चीन कोरिया जैसे दिग्गजों को हराकर भारतीय पुरुष तीरंदाजों ने जीता गोल्ड मेडल

Archers

चीन और दक्षिण कोरियाई तीरंदाज विश्व के सर्वश्रेष्ठ तीरंदाजों की फहरिस्त में आते हैं। लेकिन बुधवार को भारतीय पुरुष तीरंदाजों के खिलाफ सेमीफाइनल में ना दक्षिण कोरिया के तीरंदाज चल पाए और फाइनल में चीन के खिलाफ भारतीय पुरुष तिकड़ी ने लगभग हारा हुआ मैच जीत लिया और भारत को इस एशियाड का दसवां स्वर्ण पदक दिलवा दिया।

कुशल दलाल, साहिल राजेश जाधव और गणेश मणिरत्नम थिरुमुरु ने दक्षिण कोरिया को 5 अंको के बड़े अंतर से सेमीफाइनल में हराया। कुल स्कोर 236-229 का रहा। वहीं चीन के खिलाफ मुकाबला करीबी था। अंतिम सेट में चीन सिर्फ एक शुरुआती गलती जिसमें तीरंदाज ने 8 अंक तक बाण भेजा, इससे यह स्पष्ट हो गया था कि भारत को सिर्फ बढ़त बनाए रखनी है और भारत ने ऐसा ही किया। तीरंदाजों का हर बाण 10 अंक पर गिरा और भारत स्वर्ण पदक जीत गया। चीन ने शुरुआती गलती के बाद सभी बाण 10 अंको के गोलार्ध पर गिराए लेकिन यह जीत के लिए काफी ना था।

भारतीय पुरुष टीम फाइनल में दो अंक से पीछे थी लेकिन उसने अंतिम चरण में शानदार वापसी करते हुए चीन को 238-237 से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। चीन की टीम में जियाहाओ लियाओ, जिनयी लियू और जिंग्यू शी शामिल थे। चीन को रजत पदक मिला।

सेमीफाइनल में भारत ने चोई यून ग्यू, चोई योंगही और किम जोंघो की दक्षिण कोरियाई टीम को 236-229 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।पुरुष फाइनल में भारत नौ अंक के दो निशानों के कारण पहले चरण के बाद 58-60 से पीछे था। हालांकि अगले चरण में भारतीय टीम ने छह परफेक्ट 10 के निशाने लगाए जिससे दूसरे चरण के बाद टीम 118-120 से पीछे थी।

तीसरे चरण के बाद भारत ने अंतर घटाकर एक अंक कर दिया और स्कोर 178-179 हो गया। इसके बाद चीन के जियाहाओ लियाओ ने आठ अंक का निशाना लगाया जबकि भारत ने अंतिम छह शॉट में शानदार प्रदर्शन करते हुए रोमांचक जीत दर्ज की।भारतीय टीम के लिए यह जीत इस कारण भी खास रही क्योंकि स्वर्ण के साथ साथ ओलंपिक कोटा भी टीम ने हासिल कर लिया।

इंटरनेशनल ट्रेड शो में दिखाई दे रही यूपी की ताकत : मुख्यमंत्री योगी

इंटरनेशनल ट्रेड शो में दिखाई दे रही यूपी की ताकत : मुख्यमंत्री योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में आयोजित इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस-2026) में उत्तर प्रदेश की ताकत दिखाई दे रही है। यहां उत्तर प्रदेश में निर्मित तमाम उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है, जिसमें गोरखपुर के टेराकोट उत्पाद भी शामिल हैं। रविवार को वहां 1.5 लाख से अधिक लोग आए, सोमवार को भी भारी भीड़ उमड़ी है। इस ट्रेड शो में 90 देशों के खरीदार पहुंचे हैं, जो यूपी की सामर्थ्य दिखाता है। शो में शिल्पकारों के उत्पादों की बिक्री और उनकी आमदनी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

 

सीएम योगी सोमवार को गोरखपुर में एक मीडिया समूह द्वारा आयोजित बाल मेला सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। दिग्विजयनाथ स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के पहले भी उत्तर प्रदेश के पास सामर्थ्य था, लेकिन नेतृत्व के पास इच्छाशक्ति नहीं थी। इसके परिणामस्वरूप यूपी बीमारू और बदनाम प्रदेश बनकर रह गया था। इसे देश के सबसे पिछड़े राज्यों में गिना जाता था। किंतु, बीते साढ़े नौ सालों में सम-विषम परिस्थितियों में नेतृत्व के जूझने और अनथक प्रयास का परिणाम है कि उत्तर प्रदेश आज बीमारू की छवि से उबरकर देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन चुका है।

