लोगों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के उद्देश्य से इस बार ‘राम की अयोध्या’ थीम को चुना गया है। इस भव्य आयोजन में राज्य के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी भी विशेष रूप से शिरकत करेंगे। आयोजकों का दावा है कि बंगाल में पिछले 50 वर्षों के दौरान इस स्तर पर और इस भव्यता के साथ रावण दहन या दशहरे का आयोजन किसी बड़े मंच पर नहीं देखा गया है।
Dussehra 2026: पूरे भारत में दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत के रूप में मनाया जाता है, जहां भगवान राम की जीत को दर्शाने के लिए रावण के पुतले जलाए जाते हैं। लेकिन कानपुर का एक मंदिर इससे बिल्कुल अलग परंपरा का पालन करता है। यहां लंका के दस सिरों वाले राजा को जलाया नहीं जाता, बल्कि उनकी पूजा की जाती है।
शिवाला इलाके में स्थित 135 साल पुराना ‘दशानन मंदिर’ रामायण के मुख्य खलनायक रावण को समर्पित है। यहां भगवान शिव के प्रति उनकी भक्ति और उनके ज्ञान के लिए उन्हें सम्मान दिया जाता है। यह मंदिर साल में केवल एक दिन यानी दशहरे के मौके पर ही भक्तों के लिए खुलता है। यह इस त्योहार से जुड़ी सबसे अनोखी धार्मिक परंपराओं में से एक है।
जहां कानपुर का बाकी हिस्सा शाम को होने वाले रावण दहन की तैयारी कर रहा है, वहीं सुबह के समय मंदिर परिसर का माहौल कुछ अलग ही होता है। यहां भक्त प्रार्थना करने, तेल के दीपक जलाने और “लंकापति नरेश रावण की जय” का नारा लगवाने के लिए इकट्ठा होते हैं—वे एक ऐसे व्यक्तित्व को नमन करते हैं, जिसे यहां बिल्कुल अलग नज़रिए से याद किया जाता है।
दशानन मंदिर कानपुर में रावण की पूजा क्यों की जाती है?
माना जाता है कि इस मंदिर का निर्माण 1890 में महाराज गुरु प्रसाद शुक्ला ने करवाया था। वे पड़ोसी उन्नाव जिले के रहने वाले थे और भगवान शिव के परम भक्त थे। स्थानीय लोगों के अनुसार यह मंदिर रावण की शिव-भक्ति, उसकी बुद्धिमत्ता और उसके ज्ञान के सम्मान में स्थापित किया गया था।
शिवाला में कैलाश मंदिर परिसर के भीतर स्थित दशानन मंदिर, दशहरे की प्रचलित कथा से बिल्कुल अलग एक तस्वीर पेश करता है। जहां दशहरा भगवान राम की रावण पर जीत का प्रतीक है, वहीं इस मंदिर की परंपरा रावण के जीवन के एक दूसरे पहलू पर ध्यान दिलाती है- एक विद्वान और भगवान शिव के सच्चे भक्त के रूप में उसकी पहचान।
इस मंदिर की एक खास विशेषता यहां मौजूद रावण की पांच फुट ऊंची प्रतिमा है। ज्यादातर मंदिरों की मूर्तियों से अलग, यह प्रतिमा साल के ज्यादातर समय ढकी रहती है और इसे केवल दशहरा के दिन ही खोला जाता है। मंदिर की स्थानीय परंपरा के अनुसार बाकी 364 दिन यह प्रतिमा ढकी रहती है, जो रावण के कैद में रहने के समय को दर्शाती है।
विजयादशमी के दिन मंदिर के दरवाजे खुलते हैं और भक्त यहां आशीर्वाद लेने आते हैं। वे अक्सर बुद्धि, शक्ति और ज्ञान के लिए प्रार्थना करते हैं। इस मौके पर एक विशेष आरती की जाती है। यह रस्म छोटी है, लेकिन बहुत अनोखी है। दशहरा की सुबह प्रार्थना और विशेष आरती के लिए मंदिर जल्दी खुल जाता है। दिन भर की रस्मों के बाद मंदिर के दरवाजे फिर से बंद हो जाते हैं और प्रतिमा अगली विजयादशमी तक वापस ढकी हुई अवस्था में आ जाती है।
यहां आने वाले भक्तों के लिए दशहरा सिर्फ रावण की हार को याद करने का दिन नहीं है। यह लंकापति रावण से जुड़े ज्ञान, भक्ति और उनके व्यक्तित्व की जटिलताओं पर विचार करने का भी एक अवसर है।