चुनौतियों से जूझकर किए हर क्षेत्र में रिफॉर्म

मुख्यमंत्री ने कहा कि साढ़े नौ वर्ष पहले उत्तर प्रदेश में कई चुनैतियां थीं। बाहर के लोग यूपी का नाम सुनकर चौंकते थे। पहचान का संकट ऐसा था कि युवाओं के लिए राज्य, देश या विदेश में नौकरी नहीं थी। कर्फ्यू-दंगे प्रदेश की नियति बन गए थे। पुलिस में दो लाख पद खाली थे तो कानून व्यवस्था कैसे ठीक रहती। सरकार में आने के बाद हमने हर क्षेत्र में रिफॉर्म किए। युवाओं के हित में सरकार ने न केवल भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया, बल्कि प्रशिक्षण और इससे जुड़े इन्फ्रास्ट्रक्चर को भी आगे बढ़ाया। साढ़े नौ सालों में प्रदेश सरकार ने शुचिता व पारदर्शिता के साथ 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। इसमें अकेले यूपी पुलिस में 2 लाख 30 हजार नौकरियां दी गईं। 

कर्फ्यू-दंगे से मुक्त होकर तेजी से बढ़ी अर्थव्यवस्था

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था तीन गुना बढ़ी है। प्रति व्यक्ति आय में भी तीन गुना वृद्धि हुई है। कभी बीमारू के तमगे वाला प्रदेश अब देश की टॉप-थ्री इकॉनमी में है। कर्फ्यू-दंगे से मुक्त होने के बाद यूपी तेज प्रगति की वजह से देश की अर्थव्यवस्था और प्रगति का ग्रोथ इंजन कहला रहा है। यूपी वही है, लेकिन प्रयास से परिणाम की यात्रा में बदलाव हर क्षेत्र में देखने को मिल रहा। 2017  से पहले राज्य में सिर्फ 130 स्टार्टअप थे, जिनकी संख्या अब बढ़कर 24 हजार से अधिक हो चुकी है। 

कविता सुनाकर बोले सीएम- प्रयास से ही मिलेगी मंजिल

समारोह में विद्यार्थियों को शिक्षक व अभिभावक की तरह समझाते हुए सीएम योगी ने कहा कि किसी प्रतियोगिता में पदक जीतने से पहले सबसे महत्वपूर्ण प्रतिभाग करना है। उन्होंने महान कवि सोहनलाल द्विवेदी की कविता, ‘कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती’ सुनाते हुए कहा कि सबसे जरूरी है प्रयास करना, क्योंकि प्रयास ही मंजिल तक पहुंचाएगा। मुख्यमंत्री ने बच्चों को प्रेरित करने के लिए पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का भी उदाहरण दिया। कहा कि डॉ. कलाम फाइटर पायलट बनना चाहते थे, लेकिन फेल होने पर भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। परिवार में कम साधन होने के बावजूद वह भारत के मिसाइल मैन बने। राष्ट्रपति बनने के पहले उन्हें देश का सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न मिला। सीएम ने विद्यार्थियों को सीख दी कि वे अपने हौसलों को कभी कमजोर न होने दें। जो ठान लेता है, वही करके भी दिखाता है। इसलिए जीवन में कभी हिम्मत नहीं हारना है। 

500 खिलाड़ियों के लिए सीधी भर्ती अगले सप्ताह से

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को खेल क्षेत्र में भी बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि सरकार शिक्षा, तकनीक, स्टार्टअप के साथ ही खेलों को भी बढ़ावा दे रही है। ओलंपिक, एशियाड, कामनवेल्थ गेम्स में पदक विजेता को खूब नकद पुरस्कार देने साथ ही उन्हें सीधे सरकारी नौकरी दी जा रही है। अब तक 550 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी गई है। अगले सप्ताह 500 और खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरी की सीधी भर्ती शुरू होगी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सभी उपस्थितजन को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, यातायात नियमों के पालन और नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह, मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. अनुपमा शर्मा कौशिक, दिग्विजयनाथ स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ओपी सिंह आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Shweta Tripathi: ‘मिर्जापुर 4’ को लेकर आया बड़ा अपडेट, गोलू उर्फ श्वेता त्रिपाठी बोली- काम शुरू हो चुका है

Shweta Tripathi: ‘मिर्जापुर’ स्टारर श्वेता त्रिपाठी ने सीरीज के फैन्स के लिए एक बहुत जरूरी अपडेट शेयर किया। उन्होंने बताया कि सीजन 4 की स्क्रिप्ट लिखने का काम आधिकारिक तौर पर शुरू हो गया है। एक्ट्रेस ने ऑफिशियली तौर पर कन्फर्म कर दिया है कि पार्ट 4 जल्द ही लोगों का मनोरंजन करेगा।

एनडीटीवी से बात करते हुए उन्होंने कहा, “अच्छी बात ये है कि सीजन 4 की स्क्रिप्टिंग शुरू हो चुकी है। हम एक्टर्स भी फैन्स ही हैं। हम भी अगले सीजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। ‘मिर्जापुर द मूवी’ में जो कुछ भी हुआ है, वह सब सीजन वन से जुड़ा है। इसलिए जब सीजन 4 की बात आएगी तो ये सब भूल जाना होगा। मिर्जापुर हमारे लिए सबसे अच्छा इन्वेस्टमेंट है। यह एक ऐसा प्रोजेक्ट है, जो हमेशा कुछ न कुछ देता रहता है। गोलू का सफर अभी मेरे लिए खत्म नहीं हुआ है।”

मिर्जापुर में मशहूर किरदार ‘गोलू’ के अलग-अलग रंग

इसके अलावा, श्वेता त्रिपाठी ने बताया कि मिर्जापुर फ्रैंचाइजी में अपने किरदार ‘गोलू’ के लिए वह किन चीजों की शुक्रगुजार हैं, जिसके साथ उन्होंने अब नौ साल बिताए हैं। गोलू के साथ यह सफर नौ सालों में बहुत रोमांचक रहा है। वह सबसे मजबूत और हिम्मत वाली लड़कियों में से एक है, जिनसे मैं मिली हूं।

मुझे उम्मीद है कि किसी की जिंदगी वैसी न हो जैसी उसकी है। उसकी जिंदगी कॉलेज के चुनावों से शुरू हुई थी और अब वह ‘बाहुबली’ बन चुकी है। एक एक्टर के तौर पर हम जो भी किरदार निभाते हैं, उसका एक हिस्सा हमारे साथ रह जाता है और एक हिस्सा किरदार के साथ चला जाता है। मैंने उससे बहुत कुछ सीखा है, उनमें से एक है फिटनेस।”

उन्होंने आगे कहा, “मैंने इसे जिंदगी में देर से शुरू किया। अगर कोई लड़की बंदूक उठा रही है, तो फिजिकल और मेंटल हेल्थ जरूरी है। मिर्जापुर में जब मैं ऐसा किरदार निभाती हूं, तो मुझे क्रिएटिव संतुष्टि मिलती है, खासकर महिला किरदारों को निभाते हुए। उन्हें आम तौर पर ऐसे नहीं लिखा जाता है। इसलिए आप शुक्रगुजार महसूस करते हैं। जब कोई मौका मिलता है तभी आप कुछ कर पाते हैं, इसलिए वह मौका बहुत जरूरी है।”

श्वेता त्रिपाठी के बारे में

उन्होंने डिज्नी चैनल के टीन सिटकॉम ‘क्या मस्त है लाइफ’ (2009) से स्क्रीन पर डेब्यू किया था। उसके बाद ‘द सूट लाइफ ऑफ करण एंड कबीर’ (2012) में एक छोटा सा रोल (कैमियो) किया। उनकी फीचर फिल्म की शुरुआत 2011 में रिलीज हुई फिल्म ‘तृष्णा’ से हुई। उन्हें बड़ी पहचान नीरज घायवान की 2015 की फिल्म ‘मसान’ से मिली, जहां उन्हें विक्की कौशल के साथ लीड एक्ट्रेस के तौर पर काफी शोहरत और पहचान मिली। विक्की कौशल ने भी इसी फिल्म से डेब्यू किया था। उन्होंने नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी के साथ 2017 की फिल्म ‘हरामखोर’ में अपनी जबरदस्त एक्टिंग से गहरी छाप छोड़ी।