फिल्म ‘रामायणम्’ के इंटरनेशनल ट्रेलर के रिलीज के साथ फिल्म का वैश्विक प्रचार अभियान शुरू हो गया है। निर्माताओं ने रणबीर कपूर के भगवान राम और रॉकिंग स्टार यश के रावण के किरदार वाले सोलो पोस्टर भी जारी किये हैं।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का इंटरनेशनल ट्रेलर हिंदी, अंग्रेजी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम में जारी किया गया है। ट्रेलर में महाकाव्य के प्रमुख किरदारों और एक्शन से भरपूर दृश्यों की झलक दिखाई गई है।
जारी पोस्टर में यश रावण के रूप में हाथ में भाला लिये युद्ध के बाद के दृश्य में नजर आ रहे हैं। वहीं, रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में धनुष-बाण लिये दिखाई दे रहे हैं। उनके पीछे जंगल के बीच से आती सूर्य की रोशनी पोस्टर को विशेष रूप देती है।
Also Read : ट्रंप ने ईरान पर परमाणु हमला करने से किया इनकार
फिल्म के इंटरनेशनल ट्रेलर को बेंगलुरु में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में लॉन्च किया गया। इस मौके पर रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, रवि दुबे, संगीतकार ए. आर. रहमान और निर्देशक नितेश तिवारी समेत फिल्म की टीम के कई सदस्य मौजूद थे।
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे।
नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के साथ मिलकर फिल्म का निर्माण किया है। फिल्म दो भागों में रिलीज होगी। इसका पहला भाग पांच नवंबर 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगा।
Pic Credit : UNI
।
मुंबई। भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्म कही जा रही ‘रामायण’ ने ग्लोबल मार्केट में अपना दम दिखाना शुरू कर दिया है। डायरेक्टर नितेश तिवारी और प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा की इस मेगा बजट फिल्म का इंटरनेशनल ट्रेलर गुरुवार को रिलीज कर दिया गया है।
ट्रेलर को बेंगलुरु में एक ग्रैंड इवेंट में लॉन्च किया गया। इस मौके पर रणबीर कपूर, साई पल्लवी, रॉकिंग स्टार यश, रवि दुबे, म्यूजिक कंपोजर एआर रहमान और डायरेक्टर नितेश तिवारी मौजूद रहे। फिल्म का ग्लोबल कैंपेन Sony Pictures Entertainment संभाल रही है।
राम vs रावण – दो दुनियाओं की झलक
इंटरनेशनल ट्रेलर की सबसे बड़ी खासियत है भगवान राम और रावण की बिल्कुल अलग दुनिया को दिखाना।
इस बार ट्रेलर का पूरा फोकस राम vs रावण के महायुद्ध पर है। ट्रेलर की शुरुआत होती है- “इतिहास लिखे जाने से पहले, इंसान देवताओं के साथ चलते थे और दुनिया में शांति थी।”
फिर एंट्री होती है यश उर्फ रावण की, जो बंजर जमीन पर तूफान के बीच चलता हुआ दिखता है। इसी में नया खुलासा हुआ है – कुणाल कपूर देवताओं के राजा इंद्र के रोल में हैं, जो अपने हाथी ऐरावत पर सवार होकर रावण से लड़ते हैं। रावण ऐरावत पर वार कर उसे गिरा देता है और दहाड़ता है- मेरे सामने हर सिर झुकेगा।[“Before me, every head will bow”]
दूसरी तरफ रणबीर कपूर भगवान राम के अवतार में राक्षसों से लड़ते और चेतावनी देते दिखते हैं- “अगर मैंने उसे नहीं रोका तो दुनिया खत्म हो जाएगी।”
ट्रेलर में एक तरफ घने जंगल में धनुष पर बाण चढ़ाते हुए रणबीर कपूर का शांत और दिव्य लुक है, तो दूसरी तरफ लंका के भव्य महल में गिरे हुए योद्धाओं के बीच भाला लिए बैठे यश का खूंखार रावण अवतार।
मेकर्स ने इसके साथ दो सोलो पोस्टर भी जारी किए हैं। पहले पोस्टर में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में तीर चलाने जा रहे हैं, पीछे से जंगल में सूरज की रोशनी आ रही है। दूसरे में यश रावण के रूप में युद्ध के बाद थके लेकिन अजेय योद्धा के रूप में दिख रहे हैं।
स्टारकास्ट और रिलीज डेट
फिल्म में रणबीर कपूर[Ranbir Kapoor] भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में हैं। फिल्म को 8 बार ऑस्कर जीत चुकी VFX कंपनी DNEG ने तैयार किया है।