समय के साथ श्वेता त्रिपाठी ने अपने काम का दायरा बढ़ाया और कई अलग-अलग प्लैटफॉर्म और भाषाओं में काम किया। उनके कुछ अन्य मशहूर प्रोजेक्ट्स में ‘जू’ (2018), ‘गॉन केश’ (2019), ‘मेहंदी सर्कस’ (2019, तमिल), ‘द इलीगल’ (2021) और ‘रात अकेली है’ (2020) शामिल हैं। उनके OTT प्रोजेक्ट्स में ‘TVF ट्रिपलिंग’ (2016), ‘लाखों में एक’ (2017), ‘मेड इन हेवन’ (2019), ‘द गॉन गेम’ (2020-2022), ‘एस्केप लाइव’ (2022) और ‘ये काली काली आंखें’ (2022-2024) शामिल हैं।

मार्च 2025 में उन्होंने प्रोड्यूसर के तौर पर अपने पहले प्रोजेक्ट की घोषणा की – संजय नाग के निर्देशन में बनी एक ‘क्वीर लव स्टोरी’ (समलैंगिक प्रेम कहानी), जिसका नाम है ‘मुझे जान न कहो मेरी जान’। इसमें वह तिलोत्तमा शोम के साथ नजर आएंगी। इसकी रिलीज की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।

Ranbir Kapoor Birthday: आज नो वॉर…सिर्फ प्यार, संजय लीला भंसाली और टीम ने रणबीर कपूर को खास अंदाज में बर्थडे विश किया

Ranbir Kapoor Birthday: संजय लीला भंसाली की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘लव एंड वॉर’ इस साल की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक है। पहली बार इंडस्ट्री के तीन बड़े सितारों रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल को संजय लीला भंसाली सिनेमाई दुनिया में एक साथ लेकर ला रहे है।

फिल्म को लेकर पहले से ही दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। हाल ही में मेकर्स ने रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल के दिलचस्प फर्स्ट-लुक पोस्टर जारी किए, जिन्होंने फिल्म को लेकर चर्चाओं को और तेज कर दिया। अब फिल्म की पूरी कास्ट और क्रू ने साथ मिलकर रणबीर कपूर का जन्मदिन मनाया।

इस साल रणबीर कपूर का जन्मदिन पूरी तरह से ‘लव एंड वॉर’ के नाम रहा। देशभर में सुपरस्टार की जबरदस्त फैन फॉलोइंग है, वहीं फिल्म से सामने आए उनके फर्स्ट-लुक पोस्टर ने इस खास मौके को उनके प्रशंसकों के लिए और भी यादगार बना दिया। इस तरह उनके जन्मदिन की खुशियां दोगुनी हो गईं।

इस खास दिन पर फिल्म के कलाकारों, निर्देशक संजय लीला भंसाली और पूरी टीम ने एक साथ मिलकर शानदार बर्थडे डिनर का आयोजन किया। सुपरस्टार के जन्मदिन का जश्न मनाने के लिए पूरी टीम का एक साथ आना इस मौके को और भी खास बनाता है। साथ ही इसने फिल्म को लेकर दर्शकों के उत्साह को भी और बढ़ा दिया है।

मेकर्स ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर रणबीर कपूर के जन्मदिन के डिनर सेलिब्रेशन की तस्वीरें साझा कीं। इसके साथ कैप्शन लिखा- आज सिर्फ़ ‘लव’ है, ‘वॉर’ नहीं! रणबीर, जन्मदिन मुबारक हो! संजय लीला भंसाली की ‘लव एंड वॉर’ 21 जनवरी 2027 को आएगी।

रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल के फर्स्ट-लुक पोस्टर सामने आने के बाद अब दर्शकों के लिए बड़े पर्दे पर ‘लव एंड वॉर’ की दुनिया देखने का इंतजार करना और भी मुश्किल हो गया है। फिल्म की घोषणा के बाद से ही दर्शक इसकी पहली झलक देखने के लिए उत्सुक थे। अब कलाकारों के शानदार पोस्टर सामने आने के बाद फिल्म को लेकर उत्सुकता और भी बढ़ गई है।

संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘लव एंड वॉर’ में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 21 जनवरी 2027 को हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Sanjay Gupta: एंटी-स्मोकिंग विज्ञापनों का क्या? संजय गुप्ता ने रणबीर कपूर, रणवीर सिंह से लेकर विक्की कौशल के स्मोकिंग वाले पोस्टर्स पर उठाए सवाल

Sanjay Gupta: फिल्ममेकर संजय गुप्ता ने बॉलीवुड में हीरो की ऑन-स्क्रीन इमेज और खासकर पोस्टर्स में स्मोकिंग के लगातार इस्तेमाल पर सवाल उठाए हैं। रविवार को डायरेक्टर ने संदीप रेड्डी वांगा की ‘एनिमल’ में रणबीर कपूर, आदित्य धर की ‘धुरंधर’ में रणवीर सिंह और संजय लीला भंसाली की ‘लव एंड वॉर’ में विक्की कौशल के पोस्टर्स शेयर किए, जिनमें तीनों एक्टर्स अपने-अपने लुक्स में स्मोकिंग करते हुए दिख रहे हैं।

X पर उन्होंने क्या कहा

संजय ने रविवार को X पर तीनों एक्टर्स का एक कोलाज शेयर किया। उनकी पोस्ट में उन एंटी-स्मोकिंग मैसेज पर सवाल उठाया गया, जो दर्शकों को थिएटर में फिल्मों से पहले और फिल्म के दौरान दिखाए जाते हैं, जबकि पोस्टर्स पर स्मोकिंग की इजाजत होती है। उन्होंने पूछा, “जब फिल्मों के पोस्टर्स ऐसे होते हैं तो फिल्मों से पहले और बीच में दिखाए जाने वाले उन बुरे एंटी-स्मोकिंग रील्स का क्या मतलब है, जिन्हें हमें झेलना पड़ता है?”

इस पोस्ट के बाद कमेंट्स में चर्चा शुरू हो गई। एक यूजर ने गुप्ता की 2002 की फिल्म ‘कांटे’ का जिक्र किया और फिल्म के एक गाने की ओर इशारा किया, जिसमें स्मोकिंग का जिक्र है। यूजर ने लिखा, “हैरानी की बात है कि यह बात ‘कांटे’ फिल्म के डायरेक्टर कह रहे हैं, जिसकी एक फिल्म में गाना है – ‘सिगरेट के धुएं का छल्ला बनाकर, कॉलर को थोड़ा सा ऊपर चढ़ाकर’… कितनी अजीब बात है।”

उन्होंने सीधे उस कमेंट का जवाब देते हुए कहा कि उस समय स्मोकिंग से जुड़े नियम और लोगों तक पहुंचाए जाने वाले मैसेज अलग थे। उन्होंने लिखा, “तब स्मोकिंग न करने वाले विज्ञापन नहीं होते थे, जीनियस।”

इंटरनेट पर चर्चा हो गई शुरू

कई अन्य यूजर्स भी चर्चा में शामिल हुए और फिल्मों में स्मोकिंग के इस्तेमाल को लेकर फिल्ममेकर की चिंता से सहमत दिखे। एक व्यक्ति ने इस स्थिति की तुलना स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स पर कंटेंट देखते समय दर्शकों को दिखाई जाने वाली वॉर्निंग से की और लिखा, “यह एक मजाक है, यह नेटफ्लिक्स और एप्पल पर शो देखने और शराब पीने के बारे में वॉर्निंग मिलने जैसा है।”

एक अन्य यूजर ने भारतीय सिनेमा में सिगरेट और मर्दानगी के बीच बार-बार दिखाए जाने वाले संबंध पर सवाल उठाया। कमेंट में लिखा था, “क्योंकि इन लोगों को लगता है कि सिगरेट ही वो चीज है जो किसी आदमी को मर्दाना दिखाती है। यह क्रिएटिविटी की कमी है। भारत की सभी फिल्म इंडस्ट्रीज ‘मर्दानगी की चापलूसी’ का शिकार हैं। कंटेंट, कहानी और क्रिएटिविटी भाड़ में जाए।” एक और यूजर ने उनकी बात का समर्थन करते हुए लिखा, “पूरी तरह सहमत हूं, बिल्कुल सही बात है।”

CBFC के नए नियम

यह बदलाव ऐसे समय में आया है जब फिल्मों में नशीले पदार्थों के इस्तेमाल को लेकर नियम कड़े किए जा रहे हैं। सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने स्क्रीन पर क्या दिखाया जा सकता है और कुछ विषयों को कैसे दिखाया जाना चाहिए, इसके लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने 16 सितंबर को सिनेमैटोग्राफ एक्ट के तहत इन नए नियमों की घोषणा की। इन नियमों के तहत, नशीले पदार्थों को दिखाने वाली फिल्मों में ड्रग्स के ख़िलाफ चेतावनी दिखाना जरूरी कर दिया गया है। साथ ही, हिंसा, संवेदनशील विषयों और ऐसे कंटेंट पर पाबंदियों को भी दोहराया गया है, जो दूसरे देशों के साथ भारत के रिश्तों पर असर डाल सकते हैं। ये बदलाव केंद्र सरकार द्वारा 18 सदस्यों वाले नए बोर्ड के साथ CBFC के पुनर्गठन के साथ ही किए गए हैं।

सबसे बड़े बदलावों में से एक है उन फिल्मों के लिए जरूरी चेतावनी का नियम, जिनमें नशीले पदार्थों या साइकोट्रोपिक पदार्थों के सेवन, इस्तेमाल या तस्करी को दिखाया जाता है। ऐसे दृश्यों में अब स्क्रीन पर यह संदेश दिखाना होग-: “अवैध नशीले पदार्थ सेहत को बर्बाद करते हैं और जेल की सजा दिलाते हैं। ड्रग्स को ना कहें।”

मंगल पांडेय और मालवीय एडजस्ट किए गए

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की टीम की घोषणा हुई तो उसमें चौंकाने वाली बातें बहुत कम थी। लेकिन दो नेताओं को टीम से बाहर कर दिए जाने पर सबसे ज्यादा चर्चा हुई थी। भाजपा की बदनाम आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय को हटा दिया गया था और आईटी सेल का नाम बदल दिया गया था। उनकी जगह दीपक म्हस्के को सोशल मीडिया सेल का प्रमुख बनाया गया था। दूसरा हैरान करने वाला मामला मंगल पांडेय का था। उनको बिहार सरकार में मंत्री नहीं बनाया गया था तब इस बात की चर्चा थी की संगठन में कोई बड़ी भूमिका मिलेगी। वे हिमाचल प्रदेश से लेकर पश्चिम बंगाल तक प्रभारी रह चुके थे इसलिए महासचिव बनने की चर्चा थी। लेकिन उनको नितिन नबीन की टीम में भी जगह नहीं मिली।

अब इन दोनों को एडजस्ट कर दिया गया है। बिना संगठन में कोई पद दिए दोनों को राज्यों की जिम्मेदारी दी गई है। मंगल पांडेय को असम का प्रभारी बनाया गया है। यह बड़ी जिम्मेदारी है। असम में भारतीय जनता पार्टी लगातार तीसरी बार चुनाव जीती है। सत्तारूढ़ प्रदेश के प्रभारी का खास महत्व होता है। असम में बिहारी मतदाताओं की संख्या भी अच्छी खासी है। इसी तरह अमित मालवीय को महाराष्ट्र जैसे बड़े राज्य का सह प्रभारी बनाया गया है। बीजू जनता दल से भाजपा मे गए बैजयंत जय पांडा को प्रभारी बनाया गया है और उनके साथ अमित मालवीय प्रभारी हैं। इन दोनों को एडजस्ट किए जाने का अर्थ यह है कि इन पर जो आरोप लग रहे थे उनकी पार्टी नेतृत्व को परवाह नहीं है।

डीएचएल एक्सप्रेस की सेवाएं 01 जनवरी से होंगी महंगी

बहुराष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स कंपनी डीएचएल एक्सप्रेस की सेवाएं भारत में 01 जनवरी 2027 से महंगी हो जाएंगी।

कंपनी ने शनिवार को बताया कि नये साल से वह अपनी दरों में 8.9 प्रतिशत की वृद्धि करेगी। डीएचएल एक्सप्रेस में दक्षिण एशिया के वरिष्ठ उपाध्यक्ष आर.एस. सुब्रमण्यम ने कहा अंतरराष्ट्रीय व्यापार कारोबार के लिए नये मौके बनाता रहता है, जबकि आपूर्ति श्रृंखला एक-दूसरे से लगातार ज्यादा जुड़ती और जटिल होती जा रही हैं। 