‘रामायण’ दो पार्ट में रिलीज होगी। पहला पार्ट 5 नवंबर 2026 को दिवाली के मौके पर और दूसरा पार्ट दिवाली 2027 को आएगा। भारत में यह फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम 5 भाषाओं में रिलीज होगी और इसे IMAX में दिखाया जाएगा। भारत के बाहर Sony Pictures और हिंदी बेल्ट में धर्मा प्रोडक्शंस इसे डिस्ट्रीब्यूट करेगी
The Legend of Hanuman 7 Trailer release: हनुमान की गाथा एक बार फिर लौट आई है। इस बार दांव पहले से कहीं बड़े हैं। JioHotstar ने ‘द लीजेंड ऑफ हनुमान’ सीजन 7 का ट्रेलर जारी कर दिया है। इसके साथ ही दर्शकों के पसंदीदा शोज में से एक का अब तक का सबसे बड़ा अध्याय सामने आया है। ग्राफिक इंडिया द्वारा निर्मित और शरद देवराजन के सह-निर्माण में तैयार इस सीजन का प्रीमियर 23 अक्टूबर को होगा।
नए सीजन में लंका का युद्ध अपने निर्णायक और भयावह मोड़ पर पहुंचता है, जहां रावण अब तक के अपने सबसे शक्तिशाली रूप में सामने आता है। वानर सेना के शिविर में निराशा छाने लगती है, तभी हनुमान उस एक अस्त्र की तलाश में निकल पड़ते हैं, जो रावण का हमेशा के लिए अंत कर सकता है।
लेकिन अंतिम अस्त्र की यह खोज जल्द ही उन्हें युद्धभूमि से बहुत आगे समय के अलग-अलग पड़ावों तक ले जाती है। इस यात्रा में वे भगवान राम के अतीत के उन अनजाने पहलुओं और मृत्यु के साम्राज्य तक पहुंचते हैं, जिनसे अब तक पर्दा नहीं उठा था। इसी दौरान हनुमान एक ऐसे रहस्य से पर्दा उठाते हैं, जो सब कुछ बदलकर रख देगा—उनकी दिव्यता का वास्तविक स्वरूप और उनकी असीम शक्ति।
शानदार एक्शन के साथ इमोशन, आस्था और मित्रता का संगम पेश करता यह सीजन हनुमान की यात्रा में एक नए और प्रभावशाली अध्याय की शुरुआत करता है। अब रावण के अंत की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। ‘द लीजेंड ऑफ हनुमान’ सीजन 7 का प्रीमियर 23 अक्टूबर को विशेष रूप से JioHotstar पर होगा।
शरद केलकर एक बार फिर रावण की आवाज के रूप में लौट रहे हैं और अपने दमदार अंदाज से इस शक्तिशाली खलनायक के किरदार को जीवंत करेंगे। शो में वापसी को लेकर शरद केलकर ने कहा- “मैं ‘द लीजेंड ऑफ हनुमान’ का हिस्सा बनकर बेहद खुश हूं। यह ऐसा शो है, जो हमारी पौराणिक कथाओं की कुछ कालजयी गाथाओं को जीवंत करता है। जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ेगी, दर्शक इससे जुड़े रहेंगे और हर नए खुलासे का इंतजार करेंगे।”
शरद देवराजन, निर्माता एवं लेखक, सह-संस्थापक और सीईओ, ग्राफिक इंडिया ने कहा- “‘द लीजेंड ऑफ हनुमान’ का निर्माण मेरे जीवन की सबसे संतोषजनक यात्राओं में से एक रहा है। JioHotstar के साथ हमारी साझेदारी ने हमें इस दुनिया का विस्तार करने और इसकी कई परतों को दर्शकों के सामने ऐसे अंदाज में प्रस्तुत करने का अवसर दिया है, जो कालजयी होने के साथ-साथ आज के दौर से भी जुड़ा है। एनिमेशन ही ऐसा माध्यम है, जो भगवान हनुमान की कथा के विशाल स्वरूप, कल्पनाशीलता और आध्यात्मिक गहराई के साथ न्याय कर सकता है।
शरद देवराजन, जीवन जे. कांग और चारुवी अग्रवाल द्वारा निर्मित ‘द लीजेंड ऑफ हनुमान’ सीजन 7 अपनी विशिष्ट एनिमेशन शैली और विस्तृत पौराणिक दुनिया को आगे बढ़ाता है। ग्राफिक इंडिया की इस प्रस्तुति का निर्देशन जीवन जे. कांग और नवीन जॉन ने किया है, जबकि इसकी पटकथा शरद देवराजन, जीवन जे. कांग, सरवत चड्ढा और शिवांगी सिंह ने लिखी है।
ट्रेलर हनुमान की यात्रा के अब तक के सबसे शक्तिशाली अध्याय की झलक पेश करता है। देखें ‘द लीजेंड ऑफ हनुमान’ सीजन 7, 23 अक्टूबर से विशेष रूप से JioHotstar पर।