यह सालाना मूल्य युक्तिकरण हमें उच्च स्तर की सेवा और भरोसा बनाए रखने में मदद करता है, जिसकी हमारे ग्राहक उम्मीद करते हैं।

Also Read : गुरमीत चौधरी और ईशा मालवीय की ‘तुम मेरे हो’ का टीजर रिलीज

डीएचएल एक्सप्रेस हर साल अपनी कीमतों का युक्तिकरण करता है ताकि महंगाई के दबाव, करेंसी में उतार-चढ़ाव और उद्योग से जुड़ी लागत में वृद्धि को ध्यान में रखा जा सके। बहुराष्ट्रीय कंपनी होने के नाते स्थानीय आर्थिक स्थिति के साथ-साथ वैश्विक बाजार में होने वाले बदलावों का भी असर पड़ता है।

कंपनी ने बताया कि वह अपनी वैश्विक अवसंरचना, बेड़े के आधुनिकीकरण, डिजिटल क्षमता और परिचालन में मजबूती में लगातार बड़ा निवेश कर रही है। इसके साथ ही सिक्योरिटी संबंधी फीचरों को भी बेहतर बनाया जा रहा है।

Pic Credit : UNI

गुरमीत चौधरी और ईशा मालवीय की ‘तुम मेरे हो’ का टीजर रिलीज

गुरमीत चौधरी और ईशा मालवीय की फिल्म ‘तुम मेरे हो’ का बहुप्रतीक्षित टीज़र रिलीज़ हो गया है। टीज़र में दोनों की गहरी और जुनूनी प्रेम कहानी की झलक देखने को मिलती है।

आशीष पांडा निर्देशित ‘तुम मेरे हो’ में गुरमीत और ईशा पहली बार बड़े पर्दे पर साथ नजर आएंगे। टीज़र में दोनों की केमिस्ट्री के साथ फिल्म के भावनात्मक दृश्यों और खूबसूरत विजुअल्स को दिखाया गया है। दमदार बैकग्राउंड म्यूजिक टीज़र के प्रभाव को और बढ़ाता है।

Also Read : ‘लव एंड वॉर’ में विक्की कौशल का फर्स्ट लुक जारी

‘तुम मेरे हो’ ईशा मालवीय की बॉलीवुड डेब्यू फिल्म है। फिल्म का निर्माण रेवा क्रिएटिव हाउस और डेबगुरु फिल्म्स ने किया है। आरती एस और देबिना बनर्जी फिल्म की निर्माता हैं, जबकि रोमांच मेहता और अम्मान रियास्ती सह-निर्माता हैं। फिल्म में शान आर ग्रोवर और अनुष्का लुहार भी नजर आएंगे।

फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले निरंजन अयंगर और पूर्वा नरेश ने लिखा है। फिल्म का संगीत मिथुन, संजू राठौड़, विवेक वर्मा, कृष, उद्दीपन शर्मा और अर्जुना हरजाई ने दिया है। फिल्म के गीत रश्मि विराग मिश्रा, मिथुन, अजीम शिराजी, संजू राठौड़, विवेक वर्मा और गीत सागर ने लिखे हैं। ‘तुम मेरे हो’ 23 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Pic Credit : UNI

‘लव एंड वॉर’ में विक्की कौशल का फर्स्ट लुक जारी

बॉलीवुड फिल्मकार संजय लीला भंसाली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘लव एंड वॉर’ से विक्की कौशल के दो फर्स्ट लुक पोस्टर जारी कर दिए गए हैं। पोस्टर में विक्की कौशल हाथ में सिगरेट और लाइटर लिए नजर आ रहे हैं। उनके लुक में इंटेंसिटी और चार्म का प्रभाव देखने को मिल रहा है।

Also Read : भारत ने ईरान को हराकर कबड्डी का स्वर्ण बरकरार रखा

फिल्म में पहली बार रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल एक साथ स्क्रीन साझा करते दिखाई देंगे। इससे पहले फिल्म से रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के फर्स्ट लुक पोस्टर जारी किए जा चुके हैं।

‘लव एंड वॉर’ में तीनों कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं। संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बन रही यह फिल्म 21 जनवरी 2027 को हिंदी, तमिल और तेलुगु में दुनिया भर में रिलीज होगी।

Pic Credit : UNI

Love & War: आलिया भट्ट के लुक पर दो हिस्सों में बंटे यूजर्स, पोस्टर देख जानें क्यों होने लगी ‘बॉम्बे वेलवेट’ और ‘टॉक्सिक’ तुलना

Love & War: ‘लव एंड वॉर’ के मेकर्स ने आलिया भट्ट का पोस्टर जारी किया, जिसमें एक्ट्रेस का रेट्रो लुक नजर आ रहा है। पोस्टर में आलिया भट्ट रेट्रो-ग्लैम लुक में दिख रही हैं। उन्होंने लाल रंग का सीक्वन वाला को-ऑर्ड सेट पहना है और बालों में एक शानदार फेदर एक्सेसरी लगाई है।

हालांकि इंटरनेट पर लोगों की राय बंटी हुई दिखाई दे रही है। कई यूजर्स ने आलिया भट्ट के लुक की तुलना ‘टॉक्सिक’ में कियारा आडवाणी के लुक से की, जबकि कुछ लोगों को पोस्टर का माहौल ‘बॉम्बे वेलवेट’ जैसा लगा। चलिए बताते हैं लोगों ने क्या-क्या कमेंट कर अपनी राय रखी है।

एक यूजर ने लिखा, “लो भाई, अब ‘टॉक्सिक 2’ भी आ गई।”एक और व्यक्ति ने कमेंट किया, “यह पोस्टर मुझे ‘टॉक्सिक’ में कियारा के पोस्टर जैसी वाइब दे रहा है, क्या मैं सही हूं?”किसी और ने कहा, “मुझे क्यों ‘बॉम्बे वेलवेट’ वाली फीलिंग आ रही है…” एक और ने कहा, “‘टॉक्सिक’ वाली फीलिंग आ रही है।”एक ने कमेंट्स में लिखा, “‘टॉक्सिक’ जैसा लग रहा है” और “मुझे ‘बॉम्बे वेलवेट’ वाली वाइब क्यों आ रही है… प्लीज मिस्टर भंसाली हमें वही तकलीफ दोबारा मत दिखाइएगा। हमें आपसे बहुत उम्मीदें हैं।”

हालांकि कुछ फैन्स ने पोस्टर की तारीफ भी की। एक यूजर ने लिखा, “एक शो-गर्ल की जिंदगी।” एक और ने कहा, “आपको एक और किरदार में कमाल करते देखने का बेसब्री से इंतजार है! हम इसके लिए पूरी तरह तैयार हैं!” किसी और ने लिखा, “रोंगटे खड़े हो गए! यह लुक जबरदस्त है।”

‘लव एंड वॉर’ कब होगी रिलीज

संजय लीला भंसाली की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘लव एंड वॉर’, जिसमें रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल मुख्य भूमिकाओं में हैं, की शूटिंग आधिकारिक तौर पर पूरी हो गई है। फिल्म की शूटिंग पूरी होने पर भंसाली और उनकी टीम ने पूरी यूनिट के साथ इमोशनल पैकअप किया। अब फिल्ममेकर फिल्म के पोस्ट-प्रोडक्शन के काम पर ध्यान देंगे।

संजय लीला भंसाली की निर्देशित ‘लव एंड वॉर’ उनके करियर की सबसे महंगी फिल्म बताई जा रही है। माना जा रहा है कि यह फिल्म दो आर्मी ऑफिसर्स (रणबीर कपूर और विक्की कौशल) की कहानी होगी, जो आलिया भट्ट के किरदार के साथ एक ड्रामेटिक लव ट्राएंगल में फंस जाते हैं। पिछले साल से ‘लव एंड वॉर’ के सेट से कई BTS (बिहाइंड-द-सीन्स) तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।

इनमें से एक तस्वीर में रणबीर कपूर और विक्की कौशल पूरी एयर फोर्स यूनिफॉर्म में दिखे। यह तस्वीर ऑनलाइन आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई। फिल्म में वे ऑफिसर का किरदार निभा रहे हैं। उम्मीद है कि यह फिल्म 21 जनवरी, 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म के जरिए भंसाली और रणबीर 2007 की फिल्म ‘सांवरिया’ के बाद फिर साथ काम कर रहे हैं। साथ ही ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ में साथ काम करने के बाद यह डायरेक्टर और आलिया का भी दोबारा साथ आना है। जब कि विक्की कौशल की संजय लीला भंसाली के साथ ये पहली फिल्म है।